हजारीबाग। बरकट्ठा प्रखंड के एक पंचायत सेवक उदित नारायण बर्मन को एसीबी की टीम ने शुक्रवार को पांच हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार किया है। टीम ने प्रखंड कार्यालय परिसर के पीछे लाभुक से पैसे ले रहे पंचायत सेवक को गिरफ्तार कर लिया। पंचायत सेवक ने प्रधानमंत्री आवास योजना की पहली किस्त भुगतान को लेकर चुगलामो पंचायत निवासी अजय चौधरी से पांच हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने उसकी गिरफ्तारी का जाल बिछाया। लाभुक निर्धारित समय के अनुसार उसके किराए के आवास पर पैसा लेकर पहुंचे। पैसा हाथ में लेते ही टीम ने उसे धर लिया। पुष्टि के लिए पैसा पकड़ने के बाद उसका हाथ पानी में डलवाया गया। हाथ डालते ही पानी का रंग गुलाबी हो गया। टीम उसे गिरफ्तार कर हजारीबाग ले गई।
गिरिडीह। भीषण सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं एक गंभीर रूप से घायल है। मरने वाले तीनों गिरिडीह के जमुआ प्रखंड के परगोडीह के रहने वाले बताये जा रहे हैं। तीनों की पहचान सम्राट होटल संचालक छोटू यादव, प्रदीप यादव और एक अन्य के रूप में हुई है। चारों स्कॉर्पियो से बिहार के चकाई जाने के लिए निकले थे। देवरी थाना क्षेत्र के बिलोटांड़ गांव के पास स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में मौके पर ही तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं एक गंभीर रूप से घायल हैं।
रांची (डॉ संदीप बनर्जी)। आर्किड मेडिकल सेंटर ने पेल्विनिक स्पेशलाइज्ड प्रॉक्टोलॉजी एंड लेप्रोस्कॉपी सेंटर दिल्ली के अपने समझौता की जानकारी दी। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को आर्किड अस्पताल के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी पी.के गुप्ता, कंसलटेंट लेप्रोस्कोपिक सर्जन गीता प्रसाद, मेडिकल सुपरिटेंडेंट, अंजनी कुमार और लेप्रोस्कॉपी सेंटर के सीनियर कंसलटेंट लेप्रोस्कोपिक कोलो प्रॉक्टोलॉजिस्ट संदीप बनर्जी ने संबोधित किया। आॅर्किड मेडिकल सेंटर एच.बी. रोड रांची में स्थित एक अत्याधुनिक मल्टी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल है। आर्किड हॉस्पिटल सभी अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त एवं 24 घंटे आपातकालीन सेवा उपलब्ध कराने वाला झारखंड का एक किफायती अस्पताल है। दिल्ली/एनसीआर के प्रमुख प्रॉक्टोलॉजी और लेप्रोस्कोपिक केंद्रों में से एक पेलवनिक ने 29 सितंबर 2021 को सुपरस्पेशल्टी अस्पताल आर्किड मेडिकल सेंटर के साथ रांची में अपना पहला केंद्र लॉन्च किया है। यह प्रक्रियाओं के लिए सामान्य सर्जरी विभाग में एंड टू एंड उपचार प्रदान करता है। जैसे लेप्रोस्कोपिक वेट लॉस सर्जरी, हर्निया सर्जरी, एंटीरैफ्लक्स सर्जरी, कोलोस्टॉमी और इलियोस्टॉमी मरम्मत, छोटी आत एनास्टोमोसिस, थायराइड सर्जरी, ब्रेस्ट सर्जरी, गॉलब्लैडर स्टोन सर्जरी, लिवर सिस्ट, हाइड्रेटेड सिस्ट, लेप्रोस्कोपीक एपेंडेक्टोमी वेरीकोसेले सर्जरी, वेरीकोसिलेक्टोमी गायनेकोमास्टिया, पाइल्स, फिस्ट पिलोनाइडल साइनस, फोडा, रेक्टल प्रोलेप्स, कोलोरेक्टल कैंसर, पाइल्स के लिए स्टेपलर सर्जरी, फिशर, फीसटुला, लेजर फिस्टुला, फ्लैप सर्जरी, गोदा फोड़ा, कोलन और रेक्टल पॉलीप कोलोरेक्टल कैंसर, लेप्रोस्कोपिक सर्जरी, रेक्टल प्रोलेप्स, रेक्टोपेक्सी, आॅब्स्ट्रक्टेड डिफेक्शन सिंड्रोम/ विशेषज्ञों की टीम में लेप्रोस्कोपी और प्रॉक्टोलॉजी सर्जरी के अनुभवी डाक्टर शामिल है। इससे मरीज एक ही छत के नीचे सभी उन्नत सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। पेलविनिक ने हमेशा लोगों को उच्च गुणवत्ता और निर्बाध सर्जिकल अनुभव प्रदान करने के लिए सामान्य सर्जरी विभाग के लिए एक उन्नत यूनिट स्थापित करने की आवश्यकता महसूस की है। कंसलटेंट लेप्रोस्कोपिक सर्जन गीता प्रसाद, संदीप बनर्जी के साथ लेप्रोस्कोपी और लेजर प्रक्रियाओं के लिए सामान्य सर्जरी विभाग का नेतृत्व करेंगी। (लेखक आर्किड हॉस्पीटल रांची से जुड़े हैं।)
रांची। पूर्व में जिला के शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला शिक्षा अधीक्षक खूंटी पर गंभीर आरोप लगते आ रहे हैं। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने भी जिले के उपायुक्त को शिक्षकों की समस्याओं से अवगत कराया था। केवल शिक्षक-शिक्षिकाएं ही नहीं। उनके एक कार्यालय कर्मी कार्तिक भगत कुछ दिन पहले उनके अमर्यादित व्यवहार से बेहोश होकर कार्यालय में ही गिर पड़े। उसके बाद कलमबंद हड़ताल पर चले गये। विभाग का कौन सा वरदान इन्हें प्राप्त है कि हर बार मूकदर्शक बना रहता है। इसी का परिणाम है कि जमशेदपुर की तरह खूंटी जिला में भी पांच साल से कम अनुभवी स्नातक प्रशिक्षित शिक्षकों को प्रभारी प्रधानाध्यापकों बनाया जा रहा है। जो विभागीय नियमों के प्रतिकुल है। विभागीय नियमानुसार पांच साल का कार्यानुभव आवश्यक है। जबकि खूंटी जिला में जिला शिक्षा पदाधिकारी महेंद्र पांडेय के द्वारा वर्ष 2019 में नियुक्त प्यारी हुन्नी पुर्ती-उत्क्रमित उच्च विद्यालय ईचा तोरपा, सोनी खलखो-उत्क्रमित उच्च विद्यालय भंडरा खूंटी, मनिक साय पाहन- उत्क्रमित उच्च विद्यालय लांदूप खूंटी, जुलिता कंडीर उत्क्रमित उच्च विद्यालय जाते मुरहू, स्वदेश कुमार रॉय-उत्क्रमित उच्च विद्यालय हुसीर तोरपा, प्रमिला कुमारी-उत्क्रमित उच्च विद्यालय गुल्लू मुरहू, चमर उरांव- उत्क्रमित उच्च विद्यालय छाता कर्रा, राहिल मुंडू-उत्क्रमित उच्च विद्यालय मरांगहादा खूंटी, बंधु टुटी-उत्क्रमित उच्च विद्यालय डोरया अड़की, सुमन कुमार सेठ- उत्क्रमित उच्च विद्यालय कोटा अड़की, सुबोध कुजूर- उत्क्रमित उच्च विद्यालय बिरदा कर्रा, रेखा डांग-उत्क्रमित उच्च विद्यालय चुरदाग तोरपा, पुरूषोत्तम सिंह-उत्क्रमित उच्च विद्यालय पेलोल मुरहू, एफ्रेसिंया तोपनो-उत्क्रमित उच्च विद्यालय हारूहप्पा कर्रा, शशिकला होरो- राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय जरियागढ़ कर्रा, एवं राज कुमार महतो-राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय तारूप खूंटी को जिले के विभिन्न उच्च विद्यालयों में प्रभारी प्रधानाध्यापक बनाया गया है। गौरतलब है कि इसमें क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक (क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक) रांची का भी अनुमोदन प्राप्त है। मामला का संज्ञान में आते ही,अन्य जिलों में जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा अपने ही आदेश को वापस लेकर प्रारंभिक विद्यालयों के वरीय शिक्षकों को प्रभार देने की तैयारी की जा रही है। अब इंतजार है खूंटी जिला शिक्षा पदाधिकारी के इस फैसले पर विभाग क्या कार्रवाई करती है...? उक्त जानकारी भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमाकांत महतो ने दी है।
चतरा। सिमरिया पुलिस ने सोमवार की रात बगरा मोड़ के समीप से छह ट्रक मवेशियों को पकड़ा है। मवेशियों की कुल संख्या 146 थी, जिसे अमानवीय ढंग से ट्रकों में लादकर तस्करी के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। पुलिस ने ट्रक चालकों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि जब्त मवेशियों को गौरक्षणी चतरा को सौंपने की कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर ट्रकों में मवेशी लादकर एनएच 99 सड़क से गुजर रहे हैं। सूचना के आलोक में त्वरित कार्रवाई की गई और बगरा मोड़ के समीप पुलिस बल को तैनात किया गया। पुलिस बल ने सफलतापूर्वक कार्रवाई करते हुए ट्रकों को जप्त कर लिया। उन्होंने बताया कि ट्रकों में मवेशी ठूस-ठूस कर भरे हुए थे। जिसमें तीन बछड़ों की मौत हो गई है। इधर जैसे ही पुलिस ने जब्त ट्रकों को सिमरिया के शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय परिसर में लाया। जहां मवेशी लेने वालों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जिससे नियंत्रित करने के लिए पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी। इस बीच भाजपा, आरएसएस, बजरंग दल आदि के कार्यकर्ता पहुंचे और तस्करों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
लातेहार। लातेहार थाना क्षेत्र के नावाग्रढ़ पंचायत के सलैया जंगल में सुरक्षाबलों और जेजेएमपी उग्रवादियों के बीच लातेहार के नवागढ़ के जंगल में मुठभेड़ हुई जिसमें झारखंड जगुआर के असिस्टेंट कमांडेंट घायल हो गए. जानकारी के अनुसार यह मुठभेड़ की घटना उग्रवादी संगठन जेजेएमपी और सुरक्षाबलों के बीच हुई है दोनों ओर से हुई गोलीबारी में झारखंड जगुआर के असिस्टेंट कमांडेंट राजेश कुमार घायल हो गए है। घायल असिस्टेंट कमांडेंट को चॉपर से एयरलिफ्ट कर रांची भेज दिया गया है। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है। बताया जाता है कि कोबरा एवं जगुआर के टीम नवागढ़ के सलैया जंगल में जेजेएमपी उग्रवादियों की सूचना पर सर्च आॅपरेशन में निकले हुए थे। इस मुठभड़े में एक उग्रवादियों को भी मारे जाने की सूचना है। घटना स्थल से पुलिस ने कई हथियार जिसमें एके47 राईफल भी बरामद किया गया है। दोनों ओर से हुई गोलीबारी में सुरक्षाबलों को भारी पड़ता देख उग्रवादी घने जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। सुरक्षाबलों के द्वारा उग्रवादियों की धरपकड़ के लिए जंगल में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
रांची। हजारों की संख्या में सहायक पुलिसकर्मी सोमवार को रांची के मोरहाबादी मैदान पहुंचे। इनका कार्यक्रम पहले से तय था। अपनी मांग को लेकर सभी आंदोलन करने की तैयारी में हैं। इनकी योजना सीएम आवास और राजभवन को भी घेरने की है। वहीं पुलिस इन्हें मोरहाबादी से निकलने देने के मूड में नहीं है। मोरहाबादी के चारों तरफ बैरिकेडिंग की गई है। साथ ही साथ सीएम आवास और राजभवन जाने वाली सड़क पर भी बैरिकेट्स लगा दिये गये हैं। रैफ और जिला पुलिस के एक हजार जवानों को तैनात कर दिया गया है। डीएसपी समेत कई पदाधिकारी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। सिटी एसपी सौरभ का कहना है कि इन्हें मोरहाबादी से निकलने की इजाजत नहीं है। जोर-जबरदस्ती करने पर पुलिस विधि सम्मत कार्रवाई करेगी।
खूंटी। जिले में चाईबास पुलिस, खूंटी पुलिस और झारखंड जगुवार के संयुक्त ऑपेरशन के दौरान एक बार फिर प्रतिबंधित संगठन पीएलएफआई सुप्रीमो दिनेश गोप चकमा देकर बच निकला। रनियां थाना क्षेत्र और चाईबासा जिला के गुदड़ी थाना के सीमावर्ती इलाकों में नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपेरशन चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। जानकारी के अनुसार पुलिस जैसे ही नक्सलियों के संदिग्ध इलाकों में पहुंची, तभी नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की संयुक्त टीम ने भी फायरिंग शुरू की। पुलिस को भारी पड़ता देख पीएलएफआई सुप्रीमो दिनेश गोप और उसका सहयोगी झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान एक लोडेड कार्बाइन, एक मैगजीन, 55 राउंड गोली, 29 मोबाइल, 11 चार्जर, 10 पिठ्ठू बैग, पीएलएफआई का पर्चा, साहित्य और दैनिक उपयोगी सामान बरामद किए गए। एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि पीएलएफआई सुप्रीमो दिनेश गोप अपने सहयोगी मार्टिन केरकेट्टा, तिलकेश्वर गोप, कृष्णा यादव, अवधेश जयसवाल उर्फ चूहा समेत कई अन्य इनामी नक्सलियों के साथ मिलकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा था। जिसके बाद एएसपी अभियान और तोरपा एसडीपीओ के नेतृत्व में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इसी दौरान नक्सलियों से मुठभेड़ हो गई। इससे पहले भी 17 दिसंबर 2020 को हुए मुठभेड़ में दिनेश गोप बच गया था। वहीं 16 जुलाई 2021 को नक्सली शनिचर सुरिन मारा गया था। लेकिन दिनेश गोप फरार हो गया था। वहीं 27 जून को भी हुए मुठभेड़ में वह भागने में सफल रहा था। सितंबर में हुए मुठभेड़ में भी पीएलएफआई सुप्रीमो सुरक्षाबलों को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा था।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse