एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारतीय क्रिकेट बोर्ड यानी बीसीसीआई ने आईपीएल मीडिया राइट्स के लिए 32890 हजार करोड़ रुपये की बेस प्राइस रखी है। इसमें चार बंडल शामिल हैं। इन बंडल में भारतीय उपमहाद्वीप के टीवी राइट्स, भारतीय उपमहाद्वीप के डिजिटल राइट्स, नॉन एक्सक्लूजिव बंडल और वर्ल्ड टीवी व डिजिटल राइट्स शामिल हैं। बोर्ड ने आने वाले समय में मैचों की संख्या बढ़ाने के बात भी कही है। हालांकि इसके लिए बीसीसीआई ने 30 मार्च से इन्विटेशन टू टेंडर डॉक्यूमेंट जारी करना शुरू किया था इसमें कीमत 10 टीमों और 74 मैचों के हिसाब से ही रखी गई है। इस बार मीडिया राइट्स में कम्पॉजिट बिड (मिलीजुली बोली) नहीं होगी। ऐसा पिछली बार था और स्टार इंडिया ने इसी के जरिए 2018-22 के साइकल के लिए बोली हासिल की थी। इन्विटेशन टू टेंडर की जानकारी के अनुसार, बंडल ए में भारतीय उपमहाद्वीप के टीवी राइट्स होंगे। इस कैटेगरी में एक मैच के लिए 49 करोड़ रुपये बेस प्राइस है। ऐसे में पांच साल के लिए देखा जाए तो ई-आॅक्शन में यहां बेस प्राइस 18130 करोड़ रुपये होगी। बंडल बी में डिजिटल राइट्स रहेगी और यहां पांच साल के लिए 33 करोड़ रुपये प्रति मैच की बेस प्राइस के हिसाब से 12210 करोड़ रुपये से पांच साल के राइट्स की बोली शुरू होगी। क्रिकबज ने यह रिपोर्ट दी है। बंडल सी अपने आप में काफी अनोखा है। इसमें केवल 18 मुकाबले होंगे और ये नॉन एक्सक्लूसिव रहेगा। इसमें एक मैच की बेस प्राइस 16 करोड़ रुपये है। इस हिसाब से पांच साल की बेस प्राइस 1440 करोड़ रुपये बनते हैं। इस बंडल के 18 मुकाबलों में ओपनिंग मैच, प्ले आॅफ और डबल हेडर के रात के मैच रहेंगे। यह बंडल केवल ओटीटी प्लेटफॉर्म्स के लिए है और इसे केवल एक ही कंपनी खरीद सकती है। चौथे और आखिरी बंडल में बाकी दुनिया के राइट्स शामिल हैं। यहां एक मैच की बेस प्राइस तीन करोड़ रुपये है। इस तरह से पांच साल की वेल्यू 1110 करोड़ रुपये बनती है। इसके तहत भारतीय उपमहाद्वीप से बाहर के टीवी और डिजिटल दोनों राइट्स मिलेंगे। बीसीसीआई को 50 हजार करोड़ की उम्मीद : बीसीसीआई को आईपीएल मीडिया राइट्स से 50,000 करोड़ रुपये की कमाई की उम्मीद है। गुजरात और लखनऊ फ्रेंचाइजी को शामिल करने के बाद आईपीएल के मैचों की संख्या 60 से बढ़कर 74 हो गयी है। जिससे नीलामी में बोली की तगड़ी प्रतिस्पर्धा होने की संभावना है, क्योंकि इस क्षेत्र में अब जी-सोनी और रिलायंस वायकॉम 18 भी शामिल हैं। बीसीसीआई अमेजॉन प्राइम, मेटा और यूट्यूब से डिजिटल स्पेस के लिए आक्रामक बोली लगाने की उम्मीद कर रहा है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीम न्यूजीलैंड में खेले जा रहे वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंच गई है। ऑस्ट्रेलिया ने पहले सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज को 157 रन से हराया। यह इस टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया की लगातार आठवीं जीत है। टीम ने लीग स्टेज के अपने सभी सातों मुकाबले जीते थे। इस मैच में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। बारिश की वजह से मैच 45-45 ओवर का हो गया था। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 45 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 305 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। ऑस्ट्रेलिया के लिए कप्तान एलिसा हिली ने सबसे अधिक 107 गेंद में 129 रन की पारी खेली। उनके अलावा रेचेल हेंस ने भी 100 गेंद में 85 रन ठोके। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 216 रन की पार्टनरशिप हुई। आखिरी के ओवर में बेथ मूनी ने 31 गेंद में 43 रन ठोके और ऑस्ट्रेलिया को 300 के पार पहुंचा दिया। वेस्टइंडीज को 45 ओवर में 306 रन का टारगेट मिला था। इसका पीछा करते हुए कैरेबियाई टीम 37 ओवर में 148 रन पर ढेर हो गई। कप्तान स्टेफनी टेलर (48) को छोड़ दें तो कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर टिक नहीं पाया। टीम के 6 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं पार कर पाए। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से जेस जोनासेन ने सबसे अधिक 2 विकेट लिए। मेग लैनिंग की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया की जीत का रिकॉर्ड बेमिसाल है। टीम ने उनकी अगुवाई में 74 वनडे में से 65 जीते हैं और सिर्फ 8 मुकाबले गंवाए हैं और एक टाई रहा है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। ब्रूनो फर्नाडिंस को दो शानदार गोल की बदौलत पुर्तगाल ने नॉर्थ मेसिडोनिया को 2-0 से हराकर फीफा विश्व कप 2022 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। इटली को हराकर बड़ा उलटफेर करने वाली नॉर्थ मेसिडोनिया की टीम यह मैच जीतने का सपना देख रही थी, लेकिन पुर्तगाल ने मेसिडोनिया को मैच में अपनी पकड़ बनाने का मौका ही नहीं दिया। पूरे मैच में यह टीम कोई गोल नहीं कर सकी। वहीं पुर्तगाल की तरफ से ब्रूनो ने दो शानदार गोल किए और अपनी टीम को फीफा विश्व कप 2022 में पहुंचाने में अहम रोल अदा किया। नॉर्थ मेसिडोनिया की टीम अब तक फीफा विश्व कप का हिस्सा नहीं बनी है और ब्रूनो ने इस टीम का इंतजार और लंबा कर दिया। उन्होंने पहले हाफ में क्रिस्टियानो रोनाल्डो के पास को गोल में बदल कर अपनी टीम को अहम बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में उन्होंने डिओगो जोटा के बेहतरीन पास पर दूसरा गोल करके अपनी टीम को विजयी बढ़त दिला दी।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। मोहम्मद शमी ने आईपीएल के मौजूदा सीजन में शानदार आगाज किया है। आईपीएल 2022 के अपने पहले तीन ओवर में उन्होंने 3 विकेट झटके। उन्होंने पहली बार पावरप्ले में 3 विकेट लिए। इस कारण गुजरात टाइटंस की टीम मैच में काफी मजबूत स्थिति में पहुंच गई है। मैच में गुजरात के कप्तान हार्दिक पंड्या ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले 6 ओवर के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स का स्कोर 4 विकेट पर 32 रन है। टीम ने कप्तान केएल राहुल सहित 4 बड़े विकेट गंवा दिए हैं। दोनों ही टीमें पहली बार टूर्नामेंट में उतर रही हैं। मोहम्मद शमी ने मैच में अच्छी शुरुआत की। उन्होंने पहले ओवर की पहली गेंद पर केएल राहुल को विकेट के पीछे मैथ्यू वेड के हाथों कैच कराया। लेकिन अंपायर ने उन्हें आउट नहीं दिया। इसके बाद गुजरात ने रिव्यू लिया। इसमें साफ दिख रहा था कि गेंद बल्ले का बाहरी किनारा लेते हुए विकेटकीपर के हाथों में गई थी। राहुल मौजूदा सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। उन्हें टीम ने 17 करोड़ रुपए में शामिल किया है। उनकी सैलरी एमएस धोनी, रोहित शर्मा और विराट कोहली से भी अधिक है। मोहम्मद शमी पिछले सीजन में पंजाब का हिस्सा थे। लेकिन मौजूदा सीजन के लिए उन्हें गुजरात टाइटंस ने खरीदा। शमी ने अपने दूसरे ओवर में आक्रामक ओपनर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक को बोल्ड किया। उन्होंने 9 गेंद पर 7 रन बनाए। एक चौका भी लगाया। 2 ओवर में 2 सफलता के बाद हार्दिक ने उन्हें तीसरा ओवर कराने का फैसला किया। शमी ने कप्तान को निराश नहीं किया। उन्होंने फिर मनीष पांडे को बोल्ड कर टीम को बड़ी सफलता दिलाई। उन्होंने 5 गेंद पर 6 रन बनाए। शमी ने पहले 3 ओवर में सिर्फ 10 रन दिए हैं और 3 विकेट झटके।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। आंध्रप्रदेश के काकीनाडा में आयोजित 12वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप में झारखंड की टीम ने मणिपुर को 14-0 के बड़े अंतर से हराकर क्वार्टरफाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया है। राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी के इस अहम मैच में झारखंड की ओर से दीपिका सोरेंग 04 गोल, निक्की मैडम और प्रमोदनी लकड़ा ने दो दो और रजनी, एली, अंजली, मोनिका, दीप्ति और एलिन डुंगडुंग ने एक एक गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। मणिपुर के साथ खेले गए मैच में झारखंड की तरफ से पहला गोल नौवें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर से दीपिका सोरेंग के हाथों किया गया। इसके बाद झारखंड की टीम की तेज रफ्तार के आगे मणिपुर की टीम कहीं नहीं टिकी। एक के बाद एक लगातार 13 गोल कर टीम ने 14-0 से मणिपुर की टीम को रौंदकर मैच अपने नाम कर लिया। पूरे मैच के दौरान फिल्ड में झारखंड की टीम मणिपुर पर हावी रही।फर्स्ट क्वार्टर में झारखंड की टीम ने कुल 2 गोल, दूसरे में 4 तीसरे में 5 और फोर्थ क्वार्टर में 3 गोल किए गए। झारखंड टीम की ओर से दीपिका सोरेंग की ओर से 9वें, 14वें, 24वें और 46वें मिनट में कुल 4 गोल किया गया तोे निक्की ने 18वें, 20वें और प्रमोदनी लकड़ा ने 35वें और 37वें मिनट में दो दो गोल किए। एलिन डुंगडुंग 58वें मिनट, रजनी केरकेट्टा 21वे, एली तिर्की 40वें, अंजली केरकेट्टा 42वे, मोनिका नाग 45वे एवम कप्तान दीप्ति कुल्लू 49वें मिनट में एक एक गोल किए। राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप के दौरान झारखंड की टीम में सिमडेगा के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। कुल 14 गोल में से 13 गोल ऐसे रहे जिसे सिमडेगा के खिलाड़ियों के द्वारा किया गया। झारखंड टीम के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने पर हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह, हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी समेत हॉकी सिमडेगा के समस्त पदाधिकारियों ने बधाई के साथ अगले मैच के लिए शुभकामनाएं दी है। हॉकी झारखंड का अगला मैच 31 मार्च को क्वार्टर फाइनल में होगा।झारखंड की टीम में रश्मि होरो, रोपनी कुमारी, काजल बड़ा, अंकिता डुंगडुंग, दीप्ति कुल्लू, किरण बड़ा, महिमा टेटे, दीपिका सोरेंग, रजनी केरकेट्टा, प्रमोदनी लकड़ा, निक्की कुल्लू, एलिन डुंगडुंग, एली तिर्की, प्रियंका गुड़िया, मोनिका नाग, पिंकी लकड़ा, अंजली केरकेट्टा, सलोमी कांडुलना, कोच तारिणी कुमारी और मैनेजर करुणा पूर्ति शामिल हैं।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। स्विस ओपन महिला एकल का खिताब जीतने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीवी सिंधु को बधाई दी। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, आपकी उपलब्धियां भारत के युवाओं को प्रेरित करती हैं। आपको भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं। बता दें कि दो बार की ओलिंपिक पदक विजेता सिंधु ने चौथी वरीयता प्राप्त थाईलैंड की खिलाड़ी बुसानन ओंगबामरंगफान को 49 मिनट तक चले मुकाबले में 21-16, 21-8 से हरा दिया। इस सीजन में यह उनका दूसरा महिला एकल खिताब है। बुसानन के खिलाफ 17 मैचों में यह सिंधु की 16वीं जीत है। वह उनसे सिर्फ एक बार 2019 हांगकांग ओपन में हारी है। सिंधु पिछले सत्र के फाइनल में रियो ओलंपिक की स्वर्ण पदक विजेता स्पेन की कैरोलिना मारिन से हार गई थीं। हैदराबाद की 26 वर्षीय खिलाड़ी की इस स्थल से हालांकि सुखद यादें जुड़ी है। उन्होंने 2019 में विश्व चैंपियनशिप में यहां स्वर्ण पदक जीता था। मैच में सिंधु की आक्रामक शुरुआत : सिंधु ने इस मैच में आक्रामक शुरुआत की और 3-0 की बढ़त बना ली। बुसानन ने हालांकि वापसी करनी शुरू की और स्कोर को 7-7 से बराबर कर लिया। बुसनान सिंधु को नेट से दूर रखने की कोशिश कर रही थी लेकिन अपने शॉट को ठीक से खत्म नहीं कर पा रही थी। ब्रेक के समय सिंधु के पास दो अंकों की बढ़त थी। बैकलाइन के पास शानदार शॉट से सिंधू को चार गेम प्वाइंट मिले और उसने इसे भुनाने में देर नहीं की। दूसरे गेम में बुसनान सिंधू को टक्कर देने में नाकाम रही। सिंधु ने 5-0 की बढ़त हासिल करने के बाद इसे 18-4 किया और फिर आसानी से मैच जीत लिया। बता दें कि सिंधु ने इस साल जनवरी में लखनऊ में सैयद मोदी अंतरराष्ट्रीय सुपर 300 जीता था।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2022 से टीम इंडिया आखिरकार बाहर हो गई। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए लीग के आखिरी मुकाबले में भारतीय टीम को आखिरी गेंद पर हार झेलनी पड़ी। पूरे टूर्नामेंट के दौरान भारतीय बल्लेबाज खास तौर कप्तान मिताली राज संघर्ष करती नजर आईं। कुछ नए चेहरों ने जरूर छाप छोड़ी लेकिन अनुभवी प्लेयरों ने निराश किया। भारत ने लीग मुकाबलों में सात मुकाबले खेले जिनमें से चार में उन्हें हार झेलनी पड़ी। आइए जानते हैं विश्व कप में भारतीय टीम के सफर के बारे में- पहला मुकाबला बनाम पाकिस्तान (107 रन से जीते) : भारतीय टीम ने पहले खेलते हुए पूजा वस्त्रकार के 59 गेंदों में 67 रनों की बदौलत 7 विकेट खोकर 244 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम 137 रन पर ऑल आऊट हो गई। पाकिस्तान की अमीन ने सर्वाधिक 30 रन बनाए। जबकि भारतीय गेंदबाज राजेश्वरी गायकवाड़ ने 31 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। दूसरा मुकाबला बनाम न्यूजीलैंड (62 रन से गंवाया) : न्यूजीलैंड ने पहले खेलते हुए नौ विकेट खोकर 260 रन बनाए। एमी सैदरवेट ने 84 गेंदों में 75 रन बनाए। भारत की ओर से पूजा वस्त्रकार 34 रन पर चार विकेट लेने में सफल रहीं। जवाब में भारतीय टीम 198 रन पर आऊट हो गई। अकेले हरनमप्रीत ने 63 गेंदों में 71 रन बनाए लेकिन यह टीम के काम नहीं आए। तीसरा मुकाबला बनाम विंडीज (155 रन से जीते) : भारतीय टीम ने पहले खेलते हुए 8 विकेट के नुकसान पर 317 रन बनाए। स्मृति मंधाना ने 119 गेंदों में 123 और हरमनप्रीत ने 109 रन का योगदान दिया। जवाब में विंडीज टीम डिएड्रा डॉटिन के 46 गेंदों में 62 रनों के बावजूद 162 रनों पर सिमट गई। भारत की स्नेह राणा ने 22 रन देकर तीन विकेट लिए। चौथा मुकाबला बनाम इंगलैंड (4 विकेट से हारे) : भारतीय टीम पहले खेलते हुए महज 134 रन पर सिमट गई। स्मृति मंधाना ने सर्वाधिक 35 रन बनाए। इंगलैंड की चार्ली डीन ने 23 रन पर चार विकेट लिए। वहीं, इंगलैंड ने 31 ओवरों में 136 रन बनाकर मैच जीता। हीदर नाइट ने 72 गेंदों पर नाबाद 53 रन बनाए थे। भारत की मेघना सिंह ने 26 रन देकर तीन विकेट लिए लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाई। 5वां मुकाबला बनाम ऑस्ट्रेलिया (6 विकेट से हारे) : भारत ने पहले खेलते हुए मिताली राज के 96 गेंदों पर 68 रनों की बदौलत 277 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया ने इसे मेग लनिंग के 97 रनों की बदौलत आखिरी ओवर में हासिल कर लिया। लेनिंग के अलावा ऑस्ट्रेलिया की ओर से एलिसा हेली ने 72 तो रेचल हेंस ने 43 रनों का योगदान दिया। छठा मुकाबला बनाम बांगलादेश (110 रन से जीते) : भारत ने पहले खेलते हुए यास्तिका भाटिया के 80 गेंदों में 50 रन की बदौलत 229 रन बनाए थे। बांगलादेश की रितु मोनी ने 37 रन पर तीन विकेट लिए। जवाब में बांगलादेश की टीम 119 रन पर ढेर हो गई। सलमा खातुन ने सर्वाधिक 32 रन बनाए। जबकि भारतीय गेंदबाज स्नेह राणा ने 30 रन देकर चार विकेट लिए। 7वां मुकाबला बनाम साऊथ अफ्रीका (3 विकेट से हारे) : भारत ने पहले खेलते हुए स्मृति मंधाना के 71 रनों की बदौलत 274 रन बनाए थे। स्कोर में शेफाली वर्मा 53, मिताली राज 68 तो हरमनप्रीत ने 48 रनों का योगदान दिया। जवाब में खेलने उतरी दक्षिण अफ्रीका ने लॉरा के 80, लारा गुडऑल के 49 तो मिग्रोन प्रीज के 52 रनों की बदौलत आखिरी ओवर में जीत हासिल की और भारत को सेमीफाइनल की रेस से बाहर कर दिया। विश्व कप से बाहर होने के बाद कप्तान मिताली राज ने हार के कारणों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि मुझे व्यक्तिगत रूप से लगता है कि यह एक महत्वपूर्ण खेल था। लेकिन इसने हमारे अभियान को समाप्त कर दिया। मुझे लड़कियों पर गर्व है। हमारे पास जितने गेंदबाज थे, मुझे लगा कि 275 का स्कोर अच्छा होगा। हमने पहले भी इसी तरह के टोटल का बचाव किया था। आज हमारे साथ झूलन नहीं थी नई लड़कियों के लिए यह जोखिम भा काम था। अब भावनाओं को निपटाने में समय लगेगा, लेकिन वह खेल है। हर भारतीय खेल प्रशंसकों का धन्यवाद। भविष्य में लड़कियों और भारतीय महिला टीम का समर्थन करते रहिए।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2022 के पहले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को छह विकेट से हरा दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने महेंद्र सिंह धोनी के नाबाद 50 रन की बदौलत 20 ओवर में पांच विकेट पर 131 रन का स्कोर खड़ा किया था। जवाब में कोलकाता ने 18.3 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। केकेआर के लिए अजिंक्य रहाणे ने सबसे ज्यादा 44 रन बनाए। उमेश यादव को दो विकेट झटकने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया। कोलकाता ने आखिरकार जीत हासिल की : दोनों टीमों के बीच कुल 27 मैच खेले गए हैं। इसमें से सीएसके ने 17 और केकेआर ने नौ मैच जीते हैं। एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला। दोनों के बीच हुए पिछले 11 मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने सात मुकाबलों में जीत हासिल की है। वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स को सिर्फ चार मैचों में जीत मिली। कोलकाता और चेन्नई के बीच हुए पिछले पांच मैचों में ये केकेआर को मिली पहली जीत है। इससे पहले चार मैचों मे सीएसके ने जीत हासिल की थी।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग का 15वां सीजन कल यानी शनिवार से शुरू हो रहा है। पिछले बार की दोनों फाइनलिस्ट टीमें चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में उद्घाटन मुकाबला खेला जाएगा। भारत की इस चर्चिच टी-20 लीग में इस बार कई बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। दो नई टीमों के शामिल होने के साथ-साथ, सभी फ्रेंचाइजियों की जर्सी और खिलाड़ी भी बदले-बदले नजर आएंगे। इसमें कुछ टीमों के कप्तान भी इस बार बदल गए हैं, जिनमें चार ऐसे हैं जो पहली बार आईपीएल में कप्तानी करेंगे। भारतीय आॅलराउंडर रवींद्र जडेजा अब चेन्नई सुपर किंग्स के नए कप्तान हैं। 33 वर्षीय जडेजा को गुरूवार को महेंद्र सिंह धोनी ने सीएसके की कमान सौंपी। आईपीएल में 200 मैचों का अनुभव रखने वाले जडेजा 2008 से अब तक कुल 10 सीजन में तीन टीमों के लिए खेल चुके हैं। वह लंबे समय से चेन्नई का हिस्सा हैं हालांकि उन्हें कप्तानी का अनुभवी ना के बराबर है। वह 15 साल पहले एक मैच के लिए भारत के अंडर-19 टीम के कप्तान बने थे। इसके अलावा उन्होंने 28 अक्तूबर 2007 को मुंबई अंडर-19 टीम के खिलाफ सौराष्ट्र की कप्तानी की थी। उन्होंने कभी भी प्रथम श्रेणी, लिस्ट-ए या टी-20 मैचों की कप्तानी नहीं की है। वह पहली बार आईपीएल में कप्तानी करते दिखेंगे। भारतीय आॅलराउंडर हार्दिक पांड्या ने आईपीएल में सिर्फ मुंबई इंडियंस के लिए ही खेला था। लेकिन इस बार वह लीग की नई टीम गुजरात टाइटंस का हिस्सा हैं और पहली बार आईपीएल में कप्तानी करेंगे। हार्दिक को आईपीएल में बतौर खिलाड़ी 92 मैचों का अनुभव है लेकिन कप्तान के रूप में वह पहली बार दिखेंगे। उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी कप्तानी को कोई अनुभव नहीं है। 28 साल के हार्दिक को गुजरात की टीम ने नीलामी से पहले 15 करोड़ की मोटी रकम के साथ अपने साथ जोड़ा था। पंजाब किंग्स के सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल को इस बार फ्रेंचाइजी ने अपना कप्तान बनाया है। 31 वर्षीय मयंक को बतौर खिलाड़ी आईपीएल का अच्छा-खासा अनुभव है। वह अब तक कुल चार टीमों को हिस्सा रहे हैं और 10 सीजन में 100 मैच खेल चुके हैं। मयंक को भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट या आईपीएल में कप्तानी का कोई अनुभव नहीं है। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डुप्लेसिस पहली बार आईपीएल में कप्तानी करेंगे। 37 साल के डुप्लेसिस को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने अपना नया कप्तान बनाया है। डुप्लेसिस को भी आईपीएल में बतौर खिलाड़ी 100 मैचों का अनुभव है लेकिन लीग में वह पहली बार किसी टीम की कमान संभालेंगे। हालांकि फाफ को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कप्तानी का एक अच्छा अनुभव है। वह 108 अंतरराष्ट्रीय मैचों में दक्षिण अफ्रीका की कप्तानी कर चुके हैं। उनका रिकॉर्ड भी काफी शानदार रहा है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.