Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
होम देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन

खेल समाचार

View All
एशिया कप : टीम में कोहली-राहुल की वापसी, अर्शदीप को मौका
Published / 2022-08-08 18:08:12
एशिया कप : टीम में कोहली-राहुल की वापसी, अर्शदीप को मौका

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने एशिया कप टी-20 टूर्नामेंट के लिए टीम की घोषणा कर दी है। भारतीय टीम में विराट कोहली और केएल राहुल की वापसी हुई है। रोहित शर्मा ही टीम की कमान संभालेंगे। केएल राहुल टीम के उपकप्तान होंगे। इसके अलावा दीपक हुड्डा, अर्शदीप सिंह और आवेश खान टीम में अपनी जगह बचाने में कामयाब रहे। भारत ने 15 खिलाड़ियों की टीम चुनी : बीसीसीआई ने कहा कि जसप्रीत बुमराह और हर्षल पटेल चोट की वजह से चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे। इस वजह से उन्हें टीम में शामिल नहीं किया गया है। भारत ने 15 खिलाड़ियों के साथ तीन खिलाड़ियों को स्टैंडबाय पर रहने भी कहा है। इनमें श्रेयस अय्यर, दीपक चाहर और अक्षर पटेल शामिल हैं। एशिया कप के लिए भारतीय टीम : रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दीपक हुड्डा, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, युजवेंद्र चहल, रवि बिश्नोई, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, और आवेश खान। स्टैंडबाय: श्रेयस अय्यर, दीपक चाहर और अक्षर पटेल।

राष्ट्रमंडल खेल : हॉकी में भारत को मिला रजत पदक
Published / 2022-08-08 17:18:24
राष्ट्रमंडल खेल : हॉकी में भारत को मिला रजत पदक

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। राष्ट्रमंडल खेलों में आस्ट्रेलिया का वर्चस्व तोड़ने का भारत का सपना अधूरा ही रहा और एकतरफा फाइनल में विश्व चैम्पियन टीम के हाथों 0-7 से शर्मनाक हार के बाद उसे रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा। दिल्ली राष्ट्रमंडल खेल 2010 की कड़वीं यादें हॉकी प्रेमियों के जेहन में फिर ताजा हो गई जब फाइनल में आस्ट्रेलियाई टीम ने भारत को 8-0 से हराया था। लीग चरण में अपराजेय और पूल में शीर्ष रहने वाली भारतीय टीम बिल्कुल फॉर्म में नहीं दिखी। फॉरवर्ड पंक्ति में तालमेल नहीं था और डिफेंस को आस्ट्रेलिया ने पूरी तरह नेस्तनाबूद कर दिया। उस पर कप्तान मनप्रीत सिंह को कंधे में लगी चोट ने भारत का प्रदर्शन बुरी तरह प्रभावित किया। आस्ट्रेलिया के लिये ब्लैक गोवर्स, नाथन एफराम्स, जैकब एंडरसन, टॉम विकहैम और फिन ओजिलवी ने गोल दागे। राष्ट्रमंडल खेलों में 1998 में हॉकी को शामिल किये जाने के बाद से सभी सात स्वर्ण आस्ट्रेलिया ने जीते हैं। भारत ने 2010 में दिल्ली और 2014 में ग्लास्गो में रजत पदक ही जीता था।

राष्ट्रमंडल खेल : भारतीय बेटियों ने पहली बार जीता सिल्वर मेडल
Published / 2022-08-08 17:00:22
राष्ट्रमंडल खेल : भारतीय बेटियों ने पहली बार जीता सिल्वर मेडल

एबीएन सेंट्रल डेस्क। रविवार देर रात भारत और आॅस्ट्रेलिया के बीच कॉमनवेल्थ गेम्स में महिला क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच खेला गया, जहां हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय महिला टीम गोल्ड जीतने से चूक गई। फाइनल में भारत के सामने 162 रन का टारगेट था, जिसके जवाब में टीम 152 के स्कोर पर आॅलआउट हो गई। टीम इंडिया भले ही गोल्ड जीतने में असफल रही हो, लेकिन टीम ने सिल्वर जीतकर इतिहास रच दिया। 1998 के बाद पहली बार क्रिकेट को कॉमनवेल्थ गेम्स में शामिल किया गया था। महिला क्रिकेट टीम तो पहली बार इन खेलों में हिस्सा ले रही थीं। ऐसे में सिल्वर जीतना भी भारतीय महिला क्रिकेट टीम और देश के लिए किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं है। आॅस्ट्रेलियाई टीम गोल्ड और न्यूजीलैंड की टीम ब्रॉन्ज मेडल जीतने में सफल रही। टूर्नामेंट में भारतीय टीम कमाल की लय में नजर आई और फाइनल तक का सफर तय किया। सेमीफाइनल में भारत ने मेजबान इंग्लैंड को 4 रन से हराया था। टीम इंडिया के सामने 162 रन का टारगेट था और एक समय टीम का स्कोर 118-3 था। मैच धीरे-धीरे रोमांचक मूड पर पहुंच रहा था और भारतीय टीम मुकाबला जीत सकती थी। कप्तान हरमनप्रीत कौर बढ़िया फॉर्म में नजर आ रही थी, लेकिन उनके आउट होने के बाद और कोई खिलाड़ी टीम को टारगेट तक नहीं पहुंचा सकीं। हरमन 43 गेंदों में 65 रन बनाकर पवेलियन लौटी। अपनी पारी में उन्होंने 7 चौके और दो छक्के जमाए। उनके अलावा जेमिमा रोड्रिग्स ने भी 33 रन बनाये।

शरत ने 16 साल बाद जीता राष्ट्रमंडल का एकल खिताब
Published / 2022-08-08 13:03:13
शरत ने 16 साल बाद जीता राष्ट्रमंडल का एकल खिताब

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत के शीर्ष टेबल टेनिस खिलाड़ी अचंत शरत कमल ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में सोमवार को इंग्लैंड के लायम पिचफोर्ड को 4-1 से हराकर 16 साल बाद राष्ट्रमंडल खेलों में एकल स्वर्ण हासिल किया। शरत ने पिचफोर्ड को पांच गेमों के मैच में 11-13, 11-7, 11-2, 11-6, 11-7 से मात दी।

सिंधु और लक्ष्य ने जीते एकल स्वर्ण
Published / 2022-08-08 12:58:18
सिंधु और लक्ष्य ने जीते एकल स्वर्ण

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत की बैडमिंटन स्टार पुसरला वेंकट सिंधु और युवा सनसनी लक्ष्य सेन ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में सोमवार को अपने-अपने फाइनल मैच जीतकर स्वर्ण पदक हासिल किये। सिंधु ने कनाडा की मिशेल ली को 2-0 से हराकर पहली बार महिला एकल का राष्ट्रमंडल स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भारतीय शटलर ने ग्लासगो 2014 खेलों की गोल्ड मेडलिस्ट मिशेल को 21-15, 21-13 से मात दी। रियो 2016 की सिल्वर मेडलिस्ट सिंधु जब कोर्ट में आयीं तो उनके बाएं पैर में बैंडेज बंधी हुई थी, लेकिन यह उनके खेल को जरा भी प्रभावित नहीं कर पाया। पहले गेम में उन्हें मिशेल की ओर से चुनौती मिली, लेकिन दूसरे गेम में कनाडाई खिलाड़ी की अप्रत्याशित गलतियों ने सिंधु के लिये जीता का रास्ता आसान कर दिया। इससे पहले सिंधु ने ग्लासगो 2014 खेलों में कांस्य और गोल्डकोस्ट 2018 खेलों में रजत जीता था और इस जीत के साथ सिंधु ने राष्ट्रमंडल पदकों का सेट पूरा कर लिया है। वह गोल्डकोस्ट 2018 में स्वर्ण जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा थीं, लेकिन महिला एकल में उन्होंने पहली बार सोना जीता है। दूसरी ओर, लक्ष्य ने पुरुष एकल मैच में मलेशिया के एनजी ट्ज़े योंग को 2-1 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा ले रहे 20 वर्षीय लक्ष्य ने पहला गेम हारने के बाद शानदार वापसी करते हुए योंग को 19-21, 21-9, 21-16 से मात दी। पहला गेम हारने के बावजूद लक्ष्य पर दबाव नहीं आया, और उन्होंने आक्रामक खेल दिखाते हुए अपना पहला राष्ट्रमंडल स्वर्ण जीता। इससे पहले लक्ष्य एशियाई जूनियर चैंपियनशिप 2018 में स्वर्ण जीता था। इसके अलावा वह थॉमस कप 2022 जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा भी थे।

कप्तान सविता के शानदार प्रदर्शन से भारतीय महिला हॉकी टीम ने खत्म किया 16 साल का सूखा, जीता पदक
Published / 2022-08-07 15:42:03
कप्तान सविता के शानदार प्रदर्शन से भारतीय महिला हॉकी टीम ने खत्म किया 16 साल का सूखा, जीता पदक

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। कप्तान सविता पूनिया के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय महिला हॉकी टीम ने स्टॉपवॉच विवाद से उबरते हुए रविवार को मौजूदा चैंपियन न्यूजीलैंड को शूट आउट में 2-1 से हराकर राष्ट्रमंडल खेलों 2022 में कांस्य पदक जीता। भारतीय महिला हॉकी टीम का राष्ट्रमंडल खेलों में 16 साल में यह पहला पदक है। भारतीय टीम मैच के अंतिम लम्हों में 1-0 से आगे चल रही थी लेकिन आखिरी 30 सेकेंड से भी कम समय में उसने विरोधी टीम को पेनल्टी कॉर्नर दे दिया। यह पेनल्टी स्ट्रोक में बदला और ओलीविया मेरी ने न्यूजीलैंड को बराबरी दिला दी जिसके बाद मुकाबला शूट आउट में खिंच गया। नियमित समय में भारत ने 29वें मिनट में सलीमा टेटे के गोल की बदौलत बढ़त बनाई थी। विवादास्पद सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दिल तोड़ने वाली हार के बाद इस मुकाबले में खेल रही भारतीय टीम ने पूरे मैच के दौरान बेहतर प्रदर्शन किया और पदक अपने नाम किया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शूट आउट में भारतीय टीम को स्टॉपवॉच के रुकने का खामियाजा भुगतना पड़ा था। न्यूजीलैंड के खिलाफ शूट आउट में भारतीय कप्तान और गोलकीपर सविता ने तीन प्रयासों को शानदार तरीके से नाकाम करके भारत का तीसरा राष्ट्रमंडल पदक पक्का किया। शूट आउट में मेगान हुल ने न्यूजीलैंड को बढ़त दिलाई लेकिन सविता ने रोस टाइनन, केटी डोर और ओलीविया शेनन के प्रयासों को नाकाम कर दिया। भारत के लिए सोनिका और नवनीत ने गोल दागते हुए टीम की जीत सुनिश्चित की। भारत ने मैच में आक्रामक रुख अपना और कई बार न्यूजीलैंड के सर्कल में प्रवेश किया लेकिन विरोधी टीम के मजबूत डिफेंस को भेदने में नाकाम रहे। न्यूजीलैंड को मैच का पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन भारत की रक्षा पंक्ति ने खतरा टाल दिया। इसके कुछ मिनट बाद संगीता कुमार और फिर सलीमा के प्रयास भी विफल रहे। दूसरे क्वार्टर में भी भारत ने अधिक समय गेंद को अपने कब्जे में रखा लेकिन न्यूजीलैंड को रक्षा पंक्ति को नहीं भेद पाए। न्यूजीलैंड की टीम 26वें मिनट में गोल करने के करीब पहुंची लेकिन सफलता नहीं मिली। भारत ने मध्यांतर से एक मिनट पहले बढ़त बनाई जब नवनीत कौर के शॉट को विरोधी गोलकीपर ने रोक दिया, लेकिन रिबाउंड पर सलीमा ने रिवर्स हिट से गोल दाग दिया। भारत को 35वें मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन वेरिएशन पर टीम गोल दागने में विफल रही। नवनीत और नेहा गोयल के मूव पर सोनिका भी गोल करने में नाकाम रहीं। ऐसा लगा कि 43वें मिनट में मेरी ने न्यूजीलैंड को बराबरी दिला दी, लेकिन भारत ने रैफरल लिया और टीवी रैफरी ने गोल को अस्वीकृत कर दिया क्योंकि फ्री हिट पांच मीटर की लाइन से नहीं ली गई थी। भारत को 52वें मिनट में लगातार तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन गुरजीत न्यूजीलैंड की गोलकीपर ग्रेस ओ हेनलोन को छकाने में नाकाम रहीं। मैच में जब सिर्फ ढाई मिनट का खेल बचा था जब लालरेमसियानी ने गैरजरूरी गलती की और उन्हें पीला कार्ड दिखाया गया। न्यूजीलैंड ने इसका फायदा उठाते हुए पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया जो पेनल्टी स्ट्रोक में बदल गया क्योंकि गोल की ओर जा रही गेंद पर नवनीत ने जान-बूझकर लात मारी। मेरी ने इसके बाद सविता को छकाकर गोल दागा और मैच शूट आउट में खिंच गया जहां भारत ने धैर्य बरकरार रखते हुए जीत दर्ज की।

बॉक्सिंग में निकहत ने दिलाया एक और स्वर्ण, ट्रिपल जंप में एल्डहॉस पॉल का गोल्ड पर कब्जा
Published / 2022-08-07 15:17:15
बॉक्सिंग में निकहत ने दिलाया एक और स्वर्ण, ट्रिपल जंप में एल्डहॉस पॉल का गोल्ड पर कब्जा

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। कॉमनवेल्थ गेम्स का आज 10वां दिन है। भारत अब तक कुल 49 पदक जीत चुका है, जिसमें 17 गोल्ड, 13 सिल्वर और 19 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। आज भी भारतीय एथलीटों के पास इतिहास रचने का बढ़िया मौका रहेगा। बॉक्सिंग में भारत को अब तक तीन गोल्ड मेडल मिल गए हैं, जबकि महिला क्रिकेट टीम भी ऑस्ट्रेलिया को फाइनल में हराकर गोल्ड पर कब्जा कर सकती है। फाइनल मैच रात 9:30 बजे से शुरू होगा। • 17 गोल्ड: मीराबाई चानू, जेरेमी लालरिनुंगा, अंचिता शेउली, महिला लॉन बॉल टीम, टेबल टेनिस पुरुष टीम, सुधीर (पावर लिफ्टिंग), बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक, दीपक पूनिया, रवि दहिया, विनेश फोगाट, नवीन, भाविना (पैरा टेबल टेनिस), नीतू, अमित पंघाल, एल्डहॉस पॉल, निकहत जरीन। • 13 सिल्वर: संकेत सरगरी, बिंदियारानी देवी, सुशीला देवी, विकास ठाकुर, भारतीय बैडमिंटन टीम, तूलिका मान, मुरली श्रीशंकर, अंशु मलिक, प्रियंका गोस्वामी, अविनाश साबले, पुरुष लॉन बॉल टीम, अबदुल्ला अबूबैकर, शरथ कमल और साथियान । • 19 ब्रॉन्ज: गुरुराजा पुजारी, विजय कुमार यादव, हरजिंदर कौर, लवप्रीत सिंह, सौरव घोषाल, गुरदीप सिंह, तेजस्विन शंकर, दिव्या काकरन, मोहित ग्रेवाल, जैस्मिन, पूजा गहलोत, पूजा सिहाग, मोहम्मद हुसामुद्दीन, दीपक नेहरा, रोहित टोकस, सोनलबेन (पैरा टेबल टेनिस), भारतीय महिला हॉकी टीम, संदीप कुमार, अन्नू रानी। कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 बर्मिंघम में 28 जुलाई से शुरू हुआ और 8 अगस्त तक चलेगा।

राष्ट्रमंडल खेल 2022 : कुश्ती में दहिया और फोगाट ने दिलाया स्वर्ण
Published / 2022-08-06 18:03:54
राष्ट्रमंडल खेल 2022 : कुश्ती में दहिया और फोगाट ने दिलाया स्वर्ण

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। बर्मिंघम में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल के कुश्ती में भारतीय पहलवानों का शानदार प्रदर्शन शनिवार को भी जारी है। रवि दहिया के बाद भारत की विनेश फोगाट ने भी बर्मिंघम में गोल्ड मेडल जीता। विनेश फोगाट ने कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड की हैट्रिक लगाई है। पहलवान रवि दहिया ने कमाल कर दिया। उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स का अपना पहला गोल्ड मेडल जीता। रवि दहिया पहली बार कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा ले रहे हैं। भारत के स्टार पहलवान रवि कुमार दहिया ने पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों मे मेडल जीता है. उनका पहला मेडल ही गोल्ड है। रवि ने फ्रीस्टाइल 57 किलो वर्ग के फाइनल में नाइजीरिया के एबिकेवेनिमो विल्सन को 10-0 से हराया। भारत का कुश्ती में यह चौथा गोल्ड मेडल है। पूजा ने जीता ब्रॉन्ज : कुश्ती में भारत को एक और मेडल मिला है। इस बार भारत की पहलवान पूजा गहलोत ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। उन्होंने फ्रीस्टाइल 50 किलो वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल जीता। पूजा ने स्कॉटलैंड की क्रिस्टिले लेमोफैक को 12-2 से हराया। कुश्ती में भारत का यह सातवां पदक है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने फाइनल में बनाई जगह, इंग्लैंड को 4 रनों से हराया : भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 4 रनों से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने फाइनल में जगह बना ली है. भारत ने पहले बैटिंग करते हुए स्मृति मंधाना के अर्धशतक की बदौलत इंग्लैंड को 165 रनों का लक्ष्य दिया। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 160 रन ही बना सकी।

12वीं झारखंड स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप : 25 मीटर पिस्टल में दुष्यंत सबसे आगे
Published / 2022-08-06 15:32:45
12वीं झारखंड स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप : 25 मीटर पिस्टल में दुष्यंत सबसे आगे

टीम एबीएन, रांची। 12वीं तीन दिवसीय झारखंड स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप के दूसरे दिन रांची के होटवार स्थित टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज में 25 मीटर पिस्टल प्रतियोगिता में अभी तक कुमार दुष्यंत सबसे आगे चल रहे हैं। इस स्पर्धा में अभी दूसरे स्थान पर कुमार देवरंजन और तीसरे स्थान पर अनिल कुमार दधीच अपना अपना दबदबा बनाए हुए है। एस टी 23 पुलिस सर्विस स्पर्धा में विभूति प्रसाद सिंह पहले स्थान पर दिलीप गुरंग द्वितीय स्थान और पूरन चंद शाह तृतीय स्थान पर चल रहे है। प्रतियोगिता के अंतिम दिन कल सभी 60 स्पर्धाओं का फाइनल परिणाम आएगा। प्रतियोगिता के समापन समारोह में कल झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो मुख्य अतिथि जबकि इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि नेशनल राइफल एसोसिएशन आफ इंडिया के उपाध्यक्ष वी के ढाल होंगे। इसके अलावा समापन समारोह में कई गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.