झारखंड: रेलवे स्टेशन के पास आरपीएफ जवान का सिर कटा शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस टीम एबीएन, रांची। झारखंड की राजधानी रांची के नामकुम रेलवे स्टेशन के पास आज सुबह एक आरपीएफ जवान का सिर कटा हुआ शव बरामद हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच की बताई जा रही है। जवान वर्दी में था और उसका सिर धड़ से अलग मिला। शव के पास उसका बैग भी बरामद हुआ है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरपीएफ जवान की मौत ट्रेन से कटकर होने की आशंका जतायी जा रही है। हालांकि अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि यह हादसा था या आत्महत्या। अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक जवान की पोस्टिंग महज तीन दिन पहले ही सुइसा से नामकुम रेलवे स्टेशन पर की गई थी। पोस्टिंग के कुछ ही दिनों बाद इस तरह की घटना सामने आने से रेलवे विभाग में भी शोक की लहर है। फिलहाल मृतक जवान की पहचान सार्वजनिक नहीं की गयी है। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। हालांकि मामले को लेकर पूछे जाने पर रेलवे पुलिस ने फिलहाल कोई विस्तृत जानकारी देने से इनकार कर दिया। पुलिस ने जवान के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। परिवार में भी इस खबर के बाद मातम पसरा हुआ है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि यह मामला दुर्घटना का है या आत्महत्या का। रेलवे पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमाटर्म रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पायेगा। हाल ही में हुआ था तबादला रांची जिले में गुरुवार को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के 32 वर्षीय जवान की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गयी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह घटना गुरुवार तड़के नामकुम रेलवे स्टेशन के पास हुई। मृतक की पहचान राजेश कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार के बेगूसराय जिले के निवासी थे। रांची स्थित रेलवे सुरक्षा बल थाने के प्रभारी शिशुपाल कुमार ने कहा, प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि जवान की मौत ट्रेन से कटने के कारण हुई। उनका हाल ही में पश्चिम बंगाल के सुइसा रेलवे स्टेशन से तबादला हुआ था और उन्होंने 14 मई को नामकुम स्टेशन पर कार्यभार संभाला था। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, कतरास/धनबाद। कतरास क्षेत्र के तिलाटांड बारूद घर के समीप बड़े पैमाने पर अवैध कोयला कारोबार चलाया जा रहा है। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिलाध्यक्ष रत्नेश कुमार ने झारखंड सरकार, विधायक रागिनी सिंह, विधायक सरयू राय, झारखंड पुलिस एवं धनबाद पुलिस को ट्वीट कर इस अवैध कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। रत्नेश कुमार ने आरोप लगाया है कि कोयला तस्करों द्वारा तिलाटांड में अवैध कोयला डिपो संचालित कर कोयला का अवैध कारोबार चलाया जा रहा है जहां बीसीसीएल के बंद पड़े मुहानों एवं विभिन्न डंपों से मोटरसाइकिल के माध्यम से चोरी का कोयला लाकर भंडारण किया जाता है। इसके बाद मजदूरों की सहायता से कोयले को ट्रकों में लोड कर बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में भेजा जाता है। प्रतिदिन कई ट्रकों में कोयला भरकर बाहर भेजा जा रहा है, जिससे बीसीसीएल और सरकार के राजस्व को भारी नुकसान हो रहा है। पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चचार्ओं का का विषय बना हुआ है कि आखिर इन कोयला माफियाओं को किसका संरक्षण प्राप्त है, जिसके बल पर खुलेआम अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है। अवैध कोयला कारोबार के वजह से धनबाद एसएसपी महोदय ओर थाना प्रभारी की भी छवि धूमिल हो रहा है। रत्नेश कुमार ने संबंधित अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा अवैध कोयला कारोबार पर अंकुश लगाने की मांग की है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, रांची/ जमशेदपुर। राजधानी रांची स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रदेश कार्यालय पर पेट्रोल बम से हुए हमले की पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह हमला केवल आरएसएस कार्यालय पर नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद पर हमला है। बम नहीं फटने से एक बड़ी दुर्घटना टल गयी, अन्यथा जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट बैंक और तुष्टिकरण की राजनीति से ऐसे तत्वों का मनोबल बढ़ रहा है। साथ ही राज्य में बांग्लादेशी घुसपैठ को भी गंभीर चिंता का विषय बताया। कहा कि इस तरह की घटनाएं राज्य की सुरक्षा के लिए खतरा हैं। उन्होंने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
आरएसएस मुख्यालय पर हमले की कड़ी निंदा, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग टीम एबीएन, रांची। विश्व हिंदू परिषद सेवा विभाग के प्रांतीय प्रवक्ता संजय सर्राफ ने रांची के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के मुख्य कार्यालय पर अपराधियों द्वारा कथित रूप से पेट्रोल बम से किए गए हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने इस घटना को कायरतापूर्ण, निंदनीय एवं कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बताया है। संजय सर्राफ ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एक सामाजिक एवं राष्ट्रहित के कार्यों में समर्पित संगठन है। ऐसे संगठन के कार्यालय पर हमला लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सौहार्द पर सीधा प्रहार है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं राज्य में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था की कमजोरी को उजागर करती हैं।उन्होंने झारखंड सरकार से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा घटना में शामिल सभी दोषियों को अविलंब गिरफ्तार कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाये। उन्होंने कहा कि यदि अपराधियों के विरुद्ध सख्त कदम नहीं उठाये गये तो असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ेगा। संजय सर्राफ ने कहा कि झारखंड में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार चिंताजनक होती जा रही है। उन्होंने प्रशासन से राज्य में शांति, सुरक्षा और नागरिकों के विश्वास को बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की तथा दोषियों को शीघ्र न्याय के कटघरे में लाने की मांग दोहरायी।
सांसत में अटकी रही 8 लोगों की जान एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। मैथन डैम में एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब पर्यटकों से भरी एक नाव पानी के भीतर मौजूद चट्टान से टकराने के बाद डूबने लगी। नाव पर सवार दो बच्चों समेत करीब 8 लोग कुछ ही पलों में मुश्किल में फंस गये, लेकिन पास से गुजर रहे स्पीड बोट चालक ताजुद्दीन ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस घटना ने एक बार फिर डैम में सुरक्षा व्यवस्था और घटते जलस्तर के कारण बढ़ रहे जोखिम की ओर ध्यान खींचा है। नाव का निचला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था मिली जानकारी के अनुसार बंगाल के मजूमदार निवास घाट से सबुज दीप की ओर जा रही पर्यटकों से भरी नाव अचानक पानी के भीतर मौजूद एक बड़े पत्थर से टकरा गयी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नाव का निचला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें तेजी से पानी भरने लगा। कुछ ही देर में नाव डूबने की स्थिति में पहुंच गयी, जिससे सवार पर्यटकों में अफरा-तफरी मच गयी। स्पीड बोट चालक ताजुद्दीन की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टला उधर, बाबू बोट घाट के स्पीड बोट चालक ताजुद्दीन की नजर जैसे ही डूबती हुई नाव पर पड़ी, उन्होंने बिना देर किये अपनी स्पीड बोट घटनास्थल की ओर मोड़ दी। खतरे की परवाह किये बिना उन्होंने एक-एक कर सभी पर्यटकों को अपनी नाव में बैठाया और सुरक्षित किनारे तक पहुंचाया। उनकी त्वरित कार्रवाई और बहादुरी के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। डैम का जलस्तर लगातार हो रहा है कम घटना की खबर मिलते ही डैम किनारे लोगों की भीड़ जमा हो गयी। स्थानीय नाविकों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से डैम का जलस्तर लगातार कम हो रहा है। इसकी वजह से कई बड़े पत्थर अब पानी के करीब या ऊपर दिखाई देने लगे हैं, जिससे बोटिंग के दौरान दुर्घटना की संभावना बढ़ गयी है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि डैम के खतरनाक हिस्सों को चिह्नित कर चेतावनी बोर्ड लगाये जायें और नौकायन के लिए अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किये जायें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
धनबाद के मेयर संजीव सिंह बोले- सनातन का झंडा कभी नहीं झुकने देना है, विष उत्पन्न होगा तो भगवान भोले फिर पीने आयेंगे यहां जितने भी लोग आए हैं आप लोग हनुमान की तरह काम करें माटीगढ़ में श्री श्री 108 रुद्र महायज्ञ एवं शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन एबीएन न्यूज नेटवर्क, बाघमारा (धनबाद)। माटीगढ़ स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर में श्री श्री 108 रुद्र महायज्ञ सह श्री श्री शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य आयोजन 17 जून से 23 जून 2026 तक किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ 17 जून (बुधवार) को कलश यात्रा, पंचांग पूजन, मंडप प्रवेश, वेदी पूजन एवं पाठ आरंभ के साथ हुआ। इसके बाद प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, हवन, अधिवास एवं संध्या आरती का आयोजन किया जायेगा। आयोजन समिति के अनुसार 18 जून को जलाधिवास, 19 जून को अन्नाधिवास, 20 जून को फलाधिवास, शर्कराधिवास एवं पुष्पाधिवास, 21 जून को माध्वाधिवास, घटाधिवास, महा स्नान एवं नगर भ्रमण तथा 22 जून को वेदी पूजन के साथ मिथुन लग्न में प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होगी। महोत्सव का समापन 23 जून (मंगलवार) को सामूहिक हवन, नवकुमारी कन्या पूजन, पूर्णाहुति एवं भव्य भंडारे के साथ होगा। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में श्रद्धालुओं के बीच उत्साह का माहौल है। इस धार्मिक आयोजन में आचार्य प्रकाश चन्द्र पांडेय यज्ञाचार्य के रूप में तथा देवी ज्योति शास्त्री जी कथा वाचक के रूप में अपनी सेवाएं प्रदान कर रही हैं। धनबाद नगर निगम के मेयर संजीव सिंह ने इस मौके पर कहा सनातन का झंडा कभी नहीं झुकने देना है विष उत्पन्न होगा तो भगवान भोले पीने का काम करेंगे, यहां जितने भी लोग आए हैं आप लोग हनुमान की तरह काम करें। आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से महायज्ञ एवं प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल होकर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है। पग पवित्र तीर्थ किये, धन पवित्र दिये दान। मुख पवित्र हरि भजन से, होत विविध कल्याण॥
रांची स्थित संघ कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने का प्रयास, बाबूलाल मरांडी ने कहा- यह बेहद गंभीर मामला टीम एबीएन, रांची। रांची में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने का प्रयास किया गया। हालांकि, इस घटना में किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रांची पुलिस के अनुसार, अज्ञात लोगों ने आरएसएस कार्यालय को निशाना बनाते हुए पेट्रोल बम फेंके। समय रहते स्थिति नियंत्रण में रहने के कारण कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि सुबह करीब दो व्यक्तियों ने आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंके। उनके अनुसार, आरोपी एक कार से आये थे और उनके साथ मोटरसाइकिल सवार लोग भी मौजूद थे।
डीजीपी को पत्र लिखकर कार्यवाई की मांग एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। तेतुलमारी क्षेत्र स्थित गंडुवा कोढ़िया बस्ती में कथित रूप से संचालित अवैध कोयला कारोबार को लेकर अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिलाध्यक्ष रत्नेश कुमार ने झारखंड के डीजीपी को शिकायत पत्र भेजकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि तेतुलमारी क्षेत्र के गंडुवा कोढ़िया बस्ती में बड़े पैमाने पर अवैध कोयला डिपो संचालित कर अवैध कोयला कारोबार चलाया जा रहे हैं। जहां मोटरसाइकिल, स्कूटर और अन्य वाहनों से कोयला पहुंचाया जाता है तथा बाद में ट्रक और हाईवा के माध्यम से बिहार, पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों में भेजा जाता है। रत्नेश कुमार ने कहा कि इस अवैध कारोबार से बीसीसीएल और राज्य सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है। धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा अवैध कोयला कारोबार एवं तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है, इसके बावजूद कोयला माफिया प्रशासन की आंखों में धूल झोंककर तेतुलमारी गंडुवा कोढ़िया बस्ती इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध डिपो संचालित कर अवैध कोयला कारोबार चलाया जा रहा है जिससे थाना प्रभारी ओर एसएसपी की भी छवि धूमिल हो रहा है। आखिर ये कोयला माफिया पर किसका संरक्षण प्राप्त है जो खुलेआम कोयला कारोबार चला रहे है ओर कोई कार्रवाई भी नहीं हो रहा है। पत्र में मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा अवैध कोयला कारोबार पर रोक लगाने की मांग की गई है।
रांची सिटीजन फोरम ने सभी 53 वार्ड पार्षदों से मुलाकात कार्यक्रम के तहत उनको उनके वार्ड की विभिन्न समस्याओं खासकर रांची शहरी क्षेत्र में लगातार हो रहे जल जमाव की समस्या के समाधान हेतु ज्ञापन सौंपा साथ ही सभी नवनिर्वाचित वार्ड पार्षदों को अंग वस्त्र देकर उनकी जीत के लिए बधाई दी टीम एबीएन, रांची। सभी वार्ड पार्षदों को रांची सिटीजन फोरम द्वारा चर्चा, संवाद एवं जागरूकता के माध्यम से सकारात्मक सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया गया, ताकि सहभागिता का अवसर प्राप्त हो, जिसका लाभ सभी 53 वार्ड क्षेत्रों की आम जनता को प्राप्त हो सके। दिनांक 16.06.2026 से रांची सिटीजन फोरम अध्यक्ष दीपेश निराला की अध्यक्षता में अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ रांची नगर निगम के कुल 53 वार्ड क्षेत्र अंतर्गत सभी 53 नवनिर्वाचित वार्ड पार्षदों से मुलाकात के क्रम में अब तक वार्ड 1 के नकुल तिर्की, वार्ड 2 की सविता कच्छप, वार्ड 3 की बसंती लकड़ा, वार्ड 5 के अवधेश बैठा, वार्ड 7 की मीनू देवी, वार्ड 10 की संगीता देवी, वार्ड 11 की आलिया नाज, वार्ड 15 की गजाला परवीन, वार्ड 16 के मोहम्मद सलाहुद्दीन असलम, वार्ड 17 की फातमा शमीम, वार्ड 20 के सुनील कुमार यादव, वार्ड 21 के मोहम्मद एहतेशाम, वार्ड 22 के मोहम्मद असलम, और वार्ड 25 की सुषमा राज, वार्ड 29 के सुनील यादव से मुलाकात कर उनको अंगवस्त्र देकर उनके निर्वाचन पर बधाई देते हुए उनको उनके वार्ड से जुड़े विभिन्न समस्याओं पर एक ज्ञापन दिया।जिसमें अभी बरसात के मौसम में रांची शहरी क्षेत्र में होने वाले जल जमाव पर विस्तृत चर्चा की गई, और इस क्रम में आग्रह किया गया कि आप लोग अपने-अपने वार्ड में जल निकासी के स्रोतों को चिन्हित करवाते हुए उन्हें क्लियर करवायें और अगर वहां अतिक्रमण है तो उस अतिक्रमण को कम से कम इतना हटवा दें कि जल निकास आसानी से हो सके, क्योंकि आज से 15-20 वर्ष पहले रांची में जल जमाव नहीं होता था और वर्षा आज की तुलना में अधिक होती थी तथा करीब-करीब प्रतिदिन ही वर्षा हो जाया करती थी गर्मी और बरसात के मौसम में, लोगों को अपने साथ छाता लेकर निकलना पड़ता था और रांची शहरी क्षेत्र में कहीं पर भी कोई जल जमाव नहीं होता था।अब जब बरसात कम हो गई है तो उसके बाद भी इधर 15-20 वर्षों में जल जमाव की स्थिति प्रचंड होते जा रही है, क्योंकि जल निकासी के पुराने मार्ग अवरुद्ध हैं और कई जगह अतिक्रमण के कारण निकासी मार्ग बंद हो चुके हैं, जिससे वर्तमान समय में जल जमाव हो रहा है। यदि इन पुराने जल निकास के मार्गों को पूर्व की भांति खोल दिया जाय तो फिर वर्तमान में जिस प्रकार से जल जमाव की समस्या सामने आ रही है वैसा समस्या देखने को नहीं मिलेगा। इसके अलावा बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट, खुले हुए व जाम नाले, आधी-अधूरी या क्षतिग्रस्त सड़क, पार्कों की दुर्दशा, बच्चों के लिए खेल मैदान का अभाव, अनियमित साफ-सफाई और अपर्याप्त जलापूर्ति तथा कानून व्यवस्था जैसी चुनौतियों पर भी उनका ध्यान आकृष्ट कराया गया। फोरम ने आग्रह किया कि सभी जनप्रतिनिधि अपने-अपने वार्डों में जल निकासी तंत्र की समीक्षा कर आवश्यक अतिक्रमण हटाने एवं नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित कराने की दिशा में पहल करें, जिससे नागरिकों को राहत मिल सके। अधिकतर वार्ड पार्षदों का कहना है कि वह लोग भी अपने वार्ड में अधिक से अधिक काम करवाना चाहते हैं और इन समस्याओं से वार्ड के नागरिकों को निजात दिलवाना चाहते हैं, लेकिन रांची नगर निगम प्रशासन फंड का रोना रो रहा है, जिसके वजह से उनके वार्ड में कार्य प्रभावित हो रहा है। रांची नगर निगम का ध्यान बड़े-बड़े योजनाओं पर अधिक है, जबकि वार्ड में छोटे-छोटे विकास योजनाओं की सबसे अधिक जरूरत है, जिसे सर्वप्रथम वरीयता के आधार पर पहले निष्पादन करने की जरूरत है। फोरम ने सभी पार्षदों को यह आश्वासन दिया कि राँची सिटीजन फोरम चर्चा, संवाद, जागरूकता एवं रचनात्मक सहयोग के माध्यम से उनके साथ सकारात्मक सहभागिता स्थापित करेगा, ताकि नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय विकसित हो तथा इसका लाभ नगर निगम के सभी 53 वार्डों की आम जनता को प्राप्त हो सके। दिनांक 16.06.2026 से शुरू हुए इस कार्यक्रम में लगातार हम लोग सभी 53 नवनिर्वाचित वार्ड पार्षदों से संपर्क कर उनसे मिलेंगे, विगत 2 दिनों में 15 वार्ड पार्षदों से मुलाकात हो चुकी है। रांची सिटीजन फोरम के प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष दीपेश निराला, उपाध्यक्ष उमाशंकर सिंह, सचिव रेणुका तिवारी, संयुक्त सचिव मनीष बक्शी और संतोष मृदुला, सदस्य सुजीत कुमार पांडेय, कुमार अभिषेक दुबे, राजेश कुमार, इत्यादि मौजूद थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।
© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.