एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय टीम हॉकी वर्ल्ड कप से बाहर हो गई है। टूर्नामेंट की मेजबान भारत को क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के लिए हुए क्रॉस ओवर में न्यूजीलैंड के खिलाफ एक रोमांचक मुकाबले में पेनल्टी शूटआउट में भारत को 5-4 से हरा दिया। निर्धारित समय तक मुकाबला 3-3 से बराबर रहा जिसके बाद पेनल्टी शूट-आउट में भी शुरुआती 5-5 स्ट्रोक्स में नतीजा नहीं निकला। इसके बाद सडन डेथ में दोनों टीमों ने जीत के मौके गंवाये लेकिन आखिर में न्यूजीलैंड ने जीत दर्ज करते हुए भारत को उसके घर में, उसके फैंस के सामने ही वर्ल्ड कप से बाहर का रास्ता दिखा दिया।शुरुआत में 2-0 और फिर 3-1 से पिछड़ने वाली कीवी टीम ने जबरदस्त वापसी करते हुए स्कोर 3-3 से बराबर किया, जिसके बाद पेनल्टी शूटआउट हुआ। यहां भारत के लिए कप्तान हरमनप्रीत सिंह और राजकुमार ने शुरुआती दो गोल किए लेकिन अभिषेक और शमशेर अपने स्ट्रोक चूक गये। यहां पर न्यूजीलैंड ने 3-2 की बढ़त ले ली थी। ऐसे में स्टार गोलकीपर श्रीजेश के कमाल की जरूरत थी। श्रीजेश ने न्यूजीलैंड के आखिरी दो स्ट्रोक बचाये जबकि सुखजीत ने भारत का आखिरी गोल कर 3-3 की बराबरी कर ली।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। दीवानगी सरहदों और सुरक्षा घेरों की मोहताज नहीं होती। 21 जनवरी को रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम इस बात का गवाह बना। इस मुकाबले में एक ऐसा लम्हा आया, जब साबित हो गया कि रोहित आज भी पब्लिक का हिटमैन है। इस खूबसूरत मैदान पर पहला वनडे खेला जा रहा था और न्यूजीलैंड की पूरी टीम टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए केवल 34.3 ओवरों में 108 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। स्टेडियम में मौजूद 65,000 लोग गहरी निराशा में डूब गए। उल्लास की कोई वजह नजर नहीं आ रही थी। इतने कम स्कोर के सामने तय था कि भारत 20 ओवर में मुकाबला जीत जाएगा। मैच किसी भी सूरत में अंतिम लम्हों तक नहीं जा पायेगा।दूसरे ओवर की पांचवीं गेंद...शिप्ले ने शॉर्ट डाली और रोहित ने ताकतवर पुल शॉट पर स्क्वायर लेग से चौका बटोर लिया। यह भारतीय पारी की पहली बाउंड्री थी। चौथे ओवर में फिर शिप्ले और रोहित ने जगह बनाकर पांचवीं गेंद पर कवर्स के ऊपर से चौका प्राप्त कर लिया। पांचवां ओवर लेकर आये लॉकी फर्ग्यूसन और चौथी गेंद पर उनके आते ही आ गया पूरे मैच का अबतक का पहला छक्का। हिटमैन का ट्रेडमार्क हुक शॉट। रोहित गेंद की लाइन में आए और बॉल को फाइन लेग बाउंड्री के ऊपर से रवाना कर दिया। अबतक का सबसे खूबसूरत शॉट। एक पल को पुराना हिटमैन आंखों में उतर आया।8वें ओवर की पांचवीं गेंद टिकनर ने शॉर्ट पिच डाली, बदले में पॉइंट की दिशा से करारा चौका। स्टेडियम रोहित-रोहित के नारों से गूंज उठा। नवें ओवर की फर्ग्यूसन की दूसरी गेंद आउटसाइड ऑफ फुलर लेंथ की थी। हिटमैन ने पॉइंट के ऊपर से स्लाइस कर बाउंड्री अपने नाम कर ली। 10वें ओवर की तीसरी गेंद टिकनर ने जैसे ही शॉर्ट पिच डाली, मिड विकेट की दिशा से चौका आ गया। अगली गेंद लेंथ बॉल और एक्स्ट्राकवर के ऊपर से छक्का। रोहित शर्मा 37* रनों पर बल्लेबाजी कर रहे थे। जिस पिच पर अबतक कोई बल्लेबाज 1 छक्का नहीं जड़ सका था, रोहित 2 लगाकर खेल रहे थे।यह देखकर उनका एक 11 साल का फैन दीवाना हो गया। सुरक्षा घेरे को तोड़ते हुए अपने हिटमैन को गले लगाने दौड़ पड़ा। उसकी आंखों में जुनून था और कदमों में दुनिया नाप लेने की जिद। वह दौड़ता हुआ हिटमैन से लिपट गया। रोहित ने शिद्दत वाली मोहब्बत महसूस की। सिक्युरिटी गार्ड्स को सख्त हिदायत दी कि बच्चे को ध्यान से ले जाएं और उसपर किसी किस्म की कार्रवाई न करें। जब बच्चा रोहित से मिलने की खातिर बीच मैदान दौड़ रहा था, तब न्यूजीलैंड के तमाम खिलाड़ी आश्चर्यचकित थे। उन्होंने शायद कभी किसी खिलाड़ी के लिए इस हद तक जुनून नहीं देखा।इधर बच्चा खुशी-खुशी लौटा और उधर सैंटनर के 11वें ओवर की पहली गेंद पर रोहित ने स्वीप शॉट खेलकर बैकवर्ड स्क्वायर लेग की तरफ से चौका अपने नाम कर लिया। हिटमैन इतने उत्साहित हो गए कि 13वें ओवर की पहली गेंद पर रिवर्स स्वीप पर बाउंड्री हासिल कर ली। ओवर की चौथी बॉल पर रोहित का 48वां वनडे अर्धशतक। 51 बनाकर रोहित पगबाधा जरूर हो गये लेकिन उनकी पारी में पुराने हिटमैन की झलक नजर आई। उम्मीद है कि रोहित अपनी फॉर्म जरूर बरकरार रख पायेगा। हिटमैन नन्हे फैन की उम्मीदों पर खरा उतरेगा और भारत को वर्ल्ड कप जितायेगा।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत ने तीन वनडे मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले में न्यूजीलैंड को 08 विकेट से हरा दिया। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में टीम इंडिया ने इस मैच को अपने नाम कर सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त भी हासिल कर ली है। उसने हैदराबाद में खेले गए पहले वनडे में 12 रनों से जीत हासिल की थी। दोनों टीमों के बीच सीरीज का आखिरी मुकाबला 24 जनवरी (मंगलवार) को इंदौर में खेला जायेगा। भारत ने सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करने के साथ ही न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू मैदान पर लगातार सातवीं सीरीज अपने नाम कर ली है। न्यूजीलैंड 1988, 1995, 1999, 2010, 2016, 2017 और 2023 में भारत दौरे पर वनडे सीरीज में हारा है। टीम इंडिया के ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें तो उसने घर में लगातार सातवीं वनडे सीरीज भी जीत ली। घरेलू मैदान पर भारतीय टीम के दबदबे का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टीम इंडिया जनवरी 2020 से घर में 26 वनडे सीरीज खेली है। इस दौरान 23 जीती और सिर्फ तीन में हारी है। मैच की बात करें तो भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारतीय गेंदबाजों ने रायपुर की नई पिच पर कहर बरपाते हुए न्यूजीलैंड को 34.3 ओवर में 108 रन पर समेट दिया। रायपुर में भारतीय टीम पहली बार अंतरराष्ट्रीय मैच में खेली। यहां कि पिच टीम इंडिया के गेंदबाजों के लिए स्वर्ग साबित हुई। भारत ने 20.1 ओवर में दो विकेट पर 111 रन बनाकर मैच को जीत लिया। मोहम्मद शमी ने पहले ही ओवर में फिन एलेन को बोल्ड कर अपने इरादे साफ कर दिये। इस समय तक न्यूजीलैंड का खाता भी नहीं खुला था। छठे ओवर में सिराज ने हेनरी निकोलस को चलता किया। सातवें ओवर में शमी ने डेरिल मिचेल को पवेलियन भेज दिया। 10वें ओवर में कॉन्वे और 11वें ओवर में कप्तान लाथम भी पवेलियन लौट गये। 15 रन के अंदर न्यूजीलैंड की आधी टीम पवेलियन लौट गई थी और कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाया था। सभी पांच विकेट भारत के तेज गेंदबाजों ने लिये थे।
टीम एबीएन, रांची। शुक्रवार देर रात रायपुर में टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच मैच से पहले टिकटों की जमकर कालाबाजारी करने के आरोप में पुलिस ने नौ दलालों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन टिकट दलालों को 4-5 अलग-अलग जगहों से पकड़ा है। पिछले कई दिनों से मैच की टिकट दलाली को लेकर शिकायतें हो रही थी। मैच को देखने के लिए 18 जनवरी शाम 4 बजे से फिर से ऑनलाइन टिकटों की बिक्री शुरू हो गयी, लेकिन टिकट चंद मिनटों में ही बिक गये। इतने बड़े आयोजन के लिए कोई भी टिकट ऑफलाइन नहीं बिका।दबाव पड़ने पर पुलिस अधीक्षक कप्तान प्रशांत अग्रवाल के निर्देश पर एक टीम का गठन किया गया और कई जगह छापे डाले गये।पुलिस ने बताया है कि कुल 9 बदमाशों के पास से 66 टिकट मिले थे। इस कार्रवाई में रोहित कुमार, अब्दुल सलाम, आदित्य श्रीवास्तव, अशोक दुबे, अभिषेक सिंह नाम के युवकों को गिरफ्तार किया गया है। टीम ने सिविल लाइन क्षेत्र के कटोरा तालाब के पास क्रिकेट मैच टिकटों की कालाबाजारी करते धमतरी जिले के कुरूद के गांधी चौक निवासी राहुल वारयानी (27), आकाश वारयानी (25) को पकड़कर उनके कब्जे से 25 नग टिकट बरामद किया।शुक्रवार देर रात रायपुर के टिकरापारा क्षेत्र के पचपेढ़ी नाका के पास टिकटों की कालाबाजारी करते पचपेड़ी नाका सुधर्म जैन विहार कालोनी निवासी तनमय जैन(22वर्ष ) और महावीरनगर गुरूद्वारा के पास,न्यू राजेंद्रनगर निवासी अमनदीप सिंह (26) को पकड़कर उनके कब्जे से 19 नग टिकट जब्त किया। इसी तरह गंज इलाके में टिकट की कालाबाजारी करते रोहित कुमार झा (21), भाठागांव के अब्दुल सलाम (22), फेस टू रावतपुरा कालोनी के आदित्य श्रीवास्तव (23), प्रोफेसर कालोनी के अशोक दुबे (33) और महामाईपारा के अभिषेक सिंह (22) को पकड़ा गया।इनके पास से 22 टिकट बरामद किया गया।
माही ने शुरू की आईपीएल की तैयारीएबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल के लिए अपनी तैयारी शुरू कर दी है। आईपीएल के अगले सीजन की शुरुआत से पहले 41 वर्षीय दाएं हाथ के इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने ट्रेनिंग सेशन में जमकर पसीना बहाया। धोनी का नेट्स में बल्लबाजी करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।वीडियो में सीएसके के कप्तान पावर हिटिंग करते हुए नजर आ रहे हैं : वायरल हो रहे वीडियो में धोनी नेट्स में बल्लेबाजी करते हुए दिखाई दे रहे हैं। ट्रेनिंग सत्र के दौरान वो खूब पसीना बहाते हुए नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही वो अपने शॉट सेलेक्शन पर भी काम करते हुए दिखे। बता दें कि चेन्नई की टीम सीएसके के प्रबंधन कोच स्टीफन फ्लेमिंग और कप्तान धोनी के नेतृत्व में फरवरी या मार्च में एक विशेष शिविर आयोजित कर सकता है। खिलाड़ी इसमें आईपीएल के अगले सीजन के लिए ट्रेनिंग ले सकते हैं। बता दें कि एमएस धोनी का बल्ला आईपीएल के पिछले तीन सीजनों से शांत रहा है। आईपीएल 2020 के14 मैचों में उन्होंने 200 रन बनाए थे। इसके बाद 2021 में उन्होंने 16 मैच खेलकर 114 रन बनाये और 15वें सीजन में उनके बल्ले से 14 मैचों में 232 रन निकले। बता दें कि आईपीएल 2022 में चेन्नई की टीम नौवें स्थान पर रही थी। धोनी की अगुवाई में सीएसके ने 2021 में अपना आखिरी टाइटल कोलकाता नाइटराइडर्स को हराकर जीता था।आईपीएल 2023 धोनी के साथ उनके फैंस के लिए भी बेहद खास माना जा रहा है; क्योंकि ऐसा माना जा रहा है कि धोनी के आईपीएल करियर का यह आखिरी सीजन हो सकता है। 16वें सीजन का आयोजन इस साल मार्च के आखिरी या फिर अप्रैल के पहले हफ्ते में होने की संभावना है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय पहलवान खिलाड़ियों की ओर से कुश्ती संघ के अधिकारियों पर लगाये गये यौन शोषण के बाद कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा भी उनके समर्थन में उतरी। प्रियंका ने ट्विट कर लिखा कि हमारे खिलाड़ी देश की शान हैं। विश्व स्तर पर अपने प्रदर्शन से वे देश का मान बढ़ाते हैं। कुश्ती फेडरेशन और उसके अध्यक्ष पर खिलाड़ियों ने शोषण के गंभीर आरोप लगाये हैं। इन खिलाड़ियों की आवाज सुनी जानी चाहिए। आरोपों की जांच कर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत ने अपने आखिरी लीग मैच में वेल्स को 4-2 से हरा दिया। टीम इंडिया इस जीत के साथ दूसरे स्थान पर रही। शीर्ष पर काबिज इंग्लैंड के बराबर उसके सात अंक हैं, लेकिन गोल अंतर में टीम इंडिया पीछे रह गयी। इंग्लैंड ने भारत के मुकाबले ज्यादा गोल किये। टीम इंडिया सीधे क्वार्टर फाइनल में नहीं पहुंच पाई। वह अंतिम-8 में जगह बनाने के लिए क्रॉसओवर में न्यूजीलैंड के खिलाफ 22 अगस्त को शाम 7 बजे से खेलेगी।भारतीय टीम के लिए मैच में शमशेर सिंह ने पहला गोल 21वें मिनट में किया। उन्होंने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल दागा। शमशेर के बाद आकाशदीप ने लगातार दो गोल किये। आकाशदीप ने दोनों फील्ड गोल किए। उन्होंने 32वें और 45वें मिनट में गेंद को गोलपोस्ट में डाला। मैच के चौथे क्वार्टर में कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल किया। इस विश्व कप में उनका पहला गोल है। आकाशदीप को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत की नंबर एक फर्राटा धाविका दुती चंद टूर्नामेंट से बाहर हुए टेस्ट में प्रतिबंधित अनाबॉलिक स्टेरॉयड के सेवन की दोषी पाई गई हैं और उन पर अस्थायी निलंबन लगा दिया गया है। एशियाई खेल 2018 में सौ और 200 मीटर दौड़ में दूसरे स्थान पर रहीं दुती सौ मीटर में मौजूदा राष्ट्रीय चैंपियन हैं। राष्ट्रीय डोपिंग निरोधक एजेंसी (नाडा) द्वारा जारी अधिसूचना में कहा गया, दुती चंद को एंडराइन, ओस्टराइन और लिगांड्रोल के सेवन का दोषी पाया गया है।जांच के लिए उनका नमूना पिछले साल 5 दिसंबर को टूर्नामेंट से इतर प्रतियोगिता में लिया गया था। दुती ने संपर्क करने पर कहा कि मुझे कोई जानकारी नहीं मिली है। मैंने कई टेस्ट दिये हैं, लेकिन एएफआई ने मुझे कुछ बताया नहीं है। मुझे सोशल मीडिया से ही इसकी जानकारी मिल रही है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। श्रीलंका को क्लीन स्वीप करने के बाद भारत अब तीन मैचों की एकदिवसीय (वनडे) शृंखला में दुनिया की नंबर एक वनडे टीम न्यूजीलैंड का सामना करेगा, जिसकी शुरुआत यहां राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम पर बुधवार को होगी।इस वर्ष भारत में विश्वकप की मेजबानी करने वाला है। भारत के शीर्ष तीन बल्लेबाज रोहित शर्मा, शुभमन गिल और विराट कोहली के बल्लों से रन निकलना टीम के लिये अच्छे संकेत हैं, हालांकि रोहित अपनी शुरुआत को अब बड़ी पारी में बदलना चाहेंगे।कोहली (दो) और गिल ने जहां श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में शतक जड़े, वहीं रोहित क्रमशः 83, 17 और 42 के स्कोर तक ही पहुंच सके। विश्व कप 2019 के नौ मैचों में पांच शतक जड़ने वाले रोहित ने 502 दिनों से 100 रन का आंकड़ा नहीं छुआ है और वह इस सीरीज में शतक का सूखा खत्म करना चाहेंगे।साल 2022 के बाद से एकदिवसीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले श्रेयस अय्यर का चोट के कारण टीम से बाहर होना जहां भारत के लिये बुरी खबर है, वहीं सूर्यकुमार यादव के पास एक मौका है जिस पर वह पूरी तरह से खरे उतरने का प्रयास करेंगे। ताकि वह खेल के इस प्रारूप में खुद को साबित कर सकें। टी20 में अपना लोहा मनवा चुके इस बल्लेबाज ने वनडे क्रिकेट की 16 पारियों में 29.85 की औसत से सिर्फ 388 रन बनाये हैं। अय्यर की अनुपस्थिति में अगर सूर्यकुमार को मध्यक्रम में मौका मिलता है तो वह इसका पूरा-पूरा फायदा उठाना चाहेंगे।मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज और उमरान मलिक ने तेज गेंदबाजी में अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है, हालांकि टीम प्रबंधन एकाध मैच में शार्दुल ठाकुर को भी आजमा सकता है, जो बल्लेबाजी में गहराई भी प्रदान करते हैं।हैदराबाद की पिच दूसरी पारी में गेंदबाजों के लिये सहायक होती है, हालांकि शाम को पड़ने वाली ओस को ध्यान में रखते हो टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी कर सकती है। भारतीय टीम जब दो माह पहले वरिष्ठ खिलाड़ियों के बिना न्यूजीलैंड गयी थी तब उसे एकदिवसीय सीरीज में 1-0 की हार मिली थी। रोहित शर्मा की टीम यहां हिसाब चुकता करते हुए एकदिवसीय क्रिकेट की नंबर एक टीम बनना चाहेगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.