धोनी आइपीएल में किसी एक टीम के लिए 200 मैच में कप्तानी करने वाले पहले खिलाड़ी एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। आइपीएल 2023 में आज चार बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स और 2008 की चैंपियन राजस्थान रॉयल्स के बीच मैच खेला जा रहा है। यह मुकाबला चेन्नई के एम चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में महेंद्र सिंह धोनी खेल रहे हैं और मैदान पर उतरने के साथ ही उन्होंने एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वह आइपीएल में किसी एक टीम के लिए 200 मैचों में कप्तानी करने वाले पहले क्रिकेटर बन गये हैं। धोनी ने सीएसके के लिए इस मैच को मिलाकर 200 मैचों में कप्तानी की है। इसके अलावा वह राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स के भी कप्तान रह चुके हैं। धोनी को टीम के मालिक और बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष और आईसीसी के पूर्व चेयरमैन एन श्रीनिवासन ने सम्मानित किया। इस दौरान उनके साथ चित्रा श्रीनिवासन और रूपा गुरुनाथ भी मौजूद रहीं। धोनी का बतौर कप्तान रिकॉर्ड धोनी की कप्तानी में ही सीएसके ने 2010, 2011, 2018 और 2021 में खिताब जीता था। इसके अलावा वह अपनी टीम को 15 में से 11 बार अंतिम चार में ले जा चुके हैं। टीम चार बार ट्रॉफी जीतने के अलावा पांच बार रनर-अप भी रह चुकी है।धोनी ने ओवरआल आइपीएल में आज के मैच से पहले तक 213 मैचों में कप्तानी की है। इसमें से उन्होंने 125 मैचों में जीत हासिल की है। इसके अलावा 87 मैच हार चुके हैं। एक मैच बेनतीजा रहा है। उनका विन पर्सेंट 58.96 है। वह आईपीएल के सबसे कामयाब कप्तानों में से एक हैं। 2016 में सीएसके पर बैन के दौरान धोनी ने राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स (फढर) के लिए एक सीजन में 14 मैचों में कप्तानी की थी। इसमें से उनकी टीम ने पांच मैच जीते थे और नौ में हार का सामना करना पड़ा था। तब टीम पॉइंट्स टेबल में सातवें स्थान पर रही थी। इन 14 मैचों को निकाल दिया जाए तो धोनी ने आज के मैच से पहले 199 मैचों में सीएसके की कप्तानी की है। इसमें से 120 मैच सीएसके ने जीते हैं, जबकि 78 में हार का सामना करना पड़ा है। एक मैच बेनतीजा रहा है। सीएसके के कप्तान के तौर पर धोनी का विन पर्सेंटेज 60.30 है। बतौर बल्लेबाज आइपीएल में धोनी का रिकॉर्ड भी शानदार रहा है। कुल 237 मैचों में उन्होंने 39.09 की औसत और 135.54 के स्ट्राइक रेट से 5004 रन बनाए हैं। इनमें 24 अर्धशतक शामिल है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 84 रन का रहा है। धोनी ने 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था। वह भारत के लिए 90 टेस्ट, 350 वनडे और 98 टी20 खेले थे। टेस्ट में उनके नाम 4876 रन, वनडे में 10,773 रन और टी20 में 1617 रन हैं।
झारखंड खेल नीति-2022 : इस तारीख कर करें आवेदनटीम एबीएन, रांची। झारखंड खेल नीति-2022 के आधार पर राज्य के पूर्व खिलाड़ियों को पेंशन देने की तैयारी शुरू हो चुकी है। इस संबंध में विज्ञापन जारी करते हुए खेल निदेशालय ने पूर्व के खिलाड़ियों से आवेदन मांगा है। मानक के अनुरूप होने पर पूर्व खिलाड़ियों को 10 हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन मिलेगी। निदेशालय की ओर से इसके लिए कई मानक भी तय किये गये हैं, जिसके अनुसार पूर्व खिलाड़ियों को 30 अप्रैल तक संबंधित जिला खेल पदाधिकारियों को आवेदन देना है। इसके अलावा खिलाड़ियों के कोच को भी कैश अवार्ड देने के लिए विज्ञापन जारी किया गया है।खेल निदेशालय के अनुसार, राज्य के अर्जुन अवॉर्डी, द्रोणाचार्य अवॉर्डी, ध्यानचंद अवॉर्डी, ओलिंपिक में भाग लेनेवाले खिलाड़ी, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स के पदक विजेता खिलाड़ी, जो अब व्यावहारिक तौर पर खेल में नहीं है, पेंशन योजना का लाभ ले सकते हैं। इसके अलावा पूर्व खिलाड़ी झारखंड का स्थायी निवासी हो, खिलाड़ी सक्रिय खेलों से सेवानिवृत्त हो चुका हो, कम से कम 40 वर्ष का हो और किसी भी आपराधिक मामले में दोषसिद्ध से मुक्त हो चुका हो, होना जरूरी है। पूर्व खिलाड़ियों को तो पेंशन का लाभ प्रतिमाह आजीवन 10 हजार रुपये मिलेगा ही, इसके अलावा अगर पेंशन मिलने की अवधि में खिलाड़ी की मृत्यु हो जाती है, तो उसके परिवार के किसी आश्रित को 5000 रुपये मासिक पेंशन का लाभ आजीवन दिया जायेगा।खेल निदेशालय की ओर से कोच को कैश अवॉर्ड दिया जायेगा। इसके तहत झारखंड के वैसे कोच, जिन्होंने 10 जून 2022 के बाद अंतरराष्ट्रीय या भारतीय ओलिंपिक संघ से मान्यता प्राप्त प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों या टीम को उपलब्धि दिलायी हो, उन्हें नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जायेगी। कोच को 20 अप्रैल तक जिला खेल पदाधिकारी को आवेदन देना है।
झारखंड महिला पैरा सीटिंग बॉलीबॉल को रजत पदक एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। तमिनाडु के सिरूवचूर (पेरंबलूर) में पैरा सीटिंग बॉलीबॉल फेडरेशन आॅफ इंडिया के तत्वाधान में फेडरेशन कप का 7 और 8 अप्रैल 2023 को आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में कुल 8 राज्यों की सर्वश्रेष्ठ टीमों ने हिस्सा लिया था। राज्य खेलकूद विभाग द्वारा आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड की महिला दल ने रजत पदक पर कब्जा कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी धाक जमायी। झारखंड महिला टीम की कप्तान प्रतिमा तिर्की को दमदार प्रदर्शन के लिए बेस्ट प्लेयर आफ वूमेन से सम्मानित किया गया। 7 अप्रैल से आयोजित प्रतियोगिता में झारखंड के दोनों महिला एवं पुरुष वर्गों ने भाग लिया। पुरुष वर्ग को प्रतियोगिता में चौथे स्थान से संतोष करना पड़ा। विदित हो कि दिव्यांगजनों का पैरा सीटिंग प्रतियोगिता झारखण्ड के लिए बिल्कुल नया है और दोनों वर्गों में राज्य की टीम दूसरी बार भाग ले रही थी। पुरुष टीम के कप्तान चंदन लोहारा, मुकेश कंचन, थॉमस हेब्रोम, सनोज महतो, पवन लकड़ा, राजेश कुमार मेहता, कमलेश कुमार, वागीश त्रिपाठी, राजू कर्मकार, अमित भास्कर, अंकुश कुमार भगत और भोला लकड़ा। जबकि महिला टीम के कप्तान प्रतिमा तिर्की, अनीता तिर्की, पुष्पा मिज, तारामणि लकड़ा, महिमा उरांव, असुंता टोप्पो, लीला कुमारी, संजुक्ता एक्का, जयश्री कुमारी, सीता कर्मकार ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। झारखंड वापसी पर खिलाड़ियों को हटिया रेलवे स्टेशन पर पंचायत सोदाग के युवा मुखिया पतरस तिर्की, सोदाग गांव के सिमोन बखला द्वारा भव्य स्वागत किया गया। पारा ओलंपिक एसोसिएशन आफ झारखंड के अध्यक्ष श्री राहुल मेहता, झारखंड डिसएबल क्रिकेट एसोसिएशन की सचिव सरिता सिन्हा, झारखंड दिव्यांग पार्टी के अध्यक्ष डॉ शमशेर आलम राही, संजू कुमारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने दल का फूल माला से स्वागत करते हुए उन्हें बधाई दी। प्रतिमा तिर्की ने कहा कि यह सपना सच होने जैसा है। दल के सदस्य अन्य राज्यों के अनुभवी टीम को देखकर थोड़ा नर्वस थीं। लेकिन मेन्टर मुकेश कंचन के मार्गदर्शन और हौसला से लड़कियों ने जी जान लगा दिया। महिमा ने कहा कि अनुभव की कमी के कारण गोल्ड नहीं ला सके लेकिन अगले वर्ष का लक्ष्य गोल्ड ही है। झारखंड पैरा सीटिंग बॉलीबॉल टीम को दिव्यांगजनों के लिए काम करने वाले विभिन्न संस्थाओ और नेटवर्क ने बधाई दी।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के तेज गेंदबाज हर्षल पटेल ने अपने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) करियर में 100 विकेट पूरे कर लिये हैं। उन्होंने यह उपलब्धि सोमवार को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेले गये मैच के दौरान हासिल की।मैच में हर्षल ने अपने पहले दो ओवरों में 35 रन लुटाये, लेकिन अपने आखिरी दो ओवरों में उन्होंने 13 रन देकर दो विकेट लेकर वापसी की। हालांकि, बावजूद इसके आरसीबी की टीम यह मैच हार गयी।2012 में अपने आईपीएल की शुरुआत के बाद से, हर्षल ने दिल्ली कैपिटल्स (पहले दिल्ली डेयरडेविल्स के रूप में जाना जाता था) और आरसीबी का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने 81 मैचों में 23.23 की औसत और 8.52 की इकॉनमी रेट से 101 विकेट लिये हैं। आईपीएल में उनके सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़ा 5/27 है। हर्षल का 2021 का सीजन सबसे सफल सीजन था, जिसमें उन्होंने 15 मैचों में 14.34 के औसत और 8.14 की इकॉनमी रेट से 32 विकेट लिये। उस सीज़न में उनके सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़े 5/27 थे। उन्हें पर्पल कैप से नवाजा गया था। विशेष रूप से, आईपीएल इतिहास में शीर्ष पांच विकेट लेने वाले गेंदबाजों में ड्वेन ब्रावो (183 विकेट), युजवेंद्र चहल (174 विकेट), लसिथ मलिंगा (170 विकेट), अमित मिश्रा (169 विकेट) और रविचंद्रन अश्विन (161 विकेट) हैं।मैच की बात करें तो इस मुकाबले में आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में विराट कोहली (61), कप्तान फाफ डु प्लेसिस (नाबाद 79) और ग्लेन मैक्सवेल (59) के बेहतरीन अर्धशतकों की बदौलत 2 विकेट पर 212 रन बनाये।जवाब में लखनऊ ने मार्कस स्टोइनिस (65), निकोलस पूरन (62) और आयुष बडोनी (30) की बेहतरीन पारियों की बदौलत 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 213 रन बनाकर मैच जीत लिया।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। हॉकी इंडिया की वित्तीय कारणों से बंद हुई हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) को 2024 से फिर से शुरू करने की योजना है और इसके लिए उसने सोमवार को विशेष व्यावसायिक और विपणन भागीदार की घोषणा की। वित्तीय कारणों से हॉकी इंडिया लीग को 2017 में बंद कर दिया गया था और हॉकी इंडिया इसको फिर से शुरू करने के लिए नये साझेदारों की तलाश में है। हॉकी इंडिया के सूत्रों ने पीटीआई से कहा कि एचआईएल से खेल को बड़ी सफलता मिली थी और हम अब इसे अगले साल से फिर से शुरू करने की प्रक्रिया में हैं। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि यह लीग जल्द से जल्द शुरू हो लेकिन अगले साल फरवरी तक विश्व हॉकी महासंघ (एफआईएच) का कार्यक्रम काफी व्यस्त है और कोई विंडो खाली नहीं है। लेकिन इससे हमें सभी चीजों को व्यवस्थित करने का समय मिल जायेगा।हॉकी इंडिया ने सोमवार को बिग बैंग मीडिया वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड को अपनी विशेष वाणिज्यिक और विपणन भागीदार एजेंसी के रूप में घोषित किया। यह लीग को फिर से शुरू करने की दिशा में पहला बड़ा कदम है। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने कहा कि आज मैं बहुत खुश हूं क्योंकि जब मैंने हॉकी इंडिया के अध्यक्ष का पद संभाला तो हॉकी इंडिया लीग को शुरू करना मेरी मुख्य प्राथमिकता थी। यह भारत के लिए एक महत्वपूर्ण कदम होगा और हमें खुशी है कि बिग बैंग मीडिया वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड एचआईएल के लिए व्यावसायिक साझेदार के रूप में हम से जुड़ा है।उन्होंने कहा कि मुझे बहुत खुशी है कि हम हॉकी इंडिया लीग के नए युग की शुरुआत करने की तरफ आगे बढ़ रहे हैं। यह न केवल भारत में हॉकी को पुनर्जीवित करेगा, बल्कि विश्व स्तर पर इस खेल में नयी ऊर्जा भी प्रदान करेगा। हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने कहा कि हॉकी इंडिया लीग से दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी एक मंच पर एकत्रित होंगे और इससे युवा प्रतिभाओं को नई सीख मिलेगी।
ब्राजील को पेनल्टी शूटआउट में हराया एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। इंग्लैंड की टीम ने बेहद ही रोमांचक मुकाबले में ब्राजील को पेनाल्टी शूटआउट में 4-2 से हराकर महिलाओं के लिए पहली बार आयोजित फाइनलिसिमा फुटबाल टूर्नामेंट जीत लिया। इंग्लैंड पिछले 30 मैचों से हारा नहीं है। शूटआउट के दौरान च्लोए कैली के गोल से इंग्लैंड की टीम चैंपियन बन गयी और यहां वेंबले स्टेडियम में लगभग 83,132 प्रशंसकों की मौजूदगी में जश्न मनाया। क्लोए ने पिछले साल वेंबले में यूरो 2022 के फाइनल में भी गोल किया था। इंग्लैंड की गोलकीपर मैरी ईर्प्स ने शूटआउट के दौरान पेनाल्टी बचाकर टीम की जीत में अपना योगदान दिया। इंग्लैंड की एला टून ने 23वें मिनट में गोल कर टीम को शुरूआती बढ़त दिलाई और पहले हाफ में 1-0 से बढ़त अपने नाम की। फिर दूसरे हाफ में एक समय लग रहा था कि मेजबान टीम यह खिताब इसी स्कोर से अपने नाम कर लेगी तभी ब्राजील की सब्सीट्यूट खिलाड़ी आंद्रेस्सा अलावेस ने इंजुरी समय (90+3वें मिनट) में गोल करके मैच को बराबरी पर ला दिया। मैच का नतीजा निकालने के लिए अतिरिक्त समय का सहारा लिया गया, लेकिन दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर पायी। इसके बाद शूटआउट में इंग्लैंड की टीम ने बाजी मार ली।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। विश्व कप विजेता अर्जेंटीना छह साल में पहली बार गुरुवार को फीफा विश्व रैंकिंग में चोटी पर पहुंचने में कामयाब रहा। अर्जेंटीना ने पिछले महीने दो मैत्री मैचों में जीत दर्ज की थी जिससे वह ब्राजील को हटाकर चोटी पर पहुंचने में सफल रहा।ब्राजील को मोरक्को से 1-2 से हार का सामना करना पड़ा था जिससे वह तीसरे स्थान पर खिसक गया। विश्व कप के फाइनल में अर्जेंटीना से हारने वाला फ्रांस एक पायदान चढ़कर दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। उसने यूरोपीय चैंपियनशिप क्वालीफायर्स के लगातार मैचों में नीदरलैंड और आयरलैंड को हराया था। बेल्जियम पहले की तरह चौथे जबकि इंग्लैंड पांचवें स्थान पर है। इसके बाद नीदरलैंड, क्रोएशिया, इटली, पुर्तगाल और स्पेन का नंबर आता है।
धोनी ने सीएसके के गेंदबाजों को दी चेतावनी, कहा-गेंदबाजी सुधारें, नहीं तो छोड़ देंगे कप्तानीएबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के कप्तान एमएस धोनी ने सोमवार को एमए चिदंबरम स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 12 रन से मिली नजदीकी जीत के बाद अपने गेंदबाजों को बड़ी चेतावनी दी। सीएसके ने लखनऊ के सामने जीत के लिए 218 रनों का विशाल लक्ष्य रखा था। हालांकि केएल राहुल की टीम लक्ष्य के करीब पहुंच गयी थी, लेकिन अंत में, वे 12 रनों के अंतर से लक्ष्य से चूक गये। एक चीज जो लखनऊ के पक्ष में गयी, वह थी वाइड गेंदों की संख्या और नो बॉल जो सीएसके के गेंदबाजों ने फेंकी।धोनी ने मैच के बाद कहा कि एक और बात यह है कि उन्हें नो बॉल या अतिरिक्त वाइड फेंकने से बचना होगा, या फिर उन्हें एक नए कप्तान के तहत खेलना होगा। यह मेरी दूसरी चेतावनी होगी और फिर मैं बाहर हो जाऊंगा। तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे, जो इंपैक्ट प्लेयर के रुप में सीएसके के लिए खेल रहे थे, ने मैच के अपने पहले ओवर में दो नो बॉल और तीन वाइड गेंदे फेंकी। उन्होंने 11 गेंदों का ओवर फेंका और 18 रन दिये। पूरे पावरप्ले के दौरान दीपक चाहर और बेन स्टोक्स ने भी रन लुटाये। स्टोक्स ने आईपीएल 2023 के अपने पहले ओवर में 18 रन दिये।पूरे पावरप्ले के दौरान दीपक चाहर की जमकर धुनाई हुई। उन्होंने पावरप्ले में तीन ओवर फेंके और 37 रन दिये। जब सीएसके के गेंदबाजों की धुनाई हो रही थी, तब धोनी स्टंप्स के पीछे हताश खड़े थे। मैच के बाद, उन्होंने ने कहा कि तेज गेंदबाजी में हमें थोड़ा सुधार करने की जरूरत है। परिस्थितियों के अनुसार गेंदबाजी करने की जरूरत है।विपक्षी गेंदबाज क्या कर रहे हैं, इस पर नजर रखना महत्वपूर्ण है। आईपीएल 2023 की अपनी पहली जीत हासिल करने के बाद, सीएसके शनिवार को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस का सामना करेगी।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने पूर्व भारतीय हरफनमौला खिलाड़ी सलीम दुरानी के निधन पर शोक व्यक्त किया है।बीसीसीआई ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि बीसीसीआई को रविवार, 2 अप्रैल 2023 को श्री सलीम दुरानी के निधन के बारे में दुखद खबर मिली। एक करिश्माई ऑलराउंडर, दुरानी ने ढाई दशक तक खेला है। दर्शकों की मांग पर लम्बे छक्के मारने की उनकी एक अनूठी क्षमता थी, आक्रामक बायें हाथ की बल्लेबाजी के अलावा उनकी बायें हाथ की स्पिन गेंदबाजी समान रूप से प्रभावी थी।ऑलराउंडर ने भारत के लिए 29 टेस्ट खेले और 1202 रन बनाये और 75 विकेट लिये। उन्होंने प्रसिद्ध 1971 पोर्ट ऑफ स्पेन टेस्ट में गेंद के साथ बल्लेबाजी में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभायी, जहां महान सुनील गावस्कर ने टेस्ट क्रिकेट में शुरुआत की। दूसरी पारी में कुछ गेंदों के अंतराल में, दुरानी ने क्लाइव लॉयड और गैरी सोबर्स दोनों को आउट कर कैरेबियन में भारत की पहली टेस्ट जीत का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने 17 ओवर में सिर्फ 21 रन दिये। एक दशक पहले, 1961-62 में उन्होंने भारत को इंग्लैंड पर जीत के लिए गेंदबाजी की, इस श्रृंखला में उन्होंने 23 विकेट लिये। ईडन गार्डन्स टेस्ट में, उन्होंने 8 विकेट लिये और चेन्नई के मैच में 10 विकेट लिये। उन्होंने 170 प्रथम श्रेणी मैच भी खेले, 8545 रन बनाये और 484 विकेट लिए और घरेलू क्रिकेट में सौराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान का प्रतिनिधित्व किया।अर्जुन अवॉर्ड पाने वाले पहले क्रिकेटर दुरानी को बोर्ड ने 2011 में सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया था। वह 2018 में बीसीसीआई के विशेष अतिथि थे जब बोर्ड ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में अपने पहले टेस्ट के लिए अफगानिस्तान की मेजबानी की थी, जहां उन्होंने अफगानिस्तान के कप्तान असगर स्टैनिकजई को टॉस में एक स्मृति चिह्न भेंट किया था।बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी ने कहा कि सलीम दुरानी ने खेल को अनुग्रह, स्वभाव और बहुत जुनून के साथ खेला। उनके निधन के साथ, हमने भारत के प्रतिष्ठित क्रिकेट नायकों में से एक को खो दिया है। जबकि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनका प्रदर्शन प्रेरणादायक है, उनकी उपलब्धि घरेलू क्रिकेट में अभी भी हमारे क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा का काम करता है। मैं उनके परिवार और दोस्तों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.