टीम एबीएन, रांची। शनिवार को भारतीय किसान संघ झारखंड प्रांत की कार्यसमिति की बैठक रुका रोड के युटुब ग्राम स्थित शाश्वत इंस्टिट्यूट ऑफ B.Ed कॉलेज में संपन्न हुई। इस बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष जय सिंह एवं भारतीय एग्रो इकोनॉमिक्स रिसर्च सेंटर के प्रांत संयोजक अनिल शर्मा ने की। बैठक में प्रांत के अंतर्गत विभिन्न जिलों में चलाए जा रहे सदस्यता कार्यक्रम की स्थिति पर चर्चा हुई एवं भोपाल में 25, 26 और 27 फरवरी को भारतीय किसान संघ के होने वाले राष्ट्रीय कार्यसमिति बैठक में भाग लेने के लिए विभिन्न जिला एवं प्रांत इकाइयों के लोगों से चर्चा की गई। साथ ही भारत सरकार द्वारा झारखंड में किसानों के लिए चलाए जा रहे विभिन्न योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। राज्य सरकार द्वारा बिजली की समस्या को लेकर किसानों को अचानक बड़े राशि में बिजली बिल का भेजना एवं बिजली विभाग द्वारा किसानों को प्रताड़ित किये जाने पर सबों ने दुख जताया। इससे किसानों में भारी आक्रोश है। इस विषय को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल बिजली विभाग के सचिव से पूर्व में भी मिलकर ज्ञापन दिया था, जिस पर अभी तक उचित कार्रवाई नहीं हुई। निर्णय लिया गया कि पुनः राज्य सरकार इस पर विचार करे, नहीं तो भारतीय किसान संघ आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। बैठक में क्षेत्र संगठन मंत्री प्रकाश नारायण तिवारी, प्रशांत खाखा, मन धीरन महतो, मनोज साहू, प्रकाश नारायण, छत्रधारी महतो, दीपक उरांव, नकुल मुंडा, वीरेंद्र साहू, घूरन महतो, दिनेश सिंह, विजय कुमार एवं विभिन्न जिलों के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में विशेष रुप से जिलों के प्रभारियों की भी घोषणा की गई जिसमें जय कुमार सिंह लातेहार पलामू गढ़वा, मनधीरन महतो खूंटी, मनोज साहू गुमला, प्रकाश नारायण हजारीबाग चतरा गिरिडीह, दीपक उरांव लोहरदगा, छत्रधारी महतो रांची, वीरेंद्र अग्रवाल रामगढ़ और सत्यजीत को बोकारो का प्रभारी बनाया गया है। अन्य जिलों के भी प्रांत के पदाधिकारी प्रवास करेंगे और संगठन का काम प्रांत के पदाधिकारी करेंगे।
टीम एबीएन रांची। झारखंड के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स में इंटरनेट सेवा ठप हो गई है। इससे मरीजों को काफी परेशानी हो रही है। जानकारी के अनुसार सुबह 7 बजे से ही अस्पताल का इंटरनेट ठप था। इसकी वजह से ओपीडी और इमरजेंसी सहित किसी भी विभाग के लिए पर्ची नहीं कट रही है। इससे मरीज बहुत ज्यादा परेशान रहे। पर्ची काउंटर के बाहर मरीजों की लंबी लाइन लगी रही। मरीजों की भीड़ और हंगामे को देखते हुए काउंटर से हाथ से लिखकर पर्ची दी जाने लगी।कंप्यूटराइज्ड बिलिंग नहीं हो सकी। कंप्यूटर बिलिंग ना होने की वजह से सभी तरह की जांच प्रभावित रही। किसी भी तरह की जांच नहीं हो रही थी।
टीम एबीएन, पलामू। झारखंड के पलामू जिले में आज सुबह पुलिस ने 35 लाख रुपये मूल्य की बेशकीमती "खैर" की लकड़ी ट्रक सहित जब्त कर लिया और इस सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया; जबकि तीन लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि लगभग 16 टन खैर लदी ट्रक को मेदिनीनगर ग्रामीण थाना क्षेत्र के सिंगरा गांव के समीप एक झाड़ी से बरामद किया गया। उन्होंने बताया, जंगलों से खैर की लकड़ी का दोहन निषिद्ध है, इसके व्यापारिक धंधे में उपयोग पर प्रतिबंध है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस की अचानक छापामारी में भानु प्रताप सिंह उर्फ पन्ना सिंह नामक आरोपी को मौके पर पकड़ा गया जबकि उसके तीन अन्य सहयोगी गफूर, उमर खां और गुनमू मियां फरार हो गया। पुलिस ने खैर की लकड़ी, ट्रक और दो मोबाइल फोन जब्त किये हैं और मामले की जांच की जा रही है।
टीम एबीएन, रांची। शनिवार दिनांक 29/01/2022 को योगदा सत्संग महाविद्यालय के सांस्कृतिक क्लब (पहचान) ने गुरुनानक होम फॉर हैंडिकैप्ड चिल्ड्रन में बच्चों एवं बड़ों के बीच पैकेटबंद खाने-पीने की चीजे और पुराने कपड़ों का वितरण किया। कपड़े और खाने के पैकेट पाकर बच्चे बड़े ही उत्साहित हुए और संस्थान के संचालक ने भी इस तरह के कार्यों को सराहा। इन सभी चीजों का संग्रह महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने ही किया था। महाविद्यालय के सचिव, शासी निकाय श्री अश्विनी सक्सेना के द्वारा वितरण सामग्री के वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया| साथ ही विद्यार्थियों में जन भागीदारी और सामाजिक कार्यों के प्रति रुझान की प्रशंसा की और भविष्य में इस तरह के कार्यों को करते रहने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित भी किए। मौके पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ श्याम पांडेय, प्रोफ़ेसर अभिषेक विश्वकर्मा, पहचान के समन्वयक प्रोफ़ेसर बिपुल कुमार दुबे, पहचान के संस्थापक किशन राज, अध्यक्ष धीरज कुमार, उप सचिव कृष्णा, अभिनव सरकार, शिवांगी सिंह, राजा राम एवं पहचान के अन्य सदस्य मौजूद थे।
टीम एबीएन, रांची। रातू इलाके में दो अलग-अलग स्थानों पर अपराधियों ने दो एटीएम से 55 लाख उड़ा लिए। रातू थाना क्षेत्र के सिमलिया के हाजी चौक स्थित स्टेट बैंक के एटीएम से अपराधियों ने 30 लाख गायब कर दिए। वहीं मखमन्द्रो बाजार स्थित पेटीएम के एटीएम से 24.94 लाख। अपराधियों ने पहले तो पैसे गायब किए और फिर दोनों एटीएम को आग के हवाले कर दिया गया। रातू इलाके में सनसनी : जिस इलाके में इस बड़ी चोरी को अंजाम दिया गया है, उस इलाके में अक्सर हाईवे पेट्रोल की गस्ती करते रहती है। इसके बावजूद इस घटना को अंजाम दिया गया। एक तो अपराधियों ने पैसे उड़ाये हैं वहीं दूसरा बड़ा दुस्साहस दिखाते हुए दोनों एटीएम मशीन को भी जला डाला। अपराधियों ने जिन दो एटीएम को अपना निशाना बनाया है उनमें से किसी में भी गार्ड की तैनाती नहीं थी।
टीम एबीएन, धनबाद। टुंडी के मनियाडीह थाना क्षेत्र के कर्णपुरा में एक केन बम बरामद होने के बाद हड़कंप मच गया है। रांची से बम निरोधक दस्ता बुलाकर बम को डिफ्यूज कर दिया गया है। इस मामले में पुलिस ने शक के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है जिससे पूछताछ चल रही है। खबर के मुताबिक गिरिडीह में पकड़े गए नक्सली की निशानदेही पर केन बम बरामद किया गया है।
टीम एबीएन, कोडरमा। किसान विरोधी कानून को वापस लेने और मांगों पर सरकार से समझौता के बाद एक वर्ष तक चले किसान आंदोलन की समाप्ति के बाद एमएसपी पर कानून बनाने सहित अन्य मांगों पर मोदी सरकार द्वारा कोई पहल नहीं किए जाने के खिलाफ संयुक्त किसान मोर्चा ने देशव्यापी किसान आंदोलन के साथ हुए धोखे का के खिलाफ 31 जनवरी को देशव्यापी विश्वासघात दिवस मनाया जाएगा। कोडरमा में किसान संगठन किसान सभा व किसान महासभा के साथ वाम दल सीपीएम और माले संयुक्त मार्च निकालकर प्रदर्शन करेंगे। यह जानकारी सीपीएम के जिला सचिव असीम सरकार और माले के जिला सचिव राजेंद्र मेहता ने संयुक्त रूप से देते हुए कहा कि सरकार का किसान विरोधी रुख इस बात से जाहिर हो जाता है कि 15 जनवरी के फैसले के बाद भी, भारत सरकार ने 9 दिसंबर के अपने पत्र में किया कोई वादा पूरा नहीं किया है। आंदोलन के दौरान हुए केस को तत्काल वापस लेने और शहीद परिवारों को मुआवजा देने के वादे पर, पिछले दो सप्ताह में कोई भी कार्रवाई नहीं हुई है। एमएसपी के मुद्दे पर सरकार ने कमेटी के गठन की कोई घोषणा नहीं की है। इसलिए किसान संगठनों ने ने देशभर में सोमवार को विश्वासघात दिवस मनाने का आह्वान किया है।
टीम एबीएन, रांची। मोरहाबादी से फुटपाथ दुकानदारों को अचानक हटाए जाने के फैसले से सांसद संजय सेठ ने नाराजगी जाहिर करते हुए कड़ी आपत्ति जताई है। सांसद श्री सेठ ने कहा की मोरहाबादी जैसे वीआईपी इलाके में गैंगवार हो जाता है। प्रशासनिक महकमा सोया रहता है और इसे रोकने के लिए कोई कदम उठाने के बजाय वहां के सैकड़ों दुकानदारों को ही सरकार हटाने का फरमान जारी करती है। यह किसी भी तरीके से सरकार का न्याय संगत कदम नहीं है। सांसद ने कहा कि यदि अपराधियों के बीच गैंगवार हुआ है तो मोरहाबादी की सुरक्षा और बढ़ानी चाहिए। वहां आने-जाने वालों पर नजर रखनी चाहिए परंतु रातों-रात इस तरह से फरमान जारी करना सैकड़ों दुकानदारों के साथ नाइंसाफी है। सरकार उनके पेट पर लात मारने का काम कर रही है। मोरहाबादी रांची की एक ऐसा जगह है, जहां से पूरे रांची के लोग जुड़े हुए हैं। चाहे सुबह मॉर्निंग वॉक करने जाना हो या शाम को परिवारों के साथ समय व्यतीत करने। वहां दो दो बड़े ऐसे पार्क हैं, जहां लोग शाम में घूमना फिरना पसंद करते हैं। इन्हीं लोगों के कारण वहां सैकड़ों दुकानें चल रही है। कई ऐसी दुकानें हैं, जहां निम्न वर्गीय परिवार के लोग दोपहर का खाना खा सकते हैं। शाम का खाना खा सकते हैं। अचानक से दुकान में बंद करने के फरमान से दुकानदारों का परिवार तो प्रभावित हुआ है, साथ ही निम्न वर्ग के लोग भी प्रभावित हुए हैं, जिनकी दाल रोटी वहां से चलती थी। जिन्हें वहां कम कीमत पर भोजन मिल जाता था। जो वहां चाय पीने आते थे। कई सकारात्मक बातें होती थी। कई परिवार के लोग वहां घूमने आते थे। श्री सेठ ने कहा कि राज्य की सरकार अपराध और नक्सलवाद को नियंत्रण करने में पूरी तरह से विफल रही है। यह एक कड़वी सच्चाई है। जिसे सरकार में बैठे लोगों को स्वीकारना चाहिए और राज्य की जनता पूरी तरह सुरक्षित हो इसकी चिंता करनी चाहिए। गांव से असुरक्षा की उठी लहर अब राजधानी में पहुंच चुकी है। राजधानी के भी ह्रदय स्थल मोरहाबादी में। ऐसी परिस्थिति में सरकार को कड़े निर्णय लेने चाहिए। अपराध पर नियंत्रण करना चाहिए परंतु यह सरकार उल्टे ही चल चल रही है। अपराध नियंत्रण हो नहीं पा रहा है तो दुकानदारों को ही हटा दे रही है। यह आश्चर्य नहीं होना चाहिए कि यदि यही रवैया रहा तो कल को यह सरकार झारखंड के लोगों से कहेगी कि आप अपने घरों से मत निकलो। घरों से निकलने पर बैन लगा देगी ताकि अपराध नियंत्रण में हो जाए। उन्होंने कहा कि आंखें बंद कर लेने से अपराध नियंत्रण में नहीं होता और हम सुरक्षित नहीं हो सकते। हम सुरक्षित होंगे कड़े प्रशासनिक कदम से। अपराधियों नक्सलियों पर अंकुश लगाने से और नागरिकों को सुरक्षा देने से। यह कैसी सरकार है जो नागरिकों में सुरक्षा देने के बजाय सुरक्षा का भाव जगाने के बजाय उन्हें और दहशत में डाल रही है। निश्चित रूप से सरकार को यह फैसला वापस लेना चाहिए और राज्य के हर नागरिक की सुरक्षा का बंदोबस्त करना चाहिए। अपराधियों पर नियंत्रण लगाना चाहिए और मोरहाबादी जैसे हाई सिक्योरिटी जोन के इलाके की सुरक्षा और सुनिश्चित करना चाहिए।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में अगले कुछ दिनों में और ठंड बढ़ेगी। राज्य में शीतलहरी चलने की भी संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने की वजह से तापमान में गिरावट होगी। उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं की वजह से झारखंड में ठंड बढ़ गई है। इसका असर रांची समेत पूरे प्रदेश में देखने को मिल रहा है। देश के कई राज्यों में मौसम में हर दिन फेरबदल देखने को मिल रहा है। कई हिस्सों में पहाड़ी इलाकों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश की वजह से ठंड का असर काफी हद तक बढ़ गया है। बंगाल की खाड़ी से उठी समुद्री हवाओं का असर भी झारखंड में भी देखने को मिल रहा है। इसके अलावा अगले कुछ दिनों तक बिहार में बादल छाए रहने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार, यूपी में अगले दो दिनों तक कंपा देने वाली शीतलहर चलेगी और कुछ जगहों पर काले बादल छाये रह सकते हैं। राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। रांची में पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में अचानक 5.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था, जबकि गुरुवार को न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक पूरे झारखंड में शीतलहरी चलने का अनुमान लगाया है। रांची मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद की मानें तो झारखंड से पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हो गया है। जिसके कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है और यह गिरावट अगले चार-पांच दिनों तक जारी रहेगी, जिसके कारण ठंड में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। मौजूदा समय में लोगों को ठंड से बचने की जरूरत है; क्योंकि सर्द हवा बर्फीले इलाकों से चलनी शुरू हो गई है। वहीं उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी का असर झारखंड पर भी पड़ सकता है। एक फरवरी से फिर मौसम में बदलाव होने की संभावना है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.