Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
होम देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन

देश

View All
गुड न्यूज : देश में मातृत्व मृत्यु दर में भारी कमी
Published / 2022-11-30 22:53:16
गुड न्यूज : देश में मातृत्व मृत्यु दर में भारी कमी

एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश में मातृत्व मृत्यु दर (एमएमआर) में भारी कमी दर्ज की गई है। आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2014-16 मातृत्व मृत्यु दर प्रति प्रति लाख में 130 थी जो वर्ष 2019-20 में घटकर 97 रह गई है।केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा है कि भारत ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति में एमएमआर का लक्ष्य हासिल कर लिया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर आठ राज्यों ने सतत विकास लक्ष्य के अनुरूप एमएमआर प्राप्त कर ली है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण मातृत्व और प्रसव देखभाल सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य नीतियों और पहल ने एमएमआर को नीचे लाने में जबरदस्त तरीके से सहायता की है।भारतीय महापंजीयक के एमएमआर पर जारी विशेष बुलेटिन के अनुसार, भारत में मातृत्व मृत्यु अनुपात (एमएमआर) में छह अंकों का सुधार हुआ है और अब यह प्रति लाख 97 जीवित प्रसव पर है। श्री मांडविया ने कहा कि एमएमआर दर में महत्वपूर्ण गिरावट दर्ज की गयी है। एमएमआर के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति (एनएचपी) लक्ष्य को हासिल कर लिया है और 2030 तक 70 प्रति लाख जीवित प्रसव से कम एमएमआर के एसडीजी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सही रास्ते पर है। आंकड़ों के अनुसार मातृत्व मृत्यु दर में केरल (19) महाराष्ट्र (33), तेलंगाना (43), आंध्र प्रदेश (45), तमिलनाडु (54), झारखंड (56), गुजरात (57) और कर्नाटक (69) है।

जानें कौन हैं फिल्म कश्मीर फाइल्स को अश्लील और प्रोपेगेंडा कहने वाले नदाव लपिड
Published / 2022-11-29 15:11:39
जानें कौन हैं फिल्म कश्मीर फाइल्स को अश्लील और प्रोपेगेंडा कहने वाले नदाव लपिड

एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत के गोवा में 53वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह (आईएफएफआई) में जूरी चेयरमैन इजराइली फिल्म मेकर नदाव लपिड ने फिल्म "द कश्मीर फाइल्स" को लेकर कहा है कि ये प्रोपेगैंडा और अश्लील फिल्म है। 53वें इंटरनेशन फिल्म फेस्टिवल के समापन समारोह में अपने भाषण में जूरी प्रमुख नदाव लपिड ने कहा कि "द कश्मीर फाइल्स" एक प्रोपेगैंडा और अश्लील फिल्म है। इस फिल्म समारोह में फिल्म की स्क्रीनिंग देखकर मैं परेशान और स्तब्ध हूं। ये फिल्म फेस्टिवल के कलात्मक कंपटीशन के अयोग्य थी। हालांकि भारत में इजराइल के राजदूत नौर गिलॉन ने फिल्म मेकर नदाव लपिड के बयानों की निंदा की है। आइये जानें कौन हैं नदाव लपिड? नदाव लपिड एक इजराइली फिल्म मेकर और स्क्रीन राइटर हैं। नादव लापिड को सिनोनिम्स (2019), द किंडरगार्टन टीचर (2014) और पुलिसमैन (2011) जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है। इसमें से किंडरगार्टन टीचर और पुलिसमैन के लिए नदाव लपिड को गोल्डन बीयर और कान जूरी प्राइज भी मिल चुका है। नदाव लपिड 2015 के लोकार्नो फिल्म फेस्टिवल में गोल्डन लेपर्ड जूरी के सदस्य थे। 2016 के कान फिल्म फेस्टिवल में इंटरनेशनल क्रिटिक्स वीक जूरी के सदस्य भी रह चुके हैं। वहीं 71वें बर्लिन इंटरनेशनल फिल्म में आधिकारिक प्रतियोगिता जूरी के सदस्य रहे थे। इजराइल के शहर तेल अवीव में 1975 में जन्में नदाव लपिड ने तेल अवीव यूनिवर्सिटी से फिलॉसफी (दर्शनशास्त्र) में डिग्री ली है। नदाव लपिड कुछ वक्त तक सैन्य सेवा में भी थे। उसके बाद वह पेरिस चले गए थे। पेरिस से आने के बाद लपिड ने इजराइल आने के बाद यरूशलम के फिल्म एंड टेलीविजन स्कूल से डिग्री ली। 47 वर्षीय नदाव लपिड हमेशा अपने विवादित बयानों के लिए जाने जाते हैं। लैपिड ने अपने एक इंटरव्यू में अपनी फिल्म सिनोनिम्स के बारे में बात करते हुए कहा था कि इजराइल के ज्यादातर लोगों ने अपनी आत्मा को बेच दिया है, वो सिक सोल हो गये हैं। नदाव लपिड 250 इजराइली फिल्म मेकर के उस ग्रुप का भी हिस्सा थे, जिन्होंने शोमरॉन (सामरिया/वेस्ट बैंक) फिल्म फंड के लॉन्च के विरोध में एक खुले पत्र पर हस्ताक्षर किया था।

ज्वालामुखी में विस्फोट, लावा के खतरे की जद में 20 लाख लोग
Published / 2022-11-29 14:27:31
ज्वालामुखी में विस्फोट, लावा के खतरे की जद में 20 लाख लोग

एबीएन सेंट्रल डेस्क। हवाई के मौनालाओ में स्थित ज्वालामुखी में तेज विस्फोट हुआ है। इस विस्फोट से राख और मलबा आसपास के इलाकों में गिर रहा है। यह ज्वालामुखी 27 नवंबर को देररात बिग द्वीप पर फटा। इससे ज्वालामुखी के शिखर काल्डेरा में तेज धमाका हुआ। 38 साल में पहली बार ज्वालामुखी में इतना तेज विस्फोट हुआ है। अधिकारियों ने हवाई के बिग द्वीप पर रहने वाले लोगों को सबसे खराब स्थिति में तैयार रहने की चेतावनी दी है।ज्वालामुखी के शिखर पर हाल में बार-बार भूकंप आने के बाद से विस्फोट शुरू हुआ है। इससे पहले वर्ष 1984 में ज्वालामुखी में विस्फोट हुआ था। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे ने 28 नवंबर को कहा था कि लावा शिखर तक ही सीमित है और इससे आसपास रहने वाले लोगों को कोई खतरा नहीं है। मगर विस्फोट के बाद से बिग आईलैंड पर लगभग 20 लाख लोगों को चेतावनी दी गई है कि विस्फोट होने से ज्वालामुखी बहुत गतिशील हो सकता है और लावा प्रवाह का स्थान तेज गति से बदल सकता है। अधिकारियों ने आईलैंड में रह रहे लोगों को चेताया है कि अगर लावा का प्रवाह आबादी वाले क्षेत्रों की ओर बढ़ने लगे तो वो जल्द अपने घरों को खाली करने के लिए तैयार रहें। लावा से पैदा होने वाले खतरों को देख निवासियों को ज्वालामुखी के आसपास के इलाकों से बिल्कुल दूर रहने की सलाह दी गयी है। अधिकारियों के मुताबिक हवाई के मौनालाओ में स्थित ज्वालामुखी में विस्फोट के बाद से सल्फर डाईऑक्साइड गैस निकल रही है। यह लोगों के लिए बहुत ही हानिकारक है।

कोरोना टीका से हमें भी तकलीफ, पर इसके लिए हम जिम्मेदार नहीं : केंद्र सरकार
Published / 2022-11-29 13:56:53
कोरोना टीका से हमें भी तकलीफ, पर इसके लिए हम जिम्मेदार नहीं : केंद्र सरकार

एबीएन सेंट्रल डेस्क। कोरोना वैक्सीन की वजह से कथित तौर पर हुई मौतों को लेकर केंद्र सरकार ने किसी भी तरह की जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट में दायर हलफनामे में केंद्र ने कहा कि मृतकों व उनके परिजनों के प्रति उसकी पूरी हमदर्दी है, लेकिन टीके के किसी भी प्रतिकूल प्रभाव के लिए वह जिम्मेदारी नहीं ले सकता। बता दें कि पिछले साल दो युवतियों की कथित तौर पर कोरोना टीकाकरण से मौत को लेकर सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका से जुड़ा है। केंद्र ने हलफनामे के साथ दायर जवाब में कहा कि जिन मामलों में टीके के कारण मौत हुई हो, उनमें दीवानी कोर्ट में मुकद्दमा दायर कर मुआवजा मांगा जा सकता है। यह हलफनामा दो युवतियों के माता-पिता द्वारा दायर याचिका के जवाब में आया है। इनकी पिछले साल कोविड टीकाकरण के बाद मृत्यु हो गई थी।

पीएम ने सुनाई दो भाइयों की कहानी... तालियों से गूंज उठा रैली स्थल
Published / 2022-11-28 13:41:00
पीएम ने सुनाई दो भाइयों की कहानी... तालियों से गूंज उठा रैली स्थल

एबीएन सेंट्रल डेस्क। गुजरात विधानसभा चुनाव में कुछ ही दिन का समय बचा है और सभी राजनीतिक पार्टियां जोर-शोर से राज्य में चुनाव प्रचार में जुटी हुई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी गुजरात में लगातार बैक-टू- बैक रैलियां कर रहे हैं। पीएम मोदी रविवार को नेत्रंग में एक जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी जनसभा में कुछ देरी से पहुंचे। मंच पर अपने संबोधन में उन्होंने जब देरी से आने का कारण बताया तो रैली में मौजूद हर शख्स तालियां बजाने लगा।रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यहां दो मिनट देरी से पहुंचा हूं क्योंकि मैं दो आदिवासी भाइयों अवि और जय से मिलना चाहता था। अवि नौवीं कक्षा का छात्र है जबकि जय छठी कक्षा में है, उनके माता-पिता की 6 साल पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी, तब एक की उम्र 8 साल और दूसरे की उम्र 2 साल थी, दोनों अपने दम पर जी रहे थे।पीएम ने कहा कि उनकी कहानी वीडियो के जरिए मेरे संज्ञान में आई और मैंने सीआर पाटिल को कुछ करने के लिए बुलाया। मैं दिल्ली में बैठा था, लेकिन उनके लिए व्यवस्था करने में कामयाब रहा, उनके पास अपना घर, पंखा, कंप्यूटर, टीवी, तमाम सुविधाएं हैं। वहीं बच्चों में एक ने कहा कि वह कलेक्टर बनना चाहता है और दूसरा इंजीनियर बनना चाहता है। गुजरात रैली में बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यह चुनाव दुनिया के अमीर देशों की तुलना में गुजरात को किसी भी मामले में पीछे नहीं रखने के लिए है, आपके आशीर्वाद से मैं बड़ा हुआ, इस मिट्टी ने मुझे बड़ा किया है, आप मेरे शिक्षक हैं। अबकी बार भाजपा की पहले से भी ज्यादा सीटें आयेगी, हम भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता भाग्यशाली हैं कि आप आज इतनी बड़ी संख्या में हमारे सभी उम्मीदवारों को जिताने के लिए मैदान में उतरे हैं।

देश में कोरोना : 24 घंटे में मिले 300 से कम नये संक्रमित
Published / 2022-11-28 13:35:33
देश में कोरोना : 24 घंटे में मिले 300 से कम नये संक्रमित

एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 291 नये मामले सामने आने के बाद देश में अभी तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 4,46,71,853 हो गयी है जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 5,123 रह गयी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, केरल द्वारा संक्रमण से जान गंवाने वाले लोगों की सूची में दो और मामले जोड़े जाने के बाद कुल मृतक संख्या बढ़कर 5,30,614 हो गयी है। स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 0.01 प्रतिशत है, जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने वाले लोगों की राष्ट्रीय दर बढ़कर 98.80 फीसदी हो गयी है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 140 मामलों की कमी दर्ज की गयी है। देश में अभी तक कुल 4,41,36,116 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं जबकि कोविड-19 मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है। राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 219.90 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं।

देश में हर मिनट पैदा हो रहे 30 बच्चे, जनसंख्या नियंत्रण बिल बहुत जरूरी : गिरिराज सिंह
Published / 2022-11-28 13:29:54
देश में हर मिनट पैदा हो रहे 30 बच्चे, जनसंख्या नियंत्रण बिल बहुत जरूरी : गिरिराज सिंह

एबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने रविवार को बड़ा बयान दिया है। गिरिराज सिंह ने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण बिल जरूरी है। उन्होंने सीमित संसाधनों का हवाला देते हुए कहा कि भारत में प्रति मिनट 30 बच्चे पैदा हो रहे हैं। गिरिराज सिंह ने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण विधेयक महत्वपूर्ण है, क्योंकि हमारे पास सीमित संसाधन हैं। चीन ने जनसंख्या को नियंत्रित करने के लिए वन चाइल्ड (एक बच्चे की नीति) लागू की और विकास किया।केंद्रीय मंत्री ने कहा कि चीन में प्रति मिनट दस बच्चे पैदा होते हैं और भारत में प्रति मिनट तीस बच्चे पैदा होते हैं। हम चीन का कैसे मुकाबला करेंगे? गिरिराज ने कहा कि रिपोर्ट के मुताबिक चीन की जीडीपी 1978 में भारत से कम थी, उसने वन चाइल्ड पॉलिसी अपनाई और करीब साठ करोड़ जनसंख्या को नियंत्रित कर विकास किया। उन्होंने आगे कहा कि विधेयक को उनकी आस्था और धर्म की परवाह किए बिना सभी के लिए लागू किया जाना चाहिए।

पूरी दुनिया के कल्याण के लिए विश्व शक्ति बने भारत : भागवत
Published / 2022-11-28 13:23:01
पूरी दुनिया के कल्याण के लिए विश्व शक्ति बने भारत : भागवत

एबीएन सेंट्रल डेस्क। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत ने बिहार के सारण जिले के ग्राम मलखाचक में रविवार को स्वतंत्रता सेनानी सम्मान समारोह को मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित किया। डॉ भागवत ने कहा कि भारत का निर्माण विश्व के कल्याण के लिए हुआ है। हमें विश्व शक्ति बनकर दूसरों पर शासन नहीं करना बल्कि लोगों के दिल में उतरकर समग्र संसार का कल्याण करना है।डॉ भागवत ने कहा कि आजादी की लड़ाई में लड़ने वाले लोगों के जाति, पंथ, भाषा व प्रांत अलग थे लेकिन उनका उद्देश्य एक था। उनकी लड़ाई भारत को आजाद कराने के लिए थी। उन्होंने एक रहकर देश को आजाद कराया। आज हमें उसी सिद्धांत का प्रकटीकरण करना है। आज देश के लिए मरना नहीं है, लेकिन देश के लिए तिल-तिल जीना ही हमारी सोच होनी चाहिए। हम सभी भारत माता के पुत्र हैं, इसमें किसी को कोई संदेह नहीं होना चाहिए।संघ प्रमुख ने कहा कि ग्राम मलखाचक उनके लिए तीर्थाटन है। यह क्षेत्र सत्ता हस्तांतरण का केंद्र रहा है। भारत कभी गुलाम होने वाला नहीं है। देश के लिए सर्वस्व त्याग करने वाली इस भूमि को नमन करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि भारत में अभी भी अंग्रेजी शिक्षा व्यवस्था है जो धीरे-धीरे समाप्त हो रही है।इसके पूर्व, डॉ भागवत ने शहीद श्री नारायण सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया और पत्रकार रविन्द्र कुमार की पुस्तक आंदोलन की बिखरी कड़ियां का विमोचन किया। कार्यक्रम में सारण सहित राज्य के कई जिलों से आए लगभग 350 स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया गया। मौके पर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय जयसवाल, छपरा सांसद राजीव प्रताप रूड़ी और महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल समेत कई प्रमुख लोग उपस्थित थे।

संविधान के तहत भारत से जुड़ा था कश्मीर, भाजपा ने इसे किया नष्ट : महबूबा मुफ्ती
Published / 2022-11-27 19:40:12
संविधान के तहत भारत से जुड़ा था कश्मीर, भाजपा ने इसे किया नष्ट : महबूबा मुफ्ती

एबीएन सेंट्रल डेस्क। पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कहा कि 5 अगस्त, 2019 को जो कुछ भी भाजपा ने हमसे छीना है, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) उसे सूद समेत वापस लाएगी। कश्मीर को भारत के साथ इसके संविधान ने जोड़ रखा था, लेकिन भाजपा ने इसे नष्ट कर दिया। यह हिंदुस्तान सिर्फ भाजपा का नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती रविवार को पीडीपी के श्रीनगर स्थित मुख्यालय के बाहर पार्क में पीडीपी की युवा इकाई के एक सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं। पीडीपी अध्यक्ष मुफ्ती ने कहा कि कश्मीर मामले को हल करना ही होगा और जब तक इसे हल नहीं किया जाएगा, तब तक आप चाहे जितनी मर्जी फौज कश्मीर में भेजें, यहां कुछ हासिल नहीं होगा। यहां शांति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि 5 अगस्त, 2019 के बाद आज पहली बार कश्मीर में पीडीपी की युवा इकाई का कोई सार्वजनिक तौर पर सम्मेलन हुआ है। इस सम्मेलन में पीडीपी की युवा इकाई के अध्यक्ष वहीद परा भी मौजूद थे। महबूबा मुफ्ती ने सम्मेलन में मौजूद पार्टी कार्यकतार्ओं व अन्य लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मैं खुदा को हाजिर मानकर कहती हूं कि 5 अगस्त, 2019 को भाजपा ने हमसे जो छीना है, हम उसे सूद समेत वापस लाएंगे। उन्होंने कहा कि पीडीपी स्व. मुफ्ती मोहम्मद सईद के दिखाए गए रास्ते पर आगे बढ़ रही है । उन्होंने कश्मीर में अमन बहाली और कश्मीर को पूरी तरह सशक्त बनाने का जो मिशन शुरू किया था उसे पूरा किया जायेगा। महबूबा मुफ्ती ने कहा कि यह हिन्दुस्तान सिर्फ भाजपा का नहीं है। इस देश में करोड़ों की संख्या में मुस्लिम व अन्य लोग भी रहते हैं। जम्मू कश्मीर ने महात्मा गांधी, नेहरू, अबुल कलाम आजाद जैसे नेताओं ने हिन्दुस्तान के साथ हाथ मिलाया था, उसके साथ विलय किया था।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.