Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 17
होम ई-पेपर देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन

झारखंड

View All
झारखण्ड : गुरुवार को मिले कुल 492 संक्रमित, एक महिला की मौत, सात डॉक्टर संक्रमित
Published / 2021-12-31 04:45:25
झारखण्ड : गुरुवार को मिले कुल 492 संक्रमित, एक महिला की मौत, सात डॉक्टर संक्रमित

एबीएन डेस्क, रांची। रांची समेत पूरे झारखंड में कोरोना का संक्रमण फिर तेजी से बढ़ रहा है। गुरुवार को भी रांची कोरोना विस्फोट हुआ और सात डॉक्टरों समेत 246 नए संक्रमित मिले। पूरे झारखंड में 492 नए मरीज मिले हैं। कोडरमा में नवोदय विद्यालय के पांच बच्चों समेत 56 लोग संक्रमित मिले हैं। वहीं बुधवार रात एक मौत भी हो गई। कोडरमा में बढ़ते संक्रमण को देखते हुए यहां एक इलाके को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। रिम्स के तीन डॉक्टर संक्रमित रांची में गुरुवार को भी सात डॉक्टर संक्रमित पाए गए हैं। इनमें तीन रिम्स, एक सदर अस्पताल और तीन निजी प्रैक्टिस करने वाले हैं। बुधवार को भी जिले में 12 डॉक्टर संक्रमित मिले थे। गुरुवार को 492 नए संक्रमितों के मिलने के बाद राज्यभर में एक्टिव मरीजों की संख्या 1300 के पार पहुंची है। वहीं रांची में कुल एक्टिव मरीजों की संख्या भई 564 हो गई है। चिंता की बात यह है कि रांची में पिछले चार दिनों से हर दिन दोगुने मरीज मिल रहे हैं। सोमवार को जहां 38 मरीज मिले थे।मंगलवार को यह संख्या 53 हो गई थी। बुधवार को यह 118 थी। गुरुवार को यह 246 पर पहुंच गई। रांची में बुधवार देर रात कोरोना संक्रमित एक महिला की मौत हो गयी। 68 वर्षीय महिला नामकुम की थी। जिसे मंगलवार को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि महिला को हार्ट अटैक आ गया। उन्होंने बताया कि महिला कोरोना संक्रमित थी। राज्य में दिसंबर महीने में यह तीसरी मौत है। राज्य में अबतक 5143 मौत हो चुकी है।

हजारीबाग : सात साल से सेक्स रैकेट चला रहा संचालक गिरफ्तार
Published / 2021-12-30 15:53:52
हजारीबाग : सात साल से सेक्स रैकेट चला रहा संचालक गिरफ्तार

हजारीबाग। पुलिस ने सेक्स रैकेट संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि सेक्स रैकेट के भंडाफोड़ होने के बाद संचालक फरार हो गया था। लेकिन गुरुवार को संचालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हजारीबाग के बड़ासी के शंकर मेहता की पुलिस कई दिनों से तलाश कर रही थी, जिसपर सेक्स रैकेट चलाने का गंभीर आरोप था। इसको लेकर हजारीबाग के कर्रा थाना में प्राथमिकी दर्ज है। इस प्राथमिकी के मुख्य आरोपी शंकर मेहता को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी शंकर पिछले 6-7 सालों से सेक्स रैकेट संचालन कर रहा था, जिसे कोर्रा थाना के नगवां गांव से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि युवतियों को बहला-फुसलाकर गोरखधंधा करवाता था। पुलिस ने बताया कि पिछले दिनों कर्रा थाना में एक मामला सामने आया था। इस मामले की जांच पड़ताल की गई तो पता चला कि महिला को जबरन सेक्स रैकेट में धकेला जाता है। इसके साथ ही संचालक दूसरे शहरों से भी युवतियों को बुलाकर गोरखधंधा करवाता था। इस गोरखधंधे के लिए वह बार-बार जगह भी बदल रहा था। इससे संचालक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ रहा था। थाना प्रभारी ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि गोरखधंधा की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि कार्रवाई की जा सके।

न्यू ईयर सेलिब्रेशन में कोरोना ने डाला खलल, कई जगह कार्यक्रम रद्द
Published / 2021-12-30 15:32:22
न्यू ईयर सेलिब्रेशन में कोरोना ने डाला खलल, कई जगह कार्यक्रम रद्द

एबीएन डेस्क, रांची। झारखंड में नये वर्ष का जश्न इस बार फीका पड़ने की संभावना है। झारखंड में कोरोना के बढ़ रहे केस को देखते हुए 31 दिसंबर देर रात तक होने वाले जश्न में खलल पहुंचने की संभावना है। राजधानी का सबसे वीआईपी और पुराना क्लब माने जानेवाला रांची क्लब ने 31 दिसंबर को होने वाले कार्यक्रम को रद्द कर दिया है। क्लब के श्रद्धानंद की मानें तो मैनेजमेंट ने इस बार होने वाले सारे कार्यक्रम को रद्द कर दिया है। वहीं, रांची जिमखाना क्लब में भी तैयारी फीकी पड़ी हुई है। क्लब के डिप्टी मैनेजर डीके विश्वकर्मा की मानें तो सरकार के गाइडलाइन की प्रतिक्षा की जा रही है, उसके बाद ही निर्णय लिया जायेगा। नये वर्ष पर होने वाले जश्न में हर वर्ग के लोग शामिल होते हैं। इस अवसर पर होटलों, क्लब और पार्कों में खास तैयारी की जाती है। मगर हाल के दिनों में देश के अन्य राज्यों में बढ रहे कोरोना के नये वैरिएंट ओमीक्रोन के कारण झारखंड में नया वर्ष का यह सेलिब्रेशन फीका पड़ने वाला है। झारखंड सहित देश के अन्य राज्यों में ओमीक्रोन के बढ़ रहे खतरे को देखते हुए इस बार न्यू ईयर सेलिब्रेशन पर ग्रहण लगने की संभावना है। होटल्स, क्लब और पार्कों के प्रबंधक राज्य सरकार के दिशा-निर्देश की प्रतिक्षा देर शाम तक करते रहे। केंद्र सरकार ने झारखंड सहित 5 राज्यों को कोरोना के बढ़ रहे केस को देखते हुए अलर्ट किया है। राज्य सरकार स्थिति पर नजर रखने की बात कह रही है। मिली जानकारी के मुताबिक आला अधिकारी बिहार एवं अन्य राज्यों द्वारा उठाये गए एहतियाती कदम के बाद झारखंड में इससे निपटने के लिए मंत्रणा करने में जुटे हैं। इधर होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों का कहना है कि सरकार यदि नाइट कर्फ्यू या कोई प्रतिबंध लगा देती है तो सारी व्यवस्थाएं धरी की धरी रह जायेंगी। इसलिए अभी तक तैयारी नहीं हुई है। होटल कैपिटल रेजिडेंसी के प्रबंधक अशित कुंडू की मानें तो हर वर्ष 31 दिसंबर की रात होने वाली पार्टी की तैयारी हमलोग 15 दिन पहले से ही शुरू करते हैं और निर्धारित क्षमता के अनुसार ही वीजिटर्स की बुकिंग की जाती है। मगर इस बार कोई बुकिंग नहीं किया गया है।

आनंद मोहन के समर्थन में 29 जनवरी को होने वाली रैली को लेकर अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा में कार्यक्रम
Published / 2021-12-30 14:56:10
आनंद मोहन के समर्थन में 29 जनवरी को होने वाली रैली को लेकर अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा में कार्यक्रम

रामगढ़। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा नईसराय बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन के समर्थन में आगामी 29 जनवरी को होने वाली सिंह गर्जना रैली को लेकर रामगढ़ में छतरी महासभा में एक कार्यक्रम आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि बिहार की पूर्व सांसद श्रीमती लवली आनंद एवं विधायक चेतन आनंद मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद हुए। विशिष्ट अतिथि एवं मुख्य अतिथि एवं मंच पर सम्मानित सभी ने सब प्रथम दीप जलाकर कार्यक्रम का प्रारंभ किया विशेष अतिथि एवं मुख्य अतिथि को सभा के द्वारा पुष्प गुच्छ औरंग वस्त्र मोमेंटो देकर स्वागत किया गया।मौके पर पूर्व सांसद ने कहा मेरे पति को झूठे केस में फंसा कर नीतीश सरकार जेल में डाल दिया। आज 14 साल 6 महीने बीतने के बाद भी उन्हें रिहा नहीं किया गया। आज मैं आपसे कहने आई हूं कि 29 जनवरी को बिहार में होने वाली रैली में ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचे और नीतीश सरकार को बता दें कि हम एक हैं। बिहार की सरकार को 29 जनवरी को होने वाली रैली में हिला देंगे। निर्दोष मेरे पति को जल्द से जल्द रिहा करना ही होगा। मौके पर ललन सिंह,दिलीप सिंह, मनीष सिंह,शालिक सिंह, सुरेश सिंह, कमलेश कुमार सिंह, सरोज कुमार सिंह, प्रदीप कुमार सिंह, सूरज देव सिंह, श्याम किशोर सिंह , निधि सिंह, गुड्डू कुमार सिंह, अमरजीत सिंह, मधुसूदन सिंह ,विकास सिंह, राजबल्लभ सिंह ,आजाद सिंह, दिनेश सिंह ,अरविंद सिंह, मिथिलेश सिंह, बबलू सिंह, निखिल सिंह, राजेश सिंह, वरुण कुमार सिंह ,बागीश सिंह, शेखर सिंह ,छोटन सिंह भारी संख्या में महिलाएं भी उपस्थित थी। जिनमें वैशाली सिंह, मधु सिंह, कल्पना सिंह, पिंकी सिंह, सोनालिका सिंह, रऩा सिंह, बबीता सिंह, सरिता सिंह मनोरमा सिंह रितिका सिंह प्रमिला सिंह किरण सिंह आदि मौजूद थे।

लोहरदगा : नंदगांव में प्रेस-प्रशासन और पुलिस के बीच समन्वय को लेकर हुई परिचर्चा
Published / 2021-12-30 14:21:30
लोहरदगा : नंदगांव में प्रेस-प्रशासन और पुलिस के बीच समन्वय को लेकर हुई परिचर्चा

लोहरदगा। पत्रकारों की सुरक्षा और हितों की रक्षा और प्रेस, पुलिस और प्रशासन के बीच समन्वय को लेकर 30 दिसंबर को जिले के सेन्हा प्रखंड अंतर्गत प्रसिद्ध पर्यटक स्थल नंदगांव के दक्षिण कोयल नदी तट पर परिचर्चा की गयी। इसमें लोहरदगा, गुमला और रांची जिले के पत्रकार सेन्हा प्रखंड प्रशासन के प्रमुख के रूप में बीडीओ सह सीओ विजय कुमार जेएसजेयू के प्रदेश अध्यक्ष बलदेव प्रसाद शर्मा, सेन्हा थाना प्रभारी सूरज कुमार, जिला परिषद सदस्य रामलखन प्रसाद विशेष रूप से मौजूद थे। कार्यक्रम सह परिचर्चा में लगभग सभी मीडिया हाउस और कई संगठनों से जुड़े पत्रकार शामिल हुए यह अपने आप में बड़ी बात है। इसमें प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, सोशल मीडिया से जुड़े पत्रकार इस मौके पर अपने अनुभव बताएं। मुख्य अतिथि जेएसजेयू प्रदेश अध्यक्ष बलदेव शर्मा ने कहा, कि हमारे राष्ट्र की व्यवस्था में जिस तरह अनेक संगठन है। उसी तरह मीडिया हाउस भी है। पत्रकार राष्ट्रहित, समाजहित, जनहित जरूरतमंदों को हक दिलाने के लिए उनकी बातों को उचित स्थान पर पहुंचाने का काम करते हैं। इससे उन्हें न्याय मिलती है, जो उसके जीवन में खुशियां भर देता है। यह काम पत्रकार और मीडिया हाउस के लोग निस्वार्थ भाव से कर रहे हैं। जरूरत इस बात की है कि सभी एक संकल्प और एकजुट होकर करें। विशिष्ट अतिथि सीओ विजय कुमार ने कहा कि प्रशासन को मीडिया से हमेशा सहयोग मिलता रहा है। कई बार ऐसा होता है, कि जहां हमारी विकास पहुंच नहीं हो पाती है। वहां मीडिया पहुंचकर हमारा प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराती हैं। इससे संबंधित पक्ष को राहत मिलती है। यह मीडिया का मानव धर्म है। सेन्हा थाना प्रभारी सूरज कुमार ने कहा कि यह नक्सल प्रभावित क्षेत्र है। हम सबों की सेवा क्षेत्र में द्वंद चलता रहता है। पर व्यक्तिगत रूप से हम सभी एक दूसरे के सहयोगी हैं, और रहेंगे। गुमला के वरिष्ठ पत्रकार रमेश पांडेय ने कहा कि पत्रकारों के हितों के लिए कोऑपरेटिव का निर्माण स्वयं पत्रकारों को करना चाहिए। इससे विपरीत परिस्थितियों में निपटा जा सकता है। जिला परिषद सदस्य रामलखन प्रसाद ने कहा, कि पत्रकार समाज के दर्शन होते हैं। हम सभी को समन्वय बनाकर काम करने की जरूरत है। कुछ कमजोरी होती है, तो उसे हमें सकारात्मक ढंग से देखना और लेना चाहिए। क्योंकि पत्रकार सत्य को उजागर करते हैं। प्रशंसा जैसा ही हमारे कमियों को स्वीकार करने की आदत डालनी चाहिए। कार्यक्रम और परिचर्चा की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार दीपक मुखर्जी ने की। मौके पर गुमला के संजय सिन्हा, शिशिर शर्मा, रांची के कृष्णा कुमार मिश्रा, संदीप साहू, आकाश साहू,पारस साहू, शकील अहमद, नेहाल अहमद, आलोक कुमार, प्रीतम कुमार, दानिश रजा, आफताब अहमद, रमेश कुमार पांडेय, अरविंद पाठक, आसिफ रजा, सोनू कुमार सोनी, रोहित कुमार, सुमित घोष, गफ्फार अंसारी, गौतम लेनिन, अवनी कुमार, रामप्रसाद पाल, संजय कुमार, अंगद गुप्ता, संजय साहू, रवि प्रजापति, संजय साहू, ललेश पांडेय, विनोद प्रजापति, लोकेश केशरी, राजेश गुप्ता, अवनीश पाठक आदि मौजूद थे।

कोरोना : 6 दिनों में कोडरमा एसपी कुमार गौरव समेत 56 संक्रमित मिले
Published / 2021-12-30 14:15:26
कोरोना : 6 दिनों में कोडरमा एसपी कुमार गौरव समेत 56 संक्रमित मिले

कोडरमा। कोडरमा में कोरोना मरीजों की रफ्तार बढ़ती जा रही है। पिछले 6 दिनों में कोडरमा में कोरोना के 156 मामले सामने आए हैं। यहां तक कि कोडरमा एसपी कुमार गौरव भी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। जबकि एसडीओ ऑफिस के कुछ कर्मी भी पिछले दिनों पॉजिटिव पाए गए थे। फिलहाल कोडरमा में 450 के आसपास एक्टिव केस हैं। लेकिन इससे बचाव के लिए पब्लिक में कोई जागरूकता नहीं दिख रही है। बाजार में सामान्य दिनों की अपेक्षा ज्यादा भीड़ दिख रही है, और 90 फ़ीसदी लोग बिना मास्क और बिना शारीरिक दूरी का पालन करते दिख रहे हैं। कोडरमा में कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए लोगों ने आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद करने की मांग भी की है। प्रशासन के द्वारा को रोकने का सख्ती बरते जाने जैसे कोई मामले सामने नहीं आ रहे हैं। पब्लिक बेखौफ होकर बाजार में भीड़ का हिस्सा बन रही है। 31 दिसंबर और 1 जनवरी को कोडरमा के विभिन्न पिकनिक स्पॉट पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ऐसे में देखना है कि जिला प्रशासन क्या इतिहास बरतती है।

गुमला : ट्रैक्टर पलटने से चालक सहित दो की मौत
Published / 2021-12-30 12:48:00
गुमला : ट्रैक्टर पलटने से चालक सहित दो की मौत

गुमला। झारखंड के गुमला जिले के स्थानीय थाना क्षेत्र के टांगरटोली गांव के पास सड़क दुर्घटना में 2 लोगों की दर्दनाक मौत मौत हो गई। बताया जा रहा है, कि ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खेत में पलट गया। वाहन के नीचे दबने से पहाड़ पनारी निवासी चालक राजेश नायक और मजदूर आर्यन नायक की घटना स्थल पर मौत हो गई। वहीं घटना की सूचना मिलने पर काफी संख्या में स्थानीय लोग घटना स्थल पर पहुंचे और अपने स्तर से ट्रैक्टर के नीचे दबे लोगों को निकालने काफी प्रयास किया। काफी देर तक दोनों ट्रैक्टर के नीचे ही दबे रहे। इसके बाद दूसरे वाहन के सहयोग से दोनों को बाहर निकाला गया। इस दौरान दोनों की मौत हो चुकी थीं। जब मौत की सुचना पुरे क्षेत्र में आग की तरह फैल गयी और पुरे इलाके में मातम का माहौल है। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा करते हुए दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों सुबह काम के लिए घर से निकले थे। घटना कैसे घटी इसकी जानकारी लोगों को नहीं है। ट्रैक्टर पलटने की बाद आवाज सुनकर काफी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे। इस दौरान 2 लोग नीचे दबे हुए देखे गए। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने को निरंतर प्रयासरत है राज्य सरकार : चंपई सोरेन
Published / 2021-12-30 12:43:20
सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने को निरंतर प्रयासरत है राज्य सरकार : चंपई सोरेन

टीम एबीएन, दुमका। झारखंड के परिवहन विभाग मंत्री चंपई सोरेन ने बुधवार को कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य की महागठबंधन सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। झारखंड सरकार के 2 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर राज्य व्यापी कार्यक्रम के तहत आज उप राजधानी दुमका में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इंडोर स्टेडियम में आयोजित समारोह में राज्य के परिवहन विभाग और जिले के प्रभारी मंत्री चंपई सोरेन ने लगभग सात अरब 31 करोड़ की योजनाओं का विधिवत उद्घाटन और शिलान्यास किया। सोरेन ने इस मौके पर कहा कि पिछले दो साल में सरकार को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद राज्यवासियों को किसी प्रकार की कोई कठिनाई नहीं हो इसे सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने कहा कि जब पूरे देश में कोविड-19 का तेजी से प्रसार हो रहा था उस विपरीत परिस्थिति में भी सरकार ने सामान्य जन जीवन सामान्य बनाए रखने का कार्य किया। विषम परिस्थिति में भी सरकार ने दूसरे राज्यों में काम करने वाले मजदूरों को भी सुरक्षित घर तक पहुंचाने का कार्य किया है। सरकार ने हवाई चप्पल पहनने वालों को हवाई जहाज के माध्यम से उनके घर तक पहुंचा।मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मंत्री ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर के दौरान सरकार ने पूरी सोच समझ के साथ लॉक डाउन का निर्णय लिया ताकि राज्य वासियों को किसी प्रकार की कोई कठिनाई नहीं हो जिसका परिणाम है कि आज राज्य सरकार के कार्यों की चर्चा चारों ओर हो रही है।

03 जनवरी से 15 से 18 वर्ष के युवाओं को भी लगेगा कोरोना का टीका : एसडीओ
Published / 2021-12-30 12:37:23
03 जनवरी से 15 से 18 वर्ष के युवाओं को भी लगेगा कोरोना का टीका : एसडीओ

गुमला। सदर एसडीओ रवि आनंद की अध्यक्षता में शत प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज प्रखंड सभागार बिशुनपुर में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में एसडीओ ने सभी जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए बताया कि बिशुनपुर प्रखंड में अभी तक 90 प्रतिशत लोगों को कोरोना का टीका दिया जा चुका है। शेष बचे 10 प्रतिशत लोगों को भी वैक्सीन दिलाने हेतु आप सभी से सहयोग की अपेक्षा है। आप अपने गांव के छूटे हुए लोगों को चिन्हित करते हुए घर घर जाकर लोगों को कोरोना का टीका लगवाने हेतु प्रेरित करें तथा कोरोना का टीका लगवाएं। उन्होंने आगे बताया कि आगामी 03 जनवरी 2022 से 15 वर्ष से 18 वर्ष के युवाओं को भी कोरोना का टीका लगाया जायेगा। साथ ही यह भी बताया गया कि जिस गांव में शत प्रतिशत टीकाकरण हो जाएगा उसे सम्मानित भी किया जाएगा। बैठक में बिशुनपुर बीडीओ छन्दा भट्टाचार्यी ने बिशुनपुर प्रखंड में शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने की दिशा में सभी जन प्रतिनिधियों से अपना भरपूर सहयोग देने पर जोर दिया। वहीं बिशुनपुर सीओ धनंजय पाठक ने कहा कोरोना अभी खत्म नहीं हुआ है बल्कि इसके तीसरी लहर की प्रबल संभावना है। कोरोना वायरस के ओमिक्रोन वैरिएंट के बढ़ते प्रसार को देखते हुए हमसब का दायित्व है कि सबसे पहले अपने परिवार की सुरक्षा करें और कोरोना के दोनों टीके लगवाएं। तब ही हम अपने समाज, गांव पंचायत, प्रखंड, जिला, राज्य एंव देश की सुरक्षा कर पाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि कोरोना वायरस से बचाव का एकमात्र उपाय टीकाकरण है, अतः सभी को कोरोना का टीका लगवाना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि अभी भी प्रखंड के लगभग 3000 लोगों को कोरोना का टीका नहीं लगाया गया है। इन शेष लोगों को भी कोरोना के दोनों टीके लगवाने की दिशा में कार्य करने का निर्देश दिया गया। बैठक में सदर एसडीओ रवि आनंद सहित, बीडीओ छंदा भट्टाचार्यी, सीओ धनंजय पाठक, प्रखंड प्रमुख राम प्रसाद बड़ाइक, प्रखंड के सभी पंचायतों के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि, वार्ड सदस्य व अन्य उपस्थित थे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding