एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। श्रीलंका और पाकिस्तान की टीम एशिया कप 2022 फाइनल में आमने-सामने हैं। पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी है। पाकिस्तान ने गेंद से अच्छी शुरूआत की लेकिन श्रीलंका ने राजपक्षे (71) और हसरंगा की महत्वपूर्ण पारियों की बदौलत 6 विकेट खोकर 170 रन बना लिए हैं। पाकिस्तान की ओर से हैरिस राऊफ ने 29 रन देकर तीन, शादाब खान, इफ्तिखार अहमद और नसीम शाम ने 1-1 विकेट लिया। श्रीलंका : • श्रीलंका की शुरूआत बेहद खराब रही। पहले ही ओवर में खतरनाक बल्लेबाज कुसल मेंडिस शून्य पर आऊट हो गए। धनंजय डीसिल्वा ने आकर कुछ अच्छे शॉट लगाये लेकिन इसी बीच निसांका 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। गुणाथिलके भी आज कुछ खास नहीं कर पाए और मात्र 1 रन बनाकर हैरिस राऊफ की गेंद पर बोल्ड हो गये। • 36 रन पर 3 विकेट गिर जाने के बाद राजपक्षे ने एक छोर संभाला। इसी बीच धनंजय 28 तो श्रीलंकाई कप्तान दासुन शनाका महज 2 रन बनाकर आऊट हो गये। इसके बाद हसरंगा ने आते ही कुछ अच्छे शॉट लगाए। हसरंगा ने विकेट के चारों ओर शॉट लगाकर मैच में जान डाल दी। वह 15वें ओवर में 36 रन बनाकर आऊट हुए तब तक श्रीलंका 100 का आंकड़ा पार कर चुकी थी। हसरंगा ने 36 रनों की पारी के लिए पांच चौके और एक छक्का भी लगाया। • हसरंगा पवेलियन लौटे तो भानुका राजपक्षे ने कमान संभाल ली। उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया और श्रीलंका को 150 रन से ऊपर ले गये। अंत के ओवरों में पाकिस्तान ने कुछ कैच भी छोड़े जिसका श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने भरपूर फायदा उठाया। राजपक्षे ने 44 गेंदों में 71 रन बनाये। जबकि करुणारत्ने ने भी 14 रनों का योगदान दिया।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। चोट के कारण एशिया कप-2022 से बाहर रहने वाले मुख्य गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और हर्षल पटेल फिट होकर टीम में वापसी करने को तैयार हैं। बुमराह को हिप इंजुरी हुई थी और हर्षल को साइड स्ट्रेन हुआ था। दोनों ही खिलाड़ी बेंगलुरू स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में अपनी चोट पर काम कर रहे थे। एनसीए में गेंदबाजी अभ्यास भी कर रहे थे और अब फिट हैं। वेबसाइट क्रिकबज ने अपनी रिपोर्ट में इस बात की जानकारी दी। दोनों ही खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली जाने वाली सीमित ओवरों की सीरीज में वापसी करने को तैयार हैं। ये दोनों खिलाड़ी चोट के कारण ही एशिया कप से पहले बाहर हो गए थे। एशिया कप में टीम इंडिया एशिया तीन मुख्य तेज गेंदबाजों के साथ गई थी साथ ही हार्दिक पंड्या के रूप में उसके पास एक और तेज गेंदबाजी विकल्प था। चयनकर्ता ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज में बुमराह और पटेल की प्रोगेस पर नजर रखेंगे। टीम संयोजन में होगा बदलाव : इन दोनों का टीम में आना तय लग रहा है ऐसे में मौजूदा टीम में इन दोनों के लिए जगह बनानी पड़ेगी। ऐसी स्थिति में एक तेज गेंदबाज और स्पिनर को टीम से बाहर जाना पड़ा सकता है। एशिया कप में भारतीय टीम चार स्पिनरों को लेकर गई थी। युजवेंद्र चहल, रविचंद्रन अश्विन, रवि बिश्नोई और अक्षर पटेल टीम के साथ थे। रवींद्र जडेजा भी थे जो चोटिल हो गए थे और उनकी जगह ही पटेल को टीम में शामिल किया गया था। इन चारों में से अब किसी एक को बाहर जाना पड़ेगा और ये नाम संभवतः रवि बिश्नोई का हो सकता है। अंतिम फैसला चयन समिति लेगी वो भी टीम मैनेजमेंट से बात करने के बाद। इस तेज गेंदबाज की होगी छुट्टी : वहीं एशिया कप में भारतीय टीम भुवनेश्वर कुमार, आवेश खान, अर्शदीप सिंह को लेकर गई थी। इन तीनों में से किसी एक को बाहर जाना पड़ सकता है। बहुत संभावना है कि ये नाम आवेश खान को हो सकता है। मोहम्मद शमी टी20 टीम में आते हैं या नहीं, ये देखना दिलचस्प होगा। शमी को जब एशिया कप की टीम में जगह नहीं मिली थी, तब क्रिकेट एक्सपर्ट्स ने चयनकर्ताओं की जमकर आलोचना की थी।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। यूएस ओपन 2022 में महिला एकल के फाइनल में इगा स्वियातेक ने ट्यूनीशिया की ओंस जेबुअर को हराकर खिताब जीत लिया है। वह पहली बार यूएस ओपन की चैंपियन बनी हैं। उनके करियर का यह तीसरा ग्रैंड स्लैम है। इससे पहले उन्होंने दो बार फ्रेंच ओपन का खिताब जीता है। उन्होंने फाइनल मैच में 6-2,7-6 के अंतर से जीत हासिल की। इगा ने फाइनल मैच में शानदार शुरुआत की थी और पहला सेट धमाकेदार अंदाज में 6-2 के अंतर से जीत लिया। ओंस के पास पलटवार करने का मौका ही नहीं था। दूसरे सेट में ओंस ने बेहतरीन खेल दिखाया और स्वियातेक को कड़ी टक्कर दी। हालांकि, अंत में स्वियातेक ने यह सेट भी 7-6 के अंतर से जीत लिया। आखिरी अंक उन्होंने 7/5 के अंतर से अपने नाम किया और इसके साथ ही यूएस ओपन का खिताब भी अपने नाम किया। खास बात यह है कि पुरुष और महिलाओं के एकल वर्ग में स्वियातेक एकमात्र खिलाड़ी थीं, जिन्होंने फाइनल में जगह बनाई थी और पहले भी कोई ग्रैंड स्लैम जीता था। स्वियातेक ने की एंजलिक की बराबरी : स्वियातेक इस वर्ष 38 मैच और सात टूर्नामेंट जीत चुकी हैं। एंजलकि कर्बर के बाद स्वियातेक दूसरी खिलाड़ी हैं, जिन्होंने एक ही सत्र में दो ग्रैंडस्लैम ट्रॉफी जीती हैं। ओंस से आगे निकलीं स्वियातेक : ओंस जेबुअर और इगा स्वियातेक अब तक पांच बार आमने-सामने हो चुकी हैं। इनमें से तीन बार स्वियातेक और दो बार ओंस ने जीत हासिल की है। इगा ने 2019 में वाशिंगटन डीसी में जेबुअर को हराया था। इसके बाद जेबुअर ने 2021 में विंबलडन के प्री क्वार्टर फाइनल और सिनसिनाटी ओपन में हराया था। इसके बाद स्वियातेक ने इस वर्ष रोम में फिर यूएस ओपन के फाइनल में ओंस को शिकस्त दी।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने यहां प्रतिष्ठित डायमंड लीग फाइनल्स का खिताब जीतकर एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। चोपड़ा यह खिताब जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट हैं। चोपड़ा ने फाउल से शुरुआत की लेकिन अपने दूसरे प्रयास में 88.44 मीटर भाला फेंक कर वह शीर्ष पर पहुंच गए। यह उनके करियर का चौथा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है, जो आखिर में उन्हें स्वर्ण पदक दिला गया। उन्होंने अपने अगले चार प्रयास में 88.00 मीटर, 86.11 मीटर, 87.00 मीटर और 83.60 मीटर भाला फेंका। चेक गणराज्य के ओलंपिक रजत पदक विजेता जैकब वाडलेज 86.94 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ दूसरे स्थान पर रहे। जर्मनी के जूलियन वेबर 83.73 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे। नीरज ने बाद में कहा, आज वाडलेज के साथ प्रतिस्पर्धा बहुत अच्छी रही। उसने भी अच्छे थ्रो किए। मुझे आज 90 मीटर तक भाला फेंकने की उम्मीद थी, लेकिन मैं खुश हूं कि मेरे पास अब डायमंड ट्रॉफी है और यह सबसे महत्वपूर्ण है। यह इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यहां मेरे साथ मेरा परिवार भी है। उन्होंने कहा कि यह पहला अवसर है जबकि वे किसी अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में आए हैं। भारत का यह 24 वर्षीय खिलाड़ी अब ओलंपिक चैंपियन, विश्व चैंपियनशिप का रजत पदक विजेता और डायमंड लीग चैंपियन है। यह उपलब्धियां उन्होंने केवल 13 महीनों के अंदर हासिल की हैं। डायमंड लीग फाइनल्स को ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप से इतर सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगिता माना जाता है। चोपड़ा ने तीसरी बार डायमंड लीग फाइनल्स में भाग लिया। इससे पहले वह 2017 और 2018 में क्रमश: सातवें और चौथे स्थान पर रहे थे। चोपड़ा को इस जीत पर डायमंड ट्रॉफी, 30,000 डॉलर की पुरस्कार राशि और हंगरी के बुडापेस्ट में होने वाली विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 के लिए वाइल्ड कार्ड मिला। वह हालांकि विश्व चैंपियनशिप के लिए पहले ही क्वालीफाई कर चुके थे।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। श्रीलंका को एशिया कप 2022 के पहले मैच में जब अफगानिस्तान के हाथों शिकस्त मिली थी तो यह उसकी पिछले 35 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 28वीं हार थी, लेकिन दसुन शनाका की टीम ने इसके बाद एशिया कप का पूरा परिदृश्य ही बदल दिया। श्रीलंका ने एशिया कप 2022 के पहले मैच में हार के बाद अपने अगले चार मुकाबले जीतते हुए सात बार की एशिया कप चैंपियन भारत को हराया और सुपर-4 मैच में अफगानिस्तान को मात देकर अपना पिछला बदला भी चुका लिया। कोच क्रिस सिल्वरवुड की टीम ने बल्लेबाजी से लेकर गेंदबाजी और फील्डिंग तक उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया और अब वह छठी बार एशिया कप की ट्रॉफी उठाने से सिर्फ एक कदम दूर है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। एशिया कप में भारत का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। टीम सुपर-4 राउंड में ही हारकर बाहर हो गई। मैच के बाद कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि टीम इंडिया का पूरा फोकस अब अगले महीने शुरू हो रहे टी-20 वर्ल्ड कप पर होगा। भारतीय टीम उस टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करना चाहती है। वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो घरेलू सीरीज भी खेलनी है। ये दोनों सीरीज टीम इंडिया के प्रैक्टिस के लिहाज से महत्वपूर्ण होगी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज की शुरुआत 20 सितंबर से होगी। इससे पहले यानी अगले हफ्ते भारतीय चयनकर्ता टी-20 वर्ल्ड कप के लिए टीम का एलान कर देंगे। ऐसे में देखने वाली बात यह होगी क्या चयनकर्ता ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए टी-20 वर्ल्ड कप वाली ही टीम चुनते हैं या उस सीरीज में भी अन्य खिलाड़ियों को मौका दिया जाएगा और प्रयोग किया जायेगा। भारतीय टीम इस साल आईपीएल के बाद से ऋषभ पंत और दिनेश कार्तिक दोनों को लगातार बारी-बारी से मौका दे रही है। ऐसा माना जा रहा है कि टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भी दोनों पर भरोसा जताया जायेगा। जरूरत पड़ने पर पंत को बतौर विकेटकीपर और कार्तिक को बतौर फिनिशर खिलाया जा सकता है। साथ ही दोनों का चयन इस पर भी निर्भर करेगा कि भारत को किस पोजिशन के लिए खिलाड़ी की जरूरत है। फिनिशर के लिए कार्तिक बेहतर ऑप्शन होंगे, जबकि मध्यक्रम के लिए पंत पर भरोसा जताया जा सकता है। अब यह अगले हफ्ते ही पता चलेगा कि किसे मौका दिया जाएगा। एशिया कप से ठीक पहले जसप्रीत बुमराह चोटिल हो गए थे। वह लोअर बैक में चोट की समस्या से जूझ रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुमराह अभी तक फिट नहीं हुए हैं और नेशनल क्रिकेट अकेडमी में अपनी फिटनेस पर काम कर रहे हैं। ऐसे में टीम चयन करते वक्त चयनकर्ता उनकी फिटनेस पर पूरा ध्यान रखेंगे। बुमराह के प्लेइंग-11 में न होने का खामियाजा टीम इंडिया एशिया कप में भुगत चुकी है। ऐसे में चयनकर्ता चाहेंगे कि बुमराह जल्द फिट हो जाएं और वर्ल्ड कप से पहले ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज खेलें। अब यह देखने वाली बात होगी कि बुमराह कब तक फिट हो पाते हैं। अगर वह फिट हो भी जाते हैं तो उन्हें मैच प्रैक्टिस की जरूरत होगी। उनकी गैरमौजूदगी टीम इंडिया के लिए परेशानी खड़ी कर सकती है। वहीं, हर्षल पटेल रिकवर कर रहे हैं और आगामी घरेलू सीरीज के लिए उपलब्ध रहेंगे। बुमराह अगर वापसी करते हैं तो उनका, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह और हर्षल पटेल का चयन होना लगभग तय है। ऐसे में देखने वाली बात यह होगी कि क्या भारतीय टीम में या टीम प्लान में मोहम्मद शमी हैं या नहीं। शमी को एशिया कप के लिए स्क्वॉड में नहीं शामिल किए जाने पर पूर्व कोच रवि शास्त्री ने चयनकर्ताओं की आलोचना की थी। शमी ने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन किया था। ऐसे में डेथ ओवर्स और पावरप्ले में वह टीम इंडिया के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत के बैडमिंटन स्टार एचएस प्रणय शानदार फॉर्म में हैं। हाल ही में उन्होंने कई बड़े खिलाड़ियों को हराया है। उन्हें बैडमिंटन रैंकिंग में भी इसका फायदा मिला है और अब प्रणय बीडब्लूएफ वर्ल्ड टूर रैंकिंग में दुनिया के शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ी बन चुके हैं। मौजूदा विश्व चैंपियन विक्टर एक्सेलसन दूसरे स्थान पर मौजूद हैं। अपने बेहतरीन फॉर्म के साथ प्रणय ने इस सर्किट में सबको प्रभावित किया है। हाल के महीनों में उन्होंने केंटो मोमोटा, चाउ टीएन चेन और लोह कीन यू जैसे टॉप -10 खिलाड़ियों को आसानी से हराया है। थॉमस कप में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है। हालांकि, शानदार प्रदर्शन के बावजूद प्रणय इस साल कोई खिताब नहीं जीत पाए हैं। वह 58090 पॉइंट लेकर टॉप पर पहुंच गए हैं। बता दें कि बीडब्लूएफ वर्ल्ड टूर रैंकिंग टॉप आठ खिलाड़ियों को तय करने के लिए की जाती है, जो साल के अंत में बीडब्लूएफ वर्ल्ड टूर फाइनल में भाग लेंगे। इस बार यह फाइनल 14 से 18 दिसंबर 2022 तक चीन के ग्वांगझू में आयोजित होगा। खुद प्रणय अपने टॉप पर आने से काफी खुश हुए और उन्होंने ट्वीट कर कहा कि एक्सेलसन के दोबारा टॉप पर आने से पहले उन्हें एक ‘स्क्रीनशॉट’ लेना चाहिए। नंबर एक खिलाड़ी बनने के बाद प्रणय ने कहा सितंबर में बीडब्ल्यूएफ टूर पर नंबर एक होने के नाते आप निश्चित रूप से बेहतर महसूस करते हैं। हां, यह निश्चित रूप से विश्व नंबर एक रैंकिंग नहीं है। 2019 की रैंकिंग गिनती में आने के बाद जल्द ही बहुत सी चीजें बदलने वाली हैं। अगले कुछ महीने उतने ही महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि ये चीजें ऊपर और नीचे जा सकती हैं। मैं ज्यादातर प्रतियोगिताओं में लगातार क्वार्टर फाइनल में पहुंच रहा हूं, यह दर्शाता है कि मैं वास्तव में अच्छा खेल रहा हूं। यह केवल समय की बात है जब मैं फाइनल भी जीतूंगा। हां, इस साल की शुरुआत में थॉमस कप जीतना मेरे लिए ही नहीं बल्कि भारतीय बैडमिंटन के लिए भी निर्णायक क्षण है। उस जीत ने मेरे सभी साथियों को भी इतना आत्मविश्वास दिया। यह पूछे जाने पर कि क्या वह शीर्ष क्रम के खिलाड़ियों को हराकर मैच हारने का कोई आलोचनात्मक विश्लेषण कर रहे हैं, प्रणय ने कहा कि किसी को यह समझना होगा कि अगर आप किसी से क्वार्टर फाइनल में हार जाते हैं तो उसे समान सम्मान दिया जाना चाहिए। वे किसी भी वॉक-ओवर के आधार पर उस मुकाम तक नहीं पहुंचे हैं। वे वहां इसलिए है क्योंकि उन्होंने कुछ बड़े खिलाड़ियों को हराया था। यह बहुत आसान है। हर शीर्ष खिलाड़ी किसी न किसी से हार रहा है। रैंकिंग मायने नहीं रखती। कुछ खास दिनों में आपको मैच जीतने के लिए इस तरह के प्रयास करने पड़ते हैं। उन्होंने आगे कहा ईमानदारी से कहूं तो मैं किसी लक्ष्य का पीछा नहीं करता। मैं केवल अपने शरीर की देखभाल करना चाहता हूं, टूर्नामेंट के दौरान चोट से बचना चाहता हूं। उम्मीद है कि साल का अंत निश्चित रूप से अच्छे प्रदर्शन के साथ होगा।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। विराट कोहली ने अफगानिस्तान के खिलाफ टी2 मैच में शतक जड़ा। यह उनका टी20 इंटरनेशनल का पहला शतक है। वे 53 गेंद में यहां पहुंचे। उन्होंने 1021 दिन और 83 पारी के बाद शतक जड़ा। यह ओवरऑल उनका इंटरनेशनल क्रिकेट का 71वां शतक लगाया। मैच में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया है। रोहित शर्मा को इस मैच से आराम दिया गया है। दोनों ही टीमें फाइनल की रेस से बाहर हो चुकी हैं। ऐसे में वे इस मुकाबले को जीतना चाहेंगी। मैच में राहुल और विराट कोहली ओपनिंग करने उतरे। दोनों ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। भारत ने पहले खेलते हुए 2 विकेट पर 212 रन बना लिए हैं। राहुल ने 62 रन बनाए। इसी के साथ कोहली के टी20 इंटरनेशनल में 3500 रन पूरे हो गए हैं। वे रोहित शर्मा के बाद ऐसा करने वाले दुनिया के सिर्फ दूसरे खिलाड़ी हैं। कोहली 61 गेंद पर 122 रन बनाकर नाबाद रहे। 12 चौका और 6 छक्का लगाया। कोहली ने इससे पहले टी20 में 32 अर्धशतक लगाए थे। इससे पहले उन्होंने 103 टी20 इंटरनेशनल में 50 की औसत से 3462 रन बनाए थे। नाबाद 92 रन की सबसे बड़ी पारी खेली थी, लेकिन अब वे शतक तक पहुंच चुके हैं। वहीं यह राहुल का 17वां अर्धशतक है। वे 36 गेंद में यहां पहुंचे। 6 चौका और एक छक्का लगाया। रोहित शर्मा ने 136 टी20 में 3620 रन बनाए हैं। 4 शतक और 28 अर्धशतक लगाया है। 171 छक्के भी जड़े हैं। वहीं कोहली ने इस मैच से पहले तक 98 छक्के जड़े थे। उनके भी 100 छक्के पूरे हो गए हैं। कोहली टी20 इंटरनेशनल में सबसे अधिक 33 बार 50 से अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। रोहित ने 32 बार ऐसा किया है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ मिली लगातार दो हार के बाद भारतीय टीम लगभग एशिया कप से बाहर हो गई है। अब कोई बड़ा चमत्कार ही टीम को फाइनल का टिकट दिला सकता है। शानदार फॉर्म में चल रही टीम इंडिया को टूर्नामेंट जीतने का प्रबल दावेदार माना जा रहा था, लेकिन सुपर-4 राउंड में टीम का बुरा हाल देखने को मिला। अब ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले आगामी टी20 वर्ल्ड के लिए भी भारतीय टीम पर सवालियां निशान खड़े हो गए हैं। एशिया कप में लगातार दो हार के बाद ये बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि क्या टीम इंडिया वर्ल्ड कप के लिए तैयार है? अगर तैयार है तो क्या ये ही खिलाड़ी विश्व कप में खेलेंगे या टीम कोई बदलाव करेगी। हालांकि, कप्तान रोहित शर्मा ने अपने एक बयान से ये साफ कर दिया है कि आगामी वर्ल्ड कप के लिए मैन इन ब्लू भारतीय टीम तैयार है। हां, टीम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं। श्रीलंका के खिलाफ मिली हार के बाद रोहित शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, एशिया कप के बाद ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के खिलाफ हमें सीरीज खेलनी है। हम वहां पर कई खिलाड़ियों को ट्राई करेंगे जब तक टी-20 वर्ल्डकप के लिए टीम का ऐलान नहीं होता है। हालांकि, मौजूदा टीम 90-95 फीसदी तक पूरी तरह वर्ल्ड कप खेलने के लिए तैयार है, हमें बस कुछ ही बदलाव करने होंगे। 15 सितंबर को टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम का ऐलान किया जाएगा। नेशनल सेलेक्टर टीम इंडिया को चुनने के लिए मुंबई में मीटिंग करेंगे। आईसीसी ने टीमों को 16 सितंबर तक वर्ल्ड कप के लिए खिलाड़ियों के नाम देने के लिए कहा है। हर टीम को केवल 15 सदस्यीय स्क्वाड को चुनने की छूट होगी। जो टीम टूर्नामेंट के लिए ट्रेवल करेगी उसको अपने साथ 30 सदस्यों का दल लेकर चलने की छूट होगी। जिसमें 23 सदस्य ऐसे होंगे जो 15 खिलाड़ियों और 8 सपोर्ट स्टॉफ से मिलकर बनेंगे। 7 में नेट बॉलर और सपोर्ट स्टॉफ हो सकते हैं। टी20 वर्ल्ड कप में रोहित एंड कंपनी अपने अभियान की शुरुआत चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान के साथ खेले जाने वाले मैच से करेगी। ये हाई वोल्टेज मुकाबला 23 अक्टूबर को मेलबर्न में खेला जाएगा। टूर्नामेंट के लिए भारत को ग्रुप-2 में रखा गया है, इस ग्रुप में भारत और पाकिस्तान के अलावा साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश भी शामिल है। वहीं, एक टीम क्वालीफायर राउंड से इस ग्रुप में जुड़ेगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.