एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय महिला हॉकी टीम सोमवार सुबह बार्सिलोना से इंग्लैंड की राजधानी लंदन के लिये रवाना हो गयी। टीम लंदन से नॉटिंघम जाएगी जहां वह 23 जुलाई को बर्मिंघम रवाना होने से पहले राष्ट्रमंडल खेलों के लिये अभ्यास करेगी। भारत एक जुलाई से 17 जुलाई के बीच खेले गये एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2022 में चीन के साथ नौंवे स्थान पर रहा था। टीम की कप्तान सविता पूनिया ने कहा कि वह राष्ट्रमंडल खेलों में इस फॉर्म को बदलने के लिये तत्पर हैं।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय टीम ने टी-20 के बाद इंगलैंड से वनडे सीरीज भी जीत ली है। मैनचैस्टर के मैदान पर खेले गए सीरीज के निर्णायक (आखिरी) मुकाबले में टीम इंडिया ने ऋषभ पंत के शतक की बदौलत जीत हासिल कर ली। इसी के साथ टीम इंडिया ने वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम की। इससे पहले भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था। इंगलैंड की शुरूआत खराब रही। जेसन राय ने 41, बटलर ने 60 तो ओवरटन ने 32 रन बनाकर टीम का स्कोर 259 रन पहुंचाया। जवाब में खेलने उतरी टीम भारतीय टीम की शुरूआत अच्छी नहीं रही लेकिन हार्दिक के साथ पंत ने स्कोर 200 पार लगाया। हार्दिक 71 रन पर आऊट हुए तो पंत ने शतक लगाकर भारत को लक्ष्य के पास पहुंचा दिया। सीरीज का पहला मैच भारत जबकि दूसरा मैच इंग्लैंड ने जीतकर सीरीज 1-1 से बराबर की थी। ऐसे में दोनों टीमें आज का मैच जीतकर सीरीज पर कब्जा करना चाहेंगी। पहली पारी (इंग्लैंड) : • मोहम्मद शमी का पहला ओवर भारी पड़ा जिसमें 12 रन गए। लेकिन सिराज ने दूसरे ओवर में गेम पलटते हुए ना सिर्फ खाली ओवर निकाला बल्कि जॉनी बेयरस्टो और जो रूट को शून्य पर आउट भी किया। बेयरस्टो दूसरे ओवर की तीसरी और रूट दूसरे ओवर की अंतिम गेंद पर आउट हुए। दोनों ने 3-3 गेंदें खेली। • एक छोर संभालते हुए जेसन रॉय ने रनों की रफ्तार कम नहीं होने दी। वह जब 7 चौकों की मदद से 41 रन बनाकर खेल रहे थे तभी हार्दिक पांड्या ने उन्हें पंत के हाथों कैच आऊट करवा दिया। इसके फौरन बाद हार्दिक ने स्टोक्स को भी अपनी ही गेंद पर लपक लिया। स्टोक्स ने 27 रन बनाए। • मोईन अली ने 34 रन बनाए। बटलर ने अर्धशतक लगाकर टीम को संभाला। लिविंगस्टोन ने 27 रन बनाए। उन्हें हार्दिक पांड्या ने जडेजा के हाथों कैच आऊट कराया। जडेजा ने इसके बाद बटलर का भी कैच पकड़ा। बटलर ने 60 रन बनाए। यह हार्दिक का चौथा विकेट रहा। डेविड विली और क्रेग ओवरटन ने अच्छी साझेदारी निभाई। विली को युजी चहल ने पवेलियन का रास्ता दिखाया। • चहल ने एक ओवर में दो विकेट निकालकर इंगलैंड को 259 रनों पर रोक दिया। पहली पारी (इंग्लैंड) : • सलामी बल्लेबाज शिखर धवन महज 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। टॉप्ली ने धवन के बाद रोहित को भी रूट के हाथों कैच आऊट करा दिया। टॉप्ली यही नहीं रुके। उन्होंने सेट नजर आ रहे विराट कोहली का भी विकेट निकाला। विकेट ने महज 17 रन बनाए। सूर्यकुमार से कुछ उम्मीदें थीं लेकिन वह 16 रन बनाकर ओवरटन की गेंद का शिकार हो गए। इसके बाद पंत और हार्दिक ने भारतीय पारी को संभाला। • हार्दिक ने जोरदार बल्ला चलाते हुए इंगलैंड के सभी गेंदबाजों की खबर ली। उन्होंने कार्से की गेंद पर स्टोक्स को कैच थमाने से पहले 55 गेंदों में 10 चौकों की मदद से 71 रन बनाए। पंत एक छोर पर खड़े होकर शतक के करीब पहुंच गए। • पंत ने शतक पूरा करने के बाद डेविड विली के एक ओवर में पांच चौके लगाए और टीम इंडिया की जीत पक्की कर दी।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों के लिए 215 खिलाड़ियों के साथ 322 सदस्यों के दल की घोषणा की। दल में 107 अधिकारी एवं सहायक कर्मचारी है। इन खेलों का आयोजन 28 जुलाई से आठ अगस्त तक इंग्लैंड के शहर में होगा। भारत गोल्ड कोस्ट में हुए पिछले राष्ट्रमंडल खेलों की तालिका में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बाद तीसरे स्थान पर रहा था और टीम की कोशिश इस बार अपने प्रदर्शन में सुधार करने की होगी। इस मौके पर आईओए महासचिव राजीव मेहता ने कहा- हम अपना सबसे मजबूत दल राष्ट्रमंडल खेलों में भेज रहे हैं। हम निशानेबाजी में काफी मजबूत रहे है लेकिन वह इस बार इन खेलों का हिस्सा नहीं है। इसके बावजूद हम पिछले सत्र के मुकाबले इस बार बेहतर प्रदर्शन करने को लेकर आश्वस्त हैं। आईओए ने एथलीटों और महासंघों को समर्थन देने के लिए सरकार को धन्यवाद दिया। मेहता ने कहा- प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत सरकार ने खेलों को अभूतपूर्व समर्थन दिया है और ओलंपिक खेलों में हमारा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इस बात की तस्दीक करता है। टीम में कुछ प्रमुख नामों में ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा, पीवी सिंधू, मीराबाई चानू, लवलीना बोरगोहेन, बजरंग पूनिया और रवि कुमार दहिया शामिल हैं। इसके अलावा मौजूदा राष्ट्रमंडल चैंपियन मनिका बत्रा, विनेश फोगाट के साथ-साथ हिमा दास और अमित पंघाल भी दल का हिस्सा हैं। भारतीय मुक्केबाजी संघ (बीएफआई) के उपाध्यक्ष राजेश भंडारी टीम के शेफ डी मिशन (दल प्रमुख) हैं। भारतीय खिलाड़ी 15 खेलों और चार पैरा खेलों में प्रतिस्पर्धा करेंगे। टीम को मुक्केबाजी, बैडमिंटन, हॉकी, भारोत्तोलन, कुश्ती और महिला क्रिकेट जैसे पारंपरिक रूप से मजबूत खेल में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। महिला क्रिकेट (टी-20 प्रारूप) पहली बार इन खेलों का हिस्सा बना है। कुछ भारतीय खिलाड़ी पहले ही बर्मिंघम पहुंच चुके हैं जबकि कुछ वैश्विक टूर्नामेंटों में भाग लेने के बाद सीधे वहां पहुंचेंगे। बाकी बचे हुए खिलाड़ी नई दिल्ली से रवाना होंगे। राष्ट्रमंडल खेल गांव आधिकारिक रूप से 23 जुलाई को दल के लिए खुलेगा। भारतीय दल पांच अलग-अलग जगहों पर रहेगा।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय शटलर पीवी सिंधु ने रविवार को महिला एकल के फाइनल मुकाबले में चीनी की वैं जी यी को 21-9, 11-21, 21-15 से हराकर सिंगापुर ओपन सुपर 500 का खिताब अपने नाम किया। सिंधु का यह पहला सुपर 500 टाइटल है साथ ही यह उनका इस साल का तीसरा खिताब है। पहले सेट में शानदार शुरुआत के बाद सिंधु दूसरे सेट में लड़खड़ाईं। लेकिन तीसरे सेट में उन्होंने शानदार वापसी करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। इससे पहले शनिवार को सेमीफाइनल में उन्होंने जापान की निचली रैंकिंग पर काबिज साएना कावाकामी को हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। फैंस के बीच महेंद्र सिंह धौनी की दीवानगी का कोई जवाब नहीं है। वर्ल्ड का ऐसा कोई कोना नहीं जहां धौनी के चाहने वाले न हो। लंदन में ऐसा ही कुछ हुआ जब धौनी को कुछ फैंस ने घेर लिया और उनके साथ सेल्फी लेने की होड़ सी मच गई। धौनी फिलहाल दो हफ्तों से लंदन में ही हैं। लेकिन उनके लिए उस वक्त मु्श्किल खड़ी हो गई जब लंदन की सड़कों पर सेल्फी लेने के चक्कर में फैंस उनके पीछे पड़ गए। धौनी ने हाल ही में लंदन में अपना 41वां जन्मदिन मनाया था और तब से वह वहीं अपने परिवार संग छुट्टियां मना रहे हैं। इस बीच वह टीम इंडिया के खिलाड़ियों से मिलने ड्रेसिंग रूम भी पहुंचे थे। लेकिन शनिवार को उन्हें अपने फैंस के चक्कर में थोड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब तेजी से वायरल हो रहा है जहां वह लंदन की सड़कों पर भारतीय मूल के फैंस से बचते हुए नजर आ रहे हैं और फैंस उनके साथ सेल्फी लेना चाहते हैं। इस वीडियो में धौनी का पीछा करते हुए फैंस की एक बड़ी संख्या को देखा जा सकता है। धौनी को फैंस के बीच से निकालने के लिए सिक्योरिटी को भी खासी मशक्कत करनी पड़ी और उसके बाद कहीं धौनी अपनी कार तक पहुंच पाए और वहां से निकल पाए। इस वीडियो ने एकबार फिर साबित कर दिया है कि धौनी की लोकप्रियता की कोई सीमा नहीं है। वह दुनिया के हर कोने में जहां लोग क्रिकेट को पसंद करते हैं लोकप्रिय हैं। धौनी की यह दीवानगी तब है जब वह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और केवल आइपीएल में नजर आते हैं। वह दुनिया में सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले क्रिकेटरों में से एक हैं। धौनी के अलावा, महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली, सुरेश रैना, हरभजन सिंह सहित कई पूर्व भारतीय क्रिकेटर इस समय इंग्लैंड में हैं। इसलिए फैंस अपने पसंदीदा क्रिकेटरों के साथ सेल्फी लेने का एक भी मौका गंवाना नहीं चाहते हैं।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। लॉन्ग जंपर श्रीशंकर ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बना ली है। वो ऐसा करने वाले पहले भारतीय पुरुष खिलाड़ी हैं। अविनाश साबले ने भी प्रतियोगिता के पहले दिन उम्मीदों के अनुसार तीन हजार मीटर स्टीपलचेज में अच्छा प्रदर्शन किया। श्रीशंकर ने आठ मीटर की जंप के साथ ग्रुप बी के क्वलीफिकेशन राउंड में दूसरा स्थान हासिल किया था और कुल मिलाकर सातवें स्थान पर रहे। इस प्रतियोगिता में उन्होंने छुपे रुस्तम के रूप में एंट्री ली थी और उसी के अनुसार प्रदर्शन कर रहे हैं। अंजू बॉबी जॉर्ज पहली भारतीय महिला थीं, जिन्होंने लॉन्ग जंप में विश्व एथलेटिक्स के फाइनल में जगह बनाई थी और कांस्य पदक अपने नाम किया था। उन्होंने पेरिस में साल 2003 में यह कारनामा किया था। दो अन्य भारतीय खिलाड़ी जेस्विन अल्ड्रिन मोहम्मद अनीस येहिया फाइनल में जगह बनाने से चूक गए। ये दोनों ग्रुप ए के क्वालीफाइंग राउंड में नौवें और 11वें स्थान पर रहे। जेस्विन ने 7.79 मीटर और अनीस ने 7.73 मीटर लंबी जंप की। जिन खिलाड़ियों ने 8.15 मीटर से ज्यादा की दूरी तय की है और दोनों ग्रुप को मिलाकर टॉप 12 खिलाड़ी फाइनल में पहुंचे हैं। श्रीशंकर 8.15 मीटर की दूरी नहीं तय कर सके, लेकिन टॉप 12 खिलाड़ियों में रहकर उन्होंने फाइनल में जगह बनाई। 23 साल के श्रीशंकर ने अप्रैल के महीने में फेडेरशन कप में लगातार 8.36 मीटर की दूरी तय की थी। इसके बाद उन्होंने 8.31 मीटर और 8.23 मीटर की दूरी भी हासिल की। क्वालीफिकेशन राउंड में सिर्फ जापान के युकी हशिओका (8.18 मीटर) और यूएसए के मार्किस डेन्डी (8.16 मीटर) ही 8.15 मीटर से ज्यादा की दूरी तय कर पाए। ग्रीस के ओलंपिक चैंपियन मिलटियादिस टेंटोग्लू ने 8.03 मीटर की दूरी हासिल कर ग्रुप बी का क्वालीफाइंग राउंड जीता। स्विटजरलैंड के सिमोन ने 8.09 और क्यूबा के माइकल मसो, जिन्होंने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था। उन्होंने 7.93 मीटर की दूरी तय की, लेकिन टॉप 12 खिलाड़ियों में रहकर फाइनल में पहुंच गए। 2019 में भी इस प्रतियोगिता में तीन हजार मीटर स्टीपलचेज के फाइनल में पहुंचने वाले साबले ने इस बार 8.18.75 मिनट का समय निकाला और तीसरे नंबर पर रहे। अब वो रविवार को पदक जीतने के इरादे से उतरेंगे। वो इस रेस में आधे समय तक आगे थे, लेकिन बाद में यूथोपिया के इवाज जागर (8.18.34) और यूएसए के इवान जागर (8.18.44) ने उन्हें पीछे छोड़ दिया। हर रेस में शुरुआती तीन स्थानों पर रहने वाले और समय के हिसाब से बाकी सबसे तेज दौड़ने वाले खिलाड़ी फाइनल में जगह बनाने में कामयाब रहे हैं। साबले ने पिछले महीने डायमंड लीग में 8.12.48 का समय निकाला था और पांचवें स्थान पर रहे थे। हालांकि, इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ दिया था। पिछले कुछ महीनों में उन्होंने कई बार राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। पूर्व विश्व चैंपियन भारत की पीवी सिंधु ने चीन की हान युई पर शुक्रवार को रोमांचक जीत दर्ज करते हुए सिंगापुर ओपन 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। सिंधु ने सिंगापुर इंडोर स्टेडियम में हान को रोमांचल क्वार्टरफाइनल में 17-21, 21-11, 21-19 से पराजित किया। सिंधु का फाइनल में जगह बनाने के लिए जापान की सायना कावाकई से मुकाबला होगा।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत की दो बार की ओलंपिक पदक विजेता शटलर पीवी सिंधु सिंगापुर ओपन सुपर 500 बैडमिंटन सीरीज के महिला सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। गुरुवार को प्री-क्वार्टर फाइनल राउंड में तीसरी वरीयता प्राप्त सिंधु ने वियतनाम की वर्ल्ड नंबर-59 थुई लिन गुयेन को मुश्किल मैच में तीन गेम तक चले मुकाबले में 19-21, 21-19, 21-18 से हराया। वहीं, एचएस प्रणय भी अंतिम आठ में जगह बनाने में कामयाब रहे। सिंधु को वियतनाम की गुयेन ने कड़ी चुनौती दी और पहला गेम 21-19 से अपने नाम किया। इसके बाद दूसरे और तीसरे गेम में भी दोनों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। गुयेन हार मानने को तैयार नहीं थीं। हालांकि, आखिरी कुछ क्षणों में सिंधु ने बेहतर खेल दिखाते हुए दोनों गेम और मैच अपने नाम किया। क्वार्टर फाइनल में सिंधु का सामना चीन की हान युवेय से होगा। वहीं, पुरुषों में सिंगल्स में वर्ल्ड नंबर-19 प्रणय ने वर्ल्ड नंबर चार और तीसरी वरीयता प्राप्त चीनी ताइपे के चोऊ तियेन चेन को तीन गेम तक चले कड़े मुकाबले में 14-21, 22-20, 21-18 से हरा दिया। यह मुकाबले एक घंटे और नौ मिनट तक चला। यह प्रणय की चोऊ तियेन पर पिछले तीन हफ्तों में दूसरी जीत रही। क्वार्टर फाइनल में 29 साल के प्रणय का सामना जापान के कोदई नाराओका से होगा। मेन्स सिंगल्स के पिछले राउंड में किदांबी श्रीकांत को अपने प्रदर्शन से चौंकाने वाले मिथुन मंजूनाथ का सफर सिंगापुर ओपन में समाप्त हो गया। उन्हें आयरलैंड के नहात गुयेन ने कड़े मुकाबले में 10-21, 21-18, 16-21 से हरा दिया। वहीं, महिला सिंगल्स में थाईलैंड की बुसानन ओंगबामरुंगफन को चौंकाने वाली भारत की अष्मिता चालीहा भी अगले राउंड में नहीं पहुंच सकीं। उन्हें चीन की हान युवेय ने 9-21, 13-21 से हरा दिया। आज भारत की दिग्गज शटलर और दो बार कॉमनवेल्थ गेम्स गोल्ड मेडलिस्ट साइना नेहवाल भी प्री-क्वार्टर फाइनल में भिड़ेंगी। वहीं, मेन्स डबल्स में एमआर अर्जुन और ध्रुव कपिला की जोड़ी भी चुनौती पेश करेगी।
एबीएन स्पोर्र्ट्स डेस्क। टीम इंडिया के लिए अक्टूबर-नवंबर में होने वाला टी20 वर्ल्ड कप अहम है। टीम 9 साल से आईसीसी ट्रॉफी नहीं जीत सकी है। इसके अलावा पिछले वर्ल्ड कप में भी टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था और टीम पहले ही राउंड में बाहर हो गई थी। अब जबकि कप्तान बदल गया है, टीम अपने प्रदर्शन को भी आगे ले जाना चाहेगी। रोहित शर्मा की अगुआई में अभी टीम इंग्लैंड से वनडे सीरीज खेल रही है। वर्ल्ड कप की तैयारी को पुख्या करने के लिए बीसीसीआई आॅस्ट्रेलिया से सीरीज कराने की तैयारी में जुटा हुआ है। कंगारू टीम भारत के दौरे पर आ सकती है। क्रिकबज की खबर के अनुसार, सितंबर-अक्टूबर में आॅस्ट्रेलिया की टीम भारत का दौरा कर सकती है। इस दौरान 6 मुकाबले खेले जाएंगे। 3 टी20 और 3 वनडे मैच की सीरीज हो सकती है। हालांकि वर्ल्ड कप को देखते हुए वनडे मैच के आयोजन को लेकर अब तक अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। आॅस्ट्रेलिया की टीम टी20 वर्ल्ड कप की मौजूदा चैंपियन है। इसके अलावा अगले साल आॅस्ट्रेलिया को 4 मैचों टेस्ट सीरीज खेलने के लिए भारत आना है। यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा है और दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण भी है। भारत और आस्ट्रेलिया के बीच होने वाली गावस्कर-बॉर्डर ट्रॉफी में अब 4 की जगह 5 मुकाबले हो सकते हैं। 2024 से शुरू होने नए फ्यूचर टूर प्रोग्राम में इसे शामिल किया जाएगा। अभी सीरीज में 4 मैच होते हैं। आस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ ने कहा कि यह एक अच्छा कदम है। एशेज सीरीज की तरह यहां भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। वॉ ने भारत के खिलाफ 7 टेस्ट सीरीज खेली है। 3 में तो वे बतौर कप्तान उतरे हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.