एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत ने इंग्लैंड को पहले वनडे में 10 विकेट से हरा दिया है। 111 रन का लक्ष्य भारतीय टीम ने 18.4 ओवर में बिना किसी नुकसान के हासिल कर लिया। कप्तान रोहित शर्मा ने 76 और शिखर धवन ने 31 रन बनाए। इस जीत के साथ ही भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। अब दूसरा वनडे मैच 14 जुलाई को खेला जाएगा। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने इस मैच में पहले गेंदबाजी का फैसला किया था और गेंदबाजों ने इंग्लैंड को 110 रन पर समेटकर उन्हें सही साबित किया। जसप्रीत बुमराह ने सबसे ज्यादा छह और मोहम्मद शमी ने तीन विकेट लिए।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। सर्बिया के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने सातवीं बार विम्बलडन ओपन अपने नाम कर लिया है। उन्होंने रविवार (10 जुलाई) को पुरुष एकल के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के निक किर्गियोस को चार सेटों तक चले मुकाबले में हरा दिया। जोकोविच ने यह मैच 4-6, 6-3,6-4, 7-6 (7-3) से अपने नाम कर लिया है। उन्होंने अपने करियर का 21वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीता है। सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम जीतने के मामले में जोकोविच दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। ओपन एरा (1968 के बाद) में सबसे ज्यादा विम्बलडन जीतने के मामले में जोकोविच दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उनसे आगे स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर हैं। फेडरर आठ विम्बलडन जीत चुके हैं। उन्होंने पिछली बार 2017 में इस खिताब को अपने नाम किया था। जोकोविच ने सातवीं बार चैंपियन बनकर अमेरिका के पीट सेम्प्रास की बराबरी कर ली है। एमेच्योर एरा (1968 से पहले) ब्रिटेन के विलियम रेनशॉ ने सात खिताब जीते थे।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय महिला हॉकी टीम एफआईएच हॉकी महिला विश्व कप 2022 में अपने क्रॉसओवर मैच में मेजबान स्पेन से 0-1 से हार गई है। क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के लिए भारत को यह मैच जीतना हर हाल में जरूरी था। इससे उसके आगे बढ़ने का रास्ता बेहद मुश्किल हो गया है। भारतीय महिला हॉकी टीम विश्व कप के अपने तीसरे मैच में न्यूजीलैंड से हार गई थी। गुरुवार (सात जुलाई) को नीदरलैंड के एम्स्टेल्विन में खेले गए मुकाबले में न्यूजीलैंड ने 4-3 से मैच जीता था। इस तरह टीम इंडिया ग्रुप-बी में एक भी मैच नहीं जीत पाई। इससे पहले भारतीय टीम इंग्लैंड और चीन के खिलाफ मैच को ड्रॉ ही कर पाई थी। दोनों मुकाबलों में स्कोर 1-1 था। क्वार्टरफाइनल में सीधे प्रवेश के लिए भारत को यह मुकाबला हर हाल में जीतना था, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। इसके बाद टीम इंडिया क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के लिए स्पेस के खिलाफ क्रॉसओवर मैच खेलना था जो उसने गंवा दिया। क्या हैं क्रॉसओवर मैच के नियम : टूर्नामेंट के प्रारूप के अनुसार 16 टीम को चार-चार टीम के चार पूल में बांटा गया है। प्रत्येक पूल की शीर्ष टीम सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह बनाएंगी जबकि दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम के बीच क्रॉसओवर होगा। क्रॉसओवर में पूल ए दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम पूल डी में तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम से भिड़ेगी, जबकि पूल ए में तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम की भिड़ंत पूल डी में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से होगी। इसी तरह पूल बी में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम का सामना पूल सी में तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम से होगा। वहीं पूल बी में तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम पूल सी में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से खेलेगी। इन चारों मुकाबले के विजेता क्वार्टर फाइनल में में जगह बनाएंगे।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत की विश्व कप विजेता टीम के कप्तान रहे महेंद्र सिंह धोनी को यहां इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय में टीम इंडिया की जीत के बाद टीम के खिलाड़ियों से बात करते हुए देखा गया। रोहित शर्मा की अगुआई में भारत ने आक्रामक खेल दिखाते हुए शनिवार को दूसरे टी20 में इंग्लैंड को 49 रन से हराकर तीन मैच की श्रृंखला में 2-0 की विजयी बढ़त बना ली। एजबस्टन में इस मुकाबले को देखने के लिए मौजूद धोनी ने मैच के बाद इशान किशन और युजवेंद्र चहल आदि खिलाड़ियों से बात की। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने खिलाड़ियों के साथ बात करते हुए धोनी की तस्वीर ट्विटर पर डाली जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने भी इस दिग्गज पूर्व कप्तान के साथ अपनी तस्वीर पोस्ट की। ड्रेसिंग रूम में हो रही चर्चा की तस्वीर साझा करते हुए बीसीसीआई ने ट्वीट किया, जब महेंद्र सिंह धोनी बात करते हैं तो हमेशा सभी उन्हें सुनते हैं। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए एक बार फिर आक्रामक रवैया अपनाया और आलराउंडर रविंद्र जडेजा की 29 गेंद में नाबाद 46 रन की पारी की बदौलत आठ विकेट पर 170 रन बनाए। भुवनेश्वर कुमार (15 रन पर तीन विकेट), जसप्रीत बुमराह (10 रन पर दो विकेट) और युजवेंद्र चहल (10 रन पर दो विकेट) ने इसके बाद इंग्लैंड को 17 ओवर में सिर्फ 121 रन पर ढेर कर दिया। धोनी ब्रिटेन में हैं और हाल में उन्हें विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट में मुकाबले का लुत्फ उठाते हुए भी देखा गया।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। कजाखस्तान की एलीना रिबाकीना ने विंबलडन 2022 का खिताब जीत लिया है। उन्होंने फाइनल में जेबुअर को 3-6, 6-2, 6-2 से हरा दिया। यह रिबाकीना का पहला ग्रैंड स्लैम खिताब है। 17वीं वरीय कजाखस्तान की रिबाकीना ने एक घंटे 48 मिनट तक चले फाइनल में तीसरी वरीय ट्यूनीशिया की ओंस जेबुअर को पहला सेट हारने के बाद वापसी करते हुए अगले दो सेटों में हराया। इसके साथ रिबाकीना विंबलडन का खिताब जीतने वाली कजाखस्तान और एशिया की पहली खिलाड़ी बन गई हैं। पहले ही फाइनल में खिताब : मैच प्वाइंट जीतते ही रिबाकीना मुट्ठी बंद कर जीत का जश्न मनाने लगीं। 23 वर्षीय रिबाकीना ओपन एरा में पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंची थीं। वह अपने पहले ही फाइनल में खिताब जीत गईं। इसके साथ ही एलीना, पेत्रा क्वितोवा (2011 में 21 वर्ष की उम्र में) के बाद सबसे कम उम्र में विंबलडन की ट्रॉफी उठाने वाली महिला खिलाड़ी बन गई हैं। रिबाकीना का यह करियर का तीसरा खिताब है। उन्होंने होबार्ट 2020 के बाद चार खिताबी मुकाबले गंवाए। वह टोक्यो ओलंपिक में भी कांस्य पदक का मुकाबला हार गई थीं। वहीं ओंस जेबुअर भी पहली बार ही किसी ग्रैंड स्लैम के फाइनल पहुंची थीं। रूस के खिलाड़ी थे प्रतिबंधित, पर रूस की बेटी ने जीता खिताब : आॅल इंग्लैंड क्लब ने यूक्रेन पर रूस के हमले के विरोध में विंबलडन में रूस और बेलारूस के खिलाड़ियों के खेलने पर प्रतिबंध लगा रखा था लेकिन महिला एकल का खिताब रूस की बेटी ने ही जीता है। दरअसल कजाखस्तान की ओर खेलने वाली एलीना रिबाकीना का जन्म 17 जून 1999 को रूस की राजधानी मॉस्को में हुआ। 2018 में एलीना ने रूस छोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने कजाखस्तान की नागरिकता ले ली। जिम्नास्टिक और आइस हॉकी में बनाना चाहती थीं करियर : एलीना टेनिस से पहले जिम्नास्टिक और आइस हॉकी में करियर बनाना चाहती थीं। उनकी लंबाई अधिक होने की वजह से उनके पिता ने टेनिस खेलने के लिए प्रेरित किया। रिबाकीना की लंबाई अभी छह फुट है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। नोवाक जोकोविच विंबलडन के फाइनल में पहुंच गए हैं। उन्होंने सेमीफाइनल मुकाबले में दुनिया के नंबर 9 खिलाड़ी कैम नोरी को 2-6 6-3 6-2 6-4 से मात दी। पहला सेट गंवा चुके जोकोविच ने बाद के तीन लगातार सेट जीतकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली जहां उनका मुकाबला निक किर्गियोस से होगा। निक किर्गियोस को बिना सेमीफाइनल मुकाबला खेले ही फाइनल का टिकट मिल गया है क्योंकि दिग्गज राफेल नडाल को चोट के चलते प्रतियोगिता से बाहर होना पड़ा था। वरना नडाल भी सेमीफाइनल में पहुंच चुके थे। जोकोविच का 8वां विंबलडन फाइनल होगा। इसके साथ ही यह खिलाड़ी रिकॉर्ड 32वीं बार ग्रेंड स्लैम फाइनल में पहुंच चुका है और रोजर फेडरर के 31 बार पहुंचने के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर चुका है। जोकोविच ने पहला सेट 2-6 से हारने के बाद दूसरे सेट में शानदार वापसी की। उन्होंने पहला गेम जीतने के बाद हालांकि दूसरे गेम गंवा दिया उनको विपक्षी से आगे भी कड़ी टक्कर मिलती रही। लेकिन नोरी 3 गेम जीतकर वापसी नहीं कर पाए और जोकोविच ने सेट को 6-3 से जीत लिया। तीसरे सेट में जोकोविच पूरी लय में आ चुके थे और उन्होंने इसको 6-2 से जीत लिया। चौथे सेट के शुरुआत दो गेम जोकोविच ने जीते, नोरी ने तीसरे गेम में वापसी की पर चौथा गेम फिर से जोकोविच के पाले में गया। नोरी इतनी आसानी से हार मानने वाले नहीं थे और उन्होंने चौथे सेट का तीसरा गेम अपने पाले में करके स्कोर को 4-3 कर दिया। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों ने 1-1 गेम जीता। पर जोकोविच ने नोरी को अगले सेट में जाने का कोई मौका नहीं दिया व एक और विंबलडन फाइनल में प्रवेश कर लिया जहां वे नडाल की गैरमौजूदगी में खिताब के प्रबल दावेदार के तौर पर उतरेंगे।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय महिला हॉकी टीम को एफआईएच महिला विश्व कप पूल बी के अपने अंतिम मैच में मौके गंवाने का खामियाजा न्यूजीलैंड के खिलाफ गुरुवार को यहां 3-4 की हार के साथ भुगतना पड़ा लेकिन इसके बावजूद अपने ग्रुप में तीसरे स्थान पर रहते हुए टीम क्रॉसओवर में जगह बनाने में सफल रही। न्यूजीलैंड की टीम सात अंक के साथ पूल बी में शीर्ष पर रही। इंग्लैंड की टीम ने चार अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। भारत और चीन दोनों के दो-दो अंक रहे। भारत ने हालांकि बेहतर गोल अंतर के कारण क्रॉसओवर के लिए क्वालीफाई किया। टूनार्मेंट के प्रारूप के अनुसार चार पूल में शीर्ष पर रहने वाली चार टीम सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह बनाएंगी जबकि दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम क्रॉसओवर खेलेंगी। क्रॉसओवर मुकाबलों की विजेता टीम क्वार्टर फाइनल में प्रवेश करेंगी। भारत का सामना पूल सी में दूसरे स्थान पर रही सह मेजबान स्पेन से रविवार को होगा। सह मेजबान नीदरलैंड, न्यूजीलैंड, अर्जेंटीना और आस्ट्रेलिया पूल में शीर्ष पर रहकर क्वार्टर फाइनल में सीधे पहुंच गए हैं। भारत ने अगर न्यूजीलैंड के खिलाफ मौके नहीं गंवाए होते तो टीम जीत दर्ज कर सकती थी। भारतीय टीम 15 पेनल्टी कॉर्नर में से सिर्फ एक पर ही गोल कर सकी। भारत अब क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए रविवार को स्पेन के टेरेसा में होने वाले क्रॉसओवर में पूल सी में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से भिड़ेगा। भारत के लिए गुरुवार को वंदना कटारिया (चौथे मिनट), लालरेमसियामी (44वें मिनट) और गुरजीत कौर (59वें मिनट) ने गोल दागे जबकि न्यूजीलैंड की ओर से ओलीविया मैरी (12वें और 54वें मिनट) ने दो जबकि टेसा योप (29वें मिनट) और फ्रांसिस डेविस (32वें मिनट) ने एक-एक गोल किया। भारत की शुरुआत अच्छी रही और गेंद पर नियंत्रण भी खिलाड़ियों ने बनाए रखा। चौथे मिनट में लालरेम्सियामी के पुश पर वंदना ने डाइव लगाकर गोल करके भारत को बढत दिला दी। दसवें मिनट में शर्मिला देवी के पास बढत दुगुनी करने का मौका था लेकिन वह चूक गई हालांकि भारत को पेनल्टी कॉर्नर दिलाने में कामयाब रही। गुरजीत की दमदार फ्लिक को न्यूजीलैंड की गोलकीपर ब्रूक रॉबटर्स ने बचा लिया। न्यूजीलैंड को 12वें मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला जिसे ओलिविया मेरी ने गोल में बदला। दूसरे क्वार्टर के तीन मिनट बाद लालरेम्सियामी के शॉट को कीवी गोलकीपर ने बचा लिया। वहीं पेनल्टी कॉर्नर पर दीप ग्रेस इक्का का शॉट बाहर चला गया। हाफ टाइम से एक मिनट पहले भारत को डिफेंस में ढिलाई का खामियाजा भुगतना पड़ा और न्यूजीलैंड के लिये योप ने गोल कर दिया। दूसरे हाफ में न्यूजीलैंड ने आक्रामक शुरूआत की और लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर बनाये जिनमें से एक को डेविस ने गोल में बदला । लालरेम्सियामी ने भारत के लिये 44वें मिनट में गोल किया। आखिरी क्वार्टर में भारत को कई पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन गोल नहीं हो सका। न्यूजीलैंड के लिये इस बीच मैरी ने एक और गोल करके बढ़त दुगुनी कर दी। गुरजीत ने आखिरी सीटी बजने से एक मिनट पहले भारत के 13वें पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागकर अंतर कम किया। भारत को आखिरी मिनट में भी दो पेनल्टी कॉर्नर मिले जो बेकार गये।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत के हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पांड्या ने गुरुवार को साउथेम्प्टन में पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में इंग्लैंड पर भारत की 50 रन की जीत में अहम भूमिका निभाई। इस ऑलराउंडर ने 51 रन की पारी खेलने के बाद 4 विकेट अपने नाम किए और क्रिकेट इतिहास में ऐसा करने वाले पहले भारतीय बन गए। वहीं विश्व में हार्दिक ये रिकॉर्ड अपने नाम करने वाले पांचवें खिलाड़ी हैं। भारतीय क्रिकेट इतिहास में कोई भी खिलाड़ी एक मैच में अर्धशतक और 4 विकेट नहीं ले पाया है। पूर्व धमाकेदार ऑलराउंडर युवराज सिंह एकमात्र खिलाड़ी हैं जिन्होंने एक ही मैच में 3 विकेट चटकाते हुए अर्धशतक बनाया है। हार्दिक ने भारत के लिए नंबर 5 पर बल्लेबाजी की। उन्होंने अपने शॉट खेलने में कोई कसर नहीं छोड़ी। रीस टॉपले द्वारा आउट किए जाने से पहले हार्दिक ने 6 चौकों और एक छक्के की मदद से 51 रन बनाए। गेंद के साथ उन्होंने मेन इन ब्लू के लिए कुछ महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। हार्दिक ने अपने पहले ओवर में डेविड मलान और लियाम लिविंगस्टोन को आउट किया और फिर दूसरे में इंग्लिश ओपनर जेसन रॉय को पवेलिनय का रास्ता दिखाया। इसके बाद उन्होंने सैम कुरेन के विकेट के साथ इतिहास की किताबों में अपना नाम दर्ज कराया।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत ने कप्तान हरमनप्रीत कौर (75) और पूजा वस्त्रकर (56) की अर्धशतकीय पारियों की मदद से श्रीलंका को तीसरे एकदिवसीय मैच में 39 रन से हराकर श्रंखला 3-0 से अपने नाम की। भारत ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका के सामने 50 ओवर में 256 रन का लक्ष्य रखा, जिसके जवाब में श्रीलंका सिर्फ 216 रन पर आॅलआऊट हो गई। भारत की ओर से सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने 49 रन, यस्तिका भाटिया ने 30 रन और पूजा वस्त्रकर ने 56 रन बनाए। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सर्वाधिक 75 रन की पारी खेली। 88 गेंदों की अपनी पारी में उन्होंने सात चौके और 2 छक्के लगाए। श्रीलंका की ओर से कप्तान चमारी अटापट्टू, रश्मि डि सिल्वा और इनोका राणावीरा ने दो-दो विकेट लिए, जबकि कविशा दिलहारी, ओशदी राणासिंहे और अमा कंचना को एक-एक विकेट हासिल हुआ। भारत के 255/9 का जवाब देने उतरी श्रीलंका की ओर से कप्तान अटापट्टू ने पारी की शुरूआत करते हुए 41 गेंदों पर 8 चौकों सहित 44 रन की पारी खेली। इसके अलावा हसिनि परेरा 39 रन और निलाक्षी डि सिल्वा ने 48 रन बनाए। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज महत्वपूर्ण योगदान नहीं दे सका और श्रीलंका 47।3 ओवर में 216 रन पर सिमट गई। कप्तान हरमनप्रीत को उनकी 75 रन की पारी के लिए प्लेयर आॅफ द मैच चुना गया। पूरी श्रंखला में आॅलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर आॅफ द सीरीज का पुरस्कार भी उन्हें ही दिया गया। लगातार तीसरी जीत के साथ भारत ने आईसीसी महिला चैम्पियनशिप (2022-2025) चक्र में पहली सीरीज अपने नाम की। इस जीत के साथ भारत छह अंक लेकर आईसीसी महिला चैम्पियनशिप की अंक तालिका में पहले स्थान पर जा पहुंचा है। वहीं लगातार दूसरी सीरीज हारने के बाद श्रीलंका एक जीत के साथ चौथे स्थान पर है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.