एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत का महिला एशिया कप में अब तक का सफर आसान रहा है और गुरुवार को यहां सेमीफाइनल में टीम जब थाईलैंड की कमजोर टीम से भिड़ेगी तो उसके एक और जोरदार जीत दर्ज करने की उम्मीद है। इन दोनों टीम के बीच पिछला मुकाबला काफी एकतरफा रहा था जिसमें भारत ने थाईलैंड को 15.1 ओवर में सिर्फ 37 रन पर ढेर कर दिया था और फिर लीग चरण के इस मुकाबले में आसान जीत दर्ज की। थाईलैंड की टीम भारत के खिलाफ पिछले मैच की तुलना में बल्लेबाजी में बेहतर प्रदर्शन करना चाहेगी। टीम ने मेजबान और गत चैंपियन बांग्लादेश को पछाड़कर पहली बार एशिया कप के सेमीफाइनल में जगह बनाई है। नारुमोल चाईवाई की टीम यह साबित करने की उम्मीद कर रही होगी कि टूनार्मेंट के लिए उसका क्वालीफाई करना तुक्का नहीं है। भारत को इस टूनार्मेंट के जरिए अपनी बेंच स्ट्रैंथ को परखने का शानदार मौका मिला है और इस प्रतियोगिता के जरिए टीम की कम अनुभवी खिलाड़ियों को दक्षिण अफ्रीका में अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप से पहले पर्याप्त मुकाबले खेलने का समय मिला है। इस रणनीति के तहत भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर छह लीग मैच में से केवल तीन में खेली और भारत की एकमात्र हार के दौरान पाकिस्तान के खिलाफ सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरीं। फिनिशर की भूमिका निभाने वाली खिलाड़ी की तलाश में भारत ने आक्रामक बल्लेबाजों किरण प्रभु नवगिरे और डायलन हेमलता को आजमाया। मई में महिला टी20 चैलेंज में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाली किरण तीन पारियों में सिर्फ 10 रन बना पाई जबकि उनसे अधिक अनुभवी हेमलता के नाम भी चार पारियों में सिर्फ 45 रन दर्ज हैं। अब यह देखना होगा कि भारत प्रयोग जारी रखता है या फिर फाइनल की तैयारी के लिए अपनी सबसे मजबूत टीम उतारता है। दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा और राजेश्वरी गायकवाड़ की स्पिन तिकड़ी पूरे टूनार्मेंट के दौरान विरोधी बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने में सफल रही है। भारत को चुनौती देने के लिए थाईलैंड की टीम अपनी शीर्ष तीन खिलाड़ियों नानापट कोंचारोएनकेई, नथाकन चेंथम और कप्तान चाईवाई पर निर्भर करेंगी। इन तीनों ने टूनार्मेंट में टीम के लिए काफी रन बनाए हैं लेकिन भारत की अनुशासित गेंदबाजी के सामने उनकी राह आसान नहीं होगी। भारत के लिए सबसे सकारात्मक पक्ष जेमिमा रोड्रिग्ज की फॉर्म रही है। जेमिमा ने मध्यक्रम में जिम्मेदारी निभाते हुए दो अर्धशतक की मदद से सर्वाधिक 188 रन बनाए हैं। पहले दो मैच में विफल रही सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने भी मजबूत वापसी की है। दूसरा सेमीफाइनल भी गुरुवार को ही पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेला जायेगा।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत ने वनडे सीरीज के तीसरे और आखिरी मैच में दक्षिण अफ्रीका को सात विकेट से हरा दिया है। इसके साथ ही भारत ने सीरीज 2-1 से अपने नाम की है। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था और दक्षिण अफ्रीका ने भारत के सामने 100 रन का लक्ष्य रखा। टीम इंडिया ने 19.1 ओवर में तीन विकेट खोकर यह लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम इंडिया ने अपने घर में दक्षिण अफ्रीका से 12 साल बाद वनडे सीरीज जीती है। भारतीय टीम ने तीन मैचों की सीरीज का आखिरी मुकाबला सात विकेट से जीत लिया है। दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 99 रन बनाए थे। 35 रन बनाने वाले क्लासेन टीम के सबसे सफल बल्लेबाज थे। उनके अलावा सिर्फ दो बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छू पाए थे। भारत के लिए कुलदीप यादव ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। इसके जवाब में भारत ने शुभमन गिल के 49 रन की बदौलत यह मैच सात विकेट से जीत लिया। भारत ने 19.1 ओवर में लक्ष्य का पीछा कर लिया। श्रेयस अय्यर ने छक्के के साथ यह मैच खत्म किया। इसके साथ ही भारत ने वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम की। भारत ने 12 साल बाद अपने घर में दक्षिण अफ्रीका से कोई वनडे सीरीज जीती है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। महिला एशिया कप 2022 जीतने की प्रबल दावेदार भारतीय टीम ने स्नेह राणा (9/3) की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत थाईलैंड को एकतरफा मुकाबले में सोमवार को नौ विकेट से मात दी। थाईलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15.1 ओवर में आॅलआउट होने से पहले केवल 37 रन बनाये। इस छोटे लक्ष्य को भारत ने छह ओवर में ही हासिल कर लिया।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका को दूसरे वनडे मुकाबले में सात विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही उसने तीन मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। भारतीय टीम की जीत में श्रेयस अय्यर और ईशान किशन का अहम रोल रहा। श्रेयस ने जहां नाबाद शतकीय पारी खेली। वहीं ईशान किशान महज सात रन से शतक से चूक गये। भारतीय टीम के लिए श्रेयस अय्यर और ईशान किशन ने शानदार पारी खेली। दोनों ने 161 रनों की शानदार पार्टनरशिप की। इससे पहले टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए अफ्रीकी टीम ने सात विकेट पर 278 रन बनाए थे। एडेन मार्करम ने 79 और रीजा हेंड्रिक्स ने 74 रनों की पारी खेली। दोनों खिलाड़ियों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 129 रनों की पार्टनरशिप की। इन दोनों के अलावा डेविड मिलर ने नाबाद 35 रनों की उपयोगी पारी खेली।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय ओलंपिक संघ ने शनिवार को बताया कि गोवा अगले साल अक्तूबर में राष्ट्रीय खेलों के 37वें संस्करण की मेजबानी करेगा। गोवा राज्य सरकार ने आईओए को राष्ट्रीय खेलों के अगले संस्करण की मेजबानी के लिए अपनी सैद्धांतिक मंजूरी के बारे में बता दिया है। आईओए के महासचिव राजीव मेहता ने गोवा के खेल और युवा मामलों के सचिव अजीत रॉय को एक पत्र में लिखा आईओए 2023 में गोवा में 37वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी के लिए गोवा सरकार के पूरे दिल से समर्थन को देखकर प्रसन्न है, इसलिए गोवा में 37वें राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए आईओए की स्वीकृति से अवगत कराया जा रहा है। गोवा प्रतिनिधिमंडल 12 अक्टूबर, 2022 को सूरत, गुजरात में 36वें राष्ट्रीय खेलों के समापन समारोह में आईओए का झंडा ले सकता है। आईओए ने आगे बताया "37वें राष्ट्रीय खेलों की तारीख 19वें एशियाई खेलों की तारीखों को ध्यान में रखते हुए तय की जायेंगी, जो 23 सितंबर से आठ अक्तूबर, 2022 तक हांग्जो, चीन में आयोजित होंगे। गोवा को 2008 में राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी करने का अधिकार मिला, लेकिन विभिन्न कारणों से राज्य उनकी मेजबानी करने में विफल रहा, जिससे आईओए को 36वें संस्करण को गुजरात में स्थानांतरित करने के लिए मजबूर होना पड़ा, जो कम समय में इस आयोजन को आयोजित करने के लिए सहमत हो गया। पिछला राष्ट्रीय खेल 2015 में केरल में आयोजित किया गया था और गोवा को 36वें संस्करण की मेजबानी नवंबर 2016 में करनी थी। 2018 और 2019 में देरी के बाद, गोवा में पर्याप्त बुनियादी ढांचा बनाने में असमर्थता के कारण, खेलों को 2020 तक के लिए स्थगित कर दिया गया था। लेकिन कोरोना महामारी ने फिर से राष्ट्रीय खेलों को स्थगित करने के लिए मजबूर किया और गोवा सरकार ने इस साल दिसंबर से पहले इस आयोजन की मेजबानी करने में असमर्थता व्यक्त की।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। रांची के जेएससीए स्टेडियम में भारत दक्षिण अफ्रीका सीरीज का दूसरा एकदिवसीय मैच आज खेला जा रहा है। भारत के लिए करो या मरो के इस मुकाबले में 279 का लक्ष्य दक्षिण अफ्रीका ने दिया है। इसे लेकर लोगों में काफी उत्साह है। यह सीरीज का दूसरा मैच है। पिछला मैच जीत कर दक्षिण अफ्रीका सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाए हुए है। सुरक्षा को लेकर पूरे इंतजाम हैं। मैच को देख कुछ इलाकों में धारा 144 भी लगी हुई है। भारत और दक्षिण अफ्रीका एकदिवसीय मैच को लेकर राजधानी रांची की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। मैच के दौरान सुरक्षा में चार आईपीएस, 20 डीएसपी, 40 इंस्पेक्टर, 84 सब-इंस्पेक्टर और 1500 जवान शहर में तैनात हैं। क्रिकेट मैच को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस मुख्यालय की तरफ से 4 आईपीएस की तैनाती भी रांची में की गयी है। सभी आईपीएस को यह जिम्मेदारी दी गई है कि वो रांची के सीनियर एसपी से कॉर्डिनेट कर सुरक्षा की मॉनिटरिंग करें। स्टेडियम के अंदर और बाहर की सुरक्षा को लेकर कुल 29 डीएसपी, 500 पुलिस पदाधिकारी, जिनमें इंस्पेक्टर दारोगा और जमादार शामिल हैं। इसके अलावा 1500 जवानों की तैनाती स्टेडियम से लेकर मुख्य गेट और स्टेडियम के चारों तरफ की गयी है। भारत और दक्षिण अफ्रीका दोनों ही टीमों के खिलाड़ी रांची के होटल रेडिसन ब्लू में ठहरे हुए हैं। होटल की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। होटल के बाहर और भीतर पुलिस बल तैनात हैं। जिस समय दोनों टीमें एयरपोर्ट से होटल और होटल से स्टेडियम जायेंगी, उस दौरान ऊंची बिल्डिंग के ऊपर भी रांची पुलिस के स्नाइपर्स तैनात रह रहे हैं। रांची के सीनियर एसपी किशोर कौशल ने बताया कि स्टेडियम के आसपास ड्रॉप गेट बने हुए हैं। इन ड्रॉप गेट्स से स्टेडियम में वैसे ही लोगों को जाने की इजाजत थी, जिनके पास पास या टिकट था। बिना पास या टिकट के किसी भी व्यक्ति को अंदर दाखिल होने नहीं दिया गया।
टीम एबीएन, रांची। भारत और दक्षिण अफ्रीका के जारी एकदिवसीय मैचों की शृंखला का दूसरा मुकाबला रांची के जेएससीए स्टेडियम में खेला जाना है। जहां का मौसम इन दिनों गड़बड़ है। कभी धूप तो कभी छांव की स्थिति है। लेकिन मैच के दिन यानी रविवार को बारिश की भी आशंका जतायी जा रही है। भारत को सीरीज जीतने के लिए दूसरे वनडे में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। दक्षिण अफ्रीका ने लखनऊ के इकाना स्टेडियम में बारिश से प्रभावित मैच में टीम इंडिया को 9 रन से शिकस्त दी थी। टीम इंडिया ने रांची में आखिरी बार मार्च 2019 में आॅस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। इस मुकाबले में कंगारू टीम ने भारत को 32 रन से हराया था। मौसम ने लखनऊ वनडे का मजा किरकिरा किया था। बारिश के चलते पहला वनडे मुकाबला 40-40 ओवर का हुआ। रांची में रविवार (8 अक्टूबर) को 50 फीसदी बारिश का अनुमान है। मैदान पर बादल छाए रहेंगे। इसके अलावा 90 फीसदी नमी रह सकती है। शाम के समय हवा की रफ्तार 11 किमी प्रति घंटा रहेगी। मैच के दौरान तापमान 22 से 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इन दिनों सोशल मीडिया पर छाये हुए हैं। थाला एमएस धोनी को शाम को चेन्नई एयरपोर्ट से बाहर निकलते हुए देखा गया। इंडियन प्रीमियर लीग फ्रेंचाइजी ने चेन्नई सुपरकिंग्स ने सोशल मीडिया पर माही की दो फोटो शेयर की है। इससे पहले धोनी को दिग्गज सचिन तेंदुलकर के साथ टेनिस कोर्ट पर देखा गया था। अपनी कप्तानी में चेन्नई सुपरकिंग्स को चार बार चैंपियन बना चुके महेंद्र सिंह धोनी को चेन्नई एयरपोर्ट पर सफेद टी शर्ट और चेहरे पर काले रंग के मास्क में देखा गया। धोनी इससे पहले भी आईपीएल ऑक्शन और नयव सीजन के शुरू होने से पहले चेन्नई का दौरा करते रहे हैं। पिछले तीन साल वह आईपीएल में हिस्सा लेने से पहले और यूएई रवाना होने से पूर्व चेन्नई जा चुके हैं। एमएस धोनी आईपीएल के 16वें सीजन में भी चेन्नई सुपरकिंग्स की ओर से खेलेंगे। इस दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज ने आईपीएल के 15वें सीजन में 14 मैचों में 232 रन बनाये थे। हालांकि सीएसके की टीम प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने से चूक गई थी। धोनी ने रवींद्र जडेजा को कप्तानी सौंप दी थी। जडेजा ने शुरुआत में कुछ मैचों में सीएसके की अगुआई की लेकिन बाद में टीम की लगातार हार के बाद उन्होंने दोबारा धोनी को कप्तानी सौंप दी।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। चंडीगढ़ के गोल्फर युवराज सिंह संधू ने शुक्रवार को यहां टाटा स्टील पीजीटीआई प्लेयर्स चैम्पियनशिप के अंतिम दौर में चार अंडर 68 का कार्ड खेलकर सत्र का चौथा खिताब अपने नाम किया। युवराज का कुल स्कोर 19 अंडर 269 रहा, जिससे वह अपना सातवां पेशेवर खिताब जीतने में सफल रहे। वह 7. 5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि जीतकर पीजीटीआई आॅर्डर आॅफ मेरिट में तीसरे से दूसरे स्थान पर पहुंच गये। चंडीगढ़ के एक अन्य गोल्फर अजीतेश संधू ने दिन का सर्वश्रेष्ठ 65 का कार्ड खेला जिससे वह 18 अंडर 270 के कुल स्कोर से बांग्लादेश के गोल्फर जमाल हुसैन (66) के साथ संयुक्त उपविजेता रहे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.