Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...

देश

View All
देश में कोरोना : अब फिर से डराने लगी है कोरोना की रफ्तार
Published / 2023-04-07 18:19:20
देश में कोरोना : अब फिर से डराने लगी है कोरोना की रफ्तार

राज्यों से बोले स्वास्थ्य मंत्री- ट्रेक-ट्रेस और ट्रीटमेंट पर दें ध्यान एबीएन सेंट्रल डेस्क। देशभर में कोरोना वयरस संक्रमण की रफ्तार तेज हो गयी है। पिछले 24 घंटे में देश में 6050 कोरोना के नये मामले दर्ज किये गये हैं। स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने इसपर शुक्रवार एक रिव्यू मीटिंग ली है। स्वास्थ्य मंत्री की मीटिंग में सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के स्वास्थ्य मंत्री शामिल हुए। बैठक में सभी राज्यों को भी कोरोना के बढ़ते मामलों पर ध्यान देने की बात कही गयी है और साथ में अस्पतालों को इसके लिए तैयार रहने को कहा गया है। केंद्र सरकार ने राज्यों को इस बात का वादा किया है कि कोरोना की रोकथाम में प्रयोग की जाने वाली सभी तरह की बुनियादी सुविधाएं केंद्र सरकार राज्यों को मुहैया करवायेगी। स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने एक बार फिर प्रधानमंत्री मोदी के मंत्र ट्रेक ट्रेस और ट्रीटमेंट को दोहराया है और कहा है कि इस पर ध्यान दें। देशभर में कोरोना संक्रमण के मामलों में 13% का उछाल देखा गया है। गुरुवार को 5,335 केस सामने आये थे। 24 घंटे में 14 कोरोना मरीजों की मौत भी हो गयी है। इसके साथ ही कुल मौतों का आंकड़ा 5,30,943 पर पहुंच गया है। महाराष्ट्र में तीन मौतें और कर्नाटक-राजस्थान में दो-दो मौतें दर्ज की गयी हैं। इनके अलावा दिल्ली, हरियाणा, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर और पंजाब में एक-एक मरीज की मौत हुई।  आईसीयू बेड, आक्सीजन की सप्लाई पर जोर स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कोरोना पर पहले भी मीटिंग की है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हमें घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि एहतियात बरतने की जरूरत है। स्वास्थ्य मंत्री ने एक मीडिया संस्थान को बताया कि आईसीयू बेड, आक्सीजन सप्लाई और अन्य जरूरी एक्वीपमेंट्स की सप्लाई सुनिश्चित की जा रही है। इनके अलावा कोरोना के हालात पर साप्ताहिक रिव्यू मीटिंग भी की जा रही है। पिछले महीने 22 मार्च को, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कोरोना वायरस संक्रमण पर एक मीटिंग की थी। प्रधानमंत्री ने कोरोना से निपटने के लिए सभी तैयारी करने को कहा था। प्रधानमंत्री की हाई-लेवल मीटिंग में राज्य स्तर पर कोरोना के हालात और इसके वैरिएंट और अस्पतालों की तैयारियों पर चर्चा की गयी थी।

आस्ट्रेलिया की ला ट्रोब यूनिवर्सिटी से टीआईएसएस ने किया करार
Published / 2023-04-07 07:40:33
आस्ट्रेलिया की ला ट्रोब यूनिवर्सिटी से टीआईएसएस ने किया करार

एबीएन सेंट्रल डेस्क। आस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित ला ट्रोब यूनिवर्सिटी और मुम्बई की टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (टीआईएसएस) के बीच साझेदारी हुई है जिसके तहत टीआईएसएस दो प्रख्यात संस्थानों के साथ मिलकर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट पर अनुसंधान को गति प्रदान करेगा। ला ट्रोब यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रो जॉन डेवर एओ संवाददाताओं को बताया कि यह अनुसंधान कार्य एशियन स्मार्ट सिटीज रिसर्च इनोवेशन नेटवर्क (एएससीआरआईएन) के तहत किया जायेगा। इसका गठन ला ट्रोब यूनिवर्सिटी ने 2019 में किया था। इसका मकसद पूरी दुनिया के शोधकर्ताओं, पूरी दुनिया के उद्योग भागीदारों, सरकारी साझेदारों और स्टार्टअप्स का एक नेटवर्क तैयार कर विश्व की वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए अनुसंधान करना है। इसके साथ ही इसका लक्ष्य छोटे-बड़े शहरों के सतत विकास, इनमें निवास की सुविधा और क्षमता बढ़ाना है।

केरल : ट्रेन में आग लगाने वाला संदिग्ध अरेस्ट
Published / 2023-04-06 23:44:34
केरल : ट्रेन में आग लगाने वाला संदिग्ध अरेस्ट

एबीएन सेंट्रल डेस्क। केरल में एक ट्रेन में आग लगाने के संदेह में एक व्यक्ति को महाराष्ट्र के रत्नागिरी से आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) ने हिरासत में लिया है। उसे जल्द ही केरल लाया जायेगा। केरल के पुलिस प्रमुख अनिल कांत ने बुधवार को यह जानकारी दी। कांत ने तिरुवनंतपुरम में पत्रकारों को बताया कि केरल में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी), केंद्रीय एजेंसियों और महाराष्ट्र पुलिस के संयुक्त प्रयासों से शाहरुख सैफी को पकड़ा गया। कांत ने कहा कि संदिग्ध को हिरासत में ले लिया गया है। अभी वह रत्नागिरी में हैं। उसे यहां लाने की प्रक्रिया चल रही है। उसे जल्द यहां लाया जायेगा।उन्होंने बताया कि संदिग्ध से पूछताछ के बाद ही हमले के मकसद का पता चल पायेगा। केरल से पुलिस अधिकारियों का एक दल रत्नागिरी पहुंच गया है और घटना की जांच के लिए संदिग्ध उन्हें सौंप दिया जायेगा। गौरतलब है कि केरल के कोझिकोड जिले में एक ट्रेन में रविवार रात एक अज्ञात व्यक्ति ने कथित तौर पर आग लगा दी थी। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गयी थी और 9 अन्य झुलस गये थे।

देश में फिर तेजी से पांव पसार रहा कोरोना
Published / 2023-04-06 19:46:09
देश में फिर तेजी से पांव पसार रहा कोरोना

कोविड संक्रमित मामले 25 हजार से पार एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश में पिछले 24 घंटे के दौरान कोविड संक्रमण के लगभग पांच हजार से ज्यादा नये मामले सामने आये हैं और इसके साथ ही संक्रमित व्यक्तियों की कुल संख्या 25 हजार से अधिक हो गयी है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने गुरुवार को यहां बताया कि देश में पिछले 24 घंटे के दौरान 5335 नये लोग कोविड संक्रमित हुए हैं। इसके साथ ही कोविड संक्रमितों की संख्या 25587 हो गयी है और संक्रमण दर 3.32 प्रतिशत दर्ज की गयी है। मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटे में 2826 व्यक्ति कोविड संक्रमण से उबर गये हैं। स्वस्थ होने की दर 98.75 प्रतिशत है। इसी अवधि में 160742 कोविड संक्रमण परीक्षण किये गये हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान 1993 कोविड टीके लगाये गये हैं। इसके साथ ही देश में 220.66 करोड़ से अधिक कोविड टीके लगाये जा चुके हैं।

केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा को सौंपा जनजाति गौरव पुस्तक
Published / 2023-04-05 21:44:38
केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा को सौंपा जनजाति गौरव पुस्तक

टीम एबीएन, रांची/नई दिल्ली। केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा से अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री संदीप कविश्वर प्रतिनिधियों के साथ बुधवार को शास्त्री भवन स्थित मंत्रालय में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने जनजातीय समाज के कल्याण के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी दी और संस्थान द्वारा प्रकाशित जनजाति गौरव पुस्तक सप्रेम भेंट की।

एक बार फिर अनिश्चितकालीन रेल चक्का जाम करेगा कुर्मी समाज
Published / 2023-04-05 16:36:42
एक बार फिर अनिश्चितकालीन रेल चक्का जाम करेगा कुर्मी समाज

एबीएन सेंट्रल डेस्क। एक बार फिर कुर्मी समाज ने अनिश्चितकालीन रेल चक्का जाम की घोषणा की है। आज से खड़गपुर रेल मंडल के खेमाशुली और आंद्रा रेल मंडल के कुशतौर स्टेशन से इसकी शुरुआत करने का ऐलान कर दिया है।दक्षिण पूर्व रेलवे की 48 ट्रेनें रद्द दरअसल, पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत खड़गपुर ग्रामीण के खेमाशुली में आज सुबह 5 बजे से कुर्मी समाज का रेल चक्का जाम आंदोलन जारी है। इसके चलते रेलवे ट्रैक और राष्ट्रीय राजमार्ग दोनों जाम हो गये हैं। कई जगहों पर हजारों की संख्या में कुर्मी समाज के लोग सड़क और रेलवे ट्रैक पर उतर कर प्रदर्शन कर रहे हैं। राज्य में कई जगहों पर इसे लेकर विरोध प्रदर्शन हो रहा है। नीमडीह रेलवे स्टेशन में 3 राज्यों के लोग एक साथ जुटे। यहां राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से कुड़मी/कुरमी समाज के महिला पुरुष जमा हुए हैं। वहीं, आंदोलन एक बार फिर तेज होने से यात्रियों की परेशानी और बढ़ सकती है; क्योंकि बताया जा रहा है कि अब तक दक्षिण पूर्व रेलवे की 48 ट्रेनें रद्द हो गयी है।कुर्मी समाज खुद को आदिवासी में शामिल करने की कर रहा मांगकुर्मी समाज लंबे समय से खुद को आदिवासी में शामिल करने की मांग कर रहा है। कुर्मी समुदाय के सदस्यों का दावा है कि उन्हें 1931 तक अनुसूचित जनजाति के रूप में पंजीकृत किया गया था, लेकिन देश आजाद होने के बाद कुछ अज्ञात कारणों से उन्हें एसटी सूची से बाहर रखा गया। उनका कहना है कि वे ओबीसी सूची में शामिल हैं जबकि एसटी समुदाय की सुविधाओं के पात्र हैं। वहीं, खेमाशुली में कुर्मी समाज के आंदोलन के मद्देनजर रेलवे ने भी अपनी कमर कस ली है। रेलवे ने काफी संख्या में आरपीएफ के जवानों को खेमाशुली में प्रतिनियुक्त किया। इस कुर्मी आंदोलन पर रेलवे व जिला प्रशासन की कड़ी नजर हैं।बता दें कि कुर्मी समाज ने इससे पहले दिन राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम करने की कोशिश की थी। अब कुर्मी समाज के प्रतिनिधियों ने खेमाशुली में रेल ट्रैक पर उतर कर रेलवे परिचालन सेवा को पूरी तरह से बाधित कर दिया है। इस आंदोलन की पूर्व में भनक लगते ही रेलवे ने इस डिवीजन से चलने वाली कई ट्रेनों को रद्द कर दिया है।

स्किल गैप और सोशल सिक्योरिटी फाइनेंस पर विचार करें जी-20 देश
Published / 2023-04-04 19:48:47
स्किल गैप और सोशल सिक्योरिटी फाइनेंस पर विचार करें जी-20 देश

जी-20 : केंद्रीय मंत्री की जी-20 देशों से अपीलएबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली ने जी-20 देशों से आह्वान किया कि वह रोजगार कार्य समूह के तीन प्राथमिकता वाले क्षेत्र कौशल अंतराल, गिग और प्लेटफॉर्म इकॉनमी और सामाजिक सुरक्षा के सतत वित्त पोषण पर विचार-विमर्श जारी रखें ताकि उन्हें स्पष्ट रणनीति में तब्दील किया जा सके।केंद्रीय मंत्री ने सोमवार को दूसरी ईडब्ल्यूजी बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि फरवरी में जोधपुर में पहली बैठक के दौरान उल्लेखनीय प्रगति हुई है। जी-20 प्रतिनिधियों, ज्ञान भागीदारों और मेहमानों के सामूहिक प्रयासों ने कार्यकारी समूह के तीन प्राथमिकता वाले क्षेत्रों के लिए एक ठोस नींव रखी है। उन्होंने कहा कि संबंधित मंत्रालयों द्वारा अपने देशों में विचार-विमर्श को आगे बढ़ाया जायेगा।उन्होंने कहा, जी-20 देशों में इसके अंतिम कार्यान्वयन के माध्यम से वैश्विक अर्थव्यवस्था को परिभाषित करने के लिए महत्वपूर्ण है। प्रमुख प्राथमिकता वाले क्षेत्रों पर ठोस परिणामों की ओर बढ़ने के लिए सामूहिक और रचनात्मक संवाद की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जी-20 देशों को इन चर्चाओं को पूरी सावधानी और जिम्मेदारी के साथ जारी रखना चाहिए, जबकि सार्वजनिक नीति को इस तरह से डिजाइन करने की जरूरत है कि ताकि यह कमजोर और गरीबों तक पहुंचे।74 प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सातीन दिवसीय बैठक में जी-20 देशों, सात अतिथि देशों और पांच अंतरराष्ट्रीय संगठनों के कुल मिलाकर 74 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन, आर्थिक सहयोग और विकास संगठन, अंतरराष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा संघ, एशियाई विकास बैंक और विश्व बैंक के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कोलकाता में हिंसा : हावड़ा स्टेशन पर देर रात तीन घंटे तक खड़ी रही गाड़ियां
Published / 2023-04-04 19:15:12
कोलकाता में हिंसा : हावड़ा स्टेशन पर देर रात तीन घंटे तक खड़ी रही गाड़ियां

नये सिरे से भड़की हिंसा के बाद डर से सहमे रहे यात्री एबीएन सेंट्रल डेस्क। पश्चिम बंगाल के हुगली जिला अंतर्गत रिसड़ा स्टेशन पर सोमवार रात नये सिरे से भड़की हिंसा का ट्रेनों के संचालन पर भी असर पड़ा है। रात 9:30 बजे के करीब रिसड़ा स्टेशन के चार नंबर रेल गेट के पास बमबारी, आगजनी, पथराव और तोड़फोड़ शुरू हो गई। इसकी वजह से कोन्ननगर से लेकर हावड़ा तक सभी ट्रेनों को रोक दिया गया। इधर श्रीरामपुर से लेकर बर्धमान तक ट्रेनों को रोकना पड़ा। हालात के बिगड़ने का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जो ट्रेन रात 9:51 पर रुकी, वह रात 1:00 बजे के करीब गंतव्य के लिए रवाना हुई। कोन्ननगर से लेकर हावड़ा स्टेशन के बीच लगभग प्रत्येक स्टेशन पर कई ट्रेनें खड़ी हो गयी। इसे लेकर यात्री डर के साए में बैठे थे। इधर, हावड़ा स्टेशन पर ट्रेनों के देर से छोड़े जाने की वजह से यात्रियों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। नाराज यात्रियों को रेलवे अधिकारियों ने समझाया-बुझाया। लगातार एनाउंस हो रहा था कि स्टेशन के रेल गेट के पास विरोध प्रदर्शन और बमबारी की वजह से ट्रेनों का संचालन रोका गया है। दंगाइयों ने रेल गेट को बंद करने से रोक दिया था जिसकी वजह से ट्रेनों का संचालन ठप हो गया था। पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कौशिक मुखर्जी ने मंगलवार सुबह बताया कि स्टेशन से बाहर किसी भी तरह की हिंसा होने पर उसकी जिम्मेवारी पुलिस प्रशासन की होती है। रेलवे की ओर से इस बारे में प्रशासन से संपर्क किया गया था लेकिन हालात काबू होने में वक्त लगा। इस वजह से ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया था। बर्धमान बैंडल की ओर जाने वाली करीब एक दर्जन से अधिक ट्रेनें रोक दी गई थीं जबकि हावड़ा से खुलकर काठगोदाम तक जाने वाली बिहार, उत्तर प्रदेश की सबसे पसंदीदा ट्रेन बाघ एक्सप्रेस को भी रोक देना पड़ा था। रात 1:05 पर बाघ एक्सप्रेस रवाना हुई जिसे लेकर यात्रियों ने कड़ी नाराजगी जताई। आरोप है कि ट्रेन में पानी भी नहीं मिल रहा था और स्टेशन के आसपास दुकानें बंद होने की वजह से यात्री काफी परेशानी में थे।

कर्नाटक : भाजपा विधायक एन वाई गोपालकृष्ण कांग्रेस में शामिल
Published / 2023-04-03 22:59:41
कर्नाटक : भाजपा विधायक एन वाई गोपालकृष्ण कांग्रेस में शामिल

एबीएन सेंट्रल डेस्क। कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक एन वाई गोपालकृष्ण सोमवार को कांग्रेस में शामिल हो गये। कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डी के शिवकुमार ने कहा कि 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और जनता दल (एस) के कई विधायक कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं, जो इस बात का प्रमाण है कि जनता की लहर पार्टी के पक्ष में है।कुदलिगी विधानसभा क्षेत्र के मौजूदा भाजपा विधायक एन वाई गोपालकृष्ण को पार्टी में शामिल करने के बाद अपने भाषण में उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आएगी। गोपालकृष्ण ने गत शुक्रवार को ही पार्टी से इस्तीफा दे दिया था।शिवकुमार ने कहा कि भाजपा और जद (एस) के कई नेता हमारा दरवाजा खटखटा रहे हैं। यह इस बात का सुबूत है कि राज्य की जनता की आवाज कांग्रेस के पक्ष में है और हमारा रास्ता सही दिशा में सत्ता की तरफ है। शिवकुमार ने कहा कि गोपालकृष्ण ने भाजपा विधायक के पद से इस्तीफा दे दिया और अब कांग्रेस में शामिल हो गये हैं। उन्होंने कहा कि इसी तरह जद (एस) विधायक केएम शिवलिंगे गौड़ा भी इस्तीफा दे चुके हैं और वह जल्द ही कांग्रेस में शामिल होंगे।कई और नेता थामेंगे कांग्रेस का दामनकेपीसीसी प्रमुख ने कहा कि भाजपा और जद (एस) नेता स्वैच्छिक रूप से कांग्रेस का दामन थाम रहे हैं, जो इस बात का बड़ा सुबूत है कि लोगों ने डबल इंजन सरकार की नाकामी के कारण परिवर्तन करने का मन बना लिया है। 6 बार के विधायक गोपालकृष्ण पहले कांग्रेस में थे। वह चार बार चित्रदुर्ग जिले के मोलाकलमुरु विधानसभा क्षेत्र से और एक बार बेल्लारी सीट से विधायक चुने गए। भाजपा में शामिल होने के बाद वह कुदलिगी से विधायक बने।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.