लीग में तीन विदेशी कप्तान होने से पूर्व क्रिकेटर निराशएबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। महिला प्रीमियर लीग (WPL) की शुरुआत शनिवार (चार मार्च) को हुई। इस लीग में पांच टीमें मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, गुजरात जाएंट्स, यूपी वॉरियर्स और दिल्ली कैपिटल्स हिस्सा ले रही हैं। इनमें से तीन की कप्तान विदेशी हैं। मुंबई इंडियंस ने हरमनप्रीत कौर तो रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने स्मृति मंधाना को कप्तान बनाया है। वहीं, गुजरात जाएंट्स की कमान बेथ मूनी के हाथों में है। यूपी वॉरियर्स ने एलिसा हीली और दिल्ली कैपिटल्स ने मेग लेनिंग को कप्तान बनाया है। इस बात से भारत की पूर्व कप्तान अंजुम चोपड़ा निराश हैं।अंजुम का कहना है कि सक्षम भारतीय खिलाड़ियों को जिम्मेदारी सौंपी जानी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि मुझे यह पसंद नहीं आया कि अधिकांश टीमों ने कप्तान के रूप में विदेशी खिलाड़ियों को चुना है। यह एक भारतीय लीग है और भारतीय परिस्थितियों में खेली जायेगी इसलिए भारतीय खिलाड़ियों में क्षमता होने पर उन्हें कप्तान होना चाहिए था।अंजुम को थी दीप्ति को कप्तान बनाये जाने की उम्मीद : अंजुम चोपड़ा ने कहा कि मुझे लगता है कि दीप्ति शर्मा को कप्तान बनाया जाना चाहिए था क्योंकि उन्होंने आखिरी महिला टी20 चैलेंज में कप्तानी की थी। यूपी वॉरियर्स ने दीप्ति शर्मा को कप्तान नहीं बनाया। उसने ऑस्ट्रेलिया की एलिसा हीली पर भरोसा जताया है। चोपड़ा ने हालांकि इस बात पर सहमति जतायी कि छह बार के टी-20 विश्व कप विजेता ऑस्ट्रेलिया के पास भारत की तुलना में अधिक अनुभवी खिलाड़ी हैं।मेग लेनिंग के सामने जेमिमा नहीं बन सकतीं कप्तान : अंजुम- अंजुम ने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी विश्व चैंपियन हैं और उनके पास काफी अनुभव है। मैं उनके (ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के) अनुभव (अंतरराष्ट्रीय स्तर पर) से पूरी तरह सहमत हूं और इसलिए जेमिमा रोड्रिग्ज एक ही टीम (दिल्ली कैपिटल्स) में मेग लैनिंग से आगे कप्तान नहीं बन सकती हैं। अगर मैं बड़े स्तर पर देखती हूं तो भारतीय खिलाड़ियों में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की तरह कप्तानी की क्षमता नहीं है।
चेन्नई सुपर किंग्स ने किया जोरदार स्वागत एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 16वें सीजन का आगाज 31 मार्च को होगा। पहले मैच में चार बार की चैंपियन टीम चेन्नई सुपरकिंग्स का सामना गत विजेता गुजरात टाइटंस से होगा। टूनार्मेंट के शुरू होने में अब एक महीने से भी कम समय बचा है। ऐसे में ज्यादातर टीमों ने अभ्यास शुरू कर दिया है। चेन्नई सुपरकिंग्स के भी ज्यादातर खिलाड़ी चेन्नई पहुंच गए हैं। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी जब गुरुवार (दो मार्च) को चेन्नई पहुंचे तो एयरपोर्ट से लेकर टीम होटल तक उनका जोरदार स्वागत है। कोरोना महामारी के कारण तीन साल तक चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम अपने होम ग्राउंड पर कोई आईपीएल मैच नहीं खेल पाई। फैंस को तीन साल से स्टेडियम में धोनी सहित पूरी टीम को देखने का इंतजार है। धोनी पर फूलों की बारिश हुई। चेन्नई सुपरकिंग्स ने सोशल मीडिया पर वीडियो भी शेयर किया है। पिछले सीजन में सिर्फ दो मैच जीत सकी थी चेन्नई की टीम चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम पिछले सीजन में 14 में से 10 मैचों में हारी थी। उसे सिर्फ चार जीत मिली थी। चेन्नई के आठ अंक थे। उसके चिर-प्रतिद्वंद्वी मुंबई इंडियंस के भी आठ ही अंक थे, लेकिन वह नेट रनरेट में पीछे रहा था। मुंबई की टीम 10वें पायदान पर रही थी। टॉप-4 में दो नई टीमें गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपरजाएंट्स रही थीं। गुजरात ने फाइनल में राजस्थान रॉयल्स को हराकर खिताब पर कब्जा किया था। चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम : महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), रवींद्र जडेजा, डेवोन कॉन्वे, ऋरुतुराज गायकवाड़, अंबाती रायुडू, शुभ्रांशु सेनापति, मोइन अली, शिवम दुबे, राजवर्धन हंगरगेकर, ड्वेन प्रीटोरियस, मिचेल सेंटनर, दीपक चाहर, तुषार देशपांडे, मुकेश चौधरी, मथीशा पथिराना, सिमरजीत सिंह, प्रशांत सोलंकी, महीश तीक्ष्णा, अजिंक्य रहाणे, बेन स्टोक्स, शेख राशिद, निशांत सिंधू, अजय मंडल, भगत वर्मा।
तीसरा टेस्ट : इंदौर में टीम इंडिया को नौ विकेट से हरायाएबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे टेस्ट तीसरे दिन लंच से पहले मैच को समाप्त कर दिया। 76 रन के लक्ष्य को उसने 18.1 ओवर में हासिल कर लिया। कंगारू टीम ने एक विकेट पर 78 रन बना लिये। ट्रेविस हेड 53 गेंद पर 49 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, मार्नश लाबुशेन ने नाबाद 28 रन बनाये। उस्मान ख्वाजा खाता नहीं खोल पाये। इस जीत के साथ ही उसने सीरीज में वापसी कर ली है। भारत पहले दोनों टेस्ट में जीत हासिल कर अभी भी 2-1 से आगे है। दोनों देशों के बीच अब चौथा टेस्ट नौ मार्च से अहमदाबाद में खेला जायेगा।भारत ने पहली पारी में 109 रन बनाये थे। वहीं, ऑस्ट्रेलिया ने 197 रन बना लिये थे। उसे 88 रनों की बढ़त मिली थी। इसके बाद भारतीय टीम दूसरी पारी में 163 रन पर ऑलआउट हो गयी। उसने 75 रन की बढ़त बनायी। इस तरह ऑस्ट्रेलिया को 76 रन का लक्ष्य मिला था। जवाब में कंगारू टीम ने 18.5 ओवर में एक विकेट पर 78 रन बनाकर मैच को जीत लिया।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में मुंबई इंडियंस महिला प्रीमियर लीग के पहले सत्र में खिताब जीतने के लिए दावेदारी पेश करेगी। मुंबई ने नेट साइवर और कौर की जोड़ी पर खूब राशि की है। इसी तरह गेंदबाजी विभाग में पूजा वस्त्रकार पर दांव खेला गया है। टीम में हेले मैथ्यूज भी हैं जोकि महिला टी20 विश्व कप के दौरान अच्छी लय में दिखी थीं। इसके अलावा यास्तिका भाटिया, अमनजोत कौर जैसी उभरती ऑलराउंडर पर नजरें रहेंगी। मुंबई गेंदबाजी विभाग में कमजोर लग रही है। उनके पास वस्त्राकर, साइवर-ब्रंट, मैथ्यूज, केर, ग्राहम और ट्रायॉन जैसी क्रिकेटर हैं जोकि बल्ले से योगदान देती हैं लेकिन गेंदबाजों में उन्होंने वो स्तर हासिल नहीं किया जो उन्हें चाहिए था। मुंबई इंडियंस के लिए प्राथमिकता और भारत के कप्तान अपनी नई फ्रेंचाइजी में वही भूमिका निभाएंगे। एक भयंकर प्रतियोगी और एक विश्व स्तरीय बल्लेबाज उसके पास द हंड्रेड, किआ सुपर लीग और महिला बिग बैश का अनुभव है।यकीनन दुनिया की अग्रणी ऑलराउंडर, उसने रूढ्ढ को अपने बजट का एक बड़ा हिस्सा 320,000 डॉलर खर्च किया। वह एक उत्कृष्ट महिला टी20 विश्व कप अभियान के पीछे डब्ल्यूपीएल में आती है, जहां वह बल्ले से प्रमुख स्पर्श में दिखी।न्यूजीलैंड की ऑलराऊंडर महिलाओं के खेल में सर्वश्रेष्ठ लेग स्पिनरों में से एक है, एक शानदार गुगली के साथ और - 22 साल की उम्र में - एक अधिग्रहण जो मुंबई में एक लंबे समय तक विशेषता बन सकता है। उन्हें एडवड्र्स की टीम को नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने के लिए कहा जा सकता है।हरमनप्रीत कौर, नैट साइवर, अमेलिया केर, पूजा वस्त्राकर, यस्तिका भाटिया, हीथर ग्राहम, इसाबेल वोंग, अमनजोत कौर, धारा गुर्जर, सायका इशाक, हेले मैथ्यूज, क्लो ट्राइटन, हुमायरा काजी, प्रियंका बाला, सोनम यादव, जिंतिमनी कलिता, नीलम बिष्ट।संभावित लाइन-अप : भाटिया, मैथ्यूज, केर, कौर, साइवर-ब्रंट, ग्राहम, वस्त्राकर, बाला, कौर, कलिता, इसहाकऐसे होंगे मैच 4 मार्च - गुजरात जाइंट्स6 मार्च - रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु9 मार्च - दिल्ली कैपिटल्स12 मार्च - यूपी वारियर्स14 मार्च - गुजरात जायंट्स18 मार्च - यूपी वॉरियर्स20 मार्च - दिल्ली कैपिटल्स21 मार्च - रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। अनुभवी आफ-स्पिनर नेथन लायन (64/8) की घातक गेंदबाजी की बदौलत आस्ट्रेलिया ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तीसरे टेस्ट की दूसरी पारी में गुरुवार को भारत को मात्र 163 रन पर आलआउट कर दिया। पहली पारी में 88 रन की बढ़त लेने वाले आस्ट्रेलिया को सीरीज में अपनी पहली जीत दर्ज करने के लिये 76 रन की जरूरत है। आस्ट्रेलिया के स्पिन आक्रमण के आगे संघर्ष कर रहे भारत की ओर से चेतेश्वर पुजारा ने 59 रन की अर्द्धशतकीय पारी खेली, हालांकि उन्हें किसी का साथ नहीं मिला। पुजारा ने अपनी 142 गेंद की जुझारू पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया। पहली पारी में जहां कुह्नेमन ने भारत के छक्के छुड़ाये थे, वहीं इस पारी में लायन ने भारतीय बल्लेबाजों को अपनी फिरकी में फंसाया। लायन ने 64 रन देकर चेतेश्वर पुजारा सहित आठ बल्लेबाजों को आउट किया जो भारतीय सरजमीन पर किसी विदेशी गेंदबाज का चौथा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। आस्ट्रेलिया को पहले सत्र में 197 रन पर आॅलआउट करने के बाद भारत ने लंच से पहले 13 रन बना लिये, हालांकि दूसरे सत्र से भारत की मुश्किलें दोबारा बढ़ने लगीं। नेथन लायन ने लंच के बाद पहले ओवर में ही शुभमन गिल को बोल्ड किया, जबकि 33 गेंदें खेलने के बाद रोहित शर्मा भी लायन की गेंद पर पगबाधा हो गये। विराट कोहली (13) को मैथ्यू कुह्नेमन ने तीखी टर्न होती हुई गेंद पर पगबाधा आउट किया। रवींद्र जडेजा 36 गेंद खेलने के बावजूद सिर्फ सात रन ही बना सके और लायन ने उनके संघर्ष को समाप्त किया। भारत चाय तक 79 रन पर चार विकेट गंवाकर 11 रन से पिछड़ा हुआ था। श्रेयस अय्यर ने चाय के बाद 27 गेंद पर 26 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। दस गेंदों तक खाता न खोलने वाले अय्यर ने युवा आफ स्पिनर टॉड मर्फी की खराब गेंदों को निशाना बनाकर तीन चौके और दो छक्के जड़ते हुए आस्ट्रेलिया की बढ़त को समाप्त किया। अय्यर ने भारतीय पारी को गति देने के अलावा पुजारा के साथ पांचवें विकेट के लिये 35 रन भी जोड़े, जो भारत की सर्वश्रेष्ठ साझेदारी रही। कप्तान स्टीव स्मिथ ने स्पिन के खिलाफ अय्यर का प्रहार देखते हुए मिचेल स्टार्क को गेंद थमायी। स्टार्क ने अपने स्पेल की दूसरी गेंद पर ही अय्यर को शॉर्ट मिडआन पर कैचआउट करवा दिया। कुछ देर बाद लायन ने श्रीकर भरत (03) और रविचंद्रन अश्विन (16) को आउट करके अपने पांच विकेट पूरे किये। इसी बीच, पुजारा ने 46वें ओवर में कुह्नेमन की गेंद पर सिंगल लेकर अपना अर्द्धशतक पूर किया। भारत के सात विकेट 140 रन पर गिरने के बाद पुजारा ने हाथ खोले और 55वें ओवर में लायन को छक्का जड़ दिया। भारत के लिये अकेले संघर्ष कर रहे पुजारा आखिरकार 57वें ओवर में लेग स्लिप में खड़े स्टीव स्मिथ के दर्शनीय कैच की भेंट चढ़ गये। पुजारा का विकेट गिरने के बाद भारत सिर्फ आठ रन जोड़ सका। अक्षर पटेल ने 39 गेंद पर एक छक्के के साथ नाबाद 15 रन बनाये, जबकि उमेश यादव और मोहम्मद सिराज शून्य-शून्य रन बनाकर लायन का शिकार हुए। इससे पूर्व, आस्ट्रेलिया के लिये दिन की शुरूआत करने उतरे पीटर हैंड्सकॉम्ब और कैमरन ग्रीन ने पहले एक घंटे में अपने डिफेंस पर भरोसा दिखाया, हालांकि इस दौरान उनकी रनगति बहुत कम रही। दोनों बल्लेबाज आपस में 30 रन ही जोड़ सके जिसके बाद आस्ट्रेलियाई पारी का पतन शुरू हो गया। अश्विन ने हैंड्सकॉम्ब (19) को आउट करके इस साझेदारी को समाप्त किया, जबकि उमेश ने अगले ही ओवर में ग्रीन (21) को पवेलियन लौटाया। हैंड्सकॉम्ब-ग्रीन की जोड़ी आस्ट्रेलिया को बड़े स्कोर की ओर ले जा रही थी, हालांकि इनके आउट होने के बाद टीम 10 रन भी नहीं जोड़ सकी। उमेश ने टॉड मर्फी (00) और मिचेल स्टार्क (01) को क्लीन बोल्ड किया, जबकि अश्विन ने एलेक्स कैरी (03) और नेथन लायन (05) का विकेट निकालकर आस्ट्रेलियाई पारी को समाप्त किया। पहले दिन भारत के एकमात्र सफल गेंदबाज रहे रवींद्र जडेजा ने चार विकेट लिये, जबकि अश्विन-उमेश को तीन-तीन विकेट हासिल हुए। आस्ट्रेलिया का स्कोर एक समय पर 186/4 था लेकिन इन दोनों गेंदबाजों ने 11 रन के अंतराल में छह विकेट चटकाकर कंगारुओं को 88 रन से अधिक की बढ़त नहीं लेने दी।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। बुधवार से भारत और आस्ट्रेलिया के बीच तीसरे टेस्ट मैच की शुरूआत हो चुकी है। यह मैच इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जा रहा है। टीम इंडिया चार मैचों की टेस्ट सीरीज में पहले ही 2-0 की अजेय बढ़त बना चुकी है। इस टेस्ट को जीतकर भारतीय टीम सीरीज जीतना चाहेगी। साथ ही यह मैच जीतने पर टीम इंडिया वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लेगी। भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। टीम इंडिया पहली पारी में 109 रन पर सिमट गई। इसके जवाब में आस्ट्रेलिया ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक चार विकेट पर 156 रन बना लिए हैं। पहली पारी में कंगारू टीम अब तक 47 रन की बढ़त ले चुकी है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। रोहित और गिल की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 27 रन जोड़े। कप्तान रोहित बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में 12 रन के स्कोर पर स्टंप आउट हो गए। इसके बाद विकेटों की झड़ी लग गयी। गिल 21, पुजारा एक और कोहली 22 रन बनाकर आउट हुए। श्रेयस खाता भी नहीं खोल पाये। भरत ने 17 और अक्षर ने 12 रन की पारी खेल भारत को थोड़ी बेहतर स्थिति में पहुंचाया। अश्विन तीन रन बनाकर आउट हुए और उमेश ने 17 रन की पारी खेल भारत का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। सिराज खाता खोले बिना ही रन आउट हो गए और भारतीय पारी 109 रन पर सिमट गयी। इसके जवाब में आस्ट्रेलिया का पहला विकेट 12 रन पर गिर गया था। रवींद्र जडेजा ने ट्रेविस हेड को विकेटों के सामने फंसा कर भारत को पहली सफलता दिलाई थी। हालांकि, इसके बाद ख्वाजा और लाबुशेन ने 96 रन की साझेदारी कर आस्ट्रेलिया को मैच में काफी आगे कर दिया। लाबुशेन 31 और ख्वाजा 60 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान स्मिथ ने 26 रन बनाए। पीटर हैंड्सकॉम्ब सात और कैमरून ग्रीन छह रन बनाकर क्रीज पर हैं। पहली पारी के आधार पर आस्ट्रेलिया को 47 रन की बढ़त मिल चुकी है। भारत के लिए सभी चार विकेट रवींद्र जडेजा ने लिये हैं।
टीम एबीएन, कोडरमा। कोडरमा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में खेले जा रहे रमेश प्रसाद यादव मेमोरियल सीनियर क्रिकेट लीग में बुधवार को चंदवारा स्थित पुलिस लाइन मैदान में स्पोर्टिंग यूनियन और अप्रिशिएबल क्लब के बीच मैच खेला गया। अप्रिशिएबल क्लब ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करते हुए स्पोर्टिंग यूनियन ने 45 ओवर में 6 विकेट खोकर 469 रन बनाये। जिसमें कुमार सुनील कश्यप ने ऐतिहासिक 299, आयुष कुमार 65 और रोहित भारती ने 44 रनो का योगदान दिया। गेंदबाजी करते हुए अप्रिशिएबल क्लब की ओर से प्रेम सागर, रंजित कुमार, प्रवीण यादव, अरविंद यादव और संजय यादव सभी ने एक एक विकेट लिये। बाद में बल्लेबाजी करने उतरी अप्रिशिएबल क्लब ने 29.4 ओवर में अपने सभी 10 विकेट खोकर 153 रन बना सकी। जिसमे पीयूष यादव 47, पवन यादव 27 और प्रवीण यादव ने 23 रन बनाये। स्पोर्टिंग यूनियन की ओर से अभिराज गौतम ने सर्वाधिक 5 विकेट, विकास सिंह 2 विकेट लिये। मैन आफ द मैच स्पोर्टिंग यूनियन के कुमार सुनील कश्यप को केडीसीए सचिव दिनेश सिंह, भोजपुरी अभिनेता राकेश पांडेय तथा केडीसीए कोषाध्यक्ष मनोज सहाय पिंकु ने संयुक्त रूप से दिया। मैच में बसंत सिंह और दिनेश सिंह (दीनू) तथा स्कोरर रवि यादव थे। मौके पर केडीसीए अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा, सचिव दिनेश सिंह, विवेकानंद चौधरी, मनोज सहाय पिंकु, अनील सिंह, विनोद विश्वकर्मा, आलोक पांडे, सुमन कुमार, टूर्नामेंट चेयरमैन सोनू खान, ओम प्रकाश, धर्मेंद्र कौशिक, सुरेंद्र प्रसाद, रवि यादव सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद थे।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय टीम घरेलू मैदानों पर अपने दबदबे को कायम रखते हुए बुधवार से इंदौर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू होने वाले तीसरे टेस्ट में एक और टेस्ट सीरीज जीत के इरादे से उतरेगी। भारतीय टीम चार मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-0 से बढ़त पर है। अगर भारतीय टीम होल्कर स्टेडियम में जीत हासिल करने में सफल रहती है तो उसकी घरेलू मैदान पर न केवल यह लगातार 16वीं सीरीज जीत होगी, बल्कि वह जून में होने वाले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भी प्रवेश कर लेगी। दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया की कोशिश जीत के साथ सीरीज में वापसी की होगी। भारतीय टीम के लिए सलामी जोड़ी को लेकर दुविधा की स्थिति है। टीम मैनेजमेंट इस सोच में है कि केएल राहुल और शुभमन गिल में किस बल्लेबाज को कप्तान रोहित शर्मा के साथ उतारा जाये। राहुल अब टीम के उपकप्तान नहीं है, लेकिन टीम मैनेजमेंट को उन पर काफी विश्वास है। कप्तान रोहित शर्मा और कोच राहुल द्रविड़ समेत टीम मैनेजमेंट उन्हें फॉर्म में वापसी का एक और मौका देने चाहते हैं। इस सीरीज में एकमात्र शतक रोहित शर्मा के बल्ले से निकला है। यदि भारतीय टीम पहले दिन बल्लेबाजी करने उतरती है तो चेतेश्वर पुजारा और विराट कोहली जैसे बल्लेबाजों के लिए बड़ा स्कोर बनाने के लिए परिस्थितियां आदर्शपूर्ण होंगी। रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन और अक्षर पटेल न केवल गेंद से योगदान दे रहे हैं बल्कि खूब रन भी बना रहे हैं।हालांकि, हर बार निचले क्रम के बल्लेबाजों से बड़े योगदान की अपेक्षा नहीं की जा सकती, ऐसे में मुख्य दारोमदार शीर्षक्रम के बल्लेबाजों पर ही होगा। ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों के स्वीप शॉट खेलने की रणनीति के उलट भारतीय बल्लेबाजों ने मेहमान स्पिनरों के सामने परंपरागत तरीके अपनाए। रोहित ने अपना फुटवर्क दिखाया तो मध्यक्रम में विराट कोहली आत्मविश्वास से खेलते दिखे हैं। अपने सौवें टेस्ट की दूसरी पारी में चेतेश्वर पुजारा के नाबाद 31 रन उन्हें तीसरे टेस्ट में बेहतर करने के लिए और विश्वास जगा सकते हैं।दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल/शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, रवींद्र जडेजा, केएस भरत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज।ऑस्ट्रेलिया : ट्रेविस हेड, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ (कप्तान), पीटर हैंड्सकॉम्ब, कैमरन ग्रीन, एलेक्स केरी (विकेटकीपर), मिचेल स्टार्क, टॉड मर्फी, नाथन लियोन , मैथ्यू कुह्नमैन/स्कॉट बोलैंड/लांस मॉरिस।
कैथल की मनीषा मौन भी बनी टीम का हिस्सा एबीएन सेंट्रल डेस्क। नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 15 से 26 मार्च तक होने वाली आईबा महिला विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप की 12 सदस्यीय टीम में 8 महिला बॉक्सर हरियाणा की है। मंगलवार को बॉक्सिंग फेडरेशन आॅफ इंडिया ने भारतीय टीम की घोषणा की है। कैथल की मनीषा मौन का 57 किलोग्राम भार वर्ग में की का चयन हुआ है। मुक्केबाजी टीम में भिवानी की 5 महिला बॉक्सरों का भी चयन हुआ है। हरियाणा से एक साथ इतने खिलाड़ियों का चयन होने का लोगों ने स्वागत किया है। हरियाणा बॉक्सिंग संघ के प्रवक्ता राजनारायण पंघाल ने बताया कि बॉक्सिंग फेडरेशन आॅफ इंडिया द्वारा चयनित 12 सदस्यीय टीम में आठ खिलाड़ियों का चयन अकेले हरियाणा से हुआ है। जो हरियाणा प्रदेश के लिए गौरव की बात है। दिल्ली में आयोजित होने वाली इस द्विवार्षिक वैश्विक प्रतियोगिता में 74 से अधिक देशों के 350 से अधिक मुक्केबाज हिस्सा लेंगे, जबकि पिछली प्रतियोगिता में 73 देशों के 310 मुक्केबाजों ने भाग लिया था। हरियाणा की इन महिला मुक्केबाजों का हुआ चयन विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप के लिए जिन खिलाड़ियों का चयन हुआ उनमें भिवानी से 48 किलोग्राम भार वर्ग में नीतू घनघस, 52 किलोग्राम में साक्षी, 60 किलोग्राम में जैस्मिन लंबोरिया, 81 किलोग्राम भार वर्ग में नूपुर श्योराण व 54 किलोग्राम भार वर्ग में प्रीति पंवार है। इसके अलावा 63 किलोग्राम भार वर्ग में हिसार की खिलाड़ी शशी चोपड़ा, 81 किलोग्राम भार वर्ग में स्वीटी बूरा व 57 किलोग्राम भार वर्ग में कैथल की मनीषा मौन का चयन हुआ है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.