पूजा उत्सव को भव्य रूप देने की तैयारी पूरी, लगेगा मेला टीम एबीएन, रांची। मेसरा स्थित प्राचीन मां रक्षा काली मंदिर में वार्षिक पूजा का आयोजन 19 अप्रैल को किया जायेगा। जानकारी देते हुए भगवान शेखर ने बताया कि 19 अप्रैल बुधवार को मंदिर में भव्य वार्षिक पूजा का आयोजन किया जायेगा। जिसमें आसपास के अलावा दूर दराज से हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होते है। उन्होंने बताया कि इस दिन रात को मां काली की विशेष पूजा अर्चना की जाती है। जिसके बाद मन्नत पूरा होने वाले श्रद्धालु मंदिर में बलि देते हैं। उन्होंने बताया कि वार्षिक पूजा के लिए तैयारियां जोरों पर है। पूजा वाले दिन मंदिर और आसपास के क्षेत्रों को बिजली और प्रकाश व्यवस्था से आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा। पूजा में शामिल होने आये बच्चों और श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए पास में ही मेला और झूला लगाया जाता है। ताकि पूजा के साथ साथ श्रद्धालु और उनके बच्चे मेला का भी आनंद ले सके।
राज्य में हर्षोल्लास मना भाजपा का 44वां स्थापना दिवस समारोह टीम एबीएन, रांची। भारतीय जनता पार्टी ने आज अपने स्थापना के 43 वर्ष पूरे कर लिये हैं। मौके पर झारखंड सहित पूरे देश भर में स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। पार्टी के 44वें स्थापना दिवस पर झारखंड प्रदेश भाजपा कार्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने पार्टी कार्यालय में ध्वजारोहण कर लोगों को स्थापना दिवस की बधाई दी।इस मौके पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया। जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संबोधित करते हुए कहा कि जब पार्टी 50 वां स्थापना दिवस मनायेगी तो उस समय देश बदला हुआ रहेगा। अंत्योदय का सपना साकार करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को आगे आना होगा। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के विचारों से भाजपा कार्यकर्ता आनंदित है और जब पार्टी का 50 वां स्थापना दिवस होगा तो उस समय नया भारत के रूप में देश दिखेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश की सेवा करने के लिए, भारत माता की सेवा करने के लिए कृत संकल्पित है। नर सेवा नारायण सेवा के साथ भारत माता का मान सम्मान देश दुनिया में बढ़े इसकी कामना करते हुए हम लोग प्रधानमंत्री के इस उद्बोधन से आत्मविभोर हैं। जब नए भारत के साथ हम भारतीय जनता पार्टी का 50वां स्थापना दिवस मनायेंगे तो देश में गरीबी नहीं होगी, भारत में कोई रोजगार के लिए परेशान नहीं होगा, भारत अंत्योदय के सपनों को साकार करेगा। स्थापना दिवस के मौके पर पार्टी कार्यालय में ध्वजारोहण के अलावा जिलाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष सहित भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ता अपने-अपने घरों पर पार्टी का ध्वज लगाते हुए दिखे। इसके अलावा प्रदेश अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष ने दीवार पर कमल निशान बनाया।इसके अलावा बूथों पर कई कार्यक्रम आयोजित किये गये। गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी का इतिहास जनसंघ से जुड़ा हुआ है। 21 अक्टूबर 1951 को दिल्ली में जनसंघ की स्थापना हुई थी। जबकि राजनीतिक दल के रूप में भाजपा का उद्भव 6 अप्रैल 1980 को हुआ था।
टीम एबीएन, रांची। टाइगर के नाम से मशहूर राज्य के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो का निधन गुरुवार को चेन्नई के एक अस्पताल में हो गया। कुछ ही दिन पहले उन्हें इलाज के लिए चेन्नई ले जाया गया था। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी। उनके निधन पर राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने शोक जताते हुए संवेदना प्रकट की है। उक्त कारण कैबिनेट की बैठक स्थगित हो सकती है
टीम एबीएन, रांची। सरकार पर नियोजन नीति के मुद्दे पर दबाव बनाने की कोशिश में जुटे विभिन्न छात्र संगठनों की नजर गुरुवार को होने वाली कैबिनेट की बैठक पर भी है। उन्हें उम्मीद है कि राज्य सरकार के द्वारा कैबिनेट की बैठक में छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए जरूर कुछ बड़ा फैसला लिया जायेगा। हालांकि छात्र नेताओं का मानना है की विधानसभा घेराव से पहले जिस तरह से छात्रों को बरगलाने की कोशिश सरकार के द्वारा की गयी वह इस बार नहीं होगा। राज्यभर के छात्र संगठित हैं और विधानसभा घेराव के दौरान हमने अपनी ताकत का एहसास सरकार को करा दिया है। यदि 60/40 का फार्मूला सरकार वापस नहीं लेती है तो 8 अप्रैल को सीएम आवास घेराव के दौरान ही पता चल जायेगा कि 10 अप्रैल को झारखंड बंद कैसा होगा।
इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की टीम हुई एक्टिवटीम एबीएन, गुमला। जिला पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए मगंलवार की आधी रात में एक यात्री बस से पांच बैग से पांच करोड़ बरामद किये हैं। इसक साथ ही एक शख्स को पुलिस ने पकड़ा है। इस मामले को लेकर जिला के पुलिस अधीक्षक डॉ एहतेशाम बताया कि देर रात व्यक्ति को बस से पकड़ा गया। जिसके बाद बरामद बैग को रात में ही दंडाधिकारी कि मौजूदगी में एक कमरे में सील कर दिया गया और इसकी जानकारी इनकम टैक्स डिपार्टमेंट को दी गयी। इस मामले में गुमला के पुलिस अधीक्षक डॉ एहतेशाम ने बताया कि उन्हें इस बारे में गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद उन्होंने हाइवे पर नाका लगाकर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान बस में एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। जब उससे पूछताछ की गयी तो उसने चार बड़े बैग और एक छोटे बैग को चिन्हित किया। इन बैग से पांच करोड़ कैश थे। कैश मिलने के बाद रांची में इनकम टैक्स विभाग को इसकी जानकारी दी गयी। उन्हें जैसे ही एक व्यक्ति के पास से पांच करोड़ मिलने की सूचना मिली वह एक्टिव हो गये। इसके साथ ही एक पांच सदस्यीय टीम इंवेस्टिगेशन के लिए गुमला पहुंच गयी।इस मामले में पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अभी पकड़े गये व्यक्ति से और पूछताछ की जा रही है। हालांकि उन्होंने ये जानकारी नहीं दी की गिरफ्त में आया व्यक्ति ने इस बात की जानकारी दी है या नहीं कि पैसे किसके हैं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जैसे ही इस मामले में कुछ सामने आयेगा उसे मीडिया से शेयर किया जायेगा।
टीम एबीएन, लातेहार/ रांची। भाजपा का जन चौपाल कार्यक्रम जिले के हेरहंज प्रखंड अंतर्गत आराहारा गांव में बुधवार को आयोजित हुआ। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान में झारखंड राज्य में भ्रष्टाचारियों की सरकार चल रही है। उन्होंने कहा कि जेएमएम यानी झारखंड मुद्रा मोचन पार्टी तथा भ्रष्ट कांग्रेस जनता को बरगलाकर सरकार बनाई और अपनी लूट नीति को जारी रखा। श्री दास ने कहा कि वर्तमान की सरकार ने चुनाव से पहले जनता से जो भी वादे किये थे उनमें से एक भी वादे पूरे नहीं किये। चाहे बेरोजगारों को रोजगार देने की बात हो, चाहे बेरोजगारी भत्ता देने की बात हो। सभी वादे धरे के धरे रह गये। उन्होंने कहा कि इस सरकार से किसी का भला होने वाला नहीं है। क्योंकि, इस सरकार में शामिल लोग गरीब जनता को इंसान ही नहीं समझते। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जब उनकी सरकार थी तो इसी प्रकार जन चौपाल लगाकर लोगों की समस्या सुनी जाती थी परंतु वर्तमान में हेमंत सोरेन की सरकार खतियान जोहार यात्रा निकालकर फर्जी विकास के आंकड़े गिना रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में सिर्फ कागज में विकास हो रहा है। पूर्व विधायक हरि कृष्ण सिंह और पूर्व विधायक प्रकाश राम समेत अन्य नेताओं ने भी आम लोगों को संबोधित किया और झारखंड सरकार पर कटाक्ष किया। इससे पहले जन चौपाल कार्यक्रम में उपस्थित आम लोगों ने पूर्व मुख्यमंत्री के समक्ष बारी बारी से अपनी समस्याओं को रखा, जिसमें प्रमुख रूप से सड़क, पुल-पुलिया, पेयजल, आवास आदि के मामले थे। कार्यक्रम में लातेहार विधानसभा के भारी संख्या में कार्यकर्ता और आमलोग उपस्थित थे।
टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग रांची में वैदिक महाहवन के साथ नए सत्र का शुभारंभ किया गया। नये सत्र के पहले दिन सभी कक्षा के विद्यार्थियों के पदार्पण से विद्यालय एक बार फिर से गुलजार नजर आया। छोटे-छोटे बच्चों के चेहरों पर विद्यालय आने की खुशी साफ झलक रही थी। साथ ही शिक्षकगण भी विद्यार्थियों के स्वागत के लिए उत्साहित दिखाई दिया। इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण में बच्चों के स्वागत के लिए विशेष सजावट की गयी। आज कक्षा एल केजी के विद्यार्थियों के विद्यालय में पदार्पण का पहला दिन भी था।वे अपने अभिभावकों के साथ विद्यालय के माहौल से परिचित हुए। शिक्षिकाओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। विद्यालय के प्राचार्य श्री संजय कुमार मिश्रा ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके और उनके परिवार के स्वस्थ, सुखमय तथा सफल जीवन की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन का महत्त्व बताते हुए स्वाध्याय करने की सलाह दी।साथ ही विद्यालय के नियमों का पालन करने का निर्देश दिया। विद्यालय की सुपरवाइजरी प्रमुख श्रीमती राजश्री मिश्रा ने भी बच्चों का स्वागत करते हुए उन्हें नियमित रूप से पढ़ाई करने तथा समय का सदुपयोग करने की राय दी।सत्र का पहला दिन उत्साहपूर्वक व्यतीत हुआ।
स्वतंत्रता सेनानी रघुनाथ महतो के नाम पर मुरी स्टेशन का नामकरण करने का किया आग्रह टीम एबीएन, सरायकेला/ रांची। दक्षिण पूर्वी रेलवे के मुरी प्रमंडल के मुरी रेलवे स्टेशन का नाम अमर स्वतंत्रता सेनानी वीर शहीद रघुनाथ महतो के नाम पर करने को लेकर रांची के सांसद संजय सेठ ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्वनी वैष्णव से मुलाकात की। इस दौरान सांसद श्री सेठ ने केंद्रीय रेल मंत्री को एक आग्रह पत्र भी सौंपा। सांसद ने रेल मंत्री को बताया कि रघुनाथ महतो का जन्म सरायकेला खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड में हुआ था। अपना गांव अपना राज, दूर भगाओ विदेशी राज के नारे के साथ रघुनाथ महतो ने स्वतंत्रता आंदोलन को नई धार दी थी। उनके इस नारे के साथ ही आसपास के सैकड़ों गांव के लोग ब्रिटिश सरकार के खिलाफ उठ खड़े हुए थे। इस आंदोलन के कारण ब्रिटिश सरकार और उसके अधिकारियों को अपने सत्ता संचालन में कई बार परेशानियों का सामना करना पड़ा था। रघुनाथ महतो क्षेत्र के महापुरुष के रूप में सभी समाज के लोगों के बीच आदरणीय है। 1769 से 1778 तक रघुनाथ महतो के नेतृत्व में लोगों ने स्वतंत्रता के लिए खूब संग्राम किया था। यह अट्ठारह सौ सत्तावन की क्रांति से लगभग एक 100 साल पहले की बात है। रघुनाथ महतो सिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान अंग्रेजी सरकार के सिपाहियों की गोली से बलिदान हो गये। सांसद श्री सेठ ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि यह पूरा क्षेत्र सहित पूरा राज्य रघुनाथ महतो जी को आदर्श पुरुष मानता है। उन्होंने 1857 की क्रांति से पहले ही झारखंड के बड़े जनमानस को अंग्रेजो के खिलाफ खड़ा करने और संघर्ष करने के लिए प्रेरित किया। इसलिए ऐसे प्रेरणा पुरुष के नाम पर आजादी के अमृत काल में मुरी रेलवे स्टेशन का नाम करण करें, यह आजादी के महानायक रघुनाथ महतो के प्रति देश की सच्ची श्रद्धांजलि होगी।केंद्रीय मंत्री से मुलाकात के बाद सांसद ने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और सकारात्मक पहल करने की बात कही है। सांसद ने यह भी बताया इस मामले में राज्य सरकार की भूमिका महत्वपूर्ण होती है, इसलिए राज्य सरकार से आग्रह है कि इस मुद्दे पर गंभीरता के साथ भारत सरकार को अविलंब प्रस्ताव भेजें।
टीम एबीएन, लोहरदगा। कोरोनाकाल के बाद पूरी तरह से हज लगे प्रतिबंध और भारत सरकार और सऊदी सरकार के मोहादे पर इस बार पूरे भारत से हज कोटा बढ़ा दी गयी है। साथ ही इस बार झारखंड से भी तकरीबन साढ़े तीन हजार आजमीन हज के लिए फार्म दाखिल किया गया है। लोहरदगा के हज कमिटी के संयोजक मास्टर हाजी हासिम ने बताया की इस बार लोहरदगा से लगभग पैंतालीस पुरुष महिलाएं हज का दरखास्त भरें और ये बड़ी खुशी की बात है कि सभी का दरखास्त को मंजूर हज कमेटी झारखंड कर लिया है। हाजी हासिम ने आगे बताया कि लोहरदगा में अब तक तीन प्रशिक्षण दी जा चुकी है। इस बार वही हज जा सकते हैं जिन्होंने कोरोना के दोनों डोज लगवा लिया हो। साथ ही स्वस्थ हो। इसी कड़ी में बुधवार को होटल सफा अमला टोली में सभी हज पर जाने वाले हाजियों की स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित की गयी। लोहरदगा सदर अस्पताल की ओर से डॉक्टर एसएस खालिद तथा सहायक के रूप में डॉक्टर अकरम, स्वास्थ कर्मी मो इरफान ने किये। मौके पर हाजी अली मास्टर अशरफ खान, रोजामत अंसारी, रुस्तम अंसारी, सोएब अख्तर, इब्राहिम खलीफा, सोहैल अहमद नुसरत अंसारी मुबारक अंसारी मोइन अंसारी, नीलोफर खुर्शीद, सालेहा खातून, मोमिना खातून आदि मौजूद थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.