Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
होम देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन

खेल समाचार

View All
टी20 वर्ल्ड कप : मेलबर्न में दिवाली से पहले आज भारत-पाक के बीच महामुकाबला
Published / 2022-10-23 12:52:59
टी20 वर्ल्ड कप : मेलबर्न में दिवाली से पहले आज भारत-पाक के बीच महामुकाबला

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। टी20 वर्ल्ड कप में आज भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला होना है। ऐतिहासिक मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर दोनों टीमें करीब एक लाख दर्शकों के सामने खेलेंगी। भारत और पाकिस्तान का मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में यह पहला मैच होगा। दोनों टीमें जीत के साथ शुरुआत करना चाहेंगी। भारतीय टीम पिछले टी20 वर्ल्ड कप में मिली हार का बदला लेने के लिए उतरेगी। भारत बनाम पाकिस्तान मैच रविवार को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर एक लाख समर्थकों के सामने होगा। कोहली ने कहा कि वह इतनी बड़ी भीड़ के सामने खेलने को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, खेल से ज्यादा, मैं उस पल का इंतजार कर रहा हूं (एक लाख समर्थकों के सामने खेलना)। पिछली बार मैंने ईडन गार्डन्स में ऐसे पल का अनुभव किया था, जहां मुझे लगता है कि लगभग 90,000 प्रशंसक थे। वह एक खचाखच भरा स्टेडियम था। जब मैं ड्रेसिंग रूम से बाहर निकला तो खेल के दिग्गज सचिन तेंदुलकर, सुनील गावस्कर, कपिल देव, वसीम अकरम और वकार यूनिस को देखा था। माहौल जबरदस्त था, लेकिन मुझे ध्यान केंद्रित करने की जरूरत थी क्योंकि आप उस माहौल में खींच सकते हैं। विराट ने कहा, वर्ल्ड कप में मोहाली में भी ऐसा ही था। वर्ल्ड कप मैचों के दौरान एक अलग माहौल बनता है। यह एक अलग एहसास है और आप उसे अनुभव करते हैं। चारों तरफ इसे लेकर बात होती है। मैं इन पलों से प्यार करता हूं। वास्तव में ये क्षण हैं जो पूरे अनुभव का हिस्सा हैं। आप वास्तव में इन पलों को जीने के लिए खेलते हैं।

पाकिस्तान को हराकर भारतीय टीम देगी दिवाली का तोहफा
Published / 2022-10-22 18:15:57
पाकिस्तान को हराकर भारतीय टीम देगी दिवाली का तोहफा

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। आईसीसी विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ कभी ना हारने का रिकॉर्ड पिछली बार टूटने से आहत भारतीय क्रिकेट टीम टी20 विश्व कप के अपने पहले सुपर 12 चरण के मुकाबले में रविवार को चिर प्रतिद्वंद्वी को हराकर देश को दीवाली का तोहफा देने के इरादे से उतरेगी। इस मैच पर बारिश की गाज गिरने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन यहां के मौसम के जानकारों के अनुसार पूरा मैच रद्द होने की संभावना कम है। दोनों देशों के हजारों क्रिकेटप्रेमी इस मैच को देखने यहां जुटे हैं। स्टेडियम के सारे टिकट बिक चुके हैं। रोहित शर्मा और बाबर आजम की टीमों के लिये यह एक आम मैच है लेकिन दोनों देशों के लाखों क्रिकेटप्रेमियों के लिये बस यही मैच है। महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में भारतीय टीम आईसीसी टूनार्मेंटों में पाकिस्तान से कभी नहीं हारी और धोनी बार बार कहते आये हैं कि क्रिकेट के मैदान पर बदले जैसा कोई शब्द नहीं होता। लेकिन पिछले एक साल में बहुत कुछ बदल गया। शाहीन शाह अफरीदी की खतरनाक गेंदबाजी के दम पर पाकिस्तान ने पहली बार विश्व कप के किसी मैच में भारत को हराया। अफरीदी ने 31 रन देकर तीन विकेट लिये और पाकिस्तान को न सिर्फ जीत दिलाई बल्कि आधुनिक क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाजों को निरूत्तर भी किया। रोहित, विराट कोहली और केएल राहुल दुबई में पिछले साल मिली हार को भूले नहीं होंगे। उस पर एशिया कप खेलने पाकिस्तान नहीं जाने के बीसीसीआई के बयान और अगले साल भारत में होने वाले वनडे विश्व कप से हटने की पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की धमकी ने आग में घी डालने का काम किया है। भारतीय टीम के लिये चिंता का सबब टीम संयोजन है। पिछले कुछ समय से भारत को स्थिर टीम संयोजन नहीं मिल सका है। भारत को एक अतिरिक्त गेंदबाज को उतारने के लिये विशेषज्ञ विकेटकीपर ऋषभ पंत को बाहर करना पड़ सकता है। बल्लेबाजी क्रम को अफरीदी के अलावा नसीम शाह और हारिस रऊफ का भी सामना करना है। भारत के शीर्ष तीन बल्लेबाज अफरीदी को पावरप्ले में कैसे खेलते हैं, इससे ही मैच की दशा और दिशा तय होगी। ऐसे में टी20 प्रारूप में भारत के नंबर एक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव पर बहुत कुछ निर्भर होगा जो हर हालात में अपना स्वाभाविक खेल दिखाने के लिये मशहूर हैं। बारिश होने पर रोहित टॉस जीतकर गेंदबाजी करना पसंद करेंगे। भारत के पास तीन विशेषज्ञ स्पिनर हैं लेकिन मौसम के हिसाब से उन्हें उतारने के बारे में फैसला लिया जायेगा। बारिश होने पर हर्षल पटेल को मौका मिल सकता है जो बल्लेबाजी में भी माहिर हैं। पाकिस्तान के पास तीन खब्बू बल्लेबाज शान मसूद, मोहम्मद नवाज और खुशदिल शाह हैं लिहाजा रविचंद्रन अश्विन के खेलने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। बराबरी के इस मुकाबले में पाकिस्तान का पलड़ा तनिक भारी लग रहा है तो उसकी एकमात्र वजह है शाहीन शाह अफरीदी। एमसीजी पर 37 साल बाद भारत और पाकिस्तान का मुकाबला हो रहा है। आखिरी बार 1985 बेंसन एंड हेजेस विश्व चैम्पियनशिप में दोनों टीमें खेली थी। वह सुनील गावस्कर का भारत के कप्तान के तौर पर आखिरी मैच था और रवि शास्त्री ने अपने शानदार प्रदर्शन से आडी कार जीती थी। भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, दिनेश कार्तिक, ऋषभ पंत, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, मोहम्मद शमी, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, हर्षल पटेल, दीपक हुड्डा। पाकिस्तान : बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान, फखर जमां, शान मसूद, मोहम्मद नवाज, खुशदिल शाह, आसिफ अली, हैदर अली, इफ्तिखार अहमद, हारिस रऊफ, नसीम शाह, शाहीन शाह अफरीदी, मोहम्मद वसीम, शादाब खान, मोहम्मद हसनैन।

इंडो-पाक : सिर पर गेंद लगने से टॉप पाक बल्लेबाज अस्पताल में भर्ती
Published / 2022-10-21 17:53:48
इंडो-पाक : सिर पर गेंद लगने से टॉप पाक बल्लेबाज अस्पताल में भर्ती

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को वर्ल्ड कप का मैच खेला जाना है। इस मैच से पहले पाकिस्तान टीम के लिए एक बुरी खबर सामने आयी है। पाकिस्तान के टॉप आॅर्डर बल्लेबाज शान मसूद नेट प्रैक्टिस के दौरान चोटिल हो गये हैं। चोट लगने के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। शान मसूद को लेकर अभी तक पाकिस्तान की टीम की तरफ से कोई अपडेट नहीं दी गई है। ट्रेनिंग सेशन के दौरान मोहम्मद नवाज ने एक शॉट मारा और गेंद जाकर सीधे मसूद के सिर पर लग गई। इसके बाद बायें हाथ का यह बल्लेबाज चोटिल होने के बाद 5-7 मिनट तक जमीन पर लेटा रहा। फिजियो टीम के मैदान पर आने के बाद शान मसूद को नेट्स से निकालकर बाहर ले जाया गया, फिलहाल वह अस्पलाल में भर्ती हैं। शान मसूद चोट लगने के तुरंत बाद जमीन पर गिर पड़े थे, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि उन्हें काफी गहरी चोट लगी होगी। डॉक्टर्स की टीम बल्लेबाज की जांच में जुटी हुई है। अस्पताल से उनके हालात को लेकर अभी कोई अपडेट सामने नहीं आई है। अगर शान मसूद की चोट गहरी होती है तो वह भारत के खिलाफ रविवार को होने वाले मैच से बाहर हो सकते हैं।

फुटबॉल​ विश्व कप में क्या है "शुभंकर" का इतिहास?
Published / 2022-10-21 12:36:47
फुटबॉल​ विश्व कप में क्या है "शुभंकर" का इतिहास?

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क (अभय कुमार सिंह)। फीफा विश्व कप के इतिहास में अब तक 14 शुभंकर रहे हैं। शुभंकर, लंबे समय से फीफा वर्ल्ड कप का अहम हिस्सा रहा है। खासतौर पर बच्चों में यह काफी लोकप्रिय रहता है। शुभंकर ना सिर्फ वर्ल्ड कप का प्रचार करता है बल्कि लोगों का मनोरंजन भी करता है। हर वर्ल्ड कप के लिए शुभंकर का चयन प्रशंसकों की वोटिंग के आधार पर होता है। साल 1966 में इंग्लैंड में हुए फीफा विश्व कप से शुभंकर की शुरुआत हुई और फीफा विश्व कप के इतिहास में तब से लेकर अब तक 14 शुभंकर रहे हैं। --------- फीफा वर्ल्‍ड कप 2022 का शुभंकर है लाइब : फीफा वर्ल्‍ड कप 2022 के लिए लाइब को आधिकारिक शुभंकर बनाया है। लाइब एक अरबी शब्द है, जिसका अर्थ होता है, विशेष गुण और क्षमता वाला खिलाड़ी। फीफा ने एक बयान में कहा कि लाइब सभी को खुद पर आत्मविश्वास बनाये रखने के लिए प्रेरणा देना का काम करता है। फुटबॉल फैंस को पसंद आयेगा लाइब : टूर्नामेंट के उप महानिदेशक खालिद अली अल मावलवी का कहना है कि शुभंकर-कविता से आता है, एक ऐसा स्थान जो अवर्णनीय है। हम सभी को यह कल्पना करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं कि यह कैसा दिखता है। हमें यकीन है कि प्रशंसकों को यह मजेदार और चंचल चरित्र पसंद आएगा। लाइब इस फीफा को रोमांचक बनाने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा क्योंकि इस वर्ल्ड कप को देखने के लिए हर उम्र के लोग आते हैं। ---------- 1. शुभंकर की शुरुआत 1966 में इंग्लैंड की मेजबानी में खेले गए वर्ल्ड कप से हुई। इसके बाद से यह परंपरा आज तक चल रही है। इस विश्व कप के शुभंकर का नाम "विली" था। -------- 2.मैक्सिको में 1970 में खेले गए फीफा विश्व कप के शुभंकर का नाम "जूनिटो" था। यह एक आम मैक्सिकन लड़का था, जो हैट पहना हुआ था। ---------- 3. साल 1974 में जर्मनी में आयोजित फीफा वर्ल्ड कप का शुभंकर "टिप और टैप" थे। इसमें जर्मनी टीम की किट पहने दो स्थानीय लड़कों को दिखाया गया। -------- 4. साल 1978 में अर्जेंटीना में फीफा विश्व कप का आयोजन हुआ। नेशनल टीम की ड्रेस पहने इस शुभंकर में ठेठ अर्जेंटीनी लड़के "गोचिटो" को प्रसन्न मुद्रा में दिखाया गया। यह इंसान के रूप में बनाया गया अंतिम शुभंकर था। --------- 5.स्पेन में 1982 में खेले गये फीफा वर्ल्ड कप का शुभंकर "नारंगजिटो" एक फल संतरा था। यह फल स्पेन में काफी प्रसिद्ध है। -------- 6. साल 1986 में आयोजित फीफा विश्व कप में मैक्सिको ने "पीक" को शुभंकर बनाया। यह यहां की एक प्रसिद्ध मिर्च है, जिसका इस्तेमाल मैक्सिकन खाने में बहुत किया जाता है। --------- 7. साल 1990 में इटली में खेले गए फीफा वर्ल्ड कप में शुभंकर "सियोओ" था। एक स्टिक खिलाड़ी बनाया गया था, जिसका सिर फुटबॉल के रूप में था। ----------- 8. साल 1994 में फीफा विश्व कप का आयोजन अमेरिका में हुआ। अमेरिकी लोगों को कुत्ते पालना बहुत पसंद है और इसी की तर्ज पर यहां खेले गये वर्ल्ड कप का शुभंकर "स्ट्राइकर" बनाया गया। --------- 9. साल 1998 में फीफा विश्व कप का आयोजन फ्रांस में हुआ। फ्रांस का राष्ट्रीय चिह्न मुर्गा है। इसी की शक्ल के आधार पर यहां खेले वर्ल्ड कप का शुभंकर "फूटिक्स" बना। यह फ्रांस की किट के रंग नीले में रंगा था। --------- 10. साल 2002 में जापान और कोरिया की मेजबानी में खेले गए फीफा वर्ल्ड कप में तीन शुभंकर थे। इसमें एटो "कोच, जबकि "काज" और "निक" खिलाड़ी थे। --------- 11.साल 2006 में जर्मनी में खेले गये फीफा वर्ल्ड कप का शुभंकर गोल और लियो से मिलकर "गोलियो" बना। इसमें एक शेर जर्मनी टीम की टी-शर्ट पहने था। -------- 12. साल 2010 में फीफा विश्व कप का आयोजन दक्षिण अफ्रीका में हुआ था। तेंदुआ दक्षिण अफ्रीका में काफी पाया जाता है। इसी पर आधारित शुभंकर बनाया गया। इसका नाम "जाकूमी" था। ---------- 13. साल 2014 में ब्राजील में हुए फीफा विश्व कप में वहां की विलुप्त होती कई देशी प्रजातियों को शुभंकर के रूप में दर्शाया गया, जिसका नाम "फूलेको" था। ब्राजील में घने जंगल हैं। इनमें कई दुर्लभ जीव-जंतु मिलते हैं। -------- 14. साल 2018 में रूस में होने में आयोजित किये गये फीफा वर्ल्ड कप में चश्मा पहने भेड़िया को शुभंकर के रूप में चुना गया है। स्पेस सूट पहने इस शुभंकर को जाबीवाका नाम दिया गया था। रूसी भाषा में जाबीवाका का अर्थ होता है, जो स्कोर कर सके। (लेखक एबीएन के स्पोर्ट्स स्पेशलिस्ट सह स्पोर्ट्स एडिटर हैं।)

टी20 वर्ल्ड कप : पाक फतह के लिए टीम इंडिया का मेलबर्न में पहला ट्रेनिंग सेशन शुरू
Published / 2022-10-21 09:34:40
टी20 वर्ल्ड कप : पाक फतह के लिए टीम इंडिया का मेलबर्न में पहला ट्रेनिंग सेशन शुरू

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। टी20 वर्ल्ड कप 2022 में भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले के लिए टीम इंडिया मेलबर्न पहुंच चुकी है। बीसीसीआई ने वीडियो शेयर करके बताया, पहले हम पर्थ पहुंचे, फिर ब्रिस्बेन और अब मेलबर्न। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड एक ऐतिहासिक मैदान है और काफी बड़ा स्टेडियम है। यहां पर दो चिर-प्रतिद्वंदियों के बीच मुकाबला और भी मजेदार माहौल बनाने जा रहा है। लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर फोटो शेयर की जिसमें उनके साथ रोहित शर्मा, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद सिराज, अक्षर पटेल नजर आ रहे हैं। इस दौरान सूर्यकुमार यादव भी रोहित शर्मा की बेटी समायरा के साथ बैठे हुए दिखाई दिये। रोहित, सूर्यकुमार और भुवनेश्वर कुमार जैसे खिलाड़ी अपने परिवार के साथ सफर कर रहे हैं। इस मैच से पहले टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के साथ जो वार्मअप मैच खेलना था वह बारिश के चलते धुल गया। अब मेलबर्न में नेट्स पर तगड़े अभ्यास के लिए टीम इंडिया तैयार है। बीसीसीआई ने इसकी ताजा फोटो शेयर करते हुए कहा कि हम यहां एमसीजी (मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड) में पहले ट्रेनिंग सेशन के लिए तैयार हैं। फोटो में सिराज, अर्शदीप सिंह, दिनेश कार्तिक जैसे खिलाड़ी नजर आ रहे हैं। भारत को साउथ अफ्रीका, बांग्लादेश, नीदरलैंड्स, पाकिस्तान जैसी टीमों के साथ रखा गया है। एक और टीम ग्रुप बी के विजेता के तौर पर तौर पर आएगी। रोहित शर्मा का टारगेट 9 साल में पहला बड़ा खिताब जीतना होगा। भारत ने पिछले दो दशकों में आईसीसी की बड़ी ट्रॉफी महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में जीती हैं। कोहली की कप्तानी में टेस्ट मैचों में नई ऊंचाईयां मिली और अब रोहित से फिर आईसीसी ट्रॉफी की उम्मीदें हैं। भारत एक बार 2007 में टी20 वर्ल्ड कप जीत चुका है।

गृह मंत्रालय के फैसले के बाद ही एशिया कप में पाक जायेगी भारतीय टीम, उम्मीद कम : अनुराग ठाकुर
Published / 2022-10-20 15:11:06
गृह मंत्रालय के फैसले के बाद ही एशिया कप में पाक जायेगी भारतीय टीम, उम्मीद कम : अनुराग ठाकुर

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। खिलाड़ियों की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए खेलमंत्री अनुराग ठाकुर ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम के पाकिस्तान में 2023 एशिया कप में भाग लेने के बारे में फैसला गृह मंत्रालय करेगा, हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय टीम के जाने की संभावना लगभग नहीं है। एशियाई क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष और भारतीय बोर्ड के सचिव जय शाह ने कल कहा था कि भारतीय टीम एशिया कप खेलने पाकिस्तान नहीं जायेगी और तटस्थ स्थान पर टूर्नामेंट खेलेगी। इस पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने चेताया था कि ऐसा होने पर 2023 में भारत में होने वाले आईसीसी विश्व कप में उनकी भागीदारी पर असर पड़ सकता है। ठाकुर ने यहां शाह के बयान के बाद पैदा हुए विवाद के बारे में पूछे जाने पर चुनिंदा पत्रकारों से बातचीत में कहा, खिलाड़ियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। भारतीय टीम के एशिया कप में जाने के बारे में फैसला गृह मंत्रालय करेगा। यह पूछने पर कि क्या अगले साल विश्व कप के लिए भारतीय टीम के सरहद पार जाने की संभावना है, ठाकुर ने कहा, संभावनाएं हमेशा रहती है। किस ने सोचा था कि कोरोना आयेगा। कुछ भी हो सकता है लेकिन इसकी ज्यादा संभावना नहीं है। हम आईसीसी टूर्नामेंटों में पाकिस्तान के साथ खेलते आये हैं, लेकिन द्विपक्षीय श्रृंखलाओं को लेकर हमारा रूख जो पहले था, वह अब भी है। आतंकवाद के साये में क्रिकेट नहीं खेला जा सकता। सवाल पूछे जाने पर कि हाल ही में आस्ट्रेलिया और इंग्लैंड जैसी टीमों के पाकिस्तान दौरे के बाद भी सुरक्षा को लेकर आशंकाएं हैं, ठाकुर ने कहा, आस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और भारत की स्थिति में फर्क है। उन्होंने पांचवें खेलो इंडिया युवा खेलों की मेजबानी मध्यप्रदेश को सौंपे जाने के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम से इतर बातचीत में यह बात कही। अगले साल एशिया कप के बाद भारत में 50 ओवरों का विश्व कप खेला जाना है। ठाकुर ने कहा, भारत में विश्व कप खेलने के लिये क्वालीफाई कर चुकी सभी टीमों को न्यौता दिया जायेगा। भारत अब उस स्थिति में नहीं है कि किसी की सुनेगा और किसी के पास सुनाने का कोई कारण नहीं है। हम सभी का स्वागत करेंगे और उम्मीद है कि सभी आयेंगे। मुंबई आतंकी हमले के मद्देनजर भारतीय टीम ने 2008 एशिया कप के बाद से पाकिस्तान का दौरा नहीं किया है। पाकिस्तानी टीम 2012 में छह मैचों की श्रृंखला के लिए भारत आई थी, लेकिन पिछले दस साल में दोनों देशों ने द्विपक्षीय क्रिकेट नहीं खेला है।

इस बार टी20 वर्ल्ड कप में कोई बहाना नहीं चलेगा : सुनील गावस्कर
Published / 2022-10-20 11:39:01
इस बार टी20 वर्ल्ड कप में कोई बहाना नहीं चलेगा : सुनील गावस्कर

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और महान बल्लेबाजों में शुमार सुनील गावस्कर ने कहा है कि अगर टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया में खेले जा रहे आईसीसी टी20 विश्व कप को जीत नहीं पाती है तो वो ये बहाना नहीं बना सकती कि उसे तैयारी करने का मौका नहीं मिला। क्योंकि टीम यहां काफी पहले आ गई थी। टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया में 6 अक्टूबर को कदम रख दिये थे। इसके बाद उसने दो अभ्यास मैच भी खेले और फिर वार्मअप मैच भी। भारत ने 2007 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में टी20 विश्व कप के पहले संस्करण का खिताब अपने नाम किया था लेकिन इसके बाद वह दोबारा ये ट्रॉफी नहीं उठा पायी है। 2014 में जरूर ये टीम फाइनल में पहुंची थी लेकिन श्रीलंका से हार गई थी। रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया अपने खिताबी सूखे को खत्म करना चाहेगी। गावस्कर ने अंग्रेजी अखबार मिड-डे में अपने कॉलम में लिखा है, एक चीज पक्की है, अगर टीम इंडिया विश्व कप नहीं जीतती है तो इसका कारण तैयारियों में कमी नहीं होगा। ये टीम न सिर्फ ऑस्ट्रेलिया तीन सप्ताह पहले आ गई थी बल्कि वह अच्छी टीमों के खिलाफ अभ्यास मैच भी खेली और इससे उन्हें तैयारी करने में मदद मिली। एक पुरानी कहावत है ना कि अगर आप तैयारी करने में फेल होते हैं तो फिर फेल होने के लिए तैयार हो जाइये, ये बात टीम इंडिया पर लागू नहीं होती है। उन्होंने कहा, ऑस्ट्रेलिया में आकर अभ्यास करने से पहले टीम ने अपने घर में छह टी20 मैच खेले जिसमें से चार में उसे जीत मिली जो बताता है कि वह बड़े टूर्नामेंट के लिए जमकर तैयारी कर रहे थे। इस विश्व कप में टीम इंडिया को दो बड़े खिलाड़ी चोट के कारण नहीं खेल रहे हैं। जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा टीम से बाहर हो गए हैं। गावस्कर ने हालांकि कहा कि चोटों के बाद भी टीम इंडिया का जो माहौल है वो अच्छा है। उन्होंने लिखा, हाल के समय में टीम इंडिया का सफेद गेंद से प्रदर्शन अच्छा रहा है। चाहे फिर वह घर में हो या विदेशों में। लेकिन मल्टी टीम इवेंट में वो संघर्ष कर रही है। ये हालांकि इस बार नहीं हैं; क्योंकि टीम के पास युवा जोश और अनुभव का सही संयोजन है। दूसरी टीमें भी हैं जो अभ्यास मैच खेल रही हैं लेकिन इस टीम में कुछ बात है वो भी बुमराह और जडेजा के चोटिल होने के बाद भी।

टी20 वर्ल्ड कप : विराट कोहली तोड़ सकते हैं तीन बड़े रिकॉर्ड
Published / 2022-10-20 10:58:42
टी20 वर्ल्ड कप : विराट कोहली तोड़ सकते हैं तीन बड़े रिकॉर्ड

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। विराट कोहली ने हाल के दिनों में शानदार प्रदर्शन की बदौलत अपनी खोई हुई फॉर्म हासिल कर ली है। कोहली से टी20 विश्व कप 2022 में बहुत उम्मीदें की जायेगी। पिछले दो वर्षों में उनकी फॉर्म में गिरावट चिंता का विषय बनी हुई थी। हालांकि, वह हाल ही में इसका जवाब देने में कामयाब रहे। उन्होंने पिछले महीने हुए एशिया कप के दौरान मजबूत प्रदर्शन किया और भारत के लिए सर्वश्रेष्ठ रन बनाने वाले खिलाड़ी बने। इसके अलावा कोहली ने ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 में कुछ शानदार पारियां खेली। कोहली अब पूरे आत्मविश्वास के साथ टी-20 विश्व कप में उतरेंगे। भारत के इस स्टार बल्लबाज ने हमेशा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रिकॉर्ड तोड़ा है और ऑस्ट्रेलिया टी-20 विश्व कप में भी ऐसा करने के लिए उनके पास कई अवसर होंगे। भारत का पहला मुकाबला 23 अक्टूबर को सुपर-12 स्टेज में पाकिस्तान के खिलाफ होगा और देखने वाली लड़ाई कोहली और शाहीन अफरीदी के बीच होगी। इसके अलावा, कोहली टी-20 के कुछ रिकॉर्ड तोड़ना और दुनिया में अपना वर्चस्व बहाल करना भी पसंद करेंगे। कोहली टी-20 विश्व कप 2022 में तीन बड़े रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। कोहली वर्तमान में 109 मैचों में 3712 रन के साथ टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं। 2010 में डेब्यू करने के बावजूद, कोहली दुनिया के अधिकांश बल्लेबाजों की तुलना में बहुत आगे हैं। वह अब धीरे-धीरे दूसरे स्थान पर पहुंच गये हैं। वर्तमान में केवल भारतीय कप्तान, रोहित शर्मा 142 मैचों में 3737 रन के साथ दौड़ में उनसे ऊपर हैं। दोनों बल्लेबाजों के बीच सिर्फ 25 रनों का अंतर है। कोहली के पास टी20 विश्व कप 2022 में सूची में शीर्ष पर पहुंचने का मौका होगा। कोहली के बाद मार्टिन गप्टिल 121 मैचों में 3497 रन के साथ तीसरे स्थान पर हैं। विराट कोहली को अभी भी जो रिकॉर्ड बनाना है, उनमें से एक टी 20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में चौकों की संख्या है। आयरलैंड के आक्रमणकारी बल्लेबाज पॉल स्टर्लिंग के नाम 344 चौकों के साथ इस फॉर्मेट में सबसे अधिक चौके लगाने का रिकॉर्ड है। सूची में दूसरे स्थान पर 337 चौकों के साथ हिटमैन रोहित शर्मा हैं और इसके अलावा रोहित सबसे अधिक छक्के लगाने की सूची में भी सबसे ऊपर हैं। रोहित के बाद कोहली 331 चौकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं और यह उन रिकॉर्डों में से एक होगा जिस पर निश्चित रूप से कोहली की नजर होगी। विराट कोहली और ऑस्ट्रेलिया के बीच वर्षों के प्यार को हर प्रशंसक जानता है। ऑस्ट्रेलिया में कोहली के बल्ले से काफी रन आये हैं। जबकि अधिकांश बल्लेबाजों को ऑस्ट्रेलिया में उछाल वाली परिस्थितियों के अनुकूल होना मुश्किल लगता है। कोहली ने ऑस्ट्रेलिया में अब तक 11 टी-20 मैच खेले हैं, जिसमें 64.42 की औसत से 451 रन बनाये हैं। कोहली की तुलना में केवल इफ्तिखार अहमद, असेला गुणरत्ने और जेपी डुमिनी का ऑस्ट्रेलियाई परिस्थितियों में बेहतर औसत है और इस रिकॉर्ड पर भी टूर्नामेंट में कोहली की नजर होगी।

टी 20 वर्ल्ड कप : जिम्बाब्वे को 31 रन से हरा वेस्टइंडीज ने बरकरार रखी सुपर 1 की उम्मीदें
Published / 2022-10-19 22:36:44
टी 20 वर्ल्ड कप : जिम्बाब्वे को 31 रन से हरा वेस्टइंडीज ने बरकरार रखी सुपर 1 की उम्मीदें

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। टी20 वर्ल्ड कप के आठवां मुकाबले में वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को 31 रन से हरा दिया। बुधवार (19 अक्तूबर) को होबार्ट में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे के सामने 154 रन का लक्ष्य रखा। इसके जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 122 रन ही बना पाई। इस जीत के साथ ही वेस्टइंडीज की टीम सुपर 12 में पहुंचने की रेस में बनी हुई है। क्वालिफायर राउंड में वेस्टइंडीज को अपने पहले मैच में स्कॉटलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में विंडीज के लिए यह मैच करो या मरो वाला था और कैरिबियाई खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी टीम को बाहर होने से बचा लिया। वेस्टइंडीज के लिए अल्जारी जोशेप ने शानदार गेंदबाजी की और चार विकेट झटके। वहीं, जेसन होल्डर ने तीन विकेट लिए। अकील हुसैन, ओबेद मैकॉय और ओडियन स्मिथ को एक-एक विकेट मिला। जिम्बाब्वे के लिए सबसे ज्यादा 29 रन जॉन्गवे ने बनाए। वहीं, मधेवेरे ने 27 रन की पारी खेली। 154 रन का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे ने अच्छी शुरुआत की थी। पांच ओवर का खेल होने तक जिम्बाब्वे ने दो विकेट के नुकसान पर 47 रन बना लिए थे, लेकिन जिम्बाब्वे का मध्यक्रम कुछ खास नहीं कर पाया। 17 रन के अंतराल में जिम्बाब्वे के चार विकेट गिरे और अंत में पूरी टीम 18.2 ओवर में 122 रन बनाकर आउट हो गई। इस मैच की पहली पारी में जिम्बाव्वे के सिकंदर रजा ने मैच में खतरनाक गेंदबाजी की। उन्होंने चार ओवर में 19 रन देकर तीन विकेट लिये। मुजरबानी को दो और सीन विलियम्स को एक विकेट मिला। वेस्टइंडीज के कायेल मेयर्स 12 गेंद पर 13 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके लगाए। ब्लेसिंग मुजारबानी की गेंद पर विकेटकीपर रेजिस चकाबवा ने उनका कैच लिया। उनके बाद इविन लुईस 10वें ओवर में आउट हुए। सिकंदर रजा की गेंद पर मिल्टन शुम्बा ने उनका कैच लिया। लुईस ने 18 गेंद पर 15 रन बनाये। उन्होंने जॉनसन चार्ल्स के साथ दूसरे विकेट के लिए 38 गेंद पर 49 रन की साझेदारी की।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.