टीम एबीएन, रांची। देश के आकांक्षी जिलों में शामिल आदिवासी बहुल सिमडेगा के लिए 22 जनवरी का दिन ऐतिहासिक रहा। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां के उपायुक्त सुशांत गौरव से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये जिले में चल रही केंद्र प्रायोजित योजनाओं की जानकारी ली है। उपायुक्त ने भी पीएम को सिमडेगा के विकास और इसके राह में आने वाली चुनौती से अवगत कराया। देश के पिछड़े जिलों में सिमडेगा का स्थान चौथा है। आदिवासी बहुल इस जिले को विकास की पटरी पर लाने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। इसी योजनाओं और विकास कार्यों की गति की जानकारी उपायुक्त से पीएम मोदी ने ली है। पीएम के साथ अपने वार्ता में उपायुक्त ने बताया कि सिमडेगा पठारी क्षेत्र है। यहां खेती और मिट्टी का कटाव समेत कई चुनौतियां है। उपायुक्त ने बताया कि जिले में 15 सौ परिवारों को सोलर लिफ्ट इरिगेशन के माध्यम से 5 हजार एकड़ भूमि पर सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे यहां कृषि का विकास हुआ। उपायुक्त ने बताया कि सिमडेगा में 25 हजार एकड़ भूमि में रागी का उत्पादन किया गया है। साथ ही पीएम को बताया गया कि जिले में स्वास्थ्य को लेकर बेहतर कार्य किए गए हैं। सदर अस्पताल को उच्च कोटि की सुविधा से लैस किया गया है, जिससे जिलेवासियों को बेहतर स्वास्थ्य लाभ मिल रहा है। प्रधानमंत्री के समक्ष अपनी बातों को रखते समय उपायुक्त सुशांत गौरव उस समय भावुक हो गए। जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे पूछा कि जिले में अपने अधिकारियों की टीम के साथ आप कैसे कार्य करते हैं और उन्हें किस प्रकार कार्य के लिए मोटिवेट करते हैं। इस पर उपायुक्त ने भावुकता के साथ अपनी पूरी टीम और जिले वासियों का भरपूर सहयोग बताते हुए अपना पक्ष रखा। पीएम के साथ वार्ता में सिमडेगा में खेल और खेल की सुविधा पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने बताया कि सिमडेगा में हाॅकी की दो नेशनल प्रतियोगिता भी हुई। ओलंपिक खिलाड़ी सलीमा टेटे का जिक्र करते हुए उपायुक्त ने बताया कि 30 चट ग्राउंड और एक एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम का निर्माण होना है। साथ ही उपायुक्त ने पीएम को बताया कि जिले के स्कूलों में बच्चों के अनुकूल सुविधा भी बढ़ाई गई है।
टीम एबीएन, जमशेदपुर। सेक्रेड हार्ट कान्वेंट स्कूल ने स्थापना के 78वें साल में प्रवेश कर लिया है। 22 जनवरी 1945 को पहली बार इस स्कूल में पढ़ाई शुरू हुई थी। इन 77 वर्षों में स्कूल शहर का गौरव बन गया है। इस स्कूल ने कई मेधावी छात्राएं देश को दिए, जो आज उच्च पदों पर रहकर देश की सेवा कर रही हैं। इस स्कूल की स्थापना के पीछे भी दिलचस्प कहानी है। जब टाटा आयरन एंड स्टील कंपनी की स्थापना हुई थी, तब यहां शिक्षा का कोई माहौल नहीं था। कंपनी के विस्तारीकरण के साथ शहर की आबादी भी बढ़ने लगी। तब टाटा कंपनी ने शिक्षा के क्षेत्र में विकास करना शुरू किया। कंपनी ने कर्मचारियों के बच्चों की शिक्षा के लिए एक के बाद एक कई स्कूल खोले। शिक्षा के विकास के लिए इसी क्रम में ईसाई धर्मावलंबियों ने एक स्कूल खोला, जिसका नाम सेक्रेड हर्ट कान्वेंट स्कूल रखा गया। सेक्रेड हार्ट कान्वेंट स्कूल एक क्रिश्चियन स्कूल है, जिसका गठन अपोस्टोलिक कारमेल सिस्टर्स के धर्म परिषद में कैथोलिक चर्च में किया गया तथा उन्हीं के द्वारा यह संचालित है। यह स्कूल जमशेदपुर के बिशप के धार्मिक क्षेत्राधिकार में है। 15 जनवरी 1945 को इस स्कूल का गठन हुआ और 22 जनवरी 1945 से इसमें पढ़ाई शुरू हो गई। इस स्कूल की शुरुआत 5 बेल्डीह ट्राइंगल से हुई तथा बाद में सीएनआर हॉल तथा दलमा विला में इसे चलाया जाने लगा। टाटा आयरन एंड स्टील कंपनी ने स्कूल को पार्क रोड नॉर्दन टाउन में जमीन दी तथा जनवरी 1951 में वहां भवन बनाया गया, जो वर्तमान स्कूल है। मार्च 1952 में माध्यमिक परीक्षा में इस स्कूल का पहला बैच शामिल हुआ। वर्तमान में स्कूल की प्रिंसिपल सिस्टर रश्मिता एसी वर्ष 2019 से स्कूल का संचालन कर रही हैं।
टीम एबीएन, कुडू (लोहरदगा)। कुडू थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए एक शातिर अंतर जिला बाइक चोर गिरोह का पदार्फाश किया है। और बाइक चोरी में संलिप्त कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। वहीं चोरों के कब्जे से तकरीबन 10 लाख रुपए की कीमत की 21 बाइक बरामद कीया है। जिसमे यामाहा, पल्सर, केटीएम, हीरो आदि विभिन्न कंपनियों की 17 मोटरसाइकिल और 4 स्कूटी शामिल है। सालों से बाईक चोरी के धंधे में सक्रिय यह चोर गिरोह के सदस्य चोरी करके गिरोह में शामिल मैकनिक द्वारा मोडिफाई कर लोहरदगा और आसपास के जिले के अंचल और ग्रामीण क्षेत्र में सस्ते दामों में बेचते थे। शनिवार 22 जनवरी को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बशिष्ठ नारायण सिंह ने कुडू थाना में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि लोहरदगा एसपी प्रियंका मीणा के आदेश के बाद उनके के नेतृत्व में गठित टीम जिसमे इन्स्पेक्टर सीएम हांसदा, कुडू थाना प्रभारी अनिल उरांव, पुअंनि सलन पॉल केरकेट्टा, सिदो मुर्मु, राधा रागिनी, सअनि संजय कुमार, रामदेव कुमार राय, राजकुमार बैठा, अलवीना लकड़ा के अलावा सशत्र बल के जवान शामिल थे। टीम द्वारा चडरा स्कुल के समीप बाइक से आ रहे दो युवक आनंद उरांव और नीरज उरांव को डिटेन कर पूछताछ की गयी। इसके बाद राज खुलते गए। जिसके बाद लातेहार, घाघरा, सिसई और लोहरदगा शहर और विभिन्न गांव से कुल 21 बाइक बरामद की गयी। उन्होंने बताया कि शातिर बाइक चोरों की यह टोली लोहरदगा और आसपास के कई जिलों से बाइक उड़ाते थे। ये लोग बाइक की चोरी कर उसे मोडीफाई कर एवं उसका नम्बर बदल कर बिक्री करने का काम करते थे। पकड़ी गयी ज्यादातर बाइक का मॉडल बदल दिया गया है और उन्हें फर्जी नम्बर लगाकर चलाया जा रहा था। उन्होंने बताया कि जिले में यह एक बार में अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी है। इसके अलावा और भी कई बाइकें चोरी करने की बात कबूली हैं। जिनकी शिनाख्त की जा रही है। गिरोह का मास्टर माइंड अभी फरार है। जल्द ही उसे भी दबोच लिया जायेगा। एसडीपीओ श्री सिंह ने बताया कि इस उपलब्धि में कुडू थाना प्रभारी का अहम योगदान रहा। छापेमारी में शामिल पुलिस की टीम को जिले की एसपी द्वारा पुरुष्कृत किया जाएगा। चोरी की गाड़ी की खरीद-बिक्री में आठ गये जेल : मामले में गिरफ्तार कैरो थाना क्षेत्र के हन्हट गांव निवासी आनंद उरांव (19)पिता रामदेव उरांव, कुडू थाना क्षेत्र के ननतिलो गांव निवासी नीरज उरांव (20) पिता सुरेंदर उरांव और नितेश उरांव (20) पिता महावीर उरांव, लोहरदगा थाना क्षेत्र के कैमो केन टोली निवासी बबलू उरांव (21) पिता स्व भुनुवा उरांव, हिरही टोंगरी टोली निवासी छोटू बाखला (19) पिता सुरेश भगत और शुभम उरांव (20) पिता बारगी उरांव एवं ब्रह्मांडिहा करंज टोली निवासी विकास टाना भगत (21) पिता माया टाना भगत और कार्तिक उरांव (21) पिता बिरसा उरांव के खिलाफ कांड संख्या 10/2022 और संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर शनिवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
चतरा। केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि 2022 के चुनाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि योगी जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का समग्र विकास हुआ है और आतंक फैलाने वाले या तो जेल के सलाखों में हैं या उत्तर प्रदेश छोड़कर भाग खड़े हुए हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी के पूर्ववर्ती सरकार पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि 2012 से 2017 के कार्यकाल में कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह चौपट थी, लेकिन मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व वाली सरकार बनने के बाद उत्तर प्रदेश में अमन शांति व भाईचारा का माहौल है और 2022 के चुनाव में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ उत्तर प्रदेश में अपना सरकार बनाएगी। केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद पहली बार झारखंड के प्रसिद्ध इटखोरी मंदिर में पूजा अर्चना करने पहुंची थी। इस मौके पर सिमरिया के विधायक किशुन कुमार दास, भाजपा के जिला अध्यक्ष अशोक शर्मा व पूर्व विधायक जनार्दन पासवान, जिला महामंत्री मृत्यंजय सिंह, विधायक प्रतिनिधि सुधीर राय, भद्रकाली मंदिर प्रबंधन समिति के पदेन अध्यक्ष सह चतरा के अनुमंडल पदाधिकारी मुमताज अंसारी, सदस्य रत्न शर्मा, सुरेन्द्र सिंह सहित भाजपा के सभी कार्यकर्ता मौजूद थे।
सिमरिया। पुलिस ने शनिवार को तीन सोलर चोरों को पकड़ कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार चोरों में विशाल कुमार, राजन कुमार उर्फ लंगड़ा, और साहेब उर्फ नेपाली का नाम शामिल है। तीनों प्रखंड मुख्यालय के रहने वाले हैं। थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि तीनों नशा पान करते हैं। इसी क्रम में छोटी मोटी चोरी भी करते हैं। इन लोगों ने मुख्यालय से कई सोलर प्लेट मोबाइल आदि की चोरी को स्वीकार किया है। इन पर प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। इन चोरों को ग्रामीणों ने सिमरिया चौक पर सोलर प्लेट की चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ा और पुलिस को सौंप दिया था।
धनबाद। जिला गिरिडीह की रहने वाली पोषण सखी उर्मिला देवी उम्र 35 के पति की मौत इलाज के अभाव में पीएमसीएच धनबाद में हो गई। मृत निजाम कोल 38 वर्ष के थे इनकी मृत्यु मानदेय ना मिलने के कारण इलाज के अभाव में हुआ, मृतक का एक बेटा व दो बेटी छोड़ गए बेटा रोहित 18 वर्ष बेटी खुशबू 16 वर्ष बेटी पूजा 20 वर्ष ग्राम ताराटांड़ पोस्ट ताराटांड़ जिला गिरिडीह के रहने वाले थे। बताते चलें कि पोषण सखी का 10 माह से मानदेय भुगतान को लेकर निरंतर आंदोलन धरना प्रदर्शन करती रही हैं विधानसभा सत्र में भी निरसा विधायक अपर्णा सेनगुप्ता बगोदर विधायक विनोद सिंह पोषण सखियों के समर्थन में मानदेय भुगतान को लेकर विधानसभा सत्र में भी धरना पर बैठे थे। परंतु आज तक इन पोषण सखियों को मानदेय का भुगतान नहीं हो पाया है, और निरंतर पोषण सखियों के घर परिजन इलाज के अभाव में एक-एक करके काल के गाल समाते जा रहे हैं। घटना की सूचना पाकर घटनास्थल पर संघ के धनबाद जिला अध्यक्ष डिंपल चौबे प्रदेश अध्यक्ष अंजनी कुमारी पासवान प्रदेश महासचिव पार्वती सोरेन, धनबाद जिला उपाध्यक्ष भारती कुमारी घटनास्थल पर पहुंचकर मृतक के परिजन को सांत्वना प्रदान किया साथ ही मृतक के परिवार को सरकारी लाभ मुहैया कराने की मांग सरकार से की है ।
धनबाद। धनबाद नगर निगम ने हीरापुर हटिया में पॉलिथीन के खिलाफ शनिवार को अभियान चलाया। मिठाई, किराना सहित अन्य दुकानों में छापेमारी कर प्लास्टिक बैग जब्त किया गया। दुकानदारों से जुमार्ना वसूला गया। नगर निगम के पदाधिकारियों ने कहा कि अभियान चलता रहेगा। बताते चलें कि प्रतिबंध के बावजूद बाजार में पॉलीथिन का उपयोग हो रहा है। ठेला से लेकर दुकानों में भी पॉलिथीन का उपयोग किया जा रहा है। पर्यावरण के लिए प्लास्टिक का उपयोग काफी घातक है। ज्ञात हो कि पिछले दिनों प्लास्टिक बैन को लेकर एक युवती ने नगर निगम कार्यालय में खूब हंगामा भी कीं थी। प्लास्टिक बैन के बावजूद शहर में प्लास्टिक का इस्तेमाल होने पर युवती ने नगर निगम की व्यवस्था पर भी सवाल उठाया था।
बाघमारा। सरकार रहे या न रहे सिंह मेंशन हमेशा गरीबों व असहायों की मदद निरंतर करता आ रहा है। उक्त बातें माटिगढ़ डेम स्थित जमुनिया नदी तट पर शनिवार को जमसं (कुंती गुट) की ओर से आयोजित वनभोज सह मिलन समारोह को संबोधित करते हुए झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह की पत्नी रागिनी सिंह ने कही। उन्होंने कहा कि प्रखंड प्रधान मीनाक्षी रानी गुड़िया के संघ में आने के बाद से संगठन को ओर मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में मौजूद गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद रवींद्र पांडेय ने कहा कि जनता मजदूर संघ बराबर मजदूरों के हित मे कार्य किया जिसका नतीजा है कि दिन प्रतिदिन विभिन्न कोलियरियों में सदस्यता बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मनीष सिंह के संघ का महामंत्री बनने से उम्मीद है कि आने वाले दिनों में संघ आगे बढ़ेगा। वहीं संघ के नवमनोनित महामंत्री मनीष सिंह ने कहा कि ऊजार्वान सदस्यों का परिणाम है कि जमसं दिन प्रतिदिन आगे बढ़ने का काम कर रहा है। मौके पर गोपाल मिश्रा, मीनाक्षी रानी गुड़िया, नम्रता सिंह, मंगल हेंब्रम, परमेंद्र सिंह,विजय चौहान, गणेश सिंह सहित अन्य मौजूद थे।
कतरास। शुक्रवार को बीसीसीएल क्षेत्र संख्या 4 के अंतर्गत चल रहे अंबे माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड आउटसोर्सिंग कंपनी के कांटा पहाड़ी ओपन कास्ट प्रोजेक्ट में अवैध उत्खनन में चाल रखने के दौरान 13 वर्षीय बच्ची रानी कुमारी दब गई, और गंभीर रूप से घायल हो गई। आनन-फानन में बच्ची को इलाज के लिए स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद एसएनएमएमसीएच रेफर कर दिया है। फिलहाल बच्ची धनबाद के सरकारी अस्पताल में जिंदगी और मौत से जंग लड़ रही है। बच्ची लकड़का चार नंबर की रहने वाली है। बच्ची की मां मंजू देवी ने बताया कि उनके पति नहीं है और सिर्फ दो बेटी है ना ही उनके पास राशन कार्ड है और ना ही उन्हें विधवा पेंशन मिलता है। घर की माली हालत अच्छी नहीं है। जिसके कारण दोनो बच्ची कोयला लाकर बेचती है, जिससे जीवन यापन होता है। बताते चलें कि जिले में अवैध उत्खनन एवं अवैध ट्रांसपोर्टिंग को रोकने के लिए 4 अक्टूबर 2021 को धनबाद के टाउन हॉल में धनबाद उपायुक्त की अध्यक्षता में कोआर्डिनेशन कमेटी की बैठक हुई थी। इस बैठक में उपायुक्त के अलावा एसएसपी संजीव कुमार, एडीएम लॉ एंड आॅर्डर डॉ कुमार ताराचंद, अनुमंडल पदाधिकारी प्रेम कुमार तिवारी, डीपीओ महेश भगत, सीआईएसएफ के डीआईजी विनय काजला, कमांडेंट शेखर रमोला, बीसीसीएल तथा ईसीएल के महाप्रबंधक सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी मौजूद थे। इस बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि जिले में किसी भी कीमत पर अवैध उत्खनन एवं अवैध ट्रांसपोर्टिंग नहीं होने दी जाएगी। उसके बावजूद भी आए दिन इस तरह की घटना सामने आ रही है। इससे यह प्रतीत होता है कि कोआर्डिनेशन कमेटी के सदस्य आपस में समन्वय स्थापित कर के काम नहीं कर पा रहे हैं। इस घटना से पहले भी बुट्टु बाबू के बंगला के समीप कांटा पहाड़ी में हो रहे अवैध उत्खनन में कई लोगों की जान जा चुकी है। ऐसी घटनाओं में कई बार शासन प्रशासन के पास खबर नहीं पहुंच पाती है और कई लोग गुमनाम मौत के शिकार हो जाते हैं। आउटसोर्सिंग कंपनी, बीसीसीएल प्रबंधन सीआईएसएफ एवं स्थानीय पुलिस भी आंख में काली पट्टी बांधे हुए हैं, जहां एक और बाघमारा में खनिज संपदा की लूट हो रही है वहीं दूसरी ओर सरकारी राजस्व को भारी नुकसान हो रहा है। जिले में दर्जनों जगह अवैध उत्खनन चरम पर है। कई सफेदपोश लोग अवैध मिनी खदान भी चला रहे हैं। जिसके कारण अवैध डिपो का संचालन भी दिन के उजाले में धड़ल्ले से किया जा रहा है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.