एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय महिला हॉकी टीम ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 के करो या मरो मैच में बुधवार को कनाडा को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। भारत ने ग्रुप-ए के अपने आखिरी मुकाबले में कनाडा को 3-2 से शिकस्त दी। भारत के लिए सलीमा टेटे, नवनीत कौर और लालरेमसियामी ने एक-एक गोल किया, जबकि कनाडा के लिये ब्रिएन स्टेयर्स और हैना हॉ ने गोल किए। भारत ने करो या मरो मैच की शुरुआत मजबूती से करते हुए मैच के तीसरे मिनट में ही पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया। गुरजीत कौर से गेंद को नेट तक पहुंचाने में चूक हुई, लेकिन सलीमा ने भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। नवनीत कौर ने दूसरे क्वाटर्र में लालरेमसियामी के पास को गोल में तब्दील कर भारत को 2-0 की बढ़त दिलाई, लेकिन इसके बाद कनाडा ने मैच में वापसी की। स्टेयर्स ने जहां क्वार्टर-2 की समाप्ति से ठीक पहले एक पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया, वहीं हैना हॉ ने तीसरे क्वार्टर के नौंवे मिनट में गोल कर मैच को 2-2 की बराबरी पर ला खड़ा किया। ग्रुप-ए में गोल के मामलों में भारत से आगे चल रही कनाडा को मैच में सिर्फ ड्रॉ की दरकार थी, जबकि भारत के लिए जीतना जरूरी था। भारत को चौथे क्वाटर्र में गोल की सख्त आवश्यकता थी जो उन्हें लालरेमसियामी ने दिलाया। जब चौथे क्वार्टर में नौ मिनट बचे थे तब लालरेमसियामी ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला और भारत ने 3-2 से जीत दर्ज की। इससे पहले भारत ने ग्रुप-ए के अपने मुकाबलों में घाना (5-0) और वेल्स (3-1) पर जीत हासिल की थी जबकि इंग्लैंड (1-3) से उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इस जीत के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम ने राष्ट्रमंडल खेलों के सेमीफाइनल में पांचवी बार जगह बनाई है, जहां उनका सामना आॅस्ट्रेलिया से होगा।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। सलामी बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव के तेजतर्रार अर्धशतक और श्रेयस अय्यर के साथ उनकी अर्धशतकीय साझेदारी से भारत ने तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में मंगलवार को यहां वेस्टइंडीज को सात विकेट से हराकर पांच मैचों की श्रृंखला में 2-1 की बढ़त बनाई। वेस्टइंडीज ने सलामी बल्लेबाज काइल मायर्स (50 गेंद में 73 रन, आठ चौके, चार छक्के) के अर्धशतक से पांच विकेट पर 164 रन बनाए जिसके जवाब में भारत ने सूर्यकुमार (44 गेंद में 76 रन, आठ चौके, चार छक्के) के अर्धशतक और श्रेयस अय्यर (24) के साथ उनकी दूसरे विकेट की 85 रन की साझेदारी से छह गेंद शेष रहते तीन विकेट पर 165 रन बनाकर जीत दर्ज की। श्रृंखला के अंतिम दो मैच अमेरिका के फ्लोरिडा में शनिवार और रविवार को खेले जाएंगे। भारत ने इस मैदान पर सबसे बड़े लक्ष्य को हासिल करते हुए जीत दर्ज की। इससे पहले मायर्स ने ब्रैंडन किंग (20) के साथ पहले विकेट के लिए 57 और कप्तान निकोलस पूरन (23) के साथ दूसरे विकेट के लिए 50 रन भी जोड़े। रोवमैन पावेल (23) और शिमरोन हेटमायर (20) ने भी वेस्टइंडीज के लिए उपयोगी पारियां खेली। भुवनेश्वर कुमार भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 35 रन देकर दो विकेट चटकाए। हार्दिक पंड्या ने किफायती गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में सिर्फ 19 रन देकर एक विकेट चटकाया। आवेश खान एक बार फिर बेहद महंगे साबित हुए। उन्होंने तीन ओवर में 47 रन लुटाए जबकि उन्हें कोई सफलता नहीं मिली।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। टेबल टेनिस टीम ने भारत को कॉमनवेल्थ गेम्स में 11वां मेडल दिलाया। पुरुष टीम ने फाइनल में सिंगापुर को 3-1 से हराकर गोल्ड मेडल जीता। जी साथियान ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने डबल्स में हरमीत देसाई के साथ डबल्स का मुकाबला जीता। फिर अपने सिंगल्स के मैच भी शाानदार प्रदर्शन करके हुए विरोधी खिलाड़ी को पटखनी दी। गेम्स में भारत को अब तक 5 गोल्ड, 4 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज मेडल मिले हैं और वह टेबल में छठे नंबर पर कायम है। इससे पहले आज ही महिला लॉन बॉल्स टीम ने गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचा था। टीम इवेंट में पहले डबल्स का मुकाबला खेला गया। जी साथियान और हरमीत देसाई की जोड़ी ने 3-0 से शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने सिंगापुर के यांग येक और यू पेंग की जोड़ी को 13-11, 11-7 और 11-5 से हराया। फिर सिंगल्स के मुकाबले में शरत कमल को हार झेलनी पड़ी। दूसरे सिंगल्स के मुकाबले में जी साथियान ने 3-1 से जीत हासिल करके टीम को 2-1 की बढ़त दिलाई। उन्होंने यू पेंग को 12-10, 7-11, 11-7 और 11-4 से हराया। फिर हरमीत देसाई ने अपना सिंगल्स मैच जीतकर गोल्ड पक्का कर दिया।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय महिला लॉन बॉल टीम ने इतिहास रच दिया है। उसने पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक हासिल किया। इस टीम में लवली चौबे, पिंकी, नयनमोनी सैकिया और रूपा रानी टिर्की की चौकड़ी शामिल है। चारों ने मिलकर पहले सेमीफाइनल में मजबूत न्यूजीलैंड को बाहर किया और फिर फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 17-10 से हरा दिया। भारत का लॉन बॉल में यह पहला पदक है। वहीं, देश को बर्मिंघम में चौथा स्वर्ण पदक हासिल हुआ है। भारत ने तीन रजत और तीन कांस्य भी जीते हैं। इस तरह कुल 10 पदक उसके नाम हैं। बढ़त ली, पिछड़ी और फिर जीती टीम इंडिया : भारतीय महिला टीम ने एक समय मैच में 8-2 की बढ़त हासिल कर ली थी। ऐसा लग रहा था कि उसके लिए स्वर्ण जीतना आसान होगा। आठवें एंड में दक्षिण अफ्रीका ने वापसी की। इसके बाद से उसने छह अंक हासिल कर मैच को 8-8 की बराबरी पर ला दिया। फिर उसने 11वें एंड में दो अंक और हासिल कर मैच में 10-8 की बढ़त ले ली। दक्षिण अफ्रीकी टीम मैच में आगे बढ़ती हुई दिख रही थी। 12वें एंड में भारतीय टीम ने दो अंक हासिल कर मैच को बराबर कर दिया। यहां उसने विपक्षी टीम को कोई मौका नहीं दिया और लगातार सात अंक जीतकर मैच को 17-10 से जीत लिया। लॉन बॉल में भारतीय महिला टीम (चार खिलाड़ी) का सफर : पहला मैच : भारत बनाम इंग्लैंड- लॉन बॉल में भारत का पहला मैच इंग्लैंड के खिलाफ था। इस मैच में भारतीय टीम कुछ खास नहीं कर पाई थी और उसे 9-18 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। भारत ने अब तक इस खेल में कोई पदक नहीं जीता था। ऐसे में इस हार के साथ ही भारतीय खिलाड़ियों से पदक की उम्मीद खत्म हो गई थी। दूसरा मैच: भारत बनाम कुक आइसलैंड- कुक आइसलैंड के खिलाफ दूसरे मैच में भारतीय महिला टीम ने शानदार वापसी की और 15-9 के अंतर से यह मुकाबला अपने नाम किया। इस मैच में जीत के बावजूद किसी को भारतीय टीम से पदक की उम्मीद नहीं थी, लेकिन खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ चुका था। तीसरा मैच : भारत बनाम कनाडा- तीसरे मैच में भारतीय टीम ने कनाडा को 17-7 के अंतर से मात दी। इसके साथ ही महिला टीम पदक की रेस में आ चुकी थी। चौथा मैच: भारत बनाम नॉरफोल्क आइसलैंड क्वार्टर फाइनल मैच में भारतीय टीम ने नॉरफोल्क आइसलैंड को 17-9 से हराया। इस शानदार जीत के बाद इस बात की संभावना मजबूत हो गई थी कि टीम इंडिया कोई न कोई पदक लेकर जाएगी। पांचवां मैच : भारत बनाम न्यूजीलैंड- सेमीफाइनल मैच में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड की टीम को 16-13 के करीबी अंतर से हराकर बड़ा उलटफेर किया। इस मैच में भारतीय टीम की जीत की संभावना बेहद कम थी। भारतीय टीम शुरूआत में पिछड़ी, लेकिन बाद में शानदार वापसी कर जीत हासिल की। इसके साथ ही भारत ने फाइनल में जगह बना ली और पदक पक्का कर लिया। छठा मैच: भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका- फाइनल मैच में भारत का सामना दक्षिण अफ्रीका से था और सभी देशवासियों को महिला टीम से स्वर्ण की उम्मीद थी। भारतीय खिलाड़ियों ने उम्मीद के अनुसार ही प्रदर्शन किया और दक्षिण अफ्रीका को 17-10 से हराकर फाइनल मैच अपने नाम किया।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। बहुप्रतीक्षित एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट इस साल 27 अगस्त से शुरू होगा। टूर्नामेंट 27 अगस्त को श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच मैच से होगा जबकि भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-आॅक्टेन मैच अगले दिन 28 अगस्त को खेला जाएगा। टूर्नामेंट का सुपर फोर चरण 3 सितंबर से शुरू होगा। इवेंट का फाइनल 11 सितंबर को होगा। बीसीसीआई सचिव ने इस बारे में जानकारी देते हुए ट्वीट किया, आखिरकार इंतजार खत्म हुआ क्योंकि 11 सितंबर को महत्वपूर्ण फाइनल के साथ एशियाई वर्चस्व की लड़ाई 27 अगस्त को शुरू होगी। एशियाई क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष जय शाह ने कहा, एशिया कप का 15वां संस्करण आईसीसी टी20 विश्व कप से पहले आदर्श तैयारी के रूप में काम करेगा। एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) ने जुलाई के अंत में घोषणा की कि द्वीप राष्ट्र में मौजूदा स्थिति के कारण बहुप्रतीक्षित एशिया कप 2022 श्रीलंका के बजाय संयुक्त अरब अमीरात में होगा। भारत ने अभी तक एशिया कप 2022 के लिए अपनी टीम की घोषणा नहीं की है। टूर्नामेंट का पिछला संस्करण 2018 में आयोजित किया गया था, जहां भारत ने फाइनल में बांग्लादेश को तीन विकेट से हराकर सातवां खिताब जीता था। भारत इस आयोजन के इतिहास में सबसे सफल टीम है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। हरजिंदर कौर ने सोमवार को बर्मिंघम में 2022 कॉमनवेल्थ खेलों में महिलाओं की 71 किग्रा वेटलिफ्टिंग में कांस्य पदक जीता। कौर इस स्पर्धा में चौथे स्थान पर थी, लेकिन नाइजीरिया की जॉय एजे अपने तीनों क्लीन एंड जर्क प्रयासों में विफल रही और कौर ने अप्रत्याशित कांस्य पदक जीता। 25 वर्षीय ने इंग्लैंड की सारा डेविस (229 किग्रा - 103 किग्रा स्नैच और 126 किग्रा क्लीन एंड जर्क) और कनाडा के एलेक्सिस एशवर्थ (214 किग्रा - 91 किग्रा स्नैच और 123 किग्रा क्लीन एंड जर्क) को पीछे छोड़ते हुए कुल 212 किग्रा के लिए स्नैच में 93 किग्रा और क्लीन एंड जर्क में 119 किग्रा भार उठाया। बर्मिंघम में वेटलिफ्टिंग में हरजिंदर का कांस्य भारत का सातवां पदक है। भारत के लिए मीराबाई चानू, जेरेमी लालरिनुंगा और अचिंता शुली ने स्वर्ण पदक जीता। संकेत सरगर और बिंदियारानी देवी ने रजत जबकि गुरुराजा पुजारी ने कांस्य पदक जीता। सोमवार को भारत ने दो जूडो मेडल भी जीते। पीएम मोदी ने कौर को बधाई दी है। उन्होंने लिखा कि हमारे वेटलिफ्टरों ने बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में बहुत जबरदस्त प्रदर्शन किया है। इसको आगे बढ़ाते हुए हरजिंदर कौर ने कांस्य पदक जीता है। इस खास उपलब्धि पर उनको बधाई। उनको आने वाले भविष्य में बाकी इवेंट के लिए शुभकामनाएं...। बर्मिंघम में राष्ट्रमंडल खेल 2022 के शानदार चौथे दिन में भारतीय दल ने तीन और पदक जीते- एक रजत और दो कांस्य। अब भारत 5 वें दिन के लिए तैयार है। आज से ट्रैक एंड फील्ड इवेंट्स की शुरुआत भी हो रही है। यह गेम्स 8 अगस्त को समापन की ओर होंगे।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बर्मिघम राष्ट्रमंडल खेलों में सोमवार को रजत और कांस्य पदक जीतने वाले भारतीय जूडो खिलाड़ी सुशीला देवी और विजय कुमार यादव को बधाई दी है। सुशीला देवी ने महिलाओं के 48 किलोवर्ग में रजत जीता जबकि विजय कुमार यादव ने पुरूषों के 60 किलो वर्ग में कांस्य हासिल किया। मोदी ने ट्वीट किया : सुशीला देवी के शानदार प्रदर्शन से हर्षित हूं। रजत पदक जीतने पर उन्हें बधाई। उन्होंने बेहतरीन कौशल का प्रदर्शन किया। भविष्य के लिये शुभकामनाएं...। वहीं उन्होंने अगले ट्वीट में लिखा : विजय कुमार यादव ने राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य जीतकर देश को गौरवान्वित किया है। उनकी सफलता भारत में खेलों के भविष्य के लिये अच्छी है। वह आगे भी ऐसे ही सफलता की नयी ऊंचाइयों को छूते रहें।
एबीएन, स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय महिला लॉन बॉल टीम ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में सोमवार को यहां न्यूजीलैंड को हराकर ऐतिहासिक फाइनल में जगह बनायी। भारत ने इस प्रतियोगिता में अपना पहला पदक सुनिश्चित कर लिया है और फाइनल में उसका मुकाबला मंगलवार को दक्षिण अफ्रीका से होगा। लवली चौबे, पिंकी, नयनमोनी सैकिया और रूपा तिर्की की भारतीय टीम ने रॉयल लीमिंगटन स्पा के विक्टोरिया पार्क में रोमांचक मुकाबले में न्यूजीलैंड को 16-13 से हराया। पहले दो राउंड में भारत 0-5 से पीछे चल रहा था, और तीसरे राउंड में पहला पॉइंट स्कोर करने के बाद स्कोर 1-6 था।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। राष्ट्रमंडल खेलों की भारोत्तोलन स्पर्धा में भारत का स्वर्णिम अभियान जारी रखते हुए अचिंता शेउली ने पुरूषों के 73 किलोवर्ग में नये रिकॉर्ड के साथ बाजी मारकर देश को तीसरा पीला तमगा दिलाया। इससे पहले तोक्यो ओलंपिक की रजत पदक विजेता मीराबाई चानू और जेरेमी लालरिननुंगा ने भारत को भारोत्तोलन में दो स्वर्ण दिलाये थे। पश्चिम बंगाल के 21 वर्ष के शेउली ने स्नैच में 143 किलो वजन उठाया जो राष्ट्रमंडल खेलों का नया रिकॉर्ड हैं। उन्होंने क्लीन एंड जर्क में 170 किलो समेत कुल 313 किलो वजन उठाकर राष्ट्रमंडल खेलों का रिकॉर्ड अपने नाम किया। पिछले साल जूनियर विश्व भारोत्तोलन चैम्पियनशिप में रजत पदक जीतने वाले शेउली ने दोनों सर्वश्रेष्ठ लिफ्ट तीसरे प्रयास में किये। मलेशिया के ई हिदायत मोहम्मद को रजत और कनाडा के शाद डारसिग्नी को कांस्य पदक मिला जिन्होंने क्रमश: 303 और 298 किलो वजन उठाया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.