टीम एबीएन, रांची। राजधानी के बड़ा तालाब के किनारे स्थित खाली पड़े सरकारी जमीन पर भू माफियाओ की निगाह लगी हुई है। लगभग 2 एकड़ में फैली यह जमीन मूल रूप से उद्योग विभाग की है। राज्य अलग होने के बाद एसेट एवं लायबिलिटी को लेकर बिहार और झारखंड के बीच यहां स्थित कई सम्पति का बंटवारा होना बाकी है।यह जमीन भी इसी में से एक है। मामला पटना हाई कोर्ट में भी लंबित है। शहर के बीच और बेशकीमती होने की वजह से इस जमीन पर भू माफियाओं की निगाह लगी हुई है। इस क्रम में जंगल में तब्दील हो चुके इस जमीन पर पहले अवैध तरीके से मिट्टी डालकर इसके आधे भाग को समतल कर दिया गया। वहीं बीच बीच में बड़े गाड़ियों को पार्क कर उसपर अवैध कब्जे की तैयारी भी जारी है। बात इससे आगे बढ़ते हुए शादी समारोह के आयोजन तक जा पहुंची है। प्रशासन इस और यदि सचेत नही रहा तो वह दिन दूर नहीं जब करोड़ो रूपये की जमीन भू माफियाओं के कब्जे में होगा।
टीम एबीएन, रांची। रांची में भगवान महावीर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर की ओर से महावीर जयंती की पूर्व संध्या पर दो अप्रैल को बरियातू रोड स्थित महावीर भवन में भगवान महावीर आइ हॉस्पिटल खोला जा रहा है। अध्यक्ष पूरनमल जैन सेठी ने कहा कि यहां पर गरीब मरीजों के नि:शुल्क इलाज, ऑपरेशन, दवाई, भोजन एवं ठहरने की व्यवस्था की गयी है।संस्था 18 साल से नि:शुल्क आइ कैंप लगा कर मोतियाबिंद का ऑपरेशन करा रही है। उन्होंने कहा कि मई 2014 में रांची में 240 बेड का भगवान महावीर मेडिका सुपर स्पेशियालिटी हॉस्पिटल खोला गया। जैन समाज की बच्चियों के लिए एक गर्ल्स हॉस्टल शुरू किया गया है। रांची में उच्च स्तरीय आवासीय विद्यालय खोलने की योजना है। इसकी तैयारी की जा रही है।
11 अप्रैल को झामुमो में फिर शामिल होंगे हेमलाल मुर्मूटीम एबीएन, रांची। राजमहल सीट से भाजपा की टिकट पर दो बार लोकसभा चुनाव लड़ चुके हेमलाल मुर्मू अब (झामुमो) झारखंड मुक्ति मोर्चा में घर वापसी करेंगे। झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन ने हेमलाल मुर्मू के घर वापसी को लेकर हरी झंडी दे दी है। हेमलाल मुर्मू 11 अप्रैल को झामुमो में शामिल हो रहे है। इसे लेकर बरहेट के धनजोरी गांव में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद उन्हें झामुमो में घर वापसी करायेंगे। इस दौरान कार्यक्रम में शिबू सोरेन समेत पार्टी के कई बड़े नेता उपस्थित रहेंगे। 2014 लोकसभा चुनाव से पहले तक हेमलाल मुर्मू की गिनती झामुमो के कद्दावर नेताओं में होती थी।बरहेट सीट से वे 1990, 1995, 2000 और 2009 में चार बार झामुमो की टिकट से विधायक भी रह चुके हैं। हेमलाल मुर्मू 2004 में झामुमो की टिकट पर कांग्रेस से दोस्ताना संघर्ष में राजमहल सीट से सांसद भी रह चुके हैं। इसके बाद उन्होंने 2014 में होने वाले लोकसभा चुनाव के ठीक पहले ही भाजपा ज्वॉइन कर ली थी।भाजपा में शामिल होने के बाद हेमलाल मुर्मू 2014 और 2019 में लोकसभा चुनाव में उतरे थे। लेकिन उन्हें चुनाव में हार मिली थी। हालांकि अब वे करीब नौ साल बाद फिर से घर वापसी कर रहे है हैं। उम्मीद जतायी जा रही है कि उनके घर वापसी के बाद अब झामुमो और मजबूत होगा।
टीम एबीएन, रांची। देश के कई हिस्सों के साथ-साथ झारखंड में भी कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। राजधानी रांची में ही आठ कोरोना संक्रमित हैं तो राज्यभर में 18 नये कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। ऐसे में शनिवार 1 अप्रैल को राज्य भर के सरकारी अस्पतालों में कोरोना संक्रमण से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए मॉक ड्रिल की जायेगी।रांची के सदर अस्पताल और रिम्स में सुबह 10 बजे के बाद मॉक ड्रिल में एक डमी कोरोना संक्रमित मरीज की जानकारी मिलते ही उसे एंबुलेंस में अस्पताल लाकर इमरजेंसी में भर्ती कराने, जांच करने और तत्काल इलाज शुरू करने के लिए उपलब्ध संसाधनों को परखा जायेगा। इस दौरान पीएसएम मशीन और वेंटिलेटर को भी स्टार्ट किया जायेगा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि आपात स्थिति में कोरोना से निपटने के लिए हमारी व्यवस्था कितनी तैयार है।इस संबंध में रांची के सिविल सर्जन डॉ विनोद कुमार ने बताया कि विभाग से मिले निर्देशों के अनुसार शनिवार को सदर अस्पताल रांची में कोरोना को लेकर मॉकड्रिल की जायेगी। इस दौरान अन्य सीएचसी में भी मॉक ड्रिल होगी। डॉ विनोद कुमार ने कहा कि इस तरह के मॉक ड्रिल दरअसल अपनी तैयारियों को परखने और कमियों को जानकर उसमें सुधार का मौका देता है। जिस तरह से देश के कई हिस्सों में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़े हैं और नये सब वैरिएंट मिले हैं इस तरह की मॉकड्रिल बेहद फायदेमंद होगा।वहीं रांची के प्रख्यात इंटरनल मेडिसीन विशेषज्ञ डॉ एके झा ने कहा कि कोरोना का खतरा उन लोगों में ज्यादा खतरनाक रूप ले लेता है, जो फेफड़े या किसी अन्य बीमारी से पहले से ग्रसित होते हैं। उन्होंने कहा कि वैसे लोग जिन्होंने वैक्सीन का डोज कंप्लीट नहीं किया है उनको भी फिर से संक्रमित होने का खतरा है। ऐसे में पूर्व में भी मॉक ड्रिल हुई थी। एक बार और इसकी तैयारी है। डॉ एके झा ने बताया कि वैसे तो हार्ड इम्युनिटी की वजह से राज्य में बड़ी आबादी में एंटीबॉडी तैयार है। उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल के साथ-साथ वैक्सीनेशन, मास्क का इस्तेमाल, दो गज की दूरी और सर्दी-खांसी के साथ बुखार होने पर कोरोना जांच कराना आज भी जरूरी है।
टीम एबीएन, कोडरमा/ रांची। कोडरमा थाना अंतर्गत जयनगर रोड रिया श्रृंगार नामक मनिहारी दुकान में शुक्रवार रात शॉर्ट सर्किट से आग लगने से दुकान का सामान जलकर राख हो गयी। दुकानदार को पांच लाख का नुकसान हुआ है। स्टोर मालिक वीरू साव ने बताया कि रात में दुकान बंद करके वे अपने घर चले गये थे।वहां अचानक धुआं देने लगा, इसकी सूचना मिलने के बाद पहुंचकर देखा कि शॉर्ट सर्किट से दुकान में आग लग गई है। इसकी सूचना कोडरमा पुलिस और दमकल को देने के बाद दमकल मौके पर पहुंचकर आग बुझाया पर तबतक सभी सामान जलकर राख हो गया था।
टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग में कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु बनाये गये पॉश एक्ट पर विशद् संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर झारखंड सरकार के पंचायती राज व्यवस्थासे जुड़ी श्रीमती कविता विशेषज्ञ के रूप में मौजूद थी।श्रीमती कविता ने पीपीटी के माध्यम से शिक्षक समुदाय को कार्यक्षेत्र में वांछित तथा अवांछित व्यवहार की जानकारी दी। साथ ही उनसे जुड़ी कानूनी धाराओं के विषय में भी उपयोगी जानकारी देते हुए बताया कि हर संस्थान में एक कमेटी गठित होनी चाहिए, जो इस तरह की शिकायतों को सुने तथा आवश्यक कार्यवाही करें।प्राचार्य श्री संजय कुमार मिश्रा ने श्रीमती कविता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पॉश के विषय में सबको जानकारी होनी चाहिए, क्योंकि यह महिलाओं की सुरक्षा के लिए है।उन्होंने भारतीय संस्कृति से प्रेरणा लेकर यत्र नरयस्तु पूज्यंते, रमंते तत्र देवता... के सिद्धांत का पालन करने की बात पर बल दिया।उन्होंने कहा कि शिक्षक हों या शिक्षिका, सभी को पॉश की जानकारी होनी चाहिए तथा उसी के अनुरूप कार्य करना चाहिए।किसी को किसी प्रकार की परेशानी हो तो शिकायती कमेटी से संपर्क करना चाहिए। न तो किसी को अनावश्यक प्रताड़ित करना चाहिए, न ही किसी को तकलीफ देनी चाहिए। संगोष्ठी का सफल संचालन श्रीमती इंदु प्रसाद ने किया।
टॉपर्स को मिलेगा नकद पुरस्कार समेत मोबाइल फोन और लैपटॉपटीम एबीएन, रांची। 14 मार्च से हुई शुरु झारखंड बोर्ड 12वीं की परीक्षा 5 अप्रैल को समाप्त होने जा रही है जबकि 10वीं की परीक्षा 3 अप्रैल को खत्म हो रही है। वहीं, परीक्षाओं का रिजल्ट जून महीने के पहले सप्ताह तक जारी किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि 8वीं, 9वीं और 11वीं कक्षा का परिणाम जून के बाद जारी किया जायेगा। झारखंड बोर्ड 10वीं, 12वीं का रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र या तो साइबर कैफे जाकर अपना रिजल्ट प्राप्त कर सकते हैं या आधिकारिक वेबसाइट jac.jharkhand.gov.in पर प्राप्त कर सकते हैं। इसे चेक करने के लिए छात्रों को अपना रोल नंबर और रोल कोड चाहिए होगा। वहीं, सीएम हेमंत ने झारखंड बोर्ड परीक्षा टॉप करने वाले छात्रों के लिए नकद पुरस्कार समेत मोबाइल फोन और लैपटॉप की घोषणा की है। मुख्यमंत्री कार्यालय के आधिकारिक ट्विटर हैंडल के माध्यम से जानकारी दी गयी थी। बोर्ड परीक्षा में बच्चों के प्रदर्शन उनकी प्रतिभा और उच्च शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए इस योजना की शुरुआत की गयी है।गौरतलब है कि बीते सोमवार को हुए एक समारोह में जैक, सीबीएसई, आईसीएसई बोर्ड परीक्षा 2022 में झारखंड राज्य के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को और झारखंड स्कूल ओलंपियाड-2022 के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया था। इसी के बाद झारखंड बोर्ड परीक्षा 2023 में टॉप करने वाले छात्रों को दिये जाने वाले पुरस्कार की घोषणा की गयी।
झंडा चौक पर हुआ पारंपािक खेलों का प्रदर्शनरामनवमी झंडा महासमिति ने विजेताओं को किया पुरस्कृतटीम एबीएन, झुमरी तिलैया। रामनवमी को लेकर शहर की विभिन्न अखाड़ा समितियों ने झांकी के साथ जुलूस निकाली। झांकी जब झंडाचौक पहुंची तब रामनवमी झंडा महासमिति के अध्यक्ष संतोष कुमार यादव ने नेतृत्व में उनका स्वागत किया गया। यहां पर अखाड़ा समिति के सदस्यों ने पारंपरिक खेलों का एकल और सामूहिक प्रदर्शन किया। सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में विधायक डॉ नीरा यादव, जिप अध्यक्ष रामधन यादव, पूर्व जिप अध्यक्ष शालिनी गुप्ता, डोमचांच प्रमुख सत्यनारायण यादव, अतिथियों ने दीप जलाकर कार्यक्रम का उदघाटन किया। कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता सत्यनारायण प्रसाद ने किया। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष संतोष यादव ने महा समिति की परंपरा और इतिहास पर प्रकाश डाला। विधायक डॉ नीरा यादव, जिप अध्यक्ष रामधन यादव और पूर्व जिप अध्यक्ष शालिनी गुप्ता ने महासमिति के इस कार्य को सराहा और कहा कि ऐसे आयोजनों से पारंपरिक खेलों को बढ़ावा मिलता है। समिति की ओर से पगड़ी भेंट कर सबों का स्वागत किया गया।पदाधिकारी भी पहुंचे झंडा चौकप्रशासनिक पदाधिकारियों की टोली भी देर रात झंडा चौक पर पहुंचकर विधि व्यवस्था का जायजा लिया। यहां डीसी आदित्य रंजन, डीएफओ सूरज कुमार, एसडीओ संदीप मीणा और एएसपी प्रवीण पुष्कर ने पहुंचकर विधि व्यवस्था की जानकारी ली। समिति की ओर से इनका स्वागत किया गया।विजेताओं के नामफरसा एकल में प्रमोद चंद्रवंशी, प्रदीप राम, संतोष दास, फरसा सामूहिक में प्रकाश तुरी और संतोष तुरी, सुजीत और अजय तुरी, सूरज और विशाल, गदा में कृष्णा चौधरी, बबलू यादव, अंकित यादव, ननचक में दीपक यादव, रूपेश सिंह, सुजीत कुमार, भाला एकल में प्रकाश अंबेडकर, गुड्डू कुमार, राजू राणा, भाला सामूहिक में सिकंदर राणा औरधीरज राम, विशाल राम और सूरज राम, राहुल राम और कृष्णा राम, झांकी में असना बाद, महावीर झंडा समिति तिलैया बस्ती, बेला टांड़ अखाड़ा समिति, अनुशासन में गौतम बुद्ध नगर तिलैया बस्ती, लाठी सामूहिक में बच्चू यादव और बुच्चू यादव, भोला तुरी और संतोष तुरी, विकास, बालेश्वर और दीपक, तलवार एकल में अप्पू कुमार, संतोष कुमार, वरुण सिंह, तलवार सामूहिक में राजू एंड ग्रुप, दीपक एंड ग्रुप, सनी यादव, चीकू तुरी, बाना एकल में पप्पू यादव, दीपक यादव, अभिषेक तुरी, बाना सामूहिक में राजू राणा एंड ग्रुप, दीपक यादव एंड ग्रुप, विकास, पवन और आकाश को क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान मिला। रामनवमी झंडा महा समिति की ओर से सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।कार्यक्रम में मौजूद लोगकार्यक्रम में महासमिति के सचिव चंदन चक्रवर्ती, संजय यादव, रमेश सिंह, पंकल वर्णवाल, बालगोविंद मोदी, असंत सिंह, ओपी राय, राजेश सिंह, प्रकाश राम, अनिल कुमार, मिलन शाहाबादी समेत हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे।
टीम एबीएन, हजारीबाग/ रांची। चौपारण थाना क्षेत्र में हथिया बाबा के दनुवा घाटी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार तड़के लगभग साढ़े तीन बजे सरसों के तेल से लदे एक ट्रक में आग लग गयी। आग की वजह ट्रक में हुए शार्ट सर्किट को बताया जा रहा है।चौपारण थाना प्रभारी शंभूनंद ईश्वर ने बताया कि ट्रक पूरी तरह से जलकर राख हो गया। ट्रक चालक अख्तर को सुरक्षित निकाल लिया गया। यह ट्रक अलवर (राजस्थान) से कोलकाता जा रहा था। दमकल विभाग की मदद से आग बुझा दी गयी है। एहतियातन राजमार्ग की एक लेन को बंद कर दिया गया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.