एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने एशिया कप 2022 की शुरुआत से पहले कहा है कि भारत-पाकिस्तान का मुकाबला ‘सिर्फ एक मैच’ है और भारतीय टीम के पास दबाव से निपटने का अनुभव है। बीसीसीआई अध्यक्ष और पूर्व भारतीय कप्तान गांगुली ने शुक्रवार को एक कार्यक्रम के दौरान संवाददाताओं से कहा, भारत बनाम पाकिस्तान मैच सिर्फ एक और मैच है। ऐसे मैच हम नियमित रूप से खेलते हैं... या जब मैं खेलता था तो मैं पाकिस्तान के साथ मैच को कोई खास मैच नहीं मानता था। बीसीसीआई के अध्यक्ष ने कहा कि नॉकआउट मैचों में अतिरिक्त दबाव रहता था, लेकिन ग्रुप लीग में ऐसा कोई दवाब नही था। गांगुली ने एशिया कप में पसंदीदा टीम को लेकर कहा कि कप्तान रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम के पास किसी भी दबाव की स्थिति से निपटने का पर्याप्त अनुभव है। उन्होंने कहा कि रोहित शर्मा, विराट कोहली, के एल राहुल अनुभवी खिलाड़ी हैं और वे किसी भी दवाब से निपटना बहुत अच्छी तरह से जानते हैं। यह उनके लिए कोई बड़ी बात नहीं है। गांगुली ने विराट कोहली की फॉर्म के बारे में कहा, विराट बहुत बड़ा खिलाड़ी है। उनके पास रन बनाने का अपना एक फॉमूर्ला है। वह बहुत जल्द अपनी पुरानी फॉर्म में आयेंगे। हम सभी को यही आशा है। उन्होंने विश्व कप और एशिया कप में भारत की संभावना पर कहा, मुझे उम्मीद है कि आने वाले विश्व कप में भारत अच्छा प्रदर्शन करेगा।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। एशिया कप 2022 टी20 फॉर्मेट में खेला जायेगा। टूर्नामेंट 27 अगस्त से शुरू होगा, जबकि भारत बनाम पाकिस्तान मैच 28 अगस्त को होना है। टूर्नामेंट का आगाज श्रीलंका बनाम अफगानिस्तान मुकाबले से होगा। भारत और पाकिस्तान के साथ उपमहाद्वीप की शीर्ष टीमें शनिवार से शुरू होने वाले एशिया कप के लिए जब मैदान में उतरेंगी तो उनका लक्ष्य इस खिताब को जीतने के साथ इस साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप के लिए अपनी तैयारियों को और पुख्ता करना होगा। आगामी टी20 विश्व कप के कारण छह साल के बाद इस टूर्नामेंट को भी खेल के अपने सबसे छोटे अंतरराष्ट्रीय प्रारूप में खेला जाएगा, जहां कोई भी टीम किसी भी टीम मात देने का माद्दा रखती है। क्वालीफायर हांगकांग के अलावा टूर्नामेंट में भाग ले रही सात बार की चैम्पियन भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश की टीमें अपने दिन किसी को भी हरा सकती है। मेजबान श्रीलंका में आर्थिक और राजनीतिक संकट के कारण टूर्नामेंट का आयोजन यूएई में करना पड़ा। अक्टूबर-नवंबर में ऑस्ट्रेलिया में होने वाले विश्व कप की तुलना में यूएई की परिस्थितियां काफी अलग होगी लेकिन सभी टीमें अगले दो हफ्तों के दौरान आईसीसी की प्रतियोगिता के लिए अपनी टीम को अंतिम रूप देना चाहेंगे।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। दुनिया के दिग्गज टेनिस खिलाड़ियों की फेहरिस्त में शुमार 21 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता सर्बिया के नोवाक जोकोविच इस साल यूएस ओपन में नहीं दिखेंगे। कोरोना वैक्सीन न लेने की जिद पर अड़े जोकोविच ने साल के चौथे ग्रैंड स्लैम यूएस ओपन से खुद के अलग होने की पुष्टि गुरूवार को कर दी। उन्होंने कहा, निराशाजनक। मैं इस बार यूएस ओपन के लिये न्यूयार्क की यात्रा नहीं कर पाऊंगा। धन्यवाद। मेरे साथी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं। मैं सकारात्मक भाव से रहूंगा और फिर से प्रतिस्पर्धा करने के अवसर की प्रतीक्षा करूंगा। जल्द ही मिलते हैं टेनिस की दुनिया में...।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत के एचएस प्रणय ने शानदार वापसी करते हुए हमवतन और राष्ट्रमंडल खेल चैंपियन लक्ष्य सेन को हराकर बृहस्पतिवार को बैडमिंटन विश्व चैम्पियनशिप के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया जबकि पुरूष युगल में ध्रुव कपिला और एम आर अर्जुन तथा सात्विक साईराज रंकी रेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी भी अंतिम आठ में पहुंच गई। ओलंपिक कांस्य पदक विजेता साइना नेहवाल महिला एकल प्री क्वार्टरफाइनल में कड़ी चुनौती पेश करने के बाद बुसानन ओंगबाम्रुंगफान से हारकर बाहर हो गई। लक्ष्य और प्रणय का मैच करीब सवा घंटे तक चला जिसमें प्रणय ने 17.21, 21.16, 21.17 से जीत दर्ज की। इस जीत के बाद दोनों के बीच जीत हार का रिकॉर्ड 2-2 का हो गया है। अब प्रणय का सामना चीन के झाओ जुन पेंग से होगा। उनके अलावा दो भारतीय पुरूष युगल जोड़ी क्वार्टरफाइनल में पहुंचने में सफल रहीं। अर्जुन और कपिला की गैर वरीय जोड़ी ने 58 मिनट तक चले रोमांचक मुकाबले में सिंगापुर के टैरी ही और लोह कीन हीन पर 18.21, 21.15, 21.16 से जीत दर्ज की। अब उनका सामना इंडोनेशिया के मोहम्मद असान और हेंड्रा सेतियावान से होगा। कपिला और अर्जुन ने दूसरे दौर में आठवीं वरीयता प्राप्त और पिछली बार के कांस्य पदक विजेता डेनमार्क के किम एस्ट्रूप और एंडर्स स्कारूप रासमुसेन को हराया था। सात्विक और चिराग की जोड़ी ने डेनमार्क के जेप्पा बे और लासे मोल्हेडे की जोड़ी को 35 मिनट में 21-12 21-10 से हरा दिया। अब उनका सामना क्वार्टरफाइनल में जापान के ताकुरो होकी और युगो कोबायाशी की दूसरी वरीय जोड़ी से होगा। वहीं साइना को थाईलैंड की प्रतिद्वंद्वी से 17-21 21-16 13-21 से हार मिली। इस जीत से बुसानन का साइना के खिलाफ जीत का रिकॉर्ड 5-3 हो गया है। बुसानन ने शुरुआती गेम में 11-3 की बढ़त हासिल कर ली जिससे साइना दबाव में आ गईं। हालांकि भारतीय खिलाड़ी ने इस अंतर को कम करते हुए 17-19 कर लिया लेकिन थाईलैंड की खिलाड़ी ने आसानी से पहला गेम जीत लिया। पर पहले गेम के अंत में वापसी ने साइना को आत्मविश्वास दिया और पूर्व नंबर एक खिलाड़ी ब्रेक तक 11-7 से आगे हो गई। उन्होंने आक्रामक खेलते हुए मैच निर्णायक गेम तक पहुंचा दिया। तीसरे गेम में दोनों खिलाड़ियों ने एक दूसरे को कड़ी टक्कर दी। पर बुसानन ने लय हासिल करनी शुरू दी और पांच अंक की बढ़त बनाई। वहीं साइना धीरे धीरे पिछड़ती रहीं और 26 साल की बुसानन ने सात मैच प्वाइंट से अपना क्वार्टरफाइनल स्थान पक्का किया।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। ओडिशा के राउरकेला को अक्टूबर में शुरू होने वाले एफआईएच प्रो लीग के आगामी सत्र के लिए मंगलवार को भुवनेश्वर के बाद दूसरे भारतीय आयोजन स्थल के रूप में शामिल किया गया। राउरकेला में नए स्टेडियम का निर्माण जनवरी में होने वाले पुरुष विश्व कप के मुकाबलों की मेजबानी के लिए किया गया है। विश्व कप 13 से 29 जनवरी तक खेला जाएगा। विश्व कप के मुकाबलों की मेजबानी कर चुका भुवनेश्वर का कलिंग स्टेडियम भारत में दूसरा स्थल होगा जो एफआईएच प्रो लीग मुकाबलों का आयोजन करेगा। एफआईएच प्रो लीग 28 अक्टूबर 2022 से 5 जुलाई 2023 तक चलेगी। इस लीग के मुकाबलों का आयोजन भुवनेश्वर और राउरकेला के अलावा आस्ट्रेलिया में न्यूकासल और होबार्ट, अर्जेन्टीना में मेंडोजा और सेंटियागो डेल, बेल्जियम में एंटवर्प, इंग्लैंड में लंदन, नीदरलैंड के आइंडहोवेन और एम्सटर्डम तथा न्यूजीलैंड में क्राइस्टचर्च और वेलिंगटन में होगा। अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने बयान में कहा- नए प्रो लीग सत्र के लिए नया कार्यक्रम तैयार किया गया है जिसमें कई टीम एक स्थल पर एकत्रित होकर एक-दूसरे के खिलाफ 2 मैच खेलेंगी। उन्होंने कहा- इस प्रारूप का खिलाडि?ों पर काफी सकारात्मक असर होगा क्योंकि प्रत्येक टीम और अधिकारियों के यात्रा के समय में काफी कमी आएगी। एफआईएच ने साथ ही कहा कि वह प्रो लीग के आगामी सत्र में प्रमोशन (टीम बेहतर लीग में जाना) और रेलीगेशन (टीम का निचली लीग में खिसकना) के प्रणाली को लागू करेगा। अंतिम स्थान पर रहने वाली टीम रेलीगेट हो जाएगी जबकि 2022 एआईएच नेशन्स कप जीतने वाली टीम को 2023 में प्रो लीग में खेलने का मौका मिलेगा। एफआईएच के सीईओ थियेरी वील ने कहा- प्रमोशन और रेलीगेशन के सिद्धांत को लागू करने से प्रो लीग में रोमांच आएगा। साथ ही नया प्रारूप खिलाड़ियों, राष्ट्रीय संघ, क्लब और प्रशंसकों सभी के लिए फायदेमंद होगा।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। पूर्व दिग्गज भारतीय बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण को आगामी एशिया कप के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का अंतरिम मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। बीसीसीआई ने बुधवार को इसका ऐलान किया। हेड कोच राहुल द्रविड़ के कोरोना वायरस से संक्रमित होने के कारण यह फैसला लिया गया है। भारतीय टीम एशिया कप में अपने अभियान की शुरूआत 28 अगस्त को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से करेगी। 47 वर्षीय वीवीएस लक्ष्मण फिलहाल एनसीए (बेंगलुरु) के प्रमुख हैं। वह जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया के साथ हरारे भी गए थे। भारत ने तब केएल राहुल की कप्तानी में 3 मैचों की सीरीज 3-0 से अपने नाम की। अब वह राहुल द्रविड़ की गैर-मौजूदगी में भारतीय टीम की तैयारियों पर नजर रखेंगे। लक्ष्मण दुबई के लिए उप-कप्तान केएल राहुल, दीपक हुडा और आवेश खान के साथ हरारे से रवाना हुए थे। इस बीच एशिया कप के लिए यूएई रवाना होने से पहले राहुल द्रविड़ का रूटीन कोरोना टेस्ट हुआ था, जिसमें उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। ऐसे में वह टीम के साथ फिलहाल यूएई नहीं जा पाए। द्रविड़ बीसीसीआई की मेडिकल टीम की निगरानी में हैं। उनमें कोरोना के हल्के लक्षण हैं।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। यूएई में एशिया कप टी20 टूर्नामेंट में भारत के शुरुआती अभियान से कुछ दिन पहले टीम को बड़ा झटका लगा है। रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ कोविड-19 टेस्ट पॉजिटिव पाए गए हैं। द्रविड़ ने हाल ही में समाप्त हुई तीन मैचों की एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय श्रृंखला के लिए जिम्बाब्वे की यात्रा नहीं की जिसे केएल राहुल की अगुवाई वाली टीम ने 3-0 से जीता। व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के कारण सीनियर चयन समिति ने द्रविड़, बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर और गेंदबाजी कोच पारस म्हाम्ब्रे समेत कोचिंग स्टाफ को आराम दिया था। भारत 28 अगस्त को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप में अपने अभियान की शुरूआत करेगा और पिछले साल संयुक्त अरब अमीरात में आईसीसी टी20 विश्व कप में बाबर आजम के पक्ष में 10 विकेट से हार का बदला लेना चाहेगा। एक रिपोर्ट में कहा गया है कि यह स्पष्ट नहीं है कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड के मेडिकल स्टाफ से मंजूरी मिलने के बाद द्रविड़ महत्वपूर्ण शुरूआती मैच के लिए टीम में शामिल होंगे या यूएई के लिए उड़ान भरेंगे। वहीं भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने हालांकि अभी तक द्रविड़ के कोविड-19 पॉजिटिव होने की पुष्टि नहीं की है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारत 2-0 की अजेय बढ़त बना चुका है। तीसरे मैच में टीम इंडिया जीत हासिल कर क्लीन स्वीप करना चाहेगी। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने जिम्बाब्वे के सामने 290 रन का लक्ष्य रखा है। भारत ने जिम्बाब्वे को 13 रन से हरा दिया है और तीन मैचों की सीरीज में जिम्बाब्वे का सूपड़ा साफ कर दिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने शुभमन गिल के शतक और ईशान किशन के अर्धशतक की बदौलत 289 रन बनाए थे। इसके जवाब में जिम्बाब्वे ने खराब शुरुआत से उबरते हुए शानदार वापसी की। सीन विलियम्स के 45 रन के बाद सिकंदर रजा ने 115 रन की शानदार पारी खेली और अपनी टीम को जीत के करीब ले गए। उन्होंने आठवें विकेट के लिए इवांस के साथ शतकीय साझेदारी की। इवांस ने 28 रन बनाए। अंत में शुभमन गिल ने शानदार कैच पकड़कर रजा को आउट किया और भारत की जीत पक्की की। इस जीत के साथ ही भारत ने छठी बार वनडे सीरीज में जिम्बाब्वे को क्लीन स्वीप किया है। अब टीम इंडिया एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ अपना अगला मैच खेलेगी।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। क्रोएशिया के बोर्ना कोरिक ने चोट के बाद यादगार वापसी करते हुए सोमवार को सिनसिनाटी ओपन के फाइनल में स्टेफानोस सितसिपास को मात देकर अपना पहला एटीपी मास्टर्स 1000 खिताब जीता। कोरिक ने यूनान के चौथी सीड सितसिपास को एक घंटे 57 मिनट चले फाइनल में 7-6(0), 6-2 से मात दी। 2020 के बाद अपना पहला टूर-स्तरीय फाइनल खेल रहे क्रोएशियाई खिलाड़ी ने खिताब तक के सफर में राफेल नडाल को मात दी थी। फाइनल के पहले सेट में वह 1-4 से पिछड़ गये थे, लेकिन उन्होंने दबाव से उभरते हुए अपने यूनानी प्रतिद्वंदी को दो सेट में शिकस्त दी। कोरिक कंधे की चोट के कारण पिछले सीजन ज्यादातर आयोजनों से बाहर रहे थे। जब वह सिनसिनाटी ओपन में आए थे तब उनकी रैंकिंग 152 थी लेकिन अपने दमदार प्रदर्शन के दम पर वह एटीपी रैंकिंग में 29वें स्थान पर आ गए हैं। कोरिक ने जीत के बाद कहा, ह्ययह एक बेहद मुश्किल मैच था। मैं शुरूआत में बहुत अच्छा नहीं खेल रहा था और वह मुझ पर दबाव डाल रहे थे। मैंने बाद में बेहतर सर्व करना शुरू किया और उन्हें कड़ी टक्कर दी। दूसरा सेट शायद इस साल का मेरा सर्वश्रेष्ठ सेट था।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.