Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 13
होम ई-पेपर देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन

झारखंड

View All
रांची के आर्चबिशप फेलिक्स टोप्पो ने दी नववर्ष की शुभकामनाएं
Published / 2022-01-01 13:56:17
रांची के आर्चबिशप फेलिक्स टोप्पो ने दी नववर्ष की शुभकामनाएं

रांची। रांची के आर्चबिशप फेलिक्स टोप्पो ने नए वर्ष का मिस्सा माईनर बेसिलिका उलहातू में सुबह 7 बजे किया और स्थानीय विश्वासियों और झारखंड की उन्नति के लिए विशेष प्रार्थना की। दूसरी ओर रांची के सहायक बिशप थेयोदोर नए वर्ष का मिस्सा डलटनगंज धर्मप्रांत के महुआडांड़ पल्ली में संपन्न किया। बिशप थेयोदोर ने सभी विश्वासियों को उनके विश्वास के लिए धन्यवाद किया। अपने प्रवचन में सबको नये साल की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ईश्वर इस नये वर्ष में हम सबको आशीर्वाद दे और सुरक्षित रखे। हमारा जीवन और सुंदर तब ही बनेगा जब हम प्रभु का अनुकरण करेगें। प्रभु का अनुकरण करने का अर्थ है अपने विश्वास में मजबूत होना, सबको प्यार करना, सबकी सेवा करना। महुआड़ाड के पल्ली पुरोहित फा सुरेश, फा जोस, फा साईमन, फा सुशील टोप्पो तथा अन्य एसजे पुरोहित मिसा में सह अनुष्ठाता थे। पवित्र मिस्सा के बाद छोटा स्वागत कार्यक्रम किया गया। बिशप ने गरीब और लाचार वृद्धों के बीच कंबल और गरीबों, छोटे बच्चों के बीच नये कपड़े बांटकर नये वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाइयां दी।

मिसिर गाेन्दा सरना पूजा स्थल में आदिवासियों ने किया पूजा-भजन
Published / 2022-01-01 13:49:22
मिसिर गाेन्दा सरना पूजा स्थल में आदिवासियों ने किया पूजा-भजन

टीम एबीएन, रांची। मिसिर गाेन्दा सरना पूजा स्थल में आदिवासियों ने पूजा-भजन किया। मौके पर सर्वप्रथम माैजा के प्रमुख पहान बिरसा पहान के सुपुत्र रामलाल पहान ने सरना पूजा स्थल में धूप-धूवन, टीका-सिन्दुर, जल व अरवा चावल लेकर पूजा अर्पित किया। चाला धर्मेश सिगबाेंगा (भागवन) से पहान ने माैजा व पूरे समाज के लाेगों के लिए सुख, शांति, शक्ति, सम्पत्ति, स्वरूप, सादगी, सफलता, समृद्धि, संस्कार और स्वास्थ्य की कामना की। मौके पर काेइली उरांव, बसन्ती कुजूर, बसन्ती टोप्पो, लक्ष्मी टाेप्पो, चैती मुण्डा, फूलाे उरांव, भानु उरांव, राहुल लिण्डा, साेनी लिण्डा, डैजी लिण्डा, प्रेम टोप्पो, सहिल उरांव, सोनु कुजूर, शाेभा कच्छप, झेले उरांव, रोहित मुण्डा, सुषमा कुजूर, प्रदीप लकड़ा व सैकड़ों लोग उपस्थित थे। उक्त जानकारी मिसिर गोन्दा सरना विकास समिति के अध्यक्ष प्रदीप लकड़ा ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

झारखण्ड : कल पांच स्कूलों में होगा किशोरों का टीकाकरण
Published / 2022-01-01 13:18:18
झारखण्ड : कल पांच स्कूलों में होगा किशोरों का टीकाकरण

टीम एबीएन, रांची। किशोरों के लिए सोमवार से शुरू होने वाले टीकाकरण के लिए रांची जिला प्रशासन की तैयारी जोरों पर है। सोमवार को शहर के पांच और मंगलवार को तीन स्कूलों में टीकाकरण होगा। टीकाकरण को लेकर शनिवार को जिला प्रशासन ने शहरी क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के प्राचार्यों और उप प्राचार्यों के साथ बैठक की और तकनीकी जानकारी दी गयी। जिला स्तरीय वैक्सीनेशन सेल ने सभी बिंदुओं की विस्तार से जानकारी दी। बैठक में विभिन्न स्कूल के प्रिंसिपल और वाइस प्रिंसिपल को 15-18 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों के कोविड-19 टीकाकरण की शुरुआत को लेकर अपर समाहर्त्ता (नक्सल) ने विस्तृत जानकारी दी। डीआरएसीएचओ शशि भूषण खलखो और डॉक्टर अनूब ने सभी को टीकाकरण से संबंधित तकनीकी पहलुओं के बारे में जानकारी दी। सभी को यथाशीघ्र स्कूलों में 15-18 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों के टीकाकरण का लक्ष्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।

बिजली संकट : सीएम आवास के सामने धरना-प्रदर्शन करेंगे सांसद जयंत सिन्हा
Published / 2022-01-01 13:02:41
बिजली संकट : सीएम आवास के सामने धरना-प्रदर्शन करेंगे सांसद जयंत सिन्हा

टीम एबीएन, हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग से लोकसभा सदस्य जयंत सिन्हा ने शुक्रवार को कहा कि राज्य के उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्र के सात जिलों की बिजली समस्या का समाधान नहीं किया गया तो संक्रमण मुक्त होने के बाद वह रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आधिकारिक आवास के सामने धरना देंगे। उन्होंने कोविड-19 से संक्रमित पाये गए हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री सिन्हा ने दावा किया कि हजारीबाग और रामगढ़ सहित इन जिलों में बिजली आपूर्ति अनियमित है और गत कुछ महीनों से लाखों लोग प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि इन इलाकों में बिजली की आपूर्ति प्रभावित है क्योंकि झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) ने दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) का करीब 2,174 करोड़ रुपये की देनदारी का भुगतान नहीं किया है। श्री सिन्हा ने मुख्यमंत्री से आह्वान किया कि वह इस मुद्दे को प्राथमिकता के आधार पर लें ताकि लोग परेशान न हों जिन्हें दिन में केवल आठ से 10 घंटे की बिजली आपूर्ति मिल रही है। सांसद ने बताया कि इस संकट की जानकारी उन्होंने केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आर के सिंह को भी दी है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने भरोसा दिया है कि इस संकट का समाधान किया जाएगा लेकिन झारखंड सरकार को पहले डीवीसी की देनदारी का भुगतान करना चाहिए। सिन्हा ने कहा कि उन्होंने डीवीसी से भी इस मुद्दे पर चर्चा की है लेकिन उसने कहा है कि राज्य सरकार को देनदारी का भुगतान करना चाहिए।

बिहार के ओबरा से धान काट कर लौट रहे थे हरिहरगंज दुर्घटना में मृत मजदूर
Published / 2022-01-01 12:20:48
बिहार के ओबरा से धान काट कर लौट रहे थे हरिहरगंज दुर्घटना में मृत मजदूर

पांकी/पलामू (जीरो गांव से लौटकर संजय)। पांकी थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती रतनपुर पंचायत के ग्राम जीरो के तीन, होटाई पंचायत के ग्राम भंवरदह के एक और मनिका प्रखण्ड के ग्राम बरवैया के दो (कुल छह) लोगों की बीती रात हरिहरगंज में पिकअप और ट्रक की टक्कर में दर्दनाक मौत हो गई। वहीं कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका औरंगाबाद और मेदिनीनगर में इलाज चल रहा है। मृतकों में कमलेश भुइयां (30) पिता लल्लू भुइयां, रीता कुमारी (16) पिता सूर्यबिहारी सिंह, कालो कुमारी (18) पिता सुकुल भुइयां जीरो, बसंती कुमारी (16) पिता कुलदीप भुइयां भंवरदह और नीलम कुमारी, अर्पणा कुमारी बरवईया प्रखण्ड मनिका का नाम शामिल है। सभी मृतक भुइयां और परहिया जाति के हैं। घायल सूर्यबिहारी सिंह, सुकूल भुइयां, बबलू भुइयां, बिनोद भुइयां, बिजली भुइयां इलाजरत है। बताते चलें कि पांकी प्रखण्ड के विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों मजदूर धान काटने डेहरी, सासाराम की ओर रुख करते हैं। प्रतिवर्ष अक्सर ऐसी घटनाएं देखने को मिलती है। प्रखण्ड मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर की दूरी पर जीरो गांव स्थित है। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक कुशवाहा डॉ शशिभूषण मेहता शुक्रवार को पीएमसीएच मेदिनीनगर पहुंचे और घटना के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने सभी घायलों का बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों दिशा निर्देश दिए। कहा कि इलाज में कोई कोताही नहीं होनी चाहिए। डॉ मेहता ने इस हृदयविदारक घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया।शनिवार को विधायक जीरो और भंवरदह गांव पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात की और ढाढ़स बंधाया।उन्होंने सभी मृतक के परिजनों को आर्थिक सहयोग किया। कहा कि परिजनों को एक एक लाख सरकारी सहायता दिलाई जाएगी। घटना की सूचना मिलते ही पांकी बीडीओ सह सीओ निर्भय कुमार और पांकी थाना प्रभारी अमित कुमार सोनी जीरो गांव पहुंच परिजनों को सरकारी सुविधा दिलाने का भरोसा दिया। बीडीओ ने मृतक के परिजनों को आर्थिक सहयोग किया। साथ ही चावल और पांच-पांच कंबल भी उपलब्ध कराया। कहा कि मृतक के परिजनों को सरकारी सहायता के रूप में एक-एक लाख की राशि सभी मृतक के परिजनों को दी जाएगी। घटना की जानकारी मिलने के बाद माले नेता बीएन सिंह भी जीरो गांव पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि प्रति वर्ष ऐसी घटनाएं होती है। सरकार को इस ओर ध्यान देने की जरूरत है।स्थानीय स्तर पर मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने में सरकार विफल साबित हो रही है। चतरा सांसद सुनील सिंह के निर्देश पर जिला सांसद प्रतिनिधि ललित मेहता और प्रखण्ड सांसद प्रतिनिधि सत्यप्रकाश पाण्डेय उर्फ चुनमुन पाण्डेय भी जीरो गांव पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने भी मृतक के परिजनों को आर्थिक सहयोग दिया और घटना पर दुःख व्यक्त किया। शव पहुंचते ही परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। पूरे गांव में कोहराम मच गया। मृतक कमलेश अपने पीछे पत्नी सविता देवी सहित चार बेटियों को छोड़ गया। इन मासूम बच्चों को देख हर लोगों की आंखें नम हो गई।

नए साल पर कोडरमा में हुई अहिबरन जयंती और मिलन समारोह, जिप प्रधान शालिनी गुप्ता ने दी बधाई
Published / 2022-01-01 12:07:02
नए साल पर कोडरमा में हुई अहिबरन जयंती और मिलन समारोह, जिप प्रधान शालिनी गुप्ता ने दी बधाई

कोडरमा। नए साल पर शनिवार को बरनवाल सेवा सदन में अहिबरन जयंती सह परिवार मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिप प्रधान शालिनी गुप्ता, समाज के अध्यक्ष अशोक वर्णवाल, सचिव अजीत वर्णवाल, सच्चिदानंद प्रसाद, संजीव समीर, सतीश कुमार दीपू ने दीप प्रज्जवलित करके किया। इस दौरान अतिथियों ने महाराज अहिबरन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। अपने सम्बोधन में जिप प्रधान शालिनी गुप्ता ने नए साल की शुभकामना देते हुए ऐसे आयोजनों की सराहना की और कहा कि इससे समाज की एकता को भी बल मिलता है। उन्होंने कहा कि समाज के पथ प्रदर्शक हमेशा समाज हित में कार्य करते हैं और इनसे नई पीढ़ी को प्रेरणा लेने की जरूरत है। उन्होंने समाज के लोगों से राजनीतिक भागीदारी के लिए आगे आने की भी अपील की। समाज के अध्यक्ष अशोक वर्णवाल, सच्चिदानन्द प्रसाद, महादेव लाल, आरके बसन्त और अजीत वर्णवाल ने समाज की एकता पर बल देते हुए सकारात्मक कार्य करने की अपील की। आयोजन समिति अध्यक्ष सतीश कुमार दीपू, अजीत वर्णवाल और शंभूलाल ने आयोजन में सहयोग देने के लिए समाज के लोगों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में सतीश कुमार दीपू, संजीव समीर, शंभू कुमार, राजू वर्णवाल, अक्षय रंजन, राजेश भोला, निरंजन लाल, सच्चिदानंद वर्णवाल, रोशन कुमार, शिवम वर्णवाल, दीपक वर्णवाल, सविता देवी, सुजाता वर्णवाल, लता वर्णवाल, सीमा देवी, चंचला वर्णवाल, रौमी, महादेव प्रसाद, गोपाल प्रसाद, प्रदीप कुमार समेत काफी संख्या में लोग मौजूद थे। इस दौरान वर्णवाल म्यूजिकल ग्रुप द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम किया गया जिसमें अक्षय वर्णवाल, मुन्ना, राजन, दीपक, मोहनी, जिया और सोनम ने अपनी प्रस्तुतियां दी। वहीं बालिकाओं और महिलाओं के लिए कुर्सी दौड, चम्मच दौड़ का भी आयोजन किया गया। सफल प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि शालिनी गुप्ता ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

हर दिन 1 लाख टेस्ट और गाइडलाइन का सख्ती से पालन करायें : हेमंत
Published / 2022-01-01 05:14:37
हर दिन 1 लाख टेस्ट और गाइडलाइन का सख्ती से पालन करायें : हेमंत

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को नए वर्ष के आयोजनों पर नजर रखते हुए वाटरफॉल, पार्क, पिकनिक स्पॉट एवं मंदिर आदि जगहों पर कोविड-19 गाइडलाइन का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री गुरुवार को राज्य में कोरोना संक्रमण पर उच्च स्तरीय समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि भीड़भाड़ वाले जगहों पर कोरोना टेस्ट ड्राइव चलाएं। सीएम राज्य में रोज 75 हजार से एक लाख कोरोना टेस्ट कराने का भी निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से पिछले एक सप्ताह में कोरोना संक्रमण मामलों में वृद्धि की जानकारी ली और भीड़भाड़ वाले सभी जगहों पर कोरोना टेस्ट ड्राइव चलाने का निर्देश दिया। समीक्षा में यह बात सामने आयी कि हजारीबाग एवं बोकारो जिला में कोरोना जांच के आंकड़ों के अनुसार कम टेस्टिंग और ज्यादा पॉजिटिव मामले आए हैं। इन दोनों जिलों में जांच में तेजी लाने और संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए उचित कदम उठाने का निर्देश भी दिया है। कोरोना संक्रमण पर गुरुवार को प्रोजेक्ट भवन में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले हफ्ते उच्च स्तरीय बैठक आयोजित कर कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के सभी पहलुओं का आकलन करते हुए आवश्यकतानुसार राज्य सरकार ठोस कदम उठाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि आगामी 15 जनवरी तक राज्य में शत-प्रतिशत वयस्क लोगों का टीकाकरण सुनिश्चित करें। जिन्होंने वैक्सिन का पहला डोज ले लिया है, उनका ससमय दूसरा डोज भी लगे यह सुनिश्चित किया जाए। इसी प्रकार जिन्होंने वैक्सिन का पहला डोज नहीं लिया है उनका कम से कम पहला डोज लगे यह सुनिश्चित करें।

पारा गिरने से सर्द हवाओं ने झारखण्ड में बढ़ाई कनकनी
Published / 2022-01-01 05:07:21
पारा गिरने से सर्द हवाओं ने झारखण्ड में बढ़ाई कनकनी

एबीएन डेस्क, रांची। झारखंड में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होते ही शुक्रवार से फिर से ठंड बढ़ने लगी है। पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में दो से ढाई डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। आने वाले तीन से चार दिन में न्यूनतम तापमान फिर से तीन से चार डिग्री तक गिरेगा।न्यूनतम तापमान के सामान्य से कम होने की वजह से कंपकपी और बढ़ेगी। हालांकि नव वर्ष पर शनिवार को आसमान साफ रहने के साथ दिन में धूप खिली रहेगी। खिली धूप के बीच हिमालयी क्षेत्र में उत्तर पश्चिम दिशा से बफीर्ली हवा का बहाव शुरू होने से शुक्रवार को दिन में भी लोगों ने ठिठुरन महसूस की। शाम होते ही ठंड में और वृद्धि हुई। देर शाम तक लोग जरूरी काम निपटा कर घर पहुंचने की जल्दी में दिखे। मौसम केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक राज्य के उत्तर पूर्वी और मध्य भाग के अलावा वैसे इलाके जहां पर वन क्षेत्र, मैदानी भाग और नदियां हैं, वहां सुबह में घना कोहरा कायम रहा। झारखंड में पिछले 24 घंटे के अंदर सबसे कम न्यूनतम तापमान रांची में 11.2 डिग्री रहा। इसके अलावा गोड्डा में न्यूनतम तापमान 11.3, हजारीबाग में 11.8, बोकारो में 12.1, डालटनगंज में 12.3 रिकॉर्ड किया गया।

झारखंड : 24 घंटे में मिले कोरोना के 754 नए मरीज, केंद्र ने दी हिदायत
Published / 2022-01-01 05:03:25
झारखंड : 24 घंटे में मिले कोरोना के 754 नए मरीज, केंद्र ने दी हिदायत

एबीएन डेस्क, रांची। झारखंड में अब कोरोना बेकाबू होने लगा है। पिछले 24 घंटे में राज्य में 753 नए केस मिले हैं। इसमें 620 केस मात्र 6 जिले रांची (327), जमशेदपुर (74), कोडरमा (63), धनबाद (61), बोकारो (49) और हजारीबाग (46) से मिले हैं। झारखंड में कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार से केंद्र सरकार चिंतित है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह को पत्र लिख कर राज्य में कोरोना मरीजों की बढ़ती रफ्तार की ओर ध्यान दिलाते हुए सख्ती बढ़ाने का आदेश दिया है। साथ ही अविलंब संक्रमण रोधी उपायों के साथ ही जिला स्तर पर उपचार के बेहतर इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्रीय सचिव ने पत्र में कहा है कि झारखंड में खासकर रांची में संक्रमण की रफ्तार में बहुत तेजी आई है। उन्होंने कहा है कि मरीजों की पहचान देर से मौत की दर बढ़ सकती है। इसलिए उन्होंने जांच बढ़ाने के साथ साथ कोविड प्रोटोकॉल (मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग, हैंड सेनेटाइजेशन) का पालन सुनिश्चित करने एवं लोगों को जागरूक करने का निर्देश भी दिया है। केंद्रीय सचिव ने अपने पूर्व के पत्र का हवाला देते हुए कहा है कि भारत में भी ओमीक्रोन के मामलों में तेजी से वृद्धि हो रही है। कोरोना के इस नए किस्म के वायरस के प्रसार को रोकने, संक्रमण से बचाव एवं नियंत्रण के मद्देनजर राज्य में सतर्कता बढ़ाने की जरूरत है। इसके लिए अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की जांच, उभरते हॉट स्पॉट की नियमित सघन मॉनीटरिंग, सभी पॉजिटिव की कांटैक्ट ट्रेसिंग एवं 14 दिनों तक फॉलोअप करने के साथ ही सभी पॉजिटिव सैंपल की जीनोम सिक्वेंसिंग कराने का निर्देश दिया है। केंद्रीय सचिव ने राज्य में बढ़ते संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य संसाधनों की समीक्षा करने को कहा है। इसमें ग्रामीण क्षेत्रों एवं बच्चों के उपचार की व्यवस्था पर भी ध्यान देने का निर्देश दिया है। इसके तहत अस्पतालों में बेड, दवा, ऑक्सीजन, पीएसए प्लांट, मैनपावर की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर जरूरी कार्रवाई करने को कहा गया है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding