13 दुकानों से लिये गये 38 खाद्य नमूने जांच में सही पाये गये एबीएन न्यूज नेटवर्क, दुमका। राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव 2026 के दौरान बासुकीनाथ आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा लगातार जांच एवं निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में 10 अगस्त 2026 को खाद्य सुरक्षा टीम ने बासुकीनाथ के पेड़ा गली, सब्जी बाजार चौक, शीतला मंदिर रोड स्थित पेड़ा दुकानों, होटलों सहित कुल 13 दुकानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से मौके पर ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की गई। टीम द्वारा पेड़ा, दही, तेल, हल्दी, सब्जी, सेव सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 38 नमूनों की आॅन द स्पॉट जांच की गयी। जांच में सभी नमूने सही पाये गये। इसके साथ ही पेड़ा का एक लीगल खाद्य नमूना भी संग्रहित किया गया है, जिसे विस्तृत जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जायेगी। खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा श्रावणी मेला के दौरान बासुकीनाथ के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ-साथ निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की भी जांच की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके। जांच अभियान के दौरान एफएसओ अंजना रानी मिंज, एफएसओ सुबीर रंजन, एफएसओ डेजी नीलिमा तिग्गा, जरमुंडी थाना पुलिस बल, पंकज कुमार, जूनियर एनालिस्ट, एमएफटीएम तथा सुधांश कुमार, लैब अटेंडेंट, एमएफटीएम उपस्थित थे। श्रावणी मेला के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा इस प्रकार की जांच एवं निगरानी लगातार जारी रहेगी, जिससे बासुकीनाथ आने वाले श्रद्धालुओं को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा के प्रति बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते गिरफ्तार, सीआईडी ने की कार्रवाई टीम एबीएन, रांची। छात्रों के आंदोलन के बीच सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। सीआईडी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते को गिरफ्तार कर लिया है।
झारखंड : छात्रों के विभिन्न मुद्दों पर सरकार सहमति को तैयारटीम एबीएन, रांची। छात्रों की अधिकांश मांगों पर सरकार सहमति बनाने को तैयार है। सूत्रों के अनुसार, सीआईडी और सीबीआई जांच की मांग के स्थान पर न्यायिक जांच को लेकर सहमति बनाने की कोशिश की जाएगी।वहीं, 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा समेत कई अन्य प्रक्रियाधीन परीक्षाओं को रद्द करने पर भी सरकार विचार कर सकती है। सरकार रद्दीकरण और जांच से जुड़ी मांगों को छोड़कर परीक्षा व्यवस्था में सुधार से संबंधित छात्रों की सभी वैधानिक मांगों को मानने के लिए तैयार है।इसी क्रम में रविवार दोपहर 12 बजे छात्रों की ओर से गठित जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच के प्रतिनिधियों के साथ मंत्रियों का एक प्रतिनिधिमंडल वार्ता करेगा। बैठक में परीक्षा प्रक्रिया में सुधार, लंबित मांगों और विवादित परीक्षाओं को लेकर सहमति बनाने पर चर्चा होने की संभावना है।
सहायक बिशप आनंद डेविड खाल्खो के अभिषेक और प्रतिष्ठापन समारोह में शामिल हुए सीएम हेमंत सोरेन, दी शुभकामनाएं टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज डॉ कामिल बुल्के पथ (पुरुलिया रोड), रांची स्थित आर्चबिशप हाउस में आयोजित रांची महाधर्मप्रांत के नवनियुक्त सहायक बिशप श्रद्धेय आनंद डेविड खाल्खो के अभिषेक एवं प्रतिष्ठापन समारोह में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रद्धेय आनंद डेविड खाल्खो को नयी जिम्मेदारी ग्रहण करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा उनके सफल कार्यकाल की कामना की। इस अवसर पर आर्चबिशप विंसेंट आइंद, फादर अजित कुमार खेस सहित अन्य धर्मगुरु एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।
आदिवासी महोत्सव में फिल्म फेस्टिवल व मास्टर क्लास का आयोजनविद्यार्थियों को मिलेगा फिल्म निर्माण सीखने का अवसरटीम एबीएन, रांची। झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (JFFDCL) द्वारा आगामी आदिवासी महोत्सव-2026 के तहत 9 अगस्त को मोराबादी मैदान, रांची में विशेष फिल्म फेस्टिवल एवं मास्टर क्लास का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर राज्य के विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को फिल्म निर्माण, दृश्य कथानक (विजुअल स्टोरीटेलिंग) और मीडिया उद्योग की बारीकियों से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।इस संबंध में झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन ने विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग के कुलपति को पत्र भेजकर कार्यक्रम में सहभागिता का आमंत्रण दिया है। साथ ही विश्वविद्यालय से जनसंचार, पत्रकारिता, मीडिया स्टडीज, फिल्म स्टडीज, परफॉर्मिंग आर्ट्स, विजुअल कम्युनिकेशन एवं संबंधित विषयों के कम से कम 50 विद्यार्थियों को नामित कर कार्यक्रम में भेजने का अनुरोध किया गया है।फिल्म फेस्टिवल के दौरान आदिवासी जीवन, स्वदेशी संस्कृति, सामाजिक सरोकारों और उत्कृष्ट सिनेमा पर आधारित फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं "फिल्म मेकिंग एंड करियर ऑपर्च्युनिटीज इन द फिल्म इंडस्ट्री" विषय पर विशेष मास्टर क्लास आयोजित होगी। इसका संचालन सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI), कोलकाता के विशेषज्ञ एवं प्राध्यापक करेंगे।मास्टर क्लास में प्रतिभागियों को फिल्म निर्माण की मूलभूत तकनीक, विजुअल स्टोरीटेलिंग, पटकथा लेखन, निर्देशन, सिनेमैटोग्राफी, संपादन, साउंड डिजाइन तथा फिल्म, टेलीविजन, ओटीटी और डिजिटल कंटेंट इंडस्ट्री में उभरते करियर अवसरों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही सिनेमा एवं मीडिया के क्षेत्र में उच्च शिक्षा और रोजगार की संभावनाओं पर भी विशेषज्ञ मार्गदर्शन देंगे।झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन का मानना है कि यह कार्यक्रम युवाओं को फिल्म एवं मीडिया उद्योग की व्यावहारिक समझ विकसित करने के साथ-साथ रचनात्मक अभिव्यक्ति के नए अवसर प्रदान करेगा। आदिवासी महोत्सव के दौरान आयोजित यह पहल राज्य के युवा मीडिया एवं फिल्म विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण सीखने और करियर निर्माण का मंच साबित होगी।ज्ञात हो कि विगत 22 जुलाई को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में झारखंड राज्य फिल्म विकास निगम एवं सत्यजीत रे फिल्म इंस्टीट्यूट कोलकाता के बीच स्थानीय सूचना भवन में फिल्म इंस्टीट्यूट की स्थापना को लेकर एमओयू (MoU) हस्ताक्षरित किया गया था।
टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज धुर्वा के सेंट्रल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में झारखंड फायर सर्विस को समर्पित 58 मॉडर्न मिनी वाटर टेंडर्स विद मिस्ट टेक्नोलॉजी का उद्घाटन और फ्लैग-आॅफ किया। उन्होंने कहा कि मॉडर्न टेक्नोलॉजी से लैस ये गाड़ियां उन तंग गलियों, घनी आबादी वाली बस्तियों और दूर-दराज के इलाकों में भी तेजी से पहुंच पायेंगी, जहां बड़ी फायर टेंडर नहीं पहुंच सकतीं। गैस सिलेंडर फटने, शॉर्ट सर्किट होने या घरों या दुकानों में आग लगने जैसी अलग-अलग इमरजेंसी स्थितियों में ये तेजी से और असरदार राहत पहुंचायेंगी। प्रोग्राम के दौरान फायरफाइटिंग से जुड़ी मॉडर्न टेक्नोलॉजी और इक्विपमेंट का डेमोंस्ट्रेशन भी देखा गया। यह हमारे फायर सेफ्टी सिस्टम को बदलती जरूरतों के हिसाब से और ज्यादा काबिल, तेज और असरदार बनाने की दिशा में एक जरूरी कदम है।
सीएम हेमंत सोरेन ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार को जेपीएससी और जेएसएससी की कथित अनियमितताओं व छात्र आंदोलन से कराया अवगत टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को लोक भवन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से भेंट कर झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) एवं झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की नियुक्ति प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं तथा इसके विरोध में रांची में चल रहे छात्र आंदोलन के संबंध में अवगत कराया। राज्यपाल ने छात्रहित को सर्वोपरि बताते हुए परीक्षा प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं युवाओं के विश्वास को बनाये रखने की आवश्यकता पर बल दिया तथा कथित अनियमितताओं को अत्यंत गंभीर विषय बताया। उन्होंने कहा कि आयोग इस प्रकार कार्य करें कि उनकी पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता पर किसी भी प्रकार का प्रश्नचिह्न न लगे। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार छात्रों को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि युवाओं के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जायेगा तथा इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी। उक्त अवसर पर राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी उपस्थित थे।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर 2026) के तहत दावा एवं आपत्ति को लेकर आज न्यू टाउन हॉल में धनबाद विधानसभा के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे ने क्षेत्र के सभी बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजरों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया। उन्होंने सभी को दावा एवं आपत्ति चरण को सुचारू, पारदर्शी और शत-प्रतिशत त्रुटिरहित संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिये। साथ में फॉर्म 6, 7 और 8 का त्वरित निस्तारण करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी बीएलओ को सत्यापन में पारदर्शिता बरतते हुए प्राप्त सभी दावों और आपत्तियों का स्थल सत्यापन पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ समय सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया। साथ में बीएलओ सुपरवाइजरों को अपने-अपने क्षेत्र के बीएलओ के कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग और शत-प्रतिशत भौतिक जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अनुमंडल दंडाधिकारी ने कहा कि 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावा एवं आपत्ति करने के लिए समय निर्धारित है। उन्होंने मतदाताओं को समय पर अपने दस्तावेज के साथ दावा आपत्ति प्रस्तुत करने का अनुरोध किया। 5 अगस्त से 3 अक्टूबर तक नोटिस सत्यापन तथा दावों एवं आपत्तियों का निपटान किया जायेगा। जबकि 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि एक-एक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जोड़ना और मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित बनाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इस दिशा में बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने धनबाद विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे इस दावा एवं आपत्ति चरण के दौरान अपनी मतदाता संबंधी जानकारियों की जांच कर लें तथा आवश्यकतानुसार समय सीमा के भीतर संबंधित बीएलओ के पास अपना आवेदन दर्ज करायें। बाघमारा एवं झरिया विधानसभा के बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों के लिए भी आज संबंधित विधानसभा क्षेत्र में प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
जेपीएससी मामले में कल्पना सोरेन का बड़ा बयान, कहा- आज अधिकारियों से बातचीत करेंगे सीएम टीम एबीएन, रांची। रांची में बीते कई दिनों से छात्र जेपीएससी- जेएसएससी और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी बीच अब जेपीएससी मामले में विधायक कल्पना सोरेन का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बेहद संवेदनशील हैं। कल्पना सोरेन ने कहा कि यह विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा संवेदनशील मामला है और इस मामले पर आज मुख्यमंत्री अधिकारियों से बातचीत कर सकते हैं। उन्होंने छात्रों के हित में जल्द कोई रास्ता निकलने की उम्मीद जताई है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.