देश

View All
Published / 2021-04-25 12:39:10
भारत से अमेरिका जाने वाली उड़ानों के किराये में तीन गुना वृद्धि

एबीएन डेस्क। भारत में कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए अमेरिकी सरकार ने अपने नागरिकों को यहां की यात्रा नहीं करने की सलाह दी है। इसके बाद भारत से अमेरिका जाने वाली उड़ानों के किराये में भारी वृद्धि देखने को मिली है। उड्डयन उद्योग के सूत्रों ने रविवार को बताया कि भारत से अमेरिका जाने वाली उड़ान में इकनॉमी श्रेणी के एक टिकट का औसत किराया 50 हजार रुपये था, जो अब बढ़कर 1.50 लाख रुपये हो गया है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को परामर्श जारी होने के बाद भारत-अमेरिका की उड़ानों की टिकटों की मांग बढ़ी है। उड़ानों पर रोक की आशंका : एक सूत्र ने बताया कि कई यात्री तत्काल अमेरिका जाना चाहते हैं क्योंकि वे भारत-अमेरिका उड़ानों पर लगने वाली संभावित पाबंदी की वजह से फंसना नहीं चाहते। जर्मनी, ब्रिटेन और संयुक्त अरब अमीरात सहित कुछ और देशों ने भी भारत से हवाई यात्रा पर रोक लगाई है। संयुक्त अरब अमीरात ने कोविड-19 की खराब होती स्थिति के मद्देनजर रविवार से अगले 10 दिनों के लिए भारत से हवाई यात्रा पर रोक लगा दी है। गौरतलब है कि अमेरिकी सरकार ने बृहस्पतिवार को भारत, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, बांग्लादेश और मालदीव को श्रेणी चार के यात्रा परामर्श में शामिल कर दिया जिसका अभिप्राय है अमेरिकी नागरिकों को इन देशों की यात्रा नहीं करने की सलाह दी गई है। देश में निजी चार्टर विमान की भी मांग बढ़ी, किराया दोगुना : इस बीच देश के भीतर निजी चार्टर विमानों की मांग भी बढ़ी है खासतौर पर कोविड-19 मरीजों को बेहतर इलाज के लिए छोटे शहरों से बड़े शहरों में ले जाने के लिए। मुंबई के चार्टर विमान ऑपरेटर के एक अधिकारी ने बताया कि उसके विमान पिछले कई दिनों से व्यस्त हैं क्योंकि वे अमीर लोगों के लिए एयर एंबुलेंस की तरह काम कर रहे हैं। दिल्ली के जनरल एविएशन कंपनी के अधिकारी ने बताया कि निजी चार्टर विमानों के किराए में दोगुनी वृद्धि हुई है।

Published / 2021-04-24 12:33:18
टाटा समूह करेगा लोगों की मदद, ऑक्सीजन परिवहन वाले 24 कंटेनर करेगा आयात

एबीएन डेस्क। भारत में कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़ती जा रही है। देश में कई जगहों पर ऑक्सीजन की भारी किल्लत हो गई है। ऑक्सीजन कमी दूर करने के लिए टाटा समूह आगे आया है। टाटा समूह तरल ऑक्सीजन के परिवहन के लिए 24 क्रायोजेनिक कंटेनरों का आयात करने का फैसला किया है। दरअसल, लिक्विड ऑक्सीजन को प्लांट से दूसरी जगह ले जाने के लिए कंटेनरों की जरूरत पड़ रही है। देश में ऐसे कंटेनर्स की कमी है। ऐसे में टाटा समूह ने कंटेनरों का आयात कर देश में ऑक्सीजन सप्लाई करने का बीड़ा उठाया है। इससे देश में ऑक्सीजन की किल्लत भी दूर होगी। टाटा समूह ने बताया कि चार्टर्ड उड़ानों के जरिए क्रायोजेनिक कंटेनरों का आयात किया जा रहा है। यह देश में ऑक्सीजन की कमी को कम करने में मदद कर रहा है। पहली लहर में भी टाटा समूह ने की थी मदद : बता दें कि पिछले दिनों पीएम मोदी ने राष्ट्र संबोधन के दौरान ऑक्सीजन संकट को दूर करने के लिए दवा कंपनियों और बड़े घरानों से मदद की अपील की थी। मोदी के भाषण की तारीफ करते हुए समूह ने कहा कि वह कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई को मजबूत करने के लिए हरसंभव मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है। बता दें कि पिछले साल भी टाटा समूह ने व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) किट, वेंटिलेटर, मास्क, परीक्षण किट का इंतजाम किया था। गौरतलब है कि देश में रोजाना 7500 मीट्रिक टन ऑक्सीजन का उत्पादन हो रहा है। इसमें से 6600 मीट्रिक टन ऑक्सीजन राज्यों को चिकित्सकीय उपयोग के लिए आवंटित की जा रही है।

Published / 2021-04-23 11:52:55
दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर पहुंचा कोरोना, माउंट एवरेस्ट पर पहला मामला

देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर का कोहराम अब बढ़ता जा रहा है। चारों ओर से मदद की गुहार लग रही है औऱ जनता अपने स्तर से ही जनता की मदद कर रही है। देश में बीते 24 घंटे में 3.32 लाख से ज्यादा मामले सामने आए तो वहीं 2,263 मरीजों ने अपनी गंवाई है। भारत को ऑक्सीन और रेमडेसिविर मुहैया कराएगा रूस। वहीं प्रधानमंत्री मोदी उन 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक कर रहे हैं, जहां हाल ही में कोरोना के मामलों में तेजी देखी गई है। इसके साथ ही डीजीसीआई ने कोरोना के कम गंभीर मरीजों के इलाज के लिए जायडस कैडिला की विराफिन के आपात उपयोग की मंजूरी दे दी। माउंट एवरेस्ट पर कोरोना संक्रमण का पहला मामला कोरोना वायरस संक्रमण का प्रकोप दुनिया की सबसे ऊंची जगह एवरेस्ट की चोटी पर भी पहुंच गया है। यहां माउंट एवरेस्ट के आधार शिविर में ठहरे नॉर्वे के एक पर्वतारोही के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। उसे हेलीकॉप्टर से काठमांडू के एक अस्पताल ले जाया गया है। पर्वतारोही एर्लेंड नेस्ट ने शुक्रवार को को बताया कि उनके 15 अप्रैल को संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। उसके बाद गुरुवार को हुई जांच में उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है और वह फिलहाल नेपाल में एक स्थानीय परिवार के साथ रह रहे हैं।

Published / 2021-04-23 08:32:42
बिहार : पटना में गंगा नदी में पिकअप वैन पलटा, नौ के शव बरामद

पटना। बिहार में पटना जिले के अकीलपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह पिकअप वैन के गंगा नदी में पलट जाने से नौ लोगों की डूबकर मौत हो गयी तथा कई अन्य लापता हैं। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि पिकअप वैन पर सवार लोग जा रहे थे तभी पीपा पुल से वाहन गंगा नदी में गिर गया। नौ लोगों के शव बरामद कर लिये गये हैं जबकि कई अन्य लापता हैं। सूत्रों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचकर कैंप कर रहे हैं। गोताखोरों की भी मदद से लापता लोगों की तलाश की जा रही है।

Published / 2021-04-20 16:03:59
राज्य लॉकडाउन को अंतिम विकल्प रखें, हमें देश को इससे बचाना है : पीएम मोदी

पीएम मोदी ने देश को संबोधित करते हुए इस बात की ओर इशारा साफ- साफ कर दिया कि सरकार की कोई मंशा लॉकडाउन लगाने की नहीं है। पीएम मोदी ने राज्यों से भी अपील करते हुए कहा कि वो लॉकडाउन को अंतिम विकल्प के रूप में ही इस्तेमाल करें। लॉकडाउन से बचने की भरपूर कोशिश करनी है। पीएम मोदी के संबोधन की बड़ी बातें- पीएम मोदी ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर तूफान बनकर आ गई है। जो पीड़ा आप सह रहे हैं उसका पूरा एहसास है। -जैसे ही कोरोना के केस बढ़े, देश के फार्मा सेक्टर ने दवाइयों का उत्पादन बढ़ा दिया है। इसको और अधिक तेज किया जा रहा है। -ऑक्सीजन प्रॉडक्शन और सप्लाई को बढ़ाने के लिए भी कई स्तरों पर उपाय किए जा रहे हैं। राज्यों में नए ऑक्सीजन प्लांट्स हों, एक लाख नए सिलेंडर पहुंचाने हों, ऑक्सीजन रेल हो, हर प्रयास किया जा रहा है। - जो श्रमिक जहां हैं वहीं रहें, मेरा राज्य प्रशासन से आग्रह है कि वो श्रमिकों का भरोसा जगाए रखें, उनसे आग्रह करें कि वो जहां हैं, वहीं रहें। अगले कुछ दिनों में वैक्सीन भी लगेगी और उनका काम भी बंद नहीं होगा। आज की स्थिति में हमें देश को लॉकडाउन से बचाना है। मैं राज्यों से भी अनुरोध करूंगा कि वो लॉकडाउन को अंतिम विकल्प के रूप में ही इस्तेमाल करें। लॉकडाउन से बचने की भरपूर कोशिश करनी है। -वैक्सीनेशन को 18 वर्ष की आयु के ऊपर के लोगों के लिए शुरू करने से शहरों में जो हमारी वर्कफोर्स है, उसे तेजी से वैक्सीन उपलब्ध होगी। देश में रोजाना रेकॉर्ड संख्या में कोरोना के मामले सामने आ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को सुबह से ही मैराथन बैठक करते रहे। कोरोना की लगातार विकराल होती दूसरी लहर को नियंत्रित करने के लिए रणनीति पर मंथन का दौर चलता रहा। वैक्सीनेशन, टेस्ट, दवाइयां, ऑक्सीजन...कहां क्या करना है, कहां चूक है, यह तय करने में लगे रहे। कभी डॉक्टरों के साथ मीटिंग की तो कभी टॉप फार्मा कंपनियों के साथ।

Published / 2021-04-20 12:03:40
कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी कोरोना संक्रमित

कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने खुद ट्वीट करके यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कोविड के लक्षण दिखने के बाद उन्होंने टेस्ट कराया था, जिसके बाद रिपोर्ट पॉजिटिव आई। राहुल गांधी ने ट्वीट में लिखा कि मुझे कोरोना के शुरुआती लक्षण नजर आए थे। इसके बाद टेस्ट कराया तो संक्रमित होने की जानकारी मिली। राहुल गांधी ने कहा, पिछले कुछ दिनों के दौरान मेरे संपर्क में आने वाले लोगों से मैं अपील करता हूं कि वे सभी सेफ्टी प्रोटोकॉल्स का पालन करें और सुरक्षित रहें। पीएम ने किया यह ट्वीट राहुल गांधी के संक्रमित होने पर पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, मैं लोकसभा सदस्य राहुल गांधी की अच्छी सेहत व स्वास्थ्य में जल्दी सुधार के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं। केंद्र सरकार की टीकाकरण रणनीति भेदभाव वाली: राहुल इससे पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को टीकाकरण को लेकर केंद्र सरकार पर भेदभाव का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की टीकाकरण की रणनीति भेदभाव वाली है और उसने कमजोर वर्गों के लिए टीके की कोई गारंटी नहीं दी है। उन्होंने ट्वीट किया कि 18 से 45 साल के आयुवर्ग के लोगों के लिए कोई मुफ्त नहीं टीका नहीं होगा। कीमतों पर नियंत्रण किए बिना बिचौलियों को ला दिया गया है। कमजोर वर्गों के लिए टीके की कोई गारंटी नहीं है।

Published / 2021-04-19 15:34:48
कोरोना : अब 18 वर्ष से अधिक उम्रवालों को लगेगा टीका

नई दिल्ली। कोरोना का कहर तेजी से बढ़ता जा रहा है। इस पर काबू पाने के लिए केंद्र सरकार ने अहम फैसला लिया है। एक मई से 18 साल से ऊपर की उम्र वाले सभी लोगों को वैक्सीन की डोज दी जायेगी। पीएम मोदी ने एक बैठक के बाद यह अहम फैसला लिया है। पीएम मोदी ने कहा कि पिछले एक साल से सरकार पूरी कोशिश कर रही है कि देश में ज्यादा से ज्यादा लोगों को वैक्सीन की डोज दी जाए। पीएम मोदी ने कहा कि भारत में कोरोना वैक्सीन की डोज रिकॉर्ड स्तर पर दी जा रही है। हम वैक्सीनेशन की गति और बढ़ाएंगे। वैक्सीन की कीमत चुकानी होगी या नहीं इसपर फैसला जल्द : 18 साल से ज्यादा के उम्र के लोगों को कोरोना वायरस की वैक्सीन लगाने को लेकर सरकार की तरफ से कहा गया है कि इसले लेकर जल्द ही प्रोटोकॉल के बारे में जानकारी दी जायेगी। इन लोगों को वैक्सीन के लिए कीमत चुकानी होगी या नहीं इसपर सरकार जल्द ही जानकारी साझा करेगी। हाल के दिनों में कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने यह मांग की थी कि कोरोना वैक्सीन की तय उम्र सीमा को कम किया जाए। ऐसे में सरकार ने यह अहम फैसला लिया है। अब तक 45 साल से ऊपर की उम्र वालों को ही वैक्सीन की खुराक दी जा रही थी, लेकिन अब 18 साल से ज्यादा की उम्र वालों को भी एक मई को वैक्सीन दी जाएगी। वैक्सीनेशन सेंटर पर लोगों को अपना आधार कार्ड लेकर जाना होगा जिसके बाद उन्हें वैक्सीन की डोज दी जायेगी।

Published / 2021-04-19 15:13:14
पूर्व पीएम मनमोहन सिंह भी हुए कोरोना संक्रमित, एम्स में भर्ती

एबीएन डेस्क। देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को एम्स में भर्ती कराया गया है। वह कोरोना पॉजिटिव हैं, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। फिलहाल एम्स के डॉक्टरों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है। सोमवार को तबीयत खराब होने पर उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया है। सूत्रों ने बताया कि सिंह को हल्का बुखार है और जांच में उनके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। फिलहाल वह चिकित्सकों की निगरानी में हैं। पिछले साल नई दवा के कारण रिएक्शन और बुखार होने के बाद 87 वर्षीय सिंह को एम्स में भर्ती कराया गया था। कई दिनों के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी। आज देश में कुल 2।73 लाख से अधिक कोरोना के मामले सामने आए हैं। वहीं, 1600 से अधिक मौतें हुई हैं।

Page 332 of 338

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse