इंजरी की खबरों के बीच आया बड़ा अपडेटएबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। फीफा विश्व कप की सबसे प्रबल दावेदार टीमों में से एक अर्जेंटीना टीम इस टूर्नामेंट के लिए पूरी तरह तैयार है। अर्जेंटीना फीफा विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत 22 नवंबर को सऊदी अरब के खिलाफ करेगी। इस मैच से पहले अर्जेंटीना टीम ने अभ्यास में कोई कसर नहीं छोड़ी, लेकिन टीम के कप्तान लियोनेल मेसी टीम के अभ्यास सत्र में हिस्सा नहीं ले रहे हैं। जिस कारण फैंस को उनकी चिंता सता रही है। टूर्नामेंट से पहले चैंपियंस लीग में पीएसजी के लिए खेलते हुए मेसी को अकिलीज टेंडन (पिंडली की मासपेशियों को पैर की हड्डी से जोड़ने वाला टेंडन) में चोट आई थी और उन्हें क्लब के लिए एक मैच छोड़ना पड़ा। फैंस के मन में संदेह है कि कहीं मेसी इस इंजरी की वजह से टीम के अभ्यास सत्र में हिस्सा नहीं ले रहे हैं, लेकिन अर्जेंटीन मीडिया की खबरों से उनके फैंस को राहत मिली है।दरअसल, मेसी टीम के अपने साथियों से दूर हल्का प्रशिक्षण कर रहे हैं, अर्जेंटीना मीडिया के मुताबिक बताया जा रहा है कि मेसी को मासपेशियों की थकान के कारण एहतियाती उपाय के रूप में अलग रखा जा रहा है और अर्जेंटीना मीडिया ने बताया है कि मेसी ने शनिवार, 19 नवंबर को कतर यूनिवर्सिटी ट्रेनिंग ग्राउंड से दूर रहकर जिम में सेशन में हिस्सा लिया है। गौरतलब है कि मेसी की अगुवाई वाली अर्जेंटीना पिछले 35 मैचों में से एक भी मैच न हारने के जबरदस्त रिकॉर्ड के साथ टूर्नामेंट में आई है। अर्जेंटीना आखिरी गेम जो हारी थी, वह मार्च 2019 में था। मेसी ने इस महीने की शुरुआत में अकिलीज टेंडन में सूजन के कारण पेरिस सेंट जर्मेन का एक मैच नहीं खेला था, लेकिन अर्जेंटीना के मीडिया ने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि वह सऊदी अरब के साथ मैच में हिस्सा लेंगे। अर्जेंटीना इस विश्व कप में ग्रुप सी में है और उनको इस ग्रुप में सऊदी अरब के अलावा मैक्सिको और पोलैंड का सामना करना है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। टी20 फॉर्मेट में भारतीय क्रिकेट टीम में बदलाव की बातें चल रही हैं। मांग, सुझाव और प्रतिक्रियाओं के तौर पर टीम के नेतृत्व से लेकर सदस्यों तक को बदलने की बातें हो रही हैं। टी20 विश्व कप की नाकामी के बाद हार्दिक पंड्या को कप्तान बनाने की चर्चाएं भी तेज हैं। फिलहाल तो पंड्या न्यूजीलैंड में टी20 सीरीज में टीम इंडिया की कमान संभाल रहे हैं, जहां भारत ने दूसरे मैच में मेजबान टीम को आसानी से हरा दिया। इस मैच के बाद हार्दिक ने जो बात कही, उसने बता दिया कि हार्दिक अब टीम को अपनी तरह से चलाने के लिए तैयार हैं।माउंट माउनगानुई में भारत और न्यूजीलैंड के बीच रविवार 20 नवंबर को टी20 सीरीज का दूसरा मैच खेला गया। इस मैच में सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरी सूर्यकुमार यादव ने। स्टार बल्लेबाज ने टी20 करियर का दूसरा शतक जमाकर महफिल लूट ली। फिर गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड को सिर्फ 126 रनों पर समेटते हुए भारत को 65 रनों से आसान जीत दिलाई। टीम इंडिया की इस बड़ी जीत में पार्ट टाइम ऑफ स्पिनर दीपक हुड्डा ने भी अहम भूमिका निभाई और 4 विकेट चटकाये। टीम इंडिया की इस जीत और खासतौर पर पार्ट टाइम गेंदबाजों की अहमियत और जरूरत के बारे में बात करते हुए कप्तान पंड्या ने कहा कि वह टीम के अन्य बल्लेबाजों से भी गेंद के जरिए मदद की उम्मीद करते हैं।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। कतर में थोड़ी देर में 22वें फुटबॉल विश्व कप का उद्घाटन होगा। उद्घाटन समारोह का आयोजन अल बायत स्टेडियम में होगा। इस दौरान दक्षिण कोरिया की बैंड बीटीएस का जलवा देखने को मिलेगा। भारतीय अभिनेत्री और मॉडल नोरा फतेही भी दिखाई दे सकती हैं। 60 हजार दर्शक क्षमता वाले इस स्टेडियम में 900 से ज्यादा कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। उद्घाटन समारोह के बाद इसी मैदान पर मेजबान कतर और इक्वाडोर के बीच पहला मुकाबला खेला जाएगा।जियोन जूंग-कूक, जिन्हें जुंगकुक के नाम से जाना जाता है, एक दक्षिण कोरियाई पॉप गायक है। वह दक्षिण कोरियाई बॉय बैंड बीटीएस के सबसे कम उम्र के सदस्य और गायक हैं। वह अपना जलवा उद्घाटन समारोह में दिखाएंगे।विश्व कप 2022 के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर इसकी घोषणा की गई है।स्टेडियम के आसपास कड़ी सुरक्षा है। प्रशंसकों का आना जारी है। कुछ सुरक्षा अधिकारी डंडों से लैस हैं। चारों तरफ फैंस जश्न मना रहे हैं। वह फुटबॉल के इस मेले का आनंद ले रहे हैं। कतर और इक्वाडोर के प्रशंसक एक-दूसरे के साथ फोटो खिंचवा रहे हैं।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम इस समय न्यूजीलैंड के दौरे पर है। इस दौरे पर पंड्या की अगुआई में टीम इंडिया को 3 मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है। सीरीज का पहला टी20 बारिश की भेंट चढ़ गया। दूसरा टी20 मैच रविवार (20 नवंबर) को माउंट मॉन्गानुई के बे ओवल मैदान पर खेला जाएगा। दोनों टीमें दूसरे टी20 के लिए तैयारियों में जुट गई हैं। टी20 सीरीज के बाद दोनों टीमों के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली जायेगी, जिसमें टीम इंडिया के कप्तान शिखर धवन होंगे।आंकड़ों की बात करें तो दोनों टीमों के बीच अभी तक कुल 22 टी20 मुकाबले खेले गए हैं। इस दौरान भारत ने 11 मैच जीते हैं जबकि न्यूजीलैंड के खाते में 9 जीत दर्ज हैं। दो मैच बेनतीजा रहे। भारतीय टीम न्यूजीलैंड में मेजबान टीम से 10 बार भिड़ी है जहां दोनों को 4-4 मैचों में जीत मिली है। दो मुकाबले टाई रहे जबकि एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया।माउंट मॉन्गानुई में भारत का रिकॉर्ड शानदारमाउंट मॉन्गानुई के बे ओवल मैदान पर भारत ने अभी तक एक टी20 इंटरनेशनल मैच खेला है। उस मुकाबले में टीम इंडिया विजयी रही थी। तब भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 163 का स्कोर खड़ा किया था। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने धारदार गेंदबाजी कर मेजबान टीम को 156 रन रोक दिया। इस तरह टीम इंडिया को सात रन से जीत मिली। इस पिच पर बल्लेबाज जमकर चौकों और छक्कों की बारिश कर सकते हैं। उनके लिए यह विकेट स्वर्ग के सामान है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। हॉकी इंडिया की विज्ञप्ति के अनुसार एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता टीम के सदस्य रह चुके रघुनाथ ने कहा, हम निश्चित रूप से एफआईएच ओडिशा हॉकी पुरूष विश्व कप 2023 भुवनेश्वर-राउरकेला में पदक के दावेदार हैं। हमें घरेलू मैदान और घरेलू प्रशंसकों का लाभ मिलेगा और हमें निश्चित रूप से इसका फायदा उठाना चाहिए।भारत ने 41 साल का इंतजार खत्म करते हुए पिछले साल तोक्यो ओलंपिक में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीता था और पूर्व ड्रैग फ्लिकर ने कहा कि इस टूनार्मेंट में पोडियम स्थान देश में खेल के लिये यादगार लम्हा होगा। भारत ने अभी तक विश्व कप में तीन पदक जीते हैं जिसमें देश 1971 में शुरुआती चरण में तीसरे स्थान पर रहा था जिसके बाद टीम ने 1973 में रजत पदक और 1975 कुआलालम्पुर में स्वर्ण पदक जीता था।रघुनाथ ने कहा, हाल में हमें तोक्यो ओलंपिक में भी पदक मिला और इस टूनार्मेंट (विश्व कप) में पदक जीतना भी शानदार होगा। अगर वे ऐसा कर सकते हैं तो खिलाड़ियों के लिये वास्तव में यह यादगार लम्हा होगा। भारत के अलावा रघुनाथ विश्व खिताब के लिये आस्ट्रेलिया और मौजूदा चैम्पियन बेल्जियम को भी दावेदार मानते हैं।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। जब ऋषभ पंत को टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए टीम का उप कप्तान नियुक्त किया गया तो कहा गया था कि वह पारी का आगाज करेंगे लेकिन शुभमन गिल इस प्रारूप में अपने आत्मविश्वास से या फिर विशेषज्ञ ईशान किशन उनके साथ जोड़ी बनायेंगे, यह देखना होगा। एक अन्य विकल्प केकेआर कप्तान श्रेयस अय्यर और दीपक हुड्डा के बीच भी हो सकता है। हुड्डा और श्रेयस दोनों को शामिल करने के लिए किशन को अंतिम एकादश से बाहर करना होगा। संजू सैमसन और कप्तान पंड्या सूर्यकुमार यादव के साथ दो बल्लेबाज हैं जो तेजी से रन जुटाने और फिनिशर की भूमिका भी निभायेंगे।युजवेंद्र चहल का खेलना तय, वर्ल्ड कप में नहीं मिला था मौकाहाल के समय में ग्लेन फिलिप्स टी20 के सबसे रोमांचक बल्लेबाजों में से एक हैं और जब युजवेंद्र चहल को काफी समय बाद पहला मैच मिलेगा तो दोनों के बीच मुकाबला देखने लायक होगा। नियमित मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने पूरे टी20 वर्ल्ड कप में चहल को बेंच पर बिठाये रखा था। फिलिप्स ने इसी मैदान पर वेस्टइंडीज के बेहतरीन गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ अपने पिछले मैच में 51 गेंद में 108 रन बनाये थे।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। टी20 इंटरनेशनल मैच में न्यूजीलैंड से कड़ी चुनौती का सामना करने की उम्मीद है। इसमें कप्तान हार्दिक पंड्या की निगाहें कुछ गेम टाइम हासिल करने पर लगी होंगी। वहीं, भुवनेश्वर कुमार के सामने भी इस छोटे प्रारूप में बने रहने की कठिन चुनौती होगी। वेलिंगटन में सीरीज का शुरुआती मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था और भारतीय खिलाड़ी यहां मैदान पर उतरने के लिए बेताब होंगे।यह मैदान जिस जगह स्थित है, उसे बे आॅफ प्लेंटी कहा जाता है। जहां तक टी20 प्रारूप में रवैये का संबंध है तो भारतीय क्रिकेट में इस समय सोच विचारने के लिए काफी कुछ है। बे ओवल मैदान की बाउंड्री काफी बड़ी हैं और यह एक खुला मैदान है जो वेलिंगटन में नहीं था। इस दौरे पर भारतीय टीम प्रबंधन को 33 वर्षीय भुवनेश्वर कुमार की मौजूदगी को लेकर चल रही दुविधा से निपटना पड़ सकता है। कुछ अनसुलझे सवाल हैं जिनका जितना जल्दी जवाब मिल जाए, भारतीय क्रिकेट के लिएउतना ही बेहतर होगा।क्या 2024 में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में भुवी होंगे जबकि उनकी रफ्तार में गिरावट दिख रही है? क्या उनके पास अपने मुद्दों को सुलझाने के लिये इतना समय है क्योंकि वह बल्लेबाजी के मुफीद पिच पर अब इतने कारगर नहीं रहे हैं? अगले साल ज्यादा टी20 इंटरनेशनल मैच नहीं हैं और वह काफी हद तक एक प्रारूप के ही खिलाड़ी बन गए हैं तो इससे वह कहां पहुंचते हैं? इस समय सभी जवाब नकारात्मक ही दिखते हैं इसलिए एक सवाल उठता है कि क्या सबसे सीनियर तेज गेंदबाज के तौर पर खिलाना युवाओं से मौका छीनने जैसा नहीं होगा।सवालों की यह तलवार अंतरिम मुख्य कोच वीवीएस लक्ष्मण और कप्तान हार्दिक पंड्या के सामने लटकी होगी। भुवनेश्वर अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि (एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा 40 विकेट चटकाने से महज 4 विकेट दूर) के करीब खड़े हैं और ऐसे में उन्हें नहीं खिलाना उनका मनोबल गिराने वाला फैसला होगा। लेकिन भुवी ने जो 36 विकेट हासिल किये हैं, वो सभी गेंदबाजों के लिए मददगार परिस्थितियों में मिले हैं और वो भी कमजोर प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ और थोड़ी सी सपाट पिच या फिर बेहतरीन बल्लेबाजी आक्रमण के सामने भुवनेश्वर असफल रहे हैं।हार का बहाना नहीं बना सकते।लेकिन अगर उन्हें खिलाया जाता है तो टीम प्रबंधन उमरान मलिक और मोहम्मद सिराज की जोड़ी को परखने का मौका चूक जायेगा कि वे फिन एलेन, ग्लेन फिलिप्स और डेवोन कॉनवे जैसे मजबूत खिलाड़ियों के खिलाफ दबाव भरी परिस्थितियों में कैसा खेलते हैं। भारत के सबसे तेज गेंदबाज उमरान को तैयार करने की आवश्यकता है। पाकिस्तान ने हारिस रऊफ, शाहीन शाह अफरीदी और नसीम शाह के साथ दिखा दिया है कि अत्यधिक तेज गति क्या कर सकती है।
36 मैचों से अजेय है अर्जेंटीना की टीम क्या मेसी अपने अंतिम विश्व में करेंगे चमत्कार?अभय कुमार सिंह एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। फुटबॉल विश्व कप का आगाज आज से कतर में हो जायेगा। फुटबॉल विश्व कप के इस 22वें एडिशन में दुनिया की 32 टीमें अपनी किस्मत आजमाती हुई नजर आयेंगी। इन टीमों को 8 ग्रुप में बांटा गया है। यानी एक ग्रुप में 4 टीमें होंगी। इस विश्व कप में सबकी नजरें अर्जेंटीना की टीम स्टार फुटबॉलर व कप्तान लियोनल मेसी पर होगी। अर्जेंटीना की टीम पिछले तीन साल व 36 मुकाबलों से अजेय है जिसके कारण इस टीम को खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। लियोनल मेसी की अगुआई वाली अर्जेंटीना की टीम ने वॉर्मअप मैच के जरिए अपनी तैयारी का नमूना पेश किया है। अर्जेंटीना ने वॉर्मअप मैच में संयुक्त अरब अमीरात को 5-0 से रौंदकर अन्य टीमों को चेतावनी देने की कोशिश की है कि आने वाले मुकाबलों में उससे पार पाना किसी भी टीम के लिए आसान नहीं होगा। अर्जेंटीना की टीम एक मैच और जीतकर इटली के सबसे ज्यादा मैच जीतने के रिकॉर्ड को तोड़ देगी। ग्रुप सी में है अर्जेंटीना अर्जेंटीना को सऊदी अरब, मैक्सिको और पोलैंड के साथ इस ग्रुप में रखा गया है। लियोनल मेसी एंड कंपनी फीफा विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत 22 नवंबर को सऊदी अरब के खिलाफ करेगी। अर्जेंटीना को अपने दूसरे मैच में 26 नवंबर को मैक्सिको भिड़ना है जबकि 30 नवंबर को यह टीम पोलैंड से टकरायेगी। जबरदस्त लय में हैं कप्तान मेसी अनुभवी फुटबॉल खिलाड़ी लियोनल मेसी इस समय शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। वह पिछले 5 मैचों में 10 गोल दाग चुके हैं। उन्होंने अपने इंटरनेशनल गोल की संख्या 91 पर पहुंचा दी है। अर्जेंटीना की 26 सदस्यीय टीम में 9 डिफेंडर और 7 फॉरवर्ड शामिल हैं। इस टीम में कोपा अमेरिका कप जीतने वाले 21 खिलाड़ी शामिल हैं। अर्जेंटीना ने 1978 और 1986 में विश्व कप खिताब अपने नाम किया था। यह टीम 1990 और 2014 में उप विजेता रही थी। 2014 के फाइनल में जर्मनी से मिली थी हार लियोनल मेसी के करियर का यह पांचवां विश्व कप है। माना जा रहा है कि मेसी का संभवत: यह आखिरी विश्व कप हो सकता है। ऐसे में वह इस विश्व कप को यादगार बनाना चाहेंगे। 35 वर्षीय लियोनल मेसी 4 विश्व कप के 17 मैचों में कुल 6 गोल दाग चुके हैं। मेसी की अगुआई में अर्जेंटीना की टीम साल 2014 के विश्व कप के फाइनल में पहुंचने में सफल रही थी जहां उसे जर्मनी से हार मिली थी। मारिओ गोत्जे के एक गोल ने मेसी के साथ-साथ अर्जेंटीना के सपने को चकनाचूर कर दिया था। मेसी 2006 से विश्व कप में लगातार हिस्सा ले रहे हैं। अर्जेंटीना अगर यह विश्व कप जीतती है तो मेसी का नाम फुटबॉल के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में लिखा जायेगा। मेसी ने विश्व कप को छोड़कर सारे इंटरनेशनल ट्रॉफी अपने नाम किये हैं। (लेखक वरिष्ठ पत्रकार सह एबीएन के खेल विशेषज्ञ हैं।)
एबीएन सेंट्रल डेस्क। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ कतर में रविवार को होने वाले फीफा विश्व कप फुटबॉल के उद्घाटन समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी दी। कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी के निमंत्रण पर धनखड़ 20-21 नवंबर को कतर का दौरा करेंगे। फुटबॉल विश्व कप के उद्घाटन समारोह में भाग लेने के अलावा उपराष्ट्रपति अपनी यात्रा के दौरान भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी मिलेंगे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.