एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। अखिल भारतीय वरिष्ठ चयन समिति ने वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे शृंखला के लिए 16 सदस्यीय टीम इंडिया की घोषणा कर दी गई है जो 22 जुलाई से शुरू होगी। शिखर धवन को कप्तानी दी गई है जबकि रवींद्र जडेजा शृंखला में उप-कप्तान होंगे और वह इस सीरीज में छाप छोड़ना चाहेंगे। विशेष रूप से टीम इंडिया वर्तमान में तीन वनडे और इतने ही टी20 इंटरनेशनल सीरीज में मेजबान इंग्लैंड से भिड़ने के लिए तैयार है। चयनकर्ताओं ने जहां इंग्लैंड सीरीज के लिए एक मजबूत टीम का चयन किया है, वहीं वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए बड़े खिलाड़ियों को आराम दिया गया है जिनमें विराट कोहली, रोहित शर्मा, केएल राहुल, जसप्रीत बुमराह और ऋषभ पंत को आराम दिया गया है। वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत के गेंदबाजी विभाग की अगुवाई युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, अवेश खान, मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह करेंगे। भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज जुलाई में क्वींस पार्क ओवल में खेली जायेगी। भारत पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए वेस्टइंडीज से भी खेलेगा। वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम : शिखर धवन (कप्तान), रवींद्र जडेजा (उप-कप्तान), रुतुराज गायकवाड़, शुभमन गिल, दीपक हुड्डा, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), शार्दुल ठाकुर, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, अवेश खान, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। अब तक उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन करने में नाकाम रही भारतीय महिला हॉकी टीम को अगर एफआईएच विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में सीधे प्रवेश करना है तो गुरुवार को यहां न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने अंतिम पूल बी मैच में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। पिछले साल तोक्यो ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन करते हुए एतिहासिक चौथा स्थान हासिल करने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम ने अपने पहले दो मैचों में तोक्यो खेलों के कांस्य पदक विजेता इंग्लैंड और चीन से 1-1 से ड्रॉ खेला। सविता की अगुआई वाली भारतीय टीम अभी दो अंक के साथ पूल बी में तीसरे स्थान पर है। चीन और न्यूजीलैंड उससे ऊपर हैं। न्यूजीलैंड ने मंगलवार को इंग्लैंड को 3-1 से हराया। टूर्नामेंट के प्रारूप के अनुसार 16 टीम को चार-चार टीम के चार पूल में बांटा गया है। प्रत्येक पूल की शीर्ष टीम सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह बनाएंगी जबकि दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम के बीच क्रॉसओवर होगा। क्रॉसओवर में पूल ए में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम पूल डी में तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम से भिड़ेगी जबकि पूल ए में तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम की भिड़ंत पूल डी में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से होगी। इसी तरह पूल बी में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम का सामना पूल सी में तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम से होगा जबकि पूल बी में तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम पूल सी में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से खेलेगी। इन चारों मुकाबले के विजेता क्वार्टर फाइनल में जगह बनाएंगे। पूल बी में शीर्ष पर रहने के लिए भारत को न्यूजीलैंड को हराना होगा और साथ ही उम्मीद करनी होगी कि इंग्लैंड के खिलाफ चीन की टीम जीत दर्ज नहीं कर पाए। पहले दो मैच में अगर भारत के प्रदर्शन को आधार माना जाए जो टीम के लिए न्यूजीलैंड को हराना आसान नहीं होगा। भारतीय डिफेंस ने दोनों मैच में प्रभावित किया। पहले मैच में तो इंग्लैंड की टीम एक भी पेनल्टी कॉर्नर हासिल नहीं कर पाई लेकिन दोनों ही मुकाबलों में अग्रिम पंक्ति और मिडफील्ड ने निराश किया। भारत के लिए दोनों गोल करने वाली वंदना कटारिया के अलावा कोई अन्य स्ट्राइकर अब तक उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई है। लालरेमसियामी, शर्मिला देवी और नवनीत कौर ने निराश किया है। भारत ने मौके तो बनाए हैं लेकिन उन्हें गोल में बदलने में टीम नाकाम रही है। मिडफील्ड को भी अपने प्रदर्शन में सुधार करना होगा। मुख्य कोच यानेक शॉपमैन के लिए पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने में नाकामी भी बड़ी समस्या है। दो मैच में भारतीय टीम 12 पेनल्टी कॉर्नर पर दो गोल ही कर सकी है और दोनों गोल वंदना ने रिबाउंड और डिफलेक्शन से किए। ड्रैगफ्लिकर गुरजीत कौर को अपने कौशल को निखारने की जरूरत है और अगर भारत को टूर्नामेंट में आगे बढ़ना है तो पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील करने के प्रतिशत में सुधार करना होगा। रैंकिंग पर नजर डालें तो दोनों टीम के बीच अधिक अंतर नजर नहीं आता। न्यूजीलैंड दुनिया की आठवें जबकि भारत नौवें नंबर की टीम है। इंग्लैंड के खिलाफ जीत के बाद न्यूजीलैंड की टीम हालांकि आत्मविश्वास से भरी होगी। गुरुवार को इन दोनों टीम से पहले चीन और इंग्लैंड के बीच मुकाबला होगा जिससे इन्हें पता रहेगा कि सीधे क्वालीफाई करने के लिए उन्हें क्या करना है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। इंग्लैंड और भारत के बीच पांचवा (फिर से निर्धारित) टेस्ट मैच एजबेस्टन में खेला जाएगा। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। टीम इंडिया ने पहली पारी में रिषभ पंत के 146 रन और रविंद्र जडेजा के शतक की बदौलत 416 रन बनाए और इंग्लैंड को पहली पारी में 284 रन पर ढेर कर दिया। भारत ने 132 रन की लीड के साथ दूसरी पारी में पुजारा (66) और पंत (57) की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 245 रन बनाते हुए इंग्लैंड को 378 रन का लक्ष्य दिया है। बता दें कि यह मैच पिछले साल की पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का हिस्सा होगा जिसमें भारत 2-1 से आगे हैं। पांचवें टेस्ट को पिछले साल कोविड-19 के कारण स्थगित कर दिया गया था। यह मैच वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप का हिस्सा है। पहला दिन : शुभमन गिल 24 गेदों पर चार चौकों की मदद से 17 रन बनाकर जेम्स एंडरसन की गेंद पर जैक क्रॉली के हाथों कैच आउट हुए। एंडरसन की गेंद पर पुजारा ने क्रॉली को कैच थमा दिया और वह सस्ते में पवेलियन लौट गए। पुजारा 46 गेंदों पर 2 चौकों की मदद से 13 रन बनाकर आउट हुए। लंच के बाद जब मैच दोबारा शुरू हुआ तो टीम इंडिया ने हनुमा विहारी का भी विकेट गंवा लिया। ऐसा लगा कि पंत के साथ मिलकर अच्छे टच में नजर आ रहे कोहली अच्छी पारी खेलेंगे लेकिन इंगलैंड के तेज गेंदबाज मैटी पॉट्स ने उन्हें 11 रन पर बोल्ड कर दिया। श्रेयस अय्यर को जेम्स एंडरसन ने बाऊंसर फेंककर खूब परेशान किया। उन्होंने आखिरकार श्रेयस को पवेलियन का रास्ता दिखाया। पंत ने जडेजा के साथ साझेदारी निभाते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया। टी ब्रेक तक भारत ने पांच विकेट खोकर 174 रन बना लिए थे। टी ब्रेक के बाद भी पंत ने अपना स्वाभाविक खेल जारी रखा और 100+ की स्ट्राइक रेट से रन बनाए। उन्होंने 89 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। साथ ही रविंद्र जडेजा अपना अर्धशतक बनाने में सफल रहे। शतक के बाद पंत ने तेजी से रन बनाए लेकिन इंगलैंड के स्पिनर जो रूट उनकी विकेट लेने में सफल रहे। पंत ने 111 गेंदों में 20 चौके और चार छक्कों की मदद से 146 रन बनाए। पंत का विकेट गिरते ही शार्दुल ठाकुर मैदान पर आए लेकिन वह एक ही रन बनाकर आऊट हो गए। दूसरा दिन : मोहम्मद शमी ने भी आते ही हाथ दिखाए और स्टोक्स की गेंदों पर शानदार शॉट लगाए। शमी को स्टुअर्ट ब्रॉड ने 16 रन के स्कोर पर जैक लीच के हाथों आऊट कराया। रविंद्र जडेजा ने इस दौरान अपना शतक पूरा किया। उन्हें 104 रन के स्कोर पर एंडरसन ने पवेलियन की राह दिखाई। भारत की आखिरी विकेट 416 रन पर गिरी जब एंडरसन ने अपनी गेंद पर सिराज (2) का विकेट निकाला। बुमराह 31 रन बनाकर नाबाद रहे। इंगलैंड की शुरुआत खराब रही। भारतीय गेंदबाज बुमराह ने अपने दूसरे ही ओवर में एलेक्स लीस को 6 रन पर बोल्ड कर दिया। बारिश के कारण मैच प्रभावित रहा। जब दोबारा शुरू हुआ तो बुमराह ने क्रॉली को भी पवेलियन का रास्ता दिखाकर अपना दूसरा विकेट निकाला। बुमराह ने ही बाद में ओली पोप को 10 के स्कोर पर श्रेयस के हाथों कैच आऊट करा इंगलैंड को तीसरा झटका दे दिया। बारिश के कारण रुका जिस कारण टी की कॉल कर दी गई। मैच जब शुरू हुआ तो इंगलैंड के कप्तान जो रूट ने तेजतर्रार शॉट लगाने की कोशिश की हालांकि वह ज्यादा सफल नहीं हो पाए क्योंकि मोहम्मद सिराज ने उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेकर उन्हें पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। इंगलैंड के कप्तान बेन स्टोक्स जैक लीच को बतौर नाइट वॉचमैन भेजा लेकिन शमी ने उन्हें शून्य पर पवेलियन लौटाकर उनका फैसला गलत कर दिया। तीसरा दिन : 95/5 से आगे खलते हुए इंग्लैंड को छटा झटका तब लगा जब टीम के 149 रन हो चुके थे। इस दौरान शार्दुल थाकुर ने बेन स्टोक्स को अपनी गेंद के जाल में फांसते हुए उन्हें बुमराह के हाथों कैच आउट करवाया। स्टोक्स ने 36 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 25 रन की पारी खेली। शमी ने भारत को सातवीं सफलता दिलाते हुए जॉनी बेयरस्टो को कोहली के हाथों कैच आउट करवाकर पवेलियन का रास्ता दिखाया। बेयरस्टो ने 140 गेंदों पर 14 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 106 रन बनाए। बेयरस्टो जैसे ही पवेलियन लौटे स्टुअर्ट ब्रॉड भी ऊंचा शॉट लगाने के चक्कर में पवेलियन लौट गए। उन्होंने एक रन बनाया। सैम बिलिंग्स भी दबाव नहीं झेल पाए और 36 रन के स्कोर पर सिराज से बोल्ड हो गए। मैटी पॉट्स ने कुछ आकर्षक शॉट लगाए लेकिन 19 के स्कोर पर सिराज ने उन्हें श्रेयस के हाथों कैच आऊट करवा दिया। सिराज की यह चौथी विकेट रही। टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही। पहली ही ओवर में शुभमन गिल (4) इंगलैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन का शिकार हो गए। पुजारा विहारी ने स्कोर को आगे बढ़ाया लेकिन तभी स्टुअर्ट ब्रॉड ने स्ट्राइक करते हुए विहारी को 11 रन पर पवेलियन लौटा दिया। कोहली ने अच्छे शॉट जरूर लगाए लेकिन वह स्टोक्स की एक खूबसूरत गेंद पर कैच आऊट हो गए। हालांकि गेंद बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर बेयरस्टो के ग्लव्स से छिटक गई थी लेकिन फर्स्ट स्लिप में खड़े जो रूट ने इसे पकड़ लिया। चेतेश्वर पुजारा ने 139 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। उनके साथ पंत भी क्रीज पर बने रहे। चौथा दिन : पुजारा अर्धशतकीय पारी खेलकर ब्रॉड की गेंद पर लीस को कैच थमा बैठे। उन्होंने 168 गेंदों पर 66 रन बनाए जिसमें 8 चौके शामिल थे। श्रेयस अय्यर 26 गेंदों पर 3 चौकों की मदद से 19 रन बनाकर मैटी पॉट्स की गेंद पर जेम्स एंडरसन के हाथों कैच आउट हो गए। पहली पारी में शतक लगाने वाले पंत का बल्ला एक बार फिर चला और उन्होंने अर्धशतकीय (57) पारी खेली। वह जैक लीच की गेंद पर रूट के हाथों कैच आउट हुए। शार्दुल ठाकुर 26 गेंदों पर मात्र 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। वह मैटी पॉट्स की गेंद पर जैक क्रॉली के हाथों कैच आउट हुए। मोहम्मद शमी 14 गेंदों पर 13 रन बनाकर स्टोक्स की गेंद पर एलेक्स लीज के हाथों कैच आउट होकर पवेलियन लौट गए। पारी पारी में शतक लगाने वाले जडेजा दूसरी पारी में सस्ते में पवेलियन लौट गए। वह 23 रन बनाकर स्टोक्स के हाथों बोल्ड हुए। बुमराह ने 7 रन बनाकर स्टोक्स का शिकार बने। स्टोक्स ने बुमराह को क्रॉली के हाथों कैच आउट करवाया पवेलियन का रास्ता दिखाया।
एबीएन, स्पोर्ट्स डेस्क। पल्लीकेल के मैदान पर श्रीलंका महिला टीम के खिलाफ खेले गए दूसरे वनडे में भारतीय ओपनर स्मृति मंधाना श्रीलंकाई गेंदबाज के कारण यादगार शतक लगाने से चूक गई। 174 रन का पीछा करते वक्त जब भारतीय टीम को मात्र तीन और स्मृति को शतक लगाने के लिए 6 रन की जरूरत थी तब श्रीलंकाई गेंदबाज अमा कंचना ने वाइड गेंद फेंक दी। स्मृति ने इस पर एक रन लिया जोकि बाई में कंवर्ट हो गया। रन के कारण वह नॉन स्ट्राइक एंड पर आ गई जबकि जीत के लिए मात्र एक ही स्कोर चाहिए था। स्ट्राइक पर आई शैफाली वर्मा ने एक रन लेकर मैच खत्म कर दिया। इसके साथ भारतीय टीम वनडे सीरीज में 2-0 से आगे हो गई है। श्रीलंकाई टीम ने पहले बल्लेबाजी की थी लेकिन उनकी शुरूआत बेहद खराब रही। भारत की नई तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ने शुरूआती ओवरों में ही तीन विकेट लेकर श्रीलंका का स्कोर 11 पर 3 कर दिया। लेकिन इसके बाद श्रीलंकाई कप्तान चमारी अट्टापट्टू ने 27 तो संजीवनी ने 25 रन बनाकर स्कोर को आगे बढ़ाया। श्रीलंका को अपनी बल्लेबाज डीसिल्वा और अमा कंचना से फायदा हुआ। डीसिल्वा ने 62 गेंदों में 32, कंचना ने 83 गेंदों में 2 चौकों की मदद से 47 रन बनाए और टीम का स्कोर 173 तक ले गए। भारतीय गेंदबाज इस मैच में शानदार रही। रेणुका सिंह ने 28 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। जबकि मेघना सिंह ने 43 रन देकर दो विकेट लिए। इसी तरफ दीप्ति शर्मा ने 30 रन देकर 2 विकेट लिए। जवाब में 174 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने तेजतर्रार शुरूआत की। शैफाली वर्मा ने 71 गेंदों में चार चौके और एक छक्के की मदद से 71 तो स्मृति मंधाना 83 गेंदों में 11 चौके और एक छक्के की मदद से 94 रन बनाकर नाबाद रही और टीम को 10 विकेट से जीत दिला दी।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। क्रिकेट के मैदान पर शानदार कप्तानी करके देश को विश्व कप और एशिया कप में चैंपियन बनाने में मुख्य भूमिका निभाने वाले नेत्रहीन क्रिकेटर, मूकबधिर क्रिकेटर एवं शारीरिक रूप से निशक्त क्रिकेटर्स ने बीसीसीआई को भेजे गए आवेदन की प्रति मुख्य न्यायाधीश सुप्रीम कोर्ट को भेजकर प्री-इंटीमेशन दिया है। रांची झारखंड निवासी मुकेश कंचन ने बताया कि जिस प्रकार से माननीय सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व दिव्यांग क्रिकेटर्स को लेकर दिव्यांग क्रिकेट को संचालन हेतु कमेटी बनाने का निर्देश दिया है, उस आधार पर मैंने बीसीसीआई को अपना आवेदन भेजा है। माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश में ऐसा कहीं पर भी नहीं लिखा है कि किसी संस्था को मान्यता दी जाए। मुकेश कंचन ने कहा कि उन्होंने देश के लिए 54 मैच खेले हैं। बांग्लादेश, श्रीलंका, थाईलैंड, नेपाल, मलेशिया, सिंगापुर और यूनाइटेड अरब अमीरात की यात्रा सहित, जिसमें 21 मैचों में कप्तानी भी की है। 21 में से 18 मैच मुकेश कंचन की कप्तानी में भारत ने जीते हैं। मुकेश कंचन एशिया कप विजेता रही भारतीय टीम के भी सदस्य हैं। उन्होंने आगे बताया बीसीसीआई के आला अधिकारियों को कुछ लोग गुमराह करके अपनी सेटिंग बनाने में लगे हुए हैं, जबकि वह भी भली-भांति जानते हैं कि सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार पूर्व क्रिकेटर को ही कमेटी में लेने का निर्देश है जबकि वह लोग किसी भी प्रारूप में देश के लिए एक मैच में भी नहीं खेले हैं। मानवेंद्र सिंह जोकि ब्लाइंड क्रिकेट एसोसिएशन से है तथा भारतीय नेत्रहीन टीम के कप्तान रहे हैं। उन्होंने अपनी कप्तानी में देश को विश्व कप जिताया है। मानवेंद्र सिंह के अलावा विवेक मालशे जो कि भारतीय मूकबधिर क्रिकेट टीम के कप्तान रहे हैं और अपनी कप्तानी में विश्व कप एवं एशिया कप भारत को जिताने में कामयाब रहे हैं। मुकेश ने कहा, मैंने अपने साथ मानवेंद्र सिंह और विवेक माल्शे का आवेदन भी माननीय सर्वोच्च न्यायालय को भेजकर प्रि इंटीमेशन दिया है। मैंने माननीय मुख्य न्यायाधीश सर्वोच्च न्यायालय को अपने पत्र में स्पष्ट लिखा है कि यह प्री इंटीमेशन इसलिए दिया जा रहा है कि कहीं हमारे साथ कोई नाइंसाफी ना हो जाए। क्योंकि हम दिव्यांग लोग हैं और हमारी इतनी ताकत नहीं कि हम बीसीसीआई के खिलाफ लड़ाई लड़ सके। हम तो बीसीसीआई के सहायक बन कर काम करना चाहते हैं।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और इंग्लैंड के बीच पिछले साल की पांच मैचों की सीरीज का अंतिम टेस्ट एजबेस्टन में खेला जा रहा है। इस मैच को पिछले साल कोविड-19 के कारण रद्द कर दिया गया था। मैच के पहले दिन जहां भारतीय टीम लड़खड़ती नजर आई वहीं ऋषभ पंत और बाद में रविंद्र जडेजा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शतकीय पारियां खेली और भारत का स्कोर 400 के पार पहुंचाया। वहीं दूसरे दिन भारतीय टीम ने इंग्लैंड के 83 पर 5 आउट कर बढ़त बनाई। तीसरे दिन की शुरुआत जॉनी बेयरस्टो और विराट कोहली के बीच तीखी बहस से हुआ और यहां तक कि अंपायर्स को बीच-बचाव में आना पड़ा। दरअसल, तीसरे दिन का खेल शुरू होने पर बेयरस्टो और बेन स्टोक्स बल्लेबाजी के लिए क्रीज पर आए। 32वें ओवर में जब मोहम्मद शमी गेंदबाजी कर रहे थे तो कोहली और बेयरस्टो में कुछ बातचीत हुई। बेयरस्टो से एक बॉल बीट हुई थी जिसके बाद स्लिप में खड़े विराट कोहली ने कुछ कहा। इसपर बेयरस्टो ने पलटवार किया और कोहली उग्र होकर उनकी ओर बढ़े जिसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच तीखी बहस देखने को मिली। इसकी आवाज माइक में भी रिकॉर्ड हो गई। कोहली बेयरस्टो से कहते सुनाई दिए कि मुझे मत बताओ क्या करना है, अपना मुंह बंद करो और बैटिंग करो। कोहली और बेयरस्टो में तीखी बहस बढ़ते देख अंपायर्स को भी बीच बचाव में आना पड़ा और दोनों को शांति बनाए रखने को कहा। हालांकि शमी का ओवर खत्म हुआ तो ब्रेक के बीच कोहली और बेयरस्टो एक दूसरे के साथ बातचीत करते और हंसते हुए भी नजर आए। फिलहाल बारिश के कारण खेल रूका हुआ है। भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 416 रन बनाए है। वहीं इंग्लैंड ने 6 विकेट गंवाकर 200 रन बना लिए हैं। भारत इस सीरीज़ में पहले ही 2-1 से आगे चल रहा है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इस बार इंग्लैंड में अपना जन्मदिन मना सकते हैं। उनकी पत्नी साक्षी धोनी ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर फोटो शेयर की है। साक्षी ने बताया है कि महेंद्र सिंह धोनी उनके साथ इंग्लैंड पहुंच गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक धोनी यहीं अपना 41वां जन्मदिन मनाने वाले हैं। धोनी फिलहाल अपने परिवार के साथ लंदन में हैं। धोनी का जन्मदिन सात जुलाई को होता है। ऐसे में वो टीम इंडिया के साथ भी अपना जन्मदिन मना सकते हैं। भारतीय खिलाड़ी भी फिलहाल इंग्लैंड में हैं और अधूरी टेस्ट सीरीज का आखिरी मैच खेल रहे हैं। इसके बाद सात जुलाई से टी20 सीरीज की शुरुआत होनी है। इसी दिन धोनी का जन्मदिन है। पहले टी20 मैच में विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ियों को आराम दिया गया है। ऐसे में ये खिलाड़ी भी धोनी के जन्मदिन पर शामिल हो सकते हैं। हालांकि, टीम इंडिया में कोरोना के कई मामले सामने आने के बाद बीसीसीआई ने खिलाड़ियों के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। ऐसे में खिलाड़ी किसी भी पार्टी में शामिल होने से बच सकते हैं। वैद्य से इलाज कराते दिखे थे धोनी : कुछ समय पहले ही धोनी को लेकर खबर आई थी कि वो रांची में एक वैद्य से अपना इलाज करा रहे हैं। धोनी रांची से 70 किलोमीटर दूर लांपुग के जंगली इलाके में वैद्य वंदन सिंह खेरवार से इलाज करा रहे हैं। करीब एक महीने से धोनी वहां जा रहे हैं और 40 रुपये में अपना इलाज करा रहे हैं। उन्हें दवा के 20 रुपये और फीस के रुप में 20 रुपये देने पड़ते हैं। धोनी एक महीने से हर चार दिन पर वहां जाते हैं और वैद्य वंदन सिंह खेरवार से जड़ी-बूटियां लेते हैं। वैद्य वंदन सिंह के मुताबिक, धोनी के माता-पिता भी उनके यहां आ चुके हैं। जब पहली बार धोनी उनके पास गए थे, तो वह उन्हें पहचान नहीं पाए थे। लोगों ने उन्हें धोनी के बारे में बताया। वैद्य वंदन सिंह के मुताबिक, कैल्शियम की कमी के कारण उनके दोनों घुटनों में दर्द है। उन्हें चलने में तकलीफ होती है। वह एक आम मरीज की तरह वहां जाते हैं, तो खुद से 40 रुपये देकर इलाज करवाते हैं। पिछली बार 26 जून को धोनी उनके (वैद्य) पास गए थे। धोनी ने साल 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। इसके बाद से वह सिर्फ आईपीएल में खेल रहे हैं। आईपीएल में वह चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से खेलते हैं।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। अंतरराष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में पदक जीतने वाला आदित्य कुमार गौरव झारखंड का पहला बालक पहलवान बन गया है। अंडर 15 एशियन कुश्ती चैंपियनशिप में आदित्य कुमार गौरव कांस्य पदक जीता है। इससे पहले भी राष्ट्रीय कई प्रतियोगिताओं में आदित्य का बेहतर प्रदर्शन रहा है। उसके पदक जीतने पर प्रदेश के खेल जगत में खुशी की लहर है। वैसे तो झारखंड को हॉकी का गढ़ माना जाता है, लेकिन अब अन्य खेलों में भी प्रदेश के खिलाड़ी और एथलीट अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। अन्य खेल के साथ साथ कुश्ती में भी अब झारखंड के खिलाड़ी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। मनामा बहरीन में आयोजित 2 जुलाई से 10 जुलाई 2022 तक आयोजित अंडर 15 एशियन कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय कुश्ती टीम की झोली में कांस्य पदक आया है। भारत को ये पदक झारखंड के आदित्य कुमार गौरव ने दिलाया है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय महिला हॉकी टीम विश्व कप के पूल बी के अपने पहले मुकाबले में रविवार को इंग्लैंड के खिलाफ उतरेगी। टोक्यो ओलिम्पिक में कांस्य पदक के मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को 4-3 से हरा दिया था। फिलहाल, भारतीय टीम के हौसले बुलंद है क्योंकि उन्होंने एफआईएच प्रो लीग में पहली बार तीसरा स्थान हासिल किया था। विश्व कप में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 1974 में पहले ही सत्र में रहा जब टीम चौथे स्थान पर रही थी। हालांकि टोक्यो में चौथे स्थान पर रहने के बाद से भारतीय महिला टीम के प्रदर्शन का ग्राफ ऊंचा ही जा रहा है। मई में भारतीय टीम एफआईएच रैंकिंग में छठे स्थान पर पहुंची जो उसका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इसके अलावा प्रो लीग में बड़ी टीमों को कड़ी चुनौती दी। भारतीय टीम एफआईएच प्रो लीग में बेल्जियम, आस्ट्रेलिया और इंग्लैंड से आगे रही। अनुभवी गोलकीपर सविता पूनिया ने कमान बखूबी संभाली है। चोट के कारण रानी रामपाल टोक्यो ओलिम्पिक के बाद से टीम से बाहर है। डिफेंस में उपकप्तान दीप ग्रेस इक्का, गुरजीत कौर, उदिता और निक्की प्रधान होंगे जबकि मिडफील्ड की जिम्मेदारी सुशीला चानू, नेहा गोयल, नवजोत कौर, सोनिका, ज्योति, निशा, मोनिका पर होगी। सलीमा टेटे भी बेहतरीन फॉर्म में हैं और प्लेमेकर की भूमिका निभाएंगी। आक्रमण का जिम्मा वंदना कटारिया, लालरेम्सियामी, नवनीत कौर और शर्मिला देवी पर होगा। भारत की मुख्य कोच यानेके शॉपमैन खिलाडिय़ों की क्षमता से बखूबी वाकिफ हैं। उन्होंने कहा कि महिला हॉकी में इस समय कोई भी टीम किसी भी टीम को हरा सकती है। लेकिन सबसे जरूरी है प्रदर्शन में निरंतरता। इंग्लैंड की टीम ने 2010 में रोसारियो में हुए विश्व कप में कांस्य पदक जीता था और सिडनी में 1990 में चौथे स्थान पर रही थी। विश्व रैंकिंग में वह अभी चौथे स्थान पर है। भारत को 5 जुलाई को चीन से और 7 जुलाई को न्यूजीलैंड से खेलना है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.