टीम एबीएन पलामू। पिछले 15 दिनों से झारखंड में मौसम का मिजाज बिगड़ा है। शनिवार शाम से पलामू में एक बार फिर मौसम खराब हो गया है। कई इलाकों में बारिश हुई है, जबकि कई इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है। बेमौसम बारिश से कई किसानों की दलहन और सब्जी की फसल पर बुरा असर पड़ा है। पलामू के तरहसी, सतबरवा, पड़वा, हरिहरगंज, पांडू, हुसैनाबाद के इलाके में बेमौसम बारिश और कोहरे ने आलू, गोभी, टमाटर, बींस, बैगन की फसल को नुकसान पहुंचाया है। जिले के कई इलाकों के किसानों ने बताया कि दलहन में अरहर, चना, मसूर के पौधे बारिश के कारण खराब हो गए हैं। इससे पैदावार प्रभावित होने की आशंका पैदा हो गई है। हरिहरगंज के इलाके के किसान रामसूरत ने बताया कि बेमौसम बारिश से करीब तीन एकड़ में लगाई आलू और गोभी की फसल बर्बाद हो गई है। वहीं सतबरवा के इलाके में एक किसान की बींस और अन्य हरी सब्जियों की फसल बर्बाद हो गई है। उन्होंने बताया कि कोविड 19 के काल में बेहद ही कम कीमत पर सब्जी बिकी थी। अब इस बार मौसम ने फसल को खराब कर दिया है। इससे उन्हें करीब 70 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। इधर बिरसा कृषि अनुसंधान केंद्र के वैज्ञानिक प्रमोद कुमार ने किसानों को सलाह दी है। उन्होंने कहा कि किसानों को सतर्क रहने की जरूरत है। जिन फसलों में जरूरत हो उसमें कीटनाशक का छिड़काव कर दें। उन्होंने बताया कि बदले मौसम के कारण फसल प्रभावित हुई है। बता दें कि पलामू में जनवरी में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक कम हो चुका है, जबकि कई इलाकों में लगातार कोहरा छाया हुआ है।
टीम एबीएन, रांची। खराब मौसम का असर रविवार को विमान सेवाओं पर व्यापक तौर पर पड़ा। परिस्थिति ऐसी रही कि एक अवधि तक बिरसा मुंडा एयरपोर्ट में न विमान अन्य शहरों से आ रहे थे और न ही यहां से उड़ान भर रहे थे। इस कारण सैकड़ों यात्री की कनेक्टिंग फ्लाइट छूट गई। कइयों ने विमानों के विलंब होने के कारण अपनी यात्रा तक रद्द कर दी। सुबह के समय में 1000 मीटर से कम विजिबिलिटी रांची की हो गई थी। वहीं शाम में यह स्थिति और गंभीर हो गई और विजिबिलिटी 50 मीटर तक पहुंच गई। इससे विमानों के परिचालन में काफी दिक्कत आ गई। जिस कारण शाम में रांची से उड़ान भरने वाले छह विमानों को रद्द करना पड़ा। इस दौरान छह घंटे तक बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर परिचालन भी ठप रहा।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में कोरोना संक्रमण की तेज रफ्तार अब धीमी हो चली है। नए कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार कम हो रही है। लेकिन चिंता की बात यह है कि हर दिन बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत भी हो रही है। झारखंड में 23 जनवरी को 46 हजार 488 सैंपल की जांच में 1269 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं 3423 कोरोना संक्रमित ठीक भी हुए हैं। इस बीच कोरोना से राज्य में 08 लोगों की मौत हुई है। राज्य में अबतक कोरोना से 5261 लोगों की जान गयी है। रविवार को 3423 संक्रमित के कोरोना मुक्त होने के बावजूद राज्य में एक्टिव केस की संख्या 19 हजार 466 है। राज्य के सभी जिले में रविवार को कोरोना के नए मामले मिले हैं। 23 जनवरी 2022 को जहां-जहां नए केस मिले हैं, उसमें सबसे ज्यादा दुमका में 285 नए केस मिले हैं। वहीं रांची में 199 और जमशेदपुर में 224 नए मामले मिलने की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने की है। रांची सहित 04 जिले ऐसे हैं, जहां 100 या उससे से ज्यादा नए संक्रमित 23 जनवरी को मिले हैं।
टीम एबीएन, रांची। कार्यशील पूंजी के लिए एचईसी हर दिन प्रयास कर रहा है। इसके लिए एचईसी ने केंद्र सरकार से फिर एक बार खाली जमीन लीज पर देने और आवासों के लिए एलटीएल स्कीम शुरू करने का अनुमति मांगी है। इसके लिए भारी उद्योग मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा गया है। एचईसी की वर्तमान स्थिति का हवाला देते हुए पूंजी के लिए इन स्कीम को शुरू करने की इजाजत मांगी गयी है। केंद्र सरकार ने इसके पूर्व एचईसी को आर्थिक मदद करने से इनकार कर दिया था और अपने ही संसाधन से प्लांटों को चलाने और सभी देनदारियों का भुगतान करने को कहा था। एचईसी ने मंत्रालय को भेजे गए पत्र में कहा है कि एचईसी के पास खाली जमीन ही पूंजी जुगाड़ करने के लिए संसाधन है। ऐसे में करीब 200 एकड़ जमीन सरकारी प्रतिष्ठानों को लीज पर देकर कार्यशील पूंजी का जुगाड़ हो सकता है। जमीन लीज पर लेने के लिए कई कंपनियों ने आवेदन दिया है। इसमें कुछ का चयन किया गया है और केंद्र सरकार की ओर से निर्धारित दर पर ही लीज दी जाएगी। निदेशक मंडल ने भी इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी थी, लेकिन तब मंत्रालय ने इसकी अनुमति नहीं दी थी। फिलहाल एचईसी घोर आर्थिक संकट के दौर से गुजर रहा है। ऐसे में जमीन लीज पर देकर कार्यशील पूंजी की कमी दूर की जा सकती है।
टीम एबीएन, रांची। भारतीय किसान संघ झारखंड प्रान्त की बैठक 29 जनवरी 2021 को दिन 10.30 बजे रांची रुक्का रोड स्थित शाश्वत बीएड कॉलेज में होना सुनिनिश्चित हुआ है। इस बैठक में प्रान्तीय कार्यकारिणी के साथ - साथ सभी कार्युक्त जिलों के अध्यक्ष, मंत्री, कोषाध्यक्ष एवं जिलों के सदस्यता अभियान प्रभारियों की उपस्थिति अपेक्षित है। सौभाग्य से इस बैठक में अपने अखिल भारतीय क्षेत्र संगठन मंत्री माननीय प्रकाश नारायण तिवारी जी का मार्गदर्शन भी प्राप्त हो सकेगा। किसी भी प्रकार के कठिनाई की अवस्था में सचल दूरभाष संख्या 7488847199 एवं 9431171931 पर सम्पर्क करें। उक्त जानकारी संघ के प्रकाश कुमार सिंह ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।
टीम एबीएन, साहिबगंज। झारखंड राज्य प्रशिक्षित सहायक शिक्षक संघ ने पारा शिक्षकों को सहायक शिक्षक का दर्जा मिलने और 60 साल तक सेवा नियमित करने के झारखंड सरकार के फैसले पर धन्यवाद दिया है। सहायक शिक्षक संघ की प्रदेश कमेटी ने साहिबगंज रेलवे इंस्टीट्यूट परिसर में समारोह का आयोजन कर सूबे के सरकार की प्रशंसा की। संघ के प्रदेश महासचिव विकास कुमार चौधरी ने कहा कि हेमंत सरकार ने उन लोगों की मांगों को मानकर जो सम्मान दिया है उसके लिए सभी पारा शिक्षक आभारी हैं और भविष्य में उनके साथ खड़े हैं। साहिबगंज रेलवे इंस्टीट्यूट परिसर में आयोजित समारोह की शुरुआत बरहेट विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा और स्थानीय सांसद विजय हांसदा ने दीप जलाकर किया। यहां पंकज मिश्रा ने कहा कि पारा शिक्षकों के जज्बे, धैर्य और आंदोलन को सलाम करते हैं। जिस तरह झारखंड मुक्ति मोर्चा ने लंबी लड़ाई के बाद झारखंड राज्य को हासिल किया उसी प्रकार पारा शिक्षकों ने लंबी लड़ाई के बाद अपना सम्मान हासिल किया है। सत्ता में आते ही हेमंत सरकार ने पारा शिक्षकों को सम्मान देने का काम किया। भाजपा पूंजीपतियों की सरकार थी जबकि हेमंत सरकार गरीब, दबे और कुचलों की सरकार है। उन्होंने कहा कि वे मांगों को लेकर लंबे संघर्ष के दौरान शहीद हुए पारा शिक्षकों को नमन करते हैं।
टीम एबीएन, चान्हो। प्रखंड के रानीचांचों में मारपीट की घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से रविवार को प्राथमिकी दर्ज कराई गई। एक पक्ष के आवेदन के अनुसार पुष्पा कुमारी नामक महिला अपने घर में थी, जिसे घर से बाहर बुलाकर गांव के 10 लोगों ने उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने उसकी गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। वहीं जब उसे बचाने के लिए दो लोग सामने आए तो उनके साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। हालांकि गांववालों के जमा होने पर मारपीट करने वाले भाग गए। इस मामले में पुलिस ने 10 नामजद आरोपियों में से चार को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरी ओर सरला मुंडा नामक व्यक्ति ने प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया। उसने बताया कि ऑफिस में घुसकर 10-12 लोगों ने कई सामानों की चोरी कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
टीम एबीएन, दुमका। दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के धनवे गांव में एक जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकान के संचालक की अज्ञात अपराधियों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने गुरूवार को बताया कि दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के धनवे गांव से जनवितरण प्रणाली दुकानदार अशोक कुमार मंडल कल बुधवार की देर शाम अपनी पीडीएस की दुकान बंद कर घर लौट रहा था। इस बीच अज्ञात अपराधियों ने उसकी जमकर पिटाई कर बुरी तरह जख्मी कर दिया। स्थानीय लोगों ने अशोक की घायलावस्था में सड़क के किनारे होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही दुकानदार के परिजन पहले इलाज के लिए पहले उसे निकट के सरैयाहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर उसे गोड्डा जिले के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। इलाज के दौरान अशोक की आज सुबह उसकी मौत हो गई। मामले की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमाटर्म के लिए दुमका फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।
टीम एबीएन, रांची। राजधानी रांची में पिछले कुछ दिनों से कड़कड़ाती ठंड पड़ रही है। इसके साथ घना कोहरा का भी असर देखा जा रहा है। कोहरे के जद में राजधानी रांची समेत आसपास के इलाके भी आ गए हैं। रविवार को सुबह घना कोहरा और हल्की बारिश देखने को मिली। रांची में ठंड और हल्की बारिश के कारण जनजीवन अस्तव्यस्त है। इसके साथ ही ग्रामीण इलाकों में कोहरे और धुंध का प्रकोप हर तरफ देखा गया। रविवार को रांची में बारिश हुई। जिससे सुबह से शहर के अलावा ग्रामीण इलाका घने कोहरे की चादर में लिपटा दिखा। इसके अलावा रांची में ठंड से कनकनी की वजह से लोग घरों में ही दुबके नजर आए। रांची मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों तक घना कोहरे का अंदेशा जताया है। वहीं 26 जनवरी के बाद मौसम साफ होने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो झारखंड के उत्तरी इलाकों में बारिश होगी। वहीं कई इलाकों में वज्रपात के साथ ओलावृष्टि भी होने की संभावना जताई है। 23 जनवरी के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसके तहत राज्य भर में ओलावृष्टि के साथ बारिश भी होने की संभावना जताई। बारिश के बाद तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं होगी, लेकिन लोगों को ठंड का एहसास होगा। सुबह और शाम में कोहरा छाये रहने की भी संभावना जतायी गयी है। पिछले 24 घंटे में झारखंड के लगभग सभी इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश रिकॉर्ड की गयी। सबसे अधिक वर्षा 22 mm सतगांव (कोडरमा) में रिकॉर्ड की गयी। वहीं उच्चतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में रिकॉर्ड किया है, जबकि न्यूनतम तापमान डाल्टनगंज में 13.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। तापमान की बात करें तो रांची में न्यूनतम तापमान 14.0, जमशेदपुर में 16.0, डालटनगंज 15.6, बोकारो 15.2 चाईबासा में 16.6, देवघर में 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। वहीं अधिकतम तापमान की बात करें तो रांची में 24.6, जमशेदपुर में 26.5, डाल्टनगंज 26.0, बोकारो में 25.1, चाईबासा में 27.8 और देवघर में 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.