टीम एबीएन, रांची। एचईसी को आगे बढ़ाने के लिए सिर्फ मजदूर ही नहीं बल्कि देश की बड़ी-बड़ी कंपनियां भी आगे आ रही हैं। इसी कड़ी में नॉर्दर्न कोलफील्ड (NCL) भी आगे आई है। NCL ने HEC के उद्धार में दिलचस्पी दिखाई है। NCL के मैनेजिंग डायरेक्टर भोला सिंह ने शुक्रवार को एचईसी का दौरा किया और उन्होंने एचईसी के तीनों प्लांट में हो रहे काम का जायजा लिया। गौरतलब है कि एनसीएल द्वारा एचईसी को कई कार्य आदेश दिए गए हैं, जिस कार्य आदेश को लेकर नॉर्दर्न कोलफील्ड के निदेशक भोला सिंह ने एचईसी के एचएमबीपी एचएमटीपी और एफएफपी प्लांट के विभिन्न प्लांट का निरीक्षण किया। एचईसी के तीनों प्लांट का जायजा लेने के बाद एनसीएल को महत्वपूर्ण उत्पादों की आपूर्ति को लेकर एनसीएल के निदेशक भोला प्रसाद सिंह ने कहा कि उनकी संस्था एचईसी को ऐसे ही समर्थन देगी और एनसीएल के माइनिंग इक्विपमेंट्स और मिनरल प्रोसेसिंग इक्विपमेंट के महत्वपूर्ण पूर्जों की आपूर्ति कर एचईसी आने वाले समय में फिर से मजबूती के साथ अपने पैरों पर खड़ी हो जाएगी।
टीम एबीएन, हजारीबाग। हजारीबाग के पूर्व सांसद महावीर लाल विश्वकर्मा के नाती सोनू की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई। कटकमदाग थाना क्षेत्र में नदी पर बने पुल के नीचे से उसका शव बरामद हुआ। हाई प्रोफाइल मामले के कारण घटना की जानकारी पर हड़कंप मच गया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मुआयना किया। बता दें कि पूर्व सांसद के नाती अविनाश कुमार राणा उर्फ सोनू बनादाग रेलवे साइडिंग स्थित एनटीपीसी के कांटा-घर में कंप्यूटर ऑपरेटर थे। दो महीने पहले उनका स्थानांतरण हजारीबाग रेलवे स्टेशन एनटीपीसी के कांटा घर में हो गया था। इन दिनों सोनू यहीं कार्य कर रहे थे। सोनू अपने नाना पूर्व सांसद महावीर लाल विश्वकर्मा के घर हजारीबाग शहर के नूरा से ही ड्यूटी आते-जाते थे। गुरुवार को सोनू की छुट्टी थी। इसके बावजूद वे अपने नानी के घर से ड्यूटी जाने की बात कह कर बाइक से निकले थे। लेकिन सोनू न तो ड्यूटी गए और न ही अपना घर नवादा गए। रात को घर नहीं लौटने पर परिजन परेशान हो गए और काफी खोजबीन के बाद मोबाइल लोकेशन के जरिए सोनू के शव के पास पहुंचे। शव मिलने की सूचना से सोनू के गांव नवादा और आसपास के गांव के अलावा उसके नानी घर शहर के नूरा क्षेत्र से भी लोग यहां पहुंचने लगे। शव के हालात को देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। इधर, शव की सूचना मिलने पर पुलिस भी सक्रिय हो गई और कटकमदाग थाना प्रभारी विपिन कुमार यादव एवं मुफस्सिल थाना प्रभारी बजरंगी महतो ने शव को कब्जे में लेकर पुलिसिया कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में कोरोना संक्रमण की रफ्तार मंद पड़ने लगी है। बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित ठीक भी हो रहे हैं, इस वजह से एक्टिव केस की संख्या राज्य में घटी है। हालांकि 28 जनवरी को भी राज्य में कोरोना से 06 लोगों ने जान गंवाई। इससे झारखंड में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 5297 हो गई। राज्य में 28 जनवरी को 52347 सैंपल की जांच हुई, इसमें से 912 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। इधर, 2599 कोरोना संक्रमित ठीक हुए हैं। इससे अभी झारखंड में एक्टिव केस की संख्या 10383 है। झारखंड के 22 जिलों में नए संक्रमित : झारखंड में शुक्रवार 28 जनवरी को गिरिडीह और पाकुड़ जिले को छोड़कर अन्य सभी 22 जिलों में कोरोना के नए केस मिले हैं। 28 जनवरी 2022 को जहां- जहां नए केस मिले हैं, उसमें सबसे ज्यादा जमशेदपुर में 219 नए केस मिले हैं, रांची में 170, सिमडेगा में 200 नए कोरोना संक्रमित की पहचान हुई है। 06 लोगों की गई जान : Covid19 से 28 जनवरी 2022 को 6 लोगों की कोरोना से मौत हुई है, जिसमें कोडरमा और धनबाद में 01-01 और रांची-गुमला में 02-02 लोगों की कोरोना से जान चली गई। कोरोना इंडिकेटर्स में झारखंड : झारखंड में बड़ी संख्या में रिकवरी से कोरोना इंडिकेटर्स में झारखंड की स्थिति में मामूली सुधार हुआ है। झारखंड में 7 डेज ग्रोथ रेट 0.24% है, वहीं 7 डेज डबलिंग रेट 293.66 दिन का हो गया है। झारखंड में रिकवरी रेट भी 96.32% है, जबकि झारखंड में कोरोना मोर्टेलिटी रेट 1.24 % है।
टीम एबीएन, हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले में पिछले 24 घंटों में रांची-हजारीबाग राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 33 पर दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में 5 लोगों की मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक मनोज रतन चौथे ने बताया कि बीती रात राष्ट्रीय राजमार्ग पर नगवा गांव में एक तेज गति कार सीवन नदी के तटबंध से टकराने के बाद बिजली के एक खंभे से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें रांची स्थित रिम्स अस्पताल भेजा गया। लेकिन वहां इलाज के क्रम में चंदन पांडेय नामक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि एक अन्य घायल संदीप कुमार की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना के कारण का पता नहीं चल सका है लेकिन अंदेशा है कि देर रात्रि घने कोहरे के कारण रास्ता साफ नहीं नजर आने से यह टक्कर हुई। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में मारे गए अन्य 3 लोगों की पहचान ललन कुमार, चंदन कुमार मेहता एवं अश्विनी मेहता के रूप में की गई है। मनोज रतन ने बताया कि एक अन्य दुर्घटना में हजारीबाग के चरही थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बाइक की दूसरी ओर से आ रहे वाहन से टक्कर हो गई। इस घटना में अज्ञात बाइक सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
टीम एबीएन, रांची। जेएमएम सुप्रीमो शिबू सोरेन के आवास के पास हुए गैंगवार के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। रांची प्रशासन की ओर से पूरे मोरहाबादी मैदान में यह ऐलान किया गया है कि 24 घंटे के भीतर मोरहाबादी मैदान में लगने वाले सभी ठेले और दूसरी तरह के दुकानें हटा लिया जाय। पुलिस ने चेतावनी दी है कि अगर 24 घंटे के अंदर दुकानदार खुद अपनी दुकानें नहीं हटाएंगे तो उन पर पुलिस और नगर निगम की टीम कार्रवाई करेगी, यहीं नहीं उनके सभी सामानों को भी जब्त कर लिया जाएगा। इसके साथ ही रांची जिला प्रशासन ने मोरहाबादी मैदान में धारा 144 लगाने का भी ऐलान किया है। पुलिस की घोषणा के मुताबिक शाम 6 बजे के बाद मोरहाबादी मैदान में 4 से अधिक व्यक्तियों के एक साथ घूमने पर पांबदी होगी।
टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल पुंदाग में कोविड से बचाव के लिए पंद्रह वर्ष से सत्रह वर्ष तक के विद्यार्थियों के लिए टीकाकरण अभियान चलाया गया। उक्त कार्यक्रम झारखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत सदर अस्पताल रांची के तत्वावधान में विद्यालय परिसर में आयोजित किया गया, जिसका नेतृत्व सिविल सर्जन डॉ विनोद कुमार ने किया। इस अभियान में पंद्रह वर्ष से अधिक अवस्था के उन विद्यार्थियों ने भाग लिया। जिनका टीकाकरण अभी तक नहीं हुआ था। ध्यातव्य है कि अनेक विद्यार्थियों का टीकाकरण पूर्व में ही हो चुका था। उन्होंने अपने टीकाकरण का प्रमाणपत्र विद्यालय में जमा भी कर दिया था। आज के टीकाकरण अभियान के लिए विद्यार्थियों को स्कूल की पोशाक में अपना पहचान पत्र और आधार कार्ड लेकर आना था। इस अभियान के लिए किशोर बहुत उत्साहित दिखाई दिए। अभिभावक भी रुचि दिखाते हुए अपने बच्चों को साथ लेकर पहुंचे।यह अभियान प्रात: नौ बजे से ढाई बजे तक चलाया गया। आज लगभग 100 बच्चों का टीकाकरण किया गया। प्राचार्य एसके मिश्रा ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के सदस्यों, विद्यार्थियों के अभिभावकों, शिक्षकों तथा विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि टीकाकरण के उपरांत विद्यालय खोलने में परेशानी नहीं होगी। अभी भी विद्यार्थियों को कोरोना से बचाव के अन्य सभी नियमों का पालन करना होगा। सावधानी से ही बचाव संभव है।
टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल पुंदाग में लाला लाजपत राय की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की गई एवं स्वतंत्रता संग्राम में उनकी महती भूमिका पर चर्चा की गई। प्राचार्य एसके मिश्रा ने उन्हें स्वाधीनता संग्राम का महानायक बताया। उन्होंने कहा कि लाला लाजपत राय एक कुशल वकील, महान देश भक्त, स्वामी दयानंद के सच्चे अनुयायी, आर्य समाज के सक्रिय सदस्य तथा सुधारवादी नेता थे। एक तरफ उन्होंने ब्रिटिश आक्रांताओं के खिलाफ संघर्ष किया तो दूसरी तरफ सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी आवाज बुलंद किया। उन्होंने भारत माता को गुलामी की बेड़ियों से आजादी दिलाने के लिए आत्मोत्सर्ग कर दिया।देश उनका ऋणी रहेगा। इस अवसर पर रांची के प्रसिद्ध सिविल सर्जन डॉ विनोद कुमार भी उपस्थित थे। विद्यालय में उपस्थित शिक्षक और शिक्षिकाओं ने भी लाला लाजपत राय को याद करते हुए उन्हें भावभीनी भावांजलि एवं पुष्पांजलि अर्पित की।
टीम एबीएन, रांची। डीएवी कपिलदेव पब्लिक स्कूल कडरू रांची में आज पंजाब केसरी अमर स्वतंत्रता सेनानी लाला लाजपत राय की 157वीं जयंती का आयोजन किया गया। मौके पर प्राचार्य सह डीएवी झारखंड जोन एफ के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी एम के सिन्हा समेत शिक्षक शिक्षिकाओं ने अमर स्वतंत्रता सेनानी लाला लाजपत राय जी के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर प्राचार्य ने कहा कि लाला लाजपत राय उन्हें देश के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी। लाहौर में हुए लाठीचार्ज का वर्णन करते हुए उन्होंने कहा कि लाठीचार्ज के बाद उनकी हालत ज्यादा बिगड़ गई थी और बाद में उन्होंने देश के लिए कुर्बानी दे दी। श्री सिन्हा ने कहा कि लाला लाजपत राय का आर्य समाज में उनका भी विशेष स्थान है। मौके पर प्राचार्य एमके सिन्हा, डॉ नरेंद्र कुमार पांडेय, विवेक कुमार जायसवाल, पी सारंगी, पीएन झा समेत कई शिक्षक शिक्षिकाएं भी मौजूद थे। उक्त जानकारी डीएवी कपिलदेव पब्लिक स्कूल, कडरू रांची के प्रेस प्रभारी आलोक इंद्रगुरु ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।
टीम एबीएन, कोडरमा। सार्वजनिक काली पूजा समिति गुमो-बरवाडीह के तत्वावधान में 4 दिवसीय मां की काली पूजा गढ़ पर 30 जनवरी रविवार से प्रारंभ होगा। समिति के द्वारा पूजा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पूजा समिति के अध्यक्ष दिलीप प्रसाद वर्मा और सचिव विवेक कुमार पांडेय ने बताया कि 30 जनवरी को पूजा प्रारंभ एवं चंडी पाठ, 31 जनवरी को दिन में पूजा-पाठ एवं रात्रि में महापूजा कार्यक्रम, एक फरवरी मंगलवार को पूजन और हवन कार्यक्रम तथा दो फरवरी बुधवार को कलश विसर्जन कार्यक्रम होगा। यहां आचार्य के रूप में जय राम पांडेय और दशरथ पांडेय जबकि यजमान के रूप में मनीष कुमार पांडेय पूजा में शामिल होंगे। इस वर्ष पूजा का 16 वर्ष होगा। पूजा को सफल बनाने में अध्यक्ष दिलीप प्रसाद वर्मा, सचिव विवेक कुमार पांडेय, कोषाध्यक्ष बनवारी वर्मा, राजेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष शिव शंकर पांडेय के अलावा अर्जुन राम, मनोज राम, लोकनाथ वर्मा, संतोष वर्मा, संरक्षक दीनानाथ पांडेय, सीताराम पांडेय, त्रिवेणी पांडेय, द्वारिका सिंह, बद्री महतो, सुदामा तिवारी और जगदीश साव सक्रिय रूप से लगे हुए हैं। पूजा कमेटी में अंकेक्षक के रूप में दिनेश कुमार सिंह को रखा गया है। आयोजन स्थल पर पंडाल बनाया गया है। पूजा कमेटी ने बताया कि सभी कार्यक्रम कोविड-19 प्रोटोकॉल को ध्यान में रखकर किए जाएंगे। पूजा स्थल पर पहुंचने वाले लोगों से मास्क पहनकर आने के लिए कहा जा रहा है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.