धनबाद : मालगोदाम दुर्गा पूजा की तैयारियां अंतिम चरण मेंश्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष जोर, प्रेस वार्ता में दी जानकारीएबीएन न्यूज नेटवर्क, कतरास। मालगोदाम दुर्गा पूजा समिति की ओर से रविवार को प्रेस वार्ता आयोजित कर दुर्गापूजा की तैयारियों की जानकारी दी गई। समिति ने बताया कि पूजा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने कहा कि पूजा को लेकर समिति के सदस्य पूरी तरह तैयार हैं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। इस वर्ष पूजा पंडाल करीब 65 फीट ऊंचा और 55 फीट चौड़ा होगा।महिला श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अलग से शौचालय, पर्याप्त रोशनी और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की व्यवस्था की जाएगी। समिति की ओर से भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने का दावा किया गया।वहीं, कतरास की सुरक्षा और मेगा प्रोजेक्ट को लेकर पूछे गए सवाल पर विधायक शत्रुघ्न महतो ने कहा कि कतरास सुरक्षित है। उन्होंने आरोप लगाया कि मेगा प्रोजेक्ट के नाम पर लोगों को गुमराह किया जा रहा है और क्षेत्र के संबंध में गलत संदेश फैलाया जा रहा है।विधायक ने कहा कि यदि भविष्य में क्षेत्र के सामने किसी तरह का संकट उत्पन्न होता है, तो धनबाद सांसद और बाघमारा विधायक सबसे आगे खड़े रहेंगे तथा जनता के साथ मजबूती से आवाज उठाएंगे। प्रेस वार्ता में विकास बजरंगी, वशिष्ठ चौहान, राकेश सिंह, विशाल कुमार समेत पूजा समिति के अन्य सदस्य मौजूद थे।
बेहतर शिक्षा ही बेहतर भविष्य की नींव है : सांसद सुखदेव भगतH.S. IMPERIAL PUBLIC SCHOOL का 10वां वार्षिकोत्सव धूमधाम से संपन्नचरिमा कैरोमें स्थित H.S. IMPERIAL PUBLIC SCHOOL में 10वां वार्षिक महोत्सव शनिवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर लोहरदगा लोकसभा के सांसद एवं छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर विद्यालय प्रबंधन एवं छात्र-छात्राओं द्वारा सांसद श्री भगत का पारंपरिक रीति-रिवाज से भव्य स्वागत किया गया। सांसद सुखदेव भगत कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया है।समारोह को संबोधित करते हुए सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि विगत 10 वर्षों से H.S. Imperial Public School ग्रामीण क्षेत्र में बहुत ही बेहतर ढंग से शिक्षा की अलख जगा रहा है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। श्री भगत ने कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान नहीं है, शिक्षा संस्कार है। बेहतर शिक्षा हमारे लिए क्यों जरूरी है, यह हमें समझना होगा। आज के प्रतिस्पर्धा के युग में अगर हमारे बच्चे शिक्षित होंगे, तभी हमारा परिवार, हमारा झारखंड और हमारा देश आगे बढ़ेगा। उन्होंने आगे कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलना उनका अधिकार है।माता-पिता को विशेषकर बेटियों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए। सांसद ने आश्वासन दिया कि क्षेत्र में शिक्षा के विकास के लिए वह सदैव प्रयासरत रहेंग। बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम ने सभी का मन मोह लिया। मौके पर कार्यक्रम में डायरेक्टर इरशाद अंसारी ताहिर अंसारी, उस्तर अंसारी, प्रिंसिपल वसीम अंसारी, लोहरदगा इंटक के अध्यक्ष सह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आलोक कुमार साहू लोहरदगा ,जिला अंजुमन इस्लामिया के सचिव सैयद शाहिद अहमद बेलू, कैरोथाना प्रभारी रवि रंजन कुमार, सांसद प्रतिनिधि समीदअंसारी,अब्दुल्लाह अंसारी, मुस्लिम अंसारी ,शरद कुमार विद्यार्थी, अल्ताफ अंसारी, तिला उरांव,वसीम खान ,ताजुल अंसारी ,शाहजहां अंसारी ,तेंबो उरांव, चरकू सरदार, खुर्शीद अंसारी, इम्तियाज अंसारी ,नारायण उरांव ,रुस्तम अंसारी ,इरशाद अंसारी ,वसीम अंसारी, शोएब अंसारी ,आतिफ अंसारी, रेहान अंसारी, आसिफ अंसारी, धान कुमार, राजश्री उरांव, आलिया अरशद, फूलमती कुमारी, संध्या सिंह, नीलम पन्ना, शहीना परवीन, नरगिस परवीन, उर्मिला तिर्की, अल्फा लकड़ा, सुशील खलखो, ममता कुमारी, मनदीपा देवी सहित अनेक शिक्षक शिक्षिकाएं अभिभावक उपस्थित थे। अंत में विद्यालय के निदेशक ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
विधायक जयराम महतो को मिली पीएचडी की उपाधि, अब कहलाएंगे डॉ. जयराम महतोएबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। डुमरी विधायक जयराम महतो ने अपनी शैक्षणिक यात्रा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उन्हें बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (BBMKU) से पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई है। इस उपलब्धि के साथ ही जयराम महतो अब डॉ. जयराम महतो हो गए हैं।इस उपलब्धि का अवसर उनके लिए इसलिए भी खास रहा, क्योंकि जितिया पर्व के मौके पर उनकी मां भी उनके साथ मौजूद थीं। बेटे की इस बड़ी शैक्षणिक उपलब्धि को अपनी आंखों के सामने देखना उनके लिए भावुक और गर्व का क्षण रहा।जितिया पर्व पर माताएं अपने बच्चों की सुख-समृद्धि, स्वस्थ जीवन और लंबी उम्र की कामना करती हैं। ऐसे शुभ अवसर पर जयराम महतो को पीएचडी की उपाधि मिलना और इस महत्वपूर्ण क्षण में मां का उनके साथ रहना उपलब्धि को और भी भावनात्मक बना गया।परिवार की ओर से भी जयराम महतो की इस उपलब्धि को बेहद महत्वपूर्ण बताया गया है। राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय रहने के साथ-साथ उच्च शिक्षा के क्षेत्र में यह उपलब्धि उनके लिए एक अलग पहचान लेकर आई है। पीएचडी की उपाधि मिलने के बाद जयराम महतो के नाम के साथ डॉक्टर जुड़ गया है। उनकी इस उपलब्धि पर समर्थकों, शुभचिंतकों और परिवार के लोगों ने बधाई दी है।
भारत विकास परिषद की बैठक संपन्न एबीएन न्यूज नेटवर्क, झुमरी तिलैया। भारत विकास परिषद झूमरीतिलैया कोडरमा की एक बैठक शिव वाटिका में आयोजित की गयी। कार्यक्रम की शुरूआत भारत माता, स्वामी विवेकानंद जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर और दीप प्रज्वलन के उपरांत वंदे मातरम गीत गाकर कर की गयी। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद के अध्यक्ष अरुण कुमार ओझा ने किया जबकि संचालन सचिव विमल पच्चीसिया ने किया। इस अवसर सर्वसम्मति से भारत विकास परिषद के प्रमुख कार्यक्रमों में से एक भारत को जानो प्रतियोगिता बृहद रूप में आयोजित करने का निर्णय लेते हुए प्रतियोगिता 11 अक्टूबर को कराने का निर्णय लिया गया। इसके लिए अलग-अलग सदस्यों को स्कूलों से संपर्क करने का दायित्व भी दिया गया। भारत विकास परिषद के अध्यक्ष अरुण कुमार ओझा ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत को जानो प्रतियोगिता के संयोजक राधे शुक्ला व संचालक छोटेलाल पांडे को बनाया गया। बैठक में कार्यक्रम को भव्य एवं सुंदर बनाने को लेकर सभी सदस्यों के बीच कार्यों को लेकर अलग-अलग दायित्व सोपा गया। इससे पूर्व आयोजित राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता कार्यक्रम की समीक्षा भी की गयी। सफलतापूर्वक कार्यक्रम संपन्न कराने के लिए सभी सदस्यों ने कार्यक्रम संयोजक माधोराम भार्गव एवं संजय अग्रवाल को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। बैठक में परिषद के सचिव विमल कुमार पचिशिया, संस्कार प्रमुख डीएसपी एम आर भार्गव, संपर्क प्रमुख -धर्मेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष छोटे लाल पांडे, सुरेश जैन, नारायण सिंह, कैलाश चौधरी, संजय अग्रवाल, सेवा प्रमुख गोपाल कुमार गुतुल, असीम कुमार तिवारी, राधे शुक्ला, पप्पू कुमार, मनोज कुमार सिंह, अभय चरण पहाड़ी, आदि उपस्थित थे।
समाधान के लिए अधिकारियों से करेगी पहल : अतुल आनंद एबीएन न्यूज नेटवर्क, सतगावां। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (अभाविप) कोडरमा द्वारा प्रखंड सतगावां स्थित राज्य संपोषित +2 उच्च विद्यालय, बासोडीह में विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं मूलभूत समस्याओं को लेकर संज्ञान लिया गया। अभाविप के पदाधिकारियों ने विद्यालय का जायजा लेते हुए छात्र-छात्राओं से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को विस्तारपूर्वक समझा। इस दौरान अभाविप के जिला संयोजक सह प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अतुल आनंद ने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। छात्रों ने विद्यालय में शिक्षकों की कमी सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं मूलभूत समस्याओं से संगठन के पदाधिकारियों को अवगत कराया। विद्यार्थियों का कहना था कि आवश्यक विषयों के शिक्षकों की कमी के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है, जिससे उनके शैक्षणिक भविष्य पर भी असर पड़ रहा है। इस अवसर पर अतुल आनंद ने कहा कि छात्र हित से जुड़े विषयों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हमेशा विद्यार्थियों के साथ खड़ी रही है। विद्यार्थियों की शिक्षा और उनके भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। विद्यालय में शिक्षकों की कमी सहित छात्रों द्वारा उठाई गई अन्य समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रमुखता से रखा जायेगा और इनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जायेगा। उन्होंने कहा कि अभाविप राष्ट्रहित, छात्रहित एवं समाजहित को केंद्र में रखकर निरंतर कार्य करती है। विद्यार्थियों की आवाज को उचित मंच तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने छात्रों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जब भी छात्रों की आवाज बनने की आवश्यकता होगी, अभाविप उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। वहीं अभाविप नगर मंत्री सुधांशु यादव ने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए संगठन उनके साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ेगा। छात्रों की जायज समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभाग एवं अधिकारियों से संवाद कर आवश्यक पहल की जायेगी। इस दौरान सुभाष मेहता, राहुल मेहता, कृष्णा कुमार, नीतीश यादव सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सभी वार्डों में खेल मैदान बनाने की है योजना: रमेश हर्षधर हर वार्ड में विकास कार्यों को मिलेगी गति: मनोहर एबीएन न्यूज नेटवर्क, झुमरी तिलैया। झुमरी तिलैया नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत गुमो के झुमरियाटांड़ में नगर परिषद द्वारा एक करोड़ 90 लाख की राशि से निर्मित खेल मैदान का शनिवार को उद्घाटन हुआ। इस मौके पर घर परिषद के अध्यक्ष रमेश हर्षधर, उपाध्यक्ष मनोहर कुमार राम, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अंकित गुप्ता, सिटी मैनेजर लीमांशु कुमार रणधीर वर्मा, जेई दीपक कुमार के अलावा विभिन्न वार्डों के पार्षद अतिथि के रूप में मौजूद थे। मुख्य अतिथि रमेश हर्षधर और उपाध्यक्ष मनोहर कुमार राम ने शिलापट के सामने नारियल फोड़कर और फीता काटकर इस खेल मैदान का उद्घाटन किया। पूजा-अर्चना उमेश उर्फ बबली पांडेय ने कराई। केडीडीए के सचिव दिनेश सिंह सौरभ यादव, मनोज पांडेय, अशोक पांडेय और बबलू पांडेय ने बुके देकर अतिथियों का स्वागत किया। इस मौके पर नगर परिषद के अध्यक्ष रमेश हर्षधर ने कहा कि शहरी क्षेत्र के सभी वार्डों में खेल मैदान बनाने की योजना है, लेकिन जमीन आवंटन में दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने कहा कि शहर के सभी वार्डों में वेंडिंग जोन बनाया जाएगा। शहर का विकास मेरी प्राथमिकता है। उन्होंने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में लोगों से सहयोग करने की अपील की। जबकि उपाध्यक्ष मनोहर कुमार राम ने वार्ड पार्षदों के सहयोग से हर वार्ड में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्राथमिकता के आधार पर हर वार्ड में कार्य किया जा रहा है। इसके उपरांत वार्ड पार्षद उदय सिंह, मनोज कुमार, संजय यादव, महेश यादव, मोहम्मद इमरान, दीपक यादव, मनप्रीत कौर, पंकज कुमार और पिंटू कुमार को कामेश्वर पांडेय, मनीष पांडेय, जितेंद्र राम, विवेक पांडेए उर्फ मदन पाण्डेय, मुकेश राम, विकास पांडेय, धर्मेंद्र राम और दिवाकर पांडेय ने बुके देकर स्वागत किया। अधिकारियों के सामने दो टावर लाइट, ओपन जिम स्टेज शेड और सडक निर्माण की मांग राखी गयी। मौके पर नकुल मेमोरियल फुटबॉल टूनार्मेंट कमेटी के अध्यक्ष मनीष पांडेय, उपाध्यक्ष मनोज राम, अविनाश पांडेय अवध पांडेय, अनिल पंडित, सचिव बबलू पांडेय, कोषाध्यक्ष जितेंद्र राम, धर्मेंद्र राम और धीरज पाण्डेय के अलावा कई लोग मौजूद थे।
प्रभावित को चिन्हित कर समुचित मुआवजा दे प्रशासन : देवेंद्रनाथ महतो एबीएन न्यूज नेटवर्क, सिल्ली। सिल्ली प्रखंड अंतर्गत गोडाडीह पंचायत क्षेत्र में स्थित खेरबैड़ा डैम आज दोपहर जलस्तर में लगातार वृद्धि के कारण अचानक ध्वस्त हो गया। प्राकृतिक जंगल के बीच स्थित इस डैम के टूटने से गोडाडीह, सातपालु, रायकोचा सहित आसपास के कई क्षेत्रों में पानी फैल गया, जिससे बड़ी मात्रा में धान की फसल एवं अन्य कृषि फसलों को नुकसान पहुंचा है। डैम के ध्वस्त होने के कारण लोटा-गोडाडीह मुख्य मार्ग भी कई घंटों तक प्रभावित रहा, जिससे आवागमन में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के सिल्ली विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि डैम की मेड़ से पिछले कई दिनों से पानी का रिसाव हो रहा था। यदि ससमय प्रशासन द्वारा इसका संज्ञान लेकर आवश्यक कदम उठाया जाता, तो नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता था। प्रशासन व आपदा प्रबंधन विभाग डैम टूटने से प्रभावित सभी गांवों एवं किसानों का तत्काल सर्वे कराकर नुकसान का आकलन किया जाये तथा पीड़ित किसानों को चिन्हित कर नियमानुसार समुचित मुआवजा एवं राहत उपलब्ध कराया जाये। उन्होंने कहा कि चुकी सिल्ली क्षेत्र कृषि प्रधान है और यहां किसानों की आजीविका मुख्य रूप से खेती पर निर्भर है। ऐसे में फसलों की व्यापक क्षति किसानों के लिए गंभीर आर्थिक संकट बन गयी है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, खूंटी। कर्रा में तिग्गा नदी पुल के नीचे बोरे में अज्ञात युवती का शव मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी है।
जपला स्टेशन पर टला बड़ा हादसा, मालगाड़ी की चपेट में आने से बाल-बाल बचे यात्री एबीएन न्यूज नेटवर्क, जपला (पलामू)। पूर्व मध्य रेलवे के जपला रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर 53611 डीजीआर पैसेंजर ट्रेन से उतरकर दर्जनों यात्री जल्दबाजी में रेलवे पटरी पार कर रहे थे। इसी दौरान दूसरी पटरी पर मालगाड़ी आ गयी। मालगाड़ी को सामने आते देख यात्रियों में अफरा-तफरी मच गयी और लोग किसी तरह पटरी से दूर हटे। बताया जाता है कि इन दिनों हुसैनाबाद के कपूर्री मैदान में काली कंबल वाले बाबा का दरबार लगा हुआ है। यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं, जिससे ट्रेनों और जपला स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गयी है। ट्रेन के रुकते ही कई यात्री फुट ओवरब्रिज का इस्तेमाल करने के बजाय सीधे रेलवे लाइन पार करने लगे। इसी दौरान मालगाड़ी के लोको पायलट ने लगातार हॉर्न बजाया। बताया जा रहा है कि मालगाड़ी की रफ्तार धीमी थी, जिसके कारण यात्रियों को पटरी से हटने का समय मिल गया और बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने कहा कि बढ़ती भीड़ को देखते हुए स्टेशन पर अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती और यात्रियों को पटरी पार करने से रोकने के लिए विशेष व्यवस्था की जानी चाहिए।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.