रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर के पचपेड़ी नाका के पास स्थित राजधानी अस्पताल में अचानक से आग लग गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। अस्पताल में कोरोना मरीज भर्ती थे। अस्पताल में लगभग 50 मरीज इलाज करा रहे थे। आग लगते ही चीख-पुकार मच गई। अफरा-तफरी के बीच अस्पताल से निकालकर मरीजों को तत्काल दूसरे हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया। आग लगने का कारण आईसीयू में शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार एक मरीज की मौत आग से और दूसरे की मौत आग लगने के बाद ऑक्सीजन सप्लाई बंद हो जाने के कारण हुई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस-प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और राहत व बचाव कार्य में जुट गई।
एबीएन डेस्क। एक भारत समर्थ भारत के नारे को और मजबूती देने के लिए भारतीय वायुसेना को लगातार समर्थ बनाया जा रहा है। 21 अप्रैल को फ्रांस से छह और राफेल विमान मिलने वाले हैं। एयर चीफ मार्शल राकेश भदौरिया 20 अप्रैल को फ्रांस की यात्रा पर जा रहे हैं। वहां वे इन राफेल विमानों को भारत रवाना करेंगे। वायुसेना प्रमुख भदौरिया 21 अप्रैल को दक्षिण-पश्चिमी फ्रांस के मरिग्नैक-बोर्डो एयरबेस पर इन विमानों को हरी झंडी दिखाएंगे। ये लड़ाकू जेट पश्चिम बंगाल के हासिमारा में दूसरी राफेल स्क्वाड्रन का हिस्सा बनेंगे। भारतीय वायुसेना प्रमुख 23 अप्रैल तक फ्रांस में रहेंगे। ये छह राफेल विमान पहले 28 अप्रैल को भारत के लिए उड़ान भरने वाले थे, लेकिन एयर चीफ मार्शल भदौरिया के यात्रा के आयोजन के बाद इसे एक सप्ताह पहले रख लिया गया। एयर चीफ भदौरिया एक फ्रांसीसी राफेल स्क्वाड्रन का भी निरीक्षण करेंगे। वे फ्रांस के वायुसेना प्रमुख फिलिप लेविने से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वे पेरिस में नव-स्थापित अंतरिक्ष कमान का दौरा भी करेंगे। छह और राफेल विमानों के भारत आने के बाद वायु सेना के बेड़े में इनकी संख्या बढ़ जाएगी। इन विमानों के आने बाद वायुसेना 18 विमानों के साथ अंबाला में 117 गोल्डन एरो स्क्वाड्रन को पूरा करने और दो चौथी पीढ़ी के विमानों का दूसरा स्क्वाड्रन शुरू करने में सक्षम होगी। वायु सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उक्त छह राफेल लड़ाकू विमान अंबाला एयरबेस के लिए उड़ान भरेंगे, जहां से इन्हें हासिमारा में दूसरे स्क्वाड्रन के गठन के लिए तैयार किया जाएगा।
रांची। दुमका कोषागार से अवैध निकासी मामले में सजायाफ्ता राजद सुप्रीमो लालू यादव के लिए आज खुशी का दिन है। झारखंड हाई कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी है। इस मामले में उन्होंने सजा की आधी अवधि पूरी कर ली थी। लेकिन जमानत लेने के लिए उन्हें कई बार कोर्ट में मूव करना पड़ा था। पिछली कई सुनवाई के दौरान सजा की आधी अवधि पूरी नहीं होने के कारण जमानत नहीं मिली थी। लालू यादव को चाईबासा के दो मामले और देवघर के एक मामले में पहले से ही जमानत मिल चुकी है। दुमका मामले में जमानत मिलने के बाद लालू यादव के जेल से बाहर निकलने का रास्ता साफ हो गया है। फिलहाल लालू यादव दिल्ली स्थित एम्स में इलाजरत हैं।
एबीएन डेस्क। देश में कोरोना की दूसरी लहर तेजी से बढ़ रही है और पिछले दो दिनों से देश में कोरोना के दैनिक मामले दो लाख से ज्यादा आ रहे हैं। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने चिंता जाहिर की और कहा कि कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं और यही कारण है कि अस्पताल में बिस्तरों की संख्या भी तेजी से भर रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हम सिस्टम को सुधार करने के लिए तैयार हैं और लगातार कोशिश कर रहे हैं। डॉ. हर्षवर्धन ने आगे कहा कि हमें धैर्य और साहस के साथ काम लेना है। वहीं डॉक्टरों को संबोधित करते हुए डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि ड़ॉक्टर परिस्थिति के मुताबिक फैसला ले सकते हैं। डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि सरकार के पास कोरोना को लेकर एक साल का अनुभव है, इसलिए कोरोना की लड़ाई के खिलाफ पहले से ज्यादा तैयार हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने आगे कहा कि मरीजों और रिश्तेदारों को सकारात्मक माहौल देने की जरूरत है और सावधानी बरतनी की भी जरूरत है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने आगे कहा कि समाज में कोरोना वायरस को लेकर लापरवाही बढ़ी है लेकिन हमें धैर्य और साहस के साथ काम करते जाना है।
एबीएन डेस्क। देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है और पिछले 24 घंटों के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों में 1.84 लाख नये मामले दर्ज किए गए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान देश में 1,84,372 नये मामले दर्ज किए गए। इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या एक करोड़ 38 लाख 73 हजार 825 हो गयी है। वहीं इस दाैरान 82,339 मरीज स्वस्थ हुए हैं जिसे मिलाकर अब तक 1,23,36,036 मरीज कोरोना मुक्त भी हो चुके हैं। देश में कोरोना के सक्रिय मामले 13 लाख को पार कर 13,65,704 हो गये हैं। इसी अवधि में 1027 और मरीजों की मौत के साथ इस बीमारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,72,085 हो गयी है। देश में रिकवरी दर घटकर 88.92 फीसदी और सक्रिय मामलों की दर बढ़कर 9.84 प्रतिशत हो गयी है, जबकि मृत्युदर घटकर 1.24 फीसदी रह गयी है। महाराष्ट्र कोरोना के सक्रिय मामलों में शीर्ष पर है और राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान सक्रिय मामले 28,307 बढ़कर 5,94,585 हो गयी है। इस दौरान राज्य में 31,624 और मरीज स्वस्थ हुए, जिसे मिलाकर कोरोना को मात देने वालों की तादाद 28,66,097 पहुंच गयी है जबकि 281 और मरीजों की मौत से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 58,526 हो गया है।
एबीएन डेस्क। कोरोना वायरस के प्रकोप के बीच CBSE की परीक्षाओं को लेकर बड़ा फैसला हुआ है। CBSE बोर्ड की 12वीं की परीक्षाएं टाल दी गई हैं, जबकि 10वीं की परीक्षाओं को रद्द कर दिया गया है। कोरोना वायरस के बढ़ते संकट के बीच CBSE की परीक्षाओं को लेकर भारत सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। CBSE 12वीं की परीक्षाओं को टाल दिया गया है, जबकि 10वीं की परीक्षाओं को रद्द कर दिया गया है। बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिक्षा मंत्री और मंत्रालयों के अधिकारियों के साथ बैठक की थी, जिसमें ये फैसला लिया गया है। परीक्षाएं रद्द करने की हो रही थी मांग : यहां याद दिला दें कि देश में लगातार तेजी से बढ़ रहे कोरोना संकट के बीच कई राज्य के मुख्यमंत्रियों, नेताओं ने परीक्षाओं को रद्द करने की अपील की थी। देश में करीब 30 लाख बच्चों को सीबीएसई की परीक्षाएं देनी हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी बीते दिन अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी मांग की थी। वहीं, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी भी परीक्षाएं रद्द करने की मांग कर चुके हैं। बता दें कि कोरोना काल के बीच बच्चों की अधिकतर पढ़ाई ऑनलाइन तरीके से ही हुई थी, बीच में कोरोना के मामले घटने के बाद स्कूल खोले गए थे। लेकिन अब जब परीक्षा की बारी आई है, तब केस फिर से बढ़ने लगे हैं। कई राज्यों ने अपने यहां की बोर्ड परीक्षाओं को टाल दिया है। ऐसे में केंद्र पर CBSE की परीक्षाएं टालने का दबाव बन रहा था।
एबीएन डेस्क। मुंबई के नालासोपारा के विनायक अस्पताल में कथित रूप से आॅक्सीजन की कमी के कारण 7 कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हो गई जिसके बाद मृतकों के परिजन होश खो बैठे। उन्होंने नाराज होकर अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया। आपको बता दें कि कोरोना संक्रमण के मामले में महाराष्ट्र की हालत सबसे खराब है। यहां प्रतिदिन रिकार्ड कोरोना संक्रमित सामने आ रहे हैं जिसने सरकार की चिंता बढ़ा दी है। महाराष्ट्र की बात करें तो यहां सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 51,751 मामले सामने आए जबकि 258 लोगों की मौत हो गयी। इससे एक दिन पहले यानी रविवार को सूबे में संक्रमण के 63,294 मामले सामने आये थे। स्वास्थ्य विभाग के की मानें तो राज्य में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 34,58,996 हो चुके हैं। सूबे में कोरोना संक्रमण की वजह से मरने वालों का आंकड़ा 58,245 हो चुका है। राजधानी मुंबई की बात करें, तो यहां सोमवार को संक्रमण के 6893 नये मामले सामने आये जबकि 43 मरीजों की मौत हो गयी। सूबे में अब तक 28,34,473 मरीज कोरोना को मात देने का काम कर चुके हैं।
कोरोना वायरस के मामलों में बढ़ोतरी के बीच नागर विमानन मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि एयरलाइन कंपनियों को उन घरेलू उड़ानों में भोजन देने की अनुमति नहीं होगी, जिनकी यात्रा अवधि दो घंटे से कम है। मंत्रालय ने अपने आदेश में कहा कि यह रोक बृहस्पतिवार से प्रभावी होगी। पिछले साल कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिये लॉकडाउन लगाए जाने के बाद जब 25 मई से निर्धारित घरेलू उड़ान सेवाएं शुरु की गई थीं, तब मंत्रालय ने एयरलाइन कंपनियों को कुछ शर्तों के तहत विमानों के भीतर भोजन उपलब्ध कराने की अनुमति दी थी। पूर्व के आदेश में सुधार करते हुए, मंत्रालय के नये निर्देशों में कहा गया है, ‘‘घरेलू क्षेत्रों में विमानों का परिचालन कर रही एयरलाइन कंपनियां उन उड़ानों के दौरान भोजन उपलब्ध करा सकती हैं जिनकी उड़ान की अवधि दो घंटे या उससे अधिक हो। मंत्रालय ने कहा कि कोविड-19 और उसके विभिन्न स्वरूपों के बढ़ते खतरे को देखते हुए उसने घरेलू उड़ानों में सफर के दौरान भोजन उपलब्ध कराए जाने की सुविधा की समीक्षा करने का फैसला किया है। उसने कहा कि एयरलाइन कंपनियों को उन उड़ानों में केवल पहले से पैक नाश्ता, भोजन और पहले से पैक पेय पदार्थ की मुहैया कराने की अनुमति है, जिनकी अवधि दो घंटे से अधिक है। मंत्रालय ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, कोविड-19 के ब्रिटेन, दक्षिण अफ्रीका और ब्राजील में सामने आये सभी तीन प्रकारों के तेजी से फैलने की बात सामने आयी है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse