एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। ब्रॉडकास्ट रिसर्च काउंसिल आॅफ इंडिया (बार्क) के आंकड़ों से पता चलता है वायकॉम18 नेटवर्क के स्पोर्ट्स 18 चैनल यानी टेलीविजन (टीवी) पर फीफा वर्ल्ड कप देखने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बार्क के आंकड़े दशार्ते हैं कि पहले 58 मुकाबले जिनमें बीते शुक्रवार, शनिवार और रविवार के क्वार्टर फाइनल भी शामिल हैं उन्हें करीब 4.7 करोड़ लोगों ने देखा है। इससे पहले के 48 मुकाबले 4.2 करोड़ दर्शकों ने टेलीविजन पर देखे थे, यानी इसमें करीब 11 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गयी।प्रतियोगिता के पहले 19 मैचों की तुलना में, पहले 58 मैचों के लिए दर्शकों की संख्या में वृद्धि लगभग 51 फीसदी है। प्रतियोगिता के पहले 19 मुकाबले कुल 3.1 करोड़ लोगों ने देखा था। आंकड़ों के अनुसार, पहले 19 मुकाबलों की तुलना में शुरूआती 48 मुकाबलों में 35 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई थी। बार्क के दर्शकों की संख्या केबल और सैटेलाइट के माध्यम से देखने वाले दो वर्ष से अधिक उम्र के ग्रामीण और शहरी दोनों लोगों की है। पहुंच का अर्थ है उन लोगों की संख्या से है जिन्होंने टीवी पर मुकाबला या मुकाबले देखे। पहले 58 मुकाबलों के लिए प्रति मुकाबला औसत पहुंच 63.1 लाख है जबकि पहले 48 मुकाबलों के लिए प्रति मुकाबला औसत पहुंच 58.8 लाख है।गुरुग्राम की कंसल्टेंसी किआओस मार्केटिंग के मुख्य कार्याधिकारी सजल गुप्ता कहते हैं, फीफा विश्व कप के दौरान स्पोर्ट्स 18 के लिए टीवी दर्शकों की संख्या में वृद्धि स्थिर रही है। यह वायकॉम 18 नेटवर्क के लिए अच्छा है, जो अपने दर्शकों के आधार को बढ़ाना चाहता है। यह देखते हुए कि स्पोर्ट्स 18 चैनल अभी शुरूआती चरण में है और इसे इस साल अप्रैल में ही लॉन्च किया गया था।रिलायंस समर्थित वायकॉम 18 भी अपने डिजिटल दर्शकों के आधार को बढ़ाना चाह रहा है क्योंकि यह इंडियन प्रीमियर लीग को 2023-2027 तक अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम करने की तैयारी कर रहा है। इसने ब्रॉडकास्टर को अपने जियो सिनेमा ऐप पर फीफा विश्व कप को मुफ्त में लाइव-स्ट्रीम करने के लिए प्रेरित किया। यह भारत में पहली बार किसी ब्रॉडकास्टर के लिए था।वायकॉम 18 स्पोर्ट्स के मुख्य कार्याधिकारी अनिल जयराज ने पहले संकेत दिया था कि मुफ्त स्ट्रीमिंग फुटबॉल टूर्नामेंट के दर्शकों के लिए आसान पहुंच सुनिश्चित करेगी। सूत्रों के मुताबिक, फीफा वर्ल्ड कप के दौरान जियो सिनेमा ऐप को 1.1 अरब से ज्यादा बार देखा गया। यह ऐंड्रॉयड और आईओएस फोन पर सबसे ज्यादा डाउनलोड किया जाने वाला मुफ्त ऐप भी है। जानकार लोगों ने कहा कि जियो सिनेमा के मासिक सक्रिय उपयोगकर्ता पहले के 8.5-9.0 करोड़ से बढ़कर लगभग 11 करोड़ तक पहुंच गए हैं। दूसरी ओर, इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के साथ-साथ उपलब्ध मनोरंजन सामग्री के कारण डिज्नी+ हॉटस्टार ऐप के पास लगभग 30 करोड़ मासिक सक्रिय उपयोगकर्ता हैं।हाल ही में जारी सितंबर तिमाही के परिणामों के अनुसार, भुगतान वाले ग्राहकों के संदर्भ में, डिज्नी + हॉटस्टार के पास जुलाई-सितंबर की अवधि में 6.13 करोड़ का उपयोगकर्ता आधार है। यह एक साल पहले की अवधि से 42 फीसदी अधिक है। जियो सिनेमा ऐप के लिए भुगतान करने वाले ग्राहकों की संख्या अभी उपलब्ध नहीं है।लेकिन, दिलचस्प बात यह है कि विशेषज्ञों का कहना है कि डिज्नी + हॉटस्टार अपने कुछ सशुल्क ग्राहकों को खो सकता है, क्योंकि वायकॉम 18 अगले साल से अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आईपीएल की स्ट्रीमिंग शुरू कर देगा। मुंबई के ब्रोकरेज इलारा कैपिटल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष करण तौरानी कहते हैं, हॉटस्टार अपने 30-40 फीसदी भुगतान करने वाले ग्राहकों को खो सकता है क्योंकि आईपीएल अब वायकॉम 18 पर चला गया है। वायकॉम 18 के लिए यात्रा अभी शुरू हुई है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। फीफा विश्वकप-2022 का फाइनल मुकाबला रविवार को लुसैल स्टेडियम में खेला जायेगा। इससे पहले आज (17 दिसंबर) खलीफा इंटरनेशनल स्टेडियम में क्रोएशिया और मोरक्को के बीच तीसरे स्थान के लिए जंग होगी। क्रोएशिया को पहले सेमीफाइनल में अर्जेंटीना के हाथों 3-0 से हार का सामना करना पड़ा था। दूसरे सेमीफाइनल में फ्रांस ने मोरक्को को 2-0 से हराया था। इस टूर्नामेंट में क्रोएशिया और मोरक्को की टीमें दूसरी बार आमने-सामने होंगीं।मोरक्को की टीम फीफा वर्ल्ड कप में पहली बार तीसरे स्थान के लिए खेलेगी। वह अफ्रीका की पहली टीम है जो वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंची। इससे पहले कोई भी अफ्रीकन टीम फीफा वर्ल्ड कप में क्वार्टर फाइनल से आगे नहीं जा पाई थी। मोरक्को को सेमीफाइनल में फ्रांस ने 2-0 से हराया था। अर्जेंटीना ने क्रोएशिया को सेमीफाइनल में 3-0 से मात दी है। क्रोएशिया और मोरक्को के बीच तीसरे स्थान के लिए मुकाबला आज भारतीय समयानुसार रात साढ़े 8 बजे खेला जायेगा।भारत में फीफा वर्ल्ड कप 2022 का प्रसारण अधिकार वायकॉम-18 के पास है। इसका लाइव टेलीकास्ट स्पोर्ट्स-18 और स्पोर्ट्स-18 एचडी चैनल्स पर होगा। आप इसकी लाइव स्ट्रीमिंग वूट सेलेक्ट और जियो सिनेमा पर देख सकते हैं।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। फीफा विश्वकप 2022 के रविवार को होने वाले खिताबी मुकाबले के लिये अर्जेंटीना और फ्रांस की टीमे कमर कस चुकी हैं। आंकड़ों पर नजर डाले तो अर्जेटीना का पलड़ा भारी दिखता है मगर बड़े उलटफेर का गवाह बन चुका मौजूदा विश्वकप का फाइनल राेमांच से भरपूर होना तय है।अर्जेंटीना और फ्रांस इससे पहले आधिकारिक मैचों में 12 बार भिड़ चुके हैं, जिसमें अर्जेंटीना ने छह जीते और तीन हारे हैं। दोनो टीमों के बीच आखिरी मुकाबला रूस में 2018 विश्व कप के प्री क्वार्टर फाइनल में हुआ था जिसमें फ्रांस ने 4-3 से जीत हासिल की थी।दोनों टीमों के बीच पहली आधिकारिक भिड़ंत 15 जुलाई 1930 को विश्व कप में हुयी थी जिसमें अर्जेंटीना को एक गोल से जीत मिली थी। इसके बाद 1971, 1974, 1978 विश्वकप, 2007 और 2009 में भी अर्जेंटीना ने फ्रांस के खिलाफ हुये मैचों में जीत हासिल की थी वहीं फ्रांस ने आठ जनवरी 1971 और 26 मार्च 1986 को अर्जेंटीना को हराया था। इसके अलावा 1965,1972 और 1977 में दोनो टीमे एक दूसरे के खिलाफ गोल करने में असफल रही थी।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। स्पेन के कप्तान सर्जियो बुस्केट्स ने फीफा विश्व कप में टीम की हार के बाद अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास ले लिया है। एक दशक से ज्यादा समय तक स्पेन मिडफील्ड की जान रहे बुस्केट्स प्री-क्वार्टर फाइनल में हार के बाद काफी निराश थे। स्पेन की टीम को मोरक्को ने पेनल्टी शूटआउट में हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया था। बुस्केट्स क्लब स्तर पर अभी खेलना जारी रखेंगे।स्पेनिश राष्ट्रीय टीम ने शुक्रवार को कहा कि 34 वर्षीय बुस्केट्स 143 मैचों के बाद अपने करियर को समाप्त कर रहे हैं। बुस्केट्स 2010 में विश्व कप और 2012 में यूरो कप जीतने वाली टीम के सदस्य थे। वह स्पेन के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने के मामले में तीसरे स्थान पर रहे। इस मामले में उसने आगे सर्जियो रेमोस (180 मैच) और इकर कैसिलास (167 मैच) हैं।पेनल्टी शूटआउट में चूक गये थे बुस्केट्स : बुस्केट्स ने कतर में विश्व कप में स्पेन की कप्तानी की। वह स्पेन के उन तीन खिलाड़ियों में से एक थे जो पेनल्टी शूटआउट में चूक गए थे। बुस्केट्स के चूकने पर सभी हैरान थे। उनका संन्यास लेना स्पेन के लिए एक युग के अंत के समान है। वह 2010 में विश्व कप जीतने वाली टीम के इकलौते सदस्य थे, जो मौजूदा टीम में भी थे। बुस्केट्स क्लब स्तर पर बार्सिलोना के लिए खेलते हैं।इनिएस्ता और जावी के साथ बनाई थी शानदार तिकड़ी : दुबले-पतले बुस्केट्स बार्सिलोना और स्पेन की सफलताओं का एक महत्वपूर्ण हिस्सा थे। वह आंद्रे इनिएस्ता और जावी हर्नांडेज के साथ क्लब और देश के लिए शानदार तिकड़ी बनाते थे। बुस्केट्स हमेशा एक ऐसे खिलाड़ी के रूप में सामने आए जो किसी सांचे में फिट नहीं होते थे। वह न तो तेजी के लिए जाने जाते थे और न ही स्कोर करने के लिए। बुस्केट्स को गोल बनाने और दूसरी टीम की मिडफील्ड को तोड़ने में माहिर माना जाता है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। दोहा का लुसैल स्टेडियम फुटबॉल के महाकुंभ के समापन के लिए तैयार है। फीफा विश्व कप-2022 का फाइनल मुकाबला रविवार को यहां खेला जायेगा। इससे पहले लुसैल विश्व कप की क्लोजिंग सेरेमनी का साक्षी बनेगा। इस समारोह में शकीरा, नोरा फतेही समेत तमाम प्रसिद्ध कलाकार शिरकत करेंगे। यह यादगार सामारोह होगा। इसके बाद अर्जेंटीना और फ्रांस के बीच टूर्नामेंट का आखिरी मैच (फाइनल मुकाबला) खेला जायेगा। क्लोजिंग सेरेमनी भारतीय समयानुसार 6ः30 बजे शुरू होगी। लुसैल कतर का सबसे बड़ा फुटबॉल स्टेडियम है। इसकी दर्शक क्षमता 80,000 है। संयोग से 18 दिसंबर को कतर का राष्ट्रीय दिवस भी है। समापन समारोह में नाइजीरियाई-अमेरिकी संगीतकार डेविडो भी सुर्खियां बटोरेंगे। इस साल के विश्व कप साउंडट्रैक में प्रदर्शित गीतों में से एक हय्या हय्या (बेटर टुगेदर) का प्रदर्शन होगा। भारतीय कलाकार और सिंगर नोरा फतेही इस समारोह में हिंदी में गीत प्रस्तुत कर सकती है। पॉप सितारे शकीरा और जेनिफर लोपेज एक संगीत वीडियो में दिखाई देंगे। भारत में इसकी लाइव स्ट्रीमिंग वूट (वीओओट) और जियो सिनेमाज (जेआईओ सीआईएनईएमएएस) पर होगी।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। वेस्टइंडीज के दिग्गल बल्लेबाज और हाल ही में आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल हुए शिवनारायण चंद्रपॉल दक्षिण अफ्रीका में अगले महीने होने वाले आईसीसी महिला अंडर 19 विश्व कप के लिए यूएसए महिला टीम के कोच पद पर बने रहेंगे।स्टार ऑलराउंडर गीतिका कोडाली 14 जनवरी से शुरू होने वाले 15 दिवसीय टूर्नामेंट के दौरान यूएसए की कप्तानी करेंगी, विकेटकीपर/बल्लेबाज अनिका कोलन को उप-कप्तान बनाया गया है।चंद्रपॉल ने कहा कि दुबई के शानदार दौरे के बाद, हम खिलाड़ियों और यूएसए के लिए इस ऐतिहासिक विश्व कप की अंतिम तैयारियों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। हमने पूरे साल दिखाया कि हम किस तरह का क्रिकेट खेल सकते हैं। विश्व कप अविश्वसनीय रूप से विशेष हैं और मैं वास्तव में इस शानदार मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए उत्सुक हूं।यूएसए को विश्व कप के लिए एक कठिन समूह सौंपा गया है, जिसका पहला मैच 14 जनवरी को बेनोनी के विलोमूर पार्क में श्रीलंका के खिलाफ होगा। इसके बाद अमेरिकी टीम 16 जनवरी को ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी और इसके दो दिन बाद टीम का सामना बांग्लादेश से होगा।यूएसए की टीम इस प्रकार है: गीतिका कोडाली (कप्तान), अनिका कोलन (विकेटकीपर) (उपकप्तान), अदिति चुडासमा, भूमिका भद्रिराजू, दिशा ढींगरा, इसानी वाघेला, जीवाना अरास, लास्य मुल्लापुडी, पूजा गणेश (विकेटकीपर), पूजा शाह, रितु सिंह, साई तनमयी आईयुन्नी, स्निग्धा पॉल, सुहानी थडानी, तरनम चोपड़ा।रिजर्व: चेतना प्रसाद, कस्तूरी वेदांतम, लिसा रामजीत, मिताली पटवर्धन, त्या गोंजाल्विस।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। मध्यप्रदेश के खेल प्रेमी दिसम्बर माह में लगातार अलग-अलग खेलों की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के रोमांचक मुकाबलों के साक्षी बन रहे हैं। हाल ही में भोपाल में 65वीं राष्ट्रीय शूटिंग पिस्टल चैंपियनशिप का आयोजन हुआ।मध्यप्रदेश राज्य घुड़सवारी अकादमी में 12 दिसम्बर से राष्ट्रीय जूनियर घुड़सवारी प्रतियोगिता चल रही है। अब 20 दिसम्बर से भोपाल के बॉक्सिंग प्रेमी देश की विख्यात महिला बॉक्सर्स को अपने शानदार पंच से प्रतिद्वंदियों को धराशायी होते हुए देखेंगे।370 महिला बॉक्सर्स लेंगी हिस्सा : भोपाल के टीटी नगर स्टेडियम के नये मार्शल आर्ट हॉल में 20 से 26 दिसंबर 2022 तक देश की 370 महिला बॉक्सर्स 6वीं एलीट राष्ट्रीय महिला बॉक्सिंग चैंपियनशिप का हिस्सा होंगी। मध्यप्रदेश राज्य बॉक्सिंग अकादमी की 12 बॉक्सर्स अलग-अलग वेट कैटेगरी में भाग लेंगी।
रविवार को विश्व विजेता बनने के लिए अर्जेंटीना से होगी भिड़ंतएबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। इंटरनेशल फेडरेशन ऑफ फुटबाल एसोसिएशन (फीफा) वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल में मोरक्को को 2-0 से हराकर फ्रांस फाइनल में पहुंच गया। फाइनल में उसका मुकाबला रविवार को अर्जेंटीना से होगा। कतर की मेजबानी में खेले जा रहे फीफा वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबला बुधवार देर रात अल बायेत स्टेडियम में खेला गया। मैच शुरू होने से पहले लगभग 60 हजार की क्षमता वाले इस स्टेडियम में मौजूद बड़ी संख्या में दर्शकों में गजब का उत्साह दिखा। मैच में फ्रांस की टीम 4-2-3 और मोरक्को की टीम 5-4 की लाइनअप के साथ मैदान में उतरी। भारतीय समयानुसार रात साढ़े 12 बजे मैच शुरू हुआ। मैच शुरू होते ही फ्रांस के खिलाड़ी मोरक्को के खिलाड़ियों पर हावी दिखे। मैच के पांचवें मिनट में ही फ्रांस के डिफेंडर खिलाड़ी थियो हर्नादेज ने पहला गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिला दी। मैच के पहले हाफ में फ्रांस की टीम 1-0 से आगे रही। दूसरे हाफ में मोरक्को ने कई अच्छे प्रयास किए लेकिन उन्हें गोल में नहीं बदल सका। लगातार हमलावर फ्रांस के खिलाड़ियों के आगे मोरक्को के खिलाड़ी विवश दिखे। खेल के 79वें मिनट में फ्रांस के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल के साथ मोरक्को के खिलाफ एक ओर गोल दाग कर अपनी टीम की बढ़त 2-0 कर ली। यह गोल फ्रांस के स्ट्राइकर रैंडल कोलो मुआनी ने किया। इस प्रकार फ्रांस ने मोरक्को को 2-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।फीफा वर्ल्ड रैंकिंग में चौथे नंबर की फ्रांस टीम लगातार दूसरी और ओवरऑल चौथी बार फाइनल में पहुंची है। इससे पहले फ्रांस तीन बार फाइनल खेल चुकी है, जिसमें उसने दो बार 1998 और 2018 में खिताब जीता था, जबकि 2006 में वह उपविजेता रही थी। फाइनल में फ्रांस का मुकाबला अर्जेंटीना से होगा। अर्जेंटीना अब तक अब तक दो बार 1978 और 1986 में खिताब जीत चुकी है।टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार 18 दिसंबर की रात 8:30 बजे, लुसैल स्टेडियम में खेला जायेगा। इससे पहले 17 दिसंबर को तीसरे स्थान के लिए मोरक्को और क्रोएशिया के बीच खेला जायेगा।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम के कप्तान और स्टार खिलाड़ी लियोनल मेसी ने साफ कर दिया है कि फीफा विश्व कप 2022 के बाद वह अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल को अलविदा कह देंगे। इस विश्व कप के फाइनल मुकाबले में मेसी आखिरी बार अपने देश के लिए खेलते दिखेंगे। मेसी के पास इस मैच में अपनी टीम को चैंपियन बनाकर विश्व कप जीतने और गोल्डन बूट अपने नाम करने का मौका है। साथ ही मेसी रोनाल्डो का रिकॉर्ड भी तोड़ सकते हैं।लियोनेल मेसी ने खुद पुष्टि की है कि वह 18 दिसंबर को फीफा विश्व कप 2022 के फाइनल के बाद संन्यास ले लेंगे। अर्जेंटीना के कप्तान मेसी ने क्रोएशिया के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में पेनल्टी पर गोल कर अपनी टीम को फाइनल में पहुंचाने में अहम योगदान दिया। उनके अलावा जूलियन अल्वारेज ने दो बेहतरीन गोल किए और अर्जेंटीना ने क्रोएशिया को 3-0 से हराकर फाइनल में जगह बनायी। इसके बाद मेसी ने साफ कर दिया कि वह फाइनल में आखिरी बार अपने देश के लिए खेलेंगे।मेसी ने अर्जेंटीना के मीडिया आउटलेट डियारियो डेपोर्टिवो ओले से कहा कि मैं इसे हासिल करने में सक्षम होने के लिए बहुत खुश महसूस कर रहा हूं, फाइनल में अपना आखिरी गेम खेलकर अपनी विश्व कप यात्रा समाप्त कर रहा हूं। अर्जेंटीना के कप्तान ने कहा कि अगले (विश्व कप) के लिए कई साल हैं और मुझे नहीं लगता कि मैं ऐसा कर पाऊंगा। और इस तरह खत्म करना सबसे अच्छा है।35 वर्षीय मेसी अपना पांचवां विश्व कप खेल रहे हैं। उन्होंने अर्जेंटीना के ही डिएगो माराडोना और जेवियर माशेरानो को पीछे छोड़ा है, जिन्होंने चार विश्व कप खेले हैं। मेसी ने कतर विश्व कप में अपना पांचवां गोल करने के साथ ही विश्व कप में गोल करने के मालमे में गेब्रियल बतिस्तुता को पीछे छोड़ दिया। गेब्रियल बतिस्तुता ने विश्व कप में 11 गोल किए हैं और मेसी उनसे आगे निकल चुके हैं।विश्व कप में मेसी का सबसे अच्छा सफर 2014 में रहा था, जब अर्जेंटीना की टीम फाइनल में पहुंची थी।हालांकि, फाइनल में जर्मनी ने अर्जेंटीना को हराकर खिताब पर कब्जा किया था। इस बार मेसी अपनी टीम को चैंपियन बनाना चाहेंगे। मेसी ने कहा कि यह सब ठीक है और अच्छा है (रिकॉर्ड्स), लेकिन महत्वपूर्ण बात यह है कि टीम के उद्देश्य को हासिल करने में सक्षम होना है, जो कि सबसे खूबसूरत चीज है। हम कड़ी मेहनत करने के बाद बस एक कदम दूर हैं, और हम इस बार ऐसा करने के लिए सब कुछ देने जा रहे हैं।अर्जेंटीना की टीम छठी बार फीफा विश्व कप के फाइनल में पहुंची है। इसके बाद टीम के फैंस ने सड़क पर आकर जश्न मनाया। फाइनल में अर्जेंटीना का सामना या तो 2018 चैंपियन फ्रांस या मोरक्को से होगा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.