टीम एबीएन, दुमका। गणतंत्र दिवस पर झारखंड की उपराजधानी दुमका में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को तिरंगा फहराया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने परेड का निरीक्षण किया और झंडे को सलामी दी। दुमका के पुलिस लाइन मैदान में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने लोगों को बधाई भी थी। इस दौरान झारखंड सरकार के विभिन्न विभागों ने झांकी निकाली, जिसमें विभाग की ओर से संचालित की जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई थी। बाद में दुमका के पुलिस लाइन मैदान में गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लोगों को संबोधित किया। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के लोगों से अपील की कि आप झारखंड के विकास में सहयोग करें। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस गणतंत्र दिवस के अवसर पर हम एक ऐसा झारखंड बनाने का संकल्प लें जो उन सपनों और आशाओं के अनुरूप हो जिसके लिए काफी त्याग और बलिदान के बाद इस राज्य का सृजन हुआ। मैं एक ऐसे झारखंड की परिकल्पना करता हूं जो गरीबी, बेरोजगारी, अशिक्षा और भ्रष्टाचार से मुक्त हो। इस सपने को साकार करने में आप सभी अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। हमारे साथ-साथ आप भी अपनी वचनबद्धता निभाएं। सब्सिडी योजना का शुभारंभः सीएम हेमंत सोरेन ने अपील की कि हम सब मिलकर राज्य में स्थिरता शांति और समरसता का माहौल बनाएं और अपनी सृजनशीलता, सकारात्मक ऊर्जा से राज्य की सर्वांगीण प्रगति और उन्नति में योगदान दें। इस दौरान सीएम हेमंत सोरेन ने बुधवार को सब्सिडी योजना का भी शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज से पूरे राज्य में सीएम सपोर्ट योजना के माध्यम से प्रत्येक गरीब और जरूरतमंद दोपहिया वाहन मालिक को प्रतिमाह 10 लीटर पेट्रोल के लिए 25 रुपये प्रति लीटर की दर से 250 रुपये की राशि की सहायता मिलेगी। यह राशि लाभार्थियों के खातों में सीधे भेज दी जाएगी।
टीम एबीएन, रांची। बुधवार को झारखंड में 73वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम रांची और दुमका में आयोजित किए गए। जहां क्रमशः राज्यपाल रमेश बैस और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ध्वजारोहण किया। दोनों ने क्रमशः परेड का निरीक्षण किया और तिरंगे को सलामी दी। बाद में लोगों को 73 वें गणतंत्र दिवस की बधाई दी। राज्यपाल रमेश बैस ने ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद राज्यवासियों को संबोधित किया। राज्यपाल रमेश बैस ने कहा कि आज के दिन हमें आत्ममंथन करना चाहिए कि संविधान ने हमें जो शक्ति दी है उसका हमें कैसे उपयोग करना है। उन्होंने यहां राज्य सरकार के कामकाज भी गिनाए। राज्यपाल ने कहा कि पिछले 2 वर्ष में झारखंड सरकार ने कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।
टीम एबीएन, रांची। डीएवी कपिलदेव पब्लिक स्कूल कडरू रांची में आज 73वां गणतंत्र दिवस सादे समारोह के साथ संपन्न हुआ।एल एम सी के चेयरमैन कपिल देव गिरि ने इस अवसर पर झंडोत्तोलन किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सह डीएवी झारखंड जोन एफ के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी एम के सिन्हा ने कहा कि यह दिन ऐतिहासिक महत्व वाला है। एल एम सी चेयरमैन कपिल देव गिरि के बारे में बोलते हुए श्री सिन्हा ने उनके नीरोग और आयुष्मान रहने की कामना की। उन्होंने कहा कि डीएवी कॉलेज मैनेजिंग कमेटी नयी दिल्ली के प्रधान आर्यरत्न पद्मश्री पूनम सूरी जी के नेतृत्व में डीएवी संस्थाओं ने सर्वांगीण विकास किया है। उन्होंने कहा कि डीएवी पब्लिक स्कूल्स वन नई दिल्ली के निदेशक डॉ जेपी शूर के कुशल निर्देशन में डीएवी झारखंड जोन एफ समेत सभी जोन बहुत ही विकसित हो रहे हैं। प्राचार्य ने कहा कि हम तन मन और समर्पण से काम करें तथा भारत को और ज्यादा शक्तिशाली बनाएं। मौके पर शिक्षक शिक्षिकाओं के अलावा आशुतोष गिरि,रोशन कुमार भी मौजूद थे। उक्त जानकारी डीएवी कपिलदेव पब्लिक स्कूल कडरू, रांची के प्रेस प्रभारी आलोक इंद्र गुरु ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।
टीम एबीएन, कोडरमा। सेक्रेड हार्ट स्कूल में गणतंत्र दिवस के अवसर पर स्कूल के मैदान में हर्ष और उल्लास के साथ झंडोत्तोलन किया गया। विद्यालय के प्राचार्य नवीन कुमार ने झंडोत्तोलन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा की भारत सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। उन्होंने कहा कि हमें अपने जीवन को संविधान की मर्यादा में रहकर जीना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें कोई भी ऐसा काम नहीं करना चाहिए जिससे संविधान की मर्यादा का उल्लंघन हो। वहीं विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव प्रमोद कुमार ने भी लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी और कहा कि हमारे जीवन में संविधान का बहुत महत्व है। हमें संविधान के नियमों से बंधकर जीवन पथ पर अग्रसर होना चाहिए। इस मौके पर शालू अरोड़ा ने राष्ट्रगान गाकर लोगों के मन में देश प्रेम का भाव जागृत किया। इसके बाद शिक्षकों और छात्रों के बीच मिठाई का वितरण किया गया। सभी कार्यक्रम कोविड-19 प्रोटोकॉल के अनुसार किया गया। इस मौके पर एकेडमिक डायरेक्टर प्रमोद शर्मा, सुभय कुमार, प्रवीण कुमार, किशोर कुणाल, राजन कुमार, आशुतोष गौतम, दीपक सर्राफ, सुनील सिंह, रमेश कुंज, फयाज कैशर, संजय सिन्हा, संजय कुमार, रजनी बाला, कविता झा, चन्दन पांडेय, राकेश पांडेय, राहुल कुमार, सीमा जैन, शंकर कुमार, स्वीटी सिन्हा, कुंतल जेठवा, प्रियंका गुप्ता, सरोज पांडेय, अनुश्री, श्वेता कुमारी, श्रुति गुप्ता, विशाल आनंद, रेणु सेठ के अलावा राणा राजकुमार सिंह, विजय आनंद समेत विद्यालय परिवार से जुड़े कई लोग मौजूद थे।
टीम एबीएन, रांची। सांसद संजय सेठ, मेयर आशा लकड़ा, भाजपा महिला मार्चा की प्रदेश अध्यक्ष आरती कुजूर, प्रवक्ता प्रतुल नाथ शाहदेव समेत कई अन्य भाजपा नेताओं पर गिरफ्तारी की तलवार एक बार फिर लटक गई है। निचली अदालत ने संजय सेठ समेत अन्य 27 आरोपियों की अग्रिम जमानत याचिका सुनवाई पश्चात खारिज कर दी है। इन लोगों पर विधानसभा मार्च के दौरान प्रशासनिक कार्यों में बाधा पहुंचाने, हवलदार से हथियार छिनने का प्रयास करने समेत अन्य आरोप हैं। मामले को लेकर सदर अंचलाधिकारी अमित भगत ने 8 सितंबर 2021 को धुर्वा थाना में कांड संख्या 159/2021 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें सांसद संजय सेठ, आशा लकड़ा समेत 28 लोगों को नामजद और 1500 से 2000 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया था। अपर न्यायायुक्त दीपक मल्लिक की अदालत ने 27 आरोपियों की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई पूरी होने के बाद 11 जनवरी को फैसला सुरक्षित रख लिया था। मंगलवार को सभी आरोपियों की याचिका एक साथ खारिज कर दी। संजय सेठ समेत अन्य की ओर से अधिवक्ता शंभु प्रसाद अग्रवाल ने बहस की थी। केस डायरी में कहा गया था कि जांच में इनलोगों के खिलाफ लगे आरोपों को पुलिस ने सही पाया है। सांसद संजय सेठ समेत 18 लोगों ने 17 दिसंबर को एवं शोभा यादव समेत नौ ने तीन जनवरी को अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की थी। इनकी याचिका खारिज : अदालत ने सांसद संजय सेठ, मेयर आशा लकड़ा, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आरती कुजूर, प्रवक्ता प्रतुलनाथ शाहदेव, अमरदीप यादव, किसलय तिवारी, कृष्ण कुमार गुप्ता, अस्मिता सिंह सेठी संजय जायसवाल, शशांक कुमार उर्फ शशांक राज, सुचिता सिंह, अमित कुमार, अर्चना सिंह, सुजाता कुमारी, बसंत कुमार मित्तल, अमित कुमार मिश्रा, रेखा महतो उर्फ रेखा देवी, सीमा सिंह, शोभा यादव, कमलेश राम, अशोक यादव, सुजान मुंडा, प्रदीप साहू, बबिता वर्मा, अनिता देवी, मंजुलता दुबे एवं नीलम चौधरी की याचिका खारिज कर दी है।
एबीएन डेस्क। झारखंड में कोरोना की रफ्तार तो थोड़ी कम हुई है, लेकिन कोरोना से होने वाली मौत चिंता पैदा कर रही है। मंगलवार को झारखंड में कोरोना से 9 लोगों की मौत हुई। जबकि राज्य में कोरोना के कुल 1490 नए केस सामने आए हैं। झारखंड में कोरोना से अब तक 5281 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं मंगलवार को झारखंड में 3113 मरीज कोरोना से ठीक हुए हैं। इसके साथ ही राज्य में एक्टिव केस की संख्या 15825 है। मंगलवार को झारखंड में कोरोनार के जहां कुल नए केसों की संख्या 1490 रही। वहीं सबसे ज्यादा कोरोना के केस सिमडेगा में मिले। सिमडेगा में कुल 303 नए कोरोना संक्रमित मिले। वहीं रांची में 249 नए केस मिले। जबकि पूर्वी सिंहभूम में कोरोना के 202 नए मरीज मिले हैं। मंगलवार को झारखंड के सभी जिलों में कोरोना के नए मामले मिले। वहीं मंगलवार को झारखंड में कोरोना से ठीक होने वालों की संख्या 3113 रही। जिसमें सबसे ज्यादा 1249 लोग रांची में स्वस्थ हुए, जबकि पूर्वी सिंहभूम में 380 मरीज ठीक हुए हैं।
टीम एबीएन, रांची। साकची में पुलिस ने तीन पहाड़ी मोबाइल चोर गैंग का पर्दाफाश करते हुए 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। सोमवार को साकची बाजार में एक मोबाइल की चोरी के दौरान एक व्यक्ति को पकड़ा गया था, जिससे पूछताछ के बाद पुलिस टीम ने मानगो के दाईगुट्टू में दबिश देकर वहां से 35 मोबाइल बरामद किया और कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया। बिष्टूपुर स्थित मल्टीपर्पज हॉल में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में डीएसपी-सीसीआर अनिमेष गुप्ता ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि 10 दिनों से यह गिरोह जमशेदपुर में था और बाजारों को निशाना बनाते हुए वहां आए लोगों के मोबाइल की चोरी करता था। इस गिरोह की मॉडस अपरेंडी है कि किसी एक जगह पर पनाह लेकर वहां के बाजार व भीड़ वाले इलाके से मोबाइल की चोरी करना और उसके बाद लगभग 100 मोबाइल हो जाने पर उस इलाके को छोड़ देना। पुलिस ने जिन्हें गिरफ्तार किया, उनमें हरि कुमार (34) पता बाबूपुर तीन पहाड़ साहिबगंज, अर्जुन नोनिया (19) बाबूपुर तीन पहाड़ साहिबगंज, अनिल महतो (29) टोला कल्याणी महाराजपुर बाजार साहिबगंज और साथ ही उस बालक को भी पुलिस ने पकड़ा है, जिसके द्वारा बाजार में चकमा देकर मोबाइल की चोरी की जाती थी। वह लोगों की जेब, बैग से फोन चोरी करने के बाद अपने गिरोह के सदस्यों को सौंप देता था।
टीम एबीएन, दुमका। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार की दोपहर दुमका पहुंचे। मुख्यमंत्री 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर उपराजधानी में झंडोत्तोलन करेंगे। दुमका हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री के पहुंचने पर स्थानीय विधायक बसंत सोरेन ने बुके देकर उनका स्वागत किया। जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। हवाई अड्डे से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सीधे शिबू सोरेन आवास पहुंचे, जहां झामुमो की प्रमंडलीय बैठक में भाग ले रहे हैं।बैठक दुमका में होनेवाले झामुमो स्थापना दिवस समारोह की तैयारी को लेकर हो रही है। मौके पर झामुमो सांसद विजय हांसदा और विधायक बसंत सोरेन, नलिन सोरेन, दिनेश मरांडी सहित अन्य नेता उपस्थित थे। चार फरवरी 1973 को धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में शिबू सोरेन एके राय और विनोद बिहारी महतो ने झामुमो की स्थापना की थी। इसके बाद से हर साल इसी दिन पार्टी की ओर से स्थापना दिवस समारोह का आयोजन धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में किया जाता है। कार्यक्रम में पार्टी अध्यक्ष शिबू सोरेन, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत पार्टी के सभी सांसद विधायक भाग लेते थे। 2021 में कोरोना की वजह से पार्टी ने स्थापना दिवस समारोह नहीं मनाने का फैसला किया था। इस बार भी सरकार द्वारा राज्य में लगाए गए मिनी लॉकडाउन में 100 से अधिक लोगों के जुटने पर रोक लगाने की वजह से यह माना जा रहा है कि पार्टी अपना कार्यक्रम नहीं करेगी।
टीम एबीएन, पाकुड़। झारखंड के पाकुड़ जिले में हिरणपुर प्रखंड के वीरग्राम में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम ने केसीसी बिल्डकॉन की बंद पत्थर खदान में डूबे सूरज मालतो का शव आखिरकार आज चौथे दिन दोपहर बाद बाहर निकाल लिया। दरअसल, शनिवार को खदान में नहाते समय सूरज पत्नी की नजरों के सामने डूब गया था। उसकी पत्नी मैसी मालतो के शोर मचाने पर ग्रामीण दौड़े आए और उसे ढूंढने की हर संभव कोशिश दिन ढलने तक की। यही स्थिति सोमवार तक कायम रही। आखिरकार प्रशासन की पहल पर देवघर से 15 सदस्यीय एनडीआरएफ की टीम मंगलवार को मौके पर पहुंची। टीम ने सूरज का शव पानी से निकाला। सूरज के परिजन सहित ग्रामीणों ने शव की बरामदगी तथा मुआवजा की मांग को ले रविवार से ही हिरणपुर- बरहड़वा मुख्य पथ को जाम कर रखा था। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए पाकुड़ सदर अस्पताल ले जाया गया है। मृतक साहिबगंज जिले के रांगा थाना क्षेत्र के लकड़ापहाड़ी गांव का निवासी था। वह पाकुड़ जिले के पड़ोसी गांव वीरग्राम स्थित बंद पत्थर खदान में रोज की तरह अपनी पत्नी के साथ नहाने गया था। एनडीआरएफ टीम के साथ मौके पर हिरणपुर सीओ मनोज कुमार, थाना प्रभारी मदन कुमार सदल बल मौके पर मौजूद थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.