धनबाद : कतरास क्षेत्र में भू-धंसान के खिलाफ आंदोलन की तैयारीएबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। कतरास क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे भुधँसान के विरोध में कतरास क्षेत्र की आम जनता ने कतरास राजगंज रोड में एक बैठक की। बैठक में कतरास बचाओ संघर्ष मोर्चा के बैनर तले लोगों ने कतरास बचाने को लेकर संघर्ष का आह्वान किया। इस मौके पर लोगों कहा कि कतरास की जनता गांधीवादी तरीके से सरकार, बीसीसीएल, डीजीएमएस के खिलाफ आंदोलन करेगी, अगर कतरास के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे भूधसान और अवैध कोयला उत्खनन नहीं रोका गया तो कतरास की जनता बीसीसीएल 12 क्षेत्रों के उत्पादन को ठप करने का काम करेगी।इस मौके पर प्रदीप पांडे, प्रकाश गुप्ता, चुन्ना यादव, राजकुमार मधु , मनोज गुप्ता, मो अमान, विनय कृष्ण गुप्ता, सुरेश शर्मा, अरुण साव, विनोद शर्मा, मनोज गुप्ता, देवानंद बर्मन, प्रेम गुप्ता, महबूब आलम, शैलेश गुप्ता, रितेश गुप्ता, सुनील माकन, सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे। बैठक की अध्यक्षता प्रदीप पांडे और संचालन चुन्ना यादव ने किया।
पाँच दिन बाद सदर अस्पताल से डिस्चार्ज हुए देवेन्द्र नाथ महतो कहा— शरीर थक चुका है, लेकिन छात्रों के भविष्य की लड़ाई कमजोर नहीं पड़नी चाहिएटीम एबीएन, रांची। JPSC-JSSC में निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती व्यवस्था की मांग को लेकर लंबे समय से सत्याग्रह, धरना, भूख हड़ताल, विधानसभा घेराव एवं 24 जिला भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा जैसे आंदोलनों का नेतृत्व कर रहे देवेन्द्र नाथ महतो को स्वास्थ्य में गंभीर कमजोरी के कारण 13 सितंबर 2026 को सदर अस्पताल, रांची में भर्ती कराया गया था। पाँच दिनों तक चिकित्सकीय निगरानी एवं उपचार के बाद आज 17 सितंबर 2026 को उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।चिकित्सकों के निर्देश के अनुसार लंबे समय तक नियमित खान-पान एवं पर्याप्त आराम नहीं मिलने के कारण उनके शरीर में अत्यधिक थकान और कमजोरी उत्पन्न हुई है। शरीर को आवश्यक पोषक तत्वों, विटामिन एवं मिनरल्स की कमी के साथ-साथ लिवर फंक्शन एवं पाचन तंत्र को पर्याप्त सपोर्ट नहीं मिल पाने के कारण उन्हें विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।चिकित्सकों ने नियमित उपचार, पर्याप्त आराम एवं समय पर संतुलित खान-पान का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है। कैल्शियम एवं विटामिन-D की कमी के कारण नसों एवं मांसपेशियों में जकड़न और खिंचाव की समस्या भी बताई गई है। विशेष रूप से दाहिने पैर, दाहिनी पीठ एवं दाहिने कंधे में जकड़न और खिंचाव की शिकायत बनी हुई है। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि अभी भी शरीर में काफी कमजोरी है। फिलहाल मैं मुख्य रूप से खिचड़ी जैसे हल्के भोजन पर हूँ और अन्य भोजन लेने पर पाचन में परेशानी हो रही है। डॉक्टरों ने नियमित उपचार, आराम और खान-पान को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए हैं। मैं चिकित्सकों के निर्देशों का पूरी तरह पालन करूंगा और आवश्यकता पड़ने पर पुनः चिकित्सकों से परामर्श लूंगा।देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि लंबे समय से छात्रों, अभ्यर्थियों और झारखंड के आदिवासी-मूलवासी, गरीब, किसान-मजदूर परिवारों के बच्चों के भविष्य और उनके हक-अधिकार के लिए संघर्ष करते-करते मेरा शरीर थक चुका है और बीमारी ने मुझे घेर लिया है। लेकिन अस्पताल के बिस्तर पर रहते हुए भी मेरे मन में लगातार यही चिंता बनी रही कि छात्रों के भविष्य और उनके अधिकार की लड़ाई कमजोर नहीं पड़नी चाहिए।साथ ही उन्होंने आगे कहा कि भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्षता के लिए छात्रों एवं अभ्यर्थियों का संघर्ष हर कठिन परिस्थिति में लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहना चाहिए। स्वास्थ्य संबंधी चिकित्सकीय निर्देशों का पालन करते हुए वे आगे की दिशा में आवश्यक कदम उठाएंगे।देवेन्द्र नाथ महतो ने यह भी कहा कि यह संघर्ष किसी एक व्यक्ति का संघर्ष नहीं है, बल्कि उन लाखों युवाओं और अभ्यर्थियों के भविष्य का सवाल है जो अपनी मेहनत और योग्यता के आधार पर निष्पक्ष भर्ती व्यवस्था की उम्मीद रखते हैं।अंत में उन्होंने अपने स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना, दुआ और शुभकामनाएं देने वाले झारखंडवासियों, छात्रों-छात्राओं, अभ्यर्थियों, माताओं-बहनों, युवाओं, साथियों एवं सभी शुभचिंतकों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
धनबाद : गोधर गंसाडिह में संचालित लोहा गोदाम की लाइसेंस जांच की मांगएबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। केन्दुआडीह क्षेत्र अंतर्गत गोधर गंसाडिह में बड़े पैमाने पर संचालित लोहा गोदाम की लाइसेंस की निष्पक्ष जांच की मांग की। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने सोशल मीडिया फॉर x पर झारखंड सरकार, झारखंड पुलिस, धनबाद पुलिस, सीआईएफ को ट्वीट कर गोदाम की वैधता और लाइसेंस की जांच कराने की मांग की है।रत्नेश कुमार ने अपने ट्वीट में सवाल उठाते हुए कहा कि गोधर गंसाडिह में संचालित लोहा गोदाम अवैध रूप से चल रहा है या वैध रूप से, इसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि गोदाम में बड़े पैमाने पर अवैध तरीके से लोहा खपाया जाता है। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर गोदाम के लाइसेंस, संचालन की वैधता तथा वहां हो रहे लोहे के कारोबार की जांच कराने की मांग की है।
धनबाद : पिलर कटाई की सूचना पर CISF की तुरंत कार्रवाई, रानी बाजार में पुराने मुहाने की भराईएबीएन न्यूज नेटवर्क, कतरास (धनबाद)। बीसीसीएल एरिया-4 के रानी बाजार इलाके में जमीन के नीचे कथित रूप से पिलर कटाई की सूचना मिलते ही CISF ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर जांच की। सूचना मिलते ही CISF की टीम रानी बाजार पहुंची और पुराने मुहाने समेत आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया।मामला कतरास थाना क्षेत्र के सलानपुर 10 नंबर सीम, गुहीबांध–बालू बैंकर क्षेत्र से जुड़े पुराने मुहाने का है। बताया जा रहा है कि यह मुहाना करीब 25 वर्षों से बंद था। भूमिगत पिलर कटाई की आशंका को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों को आवेदन देकर जांच की मांग की थी हालांकि ग्रामीणों से पहले CISF को सूचना पहले ही मिल चूका था!सूचना को गंभीरता से लेते हुए CISF जवानों ने मौके पर पहुंचकर मुहाने और आसपास के क्षेत्र की जांच-पड़ताल की। जांच के बाद पुराने मुहाने की तत्काल भराई कर दी गई। रानी बाजार घनी आबादी वाला इलाका है। ऐसे में भूमिगत खनन गतिविधियों की किसी भी आशंका को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि आबादी वाले क्षेत्रों में ऐसे संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी और समय-समय पर जांच जरूरी है।CISF की त्वरित कार्रवाई और पुराने मुहाने की भराई से इलाके में अवैध खनन की गतिविधियों पर रोक लगाने का संदेश गया है। कार्रवाई के दौरान CISF एवं BCCL के कर्मी मौके पर मौजूद रहे।
बेटे को जन्म देने के कुछ घंटे बाद महिला दारोगा की मौतपुलिस महकमे में शोक की लहरटीम एबीएन, रांची। 2018 बैच की महिला दारोगा सुमित्रा कच्छप का इलाज के दौरान निधन हो गया। सुमित्रा कच्छप की पोस्टिंग गिरिडीह जिला बल में थी और वर्तमान में उन्हें झारखण्ड हाईकोर्ट, राँची में गिरिडीह जिला बल के कोर्ट नोडल पदाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया था। सबसे दुखद बात यह है कि सुमित्रा ने मंगलवार सुबह ही राँची के तुपुदाना स्थित राजेंद्र नर्सिंग होम में ऑपरेशन के जरिए एक बेटे को जन्म दिया था। बच्चे के जन्म की खुशी अभी परिवार ने ठीक से महसूस भी नहीं की थी कि देर रात उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए तत्काल दूसरे अस्पताल ले जाया गया।
वज्रपात और सड़क हादसे में 3 लोगों की मौत पर इंटक अध्यक्ष आलोक साहू ने जताया शोकपरिजनों को 4-4 लाख मुआवजा दिलाने का दिया भरोसा - सदर अस्पताल की लापरवाही पर जताई गहरी नाराजगीएबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। हेसल डंपिंग यार्ड में कार्यरत मजदूर अयूब अंसारी, कोयली उरांव आकाशी ग्राम का ब्रजपात से एवं जीतन साहू ग्राम मुंडो का गाड़ी से दुर्घटना में मौत हो गई।सूचना मिलते ही लोहरदगा जिला इंटक के अध्यक्ष सह माननीय सांसद सुखदेव भगत के निजी सचिव आलोक कुमार साहू तत्काल सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की। मौके पर मौजूद सांसद स्वास्थ्य प्रतिनिधि सोनू कुरैशी एवं श्री साहू ने जल्द से जल्द शवों का पोस्टमार्टम करवाया तथा शवों को ले जाने के लिएएंबुलेंस का व्यवस्था करवाया। मौके परआलोक कुमार साहू जी ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। मजदूर के साथ दो और व्यक्तियों के भी मृत्यु हो गई है। सांसद श्री सुखदेव भगत के प्रयास से सरकारी प्रावधान के अंतर्गत सभी मृतकों के परिवार को 4-4 लाख रुपये का मुआवजा दिलाया जाएगा।श्री साहू ने बताया कि अयूब अंसारी का शव कल 4 बजे ही अस्पताल आ गया था, लेकिन अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही के कारण कल उनका पोस्टमार्टम नहीं हो पाया। इस पर उन्होंने सिविल सर्जन से फोन पर बात कर गहरी नाराजगी व्यक्त की और कहा कि अगर अस्पताल तत्काल कार्रवाई करता तो पोस्टमार्टम कल ही हो जाता और गरीब परिवार को इतना इंतजार नहीं करना पड़ता। इसी दौरान उन्होंने अस्पताल की एक और लापरवाही को उजागर किया। चट्टी गांव के एक गरीब व्यक्ति को कुत्ते ने काट लिया था, लेकिन सदर अस्पताल में एंटी रेबीज वैक्सीन नहीं होने के कारण उसे बाहर मेडिकल दुकान से महंगी दवा खरीदनी पड़ी।श्री साहू ने सिविल कहा दवा नहीं रहने के कारण हमारी सरकार की बदनामी हो रही है, जिसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।आप तुरंत दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें। इस अवसर पर सांसद स्वास्थ्य प्रतिनिधि सोनू कुरैशी, भंडरा सांसद प्रतिनिधि विजय चौहान, कांग्रेस नेता रफीक अंसारी, मुखिया सुरेंद्र उरांव सहित कई लोग उपस्थित थे।
संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के तीसरे दिन कैडेटों ने सीखा योगसैन्य प्रशिक्षण और प्राथमिक उपचार के गुरएबीएन न्यूज नेटवर्क, कोडरमा। बागीटांड़ स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कोडरमा परिसर में ग्रुप मुख्यालय हजारीबाग के अंतर्गत 45 झारखंड बटालियन एनसीसी, कोडरमा के तत्वावधान में कमांडिंग ऑफिसर पारस लिंबू कीर्ति चक्र के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के तीसरे दिन की शुरुआत एनसीसी गीत एवं योग सत्र से हुई। जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं पॉलिटेक्निक संस्थानों से आए करीब 600 एनसीसी कैडेटों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।योग सत्र में कोडरमा के प्रसिद्ध योग गुरु प्रदीप सुमन एवं योगाचार्या सुषमा सुमन ने कैडेटों को कपालभाति, अनुलोम-विलोम सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। उन्होंने स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन के लिए नियमित योग को आवश्यक बताया।बटालियन के सूबेदार मेजर जी के चौधरी एवं ट्रेनिंग जेसीओ बलविंदर सिंह ने योग प्रशिक्षकों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया।सैन्य प्रशिक्षण के तहत कैडेटों को राइफल फायरिंग एवं विभिन्न फायरिंग पोजीशन, एयर पिस्टल फायरिंग तथा ड्रिल का अभ्यास कराया गया। फायरिंग का प्रशिक्षण सूबेदार चंपा मुरमू तथा ड्रिल का प्रशिक्षण सूबेदार सुमेर सिंह एवं दीपक महतो द्वारा दिया जा रहा है।कोडरमा सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. संदीप कुमार ने कैडेटों को सांप एवं कुत्ते के काटने तथा जलने की स्थिति में प्राथमिक उपचार के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने सीपीआर का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया। बटालियन के ट्रेनिंग एनसीओ सुधीर मिश्रा ने हथियारों के रखरखाव एवं उनके विभिन्न पार्ट्स की जानकारी दी तथा कैडेटों को वॉलीबॉल प्रतियोगिता का अभ्यास कराया।शिविर के डिप्टी कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट संतोष कुमार, लेफ्टिनेंट चंदन कुमार दुबे, लेफ्टिनेंट डॉ. विजेंद्र कुशवाहा, लेफ्टिनेंट राधिका एवं गर्ल्स कैडेट इंस्ट्रक्टर शिवानी शर्मा के मार्गदर्शन में हिंदी कविता, सांस्कृतिक नृत्य, संगीत एवं ड्राइंग प्रतियोगिताओं का अभ्यास कराया जा रहा है।वहीं प्रधान सहायक राजेश कुमार, सहायक रणधीर कुमार, सहायक सिद्धार्थ कुमार, सहायक दिग्विजय कुमार एवं एलडीसी सोहित कुमार सिंह द्वारा शिविर से संबंधित दस्तावेजी एवं प्रशासनिक कार्यों का निष्पादन किया जा रहा है। शिविर के सफल संचालन में बटालियन के सभी प्रशिक्षण एवं प्रशासनिक कर्मचारी सक्रिय योगदान दे रहे हैं।
कोडरमा : चंद्रवंशी महासभा इन्दरवा बस्ती के बैठक में कई निर्णयएबीएन न्यूज नेटवर्क, झुमरी तिलैया। अखिल भारतवर्षीय क्षत्रिय चन्द्रवंशी महासभा इन्दरवा बस्ती ईकाई वार्ड नं0 04 और 05 के महिला अध्यक्ष मुन्नी देवी के आवासीय कार्यालय में आयोजित की गई। इस अवसर पर मुन्नी देवी किसी भी समाज में युवा रीढ का काम करते हैं और सामाजिक ताना बाना बुनने एवं समाज के आयी बुराईयों को दुर करने के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर करने की जरूरत है। इस अवसर पर अखिल भारतवर्षीय क्षत्रिय चन्द्रवंशी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह चंद्रवंशी धनबाद को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। मौके पर उन्होनें कहा कि आज समाज में फैली बुराईयों के प्रति युवाओं को आगे आने की जरूरत है। समाज में महिलाओं का सम्मान के साथ -साथ शिक्षा के क्षेत्र में बच्चे पठन पाठन के क्षेत्र में कैसे आगे बढे इसके लिए समाज के बुजुर्गो के साथ-साथ सभी सोचने की जरूरत है। समाज में सुख-दुःख में संगठन के लोगों को आगे आने की जरूरत है ताकि समय रहते समस्या का समाधान हो सके। मौके पर नगर अध्यक्ष वार्ड पार्षद सोनु चंद्रवंशी, कोडरमा चंद्रवंशी, राजेश चंद्रवंशी, जिला सचिव सुधीर चंद्रवंशी के अलावा अध्यक्ष जयदीप चंद्रवंशी, उपाध्यक्ष सन्नी चंद्रवंशी, सचिव प्रदीप चंद्रंवंशी, कोषाध्यक्ष धीरज चद्रंवशी, महिला सचिव आरती कुमारी के अलावा पवन चंद्रवंशी, राजकुमार चंद्रवंशी, देव चद्रवंशी, महेश राम चद्रंवशी, बालमुकुद राम, अशोक चद्रवंशी बालेश्वर राम, संतोष चंद्रवंशी, अरूण चंद्रवंशी, ज्योतिष चंद्रवंशी, दिलीप चंद्रवंशी, राजकुमार राम, राजु राम, सचिन चंद्रवंशी, आशीष रवानी सहित महिलाएं उपस्थित थे।
आपदा की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा रहना और उन्हें हरसंभव मदद पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है : रोहित उरांव एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। जिले में वज्रपात की घटना की जानकारी मिलते ही युवा नेता रोहित उरांव तत्काल सदर अस्पताल पहुंचे। वज्रपात से मृतक अयूब अंसारी के परिजनों से मुलाकात कर उन्होंने घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। वहीं, गंभीर रूप से घायल पूर्णिमा कुजूर के इलाज की जानकारी चिकित्सकों से ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.