Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
होम देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन

खेल समाचार

View All
सेफा में तो पहुंच गयी भारतीय टीम, लेकिन नंबर ‘52’ बढ़ा रहा टेंशन
Published / 2022-11-06 21:33:28
सेफा में तो पहुंच गयी भारतीय टीम, लेकिन नंबर ‘52’ बढ़ा रहा टेंशन

एबीएन, स्पोर्ट्स डेस्क। सभी उम्मीदों को सही ठहराते हुए भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप 2022 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। टीम इंडिया ने अपने आखिरी ग्रुप मैच में जिम्बाब्वे को बड़ी आसानी से हराते हुए दमदार अंदाज में सेमीफाइनल में कदम रखा है। अब खिताब बस दो कदम दूर रह गया है और जिस तरह मैच दर मैच भारतीय टीम में अपने प्रदर्शन में सुधार किया है, उसे देखते हुए टीम को खिताब का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा है। इसके बावजूद टीम इंडिया के लिए एक चिंता बरकरार है- कप्तान रोहित शर्मा की फॉर्म। विश्व कप शुरू होने से पहले ही टीम इंडिया की ओपनिंग जोड़ी को लेकर आशंकाएं जताई जा रही थी, वो अभी तक टूर्नामेंट में सही साबित होती जा रही हैं। ग्रुप स्टेज में भारतीय टीम के सभी पांचों में ओपनिंग जोड़ी अच्छी शुरुआत दिलाने में नाकाम रही। रोहित शर्मा और केएल राहुल की ओपनिंग जोड़ी टूर्नामेंट में एक बार भी तेज या बड़ी पार्टनरशिप नहीं कर सकी है। इसमें भी शुरुआती तीन मैचों की नाकामी के बाद केएल राहुल ने तो लगातार दो अर्धशतक जमा दिए हैं, लेकिन कप्तान रोहित अभी तक रंग में नहीं दिखें। टीम इंडिया की ओपनिंग की नाकामी और उसमें कप्तान रोहित शर्मा का प्रदर्शन समझने के लिए एक आंकड़े पर नजर डालने की जरूरत है, जो बताता है कि ये चिंता का कारण है। रोहित शर्मा इन पांच पारियों में से सिर्फ एक बार पावरप्ले में आउट नहीं हुए और ये नेदरलैंड्स के खिलाफ था। उस पारी में रोहित ने अर्धशतक जमाया था, लेकिन उसमें भी रोहित को दो जीवनदान मिले थे। ऐसे में जाहिर तौर पर टीम इंडिया को उम्मीद होगी कि रोहित सेमीफाइनल में अपनी लय हासिल करें और शानदार पारी खेलकर भारत को फाइनल में पहुंचाये। वैसे टूर्नामेंट में अभी तक भारतीय टीम के शीर्ष 4 बल्लेबाजों ने कम से कम एक अर्धशतक जमाया ही है। टीम इंडिया के लिए पूर्व कप्तान विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव लगातार रन बना रहे हैं और 3-3 अर्धशतक जमा चुके हैं। कोहली ने सबसे ज्यादा 246 रन बनाए हैं, जबकि सूर्या 225 रन बना चुके हैं। वहीं राहुल भी दो अर्धशतकों के बाद 123 रन जोड़ चुके हैं। दूसरी ओर कप्तान रोहित 5 पारियों में सिर्फ 89 रन बना सके हैं।

टी20 वर्ल्ड कप : नीदरलैंड से 13 रन से हरी साउथ अफ्रीकी टीम
Published / 2022-11-06 10:23:26
टी20 वर्ल्ड कप : नीदरलैंड से 13 रन से हरी साउथ अफ्रीकी टीम

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। टी20 वर्ल्ड कप 2022 का 40वां मैच साउथ अफ्रीका और नीदरलैंड के बीच यहां एडीलेड ओवल मैदान पर खेला गया। इस मैच में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। इसके बाद नीदरलैंड की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट पर 158 रन बनाए और प्रतिद्वंद्वी टीम को जीत के लिए 159 रन का लक्ष्य मिला। 159 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम इस लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाई और 20 ओवर में 8 विकेट पर 145 रन ही बना पायी और उसे 13 रन से हार मिली। इस हार के साथ अब उसके सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावना कम हो गयी है। इससे पाकिस्तान का चांस बढ़ गया है। अब पाकिस्तान की टीम अगर बांग्लादेश को हरा देती है तो उसके 6 अंक हो जायेंगे और वो सेमीफाइनल में पहुंच जायेगी। अगर बांग्लादेश ने पाकिस्तान को हरा दिया तो फिर 5 अंक के साथ साउथ अफ्रीका सेमीफाइनल में पहुंच जायेगी।

जिम्बाब्वे के कप्तान ने भरी हुंकार, कहा- हम किसी भी टीम को हरा सकते हैं...
Published / 2022-11-05 18:58:23
जिम्बाब्वे के कप्तान ने भरी हुंकार, कहा- हम किसी भी टीम को हरा सकते हैं...

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। जिम्बाब्वे के कप्तान क्रेग इर्विन ने भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप मुकाबले से पहले शनिवार को कहा कि पाकिस्तान पर जीत हासिल करने के बाद उनकी टीम में आत्मविश्वास बढ़ा है और वह किसी भी टीम को हरा सकते हैं। इर्विन ने मैच से पहले संवाददाता सम्मेलन में कहा, पाकिस्तान के खिलाफ मिली जीत ने हमारा आत्मविश्वास बढ़ाया है। हम टूनार्मेंट में किसी भी टीम को हरा सकते हैं। मुझे नहीं लगता कि अगले मैच में हमारा यह विश्वास डगमगायेगा। उन्होंने कहा, ह्यमुझे लगता है कि विश्व कप रोमांचक रहा है क्योंकि इस बार कई करीबी मुकाबले हुए हैं। मैंने एक चीज सीखी है कि आप कभी भी मैच से बाहर नहीं होते। अगर आप खेल में बने रहने की कोशिश करें और उसे अंत तक ले जायें, तो नतीजा कुछ भी हो सकता है। जाहिर है कि अलग-अलग मैचों में अलग-अलग तरह का दबाव होता है, इसलिये मैच को अंत तक ले जाना और दूसरी टीम से पहले न घबराना आपके लिये फायदेमंद होता है। जिम्बाब्वे के अब तक के सफल अभियान की धार उनके तेज गेंदबाज हैं। ब्लेसिंग मुजरबानी टूर्नामेंट में 11 विकेट के साथ सर्वाधिक विकेट लेने वालों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं। मुजरबानी को रिचर्ड नगारवा का बराबर साथ मिला है, जिन्होंने सात मैचों में आठ विकेट चटकाए हैं। इर्विन ने कहा कि भारत के खिलाफ मैच गेंदबाजों के लिए टूनार्मेंट में सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजी इकाइयों में से एक के खिलाफ खुद को परखने का एक बड़ा मौका है। इर्विन ने कहा, यह दुनिया के कुछ सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों के खिलाफ गेंदबाजी करने का एक शानदार मौका है। आपको कितनी बार विराट कोहली का विकेट चटकाने का मौका मिलता है। मुझे पूरा यकीन है कि हमारे तेज गेंदबाज कल अच्छे प्रदर्शन के लिए उतावले होंगे। इर्विन ने सिकंदर रजा की भी तारीफ की, जिन्होंने टूर्नामेंट के सात मैचों में 149.19 की स्ट्राइक-रेट से 185 रन बनाये और 9 विकेट हासिल किये। इर्विन ने कहा कि भारत जैसे प्रतिद्वंद्वी टीम को हराने के लिए रजा जैसे प्रदर्शन की जरूरत कई खिलाड़ियों से होगी। इर्विन ने कहा, सिकंदर रजा इस टूर्नामेंट में हमारे लिए असाधारण रहे हैं। भारत के खिलाफ जीत की दहलीज पार करने के लिए हमें उस तरह के प्रदर्शन की आवश्यकता बहुत से खिलाड़ियों से होगी। उन्होंने कहा कि वह टूर्नामेंट में जिस प्रदर्शन के साथ आये थे, वह आगे भी उसे जारी रखना चाहेंगे। उन्होंने कहा कि खेल के सबसे छोटे प्रारूप में आगे बढ़ने के लिए उन्हें क्षेत्ररक्षण के साथ-साथ पावरप्ले बल्लेबाजी पर भी काम करना होगा।

टी-20 वर्ल्ड कप : सेफा में इंग्लैंड, आस्ट्रेलिया बाहर
Published / 2022-11-05 18:55:49
टी-20 वर्ल्ड कप : सेफा में इंग्लैंड, आस्ट्रेलिया बाहर

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। इंग्लैंड ने शनिवार को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए मैच में श्रीलंका को चार विकेट से हरा दिया। इसी के साथ उसने आईसीसी टी20 विश्व कप-2022 के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। इंग्लैंड सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाली दूसरी टीम बन गई है। उससे पहले न्यूजीलैंड अंतिम-4 में जगह पक्की करने में सफल रही है। इंग्लैंड की इस जीत ने हालांकि मौजूदा विजेता और मेजबान आॅस्ट्रेलिया को इस विश्व कप से बाहर कर दिया है। श्रीलंकाई टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सकी और 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 141 रन ही बना पाई। इंग्लैंड इस आसान से स्कोर को छह विकेट खोकर एक गेंद पहले हासिल कर लिया। इस मैच में हालांकि इंग्लैंड को जीत आसानी से नहीं मिली। अच्छी शुरूआत के बाद इंग्लैंड की टीम ने कुछ विकेट लगातार खो दिए और उसकी जीत पर संकट बना रहा, लेकिन बेन स्टोक्स ने अंत तक लड़ाई लड़ी और इंग्लैंड को जीत दिलायी।

34 के हुए भारत के युवा रन मशीन किंग कोहली
Published / 2022-11-05 12:43:37
34 के हुए भारत के युवा रन मशीन किंग कोहली

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली 5 नवंबर 2022 को 34 साल के हो गए। टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली शनिवार को अपना 34वां जन्मदिन मना रहे हैं। 5 नवंबर 1988 को जन्मे कोहली क्रिकेट की दुनिया में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। यही वजह है कि टेस्ट क्रिकेट हो या वनडे या फिर टी20 तीनों ही फॉर्मेट में उनकी तूती बोलती है। विराट कोहली के नेतृत्व में भारत की अंडर-19 विश्व विजेता बनी थी, लेकिन उसके बाद विराट कोहली बतौर कप्तान आईसीसी इवेंट में खिताब नहीं जीत सके और इसका मलाल उन्हें जरूर रहेगा। हालांकि विराट कोहली भले ही टीम इंडिया को अपनी कप्तानी में कोई आईसीसी ट्रॉफी नहीं दिला सके, लेकिन अपनी बल्लेबाजी, फील्डिंग और कभी-कभार गेंदबाजी की बदौलत टीम को अपना सौ प्रतिशत देने से पीछे नहीं हटते। 2014 में टेस्ट टीम की कमान मिलने के बाद उन्होंने टीम को विदेशी सरजमीं पर लड़ने के साथ जीतना भी सिखाया। विराट की कप्तानी में टीम इंडिया ने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की। विराट की कप्तानी में टीम इंडिया टेस्ट में नंबर-1 टीम बनी, आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंची। ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका जैसी टीमों को उसकी जमीं पर हराया। विराट का जन्म 15 नवंबर 1988 को दिल्ली में हुआ था। अपने 34वें जन्मदिन पर विराट ऑस्ट्रेलिया में जारी टी20 वर्ल्ड कप 2022 में भारतीय टीम का हिस्सा हैं। इस टूर्नामेंट में विराट कोहली के बल्ले से जमकर रन निकल रहे हैं। वह इस मेगा इवेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। विराट कोहली को उनके शुरुआती दिनों में साथी खिलाड़ी उन्हें चीकू के नाम से बुलाते थे। ये नाम कॉमिक्स चंपक के एक कैरेक्टर का नाम चीकू से मिला। हालांकि अपनी कप्तानी में अंडर-19 टीम इंडिया को वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाले विराट कोहली ने 20 अगस्त 2008 को वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया। जिसके बाद से लगभग 4 साल के अंदर ही वह टीम के एक अहम सदस्य बनकर उभरे। हालांकि 2012 में विराट कोहली को फिट रहने का ऐसा बुखार चढ़ा कि अब तक वह उसे मेंटेन किए हुए हैं और भारतीय टीम में मौजूद ज्यादातर खिलाड़ियों से ज्यादा फिट हैं। विराट कोहली 2012 के बाद से शायद ही फिटनेस की वजह से कोई मैच से बाहर रहे हों। कई दिग्गज क्रिकेटर्स विराट को टेस्ट क्रिकेट के ब्रांड एम्बेसडर के रूप में भी देखते हैं। 2017 में वह भारतीय टीम के सीमित ओवर के कप्तान भी बने। हालांकि यहां भी टीम उनकी कप्तानी में आईसी इवेंट में ज्यादा कमाल नहीं दिखा सकी। लेकिन अपनी कप्तानी में कोहली ने टीम को कई ऐतिहासिक जीत दिलाई। विराट कोहली ने एमएस धोनी के बाद भारत के दूसरे सबसे सफल कप्तान के रूप में टी20 कप्तानी का कार्यकाल समाप्त किया।

टी20 वर्ल्ड कप : सेफा की रेस में बरकरार ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका बाहर
Published / 2022-11-04 22:58:09
टी20 वर्ल्ड कप : सेफा की रेस में बरकरार ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका बाहर

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। ऑस्ट्रेलिया ने एडिलेड में खेले गये रोमांचक मैच में अफगानिस्तान को चार रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही उसने सेमीफाइनल की अपनी उम्मीदों को कायम रखा है। उसने अफगानिस्तान को हराने के साथ-साथ श्रीलंका को सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर कर दिया है। ऑस्ट्रेलिया के पांच मैच में सात अंक हो गये हैं। न्यूजीलैंड के भी पांच मैच में सात अंक हैं। वह बेहतर नेट रनरेट के आधार पर ऑस्ट्रेलिया से आगे है। ऑस्ट्रेलिया को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अब शनिवार को इंग्लैंड के खिलाफ श्रीलंका की जीत की दुआ मांगनी होगी। अगर लंकाई टीम मैच जीत जाती है तो वह इंग्लैंड को बाहर कर देगी। श्रीलंका के चार मैच में चार अंक हैं। इंग्लैंड के चार मैच में पांच अंक हैं। श्रीलंका जीतता भी है तो उसके छह अंक होंगे। वह ऑस्ट्रेलिया के सात अंक को पीछे नहीं छोड़ पाएगा। वहीं, इंग्लैंड जीतता है तो उसके सात अंक हो जाएंगे और वह बेहतर नेट रनरेट के आधार पर सेमीफाइनल में पहुंचा जाएगा। मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 168 रन बनाए। उसके लिए ग्लेन मैक्सवेल ने 54 और मिचेल मार्श ने 45 रन बनाए। जवाब में अफगानिस्तान की टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 164 रन ही बना सकी। राशिद खान ने आखिरी ओवरों में 23 गेंद पर 48 रनों की नाबाद पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। उन्होंने तीन चौके और चार छक्के लगाए। आखिरी ओवर में अफगानिस्तान को जीत के लिए 22 रन बनाने थे, लेकिन वह 17 रन ही बना सका। अफगानिस्तान के लिए राशिद के अलावा गुलबदीन नायब ने 39 और रहमनुल्लाह गुरबाज ने 30 रन बनाये।

रिटायर्ड फुटबॉल क्लब हजारीबाग बना पेलावल फुटबॉल टूर्नामेंट का विजेता
Published / 2022-11-03 20:19:00
रिटायर्ड फुटबॉल क्लब हजारीबाग बना पेलावल फुटबॉल टूर्नामेंट का विजेता

टीम एबीएन, कटकमसांडी (हजारीबाग)। पेलावल फुटबॉल ग्राउंड में आयोजित टूर्नामेंट के फाइनल रोमांचक मुकाबले में रिटायर्ड फुटबॉल क्लब हजारीबाग टीम ने धनबाद टीम को पेनाल्टी शूट मे एक गोल से हराकर ट्राफी पर कब्जा जमाया। उक्त दोनो टीमों के खिलाड़ियों ने अपने रोमांचक खेल से सैकड़ों दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर किया। खेल समापन के बाद मौके पर मौजूद अतिथियों ने विजेता व उपविजेता टीम को ट्राफी और मेडल देकर सम्मानित किया। खेल आयोजक की ओर से विजेता टीम को एक लाख एक हजार का चेक और उपविजेता टीम को 52 हजार रुपये का चेक देकर हौसला अफजाई की गई। साथ ही रांची टीम से खेला हुआ खिलाड़ी आकाश टोबो के 11 हजार केवीए के बिजली तार की चपेट में आने से हुई मौत पर दो मिनट का मौन रखकर सैकड़ों दर्शकों ने मृत आत्मा की शांति के लिए शोक व ईश्वर से दुआएं मांगी गई। इसके बाद मृतक के भाई सूर्या पहार टोबो को तीस हजार रूपए व ट्राफी देकर हौसला अफजाई व सम्मानित किया गया। मौके पर टूनार्मेंट के आयोजक अबुलैस हाशमी ने कहा कि जनसहयोग मिलने पर मै हजारीबाग के हर गांव व कस्बे में शहर से बेहतर खिलाड़ी बनाकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का काम करेंगे। उन्होने आगे कहा कि बड़ा मैच कराना हमारा मकसद नही है। बल्कि बड़ा मैच दिखाकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाना हमारा मकसद है। उन्होने यह भी कहा कि मौजूदा समय में जो नौजवान नशे की आदि होकर अपना जीवन बर्बाद कर रहे हैं, उन्हें एक खिलाड़ी का पहचान दिलाना हमारा लक्ष्य होगा। मौके पर बतौर मुख्य अतिथि पेलावल ओपी प्रभारी अभिषेक कुमार ने कहा कि स्वस्थ जीवन जीने के लिए खेलकूद बेहद जरूरी है। आज के दौर में खेलकूद का संबंध कैरियर से जुड़ने लगा है। टूर्नामेंट को सफल बनाने में मो फैजल की अहम भूमिका रही। रेफरी की भूमिका मो शाहनवाज उर्फ अप्पू व लाइन मैन की भूमिका मो शहाबुद्दीन, मो इब्राहिम व मो शौकत ने बखूबी निभाई। खेल आयोजक द्वारा अतिथियों को भी ट्राफी व मेडल देकर सम्मानित किया गया। मौके पर जिप सदस्य मंजू नंदिनी, ओएसिस स्कूल के प्राचार्य एहसान-उल-हक, वार्ड पार्षद फिरोज आलम उर्फ राजा, एडवोकेट मोनालिसा लकड़ा, पंसस साबिर अली, हैदर अली, बाबा मो मुमताज, समाजसेवी अंजुम बानो, असगरी अंजुम, मनीष ठाकुर, मो माशूक, बब्लू अंसारी, शमीम कोरैशी, मो मोजाहिद, मो रियाज आदि खेलप्रेमियों सहित हजारो की तादाद में दर्शक उपस्थित थे।

टी20 वर्ल्ड कप : बांग्लादेश को पांच रन से हरा भारत गु्रप में शीर्ष पर
Published / 2022-11-02 20:19:50
टी20 वर्ल्ड कप : बांग्लादेश को पांच रन से हरा भारत गु्रप में शीर्ष पर

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। टी20 वर्ल्ड कप का 35वां मुकाबला भारत और बांग्लादेश के बीच एडिलेड में खेला गया। बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत ने 20 ओवर में छह विकेट पर 184 रन बनाये। बांग्लादेश को मैच जीतने के लिए 185 रन बनाने थे, लेकिन बारिश के कारण उसे 16 ओवर में 151 रन का लक्ष्य मिला। वह 16 ओवर में छह विकेट पर 145 रन ही बना सकी। भारतीय टीम ने रोमांचक मैच में बांग्लादेश को डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर पांच रन से हरा दिया। बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत ने 20 ओवर में छह विकेट पर 184 रन बनाए। बांग्लादेश को मैच जीतने के लिए 185 रन बनाने थे, लेकिन बारिश के कारण उसे 16 ओवर में 151 रन का लक्ष्य मिला। वह 16 ओवर में छह विकेट पर 145 रन ही बना सकी। बांग्लादेश को जीत के लिए आखिरी ओवर में 20 रनों की आवश्यकता थी। अर्शदीप सिंह ने 14 रन ही दिए। नुरूल हसन सोहान ने एक चौका और एक छक्का लगाकर मैच को अंतिम गेंद तक पहुंचाया, लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। इस जीत के साथ भारत के लिए सेमीफाइनल की राह आसान हो गई है। उसके चार मैच में छह अंक हो गए हैं। टीम इंडिया अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है। वहीं, बांग्लादेश चार मैच में चार अंक हैं और वह तीसरे स्थान पर है। भारत के लिए मैच में विराट कोहली ने सबसे ज्यादा नाबाद 64 रन बनाए। कोहली के अलावा भारत के लिए केएल राहुल ने 32 गेंद पर 50 रन बनाए। सूर्यकुमार यादव ने 16 गेंद पर 30 रन बनाए। रविचंद्रन अश्विन छह गेंद पर 13 रन बनाकर नाबाद रहे। दिनेश कार्तिक और अक्षर पटेल सात-सात रन बनाकर पवेलियन लौटे। हार्दिक पांड्या ने पांच और रोहित शर्मा ने दो रन बनाए। बांग्लादेश के लिए हसन महमूद ने तीन और शाकिब अल हसन ने दो विकेट लिये। बांग्लादेश की पारी की बात करें तो लिटन दास ने सबसे ज्यादा 27 गेंद पर 60 रन बनाए। नूरूल हसन 14 गेंद पर 25 रन बनाकर नाबाद रहे। नजमुल हुसैन शान्तो ने 21, शाकिब अल हसन ने 13 और तस्कीन अहमद ने नाबाद 12 रन बनाए। मोसादेक हुसैन ने छह और आफिफ हुसैन ने तीन रन बनाए। भारत के लिए अर्शदीप सिंह और हार्दिक पांड्या ने दो-दो विकेट लिए। मोहम्मद शमी को एक सफलता मिली। विराट कोहली को प्लेयर आॅफ द मैच चुना गया।

नेट प्रैक्टिस में विराट-चहल के बीच जंग, झटका लगने से बची टीम इंडिया
Published / 2022-11-02 10:10:26
नेट प्रैक्टिस में विराट-चहल के बीच जंग, झटका लगने से बची टीम इंडिया

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। बांग्लादेश के खिलाफ मैच से पहले भारतीय टीम के खिलाड़ियों ने जमकर प्रैक्टिस की। बारिश होने के कारण विराट कोहली से लेकर केएल राहुल तक ने इनडोर प्रैक्टिस की। आर अश्विन और युजवेंद्र चहल ने लंबे समय तक बल्लेबाजों के सामने अलग-अलग तरह की गेंदों को फेंका। चहल और कोहली के बीच नेट्स में जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। युजवेंद्र चहल विराट कोहली के शॉट पर चोटिल हो जाते, लेकिन उन्हें ठीक समय पर अपना हाथ पीछे कर लिया। दरअसल, चहल की गेंद पर कोहली ने आगे आकर जोरदार शॉट लगाया। इस शॉट से बचने के लिए चहल ने अपना हाथ पीछे कर लिया और गेंद उनकी बगल से निकल गई। इसके बाद विराट कोहली ने हाथ उठाकर चहल से माफी भी मांगी। चहल को बांग्लादेश के खिलाफ मौका दिया जा सकता है। दूसरी तरफ केएल राहुल भी अपनी फॉर्म को तलाशने का काम कर रहे हैं। कई बार मैच से पहले प्रैक्टिस के दौरान ही खिलाड़ी चोटिल हो जाते हैं। भरतीय खिलाड़ियों के साथ भी इस तरह की घटनाएं होती रही है। जिसका असर मैच पर गहरा पड़ता है। वर्ल्ड कप के इस नाजुक स्थिति में भारतीय टीम नहीं चाहेगी कि उनका कोई भी खिलाड़ी चोटिल होने की वजह से टीम से बाहर जाये। बांग्लादेश के खिलाफ कप्तान रोहित शर्मा टीम के मुख्य स्पिनर युजवेंद्र चहल पर दांव लगा सकते हैं।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.