एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। फीफा विश्व कप 2022 के प्री क्वार्टर फाइनल में दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराने के बाद ब्राजील के खिलाड़ियों ने जीत दिग्गज पेले को समर्पित की। बीमार पेले साओ पाउलो के अस्पताल में अपना इलाज करा रहे हैं। दक्षिण कोरिया पर जीत के बाद दोहा के स्टेडियम 974 में ब्राजील के खिलाड़ियों ने 82 वर्षीय पेले का पोस्टर स्टेडियम में फहराया। फुटबॉल इतिहास के सबसे महान खिलाड़ियों में से एक पेले गंभीर रूप से बीमार हैं। हालांकि, उनके परिवार का मानना है कि वह स्वस्थ होकर घर लौटेंगे।दक्षिण कोरिया के खिलाफ मैच में विनीसियस जूनियर, नेमार, रिचर्डसन और लुकास पाक्वेटा ब्राजील के लिए गोल किये। टखने की चोट से वापसी करने वाले नेमार ने कहा, पेले अभी जिस स्थिति से गुजर रहे हैं, उनके बारे में बात करना मुश्किल है, लेकिन मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।नेमार ने ग्लोबो से कहा, मुझे उम्मीद है कि वह जल्द से जल्द स्वस्थ होकर वापस आयेंगे और हम कम से कम जीत के साथ उन्हें दिलासा तो दे सकते थे। पेट के कैंसर के साथ पेले की लड़ाई खिलाड़ियों को रिकॉर्ड छठी बार फीफा चैंपियन बनने के लिए प्रेरित कर रही है। पेले ने ब्राजील के लिए तीन बार विश्व कप जीता है। विनीसियस ने कहा कि उन्हें हमसे बहुत ताकत की जरूरत है और यह जीत उनके लिए है, ताकि वह इस स्थिति से बाहर आ सकें और हम उनके लिए चैंपियन बन सकें।नेमार बोले मैं डर गया था...नेमार की वापसी ने ब्राजील को बहुत मजबूती दी और वे पहले मिनट से ही शानदार लय में थे। उन्होंने पेनल्टी स्पॉट से 13वें मिनट में गोल कर ब्राजील के लिए पेले के रिकॉर्ड 77 गोल की बराबरी की। उन्होंने स्वीकार किया कि सर्बिया के खिलाफ विश्व कप के पहले मैच में चोटिल होने के बाद उन्हें लगा कि उनके लिए यह टूर्नामेंट खत्म हो सकता है। नेमार ने कहा, जब मैं चोटिल हुआ तो मैंने बहुत मुश्किल रात बिताई। मैं लाखों अलग-अलग चीजों के बारे में सोच रहा था। मुझे इस विश्व कप में फिर से न खेल पाने का डर था, लेकिन मुझे अपने सभी साथियों और मेरे परिवार का समर्थन मिला जिन्होंने मुझे ताकत दी।रिचर्डसन ने कहा कि पिच पर नेमार की मौजूदगी बाकी सभी के लिए खेल को आसान बनाती है। टूर्नामेंट में अब तीन गोल करने वाले रिचर्डसन ने कहा, मैं नेमार की वापसी से बहुत खुश हूं। पिच पर दो या तीन खिलाड़ी उनको रोकने में लगते हैं और दूसरों के लिए जगह बनती है। सहायक कोच सीजर संपायो ने कहा- नेमार एक प्रतिस्पर्धात्मक लाभ प्रदान करता है, वह पिच पर अंतर बनाता है, वह प्रेरक शक्ति है।रिचर्डसन ने कोच टिटे के अपने आखिरी ग्रुप स्टेज मैच में लगभग पूरी पहली टीम को आराम देने के फैसले की भी प्रशंसा की। नॉक-आउट चरण में ब्राजील ने शुरुआती मैचों में अच्छा प्रदर्शन कर पहले ही नॉकआउट में अपनी जगह पक्की कर ली थी। हालांकि, उनकी टीम को आखिरी मैच में कैमरून के खिलाफ 1-0 से हार झेलनी पड़ी।रिचर्डसन ने कहा, हम पहले मिनट से तेजी से खेले और ऐसा इसलिए था, क्योंकि हमने आखिरी मैच में टीम के एक हिस्से को आराम दिया था, इसलिए आपको इसका श्रेय बॉस को देना होगा।टिटे के कई बदलावों का मतलब है कि उसने अब पूरे 26-सदस्यीय दल को टूर्नामेंट में खेलने का मौका दिया है, यहां तक कि तीसरी पसंद के गोलकीपर वेवर्टन भी कोरिया के खिलाफ अंतिम 10 मिनट खेले। उन्होंने इस पर कहा कि जब मैं आया तो खेल व्यावहारिक रूप से खत्म हो गया था, लेकिन कोई भी गोलकीपर गोल खाना पसंद नहीं करता।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत की 18 वर्षीय सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा अगले साल दक्षिण अफ्रीका में होने वाले पहले अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप में भारतीय टीम की अगुवाई करेंगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोमवार को यह जानकारी दी। शेफाली सितंबर 2019 में वरिष्ठ टीम की ओर से पदार्पण करने के बाद दो टेस्ट, 21 वनडे और 46 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी हैं। शेफाली ने 46 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 134.52 के स्ट्राइक रेट और 24.24 की औसत से 1091 रन बनाये हैं। न्यूजीलैंड महिला विकास टीम के खिलाफ पांच टी20 मैचों में भारत की अगुवाई कर रही श्वेता सहरावत को विश्व कप के लिये उपकप्तान नियुक्त किया गया है। भारत के लिए 25 टी20 और 17 एकदिवसीय मैच खेल चुकीं 19 वर्षीय विकेटकीपर ऋचा घोष को भी 15-सदस्यीय स्क्वाड में जगह दी गयी है। वह शेफाली के अलावा ऐसी दूसरी खिलाड़ी हैं जो सीनियर टीम के लिये खेलने के बाद अंडर-19 विश्व कप टीम में आयी हैं। बीसीसीआई सचिव जय शाह ने बताया कि शेफाली टी20 विश्व कप से पहले दक्षिण अफ्रीका में मेजबान टीम के खिलाफ पांच मैचों की टी20 शृंखला में भी अंडर-19 टीम की अगुवाई करेंगी। यह सीरीज 27 दिसंबर को शुरू होगी और सभी मुकाबले प्रिटोरिया के टुक्स ओवल में खेले जायेंगे। भारत को अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप के ग्रुप-डी में मेजबान दक्षिण अफ्रीका, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और स्कॉटलैंड के साथ रखा गया है। शेफाली की टीम को अपने अभियान की शुरुआत 14 जनवरी को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बेनोनी में करनी है। एक ग्रुप की चार टीमों में से शीर्ष तीन अगले दौर में प्रवेश करेंगी, जहां उन्हें छह-छह टीमों के दो समूहों में बांटा जायेगा। प्रत्येक समूह की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी, जो 27 जनवरी को पोटचेफस्ट्रूम में खेला जाएगा। फाइनल मुकाबला भी इसी मैदान पर 29 जनवरी को आयोजित होगा। अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप में भारतीय टीम : शेफाली वर्मा (कप्तान), श्वेता सहसरावत (उपकप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी त्रिशा, सौम्या तिवारी, सोनिया मेंढिया, हर्ले गाला, हर्षिता बसु (विकेटकीपर), सोनम यादव, मन्नत कश्यप, अर्चना देवी, पारशवी चोपड़ा, तीता साधु, फलक नाज, शबनम एमडी। अतिरिक्त खिलाड़ी : शिखा, नजला सीएमसी, यशश्री।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। इंग्लैंड ने कतर में चल रहे फुटबॉल विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया है। उसने रविवार (चार दिसंबर) को चौथे प्री-क्वार्टर फाइनल में अफ्रीकी चैंपियन सेनेगल को 3-0 से हरा दिया। इंग्लैंड के लिए मैच में कप्तान हैरी केन, उपकप्तान जॉर्डन हेंडरसन और युवा स्टार बुकायो साका ने एक-एक गोल दागे। क्वार्टर फाइनल में उसका मुकाबला गत चैंपियन फ्रांस से होगा। फ्रांस ने तीसरे प्री-क्वार्टर फाइनल में पोलैंड को 3-1 से हराया था।इंग्लैंड की टीम विश्व कप इतिहास में 10वीं बार क्वार्टर फाइनल में पहुंची है। पिछली बार रूस में हुए विश्व कप में वह चौथे स्थान पर रहा था। इंग्लैंड इससे पहले 1954, 1962, 1966, 1970, 1986, 1990, 2002, 2006 और 2018 में क्वार्टर फाइनल में पहुंचा था।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। इंग्लैंड के मैनेजर गैरेथ साउथगेट ने कहा है कि फीफा विश्व कप 2022 के क्वार्टरफाइनल में फ्रांस के सामने इंग्लिश टीम की सबसे बड़ी परीक्षा है। फीफा विश्व कप के क्वार्टरफाइनल मैच में शनिवार को इंग्लैंड का सामना फ्रांस से होगा। इंग्लैंड ने रविवार को अल-बेत स्टेडियम में खेले गये राउंड ऑफ़ 16 मुकाबले में सेनेगल को 3-0 से हराते हुए विश्व कप क्वार्टर फ़ाइनल में प्रवेश किया। बता दें कि वर्ष 2000 के बाद से सात मैचों में, इंग्लैंड की टीम ने केवल एक ही बार फ्रांस को हराया है। स्काईस्पोर्ट्स ने साउथगेट के हवाले से कहा कि फ्रांस के संदर्भ में, यह सबसे बड़ी परीक्षा है जिसका हम सामना करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि फ्रांस की टीम प्रतिभा और उत्कृष्ट खिलाड़ियों की अविश्वसनीय गहराई के साथ विश्व चैंपियन हैं। उनके खिलाफ खेलना और गोल करना बहुत मुश्किल है, इसलिए यह एक शानदार चुनौती है और तैयारी के लिए एक शानदार है। फ्रांस के खिलाफ इंग्लैंड का मैच नीदरलैंड के खिलाफ अर्जेंटीना के मैच के बाद घोषित होने वाला दूसरा क्वार्टर फाइनल मैच है। साउथगेट ने कहा कि दो क्वार्टर फाइनल जो निर्धारित हो चुके हैं, ऐतिहासिक प्रतिद्वंद्विता हैं। इसमें शामिल होना और खुद को सर्वश्रेष्ठ के खिलाफ परखना एक शानदार मौका है। इंग्लैंड और सेनेगल के बीच मुकाबले की बात करें तो इस मैच की शुरुआत में सेनेगल ने इंग्लैंड को कुछ चुनौती दी, लेकिन जॉर्डन हेंडरसन और कप्तान हैरी केन ने हाफटाइम से कुछ देर पहले गोल करके इंग्लैंड को 2-0 की बढ़त दिला दी। दूसरे हाफ में बुकायो साका ने तीसरा गोल कर इंग्लैंड की जीत पर मुहर लगा दी।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। अर्जेंटीना ने शनिवार (तीन दिसंबर) रात ऑस्ट्रेलिया को हराकर फुटबॉल विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में अपना स्थान पक्का किया। उसने कड़े मुकाबले में 2-1 से जीत हासिल की। अब उसका मुकाबला अंतिम-8 में नीदरलैंड की टीम से होगा। नीदरलैंड ने प्री-क्वार्टर फाइनल में अमेरिका को हराया था। अर्जेंटीना और नीदरलैंड के बीच क्वार्टर फाइनल मुकाबला शुक्रवार (नौ दिसंबर) को खेला जायेगा।अर्जेंटीना के लिए इस मैच में कप्तान लियोनल मेसी और युवा स्टार जूलियन अल्वारेज ने गोल किया। मेसी ने मैच का पहला गोल 35वें मिनट में किया। सीनियर स्तर पर यह उनका 1000वां मैच था। उन्होंने अपने इस यादगार मैच में गोल कर टीम को जीत दिलायी। उनके 1000 मैच में 779 गोल और 338 असिस्ट हैं। साथ ही अपने पांचवें विश्व कप में उन्होंने पहली बार किसी नॉकआउट मैच में गोल किया है। मेसी की गोल की बदौलत अर्जेंटीना की टीम पहले हाफ में 1-0 से आगे थी। उसके दूसरे हाफ में अल्वारेज ने गोल किया। उन्होंने 57वें मिनट में गेंद को गोलपोस्ट में डाला। मैच के 77वें मिनट में ऑस्ट्रेलिया की किस्मत खुलती हुई नजर आई। उसके खिलाड़ी क्रेग गुडविन ने शॉट मारा तो गेंद अर्जेंटीना के एंजो फर्नांडिस से टकराई और गोलपोस्ट में चली गई। इस तरह फर्नांडिस ने आत्मघाती गोल कर लिया। इसके बाद इंजरी टाइम के अंत में ऑस्ट्रेलिया को एक मौका मिला, लेकिन अर्जेंटीना के गोलकीपर एमी मार्टिनेज ने उसे रोक दिया और टीम को जीत दिला दी।
टीम एबीएन, सिमडेगा/ रांची। झारखंड के सिमडेगा जिले के कोलेबिरा प्रखंड अंतर्गत अघरमा के रहने वाले पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी जस्टिन केरकेट्टा का आज हार्ट अटैक होने से निधन हो गया है। उनका जन्म 1947 में हुआ था। वे 1978 वल्डर् कप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने के साथ-साथ कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वे बिहार रेजीमेंट में भारतीय सेना में नौकरी करते थे। वहां से सेवानिवृत्त होने के बाद वे कई 1982से1998 तक तक मेकॉन में हॉकी खिलाड़ियों को कोचिंग भी देते थे।कई खेल प्रेमियों ने दी श्रद्धांजलि : तत्पश्चात वे कोलेबिरा प्रखंड मुख्यालय में मकान बनाकर रहने लगे और किसी भी छोटे-बड़े हॉकी प्रतियोगिताओं में भाग लेते रहे। कोलेबिरा के बरवाडीह विद्यालय में हर वर्ष होने वाले हॉकी प्रतियोगिता में भी भी बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता देते थे। आज उनके आकस्मिक निधन पर हॉकी झारखंड, हॉकी सिमडेगा सहित कई खेल प्रेमियों ने श्रद्धांजलि व्यक्त की है।उनसे कई मामलों में लिया मार्गदर्शन : हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोला नाथ सिंह ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा की उनके जाने से बहुत बड़ी क्षति हुई है। मैं जब भी सिमडेगा जाता था, कोलेबिरा में रुक कर उनसे मिलकर ही जाया करता था और उनसे कई मामलों में मार्गदर्शन भी लिया करता था।वहीं, हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि जस्टिन केरकेट्टा के निधन से हम लोगों ने हॉकी के एक अभिभावक को खो दिया है। जब भी हम लोग उन्हें आमंत्रित करते थे तो वे निश्चित समय देते थे और कहा करते थे कि आप लोगों के कार्य से मुझे काफी खुशी होती है, निरंतर आप लोग इसी तरह कार्य करते रहें।इन्होंने जताया शोक : उनके निधन पर हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोला नाथ सिंह, विजय शंकर सिंह, रजनीश कुमार, मनोज कोनबेगी, माइकल लाल, अंतररष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी असुंता लकड़ा सहित हॉकी झारखंड के समस्त पदाधिकारियों ने शोक व्यक्त किया है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। मोहम्मद शमी कंधे की चोट के कारण बंगलादेश के खिलाफ एकदिवसीय शृंखला से बाहर हो गये हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शनिवार को यह जानकारी दी।बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने बताया कि शमी की यह चोट पहले एकदिवसीय मैच से पूर्व अभ्यास सत्र के दौरान लगी। शमी फिलहाल बेंगलुरु की राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में बीसीसीआई की मेडिकल टीम की निगरानी में हैं।शाह ने बताया कि चयनकर्ता समिति ने शमी की जगह उमरान मलिक को टीम में शामिल किया है। भारत और बंगलादेश के बीच तीन मैचों की वनडे सीरिज का पहला मुकाबला रविवार को मीरपुर के शेर ए बंगला स्टेडियम में खेला जाएगा।बंगलादेश वनडे के लिए भारतीय टीम में रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), शिखर धवन, विराट कोहली, रजत पाटीदार, श्रेयस अय्यर, राहुल त्रिपाठी, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), शाहबाज अहमद, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, मो सिराज, दीपक चाहर, कुलदीप सेन और उमरान मलिक शामिल हैं।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। दक्षिण कोरिया ने विश्व कप में बड़ा उलटफेर करते हुए मजबूत पुर्तगाल को 2-1 से हरा दिया। इस जीत के साथ ही उसके तीन मैचों में चार अंक हो गए हैं। इस जीत के साथ ही उसने नॉकआउट में अपना स्थान पक्का कर लिया। कोरिया की टीम 2010 के बाद पहली बार अंतिम-16 में पहुंची है।पुर्तगाल के लिए मैच में रिकार्डो होर्ता ने पांचवें मिनट में ही गोल कर दिया। 27वें मिनट में दक्षिण कोरिया ने मैच में वापसी की। उसके लिए किम यूंग ग्वोन ने पहला गोल किया। उन्होंने पिछले विश्व कप में जर्मनी के खिलाफ भी पहला गोल किया था। निर्धारित 90 मिनट तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी थीं। इंजरी टाइम में ह्वांग ही चैन ने गोल कर टीम को जीत दिला दी।कोरिया विश्व कप में 11वीं बार खेल रहा है। वह तीसरी बार प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने में सफल रहा है। इससे पहले 2002 में टीम सेमीफाइनल तक पहुंची थी। 2010 में वह प्री-क्वार्टर फाइनल में हारी थी।स्विट्जरलैंड भी अगले दौर में पहुंचास्विट्जरलैंड ने शुक्रवार 2 दिसंबर को फीफा विश्व कप 2022 में में रोमांचक ग्रुप जी मुकाबले में सर्बिया को 3-2 से हराकर अंतिम 16 में अपना स्थान बना लिया। स्विट्जरलैंड के साथ ब्राजील भी दूसरे दौर में पहुंच गया है। हालांकि, ब्राजील ने अपने अंतिम ग्रुप मैच से पहले ही क्वालीफाई कर लिया था। दानी अल्वेस के ब्राजील के खिलाफ मैच 0-0 से समाप्त होने के बाद कैमरून बाहर हो गया था।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। पहले ही नॉकआउट में पहुंच चुकी पुर्तगाल की टीम शुक्रवार को फीफा विश्व कप के ग्रुच-एच में दक्षिण कोरिया का सामना करेगी। पुर्तगाली टीम की निगाहें एक अंक हासिल करने पर लगी है, ताकि वह अंतिम-16 में ब्राजील से भिड़ने से बच सके। मौजूदा तालिका में पुर्तगाल छह अंकों के साथ शीर्ष पर है, जबकि ब्राजील भी ग्रुप-जी में छह अंक लेकर शीर्ष पर कायम है।ऐसे में अंतिम-16 में ग्रुप-एच में शीर्ष पर रहने वाली टीम और ग्रुप-जी के दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम आमने-सामने होगी। शुक्रवार को ग्रुप-जी और एच की टीमें ग्रुप स्टेज के अपने आखिरी मैच खेलेंगी। भारतीय समयानुसार रात साढ़े आठ बजे से ग्रुप-एच के दो मैच होंगे। पुर्तगाल का सामना कोरिया रिपब्लिक और घाना का मुकाबला उरुग्वे से होगा। वहीं, भारतीय समयानुसार रात साढ़े 12 बजे (तीन दिसंबर) ग्रुप-जी के मैच होंगे। ब्राजील का सामना कैमरून और सर्बिया का सामना स्विटजरलैंड से होगा। रविवार को उरुग्वे पर जीत के बाद सांतोस ने कहा था कि वह कोरिया रिपबल्कि के खिलाफ कई अहम खिलाड़ियों को आराम देने की योजना बना रहे हैं, इसमें रोनाल्डो भी हो सकते हैं। 37 साल के रोनाल्डो के लिए नौ दिन में तीन मैच अधिक हो सकते हैं।रोनाल्डो बुधवार को टीम के ट्रेनिंग सत्र में नहीं दिखे, जबकि वह जिम में अभ्यास कर रहे थे। हो सकता है कि वह अंतिम-16 मुकाबले में ही खेलें। इससे गोंकालो रामोस या आंद्रे सिल्वा को शुरुआत करने का मौका मिल सकता है। सेंटर बैक दानिलो परेरा के भी मैच में नहीं खेलने की उम्मीद है जो पिछले हफ्ते ट्रेनिंग के दौरान पसली में चोट लगा बैठे थे। अगर पुर्तगाल के ब्रूनो फर्नांडिस चुने जाते हैं तो वह अपनी शानदार फाॅर्म जारी रखना चाहेंगे। वह अभी तक दो गोल कर चुके हैं और दो गोल करने में मदद कर चुके हैं। वहीं, कोरिया को भी जीत दर्ज करने के अलावा उसी समय घाना और उरुग्वे के बीच हो रहे मुकाबले का नतीजा अपने हक में आने की दरकार होगी ताकि वह ग्रुप से पुर्तगाल के साथ अगले दौर में पहुंच सके। अगर घाना जीतती है तो दक्षिण कोरिया क्वालिफाई नहीं कर पायेगा, भले ही पुर्तगाल के खिलाफ नतीजा कुछ भी रहे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.