Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
होम देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन

खेल समाचार

View All
कप्तान मनप्रीत के 300वें मैच में हाफ-टाइम तक भारत ने घाना पर बनायी 5-0 की बढ़त
Published / 2022-07-31 17:10:25
कप्तान मनप्रीत के 300वें मैच में हाफ-टाइम तक भारत ने घाना पर बनायी 5-0 की बढ़त

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय पुरुष हॉकी टीम बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में पूल-बी में अपने पहले मैच में घाना के सामने है। हाफ-टाइम तक भारत ने घाना पर 5-0 की बढ़त बना रखी है। हाफ-टाइम तक भारत ने 63 प्रतिशत बॉल पजेशन बनाए रखा। वहीं, घाना का बॉल पजेशन 37 प्रतिशत है। पहले क्वार्टर का खेल : अभिषेक ने पहले ही मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दाग भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई थी। इसके बाद 150वां अंतरराष्ट्रीय हॉकी मैच खेल रहे उपकप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 10वें मिनट में भारत के लिए दूसरा गोल दागा। उन्होंने पेनल्टी कॉर्नर में ड्रैग फ्लिक पर गोल किया। इसके बाद 14वें मिनट में शमशेर सिंह ने काउंटर अटैक पर गोल दाग भारतीय टीम को 3-0 की बढ़त दिला दी। भारत को पहले क्वार्टर में तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले और इस में दो पर भारत ने गोला दागे। पहले क्वार्टर के बाद भारत ने घाना पर 3-0 की बढ़त बना रखी थी। दूसरे क्वार्टर का खेल : दूसरे क्वार्टर में आकाशदीप सिंह ने भारत के लिए चौथा गोल दागा। उन्होंने 20वें मिनट में गोल किया। इसके बाद जुगराज सिंह ने 22वें मिनट में गोल दाग भारत को 5-0 की बढ़त दिला दी। हाफ-टाइम तक यही स्कोर रहा। स्वर्ण पदक है निशाने पर : भारतीय पुरुष हॉकी टीम राष्ट्रमंडल खेलों में पहला स्वर्ण पदक जीतने के अभियान में घाना के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करने उतरी है। कप्तान मनप्रीत की अगुआई में भारत ने पिछले साल टोक्यो ओलंपिक में 41 साल बाद कांस्य पदक जीता था। इस बार टीम मनप्रीत राष्ट्रमंडल खेलों में ऑस्ट्रेलियाई दबदबे को खत्म करना चाहती है। ऑस्ट्रेलिया ने अब तक सभी छह स्वर्ण पदक जीते हैं। यह भारतीय कप्तान मनप्रीत सिंह का 300वां अंतरराष्ट्रीय मैच है। भारत के ग्रुप में घाना के अलावा इंग्लैंड, वेल्स और कनाडा की टीम है।

स्मृति मंधाना का अर्धशतक, भारत ने पाकिस्तान को 8 विकेट से धोया
Published / 2022-07-31 16:56:20
स्मृति मंधाना का अर्धशतक, भारत ने पाकिस्तान को 8 विकेट से धोया

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। पाकिस्तान महिला टीम के खिलाफ राष्ट्रमंडल खेलों के तहत ग्रुप ए के 5वें मैच में स्मृति मंधाना (63) की अर्धशतकतीय पारी की बदौलत भारत ने 11.4 ओवर में 8 विकेट से बड़ी जीत दर्ज की। बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेले गए मैच में बारिश के कारण टॉस में देरी से हुआ जिस कारण मैच 18-18 ओवर का कर दिया गया। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए विकेटकीपर बल्लेबाज मुनीबा अली की 32 रन की पारी की बदौलत भारत को 100 रन का लक्ष्य दिया। मुनीबा के अलावा कोई भी खिलाड़ी खास कमाल नहीं दिखा पाई। भारतीय गेंदबाजों की बात करें तो स्नेह राणा ने सबसे ज्यादा 2 विकेट अपने नाम किए। 100 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने भारत को शानदार शुरुआत दी। भारत को पहला झटका 61 रन पर शेफाली वर्मा (16) के रूप में लगा लेकिन तब तक भारत अपनी पकड़ बना चुका था। इसके बाद भारत को दूसरा झटका सब्भिनेनी मेघना के रूप में लगा जो 14 रन बनाकर 11वें ओवर में आउट हुई। अंत में मंधाना और जेमिमा रोड्रिग्स (2) टीम को जीत दिलाकर नाबाद वापस लौटीं।

राष्ट्रमंडल खेल : वेटलिफ्टिंग में जेरेमी लालरिनुंगा ने दिलाया भारत को दूसरा गोल्ड
Published / 2022-07-31 12:13:33
राष्ट्रमंडल खेल : वेटलिफ्टिंग में जेरेमी लालरिनुंगा ने दिलाया भारत को दूसरा गोल्ड

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। युवा भारोत्तोलक जेरेमी लालरिननुंगा ने रिकॉर्ड कुल 300 किग्रा वजन उठाकर राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के लिए दूसरा स्वर्ण पदक जीत लिया है। इससे पहले भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने 49 किग्रा में गोल्ड जीता था। जेरेमी ने स्नैच में अपने पहले प्रयास (स्नैच) में 136 का भार उठाया और स्वर्ण पदक की दावेदारी पेश की। उन्होंने एक बार फिर स्वर्ण के लिए बने रहने के दूसरे प्रयास में 140 किग्रा भार उठाया। जेरेमी के तीसरे प्रयास में 143 किग्रा नहीं उठा पाए। स्नैच राउंड के बाद जेरेमी 10 किग्रा आगे रहे। क्लीन एंड जर्क में जेरेमी का पहला प्रयास शानदार रहा और उन्होंने पहले प्रयास में 154 किग्रा भार उठाया। वह फिलहाल पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। जेरेमी क्लीन एंड जर्क में अपने दूसरे प्रयास में 160 किग्रा भार उठाने में सफल रहे। जेरेमी क्लीन एंड जर्क के तीसरे प्रयास में 165 किग्रा भार उठाना चाह रहे थे, लेकिन वह नाकाम रहे और चोटिल हो गए। वह पीछे की ओर गिर गए। उनका कुल स्कोर 300 रहा।

वेटलिफ्टिंग : मीराबाई चानू ने जीता गोल्ड, वेटलिफ्टिंग में भारत को मिला तीसरा मेडल
Published / 2022-07-31 06:57:35
वेटलिफ्टिंग : मीराबाई चानू ने जीता गोल्ड, वेटलिफ्टिंग में भारत को मिला तीसरा मेडल

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। मीराबाई चानू ने बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत को पहला गोल्ड मेडल दिलाया। महिला वेटलिफ्टर मीराबाई 49 किग्रा वेट कैटेगरी में 201 किग्रा वजन उठाकर पहले स्थान पर रहीं। स्नैच में 88 और क्लीन एंड जर्क में 113 किग्रा का वजन उठाया। उन्होंने लगातार दूसरे कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीता। इससे पहले 2018 गोल्ड कोस्ट में भी वे पहले नंबर पर रही थीं। इसके अलावा 2020 टोक्यो ओलंपिक में 27 साल की इस एथलीट ने सिल्वर मेडल जीता था। मौजूदा कॉमनवेल्थ गेम्स की बात करें, तो भारत को अब तक तीन मेडल मिले हैं और तीनों ही मेडल वेटलिफ्टर्स ने दिलाए हैं। इससे पहले पुरुष कैटेगरी में संकेत महादेव सरगर ने सिल्वर और गुरुराज पुजारी ने ब्रॉन्ज मेडल जीता था। मीराबाई चानू ने छोटी सी उम्र में ही वेटलिफ्टिंग शुरू कर दी थी। वे 11 साल की उम्र में ही अंडर-15 चैंपियन बन गई थीं और 17 साल में जूनियर चैंपियन। लेकिन ओलंपिक 2016 ने उनके करियर पर जैसे रोक ही लगा दी। मीराबाई गेम्स की सिर्फ दूसरी खिलाड़ी थीं, जिनके नाम के आगे ओलंपिक में लिखा गया था "डिड नॉट फिनिश"। वे अपने इवेंट को पूरा नहीं कर सकी थी। इस कारण वे अपने खेल में काफी पीछे हो गई थीं। इसने उनके मनोबल को बुरी तरह तोड़ दिया था। इसके बाद वे डिप्रेशन में चली गईं और उन्हें मनोचिकित्सक की मदद तक लेनी पड़ी। इसके बाद उन्होंने खेल से अलविदा लेने तक मन बना लिया था। लेकिन शायद उनके खेल करियर को दूसरी ओर जाना था।

कॉमनवेल्थ गेम्स : गुरुराजा पुजारी ने भारोत्तोलन में दिलाया कांस्य पदक
Published / 2022-07-30 15:08:12
कॉमनवेल्थ गेम्स : गुरुराजा पुजारी ने भारोत्तोलन में दिलाया कांस्य पदक

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। कॉमनवैल्थ गेम्स के दूसरे दिन भारत के लिए वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में दो मैडल आए। पहले 55 किलोग्राम वर्ग में संकेत महादेव सरगर ने सिल्वर जीता तो बाद में 61 किलोग्राम वर्ग में गुरुराजा पुजारी ने कुल 269 किलोग्राम वजन उठाकर ब्रॉन्ज मेडल लिया। गुरुराजा ने स्नैच में क्रमश: 115 और 118 किलोग्राम वजन उठाया जबकि क्लीन एंड जर्क में 140, 145 और 149 किलोग्राम वजन उठाकर अपना ब्रॉन्ज सुनिश्चित किया। गुरुराजा ने कॉमनवैल्थ गेम्स 2018 में सिल्वर मेडल जीता था। इस बार उम्मीद थी कि वह इसे गोल्ड में बदलेंगे लेकिन ऐसा हो नहीं पाया। 61 किलोग्राम कैटेगिरी में कुल 285 किलोग्राम वजन उठाकर मलेशिया के अंजिल बिन बिदिन मोहम्मद ने रिकॉर्ड बनाते हुए गोल्ड मैडल हासिल किया। अंजिल ने स्नैच के तीन प्रयासों में क्रमश: 123, 127 किलोग्राम का वजन उठाया। इसी तरह क्लीन एंड जर्क इवेंट में 153, 158 का वजन उठाया। अगर वह तीसरे अटैम्प में 166 किलोग्राम का भार उठा लेते तो वह एक बड़ा रिकॉर्ड बना लेते। वहीं, दूसरे स्थान पर पीएनजी के मोरिया बरू रहे। उन्होंने स्नैच में क्रमश: 114, 118, 121 किलोग्राम का वजन उठाया। इसी तरह क्लीन एंड जर्क में 152 किलोग्राम वजन उठाया। उनका दूसरा और तीसरा प्रयास विफल रहा। उनका कुल वजन 273 रहा जिसके चलते वह सिल्वर जीतने में सफल रहे। बता दें कि गुरुराजा पुजारी का जन्म 15 अगस्त 1992 को हुआ था। उन्हें पी. गुरुराजा के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने आॅस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में 2018 के राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुषों के 56 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीता था। वह अब कॉमनवैल्थ गेम्स में दो मैडल (एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज) तथा कॉमनवैल्थ चैम्पियनशिप में तीन मैडल (एक गोल्ड, एक सिल्वर, एक ब्रॉन्ज) जीतने में सफल रहे हैं।

भारोत्तोलक : संकेत सरगर ने दिलाया भारत को पहला पदक
Published / 2022-07-30 13:03:38
भारोत्तोलक : संकेत सरगर ने दिलाया भारत को पहला पदक

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत के युवा भारोत्तोलक संकेत सरगर ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में मलेशिया के अनिक मोहम्मद से सिर्फ एक किलोग्राम के अंतर से हारने के बाद रजत पदक प्राप्त किया। भारत का इन खेलों में यह पहला पदक है। 21 वर्षीय संकेत ने 55 किग्रा भार वर्ग के स्नैच राउंड में 113 किग्रा और क्लीन एंड जर्क राउंड में 135 किग्रा सहित कुल 248 किलोग्राम भार उठाया, जबकि अनिक ने स्नैच में 107 और क्लीन एंड जर्क में 142 किग्रा के साथ कुल 249 किग्रा भार उठाया। संकेत ने क्लीन एंड जर्क राउंड में पहले प्रयास में सफलतापूर्वक 135 किग्रा वजन उठाने के बाद दूसरे और तीसरे प्रयास में 139 किग्रा उठाना चाहा, लेकिन वह असफल रहे और उन्होंने रजत से संतोष किया। अपने दूसरे प्रयास में असफल होने के बाद अनिक ने अंतिम प्रयास में 142 किग्रा उठाकर स्वर्ण हासिल किया। श्रीलंका के दिलंका युडागे ने 225 किग्रा (105 स्नैच, 120 क्लीन एंड जर्क) के साथ कांस्य पदक प्राप्त किया।

रोहित की धमाकेदार पारी की बदौलत भारत ने वेस्टइंडीज को 68 रनों से हराया
Published / 2022-07-30 03:11:10
रोहित की धमाकेदार पारी की बदौलत भारत ने वेस्टइंडीज को 68 रनों से हराया

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत ने वेस्टइंडीज को पहले टी-20 मैच में 68 रनों से मात दी है। इस मैच में टीम की जीत के हीरो कप्तान रोहित शर्मा रहे, जिन्होंने 64 रनों की जबरदस्त पारी खेली। टीम इंडिया ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 190 रन बनाए, जवाब में वेस्टइंडीज 20 ओवर खेलकर 122 रन ही बना पाई। वेस्टइंडीज़ ने अपने 8 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन अंत में टीम इंडिया ने इस मैच को 68 रनों से जीता और पांच मैच की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली। 191 रनों की पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने शुरुआत से ही अपने विकेट गंवाने शुरू कर दिए। अर्शदीप सिंह ने सबसे पहले काइल मायर्स को चलता किया, उनके बाद जेसन होल्डर भी बिना खाता खोले आउट हुए। लेकिन वेस्टइंडीज के लिए रविचंद्रन अश्विन और रवि बिश्नोई की जोड़ी बुरा सपना बनकर आई। दोनों स्पिनर्स ने कुल चार विकेट निकाले, अश्विन ने अपने 4 ओवर में सिर्फ 22 रन दिए और 2 विकेट लिए, जबकि रवि बिश्नोई ने 4 ओवर में 26 रन दिए और दो ही विकेट लिए। वेस्टइंडीज की ओर से एस ब्रूक्स ने 20, कप्तान निकोलस पूरन ने 18 रनों की पारी खेली। वनडे सीरीज से ब्रेक लेने वाले रोहित शर्मा ने टी-20 सीरीज में वापसी की। टी-20 वर्ल्डकप से पहले टीम इंडिया तैयारियों में जुटी है, यहां रोहित शर्मा ने विरोधी टीम पर शॉट की बरसात कर दी। रोहित ने अपनी 64 रनों की पारी में 7 चौके, 2 छक्के जमाए। रोहित शर्मा के अलावा फिनिशर दिनेश कार्तिक ने एक बार फिर कमाल दिखाया। बीच में जब टीम इंडिया की पारी जब कुछ लड़खड़ाई, तब दिनेश कार्तिक ने अंत में 19 गेंद में 41 रनों की पारी खेलकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। दिनेश कार्तिक ने अपनी इस पारी में चार चौके, दो छक्के जमाए। उनके साथ रविचंद्रन अश्विन ने भी 10 गेंद में 13 रन बनाए और अंत में टीम इंडिया का स्कोर 190 रनों तक पहुंचा। इनके अलावा सूर्यकुमार यादव ने 24, ऋषभ पंत ने 14, रवींद्र जडेजा ने 16 रनों की पारी खेली।

बर्मिंघम : भारतीय महिला हॉकी टीम ने घाना को पहले मैच में 5-0 से धो डाला
Published / 2022-07-29 17:42:03
बर्मिंघम : भारतीय महिला हॉकी टीम ने घाना को पहले मैच में 5-0 से धो डाला

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय महिला हॉकी टीम ने राष्ट्रमंडल खेलों में शानदार शुरुआत की है। उसने घाना को अपने पहले मैच में 5-0 से रौंद दिया। टीम इंडिया के लिए गुरजीत कौर ने सबसे ज्यादा दो गोल किए। नेहा गोयल, संगीता कुमारी और सलिमा टेटे ने भी स्कोर किया। अब भारतीय महिला टीम शनिवार (30 जुलाई) को वेल्स के खिलाफ अपने दूसरे ग्रुप मैच में उतरेगी। गुरजीत कौर ने भारत को पहले क्वार्टर में बढ़त दिलाई। उन्होंने पेनल्टी कॉर्नर पर शानदार गोल किया। पहले क्वार्टर में टीम इंडिया सिर्फ एक ही गोल पर पाई। उसने लगातार कई हमले किए, लेकिन घाना की टीम मजबूती से गोलपोस्ट के सामने डटी रही। उसने भारत को एक से ज्यादा गोल दागने से रोके रखा। भारत को दूसरा गोल दूसरे क्वार्टर में मिला। नेहा ने किया दूसरा गोल : दूसरे क्वार्टर में घाना ने पलटवार करने की कोशिश की। उसने कई हमले किए। भारतीय कप्तान और गोलकीपर सविता पूनिया ने लगातार तीन गोल बचाए। इसी बीच, टीम इंडिया को एक मौका मिला और सफलता मिल गई। भारत ने शानदार काउंटर अटैक किया। गोलपोस्ट के करीब खड़ी नेहा गोयल ने गेंद को गोलपोस्ट की तरफ मारा। गेंद घाना की खिलाड़ी की हॉकी स्टिक से लगकर गोलपोस्ट के अंदर चली गई। भारत को दूसरा गोल मिला और यह नेहा के नाम दर्ज हुआ। तीसरे क्वार्टर में दो और चौथे में भारत ने किया एक गोल : भारत की संगीता कुमारी ने टीम के लिए तीसरा गोल किया। उन्होंने घाना की गोलकीपर को चकमा देते हुए गेंद को गोलपोस्ट में डाल दिया। संगीता के बाद गुरजीत ने भी गोल कर दिया। यह मैच में उनका दूसरा गोल है। भारत के लिए पांचवां गोल सलिमा टेटे ने किया। भारतीय टीम में सुधार की जरूरत : टीम इंडिया को अभी भी कई क्षेत्रों में काम करना है। गोलकीपर सविता पूनिया अगर मजबूती से खड़ी नहीं होती तो घाना की टीम भी चार से ज्यादा गोल कर सकती थी। वहीं, पेनल्टी कॉर्नर में भारतीय खिलाड़ी कमजोर दिखीं। 11 पेनल्टी कॉर्नर में टीम सिर्फ एक ही गोल कर पाई। इस पर भारतीय टीम प्रबंधन को आगे काम करना होगा।

राष्ट्रमंडल खेल : टेबल टेनिस में भारतीय महिलाओं का जवाब नहीं...
Published / 2022-07-29 13:22:29
राष्ट्रमंडल खेल : टेबल टेनिस में भारतीय महिलाओं का जवाब नहीं...

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत की महिला टेबल टेनिस टीम ने शुक्रवार को राष्ट्रमंडल खेलों के पहले दौर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए एक युगल और दो एकल मुकाबलों में जीत दर्ज की। श्रीजा अकुला और रीथ टेनिसन की युगल जोड़ी ने जहां दक्षिण अफ्रीका की लैला एडवर्ड्स और दानिशा पटेल को 11-7, 11-7, 11-5 से हराया, वहीं मनिका बत्रा ने एकतरफा मुकाबले में मुश्फिकुह कलामी को 11-5, 11-3, 11-2 से मात दी। इसके अलावा श्रीजा ने एकल मुकाबले में भी दानिशा पटेल को एकतरफा रूप से हराया। श्रीजा ने बड़ी ही आसानी के साथ 11-5, 11-3, 11-6 से मात दी।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.