टीम एबीएन, रांची। झारखंड में हेमंत सोरेन कैबिनेट की बैठक 7 जनवरी को बुलायी गयी है। बैठक अपराह्न 4 बजे से होगी। मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) ने यह जानकारी दी है।
गुरुवार को बताया गया कि हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक 7 जनवरी 2025 को अपराह्न 4 बजे से झारखंड मंत्रालय (प्रोजेक्ट भवन) के मंत्रिपरिषद कक्ष में बुलायी गयी है। साल की पहली कैबिनेट में कई अहम फैसले लिये जा सकते हैं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। साल 2024 के महज कुछ चंद घंटे बचे हैं और भारत सहित पूरी दुनिया साल 2025 के स्वागत की तैयारी में जुट गयी है। लेकिन नये साल के साथ ही कई ऐसे बदलाव होने जा रहे हैं, जिनका सीधा असर आपकी जेब, जिंदगी और जरूरत पर दिखाई देगा। इनमें से कुछ बदलाव की वजह से हमें आसानी भी होगी और कुछ बदलाव के बाद हमारी जेब भी ढीली हो सकती है। यहां 10 बड़े बदलावों के बारे में आसान भाषा में जानते हैं।
कई कंपनियों अपनी कार का दाम बढ़ायेगी
भारत की कई बड़ी कंपनियों ने 1 जनवरी 2025 से कार कंपनियों ने दाम में बढ़ोतरी की घोषणा की है। मारुति से लेकर महिंद्रा तक अपनी कारों के दाम में लगभग 4 प्रतिशत कर की वृद्धि करेगी। मारुति सुजुकी, ह्युंडई इंडिया, टाटा मोटर्स, महिंद्रा और किया ने पहले ही अपने प्रोडक्ट के दाम बढ़ाने की घोषणा कर दी है। इसके अलावा लग्जरी कार मैन्युफैक्चरर बीएमडब्ल्यू, ऑडी, मर्सडीज ने भी कीमतों में इजाफा करने का ऐलान किया है।
नये साल के शुरू होते ही ईपीएफओ के कई नियमों में बदलाव होंगे। ये नियम न सिर्फ ईपीएफ से पैसे निकालने के तरीकों को आसान बनायेंगे, बल्कि लोगों के भविष्य को सुरक्षित रखने में भी मदद करेंगे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईपीएफओ जल्द हगी एटीएम कार्ड जारी करेगी, जिसके माध्यम से एटीएम कार्ड के माध्यम से ईपीएफओ अपना पैसा निकाल सकते हैं। यह सेवा वित्त वर्ष 2025-56 में लागू हो सकती है। इसके अलावा अगले साल पीएफ खाताधारकों की कंट्रीब्यूशन लिमिट में बदलाव हो सकता है। अभी कर्मचारी अपनी बेसिक सैलरी का 12 प्रतिशत हिस्सा ईपीएफ अकाउंट में कंट्रीब्यूट करता है, जिसे बढ़ाया जा सकता है।
साथ ही ईपीएफओ द्वारा तय 15,000 रुपये की बेसिक सैलरी के हिसाब से पैसा जमा करने के बजाय, सरकार अब नई योजना के तहत पूरी सैलरी के आधार पर ईपीएफ में योगदान करने का विकल्प देने पर विचार कर रही है। एक जनवरी से कर्मचारी अपनी पेंशन की रकम किसी भी बैंक से निकाल सकेंगे। इसके लिए उन्हें किसी भी अतिरिक्त सत्यापन की जरूरत नहीं होगी। इस नये नियम से पेंशन की रकम निकालना काफी सुलभ होगा।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) ने नवंबर में एक सर्कुलर जारी कर बताया कि सेंसेक्स, बैंक एक्स और सेंसेक्स 50 के एक्सपायरी दिन में बदलाव किया गया है। यह बदलाव 1 जनवरी 2025 से लागू होगा। सेंसेक्स के साप्ताहिक कॉन्ट्रैक्ट्स अब हर सप्ताह के मंगलवार को एक्सपायर होंगे। पहले यह एक्सपायरी शुक्रवार को होती थी।
जबकि सेंसेक्स, बैंक एक्स और सेंसेक्स 50 के मासिक कॉन्ट्रैक्ट्स अब हर महीने के आखिरी मंगलवार को एक्सपायर होंगे। पहले सेंसेक्स का मासिक कॉन्ट्रैक्ट हर महीने के आखिरी शुक्रवार को एक्सपायर होता था, जबकि बैंक एक्स का कॉन्ट्रैक्ट आखिरी सोमवार को और सेंसेक्स 50 का कॉन्ट्रैक्ट आखिरी गुरुवार को एक्सपायर होता था।
साथ ही बीएसई ने यह भी बताया था कि तिमाही और अर्धवार्षिक कॉन्ट्रैक्ट्स की एक्सपायरी डेट भी बदली गयी है। अब ये आखिरी मंगलवार को एक्सपायर होंगे, जबकि पहले ये आखिरी शुक्रवार को एक्सपायर होते थे।
आरबीआई ने ऑनलाइन पेमेंट करने वाले यूजर्स को नयी सौगात दी है। 1 जनवरी से अगर आप यूपीआई पेमेंट के लिए यूपीआई 123पे फीचर का इस्तेमाल करते हैं, तो अब आप 10 हजार रुपये तक की रकम का ऑनलाइन पेमेंट कर पायेंगे। इससे पहले तक यह लिमिट 5,000 रुपये तक हुआ करती थी।
सरकार आमतौर पर हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बदलाव करती हैं। हालांकि, पिछले कुछ महीनों से घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी नहीं हुई। अगर बात कमर्शियल सिलेंडर की करें तो बीते कुछ महीनों में इसके दाम में काफी बदलाव देखने को मिले थे।
लेकिन कयास लगाये जा रहे हैं कि 1 जनवरी 2025 से घरेलू सिलेंडर और कमर्शियल सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी हो सकती है।
हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमतों में संशोधन करती हैं। 1 जनवरी 2025 को भी इन कीमतों में बदलाव हो सकता है। इससे नए साल में हवाई किराया बढ़ सकती है। बता दें कि सरकारी तेल कंपनियों (ओएमसीएस) ने दिसंबर में एटीएफ के दामों में इजाफा किया था। दिसंबर से एटीएफ के दाम 1318.12 रुपए प्रति किलोलीटर बढ़ाये गये थे।
आरबीआई ने किसानों को राहत देते हुए बिना गारंटी वाले कृषि ऋण की सीमा 1.6 लाख से बढ़ाकर 2 लाख कर दी थी। यह बदलाव 1 जनवरी 2025 से लागू होगा। इसका उद्देश्य छोटे और सीमांत किसानों को बढ़ती लागत के बीच सस्ता और सुलभ कर्ज उपलब्ध कराना है। सभी बैंकों को इन नई गाइडलाइंस को जल्द लागू करने और किसानों को इसकी जानकारी देने के निर्देश दिये गये हैं। हालांकि, आरबीआई ने इसको लेकर ब्याज दर में कोई परिवर्तन नहीं किया है।
1 जनवरी से जीएसटी पोर्टल का इस्तेमाल करने वाले सभी टैक्सपेयर्स के लिए मल्टी-फैक्टर आथेंटिकेशन को अनिवार्य कर दिया जायेगा। इससे जीएसटी की डिजिटल सुरक्षा को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी और जीएसटी फाइलिंग में आसानी होगी। यह प्रक्रिया उन सभी टैक्सपेयर्स पर लागू होगी जो जीएसटी करते हैं।
भारतीयों के लिए नए साल से थाईलैंड जाना आसान हो जायेगा। 1 जनवरी 2025 से थाइलैंड जाने के लिए ई-वीजा सिस्टम लागू हो रहा है। ई-वीजा के लिए ऑनलाइन अप्लाई किया जा सकता है। हालांकि, भारतीय नागरिकों के लिए 60 दिनों तक की वीजा छूट का फायदा पहले की तरह मिलते रहेगा। इस वीजा प्रणाली का सबसे अधिक प्रयोग पर्यटक और व्यापारी करते हैं।
1 जनवरी से कई पुराने एंड्रॉयड फोन पर व्हाट्सएप्प काम करना बंद कर देगा। व्हाट्सएप्प की पेरेंट कंपनी मेटा ने हाल ही में यह फैसला लिया था। सैमसंग, एचटीसी, एलजी, सोनी और मोटोरोला जैसी कंपनियों के कुछ स्मार्टफोन मॉडल्स पर यह नियम लागू होगा।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, चतरा/ रांची। झारखंड राज्य के चतरा जिले में (एसपी) अभियान ऋत्विक श्रीवास्तव के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण अभियान चलाया गया, जिसमें अवैध रूप से उगाये गये मादक पदार्थों विशेष रूप से पोस्ता और अफीम पर सख्त कार्रवाई की गयी। इस अभियान को राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पुलिस के महानिदेशक अनुराग गुप्ता द्वारा आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में दिये गये निर्देशों के बाद अमल में लाया गया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में बढ़ते अवैध मादक पदार्थों के कारोबार को खत्म करना था, जो न केवल स्थानीय समुदायों के लिए बल्कि समग्र कानून व्यवस्था के लिए भी एक गंभीर समस्या बन चुका था, अभियान का केंद्र बिंदु चतरा जिले के राजपुर थाना क्षेत्र को बनाया गया, जहां इस तरह के अवैध मादक पदार्थों की खेती की सूचना मिली थी।
अभियान एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने अपनी टीम के साथ मिलकर इस अभियान को अंजाम दिया, जिसमें राजपुर थाना प्रभारी और वन विभाग के अधिकारी भी शामिल थे। खास बात यह रही कि अभियान एसपी श्रीवास्तव ने खुद ट्रैक्टर चलाकर 10 एकड़ वन भूमि पर उगाये गये अवैध पोस्ता और अफीम को नष्ट किया। यह कदम न केवल एक साहसिक कार्रवाई थी, बल्कि यह संदेश भी था कि प्रशासन मादक पदार्थों के खिलाफ कठोरता से कार्य करेगा।
इस अभियान में पुलिस और वन विभाग की टीमों ने मिलकर कई प्रकार के सुरक्षा उपायों को अपनाया, ताकि अवैध व्यापारियों और मादक पदार्थों के कारोबारियों से निपटने में कोई कमी न हो। अभियान के दौरान सैकड़ों पौधे नष्ट किये गये, जो मादक पदार्थों की खेती के लिए अवैध रूप से उगाए गए थे। इसके अलावा, पुलिस ने इस कार्रवाई के तहत कई संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की, ताकि इस अवैध कारोबार की जड़ तक पहुंचा जा सके।
अभियान एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव के नेतृत्व में इस अभियान की सफलता से यह साफ हो गया कि झारखंड राज्य पुलिस मादक पदार्थों के खिलाफ अपनी लड़ाई को और तेज करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अभियान को स्थानीय लोगों ने भी सराहा और उन्हें विश्वास है कि इसके परिणामस्वरूप क्षेत्र में अपराध और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में कमी आयेगी। अभियान एसपी के इस साहसिक कदम ने यह साबित कर दिया कि प्रशासन किसी भी हालत में अवैध गतिविधियों को सहन नहीं करेगा और इसके खिलाफ ठोस कदम उठायेगा।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड की मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार राज्य की बालिकाओं और युवतियों को कैंसर से बचाने के लिए एक नयी पहल शुरू करने जा रही है। इसके तहत 9 से 25 वर्ष तक की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर सहित अन्य प्रकार के कैंसर से बचाव के लिए ह्यूमन पेपिलोमा वायरस (एचपीवी) का टीका मुफ्त में दिया जायेगा।
मुख्यमंत्री सोरेन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग इस योजना का प्रस्ताव तैयार कर रहा है, जिसे कैबिनेट में स्वीकृति के लिए भेजा जायेगा। यह योजना राज्य में बालिकाओं को कैंसर से बचाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। एचपीवी के 2 टीके 9 से 14 साल की आयु में छह से 12 महीने के अंतराल पर दिए जाते हैं, जबकि 15 से 25 साल की आयु वर्ग में 3 खुराकों में टीका लगाया जाता है।
रिम्स के कैंसर विशेषज्ञ डॉ रोहित झा के अनुसार, 9-15 साल की आयु की बालिकाओं को यदि पहले दो खुराकों के बीच पांच माह से कम का अंतराल रहा हो, तो उन्हें एक और खुराक की आवश्यकता होती है। स्वास्थ्य विभाग ने मुख्यमंत्री बालिका कैंसर प्रतिरक्षण योजना की तैयारी शुरू कर दी है। यह योजना 4 फरवरी से शुरू होने की संभावना है। पहले चरण में यह योजना झारखंड के 6 जिलों (धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, गोड्डा, देवघर और साहिबगंज) में शुरू की जाएगी, जबकि दूसरे चरण में इसे राज्य के अन्य जिलों में लागू किया जायेगा।
योजना का लक्ष्य 25 लाख बालिकाओं-युवतियों को इस टीकाकरण अभियान से आच्छादित करना है। डॉ. झा ने बताया कि एचपीवी वायरस यौन संपर्क से फैलता है और यह सर्वाइकल कैंसर सहित अन्य कैंसर का कारण बन सकता है। एचपीवी का टीका एक प्रभावी उपाय है, जो इन कैंसरों को 90 प्रतिशत तक रोक सकता है। टीका लगने के बाद किशोरियों में कैंसर से संबंधित एचपीवी संक्रमण में 88 प्रतिशत और युवतियों में 80 प्रतिशत तक की कमी आ सकती है।
टीम एबीएन, रांची। राजधानी की प्रमुख सड़कों को सजाया-संवारा जायेगा। इसकी शुरुआत कचहरी-मेन रोड से की जायेगी। सड़कों पर डेकोरेटिव लाइटें लगा कर खूबसूरत बनाया जायेगा।
वहीं, सड़क पर बने डिवाइडर का डिजाइन बदल कर उस पर आकर्षक पौधे भी लगाये जायेंगे। बाद में शहर की अन्य प्रमुख सड़कों को भी इसी तर्ज पर विकसित किया जायेगा। नगर विकास सचिव सुनील कुमार ने रांची नगर निगम व जुडको के अधिकारियों को इससे संबंधित निर्देश दिया है।
सचिव ने कचहरी चौक, जुडको कार्यालय, नियोजन कार्यालय, लाइन टैंक रोड होते हुए चडरी रोड से अलबर्ट एक्का चौक तक के पुनर्विकास की योजना तैयार करने का निर्देश दिया है। उक्त सड़क को यातायात व आम नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए योजना बनाने की आवश्यकता बतायी। सड़क के पुनर्विकास का प्रस्ताव जल्द देने को कहा।
श्री कुमार ने राहगीरों के लिए बनाये गये फुटपाथ को आरामदायक बनाने का भी निर्देश दिया। फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कर वहां आकर्षक लाइटिंग का इंतजाम करने को कहा। लोगों की सुविधा के लिए सड़कों पर उचित दूरी चिह्नित कर शौचालय और ट्रैफिक बूथ का भी निर्माण कराने का निर्देश दिया।
टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर कैमरून में फंसे झारखंड के 47 प्रवासी श्रमिकों में से 11 श्रमिकों की सुरक्षित वापसी हो गयी। सभी श्रमिकों को श्रम विभाग द्वारा उनके गंतव्य स्थान तक पहुंचा दिया गया है। शेष 36 श्रमिकों की जल्द सुरक्षित वापसी होगी। इस दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।
प्रवासी श्रमिकों के झारखंड पहुंचने पर रांची के बिरसा हवाई अड्डे पर श्रम विभाग के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। सेंट्रल अफ्रीका के कैमरून की कंपनी में काम कर रहे झारखंड के हजारीबाग, बोकारो एवं गिरिडीह जिले के 47 श्रमिकों के वेतन भुगतान पर रोक और कंपनी में दुर्व्यवहार किये जाने की शिकायत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को मिली थी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया था।
राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने त्वरित कार्रवाई करते हुए श्रमिकों और संबंधित कंपनी से संपर्क कर मामले का सत्यापन किया। इसके बाद श्रम सचिव मुकेश कुमार एवं कमिश्नर संजीव कुमार बेसरा के निदेर्शानुसार संबंधित जिलों के श्रम अधीक्षकों ने नियोजकों/नियोक्ताओं और बिचौलियों (मिडिलमैन) के खिलाफ एफआईआर दर्ज करायी और फंसे हुए श्रमिकों को सुरक्षित वापस लाने की प्रक्रिया शुरू की गयी।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। रेलवे के हाजीपुर जोन ने चार कुंभ स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है, जिसमें से एक ट्रेन पलामू प्रमंडल के लातेहार जिले से होकर गुजरेगी। दरअसल, प्रयागराज में लगने वाला कुंभ को लेकर लोगों में उत्साह चरम पर पहुंचने लगा है।
हर कोई प्रयागराज पहुंचने के लिए ट्रेनों पर सीट आरक्षित कराने की जुगत में है। इस बीच रेलवे के हाजीपुर जोन ने चार कुंभ स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। चार स्पेशल ट्रेन में से एक ट्रेन लातेहार जिले से होकर गुजरेगी। बताया जा रहा है कि तितलागढ़-टूंडला-तितलागढ़ 08314 और 083813 लातेहार इलाके से होकर गुजरेगी।
तितलागढ़-टूंडला कुंभ स्पेशल ट्रेन 09, 16, जनवरी, 06, 20 एवं 27 फरवरी तितलागढ़ से शाम पांच बजे खुलेगी और पलामू, प्रयागराज से होते हुए टूंडला तक जाएगी। वहीं टुंडला से प्रयागराज, पलामू होते हुए तितलागढ़ 08313 11,18, 25 जनवरी ,08, 22 फरवरी और 01 मार्च को टुंडला जक्शन से शाम पांच बजे खुलेगी और रात 11 बजे तितलागढ़ पहुंचेगी।
ट्रेन राउरकेला, हटिया, रांची, मुरी, बरकाकाना, टोरी, बरवाडीह, डाल्टनगंज, गढ़वा रोड, जपला, डेहरी आन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, मीरजापुर, प्रयागराज के रास्ते टुंडला तक जाएगी। यह ट्रेन लातेहार के टोरी, बरवाडीह रेलवे स्टेशन पर रूकेगी। कुंभ स्पेशल ट्रेन की जानकारी रेलवे के हाजीपुर जोन के मुख्य जनसंपर्क पदाधिकारी सतीश चंद्र ने साझा की है।
वहीं रेलवे की ओर से एक और जानकारी साझा की गई है कि बरकाकाना-वाराणसी और वाराणसी- बरकाकाना पैसेंजर ट्रेन जो स्पेशल होकर चलती थी अब सामान्य हो गई है। 03359 बरकाकाना-वाराणसी पैसेंजर ट्रेन का नंबर अब 63557 हो गया है, वहीं वाराणसी-बरकाकाना पैसेंजर ट्रेन 03370 अब 63358 हो गई है।
टीम एबीएन, रांची। आज यानी 25 दिसंबर को पूरी दुनिया के बहुत से देशों में क्रिसमस पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जायेगा। हालांकि ये त्योहार मुख्य रूप से इसाई धर्म से संबंधित है, लेकिन इसे बहुत से अन्य धर्मों के लोग भी बड़े श्रद्धा, आनंद और उत्साह के साथ मनाते हैं।
इसी बीच झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने क्रिसमस पर्व के शुभ अवसर पर राज्यवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा क्रिसमस पर्व के शुभ अवसर पर सभी को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार।
बता दें कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मंगलवार को झारखंड कैबिनेट के मंत्रियों ने मुलाकात की। सभी मंत्रियों ने एक साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को क्रिसमस की बधाई दी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse