Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
होम देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन

देश

View All
1 जनवरी को दक्षिणेश्वर मंदिर, बेलूर मठ समेत यह मंदिर श्रद्धालुओं के लिए रहेंगे बंद
Published / 2021-12-31 03:22:34
1 जनवरी को दक्षिणेश्वर मंदिर, बेलूर मठ समेत यह मंदिर श्रद्धालुओं के लिए रहेंगे बंद

एबीएन डेस्क। कोलकाता का विश्व प्रसिद्ध दक्षिणेश्वर काली मंदिर, रामकृष्ण मिशन का मुख्यालय बेलूर मठ, शक्तिपीठ कालीघाट मंदिर के अलावा थंथानिया मंदिर एक जनवरी को श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेंगे। पश्चिम बंगाल में कोविड-19 के मामलों में लगातार हो रही वृद्धि के मद्देनजर मंदिरों के प्रशासन ने यह फैसला किया है। दक्षिणेश्वर मंदिर के ट्रस्टी कुशल चौधरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि मंदिर के अधिकारियों को यह फैसला करने के लिए मजबूर होना पड़ा क्योंकि एक जनवरी के दिन लाखों की तादाद में श्रद्धालु मंदिर में आते हैं और इस दौरान कोविड-19 संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करवाना काफी कठिन होगा। दक्षिणेश्वर मंदिर दो जनवरी को दोबारा खुलेगा। बेलूर मठ के एक प्रवक्ता ने कहा, मौजूदा परिस्थितियों के कारण मठ का परिसर एक जनवरी से चार जनवरी तक श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेगा। बेलूर मठ पांच जनवरी को दोबारा श्रद्धालुओं के लिए खुल जाएगा। इसकी स्थापना स्वामी विवेकानंद द्वारा की गई थी। कालीघाट मंदिर सेबायित परिषद की कार्यकारी समिति के सचिव दीपांकर चटर्जी ने कहा, हम एहतियात के तौर पर एक जनवरी को मंदिर के गर्भगृह को बंद रखेंगे। इसके बाद तीन जनवरी को एक बैठक कर आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे। थंथानिया सिद्धेश्वरी काली मंदिर को भी एक और दो जनवरी को श्रद्धालुओं के लिए बंद रखा जाएगा।

कोरोना : केंद्र के हाई अलर्ट के बाद झारखंड को कड़े कदम उठाने के निर्देश
Published / 2021-12-30 14:50:52
कोरोना : केंद्र के हाई अलर्ट के बाद झारखंड को कड़े कदम उठाने के निर्देश

एबीएन डेस्क, रांची। देश में कोरोना के मामले बढ़ने लगे हैं। झारखंड में भी दिसंबर में कोरोना के मामले तेजी से बढ़े हैं। कोरोना के बढ़ते मामले को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने हाई अलर्ट जारी किया है। इस बाबत केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने 5 राज्यों को पत्र लिखकर यह निर्देश दिया है कि वो अपने राज्य में कोरोना का प्रसार रोकने के लिए कड़े कदम उठाएं। जिन 5 राज्यों को केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने पत्र लिखा है उसमें झारखंड भी एक है। झारखंड में भी पिछले 10 दिनों में बहुत ही तेजी से मामले बढ़े हैं। केद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने झारखंड स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह को पत्र लिखते हुए कहा है कि पिछले कुछ दिनों में झारखंड में कोरोना के नए मामलों में काफी तेजी देखी गई है। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए उन्होंने निर्देश दिया है कि कोरोना जांच की व्यवस्था को बढ़ाए जिससे कि तेजी से जांच हो सके। उन्होंने कोरोना टीकाकरण को भी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने कहा है कि कोरोना के प्रसार को रोकने के लिए कोरोना से जुड़ी पाबंदियां लगाएं। बता दें कि राज्य में 29 दिसंबर को एक दिन में 344 संक्रमित मिले हैं। झारखंड में कोरोना संक्रमण की तेज रफ्तार के बाद अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह ने सभी जिले की डीसी को केंद्र सरकार से मिले कोरोना गाइडलाइन का पालन करने के लिए पत्र भेजा है। इसमें टेस्ट, टैक, आइसोलेशन, ट्रीट और वैक्सीनेशन पर विशेष फोकस करने को कहा है।

मुंबई : खालिस्तानी आतंकियों के हमले की आशंका को लेकर हाई अलर्ट, पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द
Published / 2021-12-30 14:26:07
मुंबई : खालिस्तानी आतंकियों के हमले की आशंका को लेकर हाई अलर्ट, पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द

एबीएन सेंट्रल डेस्क। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन संकट के बीच देश की आर्थिक राजधानी मुंबई एक बार फिर आतंकियों के साए में है। जिसे देखते हुए सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, मुंबई पुलिस ने बताया है कि सूचना मिली थी कि खालिस्तानी तत्व शहर में आतंकवादी हमले कर सकते हैं, जिसके बाद मुंबई पुलिस अलर्ट पर है। मुंबई पुलिस के मुताबिक कल सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां और साप्ताहिक छुट्टियां रद्द कर दी गयी है और मुंबई में तैनात प्रत्येक पुलिसकर्मी ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। मुंबई रेलवे पुलिस आयुक्त कैसर खालिद ने कहा कि मुंबई में अलर्ट के मद्देनजर शहर के प्रमुख स्टेशन, दादर, बांद्रा चर्चगेट, सीएसएमटी, कुर्ला और अन्य स्टेशनों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। कल 3000 से अधिक रेलवे अधिकारी तैनात किए जाएंगे। एक रिपोर्ट में गृह मंत्री दिलीप वलसे पाटिल के हवाले से कहा गया कि मुंबई समेत महाराष्ट्र में पुलिस का तगड़ा बंदोबस्त रहने वाला है। मुंबई में वहीं, मुंबई में कोविड-19 की तीसरी लहर नजर आने लगी है।

कोरोना : 33 दिन बाद देश में 10,000 से ज्यादा केस, ओमिक्रॉन के मामले भी हुए 961
Published / 2021-12-30 12:54:59
कोरोना : 33 दिन बाद देश में 10,000 से ज्यादा केस, ओमिक्रॉन के मामले भी हुए 961

एबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने गुरुवार को एक प्रेस वार्ता में कहा कि 33 दिन के बाद देश में फिर से एक दिन में 10 हजार से ज्यादा मामले सामने आने शुरू हुए हैं। 26 दिसंबर के बाद से रोज 10 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आ रहे हैं। वहीं, ओमिक्रॉन वैरिएंट की स्थिति को लेकर अग्रवाल ने कहा कि देश में ओमिक्रॉन से संक्रमण के कुल 961 मामलों की पुष्टि हुई है। इनमें से 320 मरीज ठीक हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि पूरी दुनिया में 121 देशों में एक महीने में ओमिक्रोन के तीन लाख 30 हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं और कुल 59 मरीजों की मौत हुई है। दक्षिण अफ्रीका में मामलों में बढ़ोतरी के बाद अब फिर से कमी दर्ज की जा रही है। बता दें कि ओमिक्रॉन वैरिएंट सबसे पहले दक्षिण अफ्रीका में ही सामने आया था। आईसीएमआर के महानिदेशक डॉ बलराम भार्गव ने कहा कि सभी कोविड टीके, फिर चाहे वह भारत, इस्राइल, अमेरिका, यूरोप, यूके या चीन के हों, मुख्य रूप से बीमारी को बदलने वाले हैं। वह संक्रमण को नहीं रोकते हैं। एहतियाती खुराक मुख्यत: संक्रमण की गंभीरता, भर्ती होने और मौत की आशंका को कम करने के लिए है। टीकाकरण से पहले और बाद में भी मास्क बहुत जरूरी है। भीड़ से बचना चाहिए। होम आइसोलेशन एक अहम स्तंभ है। वहीं, सरकार ने बताया है कि कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद मिलने वाली इम्युनिटी करीब नौ महीने तक प्रभावी रहती है। सरकार ने डब्ल्यूएचओ के हवाले से बताया गया कि साक्ष्य बताते हैं कि कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वैरिएंट के द्विगुणित होने का समय दो से तीन दिन है, जिस वजह से यह डेल्टा वैरिएंट के मुकाबले अधिक तेजी से फैल रहा है।

आज 23 विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी
Published / 2021-12-30 05:50:24
आज 23 विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी

एबीएन डेस्क। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गुरूवार को उत्तराखंड के हल्द्वानी में एक विशाल जनसभा को संबोधित करने के साथ ही 17547 करोड़ रूपए की 23 विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी गुरुवार दोपहर में लगभग एक बजे हल्द्वानी पहुंचेंगे और वहां से सीधे एमबी महाविद्यालय के मैदान जाएंगे। यहां वह 17547 करोड़ की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे और इसके बाद विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री के इस दौरे को लेकर जनता में खासा उत्साह दिख रहा है। चुनाव आचार संहिता से ठीक पहले प्रधानमंत्री मोदी की इस जनसभा को आगामी विधानसभा की चुनावों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। प्रधानमंत्री की इस यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत अधिकांश मंत्रिमंडल के सदस्यों ने यहां डेरा डाले हुए है। मुख्य सचिव एसएस संधु ने हल्द्वानी पहुंचकर पूरी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रधानमंत्री मोदी के साथ ही केन्द्रीय संसदीय मामलों के मंत्री प्रहलाद जोशी भी यहां पधारेंगे। साथ ही प्रदेश के अधिकांश दिग्गज मोदी के कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे हैं। राज्यपाल गुरमीत सिंह, पूर्व केन्द्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, केन्द्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट, केबिनेट मंत्री धन सिंह रावत सहित अन्य नेता इस दौरान मौजूद रहेंगे। दूसरी प्रशासन ने प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सभी चाक चौबंद कर दी है। जगह-जगह पुलिसकर्मी तैनात है। पुलिस ने सभा स्थल के आसपास के जंगलों में पिछले 2 दिन पहले संदिग्धों के तलाश में छापेमारी की। यात्रा से आम लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े इसके लिए भी खास ध्यान रखा जा रहा है। दूसरी ओर प्रशासन ने सुरक्षा की खातिर हल्द्वानी, रामनगर तथा कालाढूंगी तहसीलों में निजी और स्कूलों को बंद करने की घोषणा की है। धानमंत्री 23 योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे उनमें 300 मेगावाट की यूजेवीएन लि. की लखवाड़ बहुद्देश्यीय परियोजना (लागत 5747 करोड़), मुरादाबाद-काशीपुर रोड (फोर लेन) व मुरादाबाद-काशीपुर बाईपास(लागत 4002 करोड़), जल जीवन मिशन के अंतर्गत 13 जिलों में 73 पानी आपूर्ति की योजनाएं (लागत 1250 करोड़), प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत स्टेज-2 के तहत 133 मार्गों की स्वीकृति (लागत 627 करोड़), उधमसिंह नगर में एम्स की सेटेलाइट केन्द्र की स्थापना (लागत 500 करोड़), पिथौरागढ़ में मेडिकल कालेज ( लागत 455 करोड़), प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 151 क्षतिग्रस्त पुलों को स्वीकृति (लागत 450 करोड़), नैनीताल तथा हरिद्वार में वर्ल्ड बैंक की सहायता से पेयजल आपूति लाइन की स्वीकृति लागत), नैनीताल और हरिद्वार में वर्ल्ड बैंक की सहायता से पेयजल आपूति लाइन की स्वीकृति (लागत 205 करोड़), शामिल है। इसी प्रकार नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत उधमसिंह नगर में 199 करोड़ की लागत से एसटीपी एवं आईडी, 9 एसटीपी, 17 /06 रिवूलेट्स, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 171 करोड़ की लागत से गरीबों के लिए कनकपुर काशीपुर में 1556 व सितारगंज के उकरौली में 1168 आवास, उधमसिंह नगर के काशीपुर में 35 करोड़ की लागत से आरोमा पार्क, नैनीताल जनपद में 78 करोड़ की लागत से सीवरेज प्रणाली का सुदृढ़ीकरण, उधमसिंह नगर के सितारगंज में 66 करोड़ की लागत से प्लास्टिक इंडस्ट्रीयल पार्क, मदकोटा से हल्द्वानी तक 58 करोड़ की लागत से सड़क चौड़ीकरण, किच्छा से पंतनगर तक 54 करोड़ की लागत से सड़क चौड़ीकरण, खटीमा बाईपास का कुमराहा गांव से कुटारी गांव तक (लागत 53 करोड़) और 177 करोड़ की लागत से एशियन हाईवे से नेपाल तक की कनेक्टिविटी (उत्तराखंड राज्य की कनेक्टिविटी) शामिल है। प्रधानमंत्री की ओर से कुल 14127 करोड़ की लागत से इन 17 योजनाओं का शिलान्यास किया जाना है। इनके अलावा 3420 करोड़ की लागत से 6 विकास योजनाओं का लोकार्पण भी प्रधानमंत्री के हाथों किया जाना है, जिनमें नगीना-काशीपुर (एनएच -74) का चौड़ीकरण (लागत 2536 करोड़), ऑलवेदर परियोजना के तहत टनकपुर से पिथौरागढ़ रोड पर च्यूरानी से ऐंचोली तक चौड़ीकरण (लागत 284 करोड़), आलवेदर परियोजना के तहत विलखेत से चंपावत तक सड़क चौड़ीकरण (लागत 267 करोड़), ऑलवेदर परियाजना के तहत टनकपुर-पिथौरागढ़ रोड पर तिलौन से च्यूरानी तक सड़क चौड़ीकरण (लागत 244 करोड़), यूजेवीएन लि की सुरिंगड फेज-2 के तहत 5 मेगावाट की जलविद्युत परियोजना (लागत 50 करोड़) और नमागि गंगे के तहत रामनगर तथा नैनीताल में सीवरेज प्लांट का निर्माण (लागत 50 करोड़) शामिल हैं।

मुंबई में 7 जनवरी तक धारा 144 लागू, नहीं होगी कोई पार्टी
Published / 2021-12-30 05:09:29
मुंबई में 7 जनवरी तक धारा 144 लागू, नहीं होगी कोई पार्टी

एबीएन डेस्क। नए साल की शुरूआत से पहले ही एक बार फिर से कोरोना ने अपना कहर बरसाना शुरू कर दिया है। बता दें कि पिछले कुछ महीनों से जहां कोरोना की दूसरी लहर थमती हुई नज़र आ रही थी वहीं फिर से कोविड 19 के मामलों में इजाफा होना शुरू हो गया है। इसी के साथ कोरोना के नए वेरिएंट ने भी लोगों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है। इस बीच जहां दिल्ली में सरकार ने येलो अलर्ट जारी किया है वहीं अब महाराष्ट्र सरकार भी कोरोना के बढ़ते केसों को देखते हुए सख्त हो गई है। बता दें कि मुंबई में बीते दिन कोरोना के 2,510 नए मामले सामने आए, इसे देखते हुए अब प्रशासन ने मुंबई में धारा 144 लागू कर दी गई है। मुंबई में 7 जनवरी तक धारा 144 लागू रहेगी, इसके साथ ही नए साल के जश्न मनाने पर भी रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने 30 दिसंबर से 7 जनवरी तक मुंबई में धारा 144 लगा दी है, साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर नए साल का जश्न मनाने पर भी रोक लगा दी है इसके अलावा रेस्टोरेंट, होटल, बार, पब, रिजॉर्ट और क्लब में 30 दिसंबर से 7 जनवरी तक कोई पार्टी नहीं होगी। सरकार ने नई कोविड गाइडलाइंस भी जारी कीं। नई गाइडलाइंस के मुताबिक, हॉल या रेस्टोरेंट जैसी बंद जगहों पर 50% और खुली जगहों पर 25% सिटिंग कैपेसिटी को ही अलाउ किया जाएगा। पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे ने कहा कि अगर इन नियमों का पालन नहीं किया जाता है तो उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

J&K : कुलगाम में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी कामयाबी, 3 आतंकवादियों को किया ढेर
Published / 2021-12-30 03:37:41
J&K : कुलगाम में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी कामयाबी, 3 आतंकवादियों को किया ढेर

एबीएन डेस्क। जम्मू-कश्मीर में बुधवार को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच दो अलग-अलग मुठभेड़ों में एक पाकिस्तानी नागरिक समेत जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकवादी मारे गए जबकि एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम और अनंतनाग जिलों में यह मुठभेड़ हुईं। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि आतंकियों की मौजूदगी के बारे में मिली खुफिया सूचना के आधार पर कुलगाम जिले के मीरहमा क्षेत्र में सुरक्षा बलों द्वारा घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया गया और इस दौरान आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हुई। अधिकारी ने कहा कि तलाशी अभियान के दौरान छिपे हुए आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी की। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसके साथ मुठभेड़ शुरू हो गई। इस मुठभेड़ में तीन आतंकवादी मारे गए। कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने कहा कि मुठभेड़ में मारे गए आतंकवादी जैश-ए-मोहम्मद के सदस्य थे। पुलिस महानिरीक्षक ने एक ट्वीट में कहा, इस मुठभेड़ में दो स्थानीय आतंकवादी जबकि एक पाकिस्तानी आतंकवादी मारा गया है। ये तीनों आतंकवादी जैश-ए-मोहम्मद के सदस्य थे। इनके पास से एक एम-4 जबकि दो एके-47 राइफलें भी बरामद की गई हैं। सुरक्षाबलों के लिए यह एक बड़ी कामयाबी है। दूसरी मुठभेड़ अनंतनाग जिले के दूरु के नौगांम शाहबाद में सुरक्षा बलों द्वारा घेराबंदी और तलाशी अभियान के दौरान हुई। उन्होंने कहा कि गोलीबारी के दौरान एक पुलिसकर्मी घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ जारी है और आगे के विवरण का इंतजार है।

कोरोना : मुम्बई में सामने आए 2510 मामले, एक की मौत
Published / 2021-12-29 15:47:09
कोरोना : मुम्बई में सामने आए 2510 मामले, एक की मौत

एबीएन सेंट्रल डेस्क। मुंबई में कोरोना के रोजाना मामले डराने लगे हैं। बीते 24 घंटे में यहां 2,510 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इस दौरान 251 लोग ठीक हुए हैं। इससे पहले यहां मंगलवार को 1331 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे। ऐसे में दो दिन में कोरोना के रोजाना मामलों में आई लगभग दोगुनी उछाल ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है। इसी के साथ मुंबई में कोरोना महामारी शुरू होने के बाद से अब तक कुल 7 लाख 75 हजार 808 केस आ चुके हैं, जबकि एक्टिव केसों की संख्या 8060 है। मुंबई में कुल 16 हजार 375 मौतें हुई हैं। शहर में फिलहाल रिकवरी रेट 97 फीसदी पर बना हुआ है। इससे पहले महाराष्ट्र सरकार के मंत्री आदित्य ठाकरे ने मुंबई में कोराना के लगातार बढ़ते मामलों को लेकर चिंता जाहिर की थी। उन्होंने बुधवार को कहा कि कोरोना के मामलों की संख्या जिस तरह से बढ़ रही है, उसे देखते हुए मुंबई में यह संख्या आज से 2000 के आंकड़े को पार कर सकती है। दरअसल, मुंबई में सोमवार को कोरोना के 809 मामले सामने आए थे। इसके अगले दिन यानी मंगलवार को यह आंकड़ा बढ़कर 1377 तक पहुंच गई थी। कोरोना के मामलों में आए उछाल को लेकर आदित्य ठाकरे ने अधिकारियों के साथ अहम बैठक की और स्थिति की समीक्षा की। इसके बाद आदित्य ने बताया कि मुंबई में कोरोना के केसों मे इजाफे को देखते हुए हमने बैठक कर हालात की समीक्षा की और तैयारियों का जायजा लिया। मैं सभी से अपील करता हूं कि घबराएं नहीं। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए हमें अत्यधिक सतर्कता बरतने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हमने कोरोना प्रोटोकॉल के तहत गाइडलाइन और सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन से जुड़े मुद्दे पर भी चर्चा की, क्योंकि नया साल बस आने ही वाला है। यह पूछे जाने पर कि क्या इसे कोरोना की तीसरी लहर की शुरुआत कह सकते हैं, तो उन्होंने कहा कि इस बारे में फैसला डॉक्टरों-वैज्ञानिकों को करना है।

पीएम-किसान : एक जनवरी को प्रधानमंत्री जारी करेंगे 10वीं किस्त
Published / 2021-12-29 15:43:44
पीएम-किसान : एक जनवरी को प्रधानमंत्री जारी करेंगे 10वीं किस्त

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नए साल के पहले दिन एक जनवरी को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) के तहत 10 करोड़ से अधिक लाभार्थी किसानों को 20,000 करोड़ रुपये के वित्तीय लाभ की 10वीं किस्त जारी करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री एक जनवरी को दोपहर 12.30 बजे वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से 10वीं किस्त जारी करेंगे और साथ ही करीब 351 किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के लिए 14 करोड़ रुपये से अधिक का इक्विटी ग्रांट भी जारी करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर भी उपस्थित रहेंगे। पीएम-किसान योजना के तहत प्रति वर्ष 6,000 रुपये की राशि को 2,000 रुपये की तीन मासिक किस्तों में प्रत्येक चौथे माह किसानों के बैंक खातों में सीधे हस्तांतरित किया जाता है। मोदी ने इस योजना की औपचारिक रूप से शुरुआत 24 फरवरी, 2019 को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक समारोह में की थी। इस योजना की शुरुआत देश भर के सभी खेतिहर किसानों के परिवारों को आय सहायता प्रदान करके किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया था, ताकि उनकी कृषि और संबद्ध गतिविधियों के साथ-साथ घरेलू व्यय की आवश्यकताओं को पूरा किया जा सके। पीएमओ ने कहा कि इस योजना के तहत अब तक किसानों के खातों में 1.6 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की जा चुकी है। पीएमओ ने कहा कि इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री करीब 351 किसान उत्पादक संगठनों के लिए 14 करोड़ रुपये से अधिक का इक्विटी ग्रांट भी जारी करेंगे। पीएमओ ने कहा कि इससे 1.24 लाख किसानों को लाभ मिलेगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री किसान उत्पादक संगठनों से संवाद करेंगे और फिर वह उन्हें संबोधित भी करेंगे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.