Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
होम देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन

खेल समाचार

View All
तीन दिवसीय झारखंड राज्य कैरम चैंपियनशिप की शुरुआत
Published / 2023-03-12 15:45:24
तीन दिवसीय झारखंड राज्य कैरम चैंपियनशिप की शुरुआत

राज्य भर से लगभग 150 खिलाड़ी कर रहे शिरकतएबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। झारखंड कैरम संघ के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय झारखंड राज्य कैरम चैंपियनशिप का उद्घाटन शनिवार को स्थानीय सिदो-कान्हू मुर्मू इंडोर स्टेडियम में उपायुक्त रविशंकर शुक्ला ने किया। मौके पर राज्य कैरम संघ के सचिव मुकुल कुमार झा भी और दुमका नगर परिषद की अध्यक्ष श्वेता झा भी मौजूद रहे। राज्य स्तरीय कैरम प्रतियोगिता में लगभग 150 खिलाड़ी शिरकत कर रहे हैं। इसमें सब जूनियर बॉयज एंड गर्ल्स और ओपन प्रतिस्पर्द्धा होगी। इस प्रतियोगिता के आधार पर आठ खिलाड़ियों के राज्य स्तरीय टीम का चयन कर वाराणसी में 26 से 29 मार्च तक आयोजित फेडरेशन कप में खिलाड़ियों को भेजा जायेगा। दुमका के इस प्रतियोगिता में चीफ रेफरी के तौर पर सुरजीत झा रहेंगे, जो अंतराष्ट्रीय मैचों में भी रेफरी रह चुके हैं। इंडोर स्टेडियम में उद्घाटन के बाद उपस्थित खिलाड़ियों और अन्य लोगों को मुख्य अतिथि उपायुक्त रविशंकर शुक्ला संबोधित किया। यहां उन्होंने कहा कि खेल आउटडोर हो या इंडोर दोनों में एफर्ट लगता है। कैरम एक ऐसा खेल है जो खिलाड़ी में परफेक्शन लाता है। उन्होंने कहा कि कैरम पूरी तरह से एकाग्रता का खेल है। मौके पर राज्य कैरम संघ के सचिव मुकुल कुमार झा ने कहा कि कैरम खेल में ऑल इंडिया स्तर पर झारखंड की अलग पहचान है। यहां के खिलाड़ियों ने अपने बेहतर खेल की बदौलत राष्ट्रीय स्तर पर कई बार बेहतर स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि दुमका में पूर्व में कैरम का नेशनल और स्टेट लेबल की प्रतियोगिता आयोजित की जा चुकी है। झारखंड स्तरीय राज्य कैरम प्रतियोगिता की शुरुआत वर्ष 2001 में गढ़वा से हुई थी। मौके पर दुमका नगर परिषद अध्यक्ष सह प्रतियोगिता की चेयरमैन श्वेता झा ने बताया कि खिलाड़ियों की बेहतरी के लिए दुमका में इस प्रतियोगिता को आयोजित किया जा रहा है। आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी।

विराट कोहली ने तोड़ा ब्रायन लारा का अनोखा रिकॉर्ड, जानें कैसे...
Published / 2023-03-12 14:44:12
विराट कोहली ने तोड़ा ब्रायन लारा का अनोखा रिकॉर्ड, जानें कैसे...

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी : ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हासिल की खास उपलब्धिएबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज के चौथे और आखिरी मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है। दोनों ही टीमों का प्रदर्शन अब तक बराबरी का रहा है। ऐसे में चौथा दिन दोनों ही टीमों के लिए बेहद अहम साबित हो सकता है। भारत की कोशिश चौथे दिन तेज गति से रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया के बनाये गये स्कोर से आगे निकलने का होगा। भारत के लिए चौथे दिन विराट कोहली की बल्लेबाजी बेहद अहम साबित होने वाली है। अहमदाबाद में चौथे टेस्ट की पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विराट कोहली ने शानदार अर्धशतक जड़ने में कामयाबी हासिल की। रोहित शर्मा की कप्तानी में टेस्ट मुकाबलों में विराट कोहली ने पहली बार अर्धशतक लगाया है। इसके साथ ही कोहली ने अपनी पारी के दौरान टेस्ट में घरेलू मैदान पर चार हजार रन बनाने में भी कामयाबी हासिल की। विराट कोहली ने अपनी इस छोटी सी पारी के दौरान कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किये। विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 59 रन बनाते ही वेस्टइंजीज के ब्रायन लारा को पीछे छोड़ दिया है। कोहली के नाम अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में 4729 रन हो गये हैं। उन्होंने ब्रायन लारा को पीछे छोड़ दिया है। विराट कोहली से आगे सिर्फ सचिन तेंदुलकर का नाम दर्ज है। सचिन तेंदुलकर ने अपने करियर के दौरान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे अधिक 6707 रन बनाये हैं। विराट कोहली के नाम अब 4729 रन हो गये हैं। जबकि ब्रायन लारा इस मामले में तीसरे नंबर पर आ गये हैं, उनके नाम 4714 रन हैं।

बोर्डर-गावस्कर ट्रॉफी : निर्णायक होगा मैच का चौथा दिन
Published / 2023-03-11 18:54:30
बोर्डर-गावस्कर ट्रॉफी : निर्णायक होगा मैच का चौथा दिन

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और आस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज के चौथे और आखिरी मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर जारी है। तीन दिन का खेल खत्म होने के बावजूद दोनों टीमें मैच में बनी हुई हैं। इस मुकाबले में अभी भी चार नतीजे आ सकते हैं। भारत और आस्ट्रेलिया दोनों टीमों के पास मैच जीतने का मौका है। वहीं, यह मैच ड्रॉ पर खत्म हो सकता है या टाई भी हो सकता है।इस मुकाबले में आस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। उस्मान ख्वाजा के 180 और कैमरून ग्रीन के 114 रन के चलते पहली पारी में आस्ट्रेलिया ने 480 रन बनाए। इसके जवाब में भारत ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक तीन विकेट पर 289 रन बना लिए हैं। आस्ट्रेलिया की टीम अभी भी भारत ने 191 रन आगे हैं, लेकिन टीम इंडिया के सात विकेट बचे हुए हैं। अब भारत की कोशिश चौथे दिन तेजी से रन बनाकर पहली पारी में आस्ट्रेलिया पर अच्छी बढ़त लेने की होगी। ऐसे में टीम इंडिया मैच के आखिरी टीम आस्ट्रेलिया को आउट कर मुकाबला अपने नाम कर सकती है।आस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर शानदार शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 61 रन जोड़े। हेड 32 और लाबुशेन तीन रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन ख्वाजा जमे रहे। उन्होंने 38 रन बनाने वाले स्मिथ के साथ अर्धशतकीय साझेदारी की और बड़े स्कोर की नींव रखी। इसके बाद हैंड्सकॉम्ब 17 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन कैमरून ग्रीन के सात ख्वाजा ने 208 रन की साझेदारी कर कंगारू टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचा दिया। ग्रीन 114 और ख्वाजा 180 रन बनाकर आउट हुए। अंत में नाथन लियोन ने 34 और टॉड मर्फी ने 41 रन की पारी खेल आस्ट्रेलिया का स्कोर 480 रन तक पहुंचा दिया। भारत के लिए अश्विन ने सबसे ज्यादा छह विकेट लिए। आस्ट्रेलिया के 480 रन के जवाब में भारत ने दूसरे दिन 36 रन बनाए। तीसरे दिन रोहित शर्मा 35 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद पुजारा भी 42 रन पर पवेलियन लौट गए, लेकिन गिल दूसरे छोर पर रन बनाते रहे। वह 128 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, विराट कोहली 59 और जडेजा 16 रन बनाकर नाबाद हैं।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रोहित शर्मा ने पूरे किये 17000 रन
Published / 2023-03-11 18:52:44
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रोहित शर्मा ने पूरे किये 17000 रन

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ यहां जारी बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के चौथे टेस्ट के दौरान शनिवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 17,000 रन पूरे किये। रोहित को मैच शुरू होने से पहले इस उपलब्धि तक पहुंचने के लिए 21 रन की जरूरत थी। उन्होंने मिचेल स्टार्क की गेंद पर चौका जड़कर यह कीर्तिमान रचा। वह ऐसा करने वाले छठे भारतीय बल्लेबाज हैं। रोहित हालांकि इस शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके और 58 गेंद पर 35 रन बनाकर आउट हो गये। साल 2007 में पदार्पण करने वाले रोहित अपने करियर में 438 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलकर 17014 रन बना चुके हैं। रोहित ने अपने सुसज्जित करियर में 47 शतक और 92 अर्द्धशतक जड़े हैं जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 264 रन है जो उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 2011 में बनाया था।

जानें कैसे खास होगा धोनी की विरासत का अंत...
Published / 2023-03-10 18:56:38
जानें कैसे खास होगा धोनी की विरासत का अंत...

इस मैदान पर कहेंगे आइपीएल को अलविदा एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। आस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज मैथ्यू हेडन का मानना है कि करिश्माई विकेटकीपर-बल्लेबाज एमएस धोनी की विरासत के खत्म होने के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (आइपीएल) का 2023 सीजन खास होगा। आइपीएल 2023 एक खिलाड़ी के रूप में धोनी का अंतिम सीजन हो सकता है। हेडन ने कहा कि इस बार आइपीएल के मैच भारत भर में कोविड के बाद हर स्थान पर होने जा रहा है। फैंस चेपॉक स्टेडियम में सीएसके का इंतजार कर रहे हैं और वे वही टीम बनने जा रहे हैं जिसे घर में भी हराना बहुत मुश्किल होगा। उन्होंने कहा कि चेपॉक में घर पर उनका रिकॉर्ड निश्चित रूप से आईपीएल में सबसे अच्छा है। वह स्थान एक किला है और वे एमएस धोनी को अपने कप्तान के रूप में रखने जा रहे हैं, यकीनन आखिरी बार और यह उन पलों में से एक होगा जो कोई भी कभी नहीं भूलने वाला है। आईपीएल 2023 के आधिकारिक टेलीविजन प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स ने हेडन के हवाले से कहा कि वह विशेष रूप से चेपॉक में अपने प्रशंसकों को अलविदा कहने के लिए आईपीएल में रुके हैं और वे उस तरह से आने वाले हैं जिसकी आप कल्पना भी नहीं कर सकते थे। आइपीएल के 16वें संस्करण के 31 मार्च से शुरू होने के साथ ही हेडन ने इस पर भी अपने विचार व्यक्त किये कि कैसे चार बार की आइपीएल चैंपियन चेन्नई धोनी को अच्छी विदाई देने के बारे में सोच रही होगी। उन्होंने कहा कि सीएसके को देखें, वे चीजों को अद्वितीय और विशेष करने के लिए अच्छे तरीके खोजते हैं। अपने आईपीएल से अपने अंतराल को हटा दें, यह दुर्भाग्यपूर्ण था कि दो साल वे नहीं खेल रहे थे और वे उसके बाद आइपीएल जीतने के लिए वापस आये, यह सबसे अप्रत्याशित था। और उनके पास एक रास्ता है। उन्होंने कहा कि एमएस धोनी के पास सुधार करने का एक तरीका है, जो इसे पूरी तरह से अलग लुक और फील देता है, भले ही इसके पास कुछ खिलाड़ियों पर पूरा भरोसा रखने और अपने अधिकांश खिलाड़ियों को बनाये रखने का यह बड़ा टैग था। तो एमएस धोनी के लिए, मुझे लगता है कि इस साल विशेष रूप से, यह एक ऐसा साल होने जा रहा है जो किसी और की तरह मनाया जा रहा है। एमएस धोनी की विरासत के बारे में मेरा मानना है कि यह खत्म हो गयी है और वह अपने प्रशंसकों के साथ शैली में बाहर जाना चाहेंगे। मैं चाहता हूं कि वह स्टाइल के साथ अलविदा कहें।

हॉकी झारखंड ने जारी किया खेल कैलेंडर
Published / 2023-03-08 15:36:32
हॉकी झारखंड ने जारी किया खेल कैलेंडर

अप्रैल से अगस्त के बीच सब जूनियर से लेकर सीनियर हॉकी के मैचों का होगा आय़ोजनटीम एबीएन, रांची। झारखंड में आयोजित होनेवाले राज्य स्तरीय और जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिताओं का खेल कैलेंडर जारी हो गया है। हॉकी झारखंड की ओर से जिला स्तरीय सब जूनियर, जूनियर औऱ सीनियर महिला और पुरुष हॉकी प्रतियोगिता के लिए तारीख तय किया गया है। साथ ही राज्य स्तरीय सब जूनियर, जूनियर, सीनियर और पांच साइट महिला, पुरुष हॉकी चैंपियनशिप के लिए भी आयोजन तिथि निर्धारित की गयी है। खेल कैलेंडर जारी करने के साथ हॉकी झारखंड ने सभी जिलों को अपने जिले में खेल प्रतियोगिता समय पर कराये जाने को कहा है। विशेष परिस्थिति में पूर्व सूचना देकर आयोजन तिथि में आंशिक परिवर्तन करने का निर्देश दिया है।जारी खेल कैलेंडर के मुताबिक सभी जिलों में निर्धारित डेट में सब जूनियर, जूनियर, सीनियर हॉकी मैचों के आयोजन के बाद हॉकी झारखंड की ओर से पुरुषों का (सीनियर) राज्य स्तरीय मैच 26-29 अगस्त को खेला जायेगा। साथ ही महिलाओं (सीनियर) का भी इसी अवधि में मैच होगा। हॉकी इंडिया के नेशनल कैलेंडर के मुताबिक 3-14 मई को पुरुषों (सीनियर) के नेशनल स्तर के मैच होंगे जबकि महिलाओं (सीनियर) के 15-26 फरवरी तक होंगे।सब जूनियर हॉकी मैचों (पुरुष) के लिए सभी 24 जिलों को 15-16 अप्रैल जबकि महिलाओं के चार-पांच अप्रैल को कराने को कहा गया है। जूनियर (लड़का) मैच दो से छह जून के बीच कराने होंगे जबकि लड़कियों के भी इसी डेट के अंदर कराने हैं। सीनियर मेंस के 29 जुलाई-पांच अगस्त के बीच और महिलाओं के भी पांच अगस्त तक जिला स्तर पर आयोजन करा लिये जाने का निर्देश जारी किया गया है।

ऑस्ट्रेलिया के चयनकर्ताओं को इस्तीफा दे देना चाहिए : सुनील गावस्कर
Published / 2023-03-07 18:52:55
ऑस्ट्रेलिया के चयनकर्ताओं को इस्तीफा दे देना चाहिए : सुनील गावस्कर

सुनील गावस्कर का क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया पर बड़ा हमलाएबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया पर बड़ा हमला किया है। उन्होंने भारत के खिलाफ चल रही मौजूदा टेस्ट सीरीज के शुरुआती दो मैचों के लिए चुनी गयी टीम के लिए चयनकर्ताओं को लताड़ा है। गावस्कर का मानना है कि चयनकर्ताओं को टीम में चोटिल खिलाड़ियों को चुनने के लिए इस्तीफा दे देना चाहिए। भारतीय टीम सीरीज में फिलहाल 2-1 से आगे है। चौथा टेस्ट मैच नौ मार्च से अहमदाबाद में खेला जायेगा।गावस्कर ने एक वेबसाइट से बातचीत में कहा कि अगर उनकी टीम अंतिम मैच जीतकर सीरीज में बराबरी कर लेती है, उसके बाद भी चयनकर्ताओं को इस्तीफा दे देना चाहिए। भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के पूर्व खिलाड़ी अलग-अलग मीडिया प्लेटफॉर्म पर टीम के खिलाड़ियों पर भड़ास निकाल रहे हैं, जबकि उन्हें अपनी टीम के चयनकर्ताओं से सवाल पूछने चाहिए।गावस्कर ने कहा कि चयनकर्ता उन तीन खिलाड़ियों (हेजलवुड, स्टार्क और कैमरून ग्रीन) को कैसे चुन सकते हैं, जिनके बारे में पता था कि वह पहले दो टेस्ट मैचों में नहीं खेल पायेंगे? आधी सीरीज के लिए टीम मैनेजमेंट के पास चुनने के लिए सिर्फ 13 खिलाड़ी ही थे। उसके बाद उन्होंने एक नए खिलाड़ी (मैथ्यू कुहनेमैन) को टीम में चुना, जबकि उनके जैसा खिलाड़ी पहले से ही टीम में था।अगर उन्हें नहीं लगता था कि टीम का खिलाड़ी काफी अच्छा है, तो उन्होंने उसे पहले स्थान पर क्यों चुना? कुल मिलाकर टीम प्रबंधन के पास चुनने के लिए 12 खिलाड़ी ही थे। अगर उन्हें जिम्मेदारी का जरा भी अहसास है तो चयनकर्ताओं को इस्तीफा दे देना चाहिए।भारतीय टीम चार टेस्ट मैचों की सीरीज में 2-1 से आगे है। उसने नागपुर में पहला टेस्ट पारी और 132 रन से अपने नाम किया था। उसके बाद दिल्ली टेस्ट को उसने छह विकेट से अपने नाम कर लिया था। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने इंदौर में वापसी की। उसने तीसरे टेस्ट को नौ विकेट से जीतकर सीरीज में वापसी की। भारत के लिए चौथा टेस्ट जीतना काफी जरूरी है। अगर उसे विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचना है तो इस टेस्ट को जीतना होगा। अगर टीम इंडिया यह मैच हारती है तो फिर उसे न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रीलंका के हार की दुआ करनी होगी।

आईपीएल की तैयारी : माही ने नेट्स पर बहाया पसीना
Published / 2023-03-05 22:28:00
आईपीएल की तैयारी : माही ने नेट्स पर बहाया पसीना

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। नेट्स में धोनी के छक्के देख वहां मौजूद फैंस काफी खुश नजर आये। बता दें कि चेन्नई सुपर किंग्स की टीम जब भी चेपॉक में अभ्यास करने के लिए पहुंचती है, तो थाला महेंद्र सिंह धोनी की एक झलक पाने के लिए स्टेडियम के बाहर लाखों की संख्या में फैंस उनका बेसब्री से इंतजार कर रहे होते हैं। इसके अलावा कई फैंस तो स्टेडियम के अंदर टीम का प्रैक्टिस सेशन देखने के लिए भी वहां आ जाते हैं।शनिवार को चेन्नई सुपर किंग्स की टीम जब स्टेडियम में प्रैक्टिस कर रही थी तो धोनी ने स्टेडियम में मौजूद अपने फैंस को निराश नहीं किया। धोनी ने आक्रामक शॉट खेलने का अभ्यास करने के दौरान कुछ गेंदों को स्टेडियम के बाहर ही पहुंचा दिया। सोशल मीडिया पर जिसका वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है।

WPL : दिल्ली और आरसीबी के बीच भिड़ंत आज
Published / 2023-03-05 12:16:52
WPL : दिल्ली और आरसीबी के बीच भिड़ंत आज

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। महिला प्रीमियर लीग का पहला सीजन 4 मार्च से शुरू हो चुका है, जहां पहले मैच में मुंबई इंडियंस ने गुजरात जायंट्स को 143 रन से करारी शिकस्त दी और ओपनिंग मैच अपने नाम किया। तो वहीं आज यानी 5 मार्च को लीग के दूसरे मैच में राॅयल चैलेंजर्स बैंगलोर और दिल्ली कैपिटल्स की टीमें आमने सामने होंगी।बता दें कि इस मैच में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना आरसीबी की कप्तानी करती हुई नजर आयेंगी जो महिला प्रीमियर लीग के ऑक्शन में सबसे महंगी बिकने वाले खिलाड़ी थी। दूसरी-तरफ दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी मेग लैनिंग करती हुई नजर आयेंगी, जिन्होंने हाल में ही अपनी कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया को छठी बार टी-20 चैंपियन बनाया है। वहीं, मैच में लैनिंग के अलावा रिचा घोष और जेमिमा रोड्रिग्ज भी एक्शन में नजर आयेंगी।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.