बेरमो। फुसरो नगर परिषद द्वारा शनिवार को फुसरो स्थित बाटा गली -पटेल नगर मे बड़ा नाला निर्माण को लेकर जमीन की मापी और सर्वे का कार्य शुरू किया गया। ज्ञात हो कि पूर्व में बड़ा नाला निर्माण को लेकर नगर परिषद के अध्यक्ष राकेश सिंह एवं उपाध्यक्ष छेदी नोनिया कार्यपालक पदाधिकारी मनोज कुमार, वार्ड पार्षद भरत वर्मा के द्वारा बड़ा नाला निर्माण को लेकर रैयतों के साथ बैठक कर आम सहमति बनाने की कोशिश गयी थी। जिसमे रैयतों के द्वारा कहा गया था कि पहले जमीन मापी की जाये। जिससे कितने रैयतों की जमीन नाला निर्माण में उपयोग होगी ।उस आधार पर रैयत आपस में आम सहमति बनाकर बड़ा नाला निर्माण में अपनी जमीन को देंगे। आम सभा में निर्णय के आधार पर वार्ड 21, 22, 23, 24 के रहीमगंज रानी बाग बाटा गली से लेकर पटेल चौक तक फुसरो नगर परिषद के जेई राजेश गुप्ता अमीन एवं रांची से आये कन्सल्ट टीम के सीनियर आर्किटेक्ट अतुल कान्त के द्वारा जमीन की मापी की गयी। जिससे जल्द से जल्द बड़ा नाला का निर्माण किया जाए। जिसमे जिससे प्रत्येक वर्ष घरो में नाले के घुसने वाले गन्दे पानी को बड़ा नाला निर्माण करके रोका जा सके।जमीन मापी में वार्ड पार्षद भरत वर्मा, रैयत अर्जुन महतो, देव नारायण महतो, योगेश महतो एवम नगर परिषद फुसरो के कर्मचारी सूरज कुमार, रवि कुमार आदि उपस्थित थे।
दुमका। गाय चोरी के आरोप में मुफस्सिल थाना पुलिस एक को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दी है। गिरफ्तार आरोपी थाना क्षेत्र के बेदिया गांव निवासी रिन्कू पुजहर है। जानकारी के अनुसार पुलिस थाना क्षेत्र के आसनसोल हवाई अड्डा निवासी झन्टू मिर्धा के लिखित शिकायत पर मामले में जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तारी कर जेल भेज दी है। गिरफ्तार आरोपी पर चोरी का गाय रखने का आरोप है। अनुसंधानकर्ता पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि बीते 20 जनवरी को झन्टू मिर्धा गाय चोरी की लिखित शिकायत किया था। पुलिस मामले में पुलिस जांच करते हुए चोरी का गाय बीते शुक्रवार को साप्ताहिक हाट बेचने के दौरान जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफल रही। गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ के दौरान स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि जिले के जरमुंडी थाना क्षेत्र के घटपी गांव निवासी टिंकू पुजहर गाय रखने के लिए दिया था। बाद में दोनों साप्ताहिक हाट पहुंचे थे। जहां पुलिस की भनक लगते ही गाय छोड़ भाग खड़ा हुए। वहीं पुलिस एक को गिरफ्तार करने में सफल रही। पुलिस फरार मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी है।
दुमका। एक ही मकान पर दो महिलाओं के कब्जे के बीच अशांति भंग की आशंका को भांपते हुए शनिवार को सीओ ने पुलिस की मौजूदगी में खूंटाबांध स्थित निजी आवास को अगले आदेश तक सील कर दिया। सीओ यामुन रविदास ने बताया कि पवन गुप्ता की पत्नी प्रीति कुमारी ने एसडीओ के न्यायालय में आवेदन दिया था कि उनकी जमीन को दूसरी महिला ने कब्जा कर बेच दिया है। वहीं दूसरे पक्ष की नीलू कुमारी ने आवेदन देकर आरोप लगाया कि प्रीति ने जबरन घर पर कब्जा कर लिया और वह उसमें रहने लगी है। दस्तावेज की जांच के बाद यह सामने आया कि किसी ने नीलू को जमीन बेची थी। इसका मुटेशन भी हुआ। वहीं प्रीति का कहना था कि जमीन संयुक्त दखलदार के रूप में है। इसमें उसकी भी हिस्सेदारी है। हिस्सेदारी को लेकर दोनों पक्ष के बीच तनाव है और कभी भी कुछ हो सकता है। मामला अदालत में विचाराधीन है। जब तक अदालत का फैसला नहीं आता है, तब तक के लिए आवास को सील कर दिया गया है। बताया कि घर के अंदर रखे सारे सामान की सूची बनाकर दोनों महिलाओं को दे दी गई है। बताया कि अब अदालत के आदेश के बिना कोई भी पक्ष पुराने आवास पर अपना दावा नहीं कर सकता है।
कोडरमा। यात्रियों के लिए नया साल का जनवरी महीना राहत भरी सुविधा देनावाला है। इसके तहत कोडरमा के रास्ते होकर चलनेवाली हावड़ा-बाडमेर एक्सप्रेस ट्रेन अब सप्ताह में दो दिन चलेगी। 25 जनवरी से ट्रेन संख्या 12323/12324 साप्ताहिक में वृद्वि की गई है। 25 जनवरी से यह ट्रेन धनबाद, कोडरमा, गया जंक्शन, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के रास्ते हावड़ा और बाडमेर के बीच चेलगी। अब कोडरमा में प्रति शुक्रवार और मंगलवार को इसका ठहराव होगा। पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर के सीपीआरओ राजेश कुमार ने बताया कि गाड़ी संख्या 12324 वाडमेर हावडा एक्सप्रेस 29 जनवरी से प्रत्येक बुधवार और शनिवार को चलेगी। इस ट्रेन के समय, ठहराव, कोच संयोजक में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है। बताते चलें कि कोडरमा के रास्ते अजमेर, जयपुर और जोधपुर के लिए तीन ट्रेनों का परिचालन हो रहा है। इसमें कोडरमा में रूकनेवाली 12307/12308 हावड़ा-जोधपुर एक्सप्रेस का ठहराव कोविड को लेकर स्थगित कर दिया गया है। बीस महीने से उक्त ट्रेन ग्रीन सिग्नल में पास कर रही है। जबकि एक और महत्वपूर्ण ट्रेन 12987 और 12988 अजमेर-सियाल्दा एक्सप्रेस एक दिसंबर 2021 से 28 फरवरी 2022 तक कोहरे की वजह से रद्द कर दिया गया है। ऐसे में उत्तरी छोटानागपुर के रामगढ़, हजारीबाग, गिरिडीह तथा कोडरमा के अलावा बिहार के नवादा, रजौली के यात्रियों को अजमेर शरीफ दरगाह और राजस्थान के कोटा, खटु श्याम जी आने-जाने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। दोहरीकरण और इंटरलॉकिंग को लेकर जम्मूतवी और लुधियाना है रद्द : वर्तमान में कोहरे के कारण उत्तर भारत के दिल्ली, मुंबई सहित अन्य राज्यों से आने-जाने वाली वीवीआइपी राजधानी सहित कई मेल एक्सप्रेस ट्रेनें तीन से आठ घंटे विलंब से आ रही है। वहीं दूसरी ओर देश के आलग-अलग राज्यों में इंटर लॉकिंग ओर दोहरीकरण कार्य को लेकर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। लखनउ, आलम नगर में चल रहे इंटर लॉकिंग को लेकर कोडरमा के रास्ते होकर चलनेवाली 13151 सियाहदा-जम्मूतवी एक्सप्रेस 19-22 जनवरी तथा 13152 जम्मूतवी-सियालदा एक्सप्रेस 21 से 24 तक रद्द कर दी गई है। इसी प्रकार 13307 गंगा सतलज एक्सप्रेस 15 से 22 जनवरी तक तथा 13308 24 जनवरी तक रद्द की गई है। इससे यात्रियों को परेशानी हो रही है।
टीम एबीएन, कोडरमा। धनबाद रेलमंडल के नेसुचुबा के अंतर्गत निचीतपुर और तेतुलमारी स्टेशनों के बीच किलो मीटर 284/19-21 आरयूबी का कार्य होगा। इसको लेकर 30 जनवरी, 10 एवं 22 फरवरी को ट्रैफिक एवं पॉवर ब्लॉक लिया जाएगा। इन तिथियों पर डबल लेन अंडर पास के निर्माण को लेकर नौ-नौ घंटे का ट्रैफिक सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक ट्रैफिक ब्लॉक के कारण छह पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। साथ ही 30 जनवरी, 10 एवं 22 फरवरी को कोडरमा होकर चलनेवाली लंबी दूरी की ट्रेनों के रुट बदले गए हैं। धनबाद रेल मंडल के पीआरओ पीके मिश्रा ने बताया कि इसमें हावड़ा-नई दिल्ली पूर्वा एक्सप्रेस, कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस तथा दुरंतो एसप्रेस धनबाद, कोडरमा, गया के बजाय आसनसोल, झाझा, जसीडीह, पटना, मुगलसराय के रास्ते चलाने का निर्णय लिया गया है। बताते चलें कि इसमें कोडरमा के रास्ते चलनेवाली 03545 व 03546 गया-आसनसोल व आसनसोल-गया मेमो पैसेंजर, 03553 व 03554 आसनसोल-वाराणसी तथा वाराणी-आसनसोल मेमो पैसेंजन कोडरमा नहीं आएंगी। 30 जनवरी को 12381 हावड़ा-नई दिल्ली पूर्वा एक्सप्रेस कोडरमा के बजाय आसनसोल, जसीडीह, पटना होकर चलेगी। इसी प्रकार 10 फरवरी को भी ट्रेनें इसी रूट से चलेंगी। जबकि 21 फरवरी को चलनेवाली 12382 नई दिल्ली-हावडा पूर्वा एक्सप्रेस कोडरमा के बदले पटना, झाझा, जसीडीह व आसनसोल होकर चलेगी। 20 जनवरी को चलनेवाली जम्मूतवी-कोलकाता एक्सप्रेस कोडरमा के बदले पटना, झाझा, जसीडीह व आसनसोन होकर चलेगी। 30 जनवरी, 10 और 22 फरवरी को 13151 कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस 40 मिनट लेट से चलेगी। इसके अलावा कई अन्य ट्रेनें मसलन सियालदह-आनंद विहार, पश्चिम बंगाल संपर्क क्रांति 22 फरवरी को 30 मिनट लेट से खुलेगी। कोलकाता आगरा कैंट 10 फरवरी को 90 मिनट विलंब से चलेगी।
टीम एबीएन, कोडरमा। कोविड वैक्सीनेशन को लेकर जिले में फैली भ्रांतिया और अफवाहें अब धुंधली पड़ती नजर आ रही है। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा समाज के हर तबके को टीकाकरण से आच्छादित करने का महाभियान अब जोर पकड़ रहा है। इसी कड़ी में आज जिले के कई बिरहोर टोलाओं (लोकाई, चितरपुर, बेकोबार, बंगखलार व अन्य) में चलंत टीकाकरण वैन के माध्यम से आदिम जनजाति परिवारों के 50 से अधिक लोगों का वैक्सीनेशन किया गया। उनमें से कई लोगों ने वैक्सीन का दूसरा डोज लिया तो वहीं 15 से 18 वर्ष के दर्जनों बच्चों ने कोविड का पहला डोज लिया। सभी बिरहोरों ने स्वास्थ्य विभाग के प्रति विशेष आभार प्रकट करते हुए ग्राउंड पर मेडिकल टीम को धन्यवाद कहा। मौके पर एसडीओ, बीडीओ कोडरमा एवं सीओ उपस्थित थे। इस दौरान एसडीओ ने वैक्सीनेशन के लिए बिरहोरों को प्रेरित किया और टीकाकरण से होने वाले फायदे बताए गए। साथ ही महोदय ने कहा कि यह देखकर काफी प्रसंता हो रही हैं कि आदिम जनजाति के लोग खुद आगे बढ़ कर वैक्सीन ले रहे हैं, सभी तबके के लोगों का टीकाकरण हो यही हमारी प्राथमिकता है। जल्द ही अन्य बाकी बचे बिरहोर कॉलोनी और टोला में कैम्प लगाकर या चलंत वाहन के जरिये वहां निवास करने वाले लोगों का शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन किया जाएगा।
टीम एबीएन, पलामू। पलामू ज़िले के शहर थाना पुलिस ने 3 माह पहले हुई चोरी की वारदात का खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में 2 अपराधियों को गिरफ्तार करने के साथ 2 मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। पकड़े गए अपराधियों की उम्र 18 वर्ष है। यह दोनों युवक चोरी करने के लिए ही शहर में किराए का मकान लेकर रह रहे थे। थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर अरुण महथा ने बताया कि पिछले वर्ष 17 अक्टूबर को पांकी रोड में सुरेश सिंह चौक के पास रहने वाले अश्विनी कुमार सिंह के घर से 2 मोबाइल फोन और 47 हज़ार रुपये की चोरी हुई थी। पुलिस लगातार इस मामले की जांच कर रखी थी। इस मामले में दोनों आरोपियों को पकड़ा गया है। पुलिस के समक्ष दर्ज कराई गई शिकायत में पीड़ित पक्ष की तरफ से अश्विनी कुमार ने बताया था कि घटना के दिन मां रोज की तरह सुबह करीब 5 बजे घर का दरवाजा खुला छोड़ मॉर्निंग वॉक पर गई थी। इसी दौरान चोर उनके घर में घुसे। मोबाइल व पैसा लेकर फरार हो गए। सुबह में 6:30 बजे अश्विनी की पत्नी उठीं तो देखा कि मोबाइल और पैसा गायब है। मामले की प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई। टेक्निकल सेल की मदद से पुलिस को चोरी किए गए 1 मोबाइल के गढ़वा ज़िला के नगर ऊंटारी इलाके में इस्तेमाल किए जाने का पता चला। पुलिस ने वहां पहुंच कर अनूप सिंह को पकड़ा। अनूप ने बताया कि बेटे ने उन्हें यह मोबाइल फोन दिया है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर दूसरे युवक को भी पकड़ा गया। दूसरे युवक के पास से दूसरा मोबाइल फोन भी बरामद हो गया। जांच में यह भी पता चला कि गिरफ्तार किया गया एक युवक चोरी के मामले में पहले भी जेल जा चुका है।
टीम एबीएन, गिरिडीह। गिरिडीह में भाकपा माओवादी संगठन ने फिर उत्पात मचाया। टॉप नक्सली कमांडर प्रशांत बोस की गिरफ्तारी के विरोध में प्रतिरोध दिवस मना रहे उग्रवादियों ने शुक्रवार देर रात दो मोबाइल टॉवर उड़ा दिए। खुखरा थाना क्षेत्र में हुई इस घटना की पुलिस जांच कर रही है। बता दें बीते दिनों भाकपा माओवादी के शीर्षस्थ नेता प्रशांत बोस गिरफ्तार कर लिए गए थे। इसके विरोध में नक्सलियों की ओर से प्रतिरोध दिवस मनाया जा रहा है। इस प्रतिरोध दिवस के तहत नक्सलियों ने यह उत्पात मचाया। उग्रवादियों ने गिरिडीह के खुखरा थाना क्षेत्र के जमुनियाटांड़ के समीप दो मोबाइल टावर को उड़ा दिए। यह घटना शुक्रवार देर रात की है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में कोरोना लगातार कहर बरपा रहा है। शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 2,015 नए मामले सामने आए, इनमें नौ मरीजों की मौत हो गई। राज्य के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार राजधानी रांची में 487 के साथ कई जिलों में 100 से ज्यादा लोग कोरोना संक्रमित मिले। अब राज्य में 23,770 सक्रिय मामले हैं। राज्य में अब तक कुल 5,244 लोग संक्रमण के चलते जान गंवा चुके हैं। आरटीपीसीआर-रैपिड एंटीजन टेस्ट के शुल्क में 100 रुपये घटाए : झारखंड सरकार ने एक आधिकारिक आदेश जारी कर कोविड-19 से जुड़ी जांच के शुल्क में 100 रुपये घटा दिए हैं। आदेश में कहा गया है कि राज्य सरकार ने तत्काल प्रभाव से कोविड-19 के लिए आरटीपीसीआर और रैपिड एंटीजन टेस्ट की दरों में 100 रुपये की कमी की है। राज्य में एक आरटीपीसीआर परीक्षण की कीमत अब 300 रुपये होगी और एक रैपिड एंटीजन टेस्ट 50 रुपये में कराया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह ने कहा कि परीक्षण सामग्री की कीमतों में कमी के बाद यह निर्णय लिया गया है। झारखंड में बीते गुरुवार को 2,617 लोग कोरोना संक्रमित मिले थे, इसके साथ ही यहां कुल मामलों की संख्या 4,12,939 हो गई थी। जबकि 12 लोगों की मौत होने से मरने वालों की कुल संख्या 5,225 तक पहुंच गई थी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.