Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...

झारखंड

View All
धनबाद : बारिश ने खोली नगर निगम की पोल
Published / 2026-08-29 19:04:55
धनबाद : बारिश ने खोली नगर निगम की पोल

मुख्य सड़कों पर जलजमाव से लोग परेशान एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। शुक्रवार को हुई बारिश के बाद धनबाद शहर की जल निकासी व्यवस्था की स्थिति एक बार फिर सामने आ गयी। कुछ घंटे की बारिश के बाद ही धैया, मेमको मोड़ और कंबाइंड बिल्डिंग जाने वाली मुख्य सड़क पर जलजमाव हो गया। सड़क पर पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों के अनुसार, नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण बारिश के पानी की निकासी बाधित होती है। नालियों में गंदगी और कचरा जमा रहने से पानी सड़कों पर फैल जाता है। जलजमाव के कारण बाइक सवारों, छोटे वाहनों और पैदल राहगीरों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। स्थानीय निवासी सफाकत अंसारी ने कहा कि हर बारिश में जलजमाव की समस्या सामने आती है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में पर्याप्त काम नहीं हो रहा है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से नालियों की नियमित सफाई कराने और जल निकासी की व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान मुख्य सड़कों पर जलजमाव की समस्या से राहत मिल सके।

धनबाद : उपायुक्त ने की बेलगड़िया में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा
Published / 2026-08-29 19:04:02
धनबाद : उपायुक्त ने की बेलगड़िया में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा

गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूर्ण करने के दिये निर्देश एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। उपायुक्त आदित्य रंजन की अध्यक्षता में शनिवार को झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकरण (जेआरडीए) के तहत बेलगड़िया क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं के प्रगति की समीक्षा की गयी। इस दौरान उपायुक्त ने पुनर्वासित परिवारों को बुनियादी सुविधाएं और रोजगारोन्मुख अवसर उपलब्ध कराने से जुड़ी सभी योजनाओं की बिंदुवार प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने मल्टी स्किल डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट, प्राइमरी व सेकेंडरी स्कूल तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण व सुदृढ़ीकरण कार्यों की समीक्षा की। साथ में हेल्थ सब-सेंटर, आवासों की मरम्मत, निर्बाध जलापूर्ति, सड़क निर्माण, सुरक्षा, साफ सफाई, स्ट्रीट लाइट अधिष्ठापन सहित अन्य कार्यों की वस्तुस्थिति की जानकारी ली। जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उन्होंने तालाबों के जीर्णोद्धार कार्य की समीक्षा की। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा के भीतर पूरे करें। कहा कि बेलगड़िया में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतें। उपायुक्त ने भू-धंसान एवं अग्नि प्रभावित क्षेत्र से शिफ्ट होने वाले परिवारों के लिए आवंटित आवासों में सभी सुविधाएं सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। बैठक में उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, महाप्रबंधक झरिया मास्टर प्लान राजीव चोपड़ा के अलावा भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) एवं जेआरडीए के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

लातेहार : बालूमाथ के झाबर गांव में मनाया गया पर्यावरण का रक्षाबंधन
Published / 2026-08-28 19:02:04
लातेहार : बालूमाथ के झाबर गांव में मनाया गया पर्यावरण का रक्षाबंधन

बालूमाथ के झाबर गांव में मनाया गया पर्यावरण का रक्षाबंधनएबीएन न्यूज नेटवर्क, लातेहार। जिले के बालूमाथ प्रखंड के झाबर गाँव की महिलाओं ने रक्षाबंधन पर एक अनोखी मिसाल पेश की। इस पहल की अगुवाई गाँव की कलावती देवी, रम्भा देवी और अनीता देवी ने की। उन्होंने कहा, जैसे इंसानों की रक्षा के लिए रक्षाबंधन है, वैसे ही पर्यावरण के लिए भी जरूरी है। इसी भावना के साथ इन महिलाओं ने गाँव के बरगद, पीपल और आम के पेड़ों को राखी बांधी।रंभा  देवी ने कहा कि पेड़-पौधे, नदी-झरने ही हमारे जीवन के सच्चे रक्षक हैं। सभी महिलाओं ने पेड़ों की आजीवन रक्षा का संकल्प लिया। राखी बांधने के बाद पेड़ों की देखभाल और उन्हें काटने से रोकने की शपथ भी ली गई। इस अनोखे रक्षाबंधन जागरूकता का संदेश देती है।

सीएम की कलाई पर बड़ी बहन ने बांधा अपना प्यार
Published / 2026-08-28 18:45:33
सीएम की कलाई पर बड़ी बहन ने बांधा अपना प्यार

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की कलाई पर बड़ी बहन अंजनी सोरेन ने बांधा रक्षा सूत्र, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामनाटीम एबीएन, रांची। भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन का पावन पर्व आज मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के लिए भी भावनाओं से भरा रहा। रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की कलाई पर बड़ी बहन अंजनी सोरेन ने रक्षा सूत्र बांधकर उनके सुखद, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की।इस पावन पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की चचेरी बहनों ने भी मुख्यमंत्री को रक्षा सूत्र बांधकर उनके उत्तम एवं सुदीर्घ जीवन की कामना की। इस आत्मीय अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपनी बड़ी बहन का स्नेहपूर्वक आशीर्वाद लिया तथा छोटी बहनों को सहृदय स्नेह, आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने समस्त झारखंड वासियों को श्रावण पूर्णिमा तथा पवन पर्व रक्षाबंधन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि, उन्नति एवं खुशहाल जीवन की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री रूपी सोरेन सहित अन्य परिजन उपस्थित थे। 

श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में श्रद्धा एवं उल्लास से मना रक्षाबंधन
Published / 2026-08-28 17:39:18
श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में श्रद्धा एवं उल्लास से मना रक्षाबंधन

श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में श्रद्धा एवं उल्लास से मना रक्षाबंधन, उमड़ा भक्तों का सैलाबटीम एबीएन, रांची। श्रावण मास की पूर्णिमा एवं रक्षाबंधन का पावन पर्व श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित रांची के पुंदाग स्थित श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पर्व के अवसर पर सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने भगवान श्रीकृष्ण एवं राधारानी के दिव्य दर्शन कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।रक्षाबंधन के अवसर पर श्री कृष्ण एवं राधारानी का अलौकिक एवं मनमोहक श्रृंगार आकर्षक आभूषणों से किया गया। मंदिर के पुजारी अरविंद पांडे ने विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कर भगवान को केसरिया खीर, पेड़ा, लड्डू, पंजीरी, फल एवं नारियल का भोग अर्पित किया।इसके बाद मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालु भक्तिरस में सराबोर होकर भगवान का गुणगान करते नजर आए। भजन-कीर्तन के पश्चात सामूहिक आरती हुई। श्रद्धालुओं ने एक साथ आरती में भाग लेकर भगवान श्रीकृष्ण एवं राधारानी से परिवार एवं समाज में प्रेम, सौहार्द, सुख-शांति और मंगल की प्रार्थना की। आरती के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने रक्षाबंधन पर्व की सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के पवित्र प्रेम और विश्वास का पर्व ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति में रिश्तों की मर्यादा, स्नेह, सुरक्षा और सामाजिक सद्भाव का भी प्रतीक है।पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंजता रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने पर्व की धार्मिक एवं आध्यात्मिक गरिमा को और बढ़ा दिया।

रक्षाबंधन पर ब्रह्माकुमारी बहनों ने सांसद सुखदेव भगत को बांधी राखी
Published / 2026-08-28 17:34:16
रक्षाबंधन पर ब्रह्माकुमारी बहनों ने सांसद सुखदेव भगत को बांधी राखी

रक्षाबंधन पर ब्रह्माकुमारी बहनों ने सांसद सुखदेव भगत को बांधी राखी, सांसद ने दी शुभकामनाएंएबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। रक्षाबंधन के पावन  अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की बहनें सांसद आवास पहुंची और सांसद सुखदेव भगत जी को राखी बांधकर उनके दीर्घायु, सुख-समृद्धि और जनसेवा में सफलता की कामना की। ब्रह्माकुमारी बहनों ने सांसद जी के माथे पर तिलक लगाया, राखी बांधी और मुंह मीठा कराया। सांसद जी ने भी सभी बहनों का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर सांसद सुखदेव भगत जी ने सभी को रक्षाबंधन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा- रक्षाबंधन सिर्फ एक धागा नहीं, बल्कि भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और रक्षा के संकल्प का बंधन है। यह पर्व हमें हमारी संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों की याद दिलाता है। मैं ईश्वर से कामना करता हूं कि सभी भाई-बहनों के बीच यह प्रेम और विश्वास हमेशा बना रहे।उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारी बहनों द्वारा बांधी गई यह राखी उन्हें और अधिक निष्ठा के साथ जनता की सेवा करने की प्रेरणा देगी। उन्होंने कहा कि वे एक भाई के रूप में हमेशा अपनी बहनों की रक्षा और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध हैं। ब्रह्मकुमारी बहनें सांसद के अलावा अनुपमा भगत, अभिनव सिद्धार्थ और आलोक कुमार साहू को भी राखी बांधी।

छह किमी सड़क बनवाने के लिए 26 वर्षों से रहनुमा का इंतजार
Published / 2026-08-28 17:28:46
छह किमी सड़क बनवाने के लिए 26 वर्षों से रहनुमा का इंतजार

छह किलोमीटर सड़क बनवाने के लिए छबीस वर्षों से ग्रामीण अपने रहनुमा का कर रहे हैं इंतजारएबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। झारखंड के लोहरदगा जिले के कुडु प्रखंड के अंतर्गत चाँपी से धौरा तक की सड़क की स्थिति बद से बदतर है, चाँपी से धौरा तक के बीच में चाँपी, कुंदगदा, डूमरटोली, बहरा टोली ,चुंद पतरा टोली, सलगी, जोगा टोली और धौरा सहित अन्य गांव एवं टोले पडते हैं। इन सब की आबादी मिला दी जाए तो लगभग 5 से 7 हजार की आबादी होगी और चाँपी से धौरा तक सड़क की दूरी मात्र छह किलोमीटर लंबी है, लेकिन ग्रामीणों का कहना की एकीकृत बिहार के समय में वर्ष 2000 में यह सड़क बनी थी।उसके बाद आज तक सड़क नहीं बनी, पैदल से लेकर मोटरसाइकिल तक चलने लायक यह सड़क नहीं है, कितनी बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से निवेदन किया गया, लेकिन इस 26 साल के इंतजार में कोई रहनुमा बनकर नहीं आया कि छह किलोमीटर की सड़क को बनवा सके,इस 6 किलोमीटर सड़क के बीच में पडने वाले स्कूल है।स्वास्थ्य उपकेंद्र है, चर्च है, मंदिर है, सरना स्थल है, हॉट बाजार, दुकानदार, किसान, मजदूर छात्र  सारे लोग परेशान हैं लेकिन उनका सुनने वाला कोई नहीं है, इस रास्ते के खराब होने के कारण पिछले दिनों सर्प दँश से चार लोगों की मृत्यु हो गई है, मृत्यु इसलिए हुई की धौरा से लोहरदगा लाने में इतना समय लग गया कि उनको बचाया नहीं जा सका। इसके अलावा राजस्व गांव धौरा के अंतर्गत एक ग्राम पड़ता है जौरा जिसकी दूरी धौरा से लगभग 3 से 4 किलोमीटर होगी, इस गांव की भी एक अलग कहानी है, यह गांव एक तरह से कहा जाए तो बिल्कुल कटा हुआ है क्योंकि यहां सड़क ही नहीं है, यहां स्थिति यह है कि इस गांव में एंबुलेंस तक नहीं जा सकती है और इस गांव की आबादी लगभग दो से ढाई सौ है।अगर किसी प्रसूता को प्रसव का मामला है तो लोग डोला (खाट) में बैठकर, टांग कर इनको लाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि 1983 में यहां से लेटराइट, डालमिया सीमेंट फैक्ट्री, डेहरी जाता था, तब यहां रोड हुआ करती थी, यहां के ग्रामीणों  का कहना है कि जनता दरबार में भी हम लोग आवाज उठा चुके हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती है। वहीं दूसरी ओर धौरा से असनापानी  गाँव अंतिम छोर में आज तक सड़क ही नहीं है, कच्ची रोड से लोग आते जाते हैं,जबकि धौरा से असनापानी की दूरी लगभग डेढ किलोमीटर है और असनापानी में लगभग 84 परिवार निवास करते हैं, लेकिन उनका सूद्ध लेने वाला कोई नहीं है।इस संबंध में सामाजिक विचार मंच के संयोजक कवलजीत सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और झारखंड सरकार को इस ओर शीघ्र ध्यान देते हुए अविलंब सड़क का निर्माण कराना चाहिए और खुद विचार करना चाहिए की आजादी के इतने वर्षों बाद भी हम कहां हैं? अगर ग्रामीण एक सड़क से भी कटे हुए हैं और 26 वर्षों से इंतजार कर रहे हैं कि कोई तो रहनुमा आएगा।इस संबंध में सामाजिक विचार मंच के संयोजक कवलजीत सिंह ने कहा कि इस मुद्दे को लेकर वे मुख्यमंत्री, राज्यपाल, जिला प्रशासन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को भी पत्र लिखकर अवगत कराने का काम करेंगे, इसके बाद भी अगर सड़क निर्माण नहीं होता है तो सभी ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। 

रत्नेश कुमार के पत्र पर विधायक अरूप चटर्जी ने लिया संज्ञान
Published / 2026-08-27 21:43:43
रत्नेश कुमार के पत्र पर विधायक अरूप चटर्जी ने लिया संज्ञान

एसएनएमएमसीएच में मरीजों के भोजन में कथित कटौती पर सरकार को लिखेंगे पत्र एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) में मरीजों को दिये जाने वाले भोजन को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता रत्नेश कुमार द्वारा उठाए गए सवालों पर निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने संज्ञान लिया है। विधायक ने मामले को गंभीर बताते हुए सरकार को पत्र लिखकर जांच और कार्रवाई की मांग करने की बात कही है। विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि धनबाद के इतने बड़े सरकारी अस्पताल में अगर मरीजों को खराब या मानक के अनुरूप भोजन नहीं दिया जा रहा है, तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और गंभीर मामला है। सरकार मरीजों के इलाज और भोजन सहित कई सुविधाओं के लिए व्यवस्था उपलब्ध कराती है, ऐसे में मरीजों के खाने में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मरीज पहले से ही बीमारी और परेशानी से जूझ रहे होते हैं। ऐसे में उन्हें गुणवत्तापूर्ण भोजन मिलना जरूरी है। भोजन की गुणवत्ता और मात्रा में कथित कटौती की शिकायतों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जानी चाहिए। विधायक ने एसएनएमएमसीएच की व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इतने बड़े सरकारी अस्पताल को केवल जूनियर नर्सों के भरोसे छोड़ देना उचित नहीं है। अस्पताल में पर्याप्त वरिष्ठ अधिकारियों और जिम्मेदार चिकित्सकीय एवं प्रशासनिक व्यवस्था की आवश्यकता है। अरूप चटर्जी ने कहा कि रत्नेश कुमार के पत्र को उन्होंने गंभीरता से लिया है और इस पूरे मामले को सरकार के समक्ष उठाया जायेगा। उन्होंने कहा कि मरीजों के हित में मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की जायेगी।

भर्ती सुधार यात्रा पहुंची जामताड़ा जिला
Published / 2026-08-27 21:42:51
भर्ती सुधार यात्रा पहुंची जामताड़ा जिला

सरकार के युवा विरोधी चेहरे का पटाक्षेप हो चुका है : देवेंद्र नाथ महतो टीम एबीएन, रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग एवं झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं में हो रही कथित धांधली एवं अनियमितताओं का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इसके विरोध में राज्य के युवा लगातार सड़क पर आंदोलन कर रहे हैं। दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जन्मस्थली से शुरू हुई भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा के तहत आज गुरुवार को यात्रा जामताड़ा जिला पहुंची। इस दौरान गिरिडीह जिला के गिरिडीह कॉलेज, बेंगाबाद, गांधी चौक एवं मुरली पहाड़ी तथा जामताड़ा जिला के सुभाष चौक से इंदिरा गांधी चौक तक पदयात्रा की गयी। यात्रा का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि राज्य सरकार के युवा विरोधी चेहरे का पटाक्षेप हो चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा हाई कोर्ट के समक्ष परीक्षा रद्द करने की अपनी बात को मजबूती से नहीं रखना तथा सुप्रीम कोर्ट द्वारा सीबीआई जांच के संबंध में जारी नोटिस के जवाब को लेकर भी कई सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने इन मुद्दों को लेकर राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। युवाओं के भविष्य से जुड़े इन गंभीर मामलों पर सरकार को स्पष्ट एवं ठोस कदम उठाना चाहिए। बताते चलें कि भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा कल दुमका जिला में प्रवेश करेगी। आज की यात्रा के दौरान देवेंद्र नाथ महतो, मनोज यादव, खुशबू कुमारी, प्रेम नायक, प्रीति कुमारी, रितेश सिंह, राजेश प्रसाद, अमित कुमार, सुनील यादव सहित बड़ी संख्या में छात्र, शिक्षक एवं अभिभावक मौजूद रहे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 44,270