रांची हॉकी टीम में 18 खिलाड़ियों का चयनटीम एबीएन, रांची। 19वीं झारखंड राज्य सीनियर वुशु प्रतियोगिता का शुभारंभ रविवार से नामकुम स्थित आरके आनंद बाउल्स ग्रीन में किया गया है, जिसमें झारखंड के विभिन्न जिलों से 200 खिलाड़ी व अधिकारी ने भाग लिया। यह जानकारी झारखंड वुशु एसोसिएशन के प्रेसिडेंट डॉ प्रदीप वर्मा ने दी है। एसोसिएशन के प्रेसिडेंट डॉ प्रदीप वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता की तैयारी पूरी हो चुकी है। प्रतियोगिता के आधार पर चयनित खिलाड़ी पुणे में आयोजित सीनियर नेशनल वुशु प्रतियोगिता में भाग लेंगे। वहीं, इन खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण शिविर का आयोजन भी किया जायेगा।इधर रांची जिला मलखंब एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय रांची जिला बालक-बालिका प्रतियोगिता का उद्घाटन शनिवार को बंगीय सांस्कृतिक परिषद धुर्वा में हुआ। राजद नेता गौरी शंकर यादव और राहुल यादव ने प्रतियोगिता उद्घाटन किया। अंडर-12 बालक वर्ग के पोल मलखंब में सत्यवीर कुमार दास पहले, रणबीर कुमार दास दूसरे और अयांश सिंह तीसरे स्थान पर रहे। वहीं बालिका वर्ग में सिमरन धनवार पहले, स्नेहा सिंह दूसरे और प्रिया कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं।अंडर-16 बालिका रोप मलखंब में आरुषि कुमारी पहले, अन्नू कुमारी दूसरे और लवली कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं। अंडर-16 बालकों के हैंगिंग मलखंब में आकाश कुमार पहले, रोहित लोहरा दूसरे और शिवम कुमार तीसरे स्थान पर रहे। इस अवसर पर रांची जिला मलखंब संघ के अध्यक्ष अजय झा, वरिष्ठ प्रशिक्षक विवेक कुमार, सौम्या सेजल वर्मा, संजय कुमार सहित अन्य मौजूद थे।
पहले मैच में अर्जेंटीना का सामना उज्बेकिस्तान से एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। फुटबॉल की विश्व नियामक संस्था फीफा ने शुक्रवार को 2023 अंडर-20 विश्व कप का ड्रॉ निकाला, जिसमें मेजबान अर्जेंटीना 20 मई को उज्बेकिस्तान के खिलाफ टूनार्मेंट में अपने अभियान की शुरूआत करेगा। ड्रॉ समारोह ज्यूरिख, स्विट्जरलैंड में फीफा मुख्यालय में आयोजित किया गया था। समारोह में फीफा ने मैच कार्यक्रम और मेजबान शहरों की भी पुष्टि की। 24 टीमें चार शहरों, ला प्लाटा, मेंडोजा, सैन जुआन और सैंटियागो डेल एस्टेरो में छह समूहों में प्रतिस्पर्धा करेंगी। अर्जेंटीना और उज्बेकिस्तान के बीच उद्घाटन मैच सैंटियागो डेल एस्टेरो स्टेडियम में खेला जायेगा, जिसमें पहले दिन तीन और मैच खेले जाएंगे। ला प्लाटा स्टेडियम सेमीफाइनल, तीसरे स्थान के लिए प्ले-आॅफ और फाइनल की मेजबानी करेगा।
टीम एबीएन, कोडरमा। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में खेले जा रहे इंटर डिस्टिक अंडर 16 क्रिकेट टूर्नामेंट में सुपर लीग के मैच हजारीबाग और कोडरमा में खेले जायेंगे। कोडरमा में पश्चिमी सिंहभूम, धनबाद और गिरिडीह की टीमें अपना सुपर लीग का मैच खेलेगी। 23 अप्रैल को पश्चिमी सिंहभूम बनाम धनबाद, 24 अप्रैल को पश्चिमी सिंहभूम बनाम गिरिडीह और 25 अप्रैल को धनबाद बनाम गिरिडीह के बीच मैच होगा। कोडरमा में खेले जाने वाले सुपर लीग में से एक टीम फाइनल में प्रवेश करेगी, जिसका मुकाबला हजारीबाग सुपर लीग में से फाइनल में क्वालीफाई करने वाली टीम से होगा। 27 अप्रैल को हजारीबाग में फाइनल खेला जायेगा। सुपर लीग चरण के मैच के सफल आयोजन की पूरी तैयारी कर ली गयी है। सभी मैच चंदवारा स्थित पुलिस लाइन मैदान में सुबह 7 बजे से खेले जायेंगे। उक्त आशय की जानकारी जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव दिनेश सिंह ने दी।
फीफा महिला विश्व कप 2027 एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। अमेरिका और मेक्सिको ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल महासंघ (फीफा) को सुचना दी है कि वे 2027 महिला विश्व कप की सह-मेजबानी के लिये बोली प्रस्तुत करेंगे। अमेरिकी फुटबॉल महासंघ (यूएसएसएफ) के अध्यक्ष सिंडी पारलो कोन ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा कि अमेरिका हमेशा महिलाओं के खेल के लिये एक वैश्विक देश रहा है और हम मेक्सिको के साथ महिला फुटबॉल के लिये विश्व के प्रमुख कार्यक्रम की सह-मेजबानी करने में सम्मानित महसूस कर रहे हैं। यूएसएसएफ और मेक्सिको फुटबॉल महासंघ (एफएमएफ) के पास औपचारिक रूप से अपना बोली दस्तावेज जमा करने के लिये 19 मई तक का समय है। अमेरिका इससे पहले 1999 और 2003 में महिला विश्व कप की मेजबानी कर चुका है, जबकि मेक्सिको ने इससे पहले कभी शीर्ष आयोजन की मेजबानी नहीं की है। एफएमएफ के अध्यक्ष योन डी लुइसा ने कहा, मेक्सिको में महिला फुटबॉल ने पिछले पांच वर्षों में लगातार विकास देखा है और इसका विकास एफएमएफ की रणनीतिक प्राथमिकताओं में से एक है। उल्लेखनीय है कि मेक्सिको, अमेरिका और कनाडा 2026 में फीफा पुरुष विश्व कप की सह-मेजबानी करेंगे।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत की स्टार कंपाउंड तीरंदाज ज्योति सुरेखा वेनम ने विश्वकप चरण 1 के क्वालिफाइंग दौर में रिकॉर्ड 713 अंक हासिल किये। ज्योति ने विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की है। भारत ने इसके साथ ही शीर्ष वरीयता भी हासिल की। भारत के साथ मेक्सिको को पहले दौर में बाई मिली है और वे अपना अभियान क्वार्टर फाइनल से शुरू करेंगे।दो साल पहले विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वालीं तेलंगाना की ज्योति ने 72 में से 66 बार सर्वश्रेष्ठ दस अंक पर निशाना साधा। इसके साथ ही उन्होंने सारा लोपेज के 2015 में कोलंबियाई राष्ट्रीय चयन स्पर्धा के दौरान बनाये गये विश्व रिकॉर्ड स्कोर की बराबरी की।पहले छह दौर में उनके 353 अंक थे। उसके बाद उन्होंने 360 में से 360 अंक हासिल कर छह साल पुराना एशियाई रिकॉर्ड तोड़ा। पिछला एशियाई रिकॉर्ड कोरिया की सो चेईवोन के नाम था।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। इंडोनेशिया के स्थान पर फीफा 2023 अंडर-20 विश्व कप की मेजबानी करेगा। इंडोनेशिया को फीफा ने इसकी मेजबानी करने से हटा दिया है। विश्व फुटबॉल शासी निकाय ने यह घोषणा की। फीफा परिषद के ब्यूरो ने अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन (एएफए) द्वारा बाद की बोली प्रस्तुत करने के बाद अपने फैसले की पुष्टि की और फीफा प्रतिनिधिमंडल ने पिछले सप्ताह दक्षिण अमेरिकी देश का निरीक्षण भी किया था। फीफा अंडर-20 विश्व कप 20 मई से 11 जून तक शुरू होगा और ऐसा पहली बार होगा जब अर्जेंटीना 2001 के बाद इस टूनार्मेंट की मेजबानी करेगा।
फोटो में मैन आफ द मैच को ट्रॉफी देते केडीसीए आॅफिशियलटीम एबीएन, कोडरमा। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में खेले जा रहे इंटर डिस्टिक अंडर 16 क्रिकेट टूर्नामेंट का मैच मंगलवार को पुलिस लाइन मैदान में कोडरमा और पश्चिमी सिंहभूम के बीच हुआ। टॉस जीतकर कोडरमा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 258 रन बनाये। जिसमें प्रियांशु ने शानदार 128 रन, आयुष ने 43 रन और अभिजीत ने 27 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी करते हुए पश्चिमी सिंहभूम की ओर से सत्यम सिंह ने 5 विकेट, पियूष त्यागी ने 2 विकेट और अनीस ने 1 विकेट लिये। बाद में बल्लेबाजी करने उतरी पश्चिमी सिंहभूम की टीम 48.1 गेंद में 7 विकेट खोकर विजय लक्ष्य को हासिल कर लिया। जिसमें कार्तिक कृष्णा ने 76 रन ,साकेत ने 28 रन और अर्चित ने 26 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी करते हुए प्रियांशु और राहुल ने दो 2 विकेट और मानव कुमार पीयूष और आर्यन ने एक-एक विकेट लिए। मैन आफ द मैच पश्चिमी सिंहभूम के कार्तिक कृष्णा को नोवोको सीमेंट के आफिसर संतोष कुमार सिंह ने दिया। मौके पर मैच आब्जर्वर शशि भूषण चौबे, अंपायर हेमंत ठाकुर शेख, इफ्तेखार, स्कोरर गजेंद्र कुमार, केडीसीए के सचिव दिनेश सिंह, आलोक पांडे, हरजीत सिंह लांबा, मनोज सहाय पिंकू, सुमन कुमार, सोनू खान, ओम प्रकाश, कुंदन कुमार, धर्मेंद्र कौशिक, बीरमल सिंह, पिंटू शुक्ला, विशाल सूद, अशोक यादव, संतोष सिंह, अमित जयसवाल, नीतीश कुमार, विजय कुमार सहित अन्य खेल प्रेमी मौजूद थे।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। इंग्लैंड के अनुभवी हरफनमौला मोईन अली का मानना है कि महेंद्र सिंह धोनी अगले साल भी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 टूर्नामेंट में निश्चित रूप से खेल सकते हैं। क्रिकेट जगत में इस बात की चर्चा है कि चेन्नई सुपर किंग्स का यह कप्तान इस सत्र के बाद खेल को अलविदा कह देगा। विश्व कप का खिताब जीतने वाले भारत के पूर्व कप्तान धोनी ने 41 साल की उम्र में भी अपनी बल्लेबाजी, विकेटकीपिंग और कप्तानी से बड़े पैमाने पर प्रशंसकों को आकर्षित करना जारी रखा है। उन्होंने पिछले सप्ताह राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया था।मोईन ने कहा, वह निश्चित रूप से अगले साल खेल सकते हैं। इस हरफनमौला खिलाड़ी ने कहा, जिस तरह से वह खेल रहे हैं, मुझे नहीं लगता कि उनकी बल्लेबाजी उन्हें खेलने से रोकेगी। वह अगले दो या तीन साल तक खेल सकते है। उन्होंने कहा, मैं उनकी बल्लेबाजी (राजस्थान के खिलाफ) देख कर हैरान नहीं था। मैं उन्हें नेट सत्र में देखता हूं और वह अविश्वसनीय रूप से अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं।
बीसीसीआई ने की पुरुषों, महिलाओं के घरेलू टूर्नामेंटों के लिए पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी की घोषणाएबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सीनियर पुरुष और महिला घरेलू टूर्नामेंट की पुरस्कार राशि में बड़ी वृद्धि की है। बीसीसीआई सचिव जय शाह ने रविवार को ट्विटर के जरिये उक्त जानकारी दी।बीसीसीआई सचिव जय शाह ने कहा कि जहां पुरुषों के लिए इनामी राशि में 60 से 300 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है, वहीं महिलाओं की दो स्पर्धाओं में 700 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। रणजी ट्रॉफी चैंपियन टीम के लिए पुरस्कार राशि 2 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 5 करोड़ रुपये कर दी गयी है, जबकि फाइनल और सेमीफाइनल में हारने वाली टीमों के लिए क्रमशः 3 करोड़ रुपये (पहले 1 करोड़ रुपये) और 1 करोड़ रुपये (पहले 50 लाख रुपये) कर दिये गये हैं।घरेलू वनडे टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी की इनामी राशि 30 लाख रुपये से बढ़ाकर एक करोड़ रुपये कर दी गई है जबकि उपविजेता टीम को 15 लाख रुपये की जगह 50 लाख रुपये दिये जायेंगे। घरेलू टी-20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी की इनामी राशि में सबसे बड़ी बढ़ोतरी हुई है, जहां विजेता को 80 लाख रुपये (पहले 25 लाख रुपये) और उपविजेता को 40 लाख रुपये (पहले 10 लाख रुपये) दिये जायेंगे।महिला सीनियर एकदिनी और टी-20 ट्रॉफी की चैंपियन और उपविजेता टीमें आखिरकार महत्वपूर्ण पुरस्कार राशि अर्जित करना शुरू कर देंगी। नतीजतन, महिला वनडे चैंपियन टीम को 50 लाख रुपये (पहले 6 लाख रुपये) जबकि टी-20 चैंपियन टीम को 40 लाख रुपये (पहले 5 लाख रुपये) से सम्मानित किया जायेगा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.