Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 22
होम ई-पेपर देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन

देश

View All
नक्सल विरोधी अभियान : इंजन की चपेट में आकर सीआरपीएफ जवान घायल
Published / 2022-06-28 08:40:25
नक्सल विरोधी अभियान : इंजन की चपेट में आकर सीआरपीएफ जवान घायल

एबीएन सेंट्रल डेस्क। नक्सलियों द्वारा मनाए जा रहे दमन विरोधी सप्ताह को देखते हुए पुलिस सुरक्षा को लेकर चौकस थी। जिला पुलिस और सीआरपीएफ के जवान रेलवे ट्रेक की जांच में थे तभी ट्रेन के इंजन की चपेट में आने से सीआरपीएफ जवान घायल हो गया। गोमिया में प्राथमिक उपचार के बाद उसे एयरलिफ्ट कर रांची लाया जा रहा है। नक्सलियों के दमन विरोधी सप्ताह को लेकर गोमिया में चल रहे एलआरपी के दौरान सीआरपीएफ जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही जागेश्वर बिहार थाना प्रभारी कन्हैया कुमार, आईईएल थाना प्रभारी आशीष कुमार, गोमिया थाना प्रभारी जमुना गुप्ता सहित सीआरपीएफ के अन्य अधिकारी घटनास्थल पहुंच कर मामले की जांच में जुट गए। जवान अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र दनिया से डुमरी बिहार रेलवे स्टेशन तक दंगल में पैदल एलआरपी कर रहा था। उसी वक्त ट्रैक चेक करने के दौरान काशीटांड़ में गुजर रही रेल इंजन की चपेट में वो आ गया। घटना के बाद उसे जख्मी हालत में जवान को गोमिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। सिर समेत अन्य जगहों पर चोट के कारण गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एंबुलेंस से स्वांग हवाई अड्डा ले आया गया। वहां से एयरबेस से रांची ले जाया गया। मौके पर जागेश्वर बिहार थाना प्रभारी कन्हैया कुमार, आईईएल थाना प्रभारी आशीष कुमार, गोमिया थाना प्रभारी जमुना गुप्ता सहित सीआरपीएफ के अन्य अधिकारी मौजूद रहे

राष्ट्रपति पद : विपक्षी उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने दाखिल किया नामांकन
Published / 2022-06-27 07:41:36
राष्ट्रपति पद : विपक्षी उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने दाखिल किया नामांकन

एबीएन सेंट्रल डेस्क। राष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्ष के संयुक्त उम्मीदवार के तौर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा ने आज अपना नामांकन दाखिल किया। 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए एनडीए की तरफ से द्रौपदी मुर्मू पहले ही अपना नामांकन दाखिल कर चुकी हैं। इससे पहले सोमवार सुबह तेलंगाना राष्ट्र समिति ने ऐलान किया कि राष्ट्रपति चुनाव में वो विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा का समर्थन करेंगे। यशवंत सिन्हा के नामांकन में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार सहित विपक्ष के कई नेता शामिल हुए।

राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए नशीली दवाएं बड़ी चुनौती, ड्रग्समुक्त भारत में योगदान दें : अमित शाह
Published / 2022-06-26 16:39:57
राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए नशीली दवाएं बड़ी चुनौती, ड्रग्समुक्त भारत में योगदान दें : अमित शाह

एबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नशीली दवाओं को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बड़ी चुनौती बताते हुए कहा है कि इसके समूल नाश के लिए जन भागीदारी बेहद जरूरी है। शाह ने रविवार को नशीली दवाओं के सेवन और अवैध तस्करी के खिलाफ हर वर्ष 26 जून को मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय दिवस के मौके पर सिलसिलेवार ट्वीट में यह बात कही। उन्होंने कहा कि ड्रग्स की समस्या राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए एक बड़ी चुनौती है। मोदी जी के नेतृत्व में गृह मंत्रालय ने इस लड़ाई को समन्वयित और संस्थागत बनाया है। लेकिन इसके समूल नाश के लिए जनभागीदारी आवश्यक है, आइए हम सब मिलकर मोदी जी के ड्रग्स मुक्त भारत के संकल्प को पूरा करने में अपना योगदान दें। एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की ड्रग्स के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति रही है। नशीली दवाओं के दुरुपयोग व अवैध तस्करी के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस पर मैं मोदीजी के ड्रग्स मुक्त भारत के संकल्प को पूरा करने में लगे राष्ट्रीय अपराध ब्यूरो के कर्मियों, गैर सरकारी संगठनों व इससे जुड़े वालंटियर्स को उनके प्रयासों के लिए बधाई देता हूं।

भारत को रूस से मिल सकता है सस्ता सोना!
Published / 2022-06-26 16:27:04
भारत को रूस से मिल सकता है सस्ता सोना!

एबीएन सेंट्रल डेस्क। यूक्रेन के साथ जारी युद्ध के बीच रूस की मुश्किलें रोज बढ़ती ही जा रही हैं। हालांकि, आपदा की इस घड़ी में भारत के लिए कुछ अवसर भी बनते दिख रहे हैं। नई उम्मीद रूस से सस्ते सोने के आयात को लेकर बनी है, क्योंकि अमेरिका-यूरोप अब रूस से सोना आयात पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी में हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने रविवार को कहा कि जी-7 के सदस्य देश रूस से सोने के आयात पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा करने जा रहे हैं। यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद लगाए जा रहे प्रतिबंधों की कड़ी में यह नई पाबंदी होगी। दुनिया के सात प्रमुख विकसित देशों के संगठन जी-7 की जर्मनी में म्यूनिख के पास एलमौ में शिखर बैठक होने वाली है। इसी बैठक में रूस से सोने के आयात पर पाबंदी लगाने की औपचारिक घोषणा की जाएगी। अनुमान है कि मंगलवार को जी-7 देश इस बारे में अंतिम फैसला लेंगे। बाइडन प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि ईंधन के बाद सोना रूस का दूसरा बड़ा निर्यात है। ऐसी स्थिति में रूस से सोने का आयात प्रतिबंधित किए जाने से रूस के लिए वैश्विक बाजारों में शिरकत कर पाना मुश्किल हो जाएगा। इस बीच बाइडन ने भी अपने ट्विटर संदेश में कहा कि रूस अपने सोने की बिक्री से अरबों डॉलर कमाता है। इस पर प्रतिबंध लगाने से उसे बड़ा आर्थिक नुकसान होगा। भारत के लिए क्या अवसर बाजार के जानकारों का कहना है कि पश्चिमी देशों में क्रूड की तरह सोने के आयात पर भी प्रतिबंध लगने के बाद रूस एक बार फिर भारत की ओर रुख कर सकता है। अप्रैल में रूस ने भारत को सस्ती कीमत पर कच्चा तेल खरीदने की पेशकश की थी, जिसके बाद महज दो महीने में ही रूस से तेल खरीद 50 गुना बढ़ गई है। कयास लगाए जा रहे हैं कि रूस अपने सोने के निर्यात के लिए भी भारत को कम कीमत पर पेशकश कर सकता है। हालांकि, इस बाबत अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं है, लेकिन तरल सोने के रूप में बिकने वाले क्रूड ऑयल के बाद अब वास्तविक सोने को डिस्काउंट पर खरीदने की मंशा भारत के पास भी जरूर होगी। रूस का कितना है सोने का निर्यात : हाल के वर्षों में ऊर्जा के बाद सोना ही रूस का दूसरा बड़ा निर्यात उत्पाद रहा है। साल 2020 में रूस ने लगभग 19 अरब डॉलर मूल्य के सोने का निर्यात किया जो कुल वैश्विक स्वर्ण निर्यात का करीब 5 फीसदी है। खास बात यह है कि रूसी सोने के निर्यात में से करीब 90 फीसदी हिस्सा जी-7 देशों को ही भेजा गया। इसमें से भी 90 फीसदी से अधिक सोने का निर्यात सिर्फ ब्रिटेन को किया गया। अमेरिका ने 2019 में रूस से 20 करोड़ डॉलर और वर्ष 2020 एवं 2021 में 10 लाख डॉलर से भी कम का सोना आयात किया। जी-7 देशों में अमेरिका, ब्रिटेन के अलावा जर्मनी, जापान, फ्रांस, कनाडा और इटली जैसी विकसित अर्थव्यवस्थाएं आती हैं। लंदन बुलियन मार्केट में पहले ही रूस की 6 रिफाइनरी को प्रतिबंधित कर दिया गया है और अब आयात पर पूरी तरह प्रतिबंध की तैयारी है।

पीएम मोदी को जर्मनी शिखर सम्मेलन में G7 नेताओं के साथ सार्थक चर्चा की उम्मीद
Published / 2022-06-26 15:32:34
पीएम मोदी को जर्मनी शिखर सम्मेलन में G7 नेताओं के साथ सार्थक चर्चा की उम्मीद

एबीएन सेंट्रल डेस्क। G7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए जर्मनी पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि वह जलवायु परिवर्तन, ऊर्जा संकट, खाद्य सुरक्षा, आतंकवाद से मुकाबला, पर्यावरण, लैंगिक समानता और लोकतंत्र जैसे सामयिक मुद्दों पर विश्व नेताओं के साथ सार्थक चर्चा होने की उम्मीद कर रहे हैं। जर्मन चांसलर ओलाफ शोल्ज के निमंत्रण पर मोदी 26 और 27 जून को होने वाले G7 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए म्यूनिख गए हैं। दुनिया के सात सबसे अमीर देशों के समूह G7 के अध्यक्ष के रूप में जर्मनी इस शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। PM मोदी ने ट्वीट किया, G7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए म्यूनिख पहुंचा हूं। मैं शिखर सम्मेलन के दौरान विश्व नेताओं के साथ सार्थक चर्चा होने की उम्मीद करता हूं। म्यूनिख में आगमन पर भारतीय मूल के लोगों ने प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। बर्लिन स्थित भारतीय दूतावास ने ट्वीट किया, G7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए म्यूनिख पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राजदूत हरीश पर्वतनेनी और श्रीमति नंदिता पर्वतनेनी ने म्यूनिख हवाईअड्डे पर गर्मजोशी से स्वागत किया। भारतीय मिशन ने एक ट्वीट में कहा, भारतीय समुदाय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का म्यूनिख में गर्मजोशी से विशेष स्वागत किया। G7 शिखर सम्मेलन के मेजबान जर्मनी ने भारत के अलावा अर्जेंटीना, इंडोनेशिया, सेनेगल और दक्षिण अफ्रीका को शिखर सम्मेलन के लिए अतिथि के रूप मंर आमंत्रित किया है। मोदी ने कहा कि वह पूरे यूरोप में बसे भारतीय समुदाय के सदस्यों से मिलने के लिए भी उत्सुक हैं, जो अपनी स्थानीय अर्थव्यवस्थाओं के साथ-साथ यूरोपीय देशों से भारत के संबंधों को समृद्ध करने में बहुत योगदान दे रहे हैं। जर्मनी से मोदी 28 जून को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) जाएंगे और खाड़ी देश के पूर्व राष्ट्रपति शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान के निधन पर शोक व्यक्त करेंगे। पिछले कई वर्षों से बीमार चल रहे शेख खलीफा का 13 मई को निधन हो गया था।

असम बाढ़ संकट : अब तक 122 की मौत, 27 जिलों के 25 लाख लोग प्रभावित
Published / 2022-06-26 03:39:24
असम बाढ़ संकट : अब तक 122 की मौत, 27 जिलों के 25 लाख लोग प्रभावित

एबीएन सेंट्रल डेस्क। असम में शनिवार को भी बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी रही तथा इस प्राकृतिक आपदा में चार और लोगों की मौत हो गयी। राज्य में 25.10 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं, जबकि कछार जिले का सिलचर शहर छठे दिन भी जलमग्न रहा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में बारपेटा, कछार, दर्रांग और गोलाघाट जिलों के लोग शामिल हैं। इसके साथ ही असम में इस साल बाढ़ तथा भूस्खलन में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 122 पर पहुंच गयी है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, 27 जिलों में बाढ़ प्रभावित लोगों की संख्या अब घटकर 25.10 लाख रह गयी है, जबकि शुक्रवार तक 28 जिलों में यह आंकड़ा 33.03 लाख था। अधिकारियों ने कहा कि कुछ जिलों में स्थिति में मामूली सुधार हुआ है। नदियों का जल स्तर कुछ हद तक कम हुआ है। हालांकि, धुबरी में ब्रह्मपुत्र और नगांव में कोपिली नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। उपायुक्त कीर्ति जल्ली ने कहा कि बेटकुंडी में बांध टूटने के कारण पिछले छह दिनों से जलमग्न सिलचर शहर में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के प्रयास चल रहे हैं और प्रशासन बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाने को प्राथमिकता देने के साथ सिलचर में बचाव अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि वायुसेना के हेलीकॉप्टर की मदद से भोजन के पैकेट, पीने के पानी की बोतलें और अन्य जरूरी चीजें शहर में वितरित की जा रही हैं तथा यह कार्य तब तक जारी रहेगा जब तक कि स्थिति में सुधार नहीं हो जाता। बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत सामग्री उपलब्ध कराने के साथ-साथ बाढ़ की स्थिति पर नजर रखने के लिए सिलचर में दो ड्रोन भी तैनात किए गए हैं। सिलचर में ईटानगर और भुवनेश्वर से पहुंचे 207 कर्मियों के साथ राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के आठ दलों तथा 120 कर्मियों वाली एक सैन्य टुकड़ी को तैनात करने के साथ दीमापुर से लाई गईं नौ नौकाओं को भी उतारा गया है। एएसडीएमए के एक अधिकारी ने बताया कि सीआरपीएफ के 10 जवान और एसडीआरएफ के चार कर्मियों को बचाव अभियानों के लिए हवाई मार्ग से कछार लाया गया है। अधिकारियों ने कहा कि सिलचर में लगभग तीन लाख लोग भोजन, स्वच्छ पेयजल और दवाओं की भारी कमी से जूझ रहे हैं। एएसडीएमए बुलेटिन के मुताबिक, राज्य में सबसे अधिक बाढ़ प्रभावित जिला बारपेटा है, जहां 8,76,842 लोग प्रभवित हुए हैं। इसके बाद नगांव (5,08,475), कामरूप (4,01,512) और धुबरी में 3,99,945 लोग प्रभावित हुए हैं। इसमें कहा गया है कि बाढ़ से 93 राजस्व मंडल और 3,510 गांव प्रभावित हुए हैं, जबकि 2,65,788 लोगों ने 717 राहत शिविरों में शरण ली है। शिविरों में शरण नहीं लेने वाले बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच 409 राहत केंद्रों से राहत सामग्री वितरित की गई। एएसडीएमए ने कहा कि पिछले 24 घंटों के दौरान 40 मकान पूरी तरह तथा 582 आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। बुलेटिन में कहा गया है कि बक्सा, विश्वनाथ, बोंगाईगांव, चिरांग, डिब्रूगढ़, दरांग, गोलाघाट, हैलाकांडी और कामरूप सहित कई स्थानों से बड़े पैमाने पर भूस्खलन की सूचना मिली है।

25 की रात जर्मनी के लिए रवाना होंगे पीएम मोदी
Published / 2022-06-24 17:09:07
25 की रात जर्मनी के लिए रवाना होंगे पीएम मोदी

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी-7 शिखर सम्मेलन के लिए जर्मनी के दौरे पर जाने वाले हैं। इस संबंध में विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने बताया कि जर्मनी के चांसलर ओलाफ स्कोल्ज के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री मोदी 25 जून देर रात जर्मनी के लिए निकलेंगे। वहां वे G-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। शिखर सम्मेलन में भाग लेने वाले देशों के नेताओं के साथ प्रधानमंत्री मोदी द्विपक्षीय बैठक और चर्चा भी करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी जर्मनी में जी-7 शिखर सम्मेलन के लिए अपने दौरे के दौरान एक सामुदायिक कार्यक्रम में भारतीय समुदाय के लोगों के साथ संवाद भी करेंगे। विदेश सचिव ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26-27 जून को जी-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस दौरान यूक्रेन-रूस युद्ध, हिन्द प्रशांत क्षेत्र की स्थिति, खाद्य एवं ऊर्जा सुरक्षा, जलवायु सहित महत्वपूर्ण वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा होगी। विनय क्वात्रा ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी 28 जून को संयुक्त अरब अमीरात की यात्रा पर जाएंगे। इस दौरान वे यूएई के पूर्व राष्ट्रपति और अबू धाबी के शासक रहे शेख खलीफा बिन जायेद अल नाह्यान के निधन पर व्यक्तिगत रूप से श्रद्धांजलि देंगे। प्रधानमंत्री इस दौरान यूएई के नए राष्ट्रपति व अबू धाबी का शासक चुने जाने पर शेख मोहम्मद बिन जायेद अल नाह्यान को बधाई भी देंगे। मोदी 28 जून की रात को ही यूएई से देश वापस लौटेंगे। क्वात्रा ने कहा कि यूक्रेन संकट शुरू होने के समय से ही भारत का रूख स्पष्ट है कि जल्द से जल्द युद्ध विराम होना चाहिए और बातचीत एवं कूटनीति के जरिए समस्या का समाधान निकाला जाना चाहिए। जी-7 समूह दुनिया के सात सबसे अमीर देशों का समूह है जिसकी अध्यक्षता अभी जर्मनी कर रहा है। इस समूह में ब्रिटेन, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, ईटली, जापान और अमेरिका शामिल है। इसमें अर्जेंटीना, इंडोनेशिया, सेनेगल, दक्षिण अफ्रीका जैसे देशों को भी आमंत्रित किया गया है। इस बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन, ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रो, कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडू सहित कई अन्य शीर्ष नेता हिस्सा ले रहे हैं। क्वात्रा ने कहा कि जर्मनी की यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी दो सत्रों को संबोधित कर सकते हैं जिसमें एक सत्र पर्यावरण, ऊर्जा, जलवायु का होगा और दूसरे सत्र में खाद्य सुरक्षा, लैंगिक समानता और लोकतंत्र जैसे विषय शामिल हैं। इस शिखर बैठक से इतर प्रधानमंत्री सम्मेलन में हिस्सा लेने वाले कुछ देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे। कच्चे तेल की खरीद पर भारत का रुख विश्व समुदाय ने अच्छी तरह से समझा: विदेश सचिव विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा ने शुक्रवार को कहा कि कच्चे तेल की खरीद के लिए भारत की व्यापारिक व्यवस्था देश की ऊर्जा सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्धारित होती है और इस बारे में भारत के रुख को विश्व समुदाय अच्छी तरह से समझता है। क्वात्रा से पूछा गया था कि जर्मनी में आसन्न जी7 शिखर सम्मेलन में रूस से कच्चे तेल की खरीद को लेकर अगर भारत की आलोचना होती है तब नई दिल्ली का क्या रुख होगा।

राष्ट्रपति चुनाव : अर्जुन मुंडा ने जनजातीय विधायकों व सांसदों से किया द्रौपदी मुर्मू के समर्थन का अनुरोध
Published / 2022-06-24 12:53:21
राष्ट्रपति चुनाव : अर्जुन मुंडा ने जनजातीय विधायकों व सांसदों से किया द्रौपदी मुर्मू के समर्थन का अनुरोध

एबीएन सेंट्रल डेस्क। राष्ट्रपति पद की दौड़ में द्रौपदी मुर्मू की उम्मीदवारी को केवल ‘राजनीतिक चश्मे’ से नहीं देखे जाने पर जोर देते हुए केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा ने सभी आदिवासी विधायकों और दलों से राजनीति से ऊपर उठने और उनका समर्थन करने की अपील की। इस सप्ताह की शुरुआत में, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने देश के शीर्ष संवैधानिक पद के लिए भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार के रूप में 64 वर्षीय मुर्मू के नाम की घोषणा की थी। झारखंड की राज्यपाल मुर्मू निर्वाचित होने पर भारत की राष्ट्रपति बनने वाली पहली आदिवासी नेता होंगी, उनके चुने जाने की प्रबल संभावना है क्योंकि आंकड़े राजग के पक्ष में हैं। खुद एक आदिवासी नेता मुंडा ने मुर्मू के नामांकन को आदिवासी समुदाय के लिए बेहद खुशी और गर्व की बात करार दिया। मुंडा ने बताया, मुझे लगता है कि यह हमारी आजादी के 75वें वर्ष में देश के पूरे आदिवासी समुदाय के लिए सबसे बड़ा सम्मान है। मैं सभी आदिवासी विधायकों, सांसदों और आदिवासियों की राजनीति करने वाले झारखंड मुक्ति मोर्चा जैसी दलों से अपील करता हूं कि उनका समर्थन करें। मैं यह नहीं समझ पा रहा हूं कि उनके समर्थन की घोषणा करने में देरी क्यों हो रही है। शीर्ष संवैधानिक पद के लिए एक आदिवासी महिला को नामित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नड्डा को धन्यवाद देते हुए, मुंडा ने कहा, यह निर्णय उन राजनीतिक दलों को बेनकाब करता है, जिन्होंने आदिवासियों के बारे में बहुत सारी बातें कीं और खुद के आदिवासी कल्याण के ध्वजवाहक होने का दावा किया, लेकिन उनके लिए किया कुछ नहीं। हमारे प्रधानमंत्री उनके बारे में बेहद संवेदनशील हैं। मुर्मू की उम्मीदवारी को राजनीति के चश्मे से नहीं देखने की नेताओं से अपील करते हुए मंत्री ने कहा, उन्हें पहले आदिवासी के रूप में देखा जाना चाहिए, और इसलिए, सभी को आगे आना चाहिए और अपना सम्मान व्यक्त करना चाहिए...। ओडिशा के पिछड़े क्षेत्र मयूरभंज से आने वाली मुर्मू को मृदुभाषी और मिलनसार नेता माना जाता है। मुर्मू ने पार्टी में विभिन्न पदों पर कार्य किया है और राज्य में बीजू जनता दल के साथ पार्टी के गठबंधन के दौरान वह मंत्री भी रहीं। संयोग से, उनके नाम पर 2017 में भी शीर्ष संवैधानिक पद के लिए भाजपा की संभावित पसंद के रूप में चर्चा हुई थी लेकिन तब पार्टी ने राम नाथ कोविंद को इस पद के दावेदार के तौर पर चुना था।

अग्निपथ का विरोध : हुई हिंसक घटनाओं के बाद जांच के दायरे में कोचिंग सेंटर
Published / 2022-06-24 12:52:30
अग्निपथ का विरोध : हुई हिंसक घटनाओं के बाद जांच के दायरे में कोचिंग सेंटर

एबीएन सेंट्रल डेस्क। उत्तर प्रदेश में अग्निपथ के विरोध में हुई हिंसक घटनाओं के बाद सुरक्षाबलों की कोचिंग के लिए खोले गए सेंटर भी जांच के दायरे में आ गए हैं। अलीगढ़ के बड़े यंग इंडिया कोचिंग सेंटर के मालिक सुधीर शर्मा को हिंसा के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है। अलीगढ़ जिले में 76 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 68 को एहतियातन हिरासत में लिया गया है, जिनमें से कम से कम 11 कोचिंग सेंटरों के संचालक हैं। कोचिंग सेंटर संचालकों की अधिकांश गिरफ्तारी टप्पल क्षेत्र से हुई है। दिल्ली के आसपास के सेंटर भी बंद : अग्निपथ योजना के विरोध में हिंसक रूप लेने के बाद अलीगढ़ में कोचिंग सेंटरों की जांच के साथ अब ऐसे कई केंद्र अब बंद हो गए हैं। जांच के डर से दिल्ली से करीब 100 किलोमीटर दूर टप्पल और उसके आसपास के सभी केंद्रों के शटर बंद कर दिए गए हैं। यहां तक कि निकटवर्ती गौतमबुद्धनगर जिले के जेवर में भी हिंसक विरोध प्रदर्शन के बाद करीब एक सप्ताह से केंद्र बंद कर दिए गए हैं। यंग इंडिया कोचिंग सेंटर कई परीक्षाओं जैसे सेना सेवाएं, कर्मचारी चयन आयोग, रेलवे, यूपी सब-इंस्पेक्टर, यूपी पुलिस कांस्टेबल, राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, वायु सेना, और यूपी शिक्षक पात्रता परीक्षा और अन्य के लिए कोचिंग प्रदान करता है। क्षेत्र के छोटे केंद्र पुलिस सेवाओं की तैयारी की पेशकश करते हैं। जांच के लिए एक विशेष समिति गठित : एसपी (ग्रामीण) पलाश बंसल ने मीडिया में दिए एक बयान में कहा है कि अलीगढ़ जिला प्रशासन द्वारा क्षेत्र में अपंजीकृत कोचिंग सेंटरों की जांच के लिए एक विशेष समिति का गठन किया गया है और वे जांच के दायरे में हैं। क्षेत्र से बड़ी संख्या में युवक सशस्त्र बलों की तैयारी में लगे हुए हैं और कई ने अपनी तैयारी के तहत इन केंद्रों का लाभ उठाया है। जानकारी के मुताबिक टप्पल और पड़ोसी शहर जट्टारी के बीच में 11 कोचिंग सेंटर हैं, जो अब बंद हो चुके हैं। इनमें दाखिला लेने वाले ज्यादातर लड़के कंसेरा, जीकरपुर, जहानगढ़ और हेतलपुर जैसे आसपास के गांवों से हैं, जो सेना की तैयारी कर रहे हैं। कोचिंग सेंटर में खर्चा एक लाख के करीब : टप्पल का एक 23 वर्षीय युवक पिछले दो वर्षों से जिले के एक अन्य शहर इगलास के एक आवासीय कोचिंग सेंटर के अंदर और बाहर रहा है। उनका अनुमान है कि वह अब तक कोचिंग पर करीब 1 लाख रुपये खर्च कर चुका है। उसने बताया कि वह 18 साल की उम्र से तैयारी कर रहा है और उसने 2020 में फिजिकल टेस्ट पास कर लिया है। वह कहता है कि जब भी सेना की परीक्षा की तारीख की घोषणा की जाएगी, मैं कोचिंग सेंटर में शामिल हो जाऊंगा, जहां वे दो महीने के लिए लगभग 20,000-25,000 रुपये लेते हैं। केंद्र में 200 अन्य लड़के थे, यह एक बड़ा सेंटर था, जो अब विरोध के बाद बंद हो गया है। युवा अग्निपथ योजना की घोषणा से नाखुश हैं लेकिन फिर भी इसके लिए नामांकन करेंगे। वह कहते हैं कि वे खुश तो नहीं है पर उन्होंने तैयारी में इतना समय और पैसा खर्च किया है, और उन्हें काम करने की जरूरत है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.