राज काज

View All
Published / 2026-04-02 19:01:34
रेलवे के स्पेशल ट्रेनों से झारखंड से मुंबई और अजमेर का सफर होगा आसान

झारखंड से मुंबई और अजमेर का सफर अब आसान! रेलवे ने चलायी स्पेशल ट्रेनें, यात्रियों को बड़ी राहत 

एबीएन सेंट्रल डेस्क। गर्मियों की छुट्टियों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़ी राहत दी है। झारखंड की राजधानी रांची से मुंबई, बंगाल और अजमेर जाने वाले यात्रियों के लिए स्पेशल ट्रेनों का ऐलान किया गया है। इससे सफर पहले से ज्यादा आसान और सुविधाजनक हो जायेगा। 

रांची और आसपास के इलाकों से मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने खास इंतजाम किया है। हटिया से लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंबई) के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलायी जायेगी। 

ट्रेन नंबर 08609 (हटिया-लोकमान्य तिलक टर्मिनस स्पेशल) 

यह ट्रेन 6 अप्रैल से 29 जून तक हर सोमवार को हटिया से शाम 4:20 बजे चलेगी। रास्ते में राउरकेला, बिलासपुर, नागपुर, भुसावल, मनमाड़ और कल्याण जैसे स्टेशनों पर रुकेगी और बुधवार को रात 12:40 बजे मुंबई पहुंचेगी। 

वापसी ट्रेन 08610 (लोकमान्य तिलक टर्मिनस-हटिया) 

यह ट्रेन 8 अप्रैल से 1 जुलाई तक हर बुधवार को सुबह 5:00 बजे मुंबई से चलेगी और गुरुवार शाम 6:00 बजे हटिया पहुंचेगी। इस स्पेशल ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे, जिनमें जनरल, स्लीपर और एसी कोच शामिल हैं, ताकि यात्रियों को आरामदायक सफर मिल सके। 

अजमेर और बंगाल के लिए भी राहत 

  • रेलवे ने सांतरागाछी से अजमेर जाने वाली साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन (08611/08612) की अवधि भी बढ़ा दी है। 
  • 08611 ट्रेन हर सोमवार (6 अप्रैल से 29 जून) सांतरागाछी से चलेगी। 
  • 08612 ट्रेन हर गुरुवार (9 अप्रैल से 2 जुलाई) अजमेर से चलेगी। 
  • इस ट्रेन का रूट, समय और ठहराव पहले जैसा ही रहेगा। 

गिधनी स्टेशन पर अस्थायी ठहराव 

  • श्रीश्री ठाकुर अनुकूल चंद्र स्मरणोत्सव के मौके पर कुछ ट्रेनों का गिधनी स्टेशन पर 2 मिनट का अस्थायी ठहराव होगा। 
  • 22891 हावड़ा-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस: 15 से 18 अप्रैल तक दोपहर 3:12 बजे पहुंचेगी और 3:14 बजे रवाना होगी। 
  • 22892 रांची-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस: 15 से 18 अप्रैल तक दोपहर 12:15 बजे पहुंचेगी और 12:17 बजे रवाना होगी।

Published / 2026-04-01 20:42:27
झारखंड : मातृ मृत्यु दर पांच जिलों में 100% रिपोर्टिंग

झारखंड में मातृ मृत्यु दर पर समीक्षा, 5 जिलों में 100 प्रतिशत रिपोर्टिंग 

एबीएन हेल्थ डेस्क। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग झारखंड के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में आज नेपाल हाउस में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर पर एक रणनीतिक समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। बैठक में राज्य में मातृ मृत्यु की स्थिति, रिपोर्टिंग प्रक्रिया तथा मृत्यु के कारणों की विस्तार से समीक्षा की गयी। 

बैठक के दौरान जिलावार प्रदर्शन की समीक्षा में पाया गया कि खूंटी, लोहरदगा, रामगढ़, साहिबगंज और सिमडेगा जिलों ने एचएमआईएस पोर्टल पर मातृ मृत्यु की 100 प्रतिशत रिपोर्टिंग की है। वहीं बोकारो, दुमका, पूर्वी सिंहभूम, रांची और पश्चिम सिंहभूम जिलों में लक्ष्य से अधिक रिपोर्टिंग दर्ज की गयी। अपर मुख्य सचिव ने सभी जिलों को रिपोर्टिंग की गुणवत्ता और सटीकता बनाये रखने तथा बेहतर प्रगति लाने का निर्देश दिया। 

मातृ मृत्यु के कारणों के विश्लेषण में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आये। प्रसव के बाद अत्यधिक रक्तस्राव 15.5 प्रतिशत मामलों में प्रमुख कारण पाया गया, जबकि उच्च रक्तचाप या एक्लेम्पसिया 12.5 प्रतिशत तथा संक्रमण (सेप्सिस) 6.9 प्रतिशत मामलों में मृत्यु का कारण रहा। 

बैठक में निर्देश दिया गया कि सभी जिलों में प्रत्येक मातृ मृत्यु मामले की वर्बल आॅटोप्सी अनिवार्य रूप से करायी जाये और रिपोर्टिंग की गुणवत्ता में सुधार किया जाये। बैठक में शिशु मृत्यु के कारणों की भी समीक्षा की गयी, जिसमें सेप्सिस संक्रमण, श्वास संबंधी समस्या, निमोनिया और प्री-मैच्योर जन्म प्रमुख कारण पाये गये। 

शिशु मृत्यु दर को कम करने के लिए संस्थागत प्रसव की गुणवत्ता सुधारने, लेबर रूम में कार्यरत नर्सों को प्रशिक्षित करने तथा सभी प्रसव संस्थानों में बेबी वार्मर मशीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। 

इसके अलावा सभी प्रसव कराने वाले स्वास्थ्य संस्थानों में सुरक्षित मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से संबंधित आईईसी प्रचार-प्रसार सामग्री उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया, ताकि गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ायी जा सके। 

बैठक के अंत में अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि सभी जिलों में मातृ एवं शिशु मृत्यु के प्रत्येक मामले का गहन विश्लेषण कर भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाये।

Published / 2026-03-30 21:26:21
झारखंड : आईएएस विनय चौबे को मिली बेल

झारखंड शराब घोटाला: आइएएस विनय चौबे को बड़ी राहत, कोर्ट ने दी डिफॉल्ट बेल 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के चर्चित शराब घोटाले और आय से अधिक संपत्ति मामले में निलंबित आईएएस अधिकारी विनय चौबे को अदालत से बड़ी राहत मिली है। रांची की विशेष एसीबी कोर्ट ने उन्हें डिफॉल्ट बेल दे दी है। 

एसीबी इस पूरे मामले की जांच कर रही 

सोमवार को विनय चौबे के वकील ने रांची की एसीबी (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो) कोर्ट में डिफॉल्ट बेल के लिए याचिका दाखिल की। वकील ने कहा कि कानून के अनुसार किसी भी आरोपी को एक तय समय से ज्यादा बिना चार्जशीट के जेल में नहीं रखा जा सकता। अगर जांच एजेंसी समय पर चार्जशीट दाखिल नहीं करती है, तो आरोपी को जमानत मिल सकती है। 

विनय चौबे पर हैं ये आरोप  

कोर्ट ने इस दलील को सही मानते हुए विनय चौबे को जमानत दे दी। इससे पहले भी उन्हें शराब घोटाले से जुड़े एक अन्य मामले में इसी आधार पर डिफॉल्ट बेल मिल चुकी है। एसीबी ने इस मामले में कांड संख्या 20/2025 दर्ज किया है। विनय चौबे पर आरोप है कि उन्होंने अपने पद का गलत इस्तेमाल कर अवैध संपत्ति बनाई और झारखंड में शराब नीति लागू करने के दौरान वित्तीय गड़बड़ी की। 

फिलहाल एसीबी इस पूरे मामले की जांच कर रही है और उनकी संपत्ति व दस्तावेजों की जांच जारी है। कानून के अनुसार, बीएनएस की धारा 187(3) के तहत अगर तय समय के अंदर चार्जशीट दाखिल नहीं होती है, तो आरोपी को डिफॉल्ट बेल पाने का अधिकार होता है।

Published / 2026-03-28 18:03:47
धरती आबा के परिजनों को उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने किया सम्मानित

उलिहातु पहुंचे उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन

बिरसा मुंडा के परिजनों को किया सम्मानित

टीम एबीएन, रांची। भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन और झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार शनिवार को भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली खूंटी जिले के उलिहातु पहुंचे। हेलीपैड पर जिला प्रशासन द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस मौके पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने उपराष्ट्रपति का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। 

उपायुक्त आर. रॉनिटा और पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। इसके बाद उपराष्ट्रपति और राज्यपाल उलिहातु स्थित भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली पहुंचे, जहां उन्होंने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। 

इस दौरान दोनों गणमान्य अतिथियों ने बिरसा मुंडा के वंशजों से आत्मीय मुलाकात की और उन्हें मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान उपराष्ट्रपति ने वहां उपस्थित बच्चों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। 

इसके पश्चात वे बिरसा कॉम्प्लेक्स पहुंचे, जहां पुनः भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और स्थानीय ग्रामीणों से भी मुलाकात की। इस अवसर पर राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह, उपराष्ट्रपति के सचिव अमित खरे सहित अन्य गणमान्य अतिथि और संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Published / 2026-03-27 20:54:29
रांची : रामनवमी पर सीएम ने पत्नी संग की तपोवन मंदिर में पूजा

रांची तपोवन मंदिर में सीएम हेमंत ने पत्नी संग की पूजा, राज्य की खुशहाली की मांगी दुआ 

टीम एबीएन, रांची। हेमंत सोरेन ने रामनवमी के पावन अवसर पर रांची के प्रसिद्ध तपोवन मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन के साथ रामनवमी के मौके पर रांची के श्री राम जानकी तपोवन मंदिर, निवारणपुर में विधि-विधान से पूजा की। 

भगवान श्रीराम सभी की मनोकामनाएं पूरी करें 

मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीराम के चरणों में नमन करते हुए राज्य की उन्नति, सुख-शांति और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम सभी की मनोकामनाएं पूरी करें। उन्होंने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी उन्हें तपोवन मंदिर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला है। मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और विभिन्न अखाड़ों की शोभायात्रा भी यहां आ रही है। 

तपोवन मंदिर का इतिहास बहुत पुराना है 

मुख्यमंत्री हेमन्त ने लोगों से अपील की कि वे इस पर्व को श्रद्धा, उत्साह और खुशी के साथ मनाएं और भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं। साथ ही सामाजिक सद्भाव और भाईचारे के साथ इस पर्व को खास बनाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि तपोवन मंदिर का इतिहास बहुत पुराना है और इसकी अलग पहचान है। सरकार मंदिर के सौंदर्यीकरण का काम तेजी से कर रही है, ताकि इसे और भव्य बनाया जा सके। उन्होंने भगवान श्रीराम से प्रार्थना की कि यह कार्य जल्द पूरा हो।

Published / 2026-03-25 21:14:48
झारखंड : अब 27 को रहेगा रामनवमी का अवकाश

  • झारखंड : अब 27 को रहेगा रामनवमी का अवकाश
  • रामनवमी की छुट्टी में बदलाव: अब 27 मार्च को रहेगा अवकाश, पहले 26 को घोषित थी छुट्टी 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड सरकार ने रामनवमी के अवसर पर छुट्टी की तिथि में बदलाव का फैसला किया है। अब 26 मार्च की जगह 27 मार्च को रामनवमी की छुट्टी होगी। 

जल्द ही इसका आदेश जारी कर दिया जायेगा।  इसकी वजह यह है कि रामनवमी इस बार 27 मार्च को पड़ रही है, और उसी दिन रांची सहित राज्य के अन्य शहरों और क्षेत्रों में शोभा यात्रा निकाली जायेगी। 

पहले 26 मार्च यानि गुरुवार को एनआईए एक्ट के तहत छुट्टी घोषित थी, लेकिन अब यह छुट्टी 27 मार्च यानि शुक्रवार को होगी।

Published / 2026-03-24 20:26:46
मनरेगा नियुक्ति में विभागीय मंत्रालय ने धनबाद उपायुक्त को जारी किया पत्र

  • मनरेगा नियुक्ति में विभागीय मंत्रालय ने धनबाद उपायुक्त को जारी किया पत्र
  • परीक्षा में सभी स्वीकृत अभ्यर्थियों को समान अवसर देने का सुझाव

टीम एबीएन, रांची। ग्रामीण विकास विभाग, मनरेगा कोषांग द्वारा संविदा आधारित नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर एक बार फिर विभागीय पत्र जारी किया गया है। 

विभागीय मंत्री दीपिका सिंह पांडे के आप्त सचिव संदीप दुबे ने आज (मंगलवार) धनबाद के उपायुक्त को पत्र प्रेषित किया।
जारी पत्र में नियुक्ति विज्ञापन की कंडिका संख्या-10 के आलोक में आवश्यक संशोधन करने तथा सभी स्वीकृत अभ्यर्थियों (एक्सेप्टेड कैंडीडेट्स) को परीक्षा में समान-अवसर प्रदान करने का सुझाव दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि स्वीकृत अभ्यर्थियों द्वारा खूंटी, जामताड़ा, चतरा एवं पलामू सहित अन्य जिलों की तर्ज पर समान अवसर की मांग को लेकर पूर्व में भी 29 दिसंबर 2025 को विभागीय पत्र उपायुक्त कार्यालय को भेजा गया था। बावजूद इसके, अब तक उस निर्देश का अनुपालन नहीं किया गया है, जिसे अभ्यर्थीगण विभागीय निर्देश की अवमानना मान रहे हैं।

Published / 2026-03-23 23:51:30
रामनवमी में पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें पदाधिकारी : डीआईजी

  • रामनवमी में पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें पदाधिकारी : डीआईजी
  • आपसी सौहार्द और भाईचारे की परंपरा को बनाए रखें
  • रामनवमी को लेकर डीआईजी किशोर कौशल का लातेहार दौरा, सुरक्षा व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लातेहार/पलामू। रामनवमी को लेकर पलामू क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) किशोर कौशल आज लातेहार जिला का दौरा किया। उन्होंने रामनवमी पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की। साथ ही जिला कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर वहां की कार्यप्रणाली, संचार व्यवस्था एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र का बारिकी से जायजा लिया।

डीआईजी ने पुलिस अधीक्षक सभागार में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों (एसडीपीओ), इंस्पेक्टर एवं जिले के सभी थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर रामनवमी के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण, जुलूस मार्गों की सुरक्षा, संवेदनशील स्थलों की निगरानी एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिये। 

उन्होंने सीसीटीवी और ड्रोन कैमरे की मदद से भी निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस-प्रशासन और आमजन के सहयोग से ही पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जा सकता है, इसलिए सभी मिलकर आपसी सौहार्द और भाईचारे की परंपरा को बनाए रखें। डीआईजी किशोर कौशल ने स्पष्ट रूप से कहा कि रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी पदाधिकारी पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।

उन्होंने चिन्हित सभी संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने, जुलूस मार्गों का पूर्व सत्यापन कर किसी भी प्रकार की बाधा को समय रहते दूर करने, कंट्रोल रूम को 24़7 सक्रिय रखने तथा हर छोटी-बड़ी सूचना पर त्वरित कार्रवाई करने, सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखते हुए भ्रामक या भड़काऊ संदेश के प्रकाशन एवं प्रसारण पर रोक लगाते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्थानीय शांति समितियों के साथ लगातार संवाद बनाकर समन्वय को मजबूत करने पर भी बल दिया।

डीआईजी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में फ्लैग मार्च, गश्ती एवं चौकसी बढ़ाएं। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार रहे। पर्व में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।

बैठक के प्रारंभ में लातेहार के पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने बताया कि जिले में शांति समिति की बैठक की जा चुकी है। पुलिस पदाधिकारियों को फ्लैग मार्च का भी निर्देश दिया गया है। साथ ही रामनवमी पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर आवश्यक तैयारियां की गई है। सभी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। बैठक में पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव, सभी डीएसपी, इंस्पेक्टर एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे। 

Page 1 of 334

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse