Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 24
होम ई-पेपर देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन

देश

View All
देश में कोरोना : दैनिक संक्रमण दर बढ़कर 4.85 फीसदी, 16 हजार से ज्यादा नए केस मिले
Published / 2022-07-04 08:23:40
देश में कोरोना : दैनिक संक्रमण दर बढ़कर 4.85 फीसदी, 16 हजार से ज्यादा नए केस मिले

एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 16 हजार से ज्यादा नए केस मिले और 24 लोगों की मौत हो गई। दैनिक संक्रमण दर बढ़कर 4.85 फीसदी हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सोमवार सुबह अपडेट आंकड़ों के अनुसार 24 घंटे में 16,135 नए कोरोना केस दर्ज किए गए। इस दौरान 13,958 लोग स्वस्थ हुए। देश में सक्रिय केस अब बढ़कर 1,13,864 हो गए। बीते 24 घंटे में इनमें 2153 की बढ़ोतरी हुई है। सोमवार को मिले नए केस : रविवार की तुलना में मामूली ज्यादा हैं। रविवार को 16,103 नए केस मिले थे, जबकि आज 16,135 नए संक्रमित मिले। इससे पहले शनिवार को 17,092 और शुक्रवार को 17,070 मामले सामने आए थे। देश में कोरोना एक नजर में : • 16,135 नए संक्रमित मिले सोमवार को। • 4,35,18,564 कुल संक्रमितों की संख्या। • 1,13,864 मौजूदा सक्रिय केस, 24 घंटे में बढ़ोतरी 2153। • 5,25,223 कुल मृतक संख्या, 24 घंटे में मौतें 24। • 0.26 फीसदी है कुल संक्रमितों में से सक्रिय केस। • 98.54 फीसदी है कोरोना रिकवरी रेट। • 3,32,978 सैंपल की जांच की गई रविवार को। • 86,39,99,907 कुल सैंपलों की जांच अब तक।

हिमाचल प्रदेश : कुल्लू में खाई में गिरी बस, स्कूली बच्चों समेत 10 की मौत
Published / 2022-07-04 08:19:50
हिमाचल प्रदेश : कुल्लू में खाई में गिरी बस, स्कूली बच्चों समेत 10 की मौत

एबीएन सेंट्रल डेस्क। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। यहां प्राइवेट बस खाई में गिर गई, जिसमे स्कूली बच्चों समेत 10 लोगों की जान चली गई है। यह हादसा कुल्लू के सैंज घाटी के पास हुआ, जहां आज सुबह यात्रियों से भरी बस गहरी खाई में जा गिरी। जहां पर यह हादसा हुआ है वह काफी सूनसान इलाका है, यहां से जिला मुख्यालय तकरीबन 60 किलोमीटर दूर है जिसके चलते राहत बचाव पहुंचने में समय लगा। रिपोर्ट के अनुसार बस में 45 यात्री सवार थे, जिसमें कई लोग चोटिल हुए हैं। कुल्लू के डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर आशुतोष गर्गर ने बताया कि हादसे में घायल लोगों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है, कुल्लू से टीम को घटनास्थल पर रवाना कर दिया गयाहै, लोगों को हर संभव मदद दिए जाने की कोशिश की जा रही है। वहीं इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जाहिर किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय से ट्वीट करके कहा गया है कि प्रधानमंत्री ने हादसे पर दुख जाहिर करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में बस हादसा दिल दुखाने वाला है। इस त्रासदी में पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है। मैं उम्मीद करता हूं कि घायल जल्द ठीक होंगे। स्थानीय प्रशासन हर संभव मदद मुहैया करा रहा है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए का मुआवजा देने का ऐलान किया जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है। इस हादसे पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शोक जाहिर किया है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट करके लिखा, कुल्लू की सैंज घाटी में एक निजी बस के हादसे का दुखद समाचार मिला। पूरा प्रशासन मौके पर है, घायलों को अस्पताल ले जाया जा रहा है। ईश्वर इस घटना में दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोकग्रस्त परिवारजनों को संबल प्रदान करें। ईश्वर से कामना करता हूं कम से कम लोग हताहत हुए हों।

हावड़ा ब्रिज के पास रिवरफ्रंट सौंदर्यीकरण परियोजना के लिए बोलीदाताओं के सुझावों पर विचार जारी
Published / 2022-07-04 04:37:20
हावड़ा ब्रिज के पास रिवरफ्रंट सौंदर्यीकरण परियोजना के लिए बोलीदाताओं के सुझावों पर विचार जारी

एबीएन सेंट्रल डेस्क। कोलकाता में हावड़ा ब्रिज के निकट रिवरफ्रंट सौंदर्यीकरण एवं वाणिज्यिक विकास परियोजना के लिए संभावित बोलीदाताओं की ओर से मिले सुझावों का कोलकाता पोर्ट आकलन कर रहा है। एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि इस पहल के लिए अभिरुचि मांगे गए थे। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के जरिए सैकड़ों करोड़ रुपये का निवेश आ सकता है और कोलकाता पोर्ट जिसे अब श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट (एसएमपी पोर्ट) के नाम से जाना जाता है, उसके लिए राजस्व का एक और स्रोत खुल सकता है। एसएमपी पोर्ट के चेयरमैन विनित कुमार ने कहा, प्रस्तावित हुगली रिवरफ्रंट विकास परियोजना के लिए संभावित बोलीदाताओं की ओर से अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। अभिरुचि पत्र के अनुसार प्रस्तावित विकास 30 वर्ष के लिए भूमि पट्टे के जरिए या फिर सार्वजनिक-निजी भागीदारी के जरिए होगा।

वंशवादी राजनीतिक दलों से ऊब गया देश, अब उनका टिकना मुश्किल : मोदी
Published / 2022-07-03 15:53:17
वंशवादी राजनीतिक दलों से ऊब गया देश, अब उनका टिकना मुश्किल : मोदी

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को विपक्षी दलों पर जोरदार हमला बोला और कहा कि देश वंशवादी राजनीति और वंशवादी राजनीतिक दलों से पूरी तरह ऊब चुका है और ऐसी पार्टियों के लिए अब टिक पाना मुश्किल है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि आजकल कई राजनीतिक दल अपने अस्तित्व को बचाने में लगे हुए हैं, लेकिन पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को उनपर न तो हास्य करना चाहिए और न व्यंग्य करना चाहिए। उन्होंने कहा, हमें सीखना है कि हम कोई ऐसा काम न करें, जो उन्होंने किया। विविधता की शक्ति के साथ हम अपने संगठन के संकल्प को देश में विस्तारित करें।प्रधानमंत्री के संबोधन के प्रमुख हिस्सों के बारे में पत्रकारों को अवगत कराते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य सर्वजन हिताय और सर्वजन सुखाय है, वहीं आज देश के कई विपक्षी दल वंशवाद से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। प्रसाद के मुताबिक मोदी ने कहा, परिवारवाद से देश पूरी तरह ऊब चुका है। देश परिवारवादी पार्टियों से भी ऊब चुका है। ऐसे दलों के लिए अब टिक पाना मुश्किल है। मोदी ने युवा पीढ़ी को आगे लाने का आह्वान करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अधिक से अधिक युवाओं से संपर्क करें और उन्हें पार्टी से जोड़ें। भाजपा के लोकतांत्रिक चरित्र को लेकर उसकी आलोचना करने वाले दलों पर भी प्रधानमंत्री ने निशाना साधा और कहा, हमारी पार्टी पर जो सवाल उठाते हैं, उनका अपना क्या हाल है। उनके संगठनात्मक ढांचे में कितना लोकतंत्र है? प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं से "स्नेह यात्रा" निकालने और समाज के सभी वर्गों तक पहुंचने को भी कहा।

परेड ग्राउंड में पीएम की मेगा रैली, शाह पेश करेंगे प्रस्ताव
Published / 2022-07-03 09:59:52
परेड ग्राउंड में पीएम की मेगा रैली, शाह पेश करेंगे प्रस्ताव

एबीएन सेंट्रल डेस्क। भाजपा की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक के आखिरी दिन रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जहां एक रैली को संबोधित करेंगे, वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह देश के मौजूदा हालात पर एक राजनीतिक प्रस्ताव पेश करेंगे। रैली को संबोधित करने से पहले मोदी पार्टी कार्यसमिति में समापन भाषण भी देंगे, जिसमें पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की रुपरेखा होगी। फिलहाल सबकी नजर बैठक में पेश किए जाने वाले राजनीतिक प्रस्ताव पर होगी। यह बैठक नुपुर शर्मा द्वारा पैंगबर मोहम्मद पर की गई टिप्पणी और उदयपुर में कन्हैयालाल की हत्या से पैदा हुए विवाद की पृष्ठभूमि में हो रही है, ऐसे में देखने वाली बात होगी कि राजनीतिक प्रस्ताव में पार्टी इसका उल्लेख करती है कि नहीं। इस प्रस्ताव का भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्व सरमा और बसवराज बोम्मई समर्थन करेंगे। इससे पहले, शनिवार को पारित एक शोक प्रस्ताव में कन्हैयालाल और पंजाब के गायक सिद्धू मूसेवाला का उल्लेख किया गया था। संभावना है कि राजनीतिक प्रस्ताव में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के आठ साल के कार्यकाल की उपलब्धियों का ब्योरा पेश किया जाएगा वहीं, हाल के विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत के उल्लेख के साथ ही आगामी चुनावों की तैयारियों का खाका भी होगा। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने शनिवार को कहा था कि कार्यसमिति की बैठक में देश के मौजूदा हालात सहित सभी अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। पार्टी ने बैठक में शनिवार को अर्थव्यवस्था और गरीब कल्याण संकल्प पर एक प्रस्ताव पारित किया था। इस बैठक की औपचारिक शुरुआत यहां स्थित हैदराबाद इंटरनेशनल कनवेंशन सेंटर में शनिवार को हुई थी। इसका समापन आज प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन से होगा। इसके बाद वह यहां स्थित परेड ग्राउंड में एक रैली को भी संबोधित करेंगे।

पश्चिम बंगाल : स्कूल बस नहर में गिरी, 30 बच्चे घायल
Published / 2022-07-02 17:18:11
पश्चिम बंगाल : स्कूल बस नहर में गिरी, 30 बच्चे घायल

एबीएन सेंट्रल डेस्क। पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में शनिवार दोपहर एक स्कूल बस सड़क किनारे नहर में गिर गई। इस हादसे में लगभग 30 छात्रों के घायल होने की खबर है, जबकि 13 छात्र गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस के अनुसार, मालदा-मानिकचक राज्यमार्ग पर दोपहर करीब ढाई बजे अंग्रेजी बाजार प्रखंड के लक्खीपुर इलाके में बस दुर्घटनाग्रस्त हुई। इस बस में केंद्रीय विद्यालय के 70 छात्र सवार थे। दो छात्रों को सिर में गंभीर चोट : पुलिस ने बताया कि गंभीर रूप से घायल 13 छात्रों को मालदा मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार यादव के अनुसार, दो छात्रों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, लेकिन उनकी हालत स्थिर है। उन्होंने कहा कि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर मामला दर्ज किया जाएगा। स्कूल से घर जाते वक्त हुआ हादसा : पुलिस ने बताया कि बस में पांचवीं से दसवीं कक्षा के छात्र सवार थे। बस स्कूल से घर की ओर जा रही थी तभी यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग घायल छात्रों को बचाने के लिए दौड़ पड़े। बाद में दमकल और ट्रैफिक पुलिस बचाव और राहत कार्य में जुट गई।

भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शुरू, नड्डा समेत कई दिग्गज मौजूद
Published / 2022-07-02 10:08:38
भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शुरू, नड्डा समेत कई दिग्गज मौजूद

एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक हैदराबाद में शुरू हो गई है। इस बैठक की अध्यक्षता बीजेपी चीफ जेपी नड्डा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी आज इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए हैदराबाद जाएंगे। वहीं बैठक को लेकर बीजेपी कार्यकर्ताओं में काफी जोश है, जिस वजह से आयोजन स्थल पर रंगारंग कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। हालांकि विपक्षी दल लगातार इस बैठक को लेकर बीजेपी पर निशाना साध रहे हैं। यह भाजपा की नियमित बैठक है जो हर एक-दो साल में होती है... भाजपा प्रदेश में मजबूत हो रही है इसलिए उनको डर लग रहा है कि उनका (के चंद्रशेखर राव का) बेटा अब मुख्यमंत्री नहीं बन पाएगा और जनता के पैसे का दुरुपयोग करके हैदराबाद में भाजपा के खिलाफ होर्डिंग लगवा रहे हैं जी किशन रेड्डी।

विदेशी मुद्रा भंडार 2.73 अरब से बढ़कर 593.323 अरब डॉलर
Published / 2022-07-02 09:44:54
विदेशी मुद्रा भंडार 2.73 अरब से बढ़कर 593.323 अरब डॉलर

एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 24 जून को समाप्त सप्ताह में 2.734 अरब डॉलर बढ़कर 593.323 अरब डॉलर हो गया। इस वृद्धि का कारण विदेशी मुद्रा आस्तियों का बढ़ना है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के आंकड़ों के अनुसार इससे पिछले सप्ताह, विदेशी मुद्रा भंडार 5.87 अरब डॉलर घटकर 590.588 अरब डॉलर हो गया था। चौबीस जून को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ने का कारण विदेशी मुद्रा आस्तियों का बढ़ना है जो कुल मुद्रा भंडार का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके अलावा स्वर्ण आरक्षित भंडार के बढ़ने से भी विदेशीमुद्रा भंडार बढ़ा है। आंकड़ों के अनुसार समीक्षाधीन सप्ताह में विदेशी मुद्रा आस्तियां (एफसीए) 2.334 अरब डॉलर बढ़कर 529.216 अरब डॉलर हो गई। डॉलर में अभिव्यक्त विदेशी मुद्रा भंडार में रखे जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पौंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं में मूल्यवृद्धि अथवा मूल्यह्रास के प्रभावों को शामिल किया जाता है। आंकड़ों के अनुसार, आलोच्य सप्ताह में स्वर्ण भंडार का मूल्य भी 34.2 करोड़ डॉलर बढ़कर 40.926 अरब डॉलर हो गया। समीक्षाधीन सप्ताह में, अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास जमा विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 5.5 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.21 अरब डॉलर हो गया। आईएमएफ में रखे देश का मुद्रा भंडार भी 30 लाख डॉलर बढ़कर 4.97 अरब डॉलर हो गया।

नोनी भूस्खलन : 18 जवानों समेत अबतक 81 की मौत, 55 अब भी फंसे
Published / 2022-07-02 05:28:19
नोनी भूस्खलन : 18 जवानों समेत अबतक 81 की मौत, 55 अब भी फंसे

एबीएन सेंट्रल डेस्क। मणिपुर के नोनी जिले में प्रादेशिक सेना के टपल यार्ड रेलवे निर्माण शिविर में हुए भीषण भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 81 हो गई है। वहीं 55 लोग अब भी गायब हैं, जिनकी तलाश जारी है। मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने यह जानकारी दी है। मणिपुर के सीएम एन बीरेन सिंह ने कहा, नोनी भूस्खलन राज्य के इतिहास में सबसे खराब घटना है। हमने 81 लोगों की जान गंवाई है, जिनमें से 18 सेना के जवान थे। वहीं करीब 55 लोग फंस गए हैं। मिट्टी के कारण सभी शवों को निकालने में 2-3 दिन लगेंगे। मणिपुर के सीएम एन बीरेन सिंह ने कहा कि केंद्र ने बचाव अभियान के लिए एनडीआरएफ और सेना के जवानों को भी भेजा है। मिट्टी में नमी के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है जिससे देरी हो रही है...। बचाव अभियान में 2-3 दिन और लगेंगे। भूस्खलन बुधवार और गुरुवार की रात को हुआ है, जिससे पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा नष्ट हो गया है। हाओचोंग के उप-मंडल अधिकारी सोलोमन एल फिमेट ने कहा,सिलचर और कोहिमा से राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की अतिरिक्त टीमें भी मौजूदा तलाशी अभियान समूहों में शामिल हो रही हैं। बचाव अभियान में बड़ी मशीनरी का इस्तेमाल भी किया जा रहा है। मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने शुक्रवार को दूसरी बार भूस्खलन स्थल का दौरा किया और बचाव अभियान की समीक्षा की। मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने मृतकों के परिजन को पांच-पांच लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। इस बीच, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार शाम कहा कि इस घटना में उनके राज्य के नौ जवानों की मौत हुई है। ममता बनर्जी ने कहा, यह जानकर हैरान हूं कि दार्जिलिंग पहाड़ियों (107 प्रादेशिक सेना इकाई) के नौ जवान मणिपुर भूस्खलन में हताहत हुए हैं। मैं उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करती हूं और परिजनों के लिए मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.