Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...

देश

View All
4.1 तीव्रता के भूकंप के झटकों से सुबह-सुबह थर्रायी जम्मू-कश्मीर की धरती
Published / 2023-04-30 11:42:37
4.1 तीव्रता के भूकंप के झटकों से सुबह-सुबह थर्रायी जम्मू-कश्मीर की धरती

एबीएन सेंट्रल डेस्क। जम्मू-कश्मीर में रविवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किये गये। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, भूकंप सुबह 5 बजकर 15 मिनट पर आया और रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.1 मापी गयी। इसका केंद्र जमीन के अंदर पांच किलोमीटर गहराई में था। इससे पहले 28 अप्रैल को नेपाल में देर रात दो बार भूकंप के झटके महसूस किये गये थे। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.8 और 5.9 बतायी गयी थी। इस भूकंप का केंद्र नेपाल के बाजुरा जिले के दाहाकोट में बताया गया। नेपाल के स्थानीय समय के मुताबिक, वहां भूकंप का पहला झटका करीब 12 बजे के आसपास आया वहीं, दूसरा रात करीब डेढ़ बजे आया था।

मन की बात के बाद आज तीन रैलियों को संबोधित करेंगे पीएम मोदी, मैसूर में जबरदस्त रोड शो की तैयारी
Published / 2023-04-30 08:48:53
मन की बात के बाद आज तीन रैलियों को संबोधित करेंगे पीएम मोदी, मैसूर में जबरदस्त रोड शो की तैयारी

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कर्नाटक में कोलार, रामनगर और हासन में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही मैसूर में पीएम मोदी का रोड शो भी होगा। प्रधानमंत्री मोदी कोलार में एक रैली को संबोधित करेंगे। जहां वह पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे भाजपा उम्मीदवार सीपी योगेश्वर के लिए वोट मांगने के लिए एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद पीएम मोदी दोपहर 3:45 बजे हासन जिले के बेलूर में एक और रैली को संबोधित करेंगे। शाम 5.45 पर मैसूर में पीएम मोदी रोड शो करेंगे। कर्नाटक में 10 मई को होने जा रहे विधानसभा के चुनाव में भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।

देश में कोरोना : 24 घण्टे में मिले 7,171 नये संक्रमित, 25 की मौत
Published / 2023-04-29 12:05:37
देश में कोरोना : 24 घण्टे में मिले 7,171 नये संक्रमित, 25 की मौत

एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना के 7,171 नये मरीज सामने आये हैं। इस अवधि में कोरोना वायरस से संक्रमित 25 मरीजों की मौत हो गयी। वहीं 9,669 मरीज स्वस्थ हुए। अब तक 4,43,56,693 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं और रिकवरी रेट 98.70 प्रतिशत है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शनिवार को जारी आंकड़े के अनुसार देश में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 51,314 हो गयी है, जबकि दैनिक संक्रमण दर 3.69 प्रतिशत है। टीकाकरण की बात करें तो पिछले 24 घंटे में 3,875 खुराक दी गयी है। वहीं, देश में अबतक कोरोना से बचाव के टीके की 220.66 करोड़ खुराक दी जा चुकी है। पिछले 24 घंटे में 1,94,134 लोगों की जांच की गयी। अबतक कुल 92.64 करोड़ लोगों की जांच की जा चुकी है।

बृजभूषण शरण सिंह पर पॉक्सो एक्ट में दर्ज केस की जांच की आंच विदेश तक जाने की उम्मीद
Published / 2023-04-29 09:09:07
बृजभूषण शरण सिंह पर पॉक्सो एक्ट में दर्ज केस की जांच की आंच विदेश तक जाने की उम्मीद

एबीएन सेंट्रल डेस्क। सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ शुक्रवार देर रात दिल्ली पुलिस ने दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर ली। दोनों ही एफआईआर कनाट प्लेस थाने में दर्ज की गयी हैं। इसके साथ ही बीते लंबे समय से विवादों के बीच फंसे, रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष की मुसीबतें और ज्यादा बढ़ गयी हैं। जबकि वहीं दूसरी ओर, एक साथ इन दो-दो एफआईआर का दर्ज होना, जंतर मंतर पर धरने पर बैठी महिला खिलाड़ी/पहलवान अपनी लड़ाई में पहली बड़ी जीत मान रही हैं। इस मामले की जांच की आंच अब भारत से बाहर निकल कर विदेश तक भी पहुंच सकती है। दिल्ली पुलिस मुख्यालय के उच्च पदस्थ और विश्वस्त सूत्रों की मानें तो, चूंकि, दर्ज दो में से एक एफआईआर में पॉक्सो एक्ट लगाया गया है। जो कि इस बात को साबित करता है कि घटना में कोई पीड़ित नाबालिग लड़की (पहलवान) भी रही है। जिसकी शिकायत के आधार पर पॉक्सो एक्ट लगाया गया। इन दोनों ही एफआईआर की जांच के लिए 7 महिला पुलिस अफसरान की टीम गठित की गयी है। इनमें एक महिला सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) होगी जो, महिला डीसीपी को रिपोर्ट करेंगी, दोनों ही एफआईआर दर्ज करने के फैसले को अंतिम जामा पहनाने के लिए, करीब 5 घंटे तक 10 से ज्यादा पुरुष और महिला अधिकारियों के साथ डीसीपी, कई एसीपी के बीच गहन मंत्रणा भी हुई। देर रात जब एफआईआर को लेकर अंतिम मजमून तैयार हो गया तो, दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर दिये गये। दो मुकदमे दर्ज इसलिए किये गये; क्योंकि एक में पॉक्सो एक्ट लगाने की जरूरत पड़ी मुकदमे की जांच के साथ न्याय ऐसे में दूसरी एफआईआर को भी अगर पॉक्सो एक्ट वाली एफआईआर में जोड़ दिया जाता, तो संभव था कि किसी भी पीड़ित और दो में से किसी भी मुकदमे की जांच के साथ न्याय न हो पाता। एक संभावना यह भी थी कि दोनों एफआईआर का मजमून एक में ही समाहित कर दिए जाने पर, मुकदमे का अंत सही न हो पाता। जिसका पूरा पूरा लाभ मुलजिम या मुलजिमों अथवा संदिग्धों को मिल सकता था।

मणिपुर के चुराचांदपुर में धारा-144 लागू, इंटरनेट भी बंद
Published / 2023-04-28 10:36:43
मणिपुर के चुराचांदपुर में धारा-144 लागू, इंटरनेट भी बंद

भीड़ ने सीएम के दौरे से पहले कार्यक्रम स्थल को लगा दी थी आग एबीएन सेंट्रल डेस्क। मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के दौरे से एक दिन पहले भीड़ ने कार्यक्रम स्थल पर तोड़फोड़ की और आग लगा दी थी। पुलिस ने बताया कि गुरुवार रात करीब नौ बजे अनियंत्रित भीड़ ने इस घटना को अंजाम दिया गया। घटना के बाद, जिले में इंटरनेट पर अस्थायी रूप से प्रतिबंध लगा दिया गया है। साथ ही धारा 144 लागू कर दी गयी है। तनाव की स्थिति पुलिस ने बताया था कि स्थानीय पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करके भीड़ को तितर-बितर कर दिया था, लेकिन आगजनी की घटना से कार्यक्रम स्थल को नुकसान पहुंचा है। बता दें, यह घटना राज्य की राजधानी इंफाल से करीब 63 किलोमीटर दूर न्यू लमका में हुई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति हो गयी है। पुलिस ने जिले में सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस ने कहा कि गुस्साई भीड़ ने न्यू लमका के पीटी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में नये स्थापित ओपन जिम को आंशिक रूप से आग के हवाले कर दिया, जिसका उद्घाटन बीरेन सिंह शुक्रवार दोपहर में करने वाले हैं। सीएम के कार्यक्रम से पहले हंगामा सीएम बीरेन सिंह जिम के अलावा खेल सुविधा का उद्घाटन करने वाले हैं। साथ ही उनका एक अन्य समारोह में भी भाग लेने का कार्यक्रम है। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक पुष्टि नहीं की है कि कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है या नहीं। जनजाति मंच ने किया था बंद का आह्वान दरअसल, स्वदेशी जनजाति नेताओं के मंच ने सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक पूरा चुराचांदपुर बंद का आह्वान किया था, इसी बीच भीड़ उग्र हो गई और सीएम के कार्यक्रम स्थल पर हमला कर दिया। जनजाति नेताओं के मंच ने दावा किया कि किसानों और अन्य आदिवासी निवासियों के आरक्षित वन क्षेत्रों को खाली करने के लिए चल रहे बेदखली अभियान का विरोध करते हुए बार-बार ज्ञापन सौंपने के बावजूद सरकार ने लोगों की दुर्दशा को दूर करने की इच्छा या ईमानदारी का कोई संकेत नहीं दिखाया है। स्वदेशी मंच ट्राइबल लीटर्स फोरम ने आरक्षित और संरक्षित वनों के सर्वेक्षण के खिलाफ बंद का आह्वान किया था। मंच ने आरोप लगाया है कि राज्य सरकार ने पवित्र गिरजाघरों को बिना कानूनी प्रक्रिया के गिरा दिया है। फोरम में एक बयान में कहा कि उसे सरकार और सरकारी कार्यक्रमों के साथ असहयोग अभियान चलाने के लिए मजबूर किया गया है। साथ ही मंच ने शुक्रवार को भी सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक जिले में बंद का आह्वान किया है। कूकी छात्र संगठन भी मंच के आह्वान का समर्थन किया है और सरकार पर आदिवासियों के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया है। कुकी छात्र संगठन ने धार्मिक स्थलों के विध्वंस और आदिवासियों को अवैध रूप से बेदखल करने की निंदा की है। बता दें, मणिपुर सरकार ने इस महीने की शुरुआत में तीन गिरजाघरों को ध्वस्त कर दिया था। सरकार ने दावा किया था कि अवैध रूप से गिरजाघरों का निर्माण किया गया था। इसके बाद एक स्थानीय संगठन ने मणिपुर हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।

नये भारत की क्षमताओं और योगदान को पहचान रही दुनिया : विदेश मंत्री जयशंकर
Published / 2023-04-27 10:10:02
नये भारत की क्षमताओं और योगदान को पहचान रही दुनिया : विदेश मंत्री जयशंकर

एबीएन सेंट्रल डेस्क। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा है कि दुनिया नये भारत की क्षमताओं और उसके योगदान को पहचान रही है तथा यह भावना प्रबल है कि आज के भारत के पास चुनौतीपूर्ण मुद्दों का समाधान करने की क्षमता है। जयशंकर ने कोलंबिया की राजधानी बोगोटा में मंगलवार को भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि दुनिया आज भारत में हो रहे बदलाव को स्वीकार कर रही है। जयशंकर ने भारतीय समुदाय के लोगों के साथ भारत के नये भारत में परिवर्तित होने और इसके वैश्विक निहितार्थों को भी साझा किया। उन्होंने इस बात को भी रेखांकित किया कि कैसे दुनिया नये भारत की क्षमताओं और योगदान को पहचान रही है। विदेश मंत्री ने यूक्रेन संघर्ष या विकसित दुनिया और विकासशील दुनिया से संबंधित समस्याओं का हवाला देते हुए प्रवासी भारतीयों से कहा कि इन सबके बीच हर तरफ आज यह भावना है कि भारत एक ऐसा देश है, जो किसी न किसी रूप में एक ऐसे सेतु का काम कर सकता है, जो अलग-अलग विचारों को एक साथ लाता है और समस्याओं का समाधान खोजने में मदद करता है। जयशंकर ने तुर्किये में आये विनाशकारी भूकंप के दौरान भारत की ओर से 24 घंटे के भीतर उसे मदद मुहैया कराने के वाकये का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले एक दशक में, हमने संकट के समय पहली प्रतिक्रिया देने वाले के रूप में प्रतिष्ठा बनायी है। जब कुछ होता है तो हम तेजी से आगे बढ़ते हैं, क्योंकि हमने देश के भीतर अपनी क्षमता विकसित कर ली है और अब हमें लगता है कि हम काफी अच्छे हैं, काफी अनुभवी हैं और बाहर ऐसा करने के लिए पर्याप्त रूप से जिम्मेदार हैं। विदेश मंत्री ने जलवायु परिवर्तन के मुद्दे को लेकर भी कहा कि जलवायु परिवर्तन की समस्या से निपटने की दिशा में आज हम खुद को नेतृत्व करने वाले देश के रूप में देख रहे हैं, एक ऐसा देश, जिसने सौर ऊर्जा, नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में बहुत कुछ किया है। वास्तव में विचारों और प्रथाओं तथा संस्थानों की एक पूरी श्रृंखला के साथ तैयार है। जयशंकर ने विदेशों में रह रहे भारतीयों के कल्याण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा किये गये कार्यों के बारे में भी बात की। उन्होंने प्रवासी भारतीयों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि विदेशों में भारत की छवि समुदाय के लोगों ने बेहतर बनायी है। कोलंबिया प्रवास के दौरान जयशंकर यहां के कई शीर्ष नेताओं से मुलाकात करेंगे। गौरतलब है कि जयशंकर गुयाना, पनामा, कोलंबिया और डोमिनिक गणराज्य की नौ-दिवसीय यात्रा पर हैं।

भारत के पास है जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों का इलाज : मोदी
Published / 2023-04-26 23:22:16
भारत के पास है जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों का इलाज : मोदी

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वभौमिक स्वास्थ्य सुविधा-सुरक्षा का आह्वान करते हुए बुधवार को कहा कि भारत की पारंपरिक स्वास्थ्य देखभाल प्रणालियां तनाव और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के समाधान प्रस्तुत करती हैं। श्री मोदी ने यहां वन अर्थ वन हेल्थ - एडवांटेज हेल्थकेयर इंडिया 2023 के छठे संस्करण का उद्घाटन करते हुए कहा कि जब कोई वैश्विक महामारी नहीं थी, तब भी स्वास्थ्य के लिए भारत की दृष्टि सार्वभौमिक थी। भारत का लक्ष्य शारीरिक, मानसिक और सामाजिक कल्याण है। सच्ची प्रगति जन-केंद्रित है और चिकित्सा विज्ञान में चाहे कितनी भी प्रगति हो जाये, अंतिम व्यक्ति तक पहुंच निश्चित होनी चाहिए।भारत का लक्ष्य न केवल अपने नागरिकों के लिए बल्कि पूरी दुनिया के लिए स्वास्थ्य सेवा को सुलभ और सस्ता बनाना है। उन्होंने कहा कि योग और ध्यान आधुनिक दुनिया के लिए प्राचीन भारत के उपहार हैं, जो अब वैश्विक आंदोलन बन गये हैं। श्री मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वन अर्थ वन हेल्थ- एडवांटेज हेल्थकेयर इंडिया- 2023 का उद्घाटन और संबोधन किया। उन्होंने संस्कृत के एक प्राचीन श्लोक का उल्लेख करते हुए कहा कि हर कोई खुश रहे, हर कोई रोगमुक्त हो, सभी के लिए अच्छी चीजें हों, और कोई भी दुख से ग्रस्त न हो। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य के लिए भारत का दृष्टिकोण तब भी सार्वभौमिक था, जब हजारों साल पहले कोई वैश्विक महामारी नहीं थी। हमारी दृष्टि केवल मनुष्यों तक ही सीमित नहीं है। यह हमारे पूरे पारिस्थितिकी तंत्र तक फैली हुआ है। पौधों से लेकर जानवरों तक, मिट्टी से लेकर नदियों तक, जब हमारे आसपास सब कुछ स्वस्थ है, तो हम स्वस्थ रह सकते हैं। उन्होंने जोर दिया कि स्वास्थ्य के बारे में भारत का दृष्टिकोण केवल बीमारी की कमी पर नहीं रुकता है। यह लक्ष्य सभी के लिए कल्याण पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य शारीरिक, मानसिक और सामाजिक कल्याण है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा यात्रा और स्वास्थ्य कार्यबल की गतिशीलता एक महत्वपूर्ण कारक हैं और वन अर्थ, वन हेल्थ - एडवांटेज हेल्थकेयर इंडिया 2023 इस दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने बाजरा का भी उल्लेख किया जो भारत के पारंपरिक आहार का हिस्सा है और दुनिया भर में खाद्य सुरक्षा और पोषण के मुद्दों से निपटने की क्षमता रखता है। प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के लिए वैश्विक प्रतिक्रिया को अलग नहीं किया जा सकता है और अब यह एक एकीकृत, समावेशी और संस्थागत प्रतिक्रिया का समय है। यह जी- 20 अध्यक्षता के दौरान हमारे फोकस वाले क्षेत्रों में से एक है। हमारा लक्ष्य न केवल अपने नागरिकों के लिए बल्कि पूरी दुनिया के लिए स्वास्थ्य सेवा को सुलभ और किफायती बनाना है। सम्मेलन में 70 देशों के 125 प्रदर्शकों और लगभग 500 मेजबान विदेशी प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।

यूपी निकाय चुनाव में भाजपा ने उतारे 395 मुस्लिम उम्मीदवार
Published / 2023-04-26 23:17:43
यूपी निकाय चुनाव में भाजपा ने उतारे 395 मुस्लिम उम्मीदवार

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले दिनों पसमांदा मुसलमानों को साथ जोड़ने की सीख भाजपा को दी थी। अब उत्तर प्रदेश के निकाय चुनाव में पार्टी इस रणनीति पर अमल करती दिख रही है। भाजपा ने निकाय चुनाव में 395 मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट दिये हैं, जिनमें से ज्यादातर पसमांदा यानी पिछड़ी जातियों के हैं। यूपी में 4 और 11 मई को दो चरणों मतदान होना है। ऐसा पहली बार है, जब भाजपा ने इतनी बड़ी संख्या में मुस्लिम उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। अपने समर्थकों के साथ ये मुस्लिम उम्मीदवार यूपी में नये एमवाई फैक्टर की चर्चा कर रहे हैं। अब तक सपा के एमवाई फैक्टर की ही चर्चा होती थी, लेकिन अब भाजपा के पास भी यही दांव है। बता दें कि पहली बार भाजपा ने एमवाई फैक्टर का जिक्र 2022 के विधानसभा चुनाव में किया था। भाजपा को रामपुर जैसी सीट पर जीत मिली थी। इसके बाद से उसका रुझान मुस्लिमों की ओर बढ़ा है। यही वजह है कि निकाय चुनाव में उसने प्रयोग करते हुए बड़ी संख्या में मुस्लिमों को टिकट दिये हैं। यदि यह प्रयोग सफल होता है, तो कुछ राज्यों में भी भाजपा इस राह पर बढ़ सकती है। ऐसा हुआ, तो यूपी में सपा, बसपा और बिहार में आरजेडी जैसे दलों के लिए नयी चुनौती खड़ी होगी। दरअसल, यूपी में दशकों तक एमवाई फैक्टर का अर्थ मुस्लिम यादव वोट बैंक से रहा है, लेकिन भाजपा के एमवाई का अर्थ मोदी-योगी की लोकप्रियता के फैक्टर से है। यूपी में मुस्लिमों के एक वर्ग का कहना है कि इन दोनों नेताओं ने मुश्किल वक्त में मुफ्त राशन दिया था। इसके अलावा सरकारी योजनाएं भी उन तक पहुंच रही हैं। बिजनौर के नगीना से भाजपा उम्मीदवार नुसरत जहां ने कहा कि हम लोगों को बता रहे हैं कि कैसे हमें आज तक सिर्फ वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया जाता रहा, लेकिन आज हमें इंसान समझा जा रहा है। यूपी के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि हमने बड़ी संख्या में कैंडिडेट उतारकर विपक्ष के उन आरोपों को जवाब दे दिया है, जो कहता है कि भाजपा मुस्लिमों को टिकट नहीं देती। आपको बता दें कि यूपी में निकाय चुनाव के लिए प्रचार तेज है। योगी आदित्यनाथ ने सोमवार से अपने कैंपेन की शुरुआत कर दी और एक ही दिन में तीन रैलियों को संबोधित किया। पश्चिम यूपी में भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चे के अध्यक्ष जावेद मलिक ने कहा कि हमने 2017 में भी 50 मुस्लिम कैंडिडेट उतारे थे। इस बार यह आंकड़ा 395 तक पहुंच गया है। मुस्लिम समुदाय अब मोदी-योगी सरकार की ओर से किए गए कामों की चर्चा हो रही है। अब मुस्लिम समुदाय में सबका साथ-सबका विकास का नारा असर कर रहा है।

छत्तीसगढ़ : दंतेवाड़ा में नक्सलियों के आइइडी ब्लास्ट में 11 जवान शहीद
Published / 2023-04-26 20:02:22
छत्तीसगढ़ : दंतेवाड़ा में नक्सलियों के आइइडी ब्लास्ट में 11 जवान शहीद

एबीएन सेंट्रल डेस्क। छत्तीसगढ़ के घुर नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में गश्त से लौट रहे जवानों के वाहनों को विस्फोट से उड़ाने से सुरक्षा बलों के 11 जवान शहीद हो गये, जबकि कुछ जवान घायल भी हुए है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिले के अरनपुर क्षेत्र में गश्त से लौट रहे सुरक्षा बलों के जवान आज दोपहर लौट रहे थे कि उनके वाहन को नक्सलियों ने आयी ब्लास्ट कर उड़ा दिया, जिससे वाहन के चालक समेत 11 जवान मौके पर ही शहीद हो गये। कुछ जवानों के घायल होने की भी सूचना है। घटना की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों को एंबुलेंस के साथ घटनास्थल की ओर रवाना कर दिया गया है। घटनास्थल जिला मुख्यालय से लगभग 50 किमी दूर घटना जंगली क्षेत्र बताया गया है। राज्य में लम्बे समय बाद नक्सलियों के हमले में इतनी बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों के जवान शहीद हुए हैं। गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से फोन पर बात कर जानकारी मांगी है।  गृह मंत्री अमित शाह ने फोन कर मांगी जानकारी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से बात की और दंतेवाड़ा में नक्सलियों द्वारा किए गए विस्फोट में 10 पुलिसकर्मियों के शहीद होने की घटना के बाद की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।अधिकारियों के मुताबिक शाह ने स्थिति से निपटने के लिए मुख्यमंत्री को हरसंभव मदद का आश्वासन भी दिया। अधिकारियों ने बताया कि गृह मंत्री ने बघेल से बात की और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मुख्यमंत्री से यह भी कहा कि केंद्र सरकार राज्य सरकार को हरसंभव मदद देगी।  मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट कर घटना पर दुख जताते हुए कहा है कि दंतेवाड़ा के थाना अरनपुर क्षेत्र अंतर्गत माओवादी कैडर की उपस्थिति की सूचना पर नक्सल विरोधी अभियान के लिए पहुंचे डीआरजी बल पर आईईडी विस्फोट से हमारे 10 डीआरजी जवान एवं एक चालक के शहीद होने का समाचार बेहद दुखद है। हम सब प्रदेशवासी उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उनके परिवारों के साथ दु:ख में हम सब साझेदार हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। केजरीवाल-योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर जताया दुख दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सली हमले में हमारे जवान शहीद हो गये। नक्सलियों की यह कायराना हरकत बेहद परेशान करने वाली सूचना है। नक्सलवाद को कुचलने के लिए सभी सरकारों को तत्काल सख़्त कदम उठाने की जरूरत है। शहीद जवानों को विनम्र श्रद्धांजलि...! ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे...!! उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हुए मां भारती के वीर सपूतों को विनम्र श्रद्धांजलि! मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं। इस दु:खद घड़ी में हम सभी परिजनों के साथ खड़े हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान व परिजनों को यह दु:ख सहने की शक्ति दें।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.