एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने बुधवार को 1 अक्टूबर से बांग्लादेश की मेजबानी में शुरू होने वाले महिला एशिया कप 2022 के लिए टीम की घोषणा कर दी है। हरमनप्रीत कौर बांग्लादेश में होने वाले महाद्वीपीय टूनार्मेंट में 15 सदस्यीय टीम की कप्तानी करेंगी। इंग्लैंड के मौजूदा दौरे में शानदार फॉर्म में चल रही स्मृति मंधाना भारत की उपकप्तान बनी रहेंगी। भारत ने सितंबर में इंग्लैंड में खेली गई टी20 टीम में कोई बदलाव नहीं किया है। विकेटकीपर तानिया भाटिया और गेंदबाज सिमरन बहादुर को स्टैंडबाय में शामिल किया गया है। ये दोनों खिलाड़ी इंग्लैंड में 3 मैचों की सीरीज के लिए टीम का हिस्सा थी। पूजा वस्त्राकर, रेणुका ठाकुर, मेघना सिंह पेस अटैक संभालेंगी जबकि राधा यादव, स्नेह राहा और राजेश्वरी गायकवाड़ पर स्पिन की जिम्मेदारी होगी। ऋचा घोष को पहली पसंद विकेटकीपर बनाया गया है। भारत की टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), दीप्ति शर्मा, शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, सबबिनेनी मेघना, ऋचा घोष (विकेटकीपर), स्नेह राणा, दयालन हेमलता, मेघना सिंह, रेणुका ठाकुर, पूजा वस्त्राकर, राजेश्वरी गायकवाड़, राधा यादव, केपी नवगिरे। भारत, पाकिस्तान, मेजबान बांग्लादेश, श्रीलंका, संयुक्त अरब अमीरात, थाईलैंड और मलेशिया ग्रुप-स्टेज में कम से कम एक बार एक-दूसरे से खेलेंगे। टॉप की चार टीमों को राउंड-रॉबिन स्टेज में क्वालीफिकेशन मिलेगा।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। आॅस्ट्रेलिया में अगले महीने होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए सभी टीमें तैयारी में जुट गई हैं। इस साल 16 टीमें वर्ल्ड कप में हिस्सा ले रही हैं और 15 टीमों ने अब तक अपने-अपने स्क्वॉड का एलान कर दिया है। भारत समेत 16 में से आठ टीमें रैंकिंग के आधार पर पहले ही सुपर-12 के लिए क्वालिफाई कर चुकी हैं। वहीं, आठ टीमों के बीच क्वालिफायर मुकाबले खेले जाएंगे। उन आठ टीमों में से चार टीमें सुपर-12 राउंड के लिए क्वालिफाई करेंगी। क्वालिफायर राउंड की बात करें तो आठ टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है- ग्रुप-ए और ग्रुप-बी। ग्रुप-ए में नामीबिया, नीदरलैंड, श्रीलंका और यूएई की टीमें हैं। वहीं, ग्रुप-बी में आयरलैंड, स्कॉटलैंड, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे की टीमें हैं। टॉप की चार टीमें अगले राउंड यानी सुपर-12 राउंड के लिए क्वालिफाई करेंगी। वहीं, सुपर-12 राउंड में 12 टीमों को भी दो ग्रुप में बांटा गया है- ग्रुप-1 और ग्रुप-2। ग्रुप-1 में अफगानिस्तान, आॅस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, ग्रुप-ए की विनर टीम और ग्रुप-बी की रनर अप टीमें होंगी। वहीं, ग्रुप-2 में भारत, बांग्लादेश, पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, ग्रुप-बी की विनर टीम और ग्रुप-ए की रनर अप टीमें होंगी। राउंड-1 (क्वालिफायर्स) : ग्रुप-अ- श्रीलंका, नामीबिया, नीदरलैंड, यूएई। ग्रुप-इ- वेस्टइंडीज, स्कॉटलैंड, आयरलैंड, जिम्बाब्वे। सुपर-12 राउंड : ग्रुप-1- इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान, आॅस्ट्रेलिया। ग्रुप-2- भारत, बांग्लादेश, पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका। आॅस्ट्रेलिया ने पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप जीता था और इस साल टीम एरॉन फिंच की कप्तानी में टाइटल डिफेंड करने उतरेगी। वेस्टइंडीज की टीम ने सबसे ज्यादा दो बार टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया है। उसने 2012 और 2016 में टाइटल अपने नाम किया था। वहीं, भारत (2007), पाकिस्तान (2009), इंग्लैंड (2010), श्रीलंका (2014) और आॅस्ट्रेलिया (2021) ने एक-एक बार खिताब अपने नाम किया है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। स्टार भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली और टीम इंडिया के अन्य सदस्य ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टी 20 मैच से पहले शनिवार को मोहाली के पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन आईएस बिंद्रा स्टेडियम में पहुंच गये हैं। भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज खेलनी है जिसका पहला मैच 20 सितंबर से मोहाली में होना है। दूसरा मैच 23 सितंबर को नागपुर में तो तीसरा 25 सितंबर को हैदराबाद में होगा। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने स्टेडियम में पहुंचने वाले खिलाडिय़ों की तस्वीरें और वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा की है जिसमें कोहली के साथ दिनेश कार्तिक, युजवेंद्र चहल, कप्तान रोहित शर्मा, रविचंद्रन अश्विन, हर्षल पटेल जैसे खिलाड़ी दिख रहे हैं। टीम के साथ भारतीय मुख्य कोच राहुल द्रविड़ भी हैं। विराट कोहली एशिया कप 2022 में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले प्लेयर थे। इस दौरान उन्होंने अपना बहुप्रतीक्षित 71वां अंतरराष्ट्रीय शतक भी लगाया। कोहली ने पांच मैचों में 92.00 की औसत से एक शतक और दो अर्धशतकों के साथ 276 रन बनाये। हालांकि टीम इंडिया एशिया कप के फाइनल में पहुंच नहीं पाई। क्योंकि अब टी-20 विश्व कप में आगामी है जो कि ऑस्ट्रेलिया में होना है, तो ऐसे में टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ महत्वपूर्ण मुकाबला खेलेगी। भारत पिछले वर्ष सेमीफाइनल के लिए भी क्वालीफाई नहीं कर पाया था। भारत सुपर 12 चरण से बाहर हो गया था। टी-20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम : रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रविचंद्रन अश्विन, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, अर्शदीप सिंह। स्टैंडबाय खिलाड़ी - मो शमी, श्रेयस अय्यर, रवि बिश्नोई, दीपक चाहर। ऑस्ट्रेलिया टी-20 के लिए भारत की टीम : रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, आर अश्विन, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, मो शमी, हर्षल पटेल, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह। दक्षिण अफ्रीका टी-20 के लिए भारतीय टीम : रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), आर अश्विन, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, मो. शमी, हर्षल पटेल, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। गुजरात में आयोजित 36वें राष्ट्रीय खेल के लिए झारखंड सरकार खेल विभाग तथा झारखंड ओलंपिक संघ के तत्वाधान में हॉकी झारखंड के महिला एवं पुरुष हॉकी खिलाड़यिों का विशेष प्रशिक्षण शिविर आज से बरियातू गर्ल्स हाई स्कूल रांची स्थित एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में शुरुआत की गई है। विशेष प्रशिक्षण शिविर में हॉकी झारखंड से चयनित पुरुष वर्ग से 27 तथा महिला वर्ग से 27 खिलाड़ी हैं इन खिलाड़यिों का आज से लेकर 26 सितंबर तक लगातार कैंप का आयोजन किया जाएगा। महिला एवम पुरुष दोनों वर्ग से कैंप में जो बेहतर 18-18 खिलादी होंगे। उन्हें चयनित कर राष्ट्रीय गेम्स के लिए हॉकी झारखंड की टीम से प्रतिनिधित्व करने का अवसर दिया जाएगा। हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह ने आज सभी खिलाड़यिों को अपना संदेश देकर कैंप की शुरुआत कराई।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत को टी-20 वर्ल्ड कप से पहले दो टी-20 सीरीज खेलनी है। इसकी शुरुआत आॅस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज से हो रही है। भारत बनाम आॅस्ट्रेलिया टी-20 सीरीज की शुरुआत 20 सितंबर से होगी। तीन मैचों की इस सीरीज में टीम इंडिया के बल्लेबाजों की असली परीक्षा होगी। भारतीय टीम की कमान रोहित शर्मा के हाथों में होगी। वहीं, एरॉन फिंच आॅस्ट्रेलियाई टीम की कमान संभालेंगे। सीरीज से ठीक पहले आॅस्ट्रेलिया के तीन बड़े खिलाड़ी फिटनेस या यूं कहें चोट की वजह से टीम से बाहर हो गए। वहीं, डेविड वॉर्नर को इस सीरीज से आराम दिया गया है। ये चारों खिलाड़ी टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान आॅस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा होंगे। चोट की वजह से बाहर होने वाले खिलाड़ी हैं- मार्कस स्टोइनिस, मिशेल स्टार्क और मिचेल मार्श। हालांकि, क्रिकेट आॅस्ट्रेलिया ने जिन खिलाड़ियों को इनका रिप्लेसमेंट बनाया है, वह भी तगड़े हैं और अपने दम पर मैच पलट सकते हैं। हम आपको उन खिलाड़ियों के बारे में बता रहे हैं जो इस सीरीज में भारतीय टीम के लिए परेशानी बन सकते हैं : विस्फोटक बल्लेबाज मैक्सवेल को हमेशा से भारतीय पिच रास आई है। वह जब भी यहां आते हैं, रन जरूर बनाते हैं। इस बार भी उनकी नजर टी-20 वर्ल्ड कप से पहले अपने फॉर्म को पुख्ता करने उतरेंगे। मैक्सवेल ने अब तक 87 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 30.56 की औसत और 153.38 के स्ट्राइक रेट से 2017 रन बनाए हैं। वहीं, भारतीय जमीन पर मैक्सवेल टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने यहां नौ मैचों में 46 की औसत और 152.60 के स्ट्राइक रेट से 322 रन बनाए हैं। नाबाद 113 रन भारतीय जमीन पर उनका सर्वोच्च स्कोर है। मैक्सवेल ने भारत में एक शतक और एक अर्धशतक भी जड़ा है। आॅस्ट्रेलिया टीम के साथ स्टीव स्मिथ भी भारतीय दौरे पर आ रहे हैं। स्मिथ को हमेशा से भारत के खिलाफ खेलना पसंद रहा है। चाहे आॅस्ट्रेलिया हो या भारत वह हर जगह रन बनाते हैं। स्मिथ आईपीएल भी खेल चुके हैं। उनका अनुभव आॅस्ट्रेलिया के बहुत काम आएगा। हालांकि, टी-20 में स्मिथ का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ हाल ही में हुए वनडे सीरीज में वह प्लेयर आॅफ द सीरीज रहे थे। स्मिथ ने अब तक 57 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 26.51 की औसत 125.75 के स्ट्राइक रेट से 928 रन बनाए हैं। भारतीय जमीन पर स्मिथ ने चार अंतरराष्ट्रीय टी-20 खेले हैं। इसमें उन्होंने 27.66 की औसत और 120.28 के स्ट्राइक रेट से 83 रन बनाए हैं। इसमें एक अर्धशतक शामिल है। कप्तान एरॉन फिंच भले ही पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म में चल रहे हों, लेकिन भारतीय जमीन पर उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है। फिंच आॅस्ट्रेलिया की ओर से भारत में टी-20 में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने यहां सात मैचों में 29.28 की औसत और 138.51 के स्ट्राइक रेट से 205 रन बनाए हैं। वह इस दौरे पर अपना खोया हुआ फॉर्म हासिल करने की कोशिश करेंगे और भारत की बैटिंग पिच उन्हें इसमें मदद कर सकती है। ओवरआॅल टी-20 की बात करें तो फिंच ने आॅस्ट्रेलिया के लिए 92 टी-20 खेले हैं। इसमें उन्होंने 35.25 की औसत और 145.29 के स्ट्राइक रेट से 2855 रन बनाए हैं। 172 रन उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। पूर्व नंबर एक टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर ने प्रोफेशनल करियर से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। गुरुवार यानी कि 15 सितंबर शाम को सोशल मीडिया के जरिए रोजर फेडरर ने संन्यास का ऐलान किया। अगले सप्ताह होने वाला लेवर कप उनके करियर का आखिरी एटीपी टूर्नामेंट होगा और इसके बाद वह किसी भी ग्रैंड स्लैम या टूर इवेंट में नजर नहीं आयेंगे। स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर ने अपने प्रोफेशनल करियर को अब यही छोड़ने का मन बन लिया है। वह लंबे समय से चोट के कारण कोर्ट से बाहर ही हैं। रोजर फेडरर के फैंस दुनिया भर में मौजूद हैं। उनके सन्यास लेने की खबर सामने आने के बाद से ही फैंस उन्हें लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। रोजर फेडरर के पोस्ट के नीचे चंद मिनटों के अंदर ही कमेंट्स की भरमार हो गई। फेडरर ने अपने इस शानदार सफर में साथ देने के लिए प्रशंसकों और प्रतियोगी को धन्यवाद दिया। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि अब 41 साल की उम्र में उन्हें लगता है कि इसे छोड़ने का समय आ गया है। अपनी चिट्ठी में फेडरर ने लिखा, मैं 41 साल का हूं। मैंने 24 वर्षों में 1500 से अधिक मैच खेले हैं। लेकिन अब मुझे लगता है कि अब इसे छोड़ने का सही समय आ गया है। फेडरर ने आगे अपनी पत्नी मिर्का को धन्यवाद दिया जो हर मिनट उनके साथ खड़ी रहीं। उन्होंने लिखा कि उसने फाइनल से पहले मुझे वार्म अप किया था, पूरे 8 महीने की गर्भवती होने पर भी उसने मेरे मैच देखे थे। हर मोड़ पर मेरा साथ देने के लिए मिर्का को धन्यवाद...। बता दें कि स्विट्जरलैंड में जब कोरोनावायरस की वजह से लोग अपनी जान गंवा रहे थे, तब भी फेडरर और मिर्का ने स्विट्जरलैंड को एक मिलियन स्विस फ्रैंक यानी करीब 7 करोड़ 70 लाख रुपये दान किए थे। ये जोड़ी हमेशा ही किसी न किसी कारण सुर्खियों में रहती रही है। टेनिस की जब भी बात होगी फेडरर का नाम जरूर आयेगा। फेडरर ने 20 ग्रैंड स्लैम के अलावा 103 करियर एटीपी खिताब जीते हैं। 1998 में प्रोफेशनल टेनिस करियर की शुरुआत करने वाले फेडरर ने अपने जीवन में खई यादगार मुकाबले जीते हैं। फेडरेर का रिकॉर्ड शानदार रहा है। फेडरर ने अपने करियर में कुल 1526 सिंगल्स और 223 डबल्स मैच खेले हैं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। ऑस्ट्रेलियाई पिचें स्विंग गेंदबाजी के अनुकूल रहती हैं। ऐसे में बीसीसीआई के सिलेक्टर्स ने सोमवार को आगामी टी-20 विश्व कप के लिए जो टीम चुनी उसमें तेज गेंदबाजों को ज्यादा मौके दिए गए हैं। बीसीसीआई ने चार प्लेयर स्टैंड बाय में रखे हैं। टी-20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम : रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (वीसी), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रविचंद्रन अश्विन, युजी चहल, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, अर्शदीप सिंह। स्टैंडबाय खिलाड़ी -मोहम्मद शमी, श्रेयस अय्यर, रवि बिश्नोई, दीपक चाहर। टीम में रवींद्र जडेजा को नहीं मिली जगह : टीम इंडिया के हरफनमौला खिलाड़ी रवींद्र जडेजा ने हाल ही में घुटने की सर्जरी करवाई, जिससे भारत की टी20 विश्व कप टीम में उनकी जगह खतरे में पड़ गई थी। उनके लिए समय पर ठीक होने की संभावना बहुत कम थी ऐसे में उनकी जगह अक्षर पटेल को मौका दिया गया है। हरभजन ने दिया था उमरान मलिक पर जोर : टी20 वर्ल्ड कप टीम के लिए भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज उमरान मलिक को चुनना चाह रहे हैं। उन्होंने ट्विट कर लिखा- भारत के लिए विश्व कप टीम में आज मिस्टर 150 उमरान मलिक को कौन देखना चाहता है? वह ऑस्ट्रेलिया में उन उछाल वाली पिचों पर हमारा तुरुप का पत्ता हो सकता है.. कोई विचार? आशीष नेहरा ने ऐसी चुनी थी भारतीय टीम : रोहित शर्मा, केएल राहुल, विराट कोहली, ऋषभ पंत, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल, रविचंद्रन अश्विन, दिनेश कार्तिक, जसप्रीत बुमराह, हर्षल पटेल, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, दीपक हुड्डा। आरपी सिंह की टीम में तीन प्लेयर थे रिजर्व में : रोहित शर्मा, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, हार्दिक पांड्या, दिनेश कार्तिक, अक्षर पटेल, मोहम्मद शमी, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, केएल राहुल, दीपक चाहर। रिजर्व : दीपक हुड्डा, संजू सैमसन, रविचंद्रन अश्विन।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज में शिखर धवन भारतीय टीम के कप्तान बन सकते हैं। न्यूज एजेंसी एएनआई ने बीसीसीआई सूत्रों के हवाले से यह जानकार दी है। इस सीरीज में भारत के उन सभी खिलाड़ियों को आराम दिया जायेगा, जो ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप की टीम में शामिल हैं। ऐसे में कप्तान रोहित शर्मा सहित विराट कोहली और हार्दिक पांड्या जैसे अहम खिलाड़ी टीम का हिस्सा नहीं होंगे। इस स्थिति में शिखर धवन को कप्तानी मिलना तय है। इसके अलावा वीवीएस लक्ष्मण को इस सीरीज में भारत का कोच बनाया जा सकता है। लक्ष्मण इससे पहले भी जरूरत पड़ने पर भारतीय टीम के कोच बन चुके हैं। टी20 वर्ल्ड कप का आठवां संस्करण इस साल 16 अक्तूबर से 13 नवंबर तक ऑस्ट्रेलिया में होने वाला है। इससे पहले भारत 28 सितंबर से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन-तीन टी20 और तीन वनडे मैच खेलेगा। पहला टी20 मैच 28 सितंबर को तिरुवनंतपुरम में आयोजित किया जाएगा। दूसरा मैच दो अक्तूबर, 2022 को गुवाहाटी में महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर खेला जायेगा, इसके बाद चार अक्तूबर को इंदौर में आखिरी टी20 मैच होगा। छह अक्तूबर को लखनऊ में वनडे सीरीज की शुरुआत होगी। इस सीरीज में शिखर धवन भारत के कप्तान होंगे। वनडे सीरीज का दूसरा मैच नौ अक्तूबर को रांची और तीसरा मैच 11 अक्तूबर को दिल्ली में खेला जायेगा। शिखर धवन इससे पहले भी कई मौकों पर भारतीय टीम की कप्तानी कर चुके हैं। पिछले साल श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में उन्हें वनडे और टी20 टीम की कप्तानी दे गई थी। इसके बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में भी धवन ने अपनी कप्तानी में शानदार जीत दिलाई। जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज में भी उन्हें भारत का कप्तान बनाया गया था, लेकिन बाद में लोकेश राहुल फिट हो गए और धवन की जगह राहुल की भारतीय टीम की कमान सौंप दी गई। टी20 विश्व कप के लिए भारत की संभावित टीम : रोहित शर्मा (कप्तान) लोकेश राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, दिनेश कार्तिक, दीपक हुड्डा, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, युजवेन्द्र चहल, रविचंद्रन अश्विन, हर्षल पटेल, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। 19 साल के कार्लोस अल्कारेज ने यूएस ओपन टेनिस चैंपियनशिप में कैस्पर रूड को हराकर अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीत लिया है। इसी के साथ 19 साल की उम्र में वह नंबर 1 रैंक हासिल करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गये हैं। यूएस ओपन को 32 वर्ष बाद सबसे युवा चैंपियन मिला है। कार्लोस ने यूएस ओपन के फाइनल में नॉर्वे के कैस्पर रूड को 6-4, 2-6, 7-6 (1), 6-3 से हराकर अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीता और पहली बार दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी बन गये। जैसे ही अल्कारेज ने मैच अपने नाम किया वो अपनी पीठ के बल गिर गए और अपने हाथों को अपने चेहरे पर रख लिया। इसके बाद वह नेट फांदकर रुड को गले लगाने पहुंचे। न्यूयॉर्क में दो सप्ताह के टूर्नामेंट में अपने एक्रोबेटिक शॉट, जोश के साथ प्रशंसकों को रोमांचित करने वाले अल्कारेज ने रूस के डेनियल मेदवेदेव को हटाकर नंबर वन पायदान हासिल किया है। 1973 में एटीपी रैंकिंग शुरू होने के बाद से अल्कारेज दुनिया के सबसे कम उम्र के नंबर एक खिलाड़ी बने हैं। स्पेन के युवा टेनिस स्टार कार्लोस अल्कारेज और नॉर्वे के कास्पर रूड यूएस ओपन के फाइनल में पहुंचे थे। रविवार को हुए इस खिताबी मुकाबले को जो भी जीतता वह अपनी पहली ग्रैंड स्लैम ट्रॉफी जीतने के साथ ही नंबर एक ताज भी हासिल करता। और इसमें अल्कारेज ने बाजी मार ली। पीट संप्रास के बाद यूएस ओपन जीतने वाले दूसरे सबसे युवा खिलाड़ी : 19 वर्षीय अल्कारेज ओपन एरा में अमेरिका के महान खिलाड़ी पीट संप्रास के बाद दूसरे सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने यह खिताब जीता है। पीट संप्रास ने 19 वर्ष की उम्र में 1990 में यूएस ओपन का खिताब जीता था। इसके साथ ही अल्कारेज 1973 से शुरू हुई एटीपी रैंकिंग में पहले सबसे कम उम्र के नंबर एक खिलाड़ी बनेंगे। अभी यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के ल्यूटन हेविट के नाम दर्ज था। हेविट 20 वर्ष 8 माह 23 दिन की उम्र में 19 नवंबर 2001 को सबसे कम उम्र के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी बने थे। अल्कारेज ने 19 साल की उम्र में ग्रैंड स्लैम जीता है और राफेल नडाल के बाद ग्रैंड स्लैम जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। राफेल नडाल ने 2005 में ऐसा किया था। मौजूदा नंबर एक खिलाड़ी रूस के दानिल मेदवेदेव नई एटीपी रैंकिंग में शीर्ष खिलाड़ी नहीं हैं। वह पिछले साल यूएस ओपन का खिताब जीतने के बाद से नंबर एक बने हुए थे। इस बार यूएस ओपन को नया चैंपियन मिलने के साथ ही विश्व टेनिस को नया शीर्ष खिलाड़ी मिला है। अब 19 साल के कार्लोस अल्कारेज दुनिया के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.