खेतों में काम कर रही दो महिलाओं और एक पुरुष की वज्रपात से मौत, तीन लोग गंभीर घायल टीम एबीएन, रांची। झारखंड में मानसून के दस्तक के साथ ही मूसलाधार बारिश और वज्रपात की घटनाएं लगातार जानलेवा साबित हो रही हैं। राज्य के चतरा और खूंटी जिले से रविवार को आकाशीय बिजली गिरने की दो अलग-अलग दर्दनाक घटनाएं सामने आईं, जिनमें कुल तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। सभी खेतों में धान की रोपाई के दौरान अचानक आसमान से गिरी बिजली की चपेट में आ गए। पहली घटना चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत लोवागड़ा और लेम्ह गांव की है। रविवार शाम यहां तेज गर्जना और मूसलाधार बारिश के बीच अचानक गिरी आकाशीय बिजली ने खेतों में काम कर रही महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया। लोवागड़ा गांव में अनिता देवी अपनी गोतनी सविता देवी के साथ खेत में धान की रोपाई में व्यस्त थीं। अचानक हुए वज्रपात में अनिता देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सविता देवी गंभीर रूप से झुलस गईं। दूसरी ओर, पास के ही लेम्ह गांव में गीता देवी भी खेत में रोपाई कर रही थीं। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से वे भी उसकी चपेट में आ गईं। वज्रपात की दूसरी बड़ी घटना खूंटी जिले के अड़की प्रखंड से आई है, जहां आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। दोनों खेत में काम कर रहे थे, तभी अचानक मौसम बदला और देखते ही देखते बिजली आसमान से आ गिरी। दोनों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को आपदा राहत कोष से मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी, खेतों में न जाने की अपील राज्य में लगातार हो रही इन घटनाओं को देखते हुए मौसम विभाग ने विशेष चेतावनी जारी की है। विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि फिलहाल झारखंड के कई जिलों में मूसलाधार बारिश के साथ-साथ वज्रपात की भी प्रबल संभावना बनी हुई है। उन्होंने बताया कि वर्षा के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं आम हैं, लेकिन यदि समय रहते सावधानी बरती जाए तो इससे जानें बचाई जा सकती हैं। किसानों और ग्रामीणों से बार-बार अपील की जा रही है कि जब भी मौसम खराब हो, या बिजली कड़कने लगे, तो तुरंत खुले स्थानों और खेतों से दूर हट जाएं और किसी सुरक्षित स्थान में शरण लें।
पुराना विधानसभा भवन में कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर टीम एबीएन, रांची। हिंदी साहित्य भारती के तत्वाधान में 27 जुलाई दिन रविवार को पुराना विधानसभा के हॉल में आयोजित एकदिवसीय राज्यस्तरीय हिंदी साहित्य संगोष्ठी की तैयारियां हेतु हिंदी साहित्य भारती रांची इकाई की एक बैठक जिलाध्यक्ष बलराम पाठक की अध्यक्षता में कांके रोड रांची स्थित मनोकामना मे संपन्न हुई। बैठक मे कार्यक्रम के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए संगठन महामंत्री सह कार्यक्रम संयोजक अजय राय ने बताया कि राज्य स्तरीय संगोष्ठी को सफल बनाने हेतु तैयारियां चल रहा है। इस संगोष्ठी में झारखंड राज्य तथा देश के कई कवि, साहित्यकार एवं शोधकर्ता भाग लेंगे?संगोष्ठी में हिंदी साहित्य भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुख्य अतिथियो, विशिष्ट अतिथियो एवं सम्मानित अतिथियों तथा विश्वविद्यालय, स्कूल के शोधकतार्ओं को आमंत्रित किया गया है। बैठक में हिंदी साहित्य भारती के उपाध्यक्ष संजय सर्राफ, महामंत्री सुकुमार नाथ झा, कोषाध्यक्ष त्रिपुरेश्वर मिश्रा, मीडिया प्रभारी संजीव कुमार दत्ता, अभय कुमार आदि उपस्थित थे।
टीम एबीएन, रांची। सहायक श्रमायुक्त, रांची की अध्यक्षता में आज बस मालिकों एवं ट्रांसपोर्टरों की एक बैठक आयोजित की गई। सहायक श्रमायुक्त, रांची द्वारा मोटर परिवाहन कर्मकार अधिनियम 1961 के अन्तर्गत स्थापना/ प्रतिष्ठान को निबंधन/ नवीनीकरण एवं मोटर परिवहन में नियोजित चालक/ सह चालकों को उक्त अधिनियमों के विभिन्न प्रावधान का विस्तारपूर्वक जानकारी दी गयी। बैठक की कार्यवाही के क्रम में सर्वोच्च न्यायालय के रिट संख्या- 295/2012 द्वारा दिये गये निर्देश के आलोक में मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा-91 साथ ही साथ मोटर परिवहन कर्मचारी अधिनियम, 1961 के धारा-13 के अन्तर्गत निर्धारित कार्यावधि के आलोक में सभी बस चालकों, सह चालकों (खलासियों) एवं अन्य कर्मचारियों के कार्य अवधि को प्रतिदिन अधिकतम 8 घण्टे एवं सप्ताहिक 48 घण्टे निर्धारित करने की बात कही गई।जिसके आलोक में सभी बस चालकों एवं ट्रांसपोर्टरों द्वारा बताया गया उनके यहाँ नियोजित सभी कर्मियों से 8 घंटे से ज्यादा समय तक कार्य नहीं कराया जाता है तथा लंबी दूरी के परिवहन के कार्य में एक से ज्यादा कर्मियों को रखा जाता है ताकि किसी एक व्यक्ति पर कार्य अधिकता का दबाव न हो। सहायक श्रमायुक्त द्वारा सभी बस मालिकों एवं ट्रांसपोर्टरों को निर्देश दिया गया कि वे अपने अधीन कार्यरत सभी कर्मियों को प्रत्येक माह के 7 तारीख तक उनके मजदूरी का भुगतान हर परिस्थिति में करना सुनिश्चित करेंगे, ताकि मजदूरों के हित में बनी मजदूरी भुगतान अधिनियम, 1936 का अनुपालन हो सके। उपस्थित सभी बस मालिकों एवं ट्रांसपोर्टरों को अपने सभी कर्मचारियों को बैंक खाता के माध्यम से उनका मजदूरी भुगतान सुनिष्चित करने का निर्देश दिया गया। सहायक श्रमायुक्त ने उपस्थित बस मालिकों एवं ट्रांसपोर्टरों को नाबालिगों को किसी भी तरह के कार्य में अपने यहां नियोजित नहीं करने की हिदायत देते हुए इसके उल्लंघन की स्थिति में संभावित दंड के कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी तथा उन्हें अपने कर्मचारियों के अधिकारों एवं हितों की रक्षा करने का निर्देश दिया। बैठक में सहायक श्रमायुक्त, रांची अविनाश कृष्ण के साथ झारखण्ड चैंबर के एरकउ उप समिति चेयरमैन प्रमोद कुमार सास्वत, बस आॅनर एसोसियेशन के अध्यक्ष अरूण कुमार बुधिया, झारखंड ट्रक मालिक संघ के अध्यक्ष ललन श्रीवास्तव, सचिव, झारखंड ट्रक मालिक संघ के उदय सिंह, झारखंड प्रदेश बस आनर्स एसोशियेशन के अध्यक्ष सच्चिदानन्द सिंह एवं बस आॅनर रांची के अध्यक्ष अशफाक आजम उपस्थित रहे।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। तेतुलमारी क्षेत्र के मोदीडीह खास सिजुआ (एरिया- 4) 40 नंबर के अंतर्गत अवैध कोयले का कारोबार धड़ल्ले से चलाया जा रहा है। इस अवैध धंधा में कुछ कोयला माफिया सीआईएसएफ की मिली भगत से अवैध कोयला कारोबार प्रशासन की आंखों में धूल झोंक कर कोयला तस्करी को अंजाम दे रहे हैं। दिन के उजाले में कोयला भंडारण खुलेआम लूट की छूट जारी है और रात के अंधेरे मे अवैध कोयला ट्रको में लोड कर भट्टे में भेजा जा रहा है। लेकिन फिर भी नहीं हो रहा कोई कार्रवाई, जिसको लेकर अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिलाध्यक्ष रत्नेश कुमार ने झारखंड मुख्यमंत्री, मंत्री इरफान अंसारी, टाइगर जयराम महतो, झारखंड पुलिस सहित धनबाद एसएसपी को ट्विट कर जांच एव कार्यवाई की मांग की।
संस्थागत प्रसव की कमी पर उपायुक्त ने जतायी नाराजगी अवैध क्लिनिक या अस्पतालों का संचालन पर लगायें रोक, कार्रवाई करें निजी क्लिनिक एवं अस्पतालों में होने वाले प्रसव एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों से संबंंधित 2 सप्ताह में सौंपे विस्तृत रिपोर्ट उपायुक्त ने की एन.एच.एम. अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। उपायुक्त समीरा एस आज राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की। पलामू के समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने सभी चिकित्सा पदाधिकारियों, बीपीएम एवं डीपीएम को स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने का सख्त निर्देश दिया। उपायुक्त ने नागरिकों, माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार पर विशेष ध्यान देने, स्वास्थ्य संकेतकों में सुधार करने और स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत करने का निदेश दिया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं के लिए शत प्रतिशत एएनसी कवरेज सुनिश्चित करने एवं स्वास्थ्य केंद्रों में बेहतर बुनियादी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने संस्थागत प्रसव, गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण, एनिमिया आदि सभी तरह की जांच, ससमय आयरन एवं फोलिक एसिड टैबलेट्स देने, बीसीजी, हेपेटाइटिस, ओपीभी (पोलियो) टीकाकरण आदि कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उपायुक्त ने संस्थागत प्रसव के प्रस्तुत किये गये डेटा में भिन्नता पर कड़ी नाराजगी जतायी। उन्होंने सभी चिकित्सा पदाधिकारी, बीपीएम एवं डीपीएम को स्पष्ट निदेश दिया कि यहां गये, वहां गये, ऐसा, वैसा रिपोर्ट नहीं चलेगा। उन्होंने विशेषकर संस्थागत प्रसव की कमी पर नाराजगी जतायी। समीक्षा के दौरान उन्होंने संस्थागत प्रसव का डेटा 62% पाया। इसपर नाराजगी जताते हुए कहा कि गर्भवती महिलाओं का प्रसव सरकारी अस्पतालों के साथ कहां हो रहा है? निजी वैध क्लिनिक एवं स्वास्थ्य केंद्रों में होने वाले प्रसव का डेटा संग्रह भी करना सुनिश्चित करें। अगर अवैध/बिना रजिस्ट्रेशन क्लिनिक या अस्पतालों का संचालन किया जा रहा है, तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करना सुनिश्चित करें।उन्होंने कहा कि अवैध निजी क्लिनिक एवं अस्पतालों की जांच के लिए चिकित्सा पदाधिकारी खुद सक्षम हैं। उन्होंने अवैध संचालन पर रोक लगाने एवं उसके विरूद्ध कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट सौंपने का सख्त निर्देश दिया। साथ वैध क्लिनिक एवं अस्पतालों की सूची संबंधी रिपोर्ट भी सौंपने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि निजी क्लिनिक एवं अस्पतालों में होने वाले प्रसव एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों से संबंंधित 2 सप्ताह में विस्तृत रिपोर्ट सौंपना सुनिश्चित करें। उन्होंने अस्पतालों में रखरखाव के संकल्प का अध्ययन कर उसके प्रावधानों का अनुपालन करने का निदेश दिया। साथ ही कहा कि आवश्यकता अनुरूप आवश्यक सामग्री व उपकरणों की खरीदारी करें, लेकिन बिना जरूरत वाली सामग्री की खरीद कदापी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि अस्पतालों में दवा, बिजली, पेयजल, शौचालय, रंगरोगन, चारदीवारी आदि बुनियादी सुविधाओं की कमी की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने डीपीएम को बुनियादी सुविधाएं बहाल करने और समय-समय पर इसका मूल्यांकन करते रहने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ समन्वय कर आंगनबाड़ी सेविका, सहिया के माध्यम से गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच कराने हेतु जागरूक करते हुए उनका शत प्रतिशत जांच एवं संस्थागत प्रसव सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने आयुष्मान से प्राप्त 75% आय अपने संस्थान के रखरखाव एवं अन्य कार्यों में उपयोग करने का निदेश दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं स्वास्थ्य केन्द्रों को एक मुश्त राशि उपलब्ध करा दी गई है, जिससे सभी चिकित्सा पदाधिकारी अपने संबंंधित स्वास्थ्य केंद्रों में मूलभूत सुविधाओं की पूर्ति करना सुनिश्चित करेंगे। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव, जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. विजय सिंह, प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी, डीपीएम, बीपीएम आदि उपस्थित थे।
विजय नाथ कुंवर महामंत्री, राजेंद्र मिश्रा क्षेत्रीय संगठन आयाम प्रमुख एवं कोषाध्यक्ष सुनील कुमार बने टीम एबीएन, रांची। अधिवक्ता परिषद, झारखंड के द्वारा आयोजित प्रांत स्तरीय दो दिवसीय अभ्यास वर्ग जो कि रांची स्थित रानी सती मंदिर परिसर में संपन्न हुआ। अंतिम दिन झारखंड के प्रांत प्रभारियों में से मुख्य पद अध्यक्ष, महामंत्री, कोषाध्यक्ष एवं क्षेत्रीय संगठन आयाम प्रमुख का पुनर्गठन मेरठ से आये राष्ट्रीय मंत्री व झारखंड सह बिहार प्रभारी चरण सिंह त्यागी एवं क्षेत्रीय संगठन मंत्री सुनील कुमार ने केंद्रीय पदाधिकारियों के मार्गदर्शन से प्रशांत विद्यार्थी (रांची) को अधिवक्ता परिषद झारखंड का अध्यक्ष, विजय नाथ कुंवर (बोकारो) को महामंत्री, सुनील कुमार (रांची) को कोषाध्यक्ष एवं पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र मिश्रा को संगठन आयाम का क्षेत्रीय प्रमुख का पद दिया। नये अध्यक्ष बने प्रशांत विद्यार्थी झारखंड उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता हैं तथा इससे पहले भी दो सत्र के लिए वे महामंत्री का पद सुशोभित कर चुके हैं। दूसरी तरफ बोकारो के विजय नाथ कुंवर पिछले सत्र में भी महामंत्री का पद सुशोभित कर चुके हैं। नये कोषाध्यक्ष के रूप में सुनील कुमार को यह पद दिया गया है। झारखंड अधिवक्ता परिषद की कोषाध्यक्ष की भूमिका निभाने का गौरव उनको पहली बार प्राप्त हुआ है। अधिवक्ता परिषद झारखंड के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र मिश्रा भी दो बार अध्यक्ष पद पर सुशोभित रहे हैं एवं उनकी अगुवाई में झारखंड राज्य में अधिवक्ता परिषद की ओर से बहुत सारे सराहनीय एवं प्रशंसनीय कार्य किये गये तथा इस सत्र के लिए उन्हें क्षेत्रीय संगठन आयाम के संयोजक का गरिमामयी पद पर फिर से आसीन किया गया है। बाकी सभी पदों के लिए पुनर्गठन केंद्रीय कार्यकारिणी के निर्देशानुसार अगले एक महीने के पूर्व गठित कर दिया जायेगा। झारखंड राज्य अधिवक्ता परिषद के नये कार्यकारिणी के मुख्य पदों पर सुशोभित होने के लिए ऊपर वर्णित सभी पदाधिकारियों को राज्य के कई वरीय अधिवक्ताओं, अधिवक्ताओं, कनीय अधिवक्ताओं तथा केंद्र सरकार के अधिवक्ताओं एवं राज्य सरकार के अधिवक्ताओं के द्वारा विशिष्ट बधाई दी गई है एवं उनके आगामी पूरे सत्र के लिए शुभ कामनाओं का संदेश लगातार जारी है। उक्त जानकारी झारखंड उच्च न्यायालय रांची के प्रांत मीडिया सह प्रमुख अधिवक्ता रीतेश कुमार बॉबी ने दी। फोटो संकेत : दायीं ओर प्रशांत विद्यार्थी, बायें ऊपर विजय नाथ कुंवर, बीच में सुनील कुमार, नीचे राजेन्द्र मिश्रा।
विमल लकड़ा के स्वास्थ्य स्थिति जानने अस्पताल पहुंचे विधायक जयराम महतो स्वास्थ्य नासाज की खबर से खेल प्रेमियों में चिंता का माहौल : देवेंद्रनाथ महतो टीम एबीएन, रांची। पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी विमल लकड़ा पिछले 15 दिनों से इलाजरत हैं। रांची दीपा टोली के क्युरेस्टा अस्पताल में विशेष मेडिकल टीम के निगरानी में इलाज चल रहा है। तबीयत की स्थिति जानने झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के विधायक जयराम कुमार महतो पहुंचे। अस्पताल प्रबंधक ने पौधा देकर उनका सांस्कृत स्वागत किया। आईसीयू में एडमिट लकड़ा की स्थिति के बारे में न्यूरो डिपार्टमेंट के डॉक्टर संजय कुमार से विस्तृत जानकारी लिया। विमल लकड़ा वह उसके परिजनों से मुलाकात किया। धर्मपत्नी कांति लकड़ा ने जानकारी देते हुए कहा कि सिमडेगा के अपने पैतृक गांव में खेत काम करने के दौरान अचानक चक्कर आने से गिर पड़े। सोमवार को सदर अस्पताल सिमडेगा से क्युरेस्टा अस्पताल रांची रेफर किया गया। विधायक से बातचीत के दौरान न्यूरो डिपार्टमेंट के डॉक्टर संजय कुमार ने कहा कि सिर पर ब्लड क्लॉटिंग पाया गया है। अभी स्थिति नियंत्रण में है उन्हें आईसीयू में बेहतर इलाज दिया जा रहा है। विधायक जी के साथ देखने पहुंचे संगठन वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्रनाथ महतो ने कहा कि लकड़ा जी के स्वास्थ्य नासाज के खबर से हॉकी जगत, खेल प्रेमियों एवं उनके प्रशंसकों में चिंता का माहौल बना हुआ है। अति शीघ्र बेहतर स्वास्थ्य की कामना करते हैं। बताते चलें कि इससे पूर्व श्री लकड़ा जी स्वास्थ्य स्थिति जानने के लिए राज्यपाल संतोष गंगवार, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी व कई विधायक, सांसद पहुंच चुके हैं।
जे एल के एम आखिरी व्यक्ति तक की उम्मीद : देवेंद्रनाथ महतोसैकड़ो नए लोगों ने पार्टी सदस्यता किया ग्रहणटीम एबीएन, जमशेदपुर। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा ने आज कार्यकर्ता सम्मेलन एवं जनसभा किया। सम्मेलन माइकल जैक्सन ऑडिटोरियम बिस्टुपुर में हुआ। सम्मेलन में केंद्रीय अध्यक्ष जयराम कुमार महतो स्वयं पहुंचे और सांगठनिक कार्यो की समीक्षा व आगे के टास्क पर चर्चा किया। किन्नर समाज एवं छत्तीसगढ़िया समाज सहित हजारों लोगों ने सदस्यता ग्रहण किया। इसके बाद जुगसलाई कुकडाबेडा मैदान में भव्य जन सभा हुआ। जन सभा संबोधन में जयराम कुमार महतो ने कहा कि डिटरमिनेशन, डेडीकेशन और डिसिप्लिन चाहिए। डिसिप्लिन पर विशेष रूप से हमारे कार्यकर्ताओं को ध्यान देने की आवश्यकता है। ईस्ट इंडिया कंपनी के शासन का उदाहरण देते हुए आपसी कार्यकर्ताओं में सामजंस मजबूती लाने की बात कही। टिस्को टाटा आदि कंपनियों के बर्बरता में सुधार के लिए हमारे लोगों को सत्ता पर आनी होगी। वहीं संगठन केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्रनाथ महतो ने अपने हाथों से नये कार्यकर्ताओं को स्वागत करते हुए कहा कि झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा आखिरी व्यक्ति तक का उम्मीद है। हमारे आंदोलन से राज्य के कई मामलों पर फिलहाल एसआईटी, सीआईडी जांच चल रही है। कई गुनेहगार जेल में है। हम सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी के लिए पूर्ण ईमानदारी के साथ कार्य करनी होगी। बाहरी मानसिकता वालों से सत्ता की चाभी छीननी होगी। भारी बारिश के बीच जन सभा में लोगों की भारी भीड़ देखने को मिला।कुकड़ूबेड़ा मैदान में लोग अपने छतरी व बरसाती ओढ़ कर भी घंटों तक सभा के वक्तव्य को सुनते रहे। जिला अध्यक्ष किशोरी हांसदा ने जानकारी देते हुए कहा कि केंद्रीय अध्यक्ष द्वारा सम्मेलन से पूर्व जनता दरबार लगाया गया। जिसमें नियोजन,स्वास्थ्य,जमीन विवाद आदि जन समस्याओं समाधान पर पहल किया गया। आज के इस सभा सम्मेलन में दमयंती मुंडा, प्रेम मारडी, बेबी महतो, विनोद संवासी, तरुण महतो, गोपेश महतो, विष्णु विद्रोही, पिंकी देवी, राम प्रसाद महतो, रामदास मुर्मू, पूनम महतो, आदित्य महतो आदि संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
*प्रेस विज्ञप्ति* *श्री राधा- कृष्ण मंदिर में 3 हजार श्रद्धालुओं के बीच अन्नपूर्णा महाप्रसाद का हुआ वितरण**भजन- कीर्तन में भक्तगण खूब झूमे*श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित पुंदाग मे श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम में 218 वां श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का आयोजन किया गया। आज का महाप्रसाद श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के सदस्य संजय अग्रवाल निशी अग्रवाल की शादी की 25 वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य मे उनके एव उनके पुत्र आकर्ष अग्रवाल पुत्री सोनल अग्रवाल और उनके परिवार के सौजन्य से 151 किलो दूध का केसरिया खीर का महाप्रसाद श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया गया। अन्नपूर्णा महाप्रसाद का विधिवत भोग दोपहर 12:30 बजे मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडे द्वारा लगाई गई, तत्पश्चात मंदिर परिसर में उपस्थित तीन हज़ार से भी अधिक श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। आज के महाप्रसाद में केसरिया खीर, आलू चिप्स का पैकेट का वितरण किया गया। तत्पश्चात भजन- संध्या के कार्यक्रम में ट्रस्ट के भजन गायकों ने कृष्ण दरबार में मनमोहक भजनों से भक्तों को अमृत गंगा का रसपान कराते हुए खूब झुमाया। तथा श्री राधा कृष्ण के जयकारा एवं भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया तथा भक्तगण भक्ति रस में डूब गए। तत्पश्चात सामूहिक रूप से महाआरती की गई। ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि संस्था द्वारा श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम श्री राधा कृष्ण मंदिर परिसर मे आज अन्नपूर्णा महाप्रसाद एवं भजन संध्या में आज सुबह से ही श्रद्धालुओं का भीड़ लगा रहा। तथा भगवान श्री राधा कृष्ण मंदिर मे 7 हजार से भी अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इस अवसर पर-डुंगरमल अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, अरविंद अग्रवाल, शिवभगवान अग्रवाल, मधु जाजोदिया,पूरणमल सर्राफ,सुरेश चौधरी,विशाल जालान, अंजनी अग्रवाल, बिष्णु सोनी,बिजय कुमार अग्रवाल, हरीश सोनी, मुरली प्रसाद,चन्द्रदीप साहु, हरीश कुमार,परमेश्वर साहु,बसंत वर्मा, सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष उपस्थित थे।प्रेस प@उक्त जानकारी श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.