Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
होम देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन

देश

View All
16 जनवरी को मनाया जाएगा नेशनल स्टार्टअप डे
Published / 2022-01-16 04:06:49
16 जनवरी को मनाया जाएगा नेशनल स्टार्टअप डे

एबीएन डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एलान किया है कि देश में हर साल 16 जनवरी को नेशनल स्टार्टअप डे मनाया जाएगा। शनिवार को पीएम मोदी ने स्टार्टअप उद्यमियों के साथ संवाद के दौरान यह घोषणा की। पीएम मोदी ने कहा, मैं देश के उन सभी स्टार्टअप को, सभी इनोवेटिव युवाओं को बहुत-बहुत बधाई देता हूं, जो स्टार्टअप्स की दुनिया में भारत का झंडा बुलंद कर रहे हैं। स्टार्टअप का यह कल्चर देश के दूर-दराज के इलाके तक पहुंचे, इसके लिए 16 जनवरी को अब नेशनल स्टार्ट अप डे के रूप में मनाने का फैसला किया गया है। स्कूली छात्र करें इन्नोवेशन : पीएम मोदी ने कहा, हमारा प्रयास देश में बचपन से ही छात्रों में इनोवेशन के प्रति आकर्षण पैदा करने और इनोवेशन को संस्थागत रूप देने का है। देश में 9,000 से अधिक अटल टिंकरिंग लैब्स आज बच्चों को स्कूलों में इन्नोवेट करने और नए विचारों पर काम करने का मौका दे रही हैं। क्या होते हैं स्टार्टअप्स? स्टार्टअप कंपनी एक ऐसी कंपनी होती है जिसने अभी कामकाज शुरू किया है। आप अकेले या कुछ लोगों के साथ मिलकर कंपनी की नींव रखते हैं जिसे इनक्युबेशन कहते हैं। यहां पर लोग अपनी-अपनी कुशलता और विशेषज्ञता लेकर आते हैं और नए कारोबारी आइडिया पर मिलकर काम करते हैं। इस तरह की कंपनी के जरिए ग्राहकों को एक यूनिक प्रोडक्ट या सर्विस दी की जाती है।

24 घंटे में कोरोना के 2.68 लाख नए केस, 402 मौतें
Published / 2022-01-15 08:02:27
24 घंटे में कोरोना के 2.68 लाख नए केस, 402 मौतें

एबीएन डेस्क। भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के दो लाख 68 हजार 833 नए केस दर्ज हुए हैं। वहीं, 402 लोगों की मौत भी रिकॉर्ड हुईं। इस बीच 1 लाख 22 हजार 684 लोग ठीक भी हुए हैं। फिलहाल देश में संक्रमण दर का बढ़ना बड़ी चिंता का विषय बनता जा रहा है। दरअसल, भारत में टेस्ट पॉजिटिविटी रेट 14.70 फीसदी से बढ़कर अब 16.66 फीसदी पर पहुंच गई है। यानी देश में प्रति 10 हजार टेस्ट्स में 1666 लोग संक्रमित मिल रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक,देश में अब सक्रिय कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 14,17,820 हो गई है। वहीं पिछले 24 घंटे में कोरोना से हुईं 402 मौतों के बाद कुल आंकड़ा 4,85,752 पहुंच गया है। देश में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। कल की अपेक्षा शनिवार को संक्रमण दर में करीब दो प्रतिशत का इजाफा हुआ है। वहीं शुक्रवार से 4631 ज्यादा कोरोना संक्रमित दर्ज किए गए हैं। शुक्रवार को देश में 2,64,202 कोरोना संक्रमित पाए गए थे। जबकि, आज दो लाख 68 हजार 833 मरीज सामने आए। देश में ओमिक्रॉन के मामलों में भी तेजी से उछाल हो रहा है। शनिवार को यह छह हजार के पार हो गए। जबकि, शुक्रवार को 5,753 मामले सामने आए थे।

गोरखपुर से चुनाव लड़ेंगे योगी आदित्यनाथ
Published / 2022-01-15 07:50:58
गोरखपुर से चुनाव लड़ेंगे योगी आदित्यनाथ

एबीएन डेस्क। उत्तर प्रदेश चुनाव के पहले चरण के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी होने लगी है। पहले चरण में पश्चिमी यूपी के 10 जिलों की 58 सीटों पर 10 फरवरी को वोटिंग होनी है।

बिहार : नालंदा में 9 की मौत, 3 गंभीर; परिजनों का आरोप- जहरीली शराब से ली जान
Published / 2022-01-15 07:32:31
बिहार : नालंदा में 9 की मौत, 3 गंभीर; परिजनों का आरोप- जहरीली शराब से ली जान

एबीएन डेस्क। बिहार की नीतीश सरकार ने राज्य में शराब के सेवन, उत्पादन और बिक्री पर रोक लगाई हुई है। इसके बावजूद राज्य में शराब तस्करी, पीने के मामले रोजाना सामने आते रहते हैं। इतना ही नहीं कई बार जहरीली शराब पीने से लोगों की मौत हो चुकी है। फिर भी लोग सुधर नहीं रहे हैं। ताजा मामला नालंदा का है जहां पांच लोग शराब की वजह से काल के गाल में समा गए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दरअसल, नालंदा जिले के सोहसराय थाना इलाके के छोटी पहाड़ी और पहाड़ तल्ली मोहल्ला में संदेहास्पद स्थिति में एक साथ 9 लोगों की मौत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर हालत में निजी क्लीनिक में इलाजरत हैं। सभी मृतकों के परिजन शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ने से मौत की बात बता रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। थानाध्यक्ष सुरेश प्रसाद के बाद सदर डीएसपी डॉ शिब्ली नोमानी मौके पर पहुंच कर परिजन से जानकारी ले रहे हैं। हालांकि अभी तक जहरीली शराब पीने से मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मगर स्थानीय लोग भी आस-पास के इलाके में चुलाई शराब बनाने की बात बता रहे हैं। वहीं मानपुर थाना इलाके के हरगावा गांव में भी दो लोगों के शराब पीने की मौत की चर्चा है।

अब नेताजी के जन्मदिन से शुरू होगा गणतंत्र दिवस समारोह
Published / 2022-01-15 06:59:14
अब नेताजी के जन्मदिन से शुरू होगा गणतंत्र दिवस समारोह

एबीएन डेस्क। गणतंत्र दिवस समारोह की शुरुआत अब हर साल 24 जनवरी के बजाय 23 जनवरी को शुरू होगी ताकि स्वतंत्रता सेनानी सुभाष चंद्र बोस की जयंती इसमें शामिल की जा सके। सरकारी सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के रुख के अनकूल है जो भारत के इतिहास और संस्कृति के अहम पहलुओं को मनाने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। उन्होंने रेखांकित किया कि इससे पहले बोस की जयंती को पराक्रम दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की गई थी। सूत्रों ने बताया कि अन्य दिवस जो हर साल मनाए जाने का फैसला लिया गया है उनमें 14 अगस्त को विभाजन विभिषिका स्मरण दिवस, 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस (सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती), 15 नवंबर जनजातीय दिवस (बिरसा मुंडा जंयती), 26 नवंबर को संविधान दिवस और 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस (सिखों के 10वें गुरु, गुरु गोबिंद सिंह के चार साहबजादों की याद में) शामिल हैं।

पाक अपनी आदत से लाचार, 300-400 आतंकियों को घुसपैठ के लिए दे रहा रास्ता : सेना प्रमुख
Published / 2022-01-15 06:52:46
पाक अपनी आदत से लाचार, 300-400 आतंकियों को घुसपैठ के लिए दे रहा रास्ता : सेना प्रमुख

एबीएन डेस्क। भारतीय सेना आज अपना 74वां स्थापना दिवस मना रही है। भारतीय सेना द्वारा हर साल 15 जनवरी के दिन भारतीय सेना दिवस मनाया जाता है। इस मौके पर सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे ने देश को बधाई दी और फिर लोगों को संबोधित किया। इस मौके पर सेना प्रमुख ने पाकिस्तान पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान आतंकवादियों को पनाह देने की अपनी आदत से लाचार है। सीमा पार प्रशिक्षण शिविरों में तकरीबन 300-400 आतंकवादी घुसपैठ करने के अवसर की तलाश में बैठे हैं। सरहद पार से ड्रोन द्वारा हथियारों की तस्करी की कोशिश भी जारी है। एलओसी पर स्थिति पहले से सही, लेकिन पाक आतंकियों को पनाह दे रहा : सेना प्रमुख ने कहा कि एलओसी में स्थिति पिछले साल से बेहतर है लेकिन पाकिस्तान अभी भी सीमा के पास आतंकियों को पनाह दे रहा है. करीब 300-400 आतंकी भारत में घुसपैठ का इंतजार कर रहे हैं। जवाबी कार्रवाई में कुल 144 आतंकवादी मारे गए हैं।

बजट सत्र पर संकट के बादल: संसद के 700 से ज्यादा कर्मचारी कोरोना संक्रमित
Published / 2022-01-15 04:53:59
बजट सत्र पर संकट के बादल: संसद के 700 से ज्यादा कर्मचारी कोरोना संक्रमित

एबीएन डेस्क। 31 जनवरी से दो चरणों में शुरू होने जा रहे बजट सत्र पर संकट के बादल छाए हुए हैं। दरअसल, कोरोना की तीसरी लहर के बीच होने जा रहे इस बजट सत्र से पहले संसद के 700 कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। सूत्रों की मानें तो चार जनवरी तक संसद परिसर के 718 कर्मचारियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जिसमें अकेले 204 कर्मचारी तो राज्यसभा सचिवालय के ही हैं। बाकी कर्मचारी भी संसद से ही जुड़े हुए हैं। इस बीच विशेषज्ञों का कहना है कि जब से संसद सत्र शुरू होगा, कोरोना की तीसरी लहर अपने पीक पर होगी। ऐसे में बजट सत्र के दौरान संक्रमण का सबसे ज्यादा खतरा रहेगा। बजट सत्र की हो चुकी है घोषणा : इधर, बढ़ते संक्रमण की चिंता के बीच लोकसभा सचिवालय की ओर से शुक्रवार को जारी एक विज्ञप्ति में बजट सत्र की घोषणा कर दी गई है। लोकसभा का आठवां सत्र 31 जनवरी 2022 से शुरू होगा। इसके आठ अप्रैल को संपन्न होने की संभावना है। विज्ञप्ति में कहा गया कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद संसद के दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा) को एक साथ 31 जनवरी की सुबह संबोधित करेंगे। इसके अलावा केंद्रीय बजट एक फरवरी 2022 को प्रस्तुत किया जाएगा। स्थायी समितियों को मंत्रालयों व विभागों की मांगों पर विचार करने और अपनी रिपोर्ट तैयार करने का समय देने के लिए सदन 11 फरवरी को स्थगित होगा और 14 मार्च को फिर आयोजित होगा।

जम्मू-कश्मीर में लगे भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर तीव्रता 5.3
Published / 2022-01-15 02:55:09
जम्मू-कश्मीर में लगे भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर तीव्रता 5.3

एबीएन डेस्क। जम्मू कश्मीर में शुक्रवार को 5.3 तीव्रता का भूकंप का झटका महसूस किया गया। अधिकारियों ने बताया कि अभी तक जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि भूकंप का केन्द्र अफगानिस्तान के हिन्दुकुश पर्वतों में था। अधिकारियों ने बताया कि रात 9:43 बजे आए 5.3 तीव्रता के भूकंप के झटके को जम्मू-कश्मीर में भी महसूस किया गया। उन्होंने बताया कि अभी तक जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।

ओमिक्रॉन का सामुदायिक प्रसार : अध्ययन में पहली बार मिले प्रमाण
Published / 2022-01-15 02:38:20
ओमिक्रॉन का सामुदायिक प्रसार : अध्ययन में पहली बार मिले प्रमाण

एबीएन डेस्क। देश में पहली बार ओमिक्रॉन का सामुदायिक प्रसार मिला है। राष्ट्रीय राजधानी में हाइब्रिड इम्युनिटी भी बननी शुरू हो गई है। अभी तक सरकारें सामुदायिक प्रसार का अनुमान लगा रही थीं, लेकिन अब चिकित्सीय अध्ययन में इस बात के सुबूत भी मिल चुके हैं। दिल्ली पहला ऐसा राज्य है जहां समुदाय में 60 फीसदी से भी ज्यादा ओमिक्रॉन का प्रसार हुआ है। 22 दिन पहले यह प्रसार शुरू हुआ जो अब वैक्सीन की दोनों खुराक लेने वालों में भी मिल रहा है। साल 2020 में वुहान, फिर 2021 में डेल्टा वेरिएंट से संक्रमित होने के बाद लोगों ने टीका भी लिया लेकिन अब ओमिक्रॉन की चपेट में आने के बाद फिर से इनके शरीर में इम्युनिटी बन रही है। चिकित्सा विज्ञान में यह हाइब्रिड इम्युनिटी माना जाता है। दिल्ली में अभी कुछ मरीज ऐसे भी मिले हैं जिनमें चार-चार स्रोत के जरिये इम्युनिटी विकसित हुई है। जन स्वास्थ्य के लिहाज से ओमिक्रॉन के सामुदायिक प्रसार से बन रही हाइब्रिड इम्युनिटी को बेहतर संकेत भी माना जा रहा है। साथ ही सामुदायिक प्रसार घोषित होने की वजह से सरकारी रणनीतियों में निगरानी से लेकर जांच तक को लेकर बदलाव भी किए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार नई दिल्ली के बसंत कुंज स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंस (आईएलबीएस) ने अध्ययन के जरिये दिल्ली में ओमिक्रॉन वैरिएंट के सामुदायिक प्रसार की पुष्टि की है। अध्ययन मेडिकल जर्नल मेडरेक्सिव में प्रकाशन से पूर्व समीक्षा की स्थिति में है। अध्ययन के दौरान पता चला है कि दिल्ली में बीते 23 दिसंबर, 2021 से यह सामुदायिक प्रसार शुरू हो चुका है। पिछले सप्ताह दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने भी सामुदायिक प्रसार की पुष्टि की थी। ऐसे मिला ओमिक्रॉन का सामुदायिक प्रसार : डॉ. गुप्ता बताती हैं कि अध्ययन में यह भी पता चला कि ओमिक्रॉन के 72 (87.8 फीसदी) मरीज पूरी तरह से टीकाकरण करवा चुके थे। 32 (39.1 फीसदी) मरीजों में हमें ट्रेवल हिस्ट्री या फिर क्लोज कॉन्टेक्ट संक्रमण का कारण मिला। जबकि 50 (60.9 फीसदी) में संक्रमण के स्रोत का पता नहीं चल पाया। फिर हर दिन सैंपल में ओमिक्रॉन की मौजूदगी मिलती चली गई और 1.84 से 54 फीसदी तक सैंपल की संख्या बढ़ती चली गई। किसी भी महामारी के सामुदायिक प्रसार का आकलन करने के लिए यह आंकड़े पर्याप्त हैं। 60%समुदाय में मिला वैरिएंट : डिपार्टमेंट ऑफ क्लीनिकल वायरोलॉजी की विभागाध्यक्ष डॉ. एकता गुप्ता ने बताया कि देश में पहली बार ओमिक्रॉन वैरिएंट पर इस तरह का अध्ययन हुआ है और उसमें सामुदायिक प्रसार की पुष्टि भी हुई है। उन्होंने जानकारी दी कि पिछले साल 25 नवंबर से 23 दिसंबर के बीच 264 नमूनों की जीनोम सीक्वेंसिंग में 182 (68.9 फीसदी) में डेल्टा और दूसरे वैरिएंट मिले थे। जबकि 82 (31.06 फीसदी) में ओमिक्रॉन वैरिएंट की मौजूदगी मिली। इनमें 50 (61 फीसदी) रोगियों में हल्के लक्षण मिले थे। एम्स को मिली हाइब्रिड इम्युनिटी : नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के डॉक्टरों को दिल्ली में हाइब्रिड इम्युनिटी भी मिली। डॉक्टरों ने बताया कि दिल्ली में अब कुछ मामले ऐसे देखने को मिल रहे हैं जो पिछले साल डेल्टा की चपेट में आए और ठीक होने के बाद उन्होंने वैक्सीन लिया। इसके बाद अब वे ओमिक्रॉन संक्रमित हुए हैं। इनमें एम्स के ही स्वास्थ्य कर्मचारियों की संख्या शामिल है। वहीं कुछ मरीजों में यह भी पता चला है कि उन्हें साल 2020, फिर 2021 और अब ओमिक्रॉन का संक्रमण हुआ। इनका टीकाकरण भी हुआ है और अब एहतियात खुराक भी मिलेगी। एम्स ने इस पर चिकित्सीय अध्ययन शुरू कर दिया है। डॉ. एकता गुप्ता ने बताया कि हाइब्रिड इम्युनिटी दिल्ली में बनना शुरू हुई है। इसे फिलहाल सकारात्मक दृष्टिकोण से ही देखा जा रहा है कि लोगों में एंटीबॉडी का स्तर काफी मजबूत हो रहा है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.