झुमरी तिलैया : मौसम की बेरुखी से बिजली आपूर्ति हो रही है प्रभावित एबीएन न्यूज नेटवर्क, झुमरी तिलैया। बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन के प्रभाव के कारण कोडरमा जिले में तेज़ हवा एवं भारी बारिश हो रही है। इस प्रतिकूल मौसम के कारण विद्युत व्यवस्था को सुचारू रूप से बनाए रखने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस बारे में बिजली विभाग से मिली जानकारी के अनुसार तेज़ हवा के कारण कई क्षेत्रों में पेड़ एवं पेड़ों की डालियाँ विद्युत लाइनों पर गिर गई हैं, जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है। विभागीय टीमों द्वारा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।विभाग के एसडीओ कहा की उपभोक्ताओं से विशेष आग्रह है कि गिरे हुए विद्युत तारों, क्षतिग्रस्त विद्युत पोल एवं अन्य असुरक्षित विद्युत लाइनों से दूर रहें तथा उन्हें छूने या उनके संपर्क में आने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित विद्युत विभाग को दें।हवा की गति कम होते ही क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों एवं अन्य व्यवधानों को दूर कर विद्युत आपूर्ति यथाशीघ्र सुचारू रूप से बहाल करने का प्रयास किया जाएगा। ऐसे विपरीत परिस्थिति में उन्होंने उपभोक्ताओं से संयम बनाए रखने और विभाग को सहयोग करने की अपील की है।
धनबाद बारिश के बीच बिग बाजार के पास हादसा, जोरदार टक्कर से गिरी स्ट्रीट लाइटएबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के बीच सुबह-सुबह बिग बाजार के पास रघुकुल के सामने सड़क हादसा सामने आया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक काले रंग की कार ने सड़क किनारे लगी स्ट्रीट लाइट को जोरदार टक्कर मार दी।जिसके बाद स्ट्रीट लाइट टूटकर सड़क पर गिर गई। लोगों के मुताबिक टक्कर काफी जोरदार थी। हालांकि, कार की पहचान और हादसे की पूरी परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।बारिश के कारण सड़क पर फिसलन के साथ दृश्यता भी कम हो सकती है। ऐसे में वाहन चालकों से अपील है कि बारिश के दौरान गति नियंत्रित रखें, सुरक्षित दूरी बनाए रखें और सड़क पर विशेष सावधानी बरतें। बारिश में जरा सी लापरवाही भारी पड़ सकती है- सावधानी ही सुरक्षा है।
धनबाद पश्चिमी टुण्डी प्रखण्ड क्षेत्र तथा मनियाडीह थाना में तीन दर्जन जंगली हाथियों को विचरण करते देखा गया! ग्रामीणों में दहशतएबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। टुंडी दिनांक 24 सितम्बर 2026 दिन गुरुवार को पश्चिमी भाग टुण्डी प्रखण्ड के मनियाडीह थाना क्षेत्र एवं तोपचांची वन विभाग क्षेत्र के जीतपुर पंचायत अंतर्गत गोयदाहा, नेमोरी, नवादा एवं जीतपुर के बीचोंबीच जोरिया के जंगल में तीन दर्जन जंगली हाथियों के झुण्ड को दोपहर 03/ तीन बजे देखा गया था। क्षेत्र में ग्रामीण वन विभाग के कर्मियों एवं जनप्रतिनिधियों के रवैए से काफी आक्रोशित हैं! जंगली हाथियों के कारण बहुत ज्यादा भयभीत भी हैं। ग्रामीणों के अनुसार रात्रि जागकर बिताना पड़ता है। पता नहीं हाथियों का झुण्ड कब किस गांव में हमला कर दें। हाथियों के हमला से आवास को तों बचा नहीं सकते हैं। किन्तु कम-से-कम भागकर अपना एवं परिवार के सदस्यों का जान को बचाने का प्रयास तों कर ही सकते हैं। हालांकि 04/ चार बजे जंगल विभाग के कर्मियों को देखा गया है।
लगातार बारिश के कारण मैथन पंचेत डैम से छोड़ा गया पानी एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। धनबाद बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान के प्रभाव से पिछले दो दिनों से जिले में हो रही मूसलाधार बारिश के कारण मैथन और पंचेत डैम का जलस्तर बढ़ गया है। बुधवार को लगातार बारिश के बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए दोनों डैम से पानी निकासी की जा रही है। मैथन डैम का वर्तमान जलस्तर 477.69 फीट है। जलस्तर को संतुलित रखने के लिए मैथन डैम का एक गेट और दो गैलरी खोल दी गई हैं। साथ ही हाइडल (जल विद्युत संयंत्र) को भी चालू कर दिया गया है। फिलहाल मैथन डैम से 43,057 एकड़-फीट पानी छोड़ा जा रहा है। वहीं दूसरी ओर, पंचेत डैम का जलस्तर बढ़कर 406.59 फीट है। पंचेत डैम से भी सुरक्षा के मद्देनजर 48,918 एकड़-फीट पानी की निकासी की जा रही है।
अंत्योदय दिवस के रूप में मन रहा 25 सितंबरत्रिवेणी दासएबीएन एडिटोरियल डेस्क। देश आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का 110वीं जयंती समारोह अंत्योदय दिवस के रूप में मना रहा है। पंडित जी का जन्म उत्तर प्रदेश के मथुरा जिला के नगला चंद्रभान गांव में हुआ था। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी 1952 से 1967 तक तत्कालीन भारतीय जनसंघ (वर्तमान भारतीय जनता पार्टी) के अखिल भारतीय महामंत्री रहे और एकात्मक मानववाद का सिद्धांत उनके ही विचार थे। भारतीय जनता पार्टी जनसंघ का ही मूल स्वरूप है। जनसंघ की स्थापना 21 अक्टूबर 1951 को नई दिल्ली में हुई थी और 6 अप्रैल 1980 को भारतीय जनता पार्टी का स्वरूप सामने आया था। भारतीय जनसंघ ने पहली बार 1951 में लोकसभा का चुनाव लड़ा और लोकसभा के कुल 489 क्षेत्र में से 15 राज्यों में 94 सीटों से चुनाव लड़ी और मात्र बंगाल में 2 और राजस्थान में 1 कुल 3 सीट ही जीत पाई।जबकि आज की तिथि में भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक दल के रूप में स्थापित है और केंद्र में लगातार 3री बार सरकार संचालित कर रही है और देश के अधिकतम राज्यों में भाजपा की सरकार है; जबकि अटल बिहारी वाजपेई 1999 से 2004 तक देश के प्रधानमंत्री रहे।जनसंघ शुद्ध स्वदेशी विचारधारा वाली पार्टी थी और आज भाजपा की भी विचारधारा मूलत: वही है जहां व्यक्ति से बड़ा दल और दल से बड़ा राष्ट्र की अवधारणा है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेई, दत्तोपंत ठेंगड़ी, बलराज मधोक और सुंदर सिंह भंडारी के 5 सदस्यीय समिति ने 1965 में विजयवाड़ा अधिवेशन में प्रस्ताव रखा कि; भारत अपने स्वाभाविक स्वरूप में ही प्रतिष्ठा एवं सर्वांगीण विकास प्राप्त कर पाएगा।भारत एक प्राचीनतम राष्ट्र है। भारत का अपना एक विशेष जीवनशैली, विचारधारा और सशक्त चैतन्य समाज था। अर्थ, धर्म, काम एवं मोक्ष 4 पुरुषार्थ श्रेष्ठ जीवन के अंग थे। कालांतर में विदेशी आक्रमण एवं शासन के कारण राष्ट्रीय जीवन में कई दोष उत्पन्न हो गए।जनसंघ एवं भाजपा के भारतीयकरण तथा राष्ट्र प्रथम की अवधारणा के परिणाम स्वरूप आज भारतीय जनता पार्टी की नेतृत्व में देश के अंतिम व्यक्ति तक विकास की धारा पहुंच रही है और सरकार के अनेक जनहित के योजनाओं का लाभ सीधा व्यक्ति-व्यक्ति तक पहुंच पा रहा है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जयंती के शुभ अवसर पर उन्हें नमन एवं श्रद्धा सुमन समर्पित।
धनबाद : चार दिनों से लापता किशोर का जंगल में मिला शवपेड़ से लटका मिला कृष्णा टुडू; परिजनों ने जताई हत्या की आशंकाएबीएन न्यूज नेटवर्क, राजगंज/ धनबाद। चार दिनों से लापता किशोर कृष्णा टुडू का शव गुरुवार को गांव से दूर महतोटांड़ जंगल में पेड़ से लटका मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शव कई दिनों से जंगल में पड़े रहने के कारण क्षतिग्रस्त अवस्था में था।शव मिलने की सूचना पर राजगंज थाना प्रभारी संजीव कुमार झा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की।बताया गया कि कृष्णा के लापता होने के बाद से परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान महतोटांड़ जंगल में उसका शव पेड़ से लटका मिला।मृतक के पिता राजू टुडू समेत अन्य परिजनों ने गांव के ही एक परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का दावा है कि शनिवार को उक्त परिवार के कुछ लोग उनके घर पहुंचे थे और कृष्णा को संभलकर रहने की बात कहते हुए कथित तौर पर धमकी दी थी। परिजनों ने इस घटनाक्रम को कृष्णा की मौत से जोड़ते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है।हालांकि, परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है। स्थानीय स्तर पर घटना को कथित प्रेम प्रसंग से जोड़कर भी चर्चा की जा रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
सुबह 9.10 बजे से सुबह 10.10 बजे तक पिस्टल के बल पर कर्मचारियों को बनाया बंधक पांच हथियारबंद अपराधियों ने करीब एक घंटे तक बैंक में मचाया तांडव 20 पुलिस अधिकारियों की एसआईटी जांच में जुटी एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित केनरा बैंक शाखा में गुरुवार सुबह हथियारबंद पांच अपराधियों ने करीब एक घंटे तक डकैती की। अपराधियों ने बैंक कर्मचारियों और सुरक्षा गार्ड को पिस्टल के बल पर काबू में लिया और चेस्ट खुलवाकर नकदी व सोना लेकर फरार हो गये। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब 42 लाख रुपये नकद और सोना लूटे जाने की बात सामने आयी है। हालांकि, लूटी गयी संपत्ति का अंतिम आंकड़ा बैंक के सत्यापन के बाद स्पष्ट होगा। बैंक के चपरासी आकाश के अनुसार, शाखा सुबह करीब 9:10 बजे खुली थी। कर्मचारी साफ-सफाई में जुटे थे। इसी दौरान तीन युवक बैंक के अंदर पहुंचे। एक ने उनके सिर पर पिस्टल तान दी। विरोध करने पर उन्हें जमीन पर गिराकर हाथ बांध दिये गये और एक कमरे में बंद कर दिया गया। इसी दौरान सुरक्षा गार्ड संतोष कुमार यादव को भी अपराधियों ने निशाना बनाया। आकाश के मुताबिक, अपराधियों ने उसके सिर पर पिस्टल से वार कर उसे घायल कर दिया। कुछ देर बाद चीफ मैनेजर के बैंक पहुंचते ही अपराधियों ने उनके सिर पर भी हथियार तान दिया। इसके बाद उनसे जबरन बैंक का चेस्ट खुलवाया गया। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, अपराधियों की कुल संख्या पांच थी और वे करीब 9:10 बजे से 10:10 बजे तक बैंक के भीतर रहे। नकदी और सोना समेटने के बाद सभी अपराधी वहां से निकल गये। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। गोलमुरी थाना में कांड संख्या 103/26, 24 सितंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(2)/311 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है। अपराधियों की गिरफ्तारी और डकैती के उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक (नगर), पूर्वी सिंहभूम के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान टीम (एसआईटी) गठित की गयी है। टीम में कुल 20 पुलिस पदाधिकारी शामिल हैं। पुलिस अब घटना से जुड़े तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। पुलिस की प्रारंभिक विज्ञप्ति में अपराधियों के भागने की दिशा और लूटी गयी रकम का विस्तृत आधिकारिक ब्योरा नहीं दिया गया है। इसलिए लूट की राशि और अन्य सामान का अंतिम आकलन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। बलियापुर थाना क्षेत्र के हीरक मोड़ के पास स्थित बिरसा पेट्रोल पंप में रात के समय लूट का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा लूटी गयी लगभग अस्सी हजार रुपये की राशि समेत अन्य सामान बरामद कर लिया है। बलियापुर थाना प्रभारी के अनुसार 23 से 24 सितंबर की मध्यरात्रि करीब 12 बजे अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर पेट्रोल पंप में घुसकर लूटपाट की। लुटेरों ने पेट्रोल पंप में रखी लगभग 80,000 रुपये की नकदी छीन ली। इस संबंध में बलियापुर थाना कांड संख्या 161/2026, दिनांक 24 सितंबर धारा 309(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों शेख अमन और बिपुल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार किया। आरोपियों के पास से लोहे एवं प्लास्टिक का एक नकली गन, हल्का नीला रंग का बरसाती, लूटी गयी लगभग 80,000 रुपये की राशि, काला रंग का होंडा एसपी शाइन मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर जेएच 10 डीडी 9678) तथा इंडियन आॅयल का एक कैश बैग बरामद किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी शेख अमन करीब 24 वर्ष का है। उसके पिता का नाम शेख सब्बीर है तथा वह गायडेहरा गांव, थाना गोविन्दपुर, जिला धनबाद का रहने वाला है। शेख अमन का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ बलियापुर थाना कांड संख्या 126/2025, दिनांक 9 जून 2025, धारा 303(2)/3(5) भारतीय न्याय संहिता का मामला दर्ज है। दूसरे आरोपी बिपुल सिंह करीब 23 वर्ष का है। उसके पिता का नाम जितेन्द्र कुमार सिंह है। उसका स्थायी पता ग्राम अमरा तालाब, थाना सासाराम मुफस्सिल, जिला रोहतास (बिहार) है, जबकि वर्तमान पता बिरसा पेट्रोल पंप, हीरक मोड़, थाना बलियापुर, जिला धनबाद है।
टीम एबीएन, रांची। जमशेदपुर के मरीन ड्राइव क्षेत्र में एनएच पर हुए भीषण सड़क हादसे में झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह सहित चार लोगों के असामयिक निधन से शोक की लहर है।इस हृदयविदारक घटना पर एमआरएस श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि युवा जीवन का इस प्रकार असमय चले जाना अत्यंत पीड़ादायक एवं अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने तथा शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दु:ख को सहने की शक्ति, धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.